टीम एबीएन, लोहरदगा। गुरुवार को लोहरदगा में संध्या पांच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन का वीर शिवाजी चौक की महिलाओं के द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इसके अलावा सुभाष चौक देवी मंदिर, बजरंग दल अमला टोली बड़ा तालाब के पास, थाना टोली, महावीर चौक आदि स्थानों में पुष्पवृष्टि कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया गया। पथ संचलन में सम्मिलित सभी महापुरुषों का पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। वीर शिवाजी चौक की महिलाओं ने एकता का संदेश देते हुए यह बता दिया कि नारी शक्ति जाग गयीहै। महिला समिति की अध्यक्षा किरण गुप्ता ने बताया की गुरुवार का दिन लोहरदगा के इतिहास में यादगार दिन होगा। क्योंकि विभिन्न प्रांत से आए हुए संघ के सदस्यों ने पद संचलन में भाग लिया है। हमारे लिए यह बहुत ही सौभाग्य की बात है, कि उन लोगों का स्वागत करने का मौका प्राप्त हुआ। महिलाएं- पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए तैयार हैं।पुष्पवृष्टि में वीर शिवाजी चौक की महिलाओं में किरण गुप्ता, छवि सिन्हा, माधुरी देवी, छवि सिंह, सुधा देवी, अन्जना गुप्ता, शांति देवी, सरिता साहू, शिखा गुप्ता, छाया गुप्ता, नीतू देवी, कुंती देवी, अंजू देवी, श्वेता मित्तल, मंजू देवी, शताब्दी महेंद्र , आशा सोनी, बालू मनी देवी, खुशबू केसरी, आशा देवी, पूनम देवी, अंजू देवी, रीता पांडे, उमा देवी, सुनीता देवी, रेखा सिंह राजश्री गुप्ता, आरोही गुप्ता, सोनू देवी जय श्री गुप्ता, प्रेमलता देवी व अन्य सम्मिलित हुई।
झारखंड एटीएस को बड़ी सफलता टीम एबीएन, रांची। झारखंड एटीएस ने ड्रग्स के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक करोड़ से ज्यादा मूल्य के ड्रग्स बरामद किए है। इस छापेमारी में एटीएस के द्वारा दो महिलाओं सहित तीन को गिरफ्तार भी किया गया है। नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।एटीएस को यह सूचना मिली थी कि रामगढ़ के बरकाकाना रेलवे स्टेशन पर ड्रग्स की एक बड़ी डील होने वाली। जानकारी पुख्ता होने के बाद एटीएस की टीम ने बरकाकाना जीआरपी के साथ मिलकर स्टेशन पर ड्रग तस्करों को पकड़ने की प्लानिंग की। एटीएस को यह पुख्ता जानकारी मिली थी कि ड्रग्स की तस्करी के लिए महिलाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। बरकाकाना में जो ड्रग्स की डील होने वाली है उसमें भी दो महिलाएं शामिल हैं जो अधेड़ उम्र की है। जिस तरह की जानकारी एटीएस को हासिल हुई थी उसी के संदेह में स्टेशन पर एक बैग लिए घूम रही दो महिलाओं को एटीएस ने पूछताछ के लिए रोका। जैसे एटीएस ने दोनों महिलाओं को रोका वहीं पास में खड़ा एक व्यक्ति फरार होने की कोशिश करने लगा। एटीएस और रेलवे पुलिस को यह समझ में आ गया कि यही वह ड्रग्स पैडलर है, जिनकी उन्हें तलाश थी। जीआरपी के महिला कांस्टेबल और एटीएस की टीम ने दोनों महिलाओं और वहां मौजूद एक पुरुष को धर दबोचा। गिरफ्तार दोनों महिलाओं के पास जो बैग था उसकी तलाशी एटीएस के द्वारा ली गई। बैग से एंफैटेमिन पाउडर (कोकीन का विकल्प) 750 ग्राम, ब्राउन शुगर - 45 ग्राम लगभग, हेरोइन मिक्स क्रिस्टल को स्थानीय रूप से कट कहा जाता है। लगभग 350 ग्राम ड्रग्स बरामद हुआ। बरामद हुए ड्रग्स की कीमत करीब एक करोड़ बताई जा रही है। इसके अलावा गिरफ्तार लोगों के पास से चार मोबाइल फोन, दस हजार रुपया और यात्रा टिकट बरामद किया गया। एम्फैटेमिन पाउडर इससे पहली बार तमिलनाडु की पुलिस ने बरामद किया था। इसके बाद झारखंड एटीएस ने इसे बरामद किया है। एंफैटेमिन पाउडर बेहद खतरनाक ड्रग्स में शामिल है। इसकी बरामदगी ने झारखंड एटीएस की चिंता बढ़ा दी है।
टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग की विशेष सचिव श्रीमती सुनिता काबरा के आप्त सचिव प्रतीक गुप्ता ने आज झारखंड चैंबर आफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में औद्योगिक निवेश के दौरान उद्यमियों के समक्ष आनेवाली कठिनाइयों और उसके समाधान के बिंदुओं पर चर्चा की। झारखण्ड प्रदेश के व्यापार व उद्योग जगत की प्रतिनिधि संस्था होने के नाते उन्होंने फेडरेशन से यह जानना चाहा कि राज्य में उद्योग लगाने में क्या-क्या कठिनाईयां होती हैं। विदित हो कि उद्योग संवर्धन विभाग द्वारा झारखण्ड में उद्योग लगाने में होनेवाली लैंड, लाइसेंस सहित अन्य तकनीकी समस्या की जानकारी हेतु सर्वे किया जा रहा है।श्री गुप्ता ने अवगत कराया कि उद्योग लगाने में होनेवाली समस्याओं को कलेक्टिव रूप से एकत्रित करके उद्योग संवर्धन विभाग द्वारा अपने स्तर से अथवा झारखण्ड के उद्योग विभाग से समन्वय बनाकर त्वरित निराकरण की पहल सुनिश्चित करेगा। बैठक के दौरान हुई विधिवत चर्चाओं के क्रम में चैंबर ने कई एक बिंदुओं से वरीय अधिकारी को अवगत कराया गया, जिसपर उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। बैठक में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, अमित शर्मा, सह सचिव रोहित पोद्दार, प्रवक्ता ज्योति कुमारी, तुपुदाना औद्योगिक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। फिल्म कला संस्कृति उप समिति की बैठक झारखंड चैंबर के फिल्म कला उप समिति की बैठक आज चैंबर भवन में संपन्न हुई। बैठक में झारखण्ड में फिल्म उद्योग से संबंधित समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न फिल्म संस्था से जुडे कलाकारों ने अपनी समस्याओं को चैंबर से साझा किया, जिसपर उचित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया गया। यह बताया गया कि झारखण्ड में फिल्म निर्माण पर कोई भी अनुदान राशि नहीं मिलती है। जबकि प्रदेश में फिल्म निर्माण पर कम से कम 20 लाख का अनुदान मिलना चाहिए। बैठक में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उप समिति चेयरमेन आनंद जालान, को-चेयरमेन राजीव प्रकाश चौधरी, सदस्य किशन अग्रवाल, राजीव सिन्हा, विवेक नायक, विजयशंकर, चंदन पाण्डे, नीरज ओझा, नंदन राय, स्वपना चटर्जी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। जल संरक्षण उप समिति की बैठक झारखंड चैंबर के जल संरक्षण उप समिति की बैठक चैंबर भवन में संपन्न हुई। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने बडा तालाब, कांके डैम, रूक्का डैम, धुर्वा डैम में समाहित गाद को बाहर निकालने के संबंध में माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने की बात कही। बैठक के दौरान उप समिति चेयरमेन विजय शंकर ने कहा कि बडा तालाब के गाद की सफाई जितनी जल्द होगी, शहरवासियों को जल संकट से राहत मिलेगी।बैठक में चैंबर अध्यक्ष के अलावा, उप समिति चेयरमेन विजयशंकर, सदस्य राजीव चौधरी, आनंद जालान, किशन अग्रवाल, नीरज कुमार, चंदन पांडे सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी संगठन के महासचिव डॉ अभिषेक रामाधीन और प्रवक्ता ज्योति कुमारी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की रांची विश्वविद्यालय एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय इकाई की संयुक्त बैठक रांची विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष डॉ प्रीतम कुमार की अध्यक्षता