मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा एवं हरि ओम स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में रूबरू कार्यक्रम का आयोजन 27 कोटीम एबीएन, रांची। वर्तमान समय की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मिक संतुलन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा एवं हरि ओम स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में रूबरू नामक एक विशेष प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 27 सितंबर 2026, बुधवार को शाम 4:30 बजे से डंगरा टोली स्थित स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल में किया जाएगा।इस विशेष कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रसिद्ध Spiritual Healer, Empowering Orator, Life Coach एवं Motivational Speaker डॉ. मोनिका सिंघल होंगी। डॉ. सिंघल देशभर में अपने प्रेरणादायी वक्तव्यों, सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन के लिए जानी जाती हैं। वे अपने अनुभव एवं ज्ञान के माध्यम से लोगों को मानसिक तनाव से उबरने, आत्मविश्वास बढ़ाने, जीवन में सकारात्मक सोच विकसित करने एवं बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।कार्यक्रम के दौरान डॉ. मोनिका सिंघल उपस्थित लोगों को जीवन में बढ़ते तनाव, पारिवारिक एवं सामाजिक चुनौतियों, मानसिक दबाव तथा आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न परेशानियों से निपटने के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन देंगी। साथ ही वे आत्मिक ऊर्जा, सकारात्मक सोच, मेडिटेशन एवं मोटिवेशन के माध्यम से जीवन को सफल एवं संतुलित बनाने के सूत्र साझा करेंगी।कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है। प्रवेश केवल पूर्व रजिस्ट्रेशन के माध्यम से होगा एवं रजिस्ट्रेशन पूर्णतः निशुल्क रहेगा।कार्यक्रम के संयोजक अधिक जानकारी एवं रजिस्ट्रेशन हेतु संपर्क करें :नीरज अग्रवाल 99348 87355अमित शर्मा 9835903000गौरव अग्रवाल 9798159755रवि अग्रवाल 9308370772शाखा अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस प्रेरणादायी कार्यक्रम का लाभ लेने की अपील की है। रूबरू कार्यक्रम लोगों को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करेगा।शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा हमेशा सामाजिक एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। रूबरू कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना एवं उन्हें जीवन को बेहतर तरीके से जीने की प्रेरणा देना है। उक्त जानकारी मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने दी ।
आध्यात्मिक कार्यक्रम रूबरू 27 मई को27 मई को डॉ मोनिका सिंघल रांची मेंस्वर्णभूमि के सभागार में सायं 4:30 से सायं 7 बजे तक चलेगा कार्यक्रमटीम एबीएन, रांची। आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में जहाँ इंसान बाहर से मुस्कुराता हुआ दिखता है, वहीं भीतर कहीं न कहीं थकान, भय, अकेलापन और बेचैनी भी चुपचाप अपना घर बना लेते हैं। ऐसे समय में मन को सुकून, आत्मा को स्पर्श और जीवन को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से हरि ओम स्माइल्स की संस्थापिका डॉ. मोनिका सिंघल आगामी 27 मई, बुधवार को रांची के स्वर्णभूमि हॉल में आयोजित विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम रूबरू में उपस्थित होंगी।करीब तीन घंटे तक चलने वाले इस आत्मिक संवाद में डॉ. मोनिका सिंघल सरल, सहज और हृदयस्पर्शी शब्दों में यह साझा करेंगी कि कैसे मनुष्य आडंबर और दिखावे से दूर रहकर जीवन के छोटे-छोटे पलों में भी आनंद को महसूस कर सकता है। कार्यक्रम में भय से विश्वास की ओर, और स्वयं से आत्मा तक की यात्रा को समझाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यक्ति अपने भीतर छिपी शांति और शक्ति से पुनः जुड़ सके।ना कोई तन से अपंग रहे और ना कोई मन से अपंग रहे, इसी भाव को अपना मूलमंत्र बनाकर डॉ. मोनिका सिंघल देश-विदेश में अनेक प्रेरणादायी कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन को सकारात्मक दिशा दे चुकी हैं। अब रांचीवासियों को भी उनके सान्निध्य में कुछ पल बिताने और तनाव, उलझनों तथा मानसिक थकान से दूर आत्मिक शांति का अनुभव करने का अवसर प्राप्त होने जा रहा है।यह कार्यक्रम केवल एक संबोधन नहीं, बल्कि स्वयं से मिलने और जीवन को नए दृष्टिकोण से महसूस करने की एक भावपूर्ण यात्रा होगा।उपरोक्त कार्यक्रम 27 मई को सायं 4:30 बजे से सायं 7 बजे तक डंगराटोली स्तिथ स्वर्णभूमि के सभागार में होगा। प्रवेश निःशुल्क रहेगा समय से 30 मिनट पूर्व ईस्ट मित्रो सहित परिवार के लोग आकर अपना स्थान अवश्य ग्रहण कर ले।
