भारतीय मजदूर संघ ने किया था दो दिवसीय धरने का आह्वानटीम एबीएन, धनबाद। झारखंड सरकार ने सिंदरी में हिंदुस्तान उर्वरक एंड रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) से 500 मीटर के दायरे में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। दरअसल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने उर्वरक संयंत्र के मुख्य द्वार पर सोमवार से दो दिवसीय धरने का आह्वान किया है। बीएमएस स्थानीय युवाओं के लिए नौकरियों में 75 फीसदी आरक्षण की मांग कर रहा है। हालांकि, बीएमए आंदोलनकारी संयत्र के पास नहीं दिखाई दिये हैं। धनबाद के उप-संभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) प्रेम कुमार तिवारी ने अधिसूचना में कहा कि शांति, कानून-व्यवस्था और आवश्यक सेवाओं के कामकाज को बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई है, जिसमें चार से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगायी गयी है। एसडीएम ने कहा, एचयूआरएल सिंदरी परियोजना के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के आवेदन पर कार्रवाई शुरू की गई है, जो आशंकित थे कि प्रस्तावित दो दिवसीय आंदोलन से उत्पादन प्रभावित हो सकता है।एफसीआई सिंदरी के स्थान पर आई एचयूआरएल सिंदरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। प्रधानमंत्री ने 25 मई, 2018 को बरौनी (बिहार) और गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) संयंत्रों के साथ ही इसकी भी आधारशिला रखी थी। सिंदरी संयंत्र प्रति दिन 3,850 टन यूरिया और 2,250 मीट्रिक टन अमोनिया का उत्पादन करता है। हालांकि, संयंत्र ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है, लेकिन इसका औपचारिक उद्घाटन अभी तक नहीं हुआ है।इसी मुद्दे पर 15 नवंबर, 2022 को संयंत्र के मुख्य द्वार पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित यूनियन ने प्रदर्शन किया था, जिससे एक सप्ताह तक संयंत्र का संचालन रुक गया और उत्पादन बंद हो गया था। रविवार को बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो ने भी स्थानीय युवाओं को नौकरी देने के मुद्दे पर एक संयंत्र स्थल पर प्रदर्शन भी किया था। एचयूआरएल सिंदरी प्लांट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपेन रे ने मीडियाकर्मियों को बताया कि संयंत्र ने अब तक 80 फीसदी नौकरियां स्थानीय युवाओं को दी हैं। उन्होंने कहा, अगर किसी संगठन या व्यक्ति को स्थानीय युवाओं के रोजगार के बारे में कोई संदेह है, तो वे उचित माध्यम से जांच कर सकते हैं।
ग्रेड पे घटाने के विरोध में निकला मशाल जुलूस; 9 मई से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़तालटीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार के कृषि विभाग द्वारा जनसेवकों का ग्रेड पे 2400 से घटाकर 2000 करने के विरोध में आज रांची जिला के सभी जनसेवकों ने जनसेवक संघ रांची के अध्यक्ष महिमा इरूस लकड़ा की अगुवाई में जयपाल सिंह स्टेडियम रांची से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला। अध्यक्ष महिमा इरूस लकड़ा ने कहा कि झारखंड राज्य जनसेवक संघ के आह्वान पर क्रमिक आंदोलन के क्रम में आज मशाल जुलूस निकाला गया।
टीम एबीएन, गारू (लातेहार)। गारू के पंडरा गांव से तीन महीने पूर्व अगवा किये गये ग्रामीण गंगा उरांव (45) का शव परिजनों ने गोपखाड़ के जंगल से मिला। इससे मृतक के परिजनों समेत गांव के लोग मर्माहत हैं। इस संबंध में मृतक के परिजन अभय टोप्पो समेत अन्य ने एबीएन न्यूज 24 को बताया कि मृतक गंगा उरांव को 18 मार्च की रात चार पांच सशस्त्र बंदूकधारियों ने घर से अगवा कर लिया था। इसके बाद परिजन दहशत में थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसकी जानकारी परिजनों ने पुलिस प्रशासन को दी थी। बावजूद इसके प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। करीब तीन महीने बाद आज सोमवार को पंडरा एवं गोपखाड़ के बीच जंगल में पत्ती तोड़ने गये ग्रामीणों को मृतक की सूखी हड्डी और कपड़े दिखे। जिससे उसकी पहचान की गयी। परिजनों ने बताया कि इसकी जानकारी गारू थाना पुलिस को दी गयी। मगर पुलिस घटनास्थल नहीं पहुंची, इससे ग्रामीणो में रोष व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी एवं दो बच्चे हैं। परिजनों ने मृतक को अगवा कर मार डालने का आरोप उग्रवादी संगठन पर लगाया है। परिजन ने उपायुक्त भोर सिंह यादव से मृतक के आश्रित नौकरी एवं मुआवजा देने की मांग की है। इस संबंध में गारू थाना प्रभारी राजीव कुमार भगत ने बताया कि जानकारी मिली है। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।
एक मां को 20.61 लाख मिलेगी बेटे की कीमत! सड़क हादसे में बेटे देवानंद को खो दी थी खूंटी की उदमणिटीम एबीएन, रांची। सड़क हादसे में अपने बेटे देवानंद कुमार को खो चुकी खूंटी जिला निवासी उदमणि देवी को 20.61 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा। एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी मनीष की अदालत ने उसकी ओर से दाखिल दावा आवेदन पर सुनवाई के पश्चात उक्त आदेश दिया है।दावेदार को मुआवजा राशि का भुगतान 30 दिनों के अंदर 7.5 फीसदी ब्याज की दर के यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को करने को कहा गया है। मृतक पेशेवर डिजाइनर था। वह दैनिक अखबार खबर मन्त्र में कार्यरत था।वह अपने दोस्त के साथ नौ फरवरी 2018 को मोटरसाइकिल से खूंटी बाजार से घर लौट रहा था। उसी दौरान मुरहू थाना क्षेत्र में डंपर की चपेट में आने से मौत हो गयी थी। घटना के बाद मृतक की मां ने अदालत में दावा किया था।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कई शहरों में बारिश और हवा के कारण तापमान में गिरावट आई थी, लेकिन अब राज्य में एक बार फिर सूर्य की तपिश का अहसास तेज होने लगा है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार अभी गर्मी से कुछ दिन तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना दरअसल, पिछले 24 घंटे में रांची का तापमान बढ़ा है। बीते रविवार को राज्य में कड़ी धूप थी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों में राज्य के तापमान में 4 से 5 डिग्री तक बढ़त होगी। कई जिलों में 10 मई तक तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। तापमान कम होने की बजाय और बढ़ेगा। इन जिलों में इतने डिग्री पहुंचा तापमान राज्य के 3 जिलों में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है इनमें गढ़वा में 41 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान रिकॉर्ड किया गया फिर पलामू में 41 डिग्री सेंटीग्रेड और चतरा में 41 डिग्री सेंटीग्रेड के आंकड़े पर है जबकि कोडरमा 40 डिग्री सेंटीग्रेड, साहिबगंज में 40 डिग्री सेंटीग्रेड, गोड्डा में 40 डिग्री सेंटीग्रेड, पाकुड़ में 40 डिग्री सेंटीग्रेड और दुमका में 40 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान रिकॉर्ड किया गया है।इसके बाद आते हैं देवघर 39 डिग्री सेंटीग्रेड पर जामताड़ा में तापमान 39 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया, धनबाद में 39 डिग्री सेंटीग्रेड और बोकारो में तापमान 39 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया है।
टीम एबीएन, धनबाद। जिले में एक बार फिर रफ्तार ने कहर बरपाया है। प्रधानखंता में हुए सड़क हादसे में एक की मौत हो गयी, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गये हैं। गाड़ी में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। सभी बारात से लौट रहे थे। घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने बताया कि रविवार की रात टुंडी थाना क्षेत्र के लोधरिया से टाटा मैजिक मालवाहक से बारात में शामिल होने के लिए सभी निकले थे। कालूबथान ओपी क्षेत्र के बरमुड़ी में रात में बारात में सभी लोग शामिल हुए। सोमवार की सुबह सभी फिर से मालवाहक में सवार हो कर वापस टुंडी लोधरिया के लिए रवाना हो गए। वापसी के क्रम में गोविंदपुर-बलियापुर सड़क मार्ग के प्रधानखंता में एक हाइवा से मालवाहक की सीधी टक्कर हो गई। जिसमें मालवाहक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मालवाहक में सवार 30 से 35 लोगों में से करीब 10 से 11 लोग घायल हो गए। सभी को आनन फानन में एसएनएमएमसीएच लाया गया। जहां एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृत युवक का नाम फूलचंद है। जबकि वीरेंद्र महली, संजीत महली, सत्यनारायण महली, गणेश महली, प्रदीप महली, विकास महली समेत 10 लोग घायल हैं। जिनमें से विकास महली और वीरेंद्र महली की हालत नाजुक बनी हुई है। बता दें कि पुलिस यातायात नियमों को पालन कराने को लेकर लगातार जागरुकता अभियान चला रही है। इसके बावजूद जिले में सड़क हादसों में कमी नहीं हो पा रही है। आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। जिसमें लोग अपनी जान गंवा दे रहे हैं।
टीम एबीएन, रांची। आइरिश हॉस्पिटल के तत्वावधान में एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में पांच दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ हुआ। मौके पर आइरिश हॉस्पिटल के सुप्रसिद्ध डॉक्टर सुबोध कुमार सिंह, डॉक्टर रीना सिंह, डॉक्टर गौतम लोकदर्शी, डॉक्टर गोपालजी सिंह तथा डॉक्टर दीपिका सिंह ने कक्षा तृतीय से कक्षा द्वादश तक के विद्यार्थियों के स्वास्थ्य जांच का बीड़ा उठाया। इस क्रम में आज कक्षा नवम से द्वादश तक के विद्यार्थियों की आंखों की जांच करके उपयुक्त सलाह दी गयी। इसी प्रकार बारी-बारी से अन्य कक्षा के विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की भी जांच की जायेगी। आइरिश हॉस्पिटल की ओर से न केवल स्वास्थ्य जांच की जिम्मेदारी ली गयी, बल्कि विद्यार्थियों के लिए हेल्थ कार्ड बनाने तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क चश्मा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी दिखायी गयी। दिनांक 12.5.23 को प्रात: आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक विद्यार्थियों के अभिभावकों के स्वास्थ्य की भी निशुल्क जांच की जायेगी। विद्यालय के प्राचार्य संजीत कुमार मिश्र ने विद्यालय प्रांगण में उपस्थित चिकित्सकों एवं उनकी संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश के भावी कर्णधार हैं। अत: उनके स्वास्थ्य पर ध्यान देना सबसे पुनीत कार्य है।विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच करके चिकित्सक सही मायने में देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जतायी कि भविष्य में भी इस तरह के शिविरों का आयोजन होता रहेगा और चिकित्सक उन्हें सफल तथा सार्थक बनाने में अपना पूरा सहयोग देंगे।
60-40 नियोजन नीति के विरुद्ध 10 मई से 11 जून 31 दिनों तक तीन चरणों में चलने वाली महा जन आंदोलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने को लेकर कोल्हान प्रमंडल के हो समाज, मुंडा समाज, संथाल समाज, कुड़मी समाज के अलावा अन्य समाज के लोग आगे आये टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक- 08/05/2023, दिन-सोमवार को चक्रधरपुर स्थित वन विश्रामागार में बैठक किया गया जिसमें झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन के सदस्य, कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिला के विभिन्न छात्र संगठनों के नेतृत्वकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठन यथा हो समाज, संथाल समाज, मुंडा समाज, कुड़मी समाज के लोग एवं अन्य समाज के लोग शामिल हुए।मौके पर झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन के देवेन्द्र नाथ महतो ने बताया कि तीन चरणों में होने वाली आंदोलन को ऐतिहासिक सफल बनाने के लिए देशाउली, जाहिरा, सरना स्थल, मांझी थान में बैठक कर सखूवा पत्ता लेकर चौक, चौराहा, हाट बाजार में नगाड़ा बजाकर लोगों को एकजुट करना होगा।इस आंदोलन को ऐतिहासिक सफल बनाने के लिए प्राचीन पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के तहत आंदोलन करना होगा। उक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चक्रधरपुर के छात्र नेता बसंत महतो और वासिल हेंब्रम ने बताया कि 60-40 नियोजन नीति के विरोध में अब चरणबद्ध तरीके से आर-पार की लड़ाई लड़ी जायेगी। इनमें प्रमुख हैं :- पहले चरण में 10 मई से 25 मई तक सभी 81 विधायक और 14 सांसद से समर्थन पत्र लिया जायेगा। दूसरे चरण में 26 मई से 6 जून तक सभी प्रखंडों में बैठक कर मांझी थान/ जाहिरा/ सरना स्थल से नगाड़ा व सखूवा पत्ता लेकर हाट व बाजार में घुमाया जायेगा। तीसरे चरण में 10 व 11 जून को पूरे 48 घंटा झारखंड में आर्थिक नाकेबंदी की जायेगी। इस बैठक में छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो, बसंत महतो, वासिल हेंब्रम, किशोर कुमार, कुश माझी, रवि, हिमांशु, बालकिशोर, समीर, प्रताप, ओमप्रकाश, संजय, धरमवीर, राजेंद्र आदि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, लोहरदगा। सेन्हा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में पत्नी ने अपने पति को टांगी से प्रहार कर मार डाला है। घटना रविवार देर रात की बतायी जा रही है। सूचना पर सेन्हा थाना पुलिस सोमवार को बूटी छोटका टोली पहुंच अग्रतर कारवाई में जुट गयी है। लोहरदगा जिला अंतर्गत सेन्हा थाना क्षेत्र के बूटी पंचायत के बुटी छोटका टोली में स्व सुकरू उरांव के पुत्र दिलेश्वर उरांव (55) की हत्या रविवार देर शाम पत्नी एतमनी देवी ने टांगी से प्रहार कर दिया। स्थानीय मुखिया पार्वती कुमारी ने घटना की सूचना सोमवार सुबह सेन्हा थाना पुलिस को दिया।पुलिस सूचना पाकर छोटका बूटी पहुंच कर मामले की अनुसंधान में जुट गयी है। पत्नी एतमनी देवी ने कहा कि तीन साल से मैं अपने बेटी दामाद के घर घाघरा में रहते थे, एक महीना पहले मैं अपने पति के घर आकर रहने लगी तो पति से बराबर झगड़ा होता था। रविवार को भी झगड़ा होने लगा, तो घर से टांगी निकाल कर उसके सिर पर टांगी से तीन बार वार तीन बार कर दिया। जिससे मेरे पति की मौत हो गयी। सेन्हा थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने कहा कि पत्नी एतमनी देवी ने हत्या को स्वीकार किया है।फिलहाल एतमनी देवी को गिरफ्तार किया गया है। प्रथम दृष्टया में घटना आपसी विवाद में हुआ है, जिसे पत्नी ने किया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल लोहरदगा भेज गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.