राज काज

View All
Published / 2026-08-11 18:12:59
झारखंड : 15 को बंद रहेंगी मांस-मछली की दुकानें

स्वतंत्रता दिवस पर रांची में बंद रहेंगी मांस-मछली और चिकन की दुकानें 

टीम एबीएन, रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रांची नगर निगम क्षेत्र में मांस, मछली और मुर्गे की बिक्री पर रोक रहेगी। नगर निगम की ओर से जारी निर्देश के अनुसार 15 अगस्त 2026 को नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी बधशालाएं (स्लॉटर हाउस) और मांस, मछली व मुर्गे की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।

इस दौरान इन खाद्य पदार्थों का क्रय-विक्रय भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि 15 अगस्त को यदि कोई व्यक्ति मांस, मछली या मुर्गा बेचते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी। नगर निगम ने संबंधित दुकानदारों से स्वतंत्रता दिवस के दिन जारी आदेश का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

Published / 2026-08-11 18:12:21
14वीं जेपीएससी और दो बैकलॉग परीक्षाएं होंगी रद्द : हेमंत सोरेन

जेएसससी-सीजीएल समेत टीडीपीएल से जुड़ी परीक्षाओं की होगी जांच : सीएम 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में सदन में बोलते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मैं विपक्ष के साथियों को कुछ बताना चाहता हूं। इनकी आशाएं पूरा करने में कई जन्म लेना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो चार दिनों से जो चल रहा है, हमें लगा कि विपक्ष में कोई बात होगी, लेकिन ऐसा नहीं था। कुछ-कुछ करके ये खुद को जिंदा रखे हुए हैं। छात्रों की आड़ में ये लोग काम कर रहे हैं।  

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार छात्रों के प्रति गंभीर है। सरकार की मंशा राज्य जानता है। विपक्ष राज्य के भविष्य को क्या सीख देना चाहता है। परीक्षा की जांच हो रही है। उन्होंने कहा कि सारी चीजें मकड़जाल की तरह इन्होंने बुना है। यूपी से षड्यंत्र हुआ। टीडीपीएल यूपी से है। 

भाजपा वाले पहले भगवा भेष में ठगते थे, अब छात्रों के भेष में ठगते हैं : हेमंत सोरेन  

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने छात्रों के लिए कई निर्णय लिया है। सरकार की मंशा स्पष्ट है। उन्होंने कहा, भैंस के आगे बीन बजाने से फायदा नहीं। कल जो हुआ सबने देखा। भाजपा वाले पहले भगवा भेष में ठगते थे, अब छात्रों के भेष में ठगते हैं। समित दायरे तक कल कुछ लोग आये। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हम कई परीक्षाएं रद्द कर रहे हैं। 

सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 14वीं जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) समेत वर्ष 2023 और 2025 में जेपीएससी द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द किया जायेगा। इसके साथ ही सरकार ने 11वीं और 13वीं जेपीएससी परीक्षाओं के अलावा  एफआरओ,  एपीपी और टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की जांच कराने का ऐलान किया है। 

जेएसएससी सीजीएल भी जांच के दायरे में 

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जेएसएससी सीजीएल परीक्षा भी जांच के दायरे में आ गयी है। दरअसल, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा का आयोजन टीडीपीएल के माध्यम से कराया गया था। ऐसे में टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की जांच के सरकार के फैसले का असर सीजीएल परीक्षा पर भी पड़ेगा। परीक्षाओं को लेकर छात्रों के आंदोलन और विपक्ष के विरोध के बीच मुख्यमंत्री ने सदन में सरकार की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में व्यापक सुधार की जरूरत है और सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी। 

आईआईटी, आईआईएम और एक्सएलआरआई से ली जायेगी राय 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की मौजूदा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से परामर्श करेगी। उन्होंने आईआईटी, आईआईएम और एक्सएलआरआई जैसे संस्थानों के विशेषज्ञों से सलाह लेकर परीक्षा प्रणाली में सुधार लागू करने की बात कही। सरकार का प्रयास परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने का होगा, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी की आशंकाओं को कम किया जा सके।

Published / 2026-08-10 22:13:05
बासुकीनाथ में खाद्य सुरक्षा टीम की जांच

13 दुकानों से लिये गये 38 खाद्य नमूने जांच में सही पाये गये 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 के दौरान बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लगातार जांच एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 10 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा टीम ने बासुकीनाथ के पेड़ा गली, सब्जी बाजार चौक, शीतला मंदिर रोड स्थित पेड़ा दुकानों, होटलों सहित कुल 13 दुकानों का निरीक्षण किया। 

जांच के दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। टीम द्वारा पेड़ा, दही, तेल, हल्दी, सब्जी, सेव सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 38 नमूनों की आॅन द स्पॉट जांच की गयी। जांच में सभी नमूने सही पाये गये। इसके साथ ही पेड़ा का एक लीगल खाद्य नमूना भी संग्रहित किया गया है, जिसे विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी। 

खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की भी जांच की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। 

जांच अभियान के दौरान एफएसओ अंजना रानी मिंज, एफएसओ सुबीर रंजन, एफएसओ डेजी नीलिमा तिग्गा, जरमुंडी थाना पुलिस बल, पंकज कुमार, जूनियर एनालिस्ट, एमएफटीएम तथा सुधांश कुमार, लैब अटेंडेंट, एमएफटीएम उपस्थित थे। 

श्रावणी मेला के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा इस प्रकार की जांच एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी, जिससे बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा के प्रति बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Published / 2026-08-10 21:33:36
जेपीएससी जांच मामले में खियांग्ते अरेस्ट

जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार, सीआईडी ने की कार्रवाई 

टीम एबीएन, रांची। छात्रों के आंदोलन के बीच सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है।

Published / 2026-08-08 23:10:02
झारखंड : छात्रों के विभिन्न मुद्दों पर सरकार सहमति को तैयार

  • झारखंड : छात्रों के विभिन्न मुद्दों पर सरकार सहमति को तैयार

टीम एबीएन, रांची। छात्रों की अधिकांश मांगों पर सरकार सहमति बनाने को तैयार है। सूत्रों के अनुसार, सीआईडी और सीबीआई जांच की मांग के स्थान पर न्यायिक जांच को लेकर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।

वहीं, 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा समेत कई अन्य प्रक्रियाधीन परीक्षाओं को रद्द करने पर भी सरकार विचार कर सकती है। सरकार रद्दीकरण और जांच से जुड़ी मांगों को छोड़कर परीक्षा व्यवस्था में सुधार से संबंधित छात्रों की सभी वैधानिक मांगों को मानने के लिए तैयार है।

इसी क्रम में रविवार दोपहर 12 बजे छात्रों की ओर से गठित जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के प्रतिनिधियों के साथ मंत्रियों का एक प्रतिनिधिमंडल वार्ता करेगा। बैठक में परीक्षा प्रक्रिया में सुधार, लंबित मांगों और विवादित परीक्षाओं को लेकर सहमति बनाने पर चर्चा होने की संभावना है।

Published / 2026-08-08 20:14:48
सीएम हेमंत सोरेन ने सहायक बिशप आनंद डेविड खाल्खो को दी शुभकामनाएं

सहायक बिशप आनंद डेविड खाल्खो के अभिषेक और प्रतिष्ठापन समारोह में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन, दी शुभकामनाएं 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज डॉ कामिल बुल्के पथ (पुरुलिया रोड), रांची स्थित आर्चबिशप हाउस में आयोजित रांची महाधर्मप्रांत के नवनियुक्त सहायक बिशप श्रद्धेय आनंद डेविड खाल्खो के अभिषेक एवं प्रतिष्ठापन समारोह में सम्मिलित हुए। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धेय आनंद डेविड खाल्खो को नयी जिम्मेदारी ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर आर्चबिशप विंसेंट आइंद, फादर अजित कुमार खेस सहित अन्य धर्मगुरु एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

Published / 2026-08-07 23:14:42
आदिवासी महोत्सव में फिल्म फेस्टिवल व मास्टर क्लास का आयोजन

  • आदिवासी महोत्सव में फिल्म फेस्टिवल व मास्टर क्लास का आयोजन
  • विद्यार्थियों को मिलेगा फिल्म निर्माण सीखने का अवसर

टीम एबीएन, रांची। झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFFDCL) द्वारा आगामी आदिवासी महोत्सव-2026 के तहत 9 अगस्त को मोराबादी मैदान, रांची में विशेष फिल्म फेस्टिवल एवं मास्टर क्लास का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण, दृश्य कथानक (विजुअल स्टोरीटेलिंग) और मीडिया उद्योग की बारीकियों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

इस संबंध में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति को पत्र भेजकर कार्यक्रम में सहभागिता का आमंत्रण दिया है। साथ ही विश्वविद्यालय से जनसंचार, पत्रकारिता, मीडिया स्टडीज, फिल्म स्टडीज, परफॉर्मिंग आर्ट्स, विजुअल कम्युनिकेशन एवं संबंधित विषयों के कम से कम 50 विद्यार्थियों को नामित कर कार्यक्रम में भेजने का अनुरोध किया गया है।

फिल्म फेस्टिवल के दौरान आदिवासी जीवन, स्वदेशी संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और उत्कृष्ट सिनेमा पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं "फिल्म मेकिंग एंड करियर ऑपर्च्युनिटीज इन द फिल्म इंडस्ट्री" विषय पर विशेष मास्टर क्लास आयोजित होगी। इसका संचालन सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के विशेषज्ञ एवं प्राध्यापक करेंगे।

मास्टर क्लास में प्रतिभागियों को फिल्म निर्माण की मूलभूत तकनीक, विजुअल स्टोरीटेलिंग, पटकथा लेखन, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, संपादन, साउंड डिजाइन तथा फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी और डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री में उभरते करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही सिनेमा एवं मीडिया के क्षेत्र में उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं पर भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।

झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का मानना है कि यह कार्यक्रम युवाओं को फिल्म एवं मीडिया उद्योग की व्यावहारिक समझ विकसित करने के साथ-साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति के नए अवसर प्रदान करेगा। आदिवासी महोत्सव के दौरान आयोजित यह पहल राज्य के युवा मीडिया एवं फिल्म विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सीखने और करियर निर्माण का मंच साबित होगी।

ज्ञात हो कि विगत 22 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम एवं सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट कोलकाता के बीच स्थानीय सूचना भवन में फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना को लेकर एमओयू (MoU) हस्ताक्षरित किया गया था। 

Published / 2026-08-06 20:10:38
राज्य की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता : हेमंत सोरेन

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज धुर्वा के सेंट्रल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में झारखंड फायर सर्विस को समर्पित 58 मॉडर्न मिनी वाटर टेंडर्स विद मिस्ट टेक्नोलॉजी का उद्घाटन और फ्लैग-आॅफ किया। 

उन्होंने कहा कि मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस ये गाड़ियां उन तंग गलियों, घनी आबादी वाली बस्तियों और दूर-दराज के इलाकों में भी तेजी से पहुंच पायेंगी, जहां बड़ी फायर टेंडर नहीं पहुंच सकतीं। गैस सिलेंडर फटने, शॉर्ट सर्किट होने या घरों या दुकानों में आग लगने जैसी अलग-अलग इमरजेंसी स्थितियों में ये तेजी से और असरदार राहत पहुंचायेंगी। 

प्रोग्राम के दौरान फायरफाइटिंग से जुड़ी मॉडर्न टेक्नोलॉजी और इक्विपमेंट का डेमोंस्ट्रेशन भी देखा गया। यह हमारे फायर सेफ्टी सिस्टम को बदलती जरूरतों के हिसाब से और ज्यादा काबिल, तेज और असरदार बनाने की दिशा में एक जरूरी कदम है।

Page 1 of 352

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse