टीम एबीएन, रांची। मंगलवार को झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने इंटरमीडिएट आर्ट्स और कॉमर्स का रिजल्ट जारी कर दिया। आर्ट्स में 95.97 प्रतिशत बच्चों ने सफलता पाई है, वहीं कॉमर्स में 88.60 बच्चे पास हुए हैं। आर्ट्स विषय से धनबाद की कशिश परवीन 469 अंक लाकर टॉप किया है। वहीं लोहरदगा से दीक्षा कुमारी सेकंड टॉपर हुई हैं। आर्ट्स में रांची के सुधांसु कुमार ने तीसरा रैंक पाया है। इसी तरह कॉमर्स में सृष्टि कुमारी ने 480 अंक लाकर टॉप किया है। मोहिश परवीन 479 अंक सेकंड और 475 अंक के साथ रिया कुमारी थर्ड टॉपर बनी हैं। जैक के ज्वाइंट सेक्रेटरी इंटर कॉमर्स और आर्ट्स के परीक्षाफल घोषित किया। इस साल आर्ट्स से कुल 2 लाख 30 हजार 788 बच्चों ने आवेदन दिया था। जिसमें 2 लाख 25 हजार 946 बच्चे ने परीक्षा में शामिल हुए। इसमें कुल 2 लाख 16 हजार 856 छात्रों ने सफलता पाई। इसमें प्रथम श्रेणी से 97 हजार 051 छात्र पास हुए, 1 लाख 13 हजार 018 छात्र सेकंड और 6 हाजर 782 छात्र थर्ड डिवीजन से पास हुए। प्रथम श्रेणी का पास प्रतिशत 44.75, सेकंड डिविजन में 52.12 और तृतीय श्रेणी में 3.13 फीसदी बच्चे पास हुए। जैक से संयुक्त सचिव ने कहा कि आर्ट्स और कॉमर्स के मुकाबले इंटरमीडिएट साइंस का रिजल्ट थोड़ा डाउन हुआ है। इसको लेकर काउंसिल के मेंबर ये निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 3600 परीक्षा केंद्र में एग्जाम लिए गए, इस दौरान कदाचार नहीं होने दिया गया। 24 अप्रैल को मूल्यांकन करना शुरू हुआ और 24 मई और 30 मई को रिजल्ट जारी कर दिया गया। इंटर आर्ट्स 24 अप्रैल को इवेल्यूएशन सेंटर 632 बनाया गया था। इंटर कॉमर्स की परीक्षा के लिए 345 सेंटर्स बनाए गए थे। जिसमें स्टूडेंट्स एनरोड की संख्या 28 हजार 813 थी। जिसमें 28 हजार 382 बच्चों ने परीक्षा दी। इसमें 25 हजार 147 बच्चे कॉमर्स की परीक्षा में सफल हुए। कॉमर्स स्ट्रीम में पास प्रतिशत 88.60 है। इसमें प्रथम श्रेणी में 19 हजार 891 बच्चे सफल हुए, जिनका पास प्रतिशत 79.10 है। इसी तरह सेकंड डिविजन से 5 हजार 162 बच्चे पास हुए, जिसका प्रतिशत 20.53 रहा। वहीं तृतीय श्रेणी में 94। बच्चे पास हुए, जिनका प्रतिशत 0.37 रहा।
गढ़वा में दिल्ली जैसे हत्याकांड से फैली सनसनी एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। दिल्ली शाहबाद में हुए 16 साल की लड़की के हत्या मामले के बाद अब गढ़वा के मामले ने लोगों को झंझोर के रख दिया है। गढ़वा में 30 साल की महिला की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। वारदात के दौरान महिला के शरीर पर 50 बार चाकू से वार किया गया है, जिसके निशान उसके शव पर हैं। मिली जानकारी के अनुसार गढ़वा जिला के रमना थाना क्षेत्र के टंडवा गांव में बदबनी चौकीदारी महुआ पेड़ के समीप 30 वर्षीय महिला का चाकू से गोदकर निर्मम हत्या की गर्यी है। घर से 2 किलोमीटर दूर मिला शव मृतका की पहचान टंडवा निवासी जैनुल अंसारी की पत्नी शहिदा बीबी के रूप में की गई है। बताया जा रहा कि मंगलवार को बहियार खुर्द पंचायत और टंडवा के सियान पर बदबनी महुआ पेड़ के पास कुछ लोगों ने एक शव को देखा। जिसके बाद इन लोगों ने पुलिस को शव की जानकारी दी। जिन लोगों ने शव को सुनसान इलाके में देखा वो लोग गायों को चराने के लिए वहां गए थे। शव मिलने की जानकारी देखते ही देखते पूरे गांव में आग की तरह फैल गयी। जिसके बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और मृतका की पहचान भी हो गयी। जिस जगह पर शव मिला है वह जगह महिला के घर से 2 किलोमीटर दूर है। 