में हुई। मौके पर ए बी आर एस एम के राष्ट्रीय उच्च शिक्षा प्रभारी महेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि गर्मी एवं अन्य छुट्टियों में कटौती करना विश्वविद्यालय के स्वायत्तता पर प्रश्रचिन्ह खड़ा कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी एवं रचनात्मक आंदोलन करने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि हमलोगों का संगठन ट्रेड यूनियन नहीं है कि हमारी मांगें पूरी हो, चाहे जो मजबूरी हो बल्कि हम समस्याओं के समाधान में भी शैक्षिक परिवार में तालमेल के आधार पर विचार करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर दोनों विश्वविद्यालय में प्रभावी संगठन खड़ा करते हुए आम प्राध्यापकों का सशक्त आवाज बने, इसकी ठोस रणनीति बनानी होगी। आज की बैठक में सर्वसम्मति से शिक्षकों की समस्याओं को लेकर अपने संगठन द्वारा प्रभावी आंदोलन करने की रणनीति बनायी गयी। यह भी निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के क्रियान्वयन हेतु प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित कर उसमें झारखंड राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति, उच्च शिक्षा के पदाधिकारियों को शामिल किया जायेगा। दोनों विश्वविद्यालय के समन्वय हेतु रांची विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ बिनोद नारायण को संयोजक मनोनीत किया गया एवं प्रत्येक महीना में संयुक्त बैठक आयोजित करने की भी रणनीति बनायी गयी। आज के बैठक में ए बी आर एस एस के झारखंड के प्रदेश महामंत्री डॉ ब्रजेश कुमार, रांची विश्वविद्यालय के डी एस डब्ल्यू डॉ सुदेश साहू, डॉ राजकुमार शर्मा, डॉ ज्योति प्रकाश, डॉ कुमुद कला मेहता, डॉ बैद्यनाथ कुमार, डॉ उमेश कुमार, डॉ शशि शेखर दास, डीएसपीएमयू के अध्यक्ष डॉ अभय कृष्ण सिंह, महामंत्री डॉ धनंजय वासुदेव द्विवेदी, डॉ आभा झा, डॉ रेखा झा एवं डॉ ओमप्रकाश आदि शामिल हुए। बैठक का शुभारंभ सरस्वती वंदना से की गई एवं कल्याण मंत्र से समाप्त की गयी। आज झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ से जुड़े प्राध्यापकों की महत्वपूर्ण बैठक आर यू के अतिथिशाला में डॉ देवदास लाटा की अध्यक्षता में आयोजित की गई एवं ए बी आर एस एम की सी यू जे की समन्वय समिति की घोषणा उच्च शिक्षा प्रभारी महेंद्र कुमार ने किया जो इस प्रकार है :- संयोजक - डॉ राजेश कुमार सह संयोजक- 1. डॉ अमित कुमार, 2. डॉ कन्हैया लाल, 3. डॉ किरण जालेम उक्त बैठक में जून के अंतिम सप्ताह में सी यू जे परिसर में ए बी आर एस एम की बड़ी बैठक आयोजित कर विधिवत समिति की घोषणा की जायेगी। आज की बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ ब्रजेश कुमार, प्रदेश संगठन मंत्री डॉ राजकुमार चौबे, डॉ भूपेंद्र सिंह, डॉ रामकिशोर सिंह, डॉ अभय कृष्ण सिंह, डॉ समीर चौधरी, रूपेश कुमार भी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, झारखंड के प्रदेश महामंत्री डॉ ब्रजेश कुमार ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, पलामू। झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आज राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्के दर्जे की मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई। इस दौरान वज्रपात भी हुई। पलामू में वज्रपात के कारण दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि दो मजदूर की स्थिति गंभीर है। घटना पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र के तेंदुआ कला गांव की है। जानकारी के मुताबिक चार मजदूर आहर में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम का रुख बदल गया और बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए चारों मजदूर पेड़ के नीचे छुप गये। इसी बीच वे वज्रपात की चपेट में आ गए।घटना में दो मजदूर की मौत हो गयी, जबकि दो घायल हो गये हैं। दोपहर करीब 3.30 बजे की बतायी जा रही है। इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में चारों मजदूरों को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो लोगों का इलाज चल रहा है। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
टीम एबीएन, खूंटी/ रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। वो 24 मई को झारखंड पहुंचीं। दौरे के दूसरे दिन आज राष्ट्रपति खूंटी जायेंगी। वहां वो केंद्रीय जनजातीय मंत्रालय की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी।खूंटी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में शामिल हो रही हैं। यह कार्यक्रम बिरसा कॉलेज फुटबॉल स्टेडियम में हो रहा है। विशेष हेलीकॉप्टर से राष्ट्रपति रांची से खूंटी पहुंचेंगी। वहां सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी। राष्ट्रगान के बाद स्वागत भाषण होगा। उसके बाद ट्राइफेड के प्रबंध निदेशक परिचायत्मक प्रस्तुति देंगे। परिचय के बाद केंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लोगों को संबोधित करेंगे।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संबोधन के बाद राज्यपाल का संबोधन होगा। राज्यपाल के संबोधन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। अपने संबोधन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों के साथ चर्चा करेंगी। कार्यक्रम समाप्ति के बाद वो हेलीकॉप्टर से रांची लौट जायेंगी।खूंटी में लगभग दो घंटे तक राष्ट्रपति रहेंगी। खूंटी में राष्ट्रपति की सुरक्षा में 15सौ जवानों को लगाया गया है, जबकि 13 मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गयी है।कार्यक्रम में राष्ट्रपति के अलावा झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्ण, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह सरुका, केंद्रीय राज्य मंत्री शक्ति विश्वेश्वर टुडू, पद्मभूषण कड़िया मुंडा, तोरपा विधायक कोचे मुंडा, खूंटी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा और तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा भी शामिल होंगे।रांची पहुंचने के बाद राष्ट्रपति राजभवन में आराम करेंगी। उसके बाद दोपहर करीब 3 बजकर 30 मिनट पर वो नामकुम स्थित ट्रिपल आईटी के द्वितीय दीक्षांत समारोह में शामिल होगी। वहां से साढ़े पांच बजे वो राजभवन लौटेंगी। राजभवन में ही राष्ट्रपति रात्रि विश्राम करेंगी।
90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले सभी छात्रों को मिले उपहारटीम एबीएन, कोडरमा। सेक्रेड हार्ट स्कूल में प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर मैट्रिक की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम एकेडमिक डायरेक्टर प्रमोद शर्मा और प्राचार्य नवीन कुमार की देखरेख में हुआ। कार्यक्रम का संचालन एकेडमिक कोऑर्डिनेटर प्रवीण कुमार ने किया। अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य नवीन कुमार ने बच्चों को बधाई दी और कहा कि विद्यालय और छात्रों का रिजल्ट बढ़िया हो इसके लिए शिक्षक मेहनत करते हैं। विद्यालय प्रबंधन का विशेष ध्यान इस ओर होता है और अभिभावक का सहयोग ही प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में कुछ बच्चों को कम अंक भी मिले होंगे, लेकिन छात्रों को नंबर नहीं बल्कि नॉलेज के पीछे भागना चाहिए। इस अवसर पर बच्चों में माही पांडेय, सचिन कुमार, समृद्धि जायसवाल, श्रेष्ठ कुमार, कुमारी साक्षी मौर्य, अंशिका सिंह, विवेक कुमार, वैष्णवी भदानी ने भी अपने विचार रखे। बच्चों ने स्कूल की शिक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डाला और कहा कि यह विद्यालय अन्य विद्यालयों की अपेक्षा श्रेष्ठ है। शिक्षक विषय से संबंधित समस्याओं का समाधान कुशलतापूर्वक करते हैं। समय-समय पर उनका मार्गदर्शन और मोटिवेशन हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। अभिभावकों में धर्मेंद्र पांडेय ने विद्यालय की प्रशंसा की और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने से छात्रों का मनोबल बढ़ता है, और उन्हें बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। एकेडमिक डायरेक्टर प्रमोद शर्मा, प्राचार्य नवीन कुमार और एसएमसी मेंबर आरिफ अंसारी तथा मिंता कुमारी के द्वारा बच्चों को उपहार दिये गये। धन्यवाद ज्ञापन अकैडमी डायरेक्टर प्रमोद शर्मा ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर कटिबद्ध है। शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, अन्य गतिविधि कराई जाती है, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।मौके पर डिप्टी डायरेक्टर विनोद कुमार, उमाशंकर कंधवे, राजीव कुमार जायसवाल, दीपक कुमार, मीरा देवी, एलएन मौर्या, अंजू कुमारी, प्रीति पांडेय, कुमारी प्रियंका, महावीर शर्मा, सरिता देवी, सुशील भदानी के अलावा शिक्षकों में दीपक सर्राफ, शंकर कुमार, संजय तिवारी, फयाज कैसर, विक्रम कुमार और मनोज पांडेय के अलावा अन्य शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मी मौजूद थे। बता दें कि सीबीएसई द्वारा जारी दसवीं की परीक्षा में इस विद्यालय के 22 बच्चों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किया था।
6 घंटे की नियमित पढ़ाई से जिला टॉपर बनी खुशी राजटीम एबीएन, कोडरमा। इंटर साइंस की टॉपर खुशी राज डॉक्टर बनना चाहती है। 6 घंटे की नियमित पढ़ाई से खुशी राज ने यह सफलता हासिल की है। खुशी ने बताया कि उसने चंद्रावती स्मारक उच्च विद्यालय डोमचांच से इंटर की परीक्षा दी थी। बचपन से मेघावी खुशी ने सेक्रेड हार्ट स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी।उसने इस सफलता का श्रेय दादा स्व इंद्रदेव सिंह की प्रेरणा, पिता ब्रजकिशोर सिंह, माता मीरा देवी के आशीर्वाद, अपनी कड़ी मेहनत और शिक्षकों में प्राचार्य विनोद मिश्रा, सद्दाम सर, भोला सर, शंकर सर और मनोज सर के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। खुशी को इएनए में 91, फिजिक्स 93, केमिस्ट्री 91, बायो में 93 और मैथ्स में 98 अंक मिले हैं। खुशी ने कुल 500 में 466 अंक हासिल किया है।खुशी राज ने अन्य छात्रों को दिये संदेश में कहा कि अगर कड़ी मेहनत और सही दिशा में प्रयास किया जाये और सफलता अवश्य मिलती है। उसने कहा कि सफल व्यक्ति कुछ नया नहीं करते बल्कि वह हर काम को नए तरीके से करते हैं।
टीम एबीएन, रांची। मौसीबाड़ी निवासी एक 14 वर्षीय नाबालिग का हटिया निवासी आसिफ ने चांदनी चौक से 21 मई को अपहरण कर लिया। जगन्नाथपुर थाना की पुलिस के जबरदस्त दबाव के बाद आसिफ के परिजनों ने नाबालिग को जंगल में छोड़ दिया था जहां से पुलिस ने बरामद किया। उसे जगन्नाथपुर थाना लाया गया है। स्थानीय पूर्व पार्षद आनंदमूर्ति उर्फ पप्पू सिंह सहित परिजन थाना पहुंचे हुए हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.