झारखंड

View All
Published / 2026-08-11 20:53:36
रांची : सदर अस्पताल से देवेंद्र महतो के खुले पत्र से छात्र आंदोलन को मिली नयी ऊर्जा

सदर अस्पताल से संघर्ष और इंसाफ के नाम आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने लिखा खुला पत्र 

शरीर अस्पताल में है, लेकिन संघर्ष का संकल्प अडिग है, न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा : देवेन्द्र नाथ महतो 

टीम एबीएन, रांची। जेपीएससी और जेएसएससी में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के खिलाफ झारखंड में चल रहा छात्र आंदोलन लगातार जारी है। इस आंदोलन में छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो देशभर में एक प्रमुख आंदोलनकारी चेहरे के रूप में सामने आए हैं। वर्तमान में वे सदर अस्पताल, रांची में प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच उपचाररत हैं। सदर अस्पताल में भर्ती देवेन्द्र नाथ महतो से मिलने के लिए दिनभर बड़ी संख्या में समर्थक एवं शुभचिंतक पहुंचते रहे हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं चिकित्सकीय कारणों का हवाला देते हुए सभी लोगों को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। 

चिकित्सकों के अनुसार, भूख हड़ताल के कारण उनका शरीर काफी कमजोर हो गया है। फिलहाल आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जा रही है। सभी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही उनके आगे के उपचार एवं चिकित्सकीय प्रबंधन के संबंध में स्पष्ट निर्णय लिया जायेगा। इधर, जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आज 10वें दिन भी सदर अस्पताल में जारी रही। 

भूख हड़ताल के 9वें दिन विधानसभा घेराव के दौरान देर शाम पुलिस द्वारा लाठीचार्ज एवं धक्का-मुक्की किए जाने के बाद उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल, रांची में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय निगरानी में उपचाररत होने के बावजूद उन्होंने अस्पताल से ही अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है। 

सदर अस्पताल से संघर्ष और संकल्प के नाम से जारी अपने खुले पत्र में देवेन्द्र नाथ महतो ने पुलिस लाठीचार्ज एवं बल प्रयोग की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों एवं आंदोलनकारियों पर बल प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। 

उन्होंने झारखंड सरकार से मांग की है कि विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी स्तर पर अनावश्यक बल प्रयोग हुआ है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर उचित कार्रवाई की जाये। देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि मेरा शरीर अस्पताल में उपचाराधीन है, लेकिन न्याय के लिए संघर्ष और संकल्प अडिग है।  

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि झारखंडी छात्रों के सम्पूर्ण न्याय तक मेरी भूख हड़ताल जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने छात्र-युवा साथियों से संयम, एकजुटता एवं शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि झारखंड के छात्र-युवाओं के न्याय, सम्मान, पारदर्शिता एवं निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था के अधिकार के लिए है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि लाठीचार्ज और बल प्रयोग से छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। आंदोलन संविधान एवं लोकतंत्र के दायरे में शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।

Published / 2026-08-11 20:52:04
बोकारो : सड़क जाम हटाने गये थाना प्रभारी पर हमला

कांवड़ियों की गुंडागर्दी... जाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी पर किया जानलेवा हमला, 1 हिरासत में 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय उच्च पथ पर भारी संख्या में जा रहे कांवरियों को नियंत्रित करने पहुंचे थाना प्रभारी प्रकाश मंडल पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया।  पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीते रात्रि भारी संख्या में कांवरिया जल लेकर जा रहे थे। 

इसी क्रम में डीजे बजाना और नाच-गान के दौरान सड़क पर जाम लग गया। उक्त सूचना पाने पर थाना प्रभारी प्रकाश मंडल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क जाम हटाने की कोशिश की। इसी बीच कांवड़ियों ने उन पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। घायल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल को यहां के एम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  

पुलिस ने बताया कि बोकारो जिला से पुलिस का काफी संख्या बल देवघर भेज दिया गया है। इस कारण से थाना पर फोर्स की कमी हो गयी है। यही कारण था कि थाना प्रभारी अकेले उक्त घटनास्थल पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। सूत्रों ने बताया कि कुछ कांवरिये नशे में धुत थे और उन्होंने ही इन पर हमला कर दिया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और कड़ी पूछताछ कर रही है।

Published / 2026-08-11 20:51:06
पलामू : मालगाड़ी के 12 डिब्बे बेपटरी, बड़ा हादसा टला

झारखंड में बड़ा रेल हादसा टला: मालगाड़ी के 12 डिब्बे पटरी से उतरे; मुख्य लाइन पर परिचालन जारी 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार दोपहर एक मालगाड़ी के करीब 11 से 12 डिब्बे पटरी से उतर गये। हादसा पूर्व मध्य रेलवे के बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर गढ़वा रोड और सिगसिगी रेलवे स्टेशन के बीच सबवना गांव के पास हुआ। दुर्घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।   

जानकारी के अनुसार, कोयला लदी मालगाड़ी बरकाकाना से सोननगर की ओर जा रही थी। गढ़वा रोड स्टेशन पार करने के बाद मालगाड़ी रिवर्सिबल लाइन यानी तीसरी लाइन पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान उसके 59 डिब्बों में से करीब 11 से 12 डिब्बे अचानक पटरी से उतर गये। हादसा ग्रासिम इंडस्ट्रीज फैक्ट्री के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी। 

हालांकि, मालगाड़ी में केवल कोयला लदा होने और किसी यात्री के सवार नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना जिस तीसरी लाइन पर हुई है, उससे मुख्य अप और डाउन लाइनें प्रभावित नहीं हुई हैं, इसलिए दोनों मुख्य लाइनों पर रेल परिचालन जारी रखा जा सका। हालांकि हादसे के बाद एहतियात के तौर पर कुछ ट्रेनों की गति और परिचालन समय प्रभावित होने की संभावना है। 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इंजीनियरिंग, तकनीकी और सुरक्षा विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गईं। रेलवे ने क्रेन और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। रेलवे अधिकारियों की निगरानी में क्षतिग्रस्त ट्रैक को दुरुस्त करने का काम भी चल रहा है।

Published / 2026-08-11 18:13:39
झारखंड : अनिश्चितकाल के लिए विधानसभा की कार्यवाही टली

विधानसभा की कार्रवाई अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, एक दिन पहले ही हुआ सत्रावसान 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा का वर्तमान मानसून सत्र समाप्त हो गया है। सदन की कार्रवाई का अभी एक दिन शेष था, लेकिन विपक्ष और सत्ता पक्ष के हंगामे के बीच इसे पहले ही समाप्त कर दिया गया। यह मानसून सत्र जेपीएसपी परीक्षा की अनियमितता के हंगामे की भेंट चढ़ गया।  

मंगलवार को भी झारखंड विधानसभा की कार्रवाई दो बार स्थगित होने के बाद शुरू हुई तो झारखंड राजकोषीय उत्तरदायित्व बजट संशोधन विधेयक सदन में पेश कर दिया गया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विधेयक पेश किया। 

इसके बाद झारखंड राजकोषीय उत्तरदायित्व बजट संशोधन विधेयक सदन से परित भी हो गये। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन को संबोधित किया। सीएम के संबोधन के बाद कार्रवाई को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया।

Published / 2026-08-11 18:10:46
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की वार्षिक आम सभा 30 को

झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की पंचम स्थायी समिति की बैठक संपन्न, वार्षिक आम सभा 30 अगस्त को 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की पंचम स्थायी समिति की बैठक प्रांतीय कार्यालय मारवाड़ी भवन, रांची में प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सम्मेलन की पूर्व बैठकों में लिये गये निर्णयों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गयी। 

साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की वार्षिक आम सभा 30 अगस्त को मारवाड़ी भवन, रांची में आयोजित की जायेगी। 

आम सभा में संगठन की गतिविधियों, संविधान संशोधन, सामाजिक आचार संहिता, आगामी कार्ययोजनाओं तथा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जायेगी। बैठक के दौरान 19 जुलाई को देवघर में आयोजित तृतीय कार्यसमिति की बैठक में लिये गये निर्णयों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गयी। 

सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रांतीय पदाधिकारियों ने 17 से 19 जुलाई तक साहिबगंज, दुमका, गोड्डा एवं देवघर का दौरा कर संबंधित जिला सम्मेलनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। 

इन बैठकों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा स्थानीय स्तर पर सामाजिक कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विचार-विमर्श किया गया। महामंत्री ने बताया कि झारखंड के सभी प्रमंडलों में शीघ्र ही प्रमंडलीय अधिवेशन आयोजित किये जायेंगे। इसके अलावा सम्मेलन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वृहद स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। 

बैठक में समाजहित एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को और व्यापक बनाने पर भी बल दिया गया बैठक के अंत में सम्मेलन के प्रांतीय वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। 

प्रांतीय संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि बैठक में ओम प्रकाश अग्रवाल, कमल कुमार केडिया, ललित कुमार पोद्दार, पवन पोद्दार, विनोद कुमार जैन, राजेंद्र केडिया, मनोज चौधरी, पवन कुमार शर्मा, सज्जन पाड़िया, निर्मल बुधिया, प्रमोद सारस्वत, संजय सर्राफ, कमलेश संचेती, रमाशंकर बगड़िया, किशन पोद्दार, विजय कुमार खोवाल, रिंकू अग्रवाल, कमल शर्मा सहित सम्मेलन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।

Published / 2026-08-11 18:08:27
दिल्ली के आदिवासियों को एसटी दर्जा, सरना धर्म कोड केंद्र सरकार को देना होगा : सुखदेव भगत

दिल्ली में आदिवासी महासभा के 32वें विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए सांसद सुखदेव भगत   

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली में आदिवासी महासभा ने 32वां विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर सांसद श्री भगत का आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा, नगाड़े-ढोल और झूमर नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री भगत ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, आज का दिन हमारी अस्मिता, हमारी संस्कृति और हमारे पूर्वजों के संघर्ष को याद करने का दिन है। हम आदिवासी इस देश के मूल वासी हैं। हमारी पहचान जल, जंगल और जमीन से है।

उन्होंने केंद्र सरकार से दिल्ली में रहने वाले आदिवासियों को एसटी का दर्जा देने की मांग की। कहा, दिल्ली में रह रहे हजारों आदिवासी भाई-बहन आज भी अपनी भाषा, रीति-रिवाज और संस्कृति को जीवित रखे हुए हैं। दिल्ली में रहने से उनकी आदिवासी पहचान खत्म नहीं होती। उन्हें संविधान में मिले एसटी के सभी अधिकार तुरंत दिये जायें। 

सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार जनगणना कॉलम में सरना धर्म कोड़ शामिल करें। हम प्रकृति पूजक हैं। सरना हमारा धर्म है। जनगणना में आदिवासियों के लिए अलग धर्म कोड का कॉलम बनना चाहिए ताकि हमारी धार्मिक पहचान सुरक्षित रहे। श्री भगत ने जल-जंगल-जमीनके रक्षा के लिए हमारे पूर्वजों ने अपनी कुबार्नी दी है। पेसा कानून और 5वीं अनुसूची को पूरी तरह लागू किया जाए। 

आदिवासी क्षेत्रों में खनिज, जंगल और जमीन पर पहला अधिकार आदिवासी का ही हो। इसके साथ ही उन्होंने आदिवासियों के पारंपरिक रीति-रिवाज, भाषा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षणकी बात भी उठायी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में  आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे।

Published / 2026-08-11 18:06:22
रांची में विद्यार्थियों पर बर्बरता निंदनीय : सूरज अग्रवाल

रांची के विधानसभा में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर बर्बरता पूर्वक कार्रवाई की हम घोर निंदा करते हैं : सूरज अग्रवाल 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। झारखंड की राजधानी रांची में आंदोलनरत विद्यार्थियों पर देर शाम पुलिस की बर्बरता से आजसू के केंद्रीय सचिव सूरज अग्रवाल बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में लगातार 15 दिनों से शांतिपूर्ण शिक्षित छात्रों द्वारा भूख हड़ताल एवं आंदोलन किया जा रहा था। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कल दिनांक 10/ 8/26 को छात्रों ने विधानसभा घेराव किया, जो पूरी तरह शांतिपूर्ण घेराव था। 

कोई भी छात्र इस आंदोलन में लाठी डंटे या किसी भी हथियार का उपयोग नहीं किये थे। उसके बावजूद वाटर कैनन का बौछार करना, आंसू गैस का इस्तेमाल करना, छात्रों पर लाठीचार्ज करना यह झारखंड सरकार की चोरी और सीना जोरी को चरितार्थ कर रही है। छात्रों ने जंतर-मंतर की तरह न तो शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा न ही कोई हंगामा किया और न ही कोई देश विरोधी नारा लगाया। 

छात्रों ने बस तीन मांगें रखी कि जेपीएससपी, जेएसएसी परीक्षा रद्द की जाये। जो भी नौकरी बेचने वाले इस पेशे में लगे हुए थे, उन्हें बर्खास्त करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाये। परीक्षा प्रणाली पर नियमावली बनाकर एग्जाम लिया जाए एवं पूरे नेटवर्क घोटाले की सीबीआई जांच करायी जाये। इन तीन मुद्दों को लेकर छात्र शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे और सरकार अपनी नाकामी एवं चोरी को छिपाने के लिए छात्रों की पिटाई, कुटाई कर रहे हैं। 

आजसू पार्टी इसकी घोर निंदा करती है अगर छात्रों की मांग को सरकार नहीं मानती है तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में बहुत बड़ा आंदोलन का रूप झारखंड में लेगी और आजसू पार्टी आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए इस सरकार के मुखिया को इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर देगी। 

साथ ही अगर झारखंड के मुख्यमंत्री को इन छात्रों के प्रति थोड़ा भी सहानुभूति है तो नैतिकता के आधार पर जिस तरह से केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया ठीक उसी तरह आप भी इस्तीफा दें।

Published / 2026-08-10 22:14:24
11 सूत्री मांगों के समर्थन में आॅल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन रांची के बैनर तले धरना-प्रदर्शन

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 10 अगस्त को पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर रांची जी पी ओ स्थित वरिष्ठ डाक अधीक्षक रांची के कार्यालय के सामने 11 सूत्री मांगों के समर्थन में आॅल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन रांची के बैनर तले धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया जिसका नेतृत्व एम जेड खान, राज्य सचिव, के डी राय व्यथित, कार्यकारी अध्यक्ष, त्रिवेणी ठाकुर, जय नारायण प्रसाद ने किया । 

धरना में मो शमीम अख्तर,रंगनाथ पांडेय, जयनारायण प्रसाद, त्रिलोकी नाथ साहू, देवचरण साहू, डी जे मिंज, अशोक कुमार, रामचंद्र प्रसाद आदि उपस्थित थे। रांची के अलावा धनबाद, जमशेदपुर, डाल्टनगंज, गिरिडीह में भी धरना का आयोजन किया गया। 

धरना के पश्चात सचिव,डाक विभाग नई दिल्ली को संबोधित 11 सूत्री मांगों पर आधारित  ज्ञापन वरिष्ठ डाक अधीक्षक रांची को सौंपा गया। उक्त जानकारी आॅल इंडिया पोस्टल/आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड,रांची के राज्य सचिव एम जेड खान ने दी। 

मुख्य मांगें 

  1. 1981 और 1983 की अवधि के बीच  आर टी पी संवर्ग में  दी गई सेवा को नियमित करना। 
  2. 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए  कर्मचारी को दिए गए एक वेतन वृद्धि का लाभ पारिवारिक पेंशनर्स को भी दिया जाय  
  3. मुख्य डाक घरों में संचालित पेंशन संबंधित कार्यों के डाक लेखा निदेशक कार्यालय में हस्तांतरित किए जाने पर  अविलंब रोक लगाई जाय और आदेश को वापस लिया जाए। 
  4. पारिवारिक पेंशन की मंजूरी में अप्रत्याशित विलंब को समाप्त किया जाए आदि। 

Page 1 of 1684

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse