टीम एबीएन, पलामू। जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के बजराहा में रेलवे लाइन पर युवक का शव बरामद हुआ है। हत्या की आशंका जतायी जा रही है। युवक की पहचान पाटन के टनटन उपाध्याय के रूप में की गयी है। मृतक खुद हत्या समेत कई गंभीर अपराध के घटनाओं का आरोपी है। इसलिए यह भी आशंका है कि यह कोई पुरानी दुश्मनी या गैंगवार की घटना हो सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
टीम एबीएन, रांची। ईद के दौरान राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा- व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलों के एसपी को अलर्ट किया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जिलों के एसपी को निर्देश दिया गया है कि संवेदनशील इलाके में विधि- व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाये। बल की तैनाती, शांति समिति की बैठक करने को कहा। संवेदनशील स्थानों की जानकारी भी पुलिस को दी गयी है।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज डे-2023 कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए सीएम हेमंत सोरेन राज्य को बेहतर दिशा देने में लोक सेवकों की भूमिका अहम लोक सेवक कार्यपालिका का महत्वपूर्ण हिस्सेदार टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में पहली बार सिविल सर्विसेज डे कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। इस दिवस के अवसर पर मैं आप सभी लोक सेवकों को अपनी ओर से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। आप सभी लोग कार्यपालिका के ऐसे हिस्सेदार हैं जिसके बगैर राज्य की व्यवस्था चलाना संभव नहीं है। आप सभी के कंधों पर तमाम चुनौतियों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारियां भी दी जाती हैं। राज्य के अंदर रहने वाले लोगों को मदद एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए जो व्यवस्थाएं बनाई गई हैं उनका संरक्षण तथा राज्य जी बेहतरी के लिए कार्ययोजनाएं बनाने की जिम्मेदारी आप सभी पर है।किसी भी राज्य अथवा देश को मजबूत करने की दिशा में कार्यपालिका की अहम भूमिका होती है। अन्य राज्यों तथा देशों में भी कार्यपालिका की व्यवस्थाएं हमारे राज्य एवं देश की कार्यपालिका से मिलती-जुलती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यवस्थाओं के अंदर लोक सेवकों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। लोक सेवकों का कार्य करने का दायरा बहुत बड़ा है। झारखंड में 2000 लोक सेवकों का स्ट्रेंथ है। राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की सेवा के लिए 2 हजार लोक सेवकों का आंकड़ा कहीं से भी कम दिखाई नहीं पड़ता है। जरूरत है कि हम और आप सभी लोग अपने कार्यों को ईमानदारी, संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ पूरा करें। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में सिविल सर्विसेज डे-2023 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। झारखंड के लोगों की भाषा, संस्कृति तथा रहन-सहन के साथ कम्युनिकेशन बनाए अधिकारी मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी लोक सेवक झारखंड की भौगोलिक बनावट से भलीभांति परिचित हैं। झारखंड एसटी/एससी बहुल आबादी वाला राज्य है। झारखंड अलग हुए 20 साल से अधिक हो चुके हैं। आज भी झारखंड जहां था वहीं खड़ा है। झारखंड देश के पिछड़े राज्यों की गिनती में आता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में प्रकृति ने अपार संपदाएं दी हैं।झारखंड सिर्फ खनिज संपदा ही नहीं बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य एवं बहु प्रतिभा मानव बल के लिए भी जाना जाता है। हमारे पास वैसा कोई कारण नहीं है जिससे हम पिछड़े राज्यों के गिनती में शुमार हो परंतु यह सत्य है कि आज के समय में झारखंड देश के पिछड़े राज्यों में से एक राज्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सरकारें आती-जाती रहती हैं। राजनेता आते-जाते रहते हैं। परंतु आप सभी लोक सेवक लंबे समय तक राज्य की सेवा में कार्यरत रहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफलतापूर्वक धरातल पर उतारी जा सकती हैं जब अधिकारी झारखंड की जनता के रहन-सहन तथा भाषा, संस्कृति के साथ समन्वय बनायेंगे। हमारे राज्य का पिछड़ापन होने का एक मुख्य कारण है यह भी है कि यहां के लोगों के साथ अधिकारियों का कम्युनिकेशन बिल्कुल नहीं बन पा रहा है और जब तक कम्युनिकेशन यहां की जनता के साथ अधिकारियों का नहीं बनेगा तब तक योजनाएं सफल नहीं हो पाएंगी।जब तक स्थानीय लोगों के साथ आप भाषा का समन्वय नहीं बनाएंगे तब तक उनके बीच चीजों को ठीक तरह से नहीं रख पाएंगे और विकास की यात्रा आगे नहीं बढ़ पायेगी। मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी लोक सेवकों से आग्रह किया कि राज्य की जनता के साथ कम्युनिकेशन बनाते हुए विकास की पहिए को आगे बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने सभी लोक सेवकों से अपील की कि आप ऐसा कार्य करें कि आप जहां भी जायें वहां लोग आपका मान-सम्मान करें। किसान से खेतिहर मजदूर बन रहे हैं लोग सीएम ने किसानों की वर्तमान हालात को लेकर चिंता जतायी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजन के अभाव में लगातार किसान वर्ग के लोग खेतिहर मजदूर बन रहे हैं। राज्य में किसानों की संख्या निरंतर घटती जा रही है वहीं खेतिहर मजदूरों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वांगीण विकास की चाह में कहीं न कहीं कुदरती संसाधनों के साथ छेड़छाड़ करने का गुनाह किया जा रहा है। यह बात सत्य है कि विकास अत्यंत आवश्यक है परंतु प्राकृतिक संसाधनों के साथ समन्वय बैठाना भी उतना ही आवश्यक है। प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर हम विकास की लकीर नहीं खींच सकते हैं। प्राकृतिक संसाधनों के साथ छेड़खानी करने का नतीजा है कि आज बिन मौसम बारिश, बाढ़, भूकंप, जरूरत से ज्यादा गर्मी लगना इत्यादि प्राकृतिक आपदाएं हमारे बीच मंडराती रहती हैं। जैसा कि इस कार्यक्रम में कई वक्ताओं ने अपनी-अपनी बातें रखी हैं उसी क्रम में यह बात सामने आई कि वर्ष 1933 में झारखंड में जंगलों की स्थिति क्या थी और आज स्थिति कैसी है और आने वाले 20 साल बाद की स्थिति क्या होगी? किस तरह वन्य प्राणियों को संरक्षित की जा सके यह अब हम सबके बीच चुनौती बनने जा रहा है। राज्य को बेहतर दिशा देने में आप लोक सेवकों की भूमिका अहम श्री सोरेन ने कहा कि आप सभी लोक सेवक उन प्रथम पंक्ति के लोग हैं जो चुनौतियों को स्वीकार करते हुए राज्य को आगे ले जाने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले सकते हैं। राज्य में 2000 लोक सेवकों का एक बेहतर स्ट्रैंथ है। इस स्ट्रैंथ में आईएएस, आईपीएस एवं आईएफएस तथा प्रशासनिक पदाधिकारी सम्मिलित हैं।कई चीजों पर आप शोध करते हैं। राज्य की जरूरतों को महसूस करते हैं। आप सभी लोग समय-समय पर विभिन्न राज्यों या अन्य देशों का दौरा भी करते हैं चाहे कार्य सरकारी हो या व्यक्तिगत। आप जहां भी जाते होंगे वहां और झारखंड के फर्क को महसूस भी करते होंगे। अन्य राज्यों में और झारखंड में कैसे चीजें अलग-अलग स्थापित हैं उनके क्या कारण है, यहां की कार्यपालिका और वहां की कार्यपालिका के कार्य करने की शैली किस प्रकार की है यह भी जानते हैं। आप सभी लोग जहां भी जाते होंगे वहां व्यवस्थाएं एक समान नहीं दिखती होंगी कहीं अच्छी तो कहीं खराब भी नजर आती होगी। आप सभी लोग वेल ट्रेंड लोग हैं। राज्य की भावी पीढ़ी का विकास आपके कंधों पर है। आज आप सभी लोक सेवकों के लिए एक संकल्प लेने का दिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 16वीं सिविल सर्विसेज डे के रूप में हम सभी लोग एकत्रित हुए हैं। परंतु राज्य में यह कार्यक्रम पहली बार हो रहा है। यूं तो वर्ष 1947 में ही तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सिविल सर्विसेज के पदाधिकारियों को संबोधित किया था। आज फिर से उस महत्वपूर्ण क्षण को दोहराने का प्रयास हुआ है। मेरी ओर से आप सभी लोक सेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं। मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी अजय कुमार सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजय श्रीवास्तव, प्रधान सचिव मुख्यमंत्री वंदना डाडेल, कई विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव/ सचिव, वन सेवा के पदाधिकारी तथा पुलिस सेवा के पदाधिकारी सहित अन्य लोक सेवक उपस्थित थे।
टीम एबीएन, कोडरमा। गुमो के खैरी टांड़ निवासी प्रकाश प्रसाद वर्मा पिता स्व कोकिल प्रसाद वर्मा ने तिलैया थाने में एक आवेदन दिया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जमीन विवाद को लेकर अशोक तिवारी पिता इंदन तिवारी के साथ विवाद चल रहा है।अचानक 13 अप्रैल को सुबह 8 बजकर 9 मिनट में अशोक तिवारी का फोन आता है और जान से मारने की धमकी दी जाती है। साथ ही अन्य दो भाइयों ज्योति प्रसाद वर्मा एवं आलोक प्रसाद वर्मा तीनों भाइयों का सर (मुड़ी) काटने की धमकी दी गयी। इधर, धमकी मिलने के बाद पीड़ित ने किसी अनहोनी का अंदेशा जताते हुए तिलैया थाने में आवेदन देकर अपने और परिवार के रक्षा की गुहार लगायी है। इसके अलाव पीड़िता अशोक वर्मा ने कई अन्य वरीय पदाधिकारियों सहित सी एमओ और पीएमओ को भी मेल कर घटना की जानकारी दी है।
अडाणी मसले पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आभा सिन्हा का केंद्र सरकार पर हल्ला बोल टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने अडानी को लेकर आज केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने अडानी पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में अडानी के खाते में 20 हजार करोड़ रुपये कैसे आये हैं इसका उत्तर भाजपा की केंद्र सरकार को देना चाहिए। पर मोदी सरकार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता छीनकर मुद्दा से भटकाने का काम किया।उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट के आने के बाद भारत के सबसे अमीर व्यक्ति और दुनिया के दूसरे नंबर के अमीर आदमी अडानी के शेयर के दाम तेजी से गिरे, लेकिन बजाय केंद्र सरकार या भाजपा नेताओं द्वारा कोई उत्तर दिये जाने के उल्टा यह कहा जा रहा है कि अडानी पर हमला देश पर हमला है और मुख्य मुद्दे को दूसरी दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दो तरह के तानाशाह होते हैं, एक वह होते हैं जो इस बात से डरते हैं कि कही लोग उससे डरना न बंद कर दें। दूसरे वह होते हैं जो विरोधियों का मुंह कुचल कर बंद करना चाहते हैं। आज सारे विपक्षी दल सरकार के विरोध में हैं और वही प्रश्न राहुल गांधी ने पूछे थे। देश की जनता केंद्र की मोदी सरकार पूछना चाहती है कि काफिला लुटा कहां? उन्होंने कहा कि अडानी के खाते में इतनी बड़ी रकम कैसे आयी जब अडानी के शेयर औंधे मुंह गिर रहे थे तब एसबीआई और एलआईसी ने उन्हें अपने पैसे कैसे दिये और किसके आदेश से दिये? उन्होंने कहा कि हमारा देश लोकतांत्रिक देश है और जब इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर आंच आयेगी तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। चाहे उसके लिए कोई भी कुर्बानी देनी पड़े और कांग्रेस पार्टी देश के लिए हमेशा से कुर्बानी देते आयी है। आज राहुल गांधी आम लोगों की आवाज बन चुके हैं।
दोस्त की गोली मार कर हत्या, बेटे को किया गंभीर रूप से घायलटीम एबीएन, हजारीबाग। हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डंडई सिवाने नदी पुल के पास गुरुवार की शाम करीब पांच बजे सीतगढ़ा निवासी अरविन्द हेमरोम ने अपने करीबी दोस्त लक्ष्मण पांडे की गोली मारकर हत्या कर दी। साथ ही अपने बेटे महेंद्र हेमरोम को गोली मारकर घायल कर दिया। मृतक की पहचान रांची निवासी लक्ष्मण पांडे के रूप में हुई। इस संबंध में अरविंद हेमरोम की पत्नी किरण देवी ने बताया कि उसका पति जुआरी है। पति का रांची के दोस्त के साथ जुए की रकम की लेनदेन को लेकर विवाद था। लक्ष्मण ने जब विरोध किया, तो उसने दुश्मनी पाल ली। उसके बाद उसके पति ने दोस्त लक्ष्मण पांडे और बेटे महेंद्र हेमरोम को जान से मारने के लिए बिहार से शूटर मंगवाया था। उसके बाद उसके पति ने गोली मारकर अपने दोस्त को मौत के घाट उतार दिया। वहीं बेटे के सीने में गोली लगी है, जिसका शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। किरण देवी ने यह भी बताया कि उसके पति उसे और बेटे को परेशान और मारपीट करता था।क्या कहते हैं थाना प्रभारीइधर, चुरचू अंचल इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 5 बजे शाम में अज्ञात अपराधियों ने एक अज्ञात व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की आपसी रंजिश का मामला है अपराधियों और मृतक के रांची के होने की संभावना है। घटनास्थल पर मृतक के शव से करीब 10 मीटर के दूरी पर लाल रंग के अपाची बाइक मिला है, जिसमें रांची का रजिस्ट्रेशन नंबर है।घटनास्थल पर शव के बगल में 7.65एमएम पांच फायर खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। काला रंग का दो बैग, एक अपाची बाइक (JH 01CQ 3525) साथ ही नदी मे गिरा हुआ एक मोबाइल और हेलमेट भी मिला है। मृतक स्थानीय नहीं है। वह रांची का है। संदेह के आधार पर 2 लोगों को गिरफ्त में लिया गया है। मौके पर विचार एवं मुफस्सिल थाना पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया गया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन विकसित होने से रोजगार के हजारों अवसर मिलेंगे। लेकिन टूरिज्म को लेकर 20 राज्यों की सूची में हम अंतिम पायदान पर हैं। गलती किसकी?देवघर के बाद सबसे ज्यादा बाहरी टूरिस्ट पारसनाथ (मधुवन) आते हैं। इस वर्ष पारसनाथ को लेकर कैसी राजनीति हुई, वो हम सबने देखी।देवघर में रोपवे हादसा हुआ, लेकिन उसके बाद स्थानीय सांसद और उपायुक्त के बीच जो हुआ, वो हम सबने देखा।बोधगया, मलूटी, पारसनाथ टूरिज्म कॉरिडोर बन सकता है, इटखोरी महोत्सव को हम भव्य बना सकते हैं। महाकाल कॉरिडोर और वाराणसी कॉरिडोर की तरह देवघर मनोकामना लिंग कॉरिडोर विकसित किया जा सकता है। लेकिन ये सब फालतू सोचने के लिए वक्त है किसके पास। हम तो आपस में ही लड़-झगड़ कर खुश हैं। कभी 1932 के नाम पर, कभी कुड़मी आंदोलन के नाम पर तो कभी 60-40 के नाम पर, कभी बाहरी -भीतरी, आदिवासी- गैर आदिवासी के नाम पर। अपने हाथों से अपने घर को बर्बाद करने वाले हम सब हैं।
पुलिस को मिली बड़ी सफलता टीम एबीएन, पलामू। पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 18 चोरी की बाइक को बरामद किया है। चोरी की बाइक के साथ पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर और चोरों से पलामू पुलिस पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार तस्कर और चोरों ने पलामू पुलिस को कई अहम जानकारी दी है। जिसके बाद कई इलाकों में छापेमारी चल रही। पलामू पुलिस गुरुवार की देर शाम तक बड़ा खुलासा करेगी। साम में पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाया है। पलामू के पांकी थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटना हुई थी। पूरे मामले में पलामू पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था। अनुसंधान के क्रम में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोरी की 18 बाइक बरामद हुई है। बाइक के साथ पुलिस ने बाइक चोर और इसके तस्करी करने वालों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्कर और चोर पलामू चतरा लातेहार के रहने वाले हैं। चोरी की बाइक भी पुलिस ने पलामू चतरा लातेहार के विभिन्न इलाकों से बरामद की है। पुलिस ने पूरे गिरोह का खुलासा किया है। मामले में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में बाइक चोर गिरोह के खिलाफ पलामू पुलिस की सबसे बड़ी सफलता।
घंटों मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबूटीम एबीएन, रांची। गर्मी का प्रकोप बढ़ते ही राजधानी रांची में अगलगी की घटनाओं में तेजी आ गयी है। ताजा मामला रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र का है, यहां एक पानी टंकी की फैक्ट्री में आग लगने की वजह से अफरातफरी मच गयी। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थी। मौके पर पहुंचे आधा दर्जन दमकल के वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।राजधानी से लगभग 45 किलोमीटर दूर अनगड़ा के गोंदली पोखर के बेरवारी स्थित जेके पॉली पानी टंकी फैक्ट्री में गुरुवार की सुबह भीषण आग लग गई, जेके पॉली में प्लास्टिक के पानी टंकी बनाए जाते हैं। इस अगलगी में कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। अगलगी की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना प्रभारी ब्रजेश फायर ब्रिगेड की टीम के साथ खुद मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने भीषण आग पर काबू पाया। मिली जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी, क्योंकि सुबह के समय फैक्ट्री में काफी कम लोग होते हैं। ऐसे में आग धीरे-धीरे फैलती गयी और देखते ही देखते इसने भीषण रूप ले लिया। जब तक स्थानीय लोग मौके पर पहुंचते आग की लपटें इतनी तेज हो गयी थी कि फैक्ट्री के पास तक पहुंचना भी काफी मुश्किल था। दमकल वाहनों के पहुंचने के बाद ही आग बुझाने का काम शुरू हो पाया। फैक्ट्री मालिक के अनुसार इस आग लगी में लाखों का नुकसान हुआ है फिलहाल हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.