Breaking News
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

मनोरंजन

View All
हनुमान अंश कोई फिल्म नहीं, सत्संग है : कंगना रनौत
Published / 2026-09-02 20:40:12
हनुमान अंश कोई फिल्म नहीं, सत्संग है : कंगना रनौत

ये फिल्म नहीं सत्संग है, हनुमान अंश की मुरीद हुईं कंगना रनौत, लोगों से बोलीं- थेरेपी छोड़ो, इसे देखो... एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। सिनेमाघरों में इन दिनों एक ही फिल्म की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है वो है हनुमान अंश। नीम करौली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित इस फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। हालांकि दो हफ्ते इसकी रफ्तार काफी धीमी रही थी लेकिन तीसरे हफ्ते से इसने जो स्पीड बढ़ायी उसने हर किसी को हैरान कर दिया है। मामूली बजट में बनी ये फिल्म ब्लॉकबस्टर हो चुकी है। वहीं अब कंगना रनौत भी इस फिल्म की मुरीद हो गयी हैं। उन्होंने तो यहां तक कहा है कि ये मूवी नहीं सत्संग है और लोगों से इसे देखने की अपील भी की है। कंगना रनौत ने की हनुमान अंश की खूब तारीफ कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर हनुमान अंश फिल्म की जमकर तारीफ की है। इस फिल्म में शोबिनाव सत्या ने नीम करौली बाबा का किरदार निभाया है और इसे विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है। इस फिल्म की तारीफ करते हुए कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, हनुमान अंश सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सत्संग है। इसमें उन लोगों की छोटी-छोटी कहानियों को बहुत खूबसूरती से पिरोया गया है, जिन्होंने नीम करौली बाबा को साक्षात अनुभव किया था। अपनी थेरेपी छोड़कर इसे जरूर देखें। हनुमान अंश की बॉक्स आॅफिस परफॉर्मेंस हनुमान अंश शुरुआत में कोई खास असर नहीं दिखा पायी थी। सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म ने ओपनिंग डे पर 10 लाख रुपये कमाये और अगले दो हफ्तों तक इसकी रफ्तार धीमी ही रही। इस दौरान देश में इसकी कुल कमाई सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये रही। तीसरे हफ्ते में फिल्म की किस्मत बदली। बता दें कि तीसरे वीक में इसकी कमाई 10.40 करोड़ रुपये रही थी। अब चौथे हफ्ते में तो इसने कमाल ही कर दिखाया है। जहां 22वें दिन इसने 6.25 करोड़ कमाये थे तो वहीं 23वें दिन इसने 9.25 करोड़ कमाये। वहीं 24वें दिन इसने सबसे ज्यादा कमाई की और इसका कलेक्शन 12.75 करोड़ रुपये रहा। 25वें दिन फिल्म ने 25 करोड़ कमाये। वहीं सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक रिलीज के 26वें दिन इस फिल्म ने 8.50 करोड़ का कलेक्शन किया। इसी के साथ  हनुमान अंश ने भारत में 26 दिनों में 54.13 करोड़ की नेट कमाई कर डाली है। वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 63.82 करोड है। गौरतलब है कि ये फिल्म 1.8 करोड़ के बजट में बनी है। ऐसे में इसने अब तक 2907% प्रॉफिट कमा लिया है।

कृति खरबंदा ने परिवार संग मनाया रक्षबंधन
Published / 2026-08-28 18:57:33
कृति खरबंदा ने परिवार संग मनाया रक्षबंधन

कृति खरबंदा ने परिवार के साथ खूबसूरत अंदाज में मनाया रक्षाबंधनएबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेत्री कृति खरबंदा ने रक्षाबंधन के खास मौके पर अपने परिवार के साथ खूबसूरत अंदाज में त्योहार मनाया और सेलिब्रेशन की कई कैंडिड तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरों में परिवार के साथ हंसी-मजाक, प्यार और अपनापन साफ नजर आ रहा है।कृति ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, हम हम साथ-साथ हैं टाइप फैमिली हैं। उनका यह संदेश परिवार के प्रति उनके खास लगाव और मजबूत बॉन्डिंग को बयां करता है। उन्होंने लिखा, प्यार करने के लिए ज्यादा लोग, उनकी रक्षा करने के लिए ज्यादा लोग, खुशियां मनाने के लिए ज्यादा जीत, साझा करने के लिए ज्यादा पल और रोने के लिए ज्यादा कंधे।कृति का यह भावुक संदेश रक्षाबंधन के मायने को भी खूबसूरती से सामने रखता है। त्योहार सिर्फ राखी बांधने की परंपरा तक सीमित नहीं, बल्कि परिवार के साथ प्यार, सुरक्षा, खुशियां और जिंदगी के हर उतार-चढ़ाव को साझा करने का अवसर भी है।तस्वीरों में कृति अपने परिवार के साथ बेहद खुश नजर आ रही हैं। परिवार के सदस्यों के बीच की सहज और खुशनुमा बॉन्डिंग इन तस्वीरों को खास बना रही है। कृति ने अपने संदेश का अंत “हैप्पी राखी” लिखकर किया। कृति खरबंदा की ये कैंडिड फैमिली तस्वीरें और उनका दिल से लिखा नोट रक्षाबंधन की उस भाई-बहन को ढेर सारी शुभकामनाएं। 