50 बार चाकू से वार के निशान ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के शरीर के पूरे हिस्से में चाकू से लगभग 50 से ज्यादा वार किए गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के पति जैनुल अंसारी अभी बंगलौर में चालक का कार्य कर रहा है, जिसकी सूचना दे दी गई है। जैनुल अंसारी और शहिदा बीबी की शादी 10 साल पहले हुई थी। घटना के सूचना पाकर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार केशरी के साथ स्थानीय पुलिस अवर निरक्षक विवेक पंडित ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस वारदात वाली जगह की गहनता से जांच कर रही है।मामले की जांच में जुटी पुलिसवहीं, इस हत्याकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल है। मृतका के परिजनों ने दोषियों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी प्रमोद केशरी ने बताया की मामले को लेकर छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही अपराधी गिरफ्त में होंगे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आईपीएल में महेन्द्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स की जीत पर खुशी जतायी है। साथ ही कप्तान एमएस धोनी को जोश भरे अंदाज में बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर चेन्नई सुपर किंग्स की जीत पर कप्तान एमएस धोनी को सराहते हुए लिखा है कि झारखंड का लाल, तमिलनाडु के आंखों का सितारा, रांची का राजकुमार, चेन्नई का थाला, जुग-जुग जियो झारखंडी शेर। आपकी कामयाबी पूरे देश की जीत है। यह देश की अनेकता में एकता का प्रमाण है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम विधायक प्रदीप यादव और उनके सहयोगियों के कुल 12 ठिकाने पर मंगलवार को छापेमारी कर रही है। इस दौरान ईडी की टीम दुमका के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के दो बड़े संवेदक अजय कुमार झा उर्फ मिकी और विनोद लाल के घर पर भी छापेमारी कर रही है। जांच एजेंसी अजय कुमार झा और विनोद लाल के घर पर कागजातों को खंगाल रही है। यह पहला मौका है, जब ईडी के अधिकारी ने दुमका में छापेमारी की है। संवेदक विनोद कुमार लाल नगर परिषद दुमका के निवर्तमान उपाध्यक्ष और संवेदक अजय कुमार झा की पत्नी श्वेता झा अध्यक्ष रही हैं। दोनों का कार्यकाल हाल ही में पूरा हुआ है।
डॉ रामेश्वर उरांव ने भगवान जगन्नाथ मंदिर में की पूजा-अर्चनाटीम एबीएन, रांची। झारखंड के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने बीते राजधानी रांची धुर्वा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और आगामी रथ मेला की तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव डॉ राजेश गुप्ता छोटू, अभिषेक साहू, संजीत यादव, कुमुद रंजन, नवीन सिंह, परमेश्वर राम उपस्थित थे। मंत्री डॉ उरांव ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के कारण 2- 3 वर्षों तक रथ मेले का भव्य आयोजन नहीं हो सका, लेकिन इस बार रथ मेला की पुरानी परंपरा और भव्यता के साथ आयोजन हो, इसे लेकर सरकार की ओर से सभी आवश्यक सहयोग किया जाएगा। डॉ उरांव ने कहा रथ यात्रा का धार्मिक महत्व के साथ साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व भी है। 20 जून को रथ यात्रा में लाखों श्रद्धालु आते हैं सबको मेरी ओर से एवं सरकार की ओर से शुभकामनाएं। मौके पर मंत्री डॉ0 उरांव ने रथ मेला की तैयारियों को लेकर हो रहे कार्यों का भी जायजा लिया। मंत्री डॉ उरांव ने बताया कि वह पहली बार 1974 में जगन्नाथ रथयात्रा में शामिल हुए थे, इसके बाद लगातार कई अवसरों एवं परिचितों के शादी-विवाह कार्यक्रम में यहां आने का मौका मिलता रहा। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा से राज्यवासियों की खुशहाली की कामना की। साथ ही लोगों के बेहतर जीवन और आर्थिक सुदृढ़ता एवं गरीबी खत्म होने की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के बाद मंत्री डॉ उरांव ने रथयात्रा की तैयारी में लगे स्थानीय कारीगरों से भी मुलाकात की एवं रथ के साथ फोटो भी खिंचवाई और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया एवं निर्माण हो रहे रथ के कार्यों पर भी संतोष जाहिर किया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, साहिबगंज। जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के खास टोला गांव में बम विस्फोट में 5 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। बताया जा रहा है कि खास टोला गांव में खंडहरनुमा भवन में सोमवार को खेलने के दौरान बम को गेंद समझकर उठाने के दौरान यह घटना घटी है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया चारों ओर मची चीख-पुकार के बीच आनन-फानन में परिजनों ने 4 बच्चों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया है। सभी बच्चों का इलाज जारी था जबकि एक बच्चे का इलाज उधवा स्थित निजी क्लीनिक में किया जा रहा था।घटना के संदर्भ में ग्रामीणों ने बताया कि खास टोला निवासी जियाउल शेख का 7 वर्षीय पुत्र तारिक शेख स्व अहमद रजा का 8 वर्षीय पुत्री मोमिना खातून अजहरुद्दीन शेख का 7 वर्षीय पुत्र साकिब शेख एवं अब्दुल अजीज की 9 वर्षीय पुत्री सरबीन खातून अन्य आधा दर्जन बच्चों के साथ गांव में खेल रहे थे।खेलने के क्रम में बच्चे गांव में बाल विकास केंद्र की पुराने जर्जर भवन में चले गये बच्चों ने कचरे के ढेर में गेंद नुमा चीज देखी खतरे से अनजान एक बच्चे ने गेंद को उठा लिया और देखते ही देखते उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। जिसमें उक्त बच्चे झुलस है घटना में उक्त बच्चों सहित एक और बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।आशंका जतायी जा रही है कि अपराध कर्मियों ने किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से उक्त स्थल पर बम को छुपा कर रखा था। जिसे बच्चों ने गेंद समझकर खेलना शुरू कर दिया और जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें बच्चे जख्मी हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल थाना के अन्य एएसआई मनोज सिंह रामशरण तथा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। इस दौरान ग्रामीणों से बारीकी से पूछताछ की गयी। उक्त बंद पड़े भवन में किन लोगों का जाना आना था। पुलिस ने इसकी जानकारी खासतौर पर जुटाई है थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों से मुलाकात कर उनके परिजनों से हालचाल जाना।
टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री राव साहेब पाटिल दानवे दो दिवसीय चाईबासा दौरे पर 14 जून को पहुंचेंगे। यह जानकारी भाजपा के जिला अध्यक्ष सतीश पुरी ने दी। उन्होंने बताया कि आगामी 14 जून और 15 जून को राव साहेब दानवे जिले में पूर्व से पार्टी के निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रमों में लेंगे। इस दौरान कार्यकताओं को संगठन की संरचना एवं महा जनसंपर्क अभियान को रेल राज्य मंत्री मार्गदर्शित करेंगे। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए रणनीति बनाते हुए कार्यकर्ताओं को उत्साहित करेंगे।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। आये दिन अपराधी वारदात को अंजाम देकर चलते बनते हैं। छिनतई और फायरिंग की कई घटनाएं घट चुकी हैं। पुलिस को सफलता तो मिलती है, कई अपराधी पकड़े भी जाते हैं। लेकिन इन घटनाओं पर पूरी तरह से लगाम नहीं लग पाता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है रांची के हिंदपीढ़ी में। रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित लेक रोड में पारिवारिक विवाद को लेकर गोली चली है। हालांकि गोली किसी भी व्यक्ति को नहीं लगी है। बताया जाता है कि दो पक्षों में पारिवारिक विवाद चल रहा था, उसी में गोली चली है।इस मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदपीढ़ी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। हालांकि गोली चलाने वाला व्यक्ति फरार हो गया है। पीड़ित मोहम्मद इरफान ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवायी है कि परिवारिक विवाद को लेकर जान से मारने की नीयत से साहेब उर्फ ताल्हा हथियार लेकर उसके घर पहुंचा था। घर पहुंच कर दो से तीन राउंड फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। लोगों की भीड़ बढ़ते देख फायरिंग कर साहेब उर्फ ताल्हा फरार हो गया। पीड़ित मोहम्मद इरफान ने बताया कि इससे पूर्व भी इन दोनों परिवारों के बीच चाकूबाजी की घटना हुई थी। पुलिस भी इसे परिवारिक विवाद मान रही है। हालांकि फायरिंग की घटना सीसीटीवी में पूरी तरह से कैद हो गयी है। अब पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी/ रांची। पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप को एनआईए अपने साथ लेकर जिले के रनिया पहुंची है। दिनेश गोप की निशानदेही पर भारी संख्या में हथियारों का जखीरा बरामद होने के आसार लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि एनआईए की पूछताछ में उसने क्षेत्र में हथियार छुपाकर रखने की बात कबूली है। लेकिन कहां छुपाई है इस बारे में दिनेश ने कहा कि उसे मालूम नहीं है। दिनेश गोप ने कहा कि उसे जगह ध्यान में नहीं है। कहा कि उसने कहा हथियार डंप किए हैं, उसे वह जगह मालूम नहीं है।एनआईए के साथ भारी संख्या में पुलिस की टीम रनिया के सुदूर इलाके में अभियान चला रही है। एनआईए टीम के साथ रनिया पुलिस और सीआरपीएफ की टुकड़ियां भी शामिल है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) नक्सली संगठन पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप उर्फ अमरजीत सिंह से लगातार पूछताछ कर रही है। उससे संगठन के बारे में अहम जानकारियां जुटा रही है। फिलहाल दिनेश गोप एनआईए के समक्ष कई राज खोल चुका है। एनआईए को पूछताछ में पता चला है कि दिनेश गोप ने तुपूदाना क्षेत्र में संपत्ति खरीदी है। वहीं कुछ कारोबारियों के साथ मिलकर इंडस्ट्रियल एरिया में उद्योग में भी निवेश किया है। तुपूदाना के कुछ होटलों और अपार्टमेंट में भी पैसे लगाए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है। दिनेश गोप द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एनआईए ने जांच शुरू कर दी है। अगर उसकी संपत्ति की पुष्टि हो जाती तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। 40 साल के दिनेश गोप को एनआईए ने 21 मई को नेपाल से गिरफ्तार किया था और वह 30 मई तक एनआईए के रिमांड में है। दिनेश गोप खूंटी जिले के जरियागड़ थाना क्षेत्र के लापामोरहा टोली का रहने वाला है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.