टीम एबीएन, रांची। डीएवी गांधीनगर में 18 मई से 27 मई 2023 तक विभिन्न खेलों का ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर लगाया जा रहा है। इसमें विद्यालय के कोई भी छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। इस शिविर में मेजर खेल के अलावा रिक्रिएशन खेल भी खेलावाया जायेगा। जिसमें कबड्डी खो-खो, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो एवं कैरम खेल के स्किल और टेक्निक बताये जायेंगे, जो बच्चों के शारीरिक और मानसिक मजबूती में विकासात्मक प्रवृत्ति को प्रगाढ़ तथा प्रशस्त करेगी। कोविड के बाद इस तरह का खेल प्रशिक्षण शिविर पहली बार डीएवी गांधीनगर में लगाया जा रहा है। यह शिविर 18 से 27 मई 2023 तक प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक लगाया जायेगा। विशेष जानकारी के लिए खेल प्रशिक्षक गोविंद झा (98353 42305), कौशल कुमार तथा स्वाति शिप्रा से संपर्क कर सकते हैं।
टीम एबीएन, पलामू। नावा बाजार-औरंगाबाद-मेदिनीनगर मुख्य पथ एनएच 98 पर गुरुवार को सुबह औरंगाबाद की ओर से मेदिनीनगर जाने के क्रम में सर्विस बस बाबा भोलेनाथ के द्वारा दो अलग-अलग बाइक सवार युवक को जोरदार धक्का मारने से घटनास्थल पर ही दोनों बाइक सवार की मौत हो गयी है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने औरंगाबाद मेदिनीनगर मुख्य पथ को जाम कर दिया है।
अपहरणकर्ताओं के हाथ में दांत से काटकर उनके चंगुल से भागीटीम एबीएन, कोडरमा। जिले के जयनगर आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय मंधवाटांड के पास से बाइक सवारों दो बदमाशों ने पांचवीं की छात्रा का अपहरण कर लिया। बच्ची ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश के हाथ को दांत से काट दिया और उनके चंगुल से बचकर भाग निकली। स्कूल प्रशासन ने जयनगर थाने में लिखित शिकायत दी है।बताया गया कि गोहाल निवासी चंदन पासवान की 10 वर्षीय पुत्री परिधि पासवान आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय मधवाटांड में पांचवीं में पढ़ती है। वह बुधवार को बस से स्कूल पहुंची थी। इसके स्कूल के ठीक सामने स्टेशनरी की दुकान पर वह कॉपी खरीदने लगी। इसी बीच बाइक सवार दो युवक आए और उसके पिता के दोस्त के रूप में अपना परिचय दिया। पिता के बुलाने की बात कह दोनों उसे बाइक से लेकर पिपचो ले गये, लेकिन वहां पिता को न देख परिधि ने शोर मचाने की कोशिश की। इस पर बाइक पर पीछे बैठे शख्स ने उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद भी परिधि ने हिम्मत नहीं हारी और उस व्यक्ति के हाथ में काट लिया और उनके चंगुल से निकलकर भाग निकली। भागकर वह घर पहुंची और घर वालों को पूरी बात बतायी। घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है।
कांग्रेस नेता ने बाबा बागेश्वर को दिया खुला चैलेंजटीम एबीएन, रांची। बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री को लेकर बिहार के बाद अब झारखंड में भी सियासत गरमा गयी है। जामताड़ा के विधायक डॉ इरफान अंसारी ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को चुनौती देते हुए कहा है कि बिहार में कार्यक्रम कर लिए, झारखंड में आयोजन करके दिखायें जरा... आदिवासी और दलित लोग खड़ा हो जाएगा, ये बर्दाश्त नहीं करेगा।इरफान ने कहा कि अगर बाबा सही हैं तो वह सभी धर्म का सम्मान करें। अपने मंच से अल्लाह-हू-अकबर का भी नारा लगायें। डॉ इरफान अंसारी ने कहा है कि मैं हर जगह बजरंग बली का नारा लगाता हूं। बाबा एक खास पार्टी के प्रचार के लिए बिहार आये हैं, यह अच्छी बात नहीं है। इरफान ने कहा कि मैं कई जगह मंदिर बनवा देता हूं। मैं किसी एक धर्म का नहीं हूं सभी के लिए सम्मान और एक जैसा व्यवहार रखता हूं। भारत में बाबा साहेब आंबेडकर का संविधान चलता है। अगर बागेश्वर बाबा ओरिजिनल में बाबा हैं तो आपसी भाईचारे की बात बोलें। सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए। भारत में हजारों धर्म है, हजारों भाषाएं हैं। डॉ इरफान ने कहा कि मुसलमान होकर हम बजरंग बली का नारा लगा सकते हैं तो धीरेंद्र शास्त्री मंच से अल्लाह हू अकबर और या अली का नारा क्यों नहीं लगा सकते हैं? डॉ इरफान ने कहा कि अगर बाबा झारखंड आते हैं तो यहां आपसी सद्भावना का बात बोलें। उन्होंने कहा, एक बाबा (सीएम योगी) उत्तर प्रदेश में है, अब ये नया बाबा कहां से आ गया। जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव पास आयेगा, नये-नये बाबा आयेंगे। वो किसी पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं।
आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका को मानदेय बढ़ाने एवं अन्य कठिनाइयों को दूर करने के लिए सरकार कटिबद्ध मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों में ईसीसीई पाठ्यक्रम के अनुसार डिजिटल लर्निंग के माध्यम से अनौपचारिक शिक्षा का उद्घाटन डीएमएफटी के तहत 62.55 करोड़ से अधिक की लागत से 173 विभिन्न योजनाओं का हुआ उद्घाटन एवं शिलान्यास आंगनबाड़ी सेविकाओं के बीच टैब, स्कूल किट का वितरण सखी वन स्टॉप सेंटर के सेवा प्रदाताओं को मिला नियुक्ति पत्र टीम एबीएन, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू दौरे पर पहुंची राज्य की महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की मंत्री जोबा माझी ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को बच्चों को तैयार करने की जिम्मेदारी दी गयी है। अपनी जिम्मेदारी का सही से निर्वहन करें। बच्चों के जीवन संवारने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचायें। बच्चों को कुपोषण से बचाव किया जा सके। इसके लिए स्थानीय लोगों को जागरूक करें। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, सर्वजन पेंशन योजना सहित राज्य की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को अच्छादित करने के कार्य में तत्परता दिखाएं। मानदेय देने एवं अन्य कठिनाइयों को दूर करने के लिए सरकार कटिबद्ध है। मंत्री आज स्थानीय टाउन हॉल में पलामू जिले के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों में एउउए (अरली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) पाठ्यक्रम के अनुसार डिजिटल लर्निंग के माध्यम से अनौपचारिक शिक्षा का उद्घाटन एवं प्रशिक्षण समारोह के शुभारंभ के मौके पर बोल रहीं थीं।समारोह के दौरान डीएमएफटी के तहत 62 करोड़ 55 लाख 58 हजार 638 रुपए की लागत से 173 विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी सेविकाओं के बीच टैब, स्कूल किट का वितरण किया। इसके अलावा पलामू जिले में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर के सेवा प्रदाताओं को नियुक्ति पत्र का वितरण किया।मंत्री ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा पर सरकार की विशेष जोर है। साथ ही निर्धारित आयु सीमा के पूर्व उनकी शादी नहीं हो, इसके लिए भी कई प्रयास किये जा रहे हैं। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत प्रोत्साहन राशि देकर बालिकाओं को उच्च शिक्षा प्रदान किया जा रहा है।मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने पलामू उपायुक्त द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों को विशेष रूप से सुविधा दिये जाने के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के सोच से यहां के बच्चे बेहतर करेंगे। पलामू के इस मॉडल को राज्य के अन्य जिलों में भी बढ़ाया जायेगा।पलामू उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने कहा कि अधिकांशत: आर्थिक रूप से कमजोर अभिभावकों के बच्चे आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययन के लिए आते हैं। उनके लिए सरकार की ओर से टीएचआर की व्यवस्था की गई है, ताकि पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सके। उनकी पढ़ाई के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। पाठ्यसामग्री दी जा रही है। साथ ही आंगनवाड़ी सेविका को टैब उपलब्ध कराया गया है, ताकि बच्चों की शिक्षा को रूचिकर बनाते हुए बेहतर शिक्षा दी जा सके। उन्होंने कहा कि पलामू जिले में डीएमएफटी के तहत योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन से जिलेवासियों को फायदा होगा।समारोह में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी ने सभी का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। मौके पर उक्त अतिथियों के अलावा उप विकास आयुक्त रवि आनंद, सहायक समाहर्ता श्रीकांत विसपुते, जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, प्रमुख सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने बाबा बागेश्वर के बहाने भाजपा पर साधा निशाना टीम एबीएन, रांची। बिहार के बाद झारखंड में भी बाबा बागेश्वर पर बयानबाजी जारी है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बाबा के मंच पर भाजपा नेताओं की मौजूदगी पर पलटवार किया। बन्ना गुप्ता ने कहा कि भाजपा के लोगों का व्यक्तिगत प्रभाव कम हो रहा है। इसलिए बाबा की मदद से भाजपा नैय्या पार करना चाहती है। ऐसा करने में भाजपा नेताओं को महारत हासिल है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने आगे कहा कि बाबा प्रवचन कर रहे हैं और हिंदू धर्म में जो चीजें हैं इसके अनुरूप कर रहे हैं। लोगों को अच्छी बात जाननी चाहिए। हमारे धर्म में बहुत अच्छी अच्छी बातें हैं। हमारा देश धर्म निरपेक्ष देश है। किसी धर्म में किसी को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। बाबा हों, मौलवी हों अच्छी बातें आनी चाहिए। इसे वाद विवाद में लाना नहीं चाहिए। राजद ने बताया भाजपा का एजेंटवहीं, धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम को लेकर सियासत रूकने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर से कार्यक्रम को लेकर राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम को उन्होंने भाजपा का इवेंट बताया और बागेश्वर बाबा पर निशाना साधते हुए उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को भाजपा का एजेंट बताया। शक्ति सिंह यादव ने कहा कि यह किसी की दी हुई सुपारी पर काम कर रहे हैं। भारत में राम रहीम और आसाराम बापू का पद खाली हुआ था। बहुत जल्द वह उसको भरेंगे। आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री में बाबा का कोई गुण नहीं है। उनके कार्यक्रम में जो लोग एक बार शामिल हुए वह दोबारा कभी नहीं जायेंगे। सनातन धर्म का अपमान करने वाले बाबा अपने चार चमचे के द्वारा चुनिंदा लोगों की पर्ची निकालते हैं। हाई सिक्योरिटी जोन में असमाजिक तत्वों की करतूत बिहार में पंडित धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम का अंतिम दिन है। बता दें कि पिछले 5 दिनों से बाबा बागेश्वर नौबतपुर के तरेत पाली में प्रवचन कर रहे हैं। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच असामाजिक तत्वों के निशाने पर भी बाबा बागेश्वर हैं। राजधानी पटना के जितने भी चौक चौक चौराहे जहां पर बाबा के पोस्टर लगाये गये हैं। असामाजिक तत्वों ने देर रात बाबा के पोस्टर पर कालिख पोतने का काम किया है। हैरानी की बात यह है कि उन चौक चौराहों पर यह हिमाकत की गई है जो अति व्यस्त हैं। सीसीटीवी की निगरानी से लेकर पुलिस की पेट्रोलिंग लगातार रहती है। इसके बावजूद पुलिस अब तक पोस्टर पर कालिख पोतने वाले को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
उत्पाद विभाग रांची और लोहरदगा की संयुक्त टीम ने कुडू में कई छापेमारीबड़ी सफलता, 90 पेटी नकली शराब, पैकिंग करने का बोतल, ढक्कन, रैपर, स्टीकर बरामद, शराब कारोबारी गिरफ्तारटीम एबीएन, लोहरदगा। उत्पाद विभाग रांची और लोहरदगा की टीम ने 16 मई मंगलवार को कुडू के रिहायशी इलाके बरहनिया मुहल्ला में संयुक्त रूप से छापेमारी कर नकली शराब की बड़ी खेप के साथ रिफिलिंग के लिए रखी गयी खाली बोतल, ढक्कन, रैपर, स्टीकर सहित अन्य सामान ज़ब्त किया है।उत्पाद विभाग रांची टीम के इंस्पेक्टर प्रेम प्रकाश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि कुडू में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बड़ी खेप पहुंचने की गुप्त सुचना मिली थी। जिसके बाद उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर रांची और लोहरदग़ा की एक संयुक्त टीम गठित की गई जिसमें प्रदीप करमाली, राजकुमार महतो, अमित गुप्ता, ललित सोरेन, आशीष पांडेय सहित रांची और लोहरदगा उत्पाद विभाग के भारी संख्या में पुलिस बल शामिल थे। टीम ने मंगलवार की शाम कुडू के बाज़ार टांड में छापेमारी की गयी । जहां कुडू बरहनिया निवासी नकली शराब कारोबारी अमर गुप्ता, पिता कृष्णा साव के बाउंड्री नुमा घर से लगभग 90 पेटी नकली शराब बरामद किया। जिसमे 68 पेटी ब्लैक हॉर्स विस्की, आरएस 180 एमएल का 59, इम्पेरियल ब्लू 72, मैकडोवेल 22 पीस के अलावा आरएस की खाली बोतल 13, आईबी की 36, तीन बोरा ढक्कन, बोतल में लगाने का स्टिकर सहित अन्य सामान बरामद किए गए है। इसके सरगना अमर गुप्ता को बरहनिया स्थित घर से गिरफ्तार किया गया है। इंस्पेक्टर प्रेम प्रकाश ने बताया कि इसमे और लोग भी शामिल है, पूरा गिरोह विभाग के रडार पर हैं। जल्द ही सभी गिरफ्तार किए जाएंगे। उंन्होने बताया कि ब्लैक हॉर्स सस्ती शराब है जिसे ये गिरोह लोकल बाजार में चलने वाले ब्रांड की बोतलों में भरकर महंगे दामो में बेचा करता है।बिहार में शराबबंदी के बाद से कुडू बन गया है शराब का हबज्ञात हो कि 24 जून वर्ष 2020 को भी बरहनिया में शंकर लोहरा के घर से कुडू पुलिस ने 1100 बोतल शराब, ओसी, आरएस, आईबी, किंग गोल्ड की छोटी बड़ी 3 हज़ार, ढक्कन 400, कंपनी का स्टीकर 200 पत्ता और सील 150 बरामद की थी। उसमें भी यही अमर गुप्ता जेल गया था। बताते चलें कि बिहार में शराबबंदी के बाद से कुडू के रास्ते झारखंड सीमा से लगे बिहार के क्षेत्र में अवैध शराब की खेप पहुंचाने का कारोबार लगातार फल फूल रहा है। कुडू प्रखंड पिछले कुछ वर्षों से अवैध शराब के कारोबार की खबरों में लगातार बना रहा है। या ये कहें कि कुडू प्रखंड में शराब का अवैध धंधा इन दिनों खूब चल रहा है। शराब माफियाओं के लिए कुडू सेफ ज़ोन बनकर रह गया है। यह भी दिलचस्प है कि स्थानीय पुलिस, और आबकारी विभाग अपने स्तर पर इनपर हमेशा नकेल कसने का काम करते रहे है, लेकिन इसके बावजूद कारोबारों में दिन प्रतिदिन इज़ाफे और कारोबार व असर बढ़ने की खबरें भी आती रहती हैं। रिहायशी इलाके में बार बार इतनी मात्रा में अवैध शराब और पैकिंग के सामान के पकडे जाने से साबित होता है कि कुडू में शराब के अवैध कारोबार ने कितनी जड़े जमा ली हैं। और आने वाले दिनों में अवैध शराब की एक बड़ी मण्डी बनने की तरफ अग्रसर है। अगर इसपर जल्द नकेल नही लगी तो बहूत जल्दी अवैध शराब के कारोबार में कुडू शिखर पर होगा।
टीम एबीएन, मेदिनीनगर। सदर थाना क्षेत्र स्थित सुआ में रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह पुलिस जवान का शव बरामद हुआ है। ग्रामीणों ने शव को देखा और तुंरत पुलिस को इसकी जानकारी दी।सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच अस्पताल भेज दिया। शव की पहचान सदर थाना क्षेत्र निवासी और पुलिस जवान महेंद्र राम के रूप में हुई है।बताया जाता है कि महेंद्र राम धनबाद में पोस्टेड था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। पुलिस के अनुसार रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन से कटने से उसकी मौत हुई है।
टीम एबीएन, रांची। रांची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय कुमार विद्रोही ने मंगलवार को रांची व्यवहार न्यायालय के न्यायायुक्त को पत्र लिखा है। पत्र के जरिए एसोसिएशन के महासचिव ने लिखा है कि ई- कोर्ट सर्विस के मुकदमों का केस स्टेटस आदेश और डेट अपडेट नहीं होने से अधिवक्ताओं और मुवक्किलों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महासचिव ने न्यायायुक्त से आग्रह करते हुए कहा है कि इस कठिनाई को दूर करने के लिए और इस संबंध में जो भी तकनीकी अड़चन आती रहती है उस अडचन का स्थायी निराकरण करने का कष्ट करें। कहा है कि जब तक ये समस्या दूर नहीं हो जाए तब तक मुकदमों में किसी प्रकार के ऑर्डर पास नहीं किया जाए तथा केश स्टेटस एवं आदेश अपडेट नहीं होने के कारण न्यायालयों द्वारा मुकदमों में पारित आदेश को रिकॉल करने का आदेश पारित करने का निर्देश प्रदान करें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.