रत्नेश कुमार ने ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। राम कनाली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध मुहाने खोलकर कोयला कारोबार बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के लगातार विरोध के बावजूद खुलेआम कोयले की तस्करी जारी है। आखिर कोयला माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है? जिसके बल पर बार-बार शिकायत और विरोध के बाद भी अवैध कारोबार पर रोक नहीं लग पा रही है। राम कनाली ओपी क्षेत्र में कोयला तस्करों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। तस्करों को ना तो पुलिस का भय है और न ही प्रशासनिक कार्रवाई का डर। कोयला माफिया प्रशासन को भी गुमराह कर अवैध कारोबार को लगातार संचालित किया जा रहा है, जिससे ईमानदार एसएसपी और थाना प्रभारी की छवि भी धूमिल हो रही है। केशलपुर बिजली घर के सामने दो सिम में अवैध माइंस संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा केशलपुर क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक अवैध मुहानों से कोयला निकासी का कार्य जारी है। कई स्थानों पर हजारों बोरी कोयला खुलेआम भंडारित कर रखा गया था, इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने ट्वीट कर प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। प्रशासन से अपील की है कि क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला कारोबार पर जल्द अंकुश लगाया जाये।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नगर परिषद लोहरदगा के अध्यक्ष अनिल उरांव ने आज वार्ड नंबर आठ के न्यू रोड, बजरंगबली मंदिर के पीछे दोनों मोहल्लों का दौरा किया। इस मौके पर वार्ड नंबर 8 की पार्षद अविनाश कौर भी उनके साथ दौरे में शामिल थी। अध्यक्ष ने जनता से रूबरू होते हुए जाना कि बरसात के मौसम में नाली की समस्या के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वार्ड पार्षद अविनाश कौर ने भी यह बताया कि पूर्व में ही पिछले बोर्ड में इन मोहल्ले के नाली के लिए लिख कर दिया गया था, लेकिन इस बीच में ढाई साल चुनाव नहीं हुआ और कार्य बंद रहा। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि बरसात से पहले ही आपकी नाली की समस्या का समाधान करने का मेरा प्रयास है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छ एवं विकसित लोहरदगा ही हमारा उद्देश्य है। वहीं दूसरी ओर वार्ड पार्षद अविनाश कौर ने कहा कि वार्ड नंबर 8 को आदर्श वार्ड बनाने का संकल्प हम लोगों का है। इस मिशन पर हम लोग कार्य कर रहे हैं। मौके पर सामाजिक विचार मंच के संयोजक कवलजीत सिंह, मोहल्ले वासी बीघन राम, रवि राम, भुवनेश्वर राम, सविता देवी, चिंता देवी, गीता देवी, पूजा देवी, केशव राम, संजीत राम, विनय राम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
भाई दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर भावुक हुए सीएम हेमन्त सोरेन, बोले- इनकी बदौलत मिला अलग झारखंड टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं पूर्व विधायक और अपने भाई दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर लोवाडीह, नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रेस को संबोधित करते हुए स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन ने अलग झारखंड राज्य की लड़ाई और वंचितों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। हर वर्ष श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं लोग मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लोग एकत्रित होकर स्वर्गीय दुर्गा सोरेन को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन एक दूरदर्शी, संघर्षशील और जनभावनाओं से जुड़े नेता थे, जिनका पूरा जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। हेमन्त सोरेन ने कहा कि स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के विचार और आदर्श हमेशा सभी को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन जैसे संघर्षशील लोगों की शहादत और आंदोलन के बदौलत ही झारखंड को अलग राज्य का दर्जा मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े भाई स्वर्गीय दुर्गा सोरेन जैसे कर्मठ और युवा नेताओं पर पूरे राज्य को गर्व है। उन्होंने उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन किया। दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पर कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकतार्ओं और गणमान्य लोगों ने भी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को स्मरण किया।
सांसद सुखदेव भगत आज शाम 7:00 बजे एबीपी न्यूज चैनल के डिबेट में लाइव होंगे एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत देश में बढ़ती महंगाई से जूझ रही जनता एवं अन्य मुद्दों को लेकर आज शाम 7 बजे राष्ट्रीय चैनल एबीपी न्यूज पर आयोजित डिबेट कार्यक्रम में भाग लेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से सांसद को टीवी डिबेट में भाग लेने के लिए अधिकृत किया गया है। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र की जनता से अनुरोध है कि वह अपने सांसद के लाइव डिबेट कार्यक्रम को अवश्य देखें।
विश्वविद्यालयों और अंगीभूत महाविद्यालयों में प्रस्तावित रिस्ट्रक्टिंग एंड क्लसटरिंग सिस्टम वापस लेने की मांग को लेकर आजसू का गांधीगिरी प्रदर्शन टीम एबीएन, रांची। आज अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत महाविद्यालयों में प्रस्तावित रिस्ट्रक्टिंग एंड क्लसटरिंग सिस्टम को वापस लेने की मांग को लेकर आज स्टेशन रोड स्थित बीएनआर होटल के बाहर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गांधीगिरी का परिचय देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं को गुलाब फूल भेंट कर अपनी मांगों से अवगत कराया। प्रदर्शन के दौरान बबलू महतो ने कहा कि यह प्रस्तावित व्यवस्था छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है तथा इससे शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ऋतुराज शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। आजसू मांग करती है कि रिस्ट्रक्टिंग एंड क्लसटरिंग सिस्टम को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए छात्रहित में निर्णय लिया जाये। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और सरकार से छात्रहित में सकारात्मक पहल करने की अपील की। साथ ही आजसू ने कहा कि अगर सरकार इस मीटिंग में अधिनियम को वापस नही लेती है तो उग्र आंदोलन व सभी विश्वविद्यालयों में तालाबंदी करेगी। मौके पर चेतन प्रकाश, अजित कुमार, प्रताप सिंह, बबलू महतो, ऋतुराज शाहदेव, राजेश सिंह, सक्षम झा, रोशन नायक, अनुष्का सिन्हा, अमन साहू, सौरभ यादव, राज दुबे, निशांत लिंडा, सचिन राजपूत, ऋषभ, पंकज, हिमांशु एवं छात्र उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला राजी पड़ाह व्यवस्था, लोहरदगा के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विशु सेंदरा महापर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु हम समस्त सहयोगियों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं ग्रामीण जनता के प्रति हृदय की गहराइयों से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद प्रकट करते हैं। यह आयोजन हमारी आदिवासी परंपरा, संस्कृति, सामाजिक एकता एवं पूर्वजों की विरासत को सहेजने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा, जिसे सफल बनाने में समाज के हर वर्ग ने तन, मन और सहयोग की भावना से अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। सबसे पहले हम लोहरदगा जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, पेयजल विभाग एवं चिकित्सा प्रशासन के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति विशेष धन्यवाद व्यक्त करते हैं, जिनके सहयोग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं पेयजल व्यवस्था के कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सका। साथ ही प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सभी पत्रकार बंधुओं का भी विशेष आभार, जिन्होंने इस सांस्कृतिक एवं पारंपरिक आयोजन को समाज और जनमानस तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। मीडिया के सहयोग से हमारी आदिवासी संस्कृति और परंपरा को व्यापक पहचान मिली है। हम 23 पड़हा से पधारे सभी बेल, दीवान, कोटवार, पहान, पुजार एवं महतो समाज के सम्मानित अगुवाओं के प्रति भी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, जिनकी उपस्थिति, मार्गदर्शन एवं सहभागिता ने इस आयोजन की गरिमा को और अधिक बढ़ाया। विशेष रूप से झाल जमीरा, जामुन दीपा एवं टाना टोली के समस्त ग्रामीणों का हृदय से धन्यवाद, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर अतिथियों के स्वागत, व्यवस्था एवं सहयोग में अपनी अहम भूमिका निभायी। आप सभी के समर्पण और एकजुटता के बिना यह आयोजन सफल नहीं हो सकता था। इसके अतिरिक्त लोहरदगा जिला के सभी आदिवासी सामाजिक संगठनों के अगुआ, बुद्धिजीवी, युवा साथियों, मातृशक्ति एवं समस्त आदिवासी ग्रामीणों का भी हम हार्दिक अभिनंदन एवं धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने सामाजिक एकता, अनुशासन एवं सहयोग की भावना के साथ इस महापर्व को ऐतिहासिक सफलता दिलायी। हम सभी से यही अपेक्षा करते हैं कि भविष्य में भी अपनी संस्कृति, परंपरा, सामाजिक व्यवस्था एवं पूर्वजों की धरोहर को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए इसी प्रकार एकजुट होकर कार्य करते रहेंगे। अंत में, जिला राजी पड़ाह व्यवस्था, लोहरदगा की ओर से पुन: सभी सहयोगियों, ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया बंधुओं एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सफल आयोजन हेतु हार्दिक धन्यवाद एवं जोहार।
लोहरदगा के विकास और खेल सुविधाओं पर हुई चर्चा एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास, लोहरदगा जिले की आवश्यकताओं, युवाओं के खेल विकास तथा जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान लोहरदगा के विकास को लेकर कई अहम बिंदुओं पर सकारात्मक संवाद हुआ। पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विशेष रूप से लोहरदगा स्थित बीएस कॉलेज परिसर में मौजूद क्रिकेट मैदान को विकसित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन बेहतर संसाधनों और आधुनिक खेल सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवा अपनी प्रतिभा को उचित मंच तक नहीं पहुंचा पाते हैं। ऐसे में यदि बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट मैदान को विकसित किया जाता है, तो इसका लाभ न केवल लोहरदगा बल्कि आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी मिलेगा। बैठक में युवाओं को खेल गतिविधियों की ओर प्रेरित करने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि खेल न केवल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करता है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। उन्होंने राज्य सरकार से खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ठोस पहल करने की अपेक्षा जतायी। मुलाकात के दौरान झारखंड की वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई। राज्य के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा विभिन्न क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि लोहरदगा सहित राज्य के अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि धीरू बाबू हमारे अभिभावक हैं। मैं इनकी हर बात का सम्मान करता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के वरिष्ठ नेताओं का अनुभव सरकार के लिए मार्गदर्शक होता है और उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जाता है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि लोहरदगा के विकास और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल की जायेगी। मौके पर अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी भी मौजूद रहे। मुलाकात को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में सकारात्मक चर्चा देखी जा रही है। माना जा रहा है कि लोहरदगा में खेल अधोसंरचना और विकास से जुड़े मुद्दों पर आने वाले समय में कुछ महत्वपूर्ण पहल देखने को मिल सकती है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.