झारखंड में छात्रों की व्यथा देख दुखी हैं सोनाक्षी सिन्हा
Published / 2026-08-04 21:55:11
झारखंड में छात्रों की व्यथा देख दुखी हैं सोनाक्षी सिन्हा

झारखंड में छात्र प्रदर्शन पर सोनाक्षी सिन्हा का रिएक्शन, बोलीं- देखकर बहुत दुख होता है एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएसी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है। छात्रों के प्रदर्शन का सोनाक्षी सिन्हा ने किया समर्थन सोनाक्षी सिन्हा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रील शेयर की, जिसमें एक कंटेंट क्रिएटर झारखंड में पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज उठा रहा था। इस पोस्ट के साथ सोनाक्षी ने लिखा, ये देखकर बहुत दुख होता है कि हमारे देश के छात्रों को ऐसी परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है... आखिर ये सब कब रुकेगा? सोनाक्षी सिन्हा ने जिस वीडियो को शेयर किया, उसमें बताया गया कि लगातार पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों से परेशान छात्र विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं। कई छात्रों ने बार-बार होने वाले पेपर लीक पर भी नाराजगी जतायी। बता दें, झारखंड में हजारों छात्र 14वीं जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग को लेकर रांची में प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे हैं और उन्हें कई सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है।सीजेपी प्रोटेस्ट का किया सपोर्ट वहीं, ये पहली बार नहीं है जब एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने छात्रों का समर्थन किया है। इससे पहले भी वो हाल ही में सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के नेतृत्व में हुए प्रोटेस्ट में स्टूडेंट्स को सपोर्ट करती नजर आयी थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। सोनाक्षी सिन्हा ने प्रोटेस्ट के समर्थन में कहा था, 20 जुलाई... बहुत लोगों की हड्डियां टूटीं और पूरे देश का दिल टूटा। याद रखना।

आज की पीढ़ी को बेहद लुभानेवाली है चल ना रील बनाते हैं : अमित त्रिवेदी
Published / 2026-08-04 18:02:49
आज की पीढ़ी को बेहद लुभानेवाली है चल ना रील बनाते हैं : अमित त्रिवेदी

चल ना रील बनाते हैं आज की पीढ़ी से जुड़ी लाइन : अमित त्रिवेदी एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क (मुंबई)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार अमित त्रिवेदी ने कहा है कि उनके नये गीत फील बनाते हैं की हुक लाइन चल ना रील बनाते हैं आज की पीढ़ी की जीवनशैली से जुड़ी होने के कारण बेहद रिलेटेबल है। स्टार प्लस के नये शो ये फितूर तेरा के पांच अगस्त को होने वाले प्रीमियर से पहले जारी किये गये इस गीत को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। गीत का कैची हुक, आधुनिक संगीत और जेन-जी की भाषा इसे युवा दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा है। अमित त्रिवेदी ने कहा, हमें ये फितूर तेरा जैसे जेन-जी शो के लिए एक मजेदार गीत चाहिए था। गाने का विचार यह था कि एक लड़की अपने पसंद के लड़के के लिए गा रही है। इसी सोच और आज के दौर को ध्यान में रखते हुए हमारे दिमाग में चल ना रील बनाते हैं लाइन आयी। आजकल हर कोई रील बना रहा है, इसलिए यह लाइन बहुत रिलेटेबल लगी। उन्होंने गीतकार गीत सागर की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने गाने के बोल बेहद खूबसूरती से लिखे हैं और महिला किरदार की भावनाओं को प्रभावी ढंग से शब्दों में पिरोया है। अमित त्रिवेदी ने कहा कि इस गीत को तैयार करने में उन्हें काफी आनंद आया। उनके अनुसार लंबे समय बाद उन्हें इतना हल्का-फुल्का और मनोरंजक गीत तैयार करने का अवसर मिला। उन्होंने उम्मीद जतायी कि दर्शकों को यह गीत और ये फितूर तेरा की दुनिया पसंद आयेगी। ये फितूर तेरा का प्रीमियर पांच अगस्त से हर रात साढ़े आठ बजे स्टार प्लस पर होगा। यह शो जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जा सकेगा।

भाषा-संस्कृति के बचाव के लिए जड़ों से जुड़ाव जरूरी : सुखदेव भगत
Published / 2026-07-15 19:56:21
भाषा-संस्कृति के बचाव के लिए जड़ों से जुड़ाव जरूरी : सुखदेव भगत

नागपुरी फिल्म सहरिया की ऐतिहासिक सफलता पर समारोह, सांसद सुखदेव भगत बोले - भाषा और संस्कृति बचानी है तो अपनी जड़ों से जुड़ना होगा एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क (लोहरदगा)। नागपुरी फिल्म सहरिया की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में रांची में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति द्वारा सांसद सुखदेव भगत का स्वागत किया गया। मौके पर सांसद सुखदेव भगत ने फिल्म की पूरी टीम और कलाकारों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नागपुरी भाषा, संस्कृति और लोक परंपराओं का संरक्षण और संवर्धन आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। हमारी पहचान हमारी भाषा से है। अगर हम अपनी माटी की बोली, गीत, नृत्य और रीति-रिवाजों को भूल गये तो अपनी पहचान भी खो देंगे। उन्होंने कहा कि युवा कलाकारों को आगे आकर नागपुरी सिनेमा, संगीत और साहित्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाना होगा। सरकार और समाज दोनों को मिलकर लोक कलाकारों को मंच और सम्मान देना चाहिए। सांसद ने भरोसा दिलाया कि नागपुरी भाषा को आगे बढ़ाने और कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास किये जायेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकार, बुद्धिजीवी, युवा और नागपुरी प्रेमी मौजूद थे।

चित्रपट झारखंड के फिल्म फेस्टिवल में कुल 34 फिल्मों की स्क्रीनिंग
Published / 2026-06-27 21:14:48
चित्रपट झारखंड के फिल्म फेस्टिवल में कुल 34 फिल्मों की स्क्रीनिंग

टीम एबीएन, रांची। चित्रपट झारखंड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन विभिन्न विधाओं की कुल 34 फिल्मों की सफल स्क्रीनिंग की गयी। फिल्म प्रेमियों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक फिल्मों का अवलोकन किया। दूसरे दिन मोबाइल फिल्म मेकिंग कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को मोबाइल के माध्यम से फिल्म निर्माण की तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी गयी। यह कार्यशाला प्रतिभागियों के कौशल और तकनीकी ज्ञान को विकसित करने में उपयोगी सिद्ध हुई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत झारखंड फिल्म एंड थिएटर एसोसिएशन (जेएफटीए) के कलाकारों ने तीन प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों वो पागल नहीं, बीमार था, खामोशी कब तक तथा गरीबदास का शून्य (पद्मश्री अशोक चक्रधर की कविता पर आधारित) का मंचन किया। कलाकारों के सशक्त अभिनय और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इन नाटकों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया तथा फिल्म फेस्टिवल के वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। फिल्म फेस्टिवल का समापन सत्र कल दोपहर 3:30 बजे से आयोजित होगा।मौके पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समापन समारोह में विजेता फिल्मों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा तथा तीन दिवसीय आयोजन का औपचारिक समापन होगा। उक्त जानकारी चित्रपट झारखंड के मीडिया समन्वय स्निग्ध कुमार रंजन ने दी।स्क्रीनिंग की गई फ़िल्मों की सूची:-प्रथम सत्र की फिल्मेंखामोश थालीधनबाद की कोयला खदानें एवं प्रभावित क्षेत्रझरिया (जलती हुई धरती)झरिया राज: जलता हुआ साम्राज्यएकल की छाँवलातेहार पर्यटन की अनकही दास्तानकछुए की कहानीलड़िए छोड़ब नहींहाथी मेरे साथीकाल शिलापलाशप्रेम जालजगहअलार्मदागहैप्पी बर्थडे (जन्मदिन मुबारक)द्वितीय सत्र की फिल्मेंझरिया का मुंगरूमाहीटूटी उड़ानदहाड़धुआँजय माँ कालीझारखंड चुनावपैतकरपरंपरा की पुनर्कल्पनाकोबरा का पुनर्जन्मसिमडेगा के इतिहास का पुनर्पाठपूर्वजों के खेललॉकडाउन की गोद मेंप्रेरणामिट्टी का सम्मानऑन ड्यूटी – ऑफ ड्यूटी (ड्यूटी पर – ड्यूटी के बाद)बोलो नहीं, करोअंतहीन सफर

दुनियाभर में प्राइम ओरिजिनल सीरीज राख का प्रीमियर 12 जून को
Published / 2026-05-29 21:08:08
दुनियाभर में प्राइम ओरिजिनल सीरीज राख का प्रीमियर 12 जून को

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क (मुंबई)। प्राइम वीडियो की अली फजल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर अभिनीत दिल दहला देने वाली इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर राख का ग्लोबल प्रीमियर 12 जून को होगा। इस सीरीज का निर्देशन और एग्जीक्यूटिव प्रोडक्शन प्रोसित रॉय ने किया है, इसे अनुशा नंदकुमार और संदीप साकेत ने बनाया, लिखा और सह-निर्देशित किया है, जबकि संवाद आयुष त्रिवेदी ने लिखे हैं। एंडेमोल शाइन इंडिया और भाडिपा के सहयोग से दीपक धर, ऋषि नेगी, मृणालिनी जैन और श्याम राठी ने इस सीरीज का निर्माण किया है। राख में सोनाली बेंद्रे, अली फजल और आमिर बशीर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह सीरीज प्राइम वीडियो पर भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में रिलीज होगी। राख एक इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा सीरीज है, जो अपराधी की मानसिकता और आम जिंदगी के पीछे छिपे अंधेरे को गहराई से दिखाती है। जब दो किशोर अचानक बिना किसी भनक के गायब हो जाते हैं, तो एक खुशहाल परिवार टूट जाता है और पूरा शहर दहशत में आ जाता है। सच्चाई तक पहुंचने के लिए एक जुझारू जांच अधिकारी देशभर में तलाश अभियान शुरू करता है लेकिन जैसे-जैसे वह मामले की गहराई में जाता है, यह केस उसे हिंसा और इंसानी क्रूरता की एक भयावह दुनिया में खींच लेता है। राख के निर्देशक और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर प्रोसित रॉय ने कहा, राख मेरे लिए अब तक के सबसे रचनात्मक और भावनात्मक रूप से गहरे प्रोजेक्ट्स में से एक रही है, क्योंकि इसकी कहानी सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर तक सीमित नहीं है। मुझे सबसे ज्यादा उत्साह इस बात का था कि इसमें एक रोमांचक तलाश अभियान के साथ-साथ मानसिक आघात और इंसानी स्वभाव के अंधेरे पहलुओं को भी बिना किसी झिझक के दिखाने का मौका मिला। अनुशा और संदीप ने मिलकर एक ऐसी दुनिया बनायी है, जिस पर बहुत बारीकी से रिसर्च की गयी है, जो कई परतों से भरी हुई है और जिसमें सही-गलत के बीच की उलझन साफ दिखाई देती है। अली ने अपने शांत अंदाज में एक जबरदस्त उर्जा दी हैं, जो पूरी कहानी को एक मजबूत आधार देता है; वहीं, सोनाली और आमिर ने अपने किरदारों को इतनी गहराई और तीव्रता से निभाया है कि हर पल बेहद असली महसूस होता है। पाताल लोक के बाद एक बार फिर प्राइम वीडियो के साथ काम करना शानदार अनुभव रहा, और मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं कि दर्शक 12 जून को राख को देखें।

फैशन फिएस्टा 2.0 का भव्य शुभारंभ संपन्न
Published / 2026-05-26 18:24:52
फैशन फिएस्टा 2.0 का भव्य शुभारंभ संपन्न

एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। फैशन फिएस्टा 2.0 के उद्घाटन समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ महुआ माजी उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बसंत मित्तल ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। मेले में 35 से अधिक स्टॉल लगाये गये हैं, जिनमें बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश एवं विभिन्न शहरों से आयी महिलाओं को अपने उत्पाद एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान किया गया है। संस्था की अध्यक्ष मोनिका गोयनका ने यह जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्था की पूर्व अध्यक्ष कुशा जालान,  बिजेंद्र प्रसाद, प्रतीक भदानी, फाउंडर प्रेसीडेंट अंकित अग्रवाल, एवं संस्थापक दीप्ति बजाज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मेले के सफल आयोजन में सचिव भवेश राठौर, अदिति अग्रवाल, वेदिका सिंघानिया, पूजा वैष्णवी, सुमित लोहानी, संजीव कुमार, जय काबरा और अनुज अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए आज मैजिक शो का आयोजन किया गया। साथ ही 27 मई को प्रात: 11 बजे से पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जायेगा, जिसमें 4 से 12 वर्ष तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। 

दो जून को न्यूज़ीलैंड के पहले इंडियन फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत करेंगे ऋचा चड्ढा और अली फज़ल
Published / 2026-05-22 22:43:29
दो जून को न्यूज़ीलैंड के पहले इंडियन फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत करेंगे ऋचा चड्ढा और अली फज़ल

ऋचा चड्ढा और अली फज़ल दो जून को न्यूज़ीलैंड के पहले इंडियन फिल्म फेस्टिवल की करेंगे शुरुआतएबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क (मुंबई)। बॉलीवुड स्टार ऋचा चड्ढा और अली फज़ल जल्द ही न्यूज़ीलैंड में बॉलीवुड का रंग बिखेरते नज़र आएंगे। दोनों दो जून 2026 को देश के पहले इंडियन फिल्म फेस्टिवल द इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ न्यूज़ीलैंड के आधिकारिक लॉन्च में शामिल होंगे।यह अभिनेता-निर्माता जोड़ी इस लॉन्च इवेंट की मुख्य आकर्षण होगी। इस मौके पर उनकी बतौर प्रोड्यूसर पहली फिल्म गर्ल्स विल बी गर्ल्स की खास स्क्रीनिंग भी रखी जाएगी। इस फिल्म को दुनियाभर के बड़े फिल्म फेस्टिवल्स जैसे सनडांस और इंडिपेंडेंट स्पिरिट अवॉर्ड्स में काफी सराहना मिल चुकी है।अक्टूबर 2026 में शुरू होने जा रहाद इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ न्यूज़ीलैंड, न्यूज़ीलैंड का पहला समर्पित इंडियन फिल्म फेस्टिवल होगा। इसकी स्थापना पेट्रीना डी’रोजारियो ने की है। इस फेस्टिवल का उद्देश्य भारतीय सिनेमा का जश्न मनाने के साथ-साथ भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच रचनात्मक संबंधों को और मज़बूत बनाना है।इस लॉन्च इवेंट में सबसे ज़्यादा चर्चा ऋचा और अली की मौजूदगी को लेकर है, क्योंकि दोनों अपनी दमदार पहचान और विश्वसनीयता के लिए जाने जाते हैं। मेनस्ट्रीम फिल्मों के साथ-साथ अर्थपूर्ण और स्वतंत्र सिनेमा को समर्थन देने के लिए मशहूर यह जोड़ी, अभिनेता और निर्माता दोनों रूपों में हमेशा नए और वैश्विक कहानियों को आगे बढ़ाती रही है।इस लॉन्च का हिस्सा बनने को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए ऋचा चड्ढा और अली फज़ल ने संयुक्त बयान में कहा, हम द इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ न्यूज़ीलैंड के लॉन्च का हिस्सा बनकर बहुत खुश हैं।फिल्म फेस्टिवल्स अलग-अलग कहानियों और विचारों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच तैयार करते हैं। भारतीय सिनेमा को न्यूज़ीलैंड में इतने व्यवस्थित और उत्सवपूर्ण तरीके से लाने का विचार बेहद खास और सही समय पर लिया गया कदम है। हम इस नई शुरुआत का समर्थन करने और वहां के दर्शकों से जुड़ने को लेकर उत्साहित हैं।यह फेस्टिवल चार दिनों तक ऑकलैंड, वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में आयोजित किया जाएगा। इसमें फिल्म स्क्रीनिंग्स, वर्कशॉप्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम और इंडस्ट्री चर्चाएं शामिल होंगी, जिनका उद्देश्य दोनों देशों के फिल्ममेकर्स, कलाकारों और दर्शकों को जोड़ना है।फेस्टिवल के पहले संस्करण में फीचर और शॉर्ट फिल्म्स मिलाकर लगभग 30 फिल्मों को दिखाए जाने की उम्मीद है। इसके जरिए भारतीय सिनेमा की विविधता और वैश्विक पहचान को सामने लाने के साथ-साथ ऑटियरोआ में दक्षिण एशियाई आवाज़ों को भी मंच मिलेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.