Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

करियर

View All
गरीबी नहीं रोक पाई पूनम का डॉक्टर बनने का सपना! डीसी आदित्य रंजन ने उठाया मेडिकल पढ़ाई का खर्च
Published / 2026-09-07 20:43:13
गरीबी नहीं रोक पाई पूनम का डॉक्टर बनने का सपना! डीसी आदित्य रंजन ने उठाया मेडिकल पढ़ाई का खर्च

धनबाद की बेटी पूनम ने मेहनत के दम पर हासिल की सफलता अब जिला प्रशासन के सहयोग से पूरा करेगी डॉक्टर बनने का सपना एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कहते हैं कि मजबूत इरादों और मेहनत के सामने परिस्थितियां ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पातीं। धनबाद की बेटी पूनम ने इसे सच कर दिखाया है। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर उसने न केवल शानदार शैक्षणिक सफलता हासिल की, बल्कि अब डॉक्टर बनने के अपने सपने की ओर एक बड़ा कदम भी बढ़ा दिया है। सरकारी स्कूल की छात्रा पूनम ने 12वीं की परीक्षा में 97.7 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद उसने नीट-यूजी परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 582 अंक और 16,972वीं आॅल इंडिया रैंक प्राप्त की। पूनम का चयन अब शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हो चुका है। डीसी ने बढ़ाया मदद का हाथ पूनम की प्रतिभा, मेहनत और आर्थिक परिस्थितियों से प्रभावित होकर धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने उसकी मेडिकल शिक्षा के वित्तीय खर्च में सहयोग करने की बड़ी पहल की है। इस सहयोग से पूनम और उसके परिवार के सामने मेडिकल शिक्षा के खर्च को लेकर खड़ी आर्थिक चुनौती काफी हद तक कम हो जायेगी। अब वह आर्थिक परेशानियों से मुक्त होकर अपने डॉक्टर बनने के सपने को साकार करने के लिए पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेगी। हजारों विद्यार्थियों के लिए बनी प्रेरणा सीमित संसाधनों के बीच पूनम की यह सफलता उन हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है, जिनमें प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं होती, लेकिन आर्थिक परिस्थितियां उन्हें अपने सपनों को छोटा करने के लिए मजबूर कर देती हैं। पूनम का अब एक ही लक्ष्य है- एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर एक सफल डॉक्टर बनना और समाज की सेवा करना यह कहानी केवल एक छात्रा की सफलता की नहीं, बल्कि उस विश्वास की भी कहानी है कि जब प्रतिभा को सही समय पर प्रोत्साहन और सहयोग मिल जाये, तो बड़ी से बड़ी आर्थिक बाधा भी सपनों का रास्ता नहीं रोक सकती।

डीएवी शिक्षा दीप में सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
Published / 2026-09-07 14:36:38
डीएवी शिक्षा दीप में सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस

डीएवी शिक्षा दीप में सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ मनाया गया शिक्षक दिवसटीम एबीएन, रांची। डीएवी शिक्षा दीप, हेहल में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना रहा।इस अवसर पर शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान को सराहा। कार्यक्रम में शिक्षकों को उनके समर्पण, मार्गदर्शन एवं शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में डायरेक्टर शिवानंद पाठक, एसेट डायरेक्टर अविनाश कुमार, चेयरमैन राजेश, प्रिंसिपल आनंद  कुमार एवं वाइस प्रिंसिपल राजीव रंजन मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका मार्गदर्शन विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा प्रदान करता है।

बीआईटी मेसरा में आईईटीई क्लब ने किया शानदार ईवेंट
Published / 2026-09-06 22:25:22
बीआईटी मेसरा में आईईटीई क्लब ने किया शानदार ईवेंट

बीआईटी मेसरा में आईईटीई क्लब ने किया शानदार ईवेंटएबीएन कैरियर डेस्क। द लॉजिक क्रूसिबल, बिरला प्रौद्योगिक संस्थान, मेसरा के आई.ई.टी.ई क्लब द्वारा 6 सितंबर 2026 को आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम, सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चला। इस इवेंट में दो एलिमिनेशन राउंड रखे गए थे। राउंड 1 में गणित, एप्टीट्यूड और कोर इलेक्ट्रॉनिक्स पर आधारित एक क्विज़ हुआ, जिसमें अंकों का वेटेज जानबूझकर नहीं बताया गया था, ताकि प्रतिभागी सोच-समझकर जोखिम लेना सीखें।राउंड 2 डेस्मोस स्टार कलेक्टर चैलेंज था, जो गणितीय मॉडलिंग और तार्किक सोच पर केंद्रित था। यह इवेंट सख्त समय-सीमा के साथ आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की सटीकता, समस्या सुलझाने की क्षमता और त्वरित सोच को परखा गया।डाटा वर्षे डेटावर्स, 180 डीसी, बीआईटी मेसरा द्वारा आयोजित एक अनौपचारिक कार्यक्रम था, जो दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक व्याख्यान कक्ष-2 में आयोजित किया गया। यह एक व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र था, जिसमें प्रतिभागियों को पाइथन, एसक्यूएल और पावर बीआई के माध्यम से डेटा के साथ कार्य करने और उसके विश्लेषण की जानकारी दी गई।तीन घंटे के इस सत्र में प्रतिभागियों को डेटाबेस से डेटा निकालने, उसे व्यवस्थित एवं स्वच्छ करने, उसका विश्लेषण करने तथा पाइथन, एसक्यूएल और पावर बीआई की सहायता से उसे उपयोगी व्यावसायिक जानकारी में बदलने की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने डैशबोर्ड तैयार करने के साथ-साथ वास्तविक जीवन से जुड़ी डेटा संबंधी समस्याओं को हल करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किया। सत्र का समापन विषयों पर आधारित एक प्रश्नोत्तरी के साथ हुआ। प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, उत्तरों की शुद्धता, समस्या-समाधान क्षमता और समय प्रबंधन के आधार पर किया गया। पैंथियन क्विज़यूनेस्को द्वारा आयोजित पैंथियन क्विज़, जो पैंथियन 26 का सामान्य ज्ञान क्विज़ आयोजन था, सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित किया गया।विज्ञान, कंप्यूटिंग के इतिहास, सिनेमा, भू-राजनीति और इंटरनेट से जुड़ी रोचक जानकारियों पर आधारित इस क्विज़ में अधिकतम तीन सदस्यों वाली टीमों को सूक्ष्म दृश्य संकेतों को समझना और सही उत्तर देने के लिए तुरंत जोखिम उठाना पड़ता था। सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाली शीर्ष छह टीमों को घटते क्रम के आधार पर पुरस्कार दिए गए।ह्यूमन मैट्रिक्सह्यूमन मैट्रिक्स, बिरला प्रौद्योगिक संस्थान, मेसरा की सोसाइटी फॉर इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग  द्वारा आयोजित एक अनौपचारिक कार्यक्रम, सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक लेक्चर हॉल-2 में आयोजित किया गया।दो से चार सदस्यों की टीमों को एक मनोवैज्ञानिक खेल हल करने का कार्य दिया गया, जिसमें टीमों को 5 राउंड की रणनीतिक निर्णय-प्रक्रिया से गुजरना था, जहाँ व्यक्तिगत लाभ सामूहिक सहयोग से टकराते हैं। प्रतिभागियों का मूल्यांकन टीम समन्वय, रणनीतिक निर्णय, और असैसिन कार्ड के आधार पर किया गया।सर्किट फ्यूड ई.सी.ई सोसाइटी द्वारा आयोजित एक अनौपचारिक कार्यक्रम, 6 सितंबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक, कमरा 237 ए में आयोजित हुआ। यह पैंथियन 26 का हिस्सा था। इस कार्यक्रम में चार से पांच सदस्यों की टीमों ने "फैमिली फ्यूड" शैली की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसमें प्रतिभागियों को बिरला प्रौद्योगिक संस्थान,मेसरा के इंजीनियरिंग छात्रों द्वारा दिए गए सर्वे के सबसे लोकप्रिय जवाबों का अनुमान लगाना था। विषय सेमीकंडक्टर लैब, कोडिंग मीम्स से लेकर हॉस्टल हैक्स और कैंपस की कहानियों तक था।टीमों को तीन चरणों से गुजरना पड़ा - प्रारंभिक राउंड, एलिमिनेशन राउंड, और फाइनल राउंड। तीन गलत जवाब देने पर टीम "स्ट्राइक-आउट" हो जाती थी, जिससे विपक्षी टीम को अंक चुराने  का मौका मिलता था। कार्यक्रम का समापन एक तेज़-रफ़्तार "फास्ट मनी राउंड" के साथ हुआ, जिसमें चुने गए फाइनलिस्ट्स को तय समय सीमा के भीतर, बिना टीम के साथ चर्चा किए, अकेले जवाब देने थे।प्रतिभागियों का मूल्यांकन जवाबों की सटीकता, गति और तत्परता, टीम समन्वय, और नियमों के पालन के आधार पर किया गया, जिसने सर्किट फ्यूड को एक जोशीले और मनोरंजक अंत तक पहुँचाया।ऑक्शन एरिनाफाइनेंस क्लब ने 6 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक ऑक्शन एरिना नामक एक औपचारिक वित्तीय सिमुलेशन कार्यक्रम का आयोजन किया। दो से चार सदस्यों की टीमों में भाग लेते हुए, छात्रों ने एक वर्चुअल ट्रेडिंग फ्लोर में प्रवेश किया, जहाँ मात्रात्मक पहेलियों, एसेट बार्टरिंग, कॉर्पोरेट वैल्यूएशन बिडिंग और एक लाइव मार्केट शॉक सिमुलेशन के माध्यम से उनके व्यावसायिक कौशल का परीक्षण किया गया। प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके कैश बैलेंस, मार्केट होल्डिंग्स और बकाया कर्ज़ों को ध्यान में रखते हुए, उनके नेट वर्थ के आधार पर किया गया। एग ड्रॉप एयरोस्पेस सोसाइटी द्वारा एक इंजीनियरिंग निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों के वायुगतिकी, डिज़ाइन और इंजीनियरिंग के सिद्धांतों की समझ को परखा गया। 36 उत्साही टीमों ने इस चुनौती में भाग लिया, जहाँ प्रतिभागियों ने उपलब्ध कराई गई सामग्री का उपयोग करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने डिज़ाइन तैयार किए। निर्णय के मानदंड अंडे की सफल एवं सुरक्षित लैंडिंग, नीचे आने में लगा समय, इंजीनियरिंग दक्षता और रचनात्मकता पर आधारित थे। विकी वार्सविकी वार्स, बिरला प्रौद्योगिक संस्थान,मेसरा के बायोट्स क्लब द्वारा आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम, सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आर&डी लैब-4 और लैब-5 में आयोजित किया गया।दो खिलाड़ियों की टीमों को एक काम दिया गया था - किसी भी रैंडम विकिपीडिया आर्टिकल से शुरू करके, केवल नीले हाइपरलिंक्स की मदद से, एक तय टारगेट पेज तक सबसे कम समय और सबसे कम क्लिक में पहुँचना। प्रतिभागियों को क्लिक्स की संख्या, लिया गया समय, एफिशिएंसी और सफलतापूर्वक पूरा करने के आधार पर आंका गया। ड्राइवक्राफ्टपैंथियन 26 के अंतर्गत फायरबोल्ट रेसिंग द्वारा आयोजित औपचारिक कार्यक्रम ड्राइवक्राफ्ट का आयोजन प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक कक्ष संख्या 205 में किया गया।इस प्रतियोगिता में एक से तीन सदस्यों वाली टीमों ने दो चरणों में अपने ऑटोमोबाइल संबंधी ज्ञान और वर्चुअल वाहन डिज़ाइन कौशल का प्रदर्शन किया। पहले चरण में ऑटोमोबाइल से जुड़ी पहेलियों और कार के विभिन्न पुर्जों की पहचान पर आधारित प्रश्न शामिल थे, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों के वाहन की गतिशीलता और उसके विभिन्न घटकों से संबंधित सैद्धांतिक ज्ञान को परखा गया।प्रतिभागियों का मूल्यांकन ऑटोमोबाइल संबंधी ज्ञान, वाहन डिज़ाइन, परीक्षण मार्ग पर प्रदर्शन और उनके इंजीनियरिंग दृष्टिकोण की रचनात्मकता के आधार पर किया गया। इन सभी चुनौतियों के साथ ड्राइवक्राफ्ट का समापन उत्साहपूर्ण और तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण तरीके से हुआ।मिस्टर एंड मिस पैंथियॉनलीओ क्लब ने 6 सितंबर 2026 को कैट हॉल और जीपी बिड़ला ऑडिटोरियम में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और 4:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक अपने प्रमुख कार्यक्रम मिस्टर एंड मिस पैंथियॉन का सफलतापूर्वक आयोजन किया।फैशन को तकनीक के साथ जोड़ते हुए, इस प्रतियोगिता में तीन दौर शामिल थे। प्रतिभागियों ने रैंप वॉक के दौरान अपने आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया, जिसके बाद रैपिड-फायर, लॉजिक पहेलियाँ और एक इंटरव्यू हुआ। प्रतिभागियों को उनके तकनीकी ज्ञान, संचार कौशल और समग्र मंच उपस्थिति के आधार  पर मूल्यांकन किया गया।बॉट सॉकरट्रिपल ई सोसाइटी ने 6 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक बॉट सॉकर नामक अपने प्रमुख रोबोटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतिभागियों ने दो से चार सदस्यों की टीमों में भाग लिया और डिफेंसिव बॉट्स को हराने और गोल करने के लिए कस्टम-बिल्ट रोबोट्स बनाए। मैचों का मूल्यांकन कुल किए गए गोल, गति, बॉल कंट्रोल और रोबोट्स के टेक्निकल डिजाइन के आधार पर किया गया।वेलोवर्स - IIस्पोर्ट एंड एडवेंचर क्लब ने कैंपस में एक शानदार ओवरनाइट वेलोरेंट शोडाउन का आयोजन किया। 20 से 25 टीमों ने रणनीतिक वर्चस्व के लिए कड़े नॉकआउट मुकाबलों में जोर आजमाइश की। पहला दिन नॉकआउट राउंड के लिए रखा गया था। दूसरे दिन बची हुई टीमों ने मुकाबला खेला, जिसका समापन एक रोमांचक शोडाउन के साथ हुआ।हैकक्वेस्टए.सी.एम. एवं आई.ई.ई.ई. स्टूडेंट ब्रांच के प्रमुख कार्यक्रम हैकक्वेस्ट के तहत गूगल के सहयोग से 36 घंटे का राष्ट्रीय हैकाथॉन आयोजित किया गया। राज्यभर से कुल 721 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया, जिनमें से अंतिम प्रतियोगिता के लिए 97 प्रतिभागियों का चयन किया गया।प्रतियोगिता में ए.आई./एम.एल वेब3, फिनटेक, ऑटोनॉमस मोबिलिटी तथा ओपन इनोवेशन जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों से जुड़े नवाचार समाधान प्रस्तुत किए गए। प्रतिभागियों का मूल्यांकन नवाचार, तकनीकी दक्षता, यू.आई./यू.एक्स. और अंततः विचार प्रस्तुतिकरण की क्षमता के आधार पर किया गया।इस आयोजन में एक लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि रखी गई थी। कार्यक्रम 6 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के साथ संपन्न हुआ। पैंथियन 26 की अध्यक्षता कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना, छात्र मामलों के डीन प्रवीण श्रीवास्तव और कुलसचिव राजेश जैन ने की।संकाय समन्वयक चंचल कुमार मिश्रा, सह-समन्वयक परितोष महता। छात्र समन्वयकों में शुभम गिरि, पीयूष और विशाल शामिल थे।

भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का 13वां दिन खूंटी और सिमडेगा जिले में संपन्न
Published / 2026-09-05 21:50:39
भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का 13वां दिन खूंटी और सिमडेगा जिले में संपन्न

धरती आबा को नमन कर देवेंद्र नाथ महतो ने युवाओं से भर्ती व्यवस्था में बदलाव का किया आह्वान एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी/ सिमडेगा। झारखंड के छात्र-युवाओं के भविष्य, निष्पक्ष नियुक्ति एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर चल रही है। भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा आज 13वें दिन खूंटी एवं सिमडेगा जिले में पहुंची। आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर युवाओं एवं आम लोगों से संवाद कर भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए जनजागरण किया गया। यात्रा की शुरूआत खूंटी के बिरसा कॉलेज से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गयी। इसके बाद भगत सिंह चौक, खूंटी पहुंचकर शहीद-ए-आजम भगत सिंह को नमन किया गया। तत्पश्चात सुभाष चंद्र बोस चौक पर कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को संबोधित किया गया। इसके बाद यात्रा तोर्पा पहुंची, जहां भगवान बिरसा मुंडा को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रानिया चौक, खूंटी में भी युवाओं एवं स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को मजबूती से उठाया गया। दोपहर बाद भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा सिमडेगा जिले पहुंची। यात्रा के क्रम में बानो, लोचेडाग, कोलेबिरा, सिमडेगा कॉलेज, प्रिंस चौक एवं महावीर चौक में युवाओं से संवाद एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध नियुक्ति, निष्पक्ष चयन प्रक्रिया और अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करना सरकार एवं संबंधित आयोगों की जिम्मेदारी है।

झारखंड : चतरा के कुंदा में बारिश 629 बच्चों के लिए बन जाती है आफत
Published / 2026-09-05 21:49:00
झारखंड : चतरा के कुंदा में बारिश 629 बच्चों के लिए बन जाती है आफत

झारखंड : बारिश में यहां जान जोखिम में डालकर स्कूल जाते हैं 629 बच्चे, सामने आयी बड़ी परेशानी एबीएन न्यूज नेटवर्क, चतरा। झारखंड के चतरा जिले के उग्रवाद प्रभावित कुंदा प्रखंड में बारिश के मौसम में ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं। पुल-पुलिया और पक्के संपर्क मार्ग के अभाव में स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण कई नदियों और छोटे नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे गांवों से स्कूल तक पहुंचने वाले रास्ते खतरनाक हो गये हैं। 13 विद्यालयों के करीब 629 बच्चे इस समस्या से प्रभावित कुंदा प्रखंड के 13 विद्यालयों के करीब 629 बच्चे इस समस्या से प्रभावित हैं। उल्लवार, ककनातू, टटेज और रेंगनियातरी समेत कई गांवों के बच्चों को नदी पार कर स्कूल जाना पड़ता है। जलस्तर बढ़ने पर कई बार बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। वहीं, तेज बहाव के बावजूद कुछ बच्चे एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी पार करते हैं। बस्ता पीठ पर और जूते हाथ में लेकर बच्चों को पानी से गुजरना पड़ता है। परिजन खुद बच्चों को गोद या कंधे पर बैठाकर नदी पार कराते हैं बच्चों का कहना है कि नदी का पानी बढ़ने पर उन्हें डर लगता है। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। कई बार परिजन खुद बच्चों को गोद या कंधे पर बैठाकर नदी पार कराते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, सिंदरी, द्वारपार, हथवार और कुंदा नदियों पर पुल नहीं होने से बरसात में समस्या और गंभीर हो जाती है। बारिश के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ता है इसका असर केवल विद्यार्थियों पर ही नहीं, बल्कि मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, हाल ही में एक प्रसूता महिला समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकी। बारिश के दौरान स्कूलों में मध्याह्न भोजन का राशन और जरूरी सामान पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है। उधर, हंटरगंज प्रखंड के पारसिया गांव का दास टोला भी बारिश में टापू में बदल जाता है। जल निकासी बाधित होने से करीब 40 घरों की लगभग 300 की आबादी जलजमाव से प्रभावित है। एंबुलेंस पहुंचने में भी परेशानी होती है। प्रशासन ने जमीन मालिकों को नोटिस जारी किया है, लेकिन ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। जिला शिक्षा अधीक्षक ने समस्या के समाधान की दिशा में पहल का भरोसा दिया है।

रांची : एसआर डीएवी पुंदाग में शिक्षक दिवस की धूम
Published / 2026-09-05 20:33:51
रांची : एसआर डीएवी पुंदाग में शिक्षक दिवस की धूम

टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में धूमधाम से शिक्षक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत की महान विभूति, महान शिक्षाविद्, स्वतंत्र भारत के पहले उपराष्ट्रपति तथा दूसरे राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन को पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। साथ ही डीएवी की परंपरा के अनुसार सामूहिक हवन का भी आयोजन किया गया, जिसमें पूरे विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस वर्ष का शिक्षक दिवस एसआर डीएवी परिवार के लिए खास रहा, क्योंकि प्राचार्य डॉ तापस घोष की पदोन्नति सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी, झारखंड, जोन- जे के पद पर हो गयी है। इस कारण विद्यालय में हर्ष का माहौल बना रहा। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्राचार्य महोदय को बधाई दी तथा शिक्षक दिवस पर अपने विचार साझा किये। प्राचार्य डॉ तापस घोष ने कहा कि भारत में गुरु-शिष्य की परंपरा बहुत पुरानी है। उन्होंने डॉ सर्वपल्ली राधा कृष्णन के शिक्षा संबंधी विचारों को साझा करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह ताकत है, जिससे दुनिया बदली जा सकती है। उन्होंने गुरुओं को अपने शिक्षण में नवाचार लाने तथा शिक्षण को रोचक बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में जेन अल्फा को पढ़ाना चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसके लिए धैर्य, त्याग और समर्पण की आवश्यकता है। कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ के साथ हुआ।

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : देवेंद्र नाथ महतो
Published / 2026-09-04 21:25:00
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : देवेंद्र नाथ महतो

चाईबासा जिला में भर्ती सुधार यात्रा संपन्न एबीएन न्यूज नेटवर्क, चाईबासा। झारखंड के छात्र-युवाओं के निष्पक्ष नियुक्ति एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा लगातार जारी है। राज्य के विभिन्न जिलों का भ्रमण करते हुए यात्रा शुक्रवार को चाईबासा पहुंची। यात्रा को लेकर छात्र-युवाओं में लगातार उत्साह और जनसमर्थन देखने को मिल रहा है। यात्रा के 12वें दिन शुक्रवार को सबसे पहले चाईबासा बस स्टैंड स्थित भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा को पुन: प्रारंभ किया गया। इसके बाद बाईपास चौक पहुंचकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इसके उपरांत टाटा कॉलेज, चाईबासा के छात्रावास से पदयात्रा करते हुए तोरपा चौक तक पहुंचे। कड़कती धूप के बावजूद छात्र-युवाओं में भारी जोश और उत्साह देखने को मिला। इसके बाद पोस्ट आॅफिस चौक में सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड सरकार की युवा विरोधी नीतियों और भर्ती व्यवस्था में व्याप्त खामियों को पूरे राज्य में उजागर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं के हित और उनके भविष्य को लेकर हमारा संघर्ष लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। इसके बाद यात्रा चक्रधरपुर के बिरसा मुंडा चौक पहुंची, जहां देवेंद्र नाथ महतो ने छात्र-युवाओं को संबोधित किया और पारदर्शी एवं निष्पक्ष नियुक्ति व्यवस्था के लिए संघर्ष को और मजबूत करने का आह्वान किया। देर शाम भगत सिंह चौक से ब्लॉक चौक तक पदयात्रा निकाली गयी। बड़ी संख्या में छात्र, युवा एवं स्थानीय लोग पदयात्रा में शामिल हुए। अंत में भगत सिंह चौक पर राष्ट्रगान के साथ आज की भर्ती सुधार यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर छात्र, अभिभावक एवं शिक्षक भी उपस्थित रहे और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग का समर्थन किया। बताते चलें कि कल शनिवार को खूंटी जिला का परिभ्रमण किया जाएगा। यात्रा के माध्यम से जिले के छात्र-युवाओं से संवाद कर भर्ती व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को मजबूती से उठाया जायेगा।

कोल्हान क्षेत्र में देवेंद्रनाथ महतो की भर्ती सुधार यात्रा संपन्न
Published / 2026-09-03 20:55:08
कोल्हान क्षेत्र में देवेंद्रनाथ महतो की भर्ती सुधार यात्रा संपन्न

यात्रा के 11वें दिन छात्रों में दिखा उत्साह टीम एबीएन, रांची। झारखंड में विभिन्न प्रतियोगी चयन परीक्षाओं में व्याप्त अनियमितताओं एवं नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर भर्ती सुधार यात्रा एवं जनजागरण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में यात्रा के 11वें दिन गुरुवार को कोल्हान क्षेत्र का भ्रमण किया गया। आज अहले सुबह जमशेदपुर के बड़ाम में शहीद निर्मल महतो जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भर्ती सुधार यात्रा को पुन: आगे बढ़ाया गया। इसके बाद जल्ला कॉलेज, पटमदा में छात्रों के साथ संवाद एवं वार्ता की गई। तत्पश्चात उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो जी के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी एवं आशीर्वाद ग्रहण किया गया। समाधि स्थल पर आयोजित मीडिया वार्ता में छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि हम छात्र अपने न्यायसंगत मांगों को लेकर अडिग हैं। नियुक्ति प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता की गारंटी सरकार को देनी होगी। सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ संपूर्ण झारखंड के छात्रों को एकजुट किया जायेगा। इसके उपरांत को-आपरेटिव कॉलेज में छात्रों को संबोधित करते हुए यात्रा आगे साकची पहुंची। इसके बाद देर शाम सरायकेला-खरसावां जिले में प्रवेश करते हुए सिद्धू-कान्हू पार्क में छात्रों के साथ संवाद एवं समय साझा किया गया। अंत में सरायकेला के बिरसा चौक पर राष्ट्रगान के साथ आज की यात्रा का समापन किया गया। एवं अगले दिन शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रवेश कर भर्ती सुधार यात्रा को आगे जारी रखने की घोषणा की गयी। आज की यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर अपना समर्थन व्यक्त किया।

कोयलांचल में देवेंद्र नाथ महतो की छात्र यात्रा अब कोल्हान की ओर रवाना
Published / 2026-09-02 13:30:59
कोयलांचल में देवेंद्र नाथ महतो की छात्र यात्रा अब कोल्हान की ओर रवाना

कोयलांचल में देवेंद्र नाथ महतो की छात्र यात्रा अब कोल्हान की ओर रवानाभर्ती सुधार यात्रा के नौवें दिन विनोद बिहारी महतो के समाधि स्थल से हुआ शुभारंभएबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुधार की मांग को लेकर छात्रों की राज्यव्यापी भर्ती सुधार यात्रा लगातार जारी है। यात्रा के नौवें दिन आज धनबाद जिले में झारखंड आंदोलन के पुरोधा विनोद बिहारी महतो के समाधि स्थल, बलियापुर से श्रद्धांजलि अर्पित कर यात्रा का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर विनोद बिहारी महतो के समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके वंशज परिवार को सम्मानित किया गया। वंशज परिवार की ओर से छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को विनोद बाबू का सांकेतिक चित्र भेंट किया गया।इसके बाद लॉ कॉलेज में छात्रों को संबोधित किया गया। तत्पश्चात किसान चौक एवं मेमको मोड़ में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करते हुए यात्रा धनबाद जिला के केंद्र बिंदु रणधीर वर्मा चौक पहुंची। स्टेट लाइब्रेरी से पदयात्रा करते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंचकर छात्रों एवं अभिभावकों को संबोधित किया गया।इस दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि कोलांचल की धरती आंदोलनों की धरती रही है। विनोद बिहारी महतो के विचारों और उनके बताए रास्ते पर चलते हुए आज भी पढ़ो और लड़ो की आवाज को बुलंद करने की आवश्यकता है। युवाओं को शिक्षित होने के साथ-साथ अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। वहीं, कामरेड ए.के. राय की विचारधारा से प्रेरणा लेते हुए सांगठनिक रूप से व्यवस्था की खामियों के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करना होगा। इसके उपरांत देर शाम महोदा मोड़ में विनोद बाबू को माल्यार्पण करते हुए जनसभा को संबोधित किया गया। कार्यक्रम के बाद भर्ती सुधार यात्रा बोकारो जिले के लिए रवाना हुई।आज की भर्ती सुधार यात्रा के दौरान देवेंद्र नाथ महतो, राजेश प्रसाद, अयूब अली, अमित कुमार, उम्मीद हबिबा,  प्रेम नायक, उदय मेहता, खुशबू कुमारी, अजहरुद्दीन आलम, मुदस्सिर नवाज सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं अभिभावक मौजूद रहे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 28,663