वाइल्ड लाइफ कंट्रोल टीम की सूचना पर वन विभाग गुमला ने की कार्रवाईटीम एबीएन, गुमला। हाथी दांत की तस्करी के मामले में वन विभाग गुमला ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। वन विभाग ने गुमला शहर के सिसई रोड से तस्करी के लिए ले जा रहे हाथी के दो दांत बरामद किया है। साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में सिसई प्रखंड के बसिया रोड लकेया निवासी प्रेम जायसवाल व पिलखी मोड़ सिसई निवासी छोटन महतो है। ये लोग इलेक्ट्रीक स्कूटी में छिपाकर दो पीस हाथी दांत गुमला से सिसई ले जा रहे थे। सिसई के बाद हाथी दांत को ओडिशा बॉर्डर तक ले जाना था। परंतु, वन विभाग गुमला की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों को हाथी दांत के साथ गिरफ्तार कर लिया। रविवार शाम को दोनों को जेल भेज दिया गया। कुरूमगढ़ रेंज के रेंजर जगदीश राम ने कहा कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए हाथी दांत के तस्करों को पकड़ा गया है।
मारवाड़ी युवा मंच के स्थापना दिवस को लेकर झरना कुंड में मारवाड़ी युवा मंच और प्रेरणा शाखा ने किया पौधारोपणटीम एबीएन, झुमरी तिलैया। प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के 22वें स्थापना दिवस को लेकर राज्यव्यापी पौधारोपण कार्यक्रम के तहत मारवाड़ी युवा मंच झुमरी तिलैया एवं प्रेरणा शाखा ने झरना कुंड में मंच के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण गोयल के सम्मान में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। 17 जुलाई को पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल के सम्मान में राज्यव्यापी रक्तदान के कार्यक्रम के तहत कोडरमा में दोनों शाखाएं रक्तदान कार्यक्रम करेगी। इधर, 22 जुलाई तक मंच शिक्षा, खेलकूद, नारी चेतना, गो आहार जैसे कार्यक्रम भी करेगा। इधर, झरना कुंड में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में मंच ने 50 आम के पौधे लगाये। मंच के अध्यक्ष राज पच्चीसिया ने कहा कि मंच ने आज अपने कार्यक्रम के तहत 501 पौधे लगाने का संकल्प भी पूरा कर लिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता भी बहुत ही जरूरी है। मानव जीवन में प्रत्येक व्यक्ति को साल में कम से कम 5 पौधे लगाने और साथ-साथ उसकी रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। ताकि आनेवाली पीढ़ी को भी पर्यावरण के वजह से कोई कठिनाई न हो। पेड़-पौधे के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। वहीं नप के सिटी मैनेजर प्रशांत भारती ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच ने समाजसेवा का जो बीड़ा उठाया है, यह अद्वितीय है। भविष्य में भी नगर परिषद मंच को सहयोग करेगा। सचिव आशीष जोशी ने कहा कि चारों ओर हरियाली की हरियाली नजर आये, इसके लिए मंच सार्थक प्रयास कर रहा है। मौके पर सह सचिव शिवेश पच्चीसिया, कोषाध्यक्ष चिंटू अग्रवाल, महावीर खेतान, आशीष केडिया व अन्य सदस्य मौजूद थे। वहीं दूसरी ओर प्रेरणा शाखा ने भी 8 दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन पौधारोपण कार्यक्रम किया। जिसमें आम, अमरूद, बेल, नीम, गुलमोहर के पौधे झुमरी तिलैया नगर परिषद और वन विभाग के सहयोग से किया गया।मौके पर अध्यक्ष श्रेया केडिया ने कहा वृक्ष प्रकृति का अनमोल रत्न है इसकी रक्षा सबका दायित्व है वही सचिव सारिका लड्ढा ने कहा कि शाखा का मुख्य उद्देश्य बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, अमृतधारा सहित कई योजनाएं पर कार्य किये जा रहे हैं।प्रेरणा शाखा ने अभी तक 704 पौधे अलग-अलग क्षेत्रों में लगाये हैं। मौके पर उपाध्यक्ष नेहा हिसारिया, स्वेता गुटगुटिया, नीतू अग्रवाल, रश्मि शर्मा, सुनीता गुटगुटिया, ज्योति अग्रवाल उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 16 जुलाई 2023 को नागपुरी भाषा परिषद एवं नागपुरी साहित्य संस्कृति मंच ने लखन सिंह यादव महाविद्यालय में नागपुरी भाषा का मानकीकरण विषय पर सेमिनार आयोजित की गयी। मौके पर कॉलेज के विद्यार्थियों ने डॉ शकुंतला मिश्र को विशेष रूप से सम्मानित भी किया।सेमिनार में कई शिक्षक, प्राध्यापक, साहित्यकार एवं छात्र उपस्थित थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ प्रसाद ने की। विषय प्रवेश कराते हुए नागपुरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ उमेश नंद तिवारी ने कहा कि जब तक किसी भाषा का मानकीकरण नहीं हो जाता है, तब तक उस भाषा में कई विसंगतियां आती रहती हैं। नागपुरी को नागवंशियों ने 2000 वर्षों तक राजभाषा के रूप में अपनाया। इसके बावजूद यह भाषा उपेक्षित है। अत: मानकीकरण की आज नितांत आवश्यकता है। आज नागपुरी के ध्वनि पर विचार विमर्श किया गया एवं नागपुरी के स्वरों की संख्या 8 बतायी गयी तथा व्यंजनों की संख्या 30 पर सबकी सहमति बनी। इस संबंध में साहित्यकारों एवं शिक्षकों तथा प्रबुद्ध वर्ग का विचार आमंत्रित किया गया है।मुख्य अतिथि पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख ने नागपुरी भाषा की स्थिति दयनीय बताते हुए कहा कि सरकार की ओर से जनसंख्या अधिसूचना में इसे नागपुरी और सादरी के रूप में दो भागों में विभक्त कर दिया गया है, जो चिंतनीय है। इसमें सुधार की नितांत आवश्यकता है। अन्यथा नागपुरी भाषा का अस्तित्व ही मिट जायेगा।डॉ खालिक अहमद ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि जब तक विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के लिए पद सृजित नहीं किया जाएगा तब तक छात्रों के बीच में अपनी मात्रृभाषा पढ़ने के लिए रुझान पैदा नहीं हो सकती है। डॉ शकुंतला मिश्र ने क्षेत्रीय भाषाओं को प्राथमिक स्तर से नहीं लागू पर चिंता व्यक्त किया।अपने अध्यक्षीय भाषण में राम प्रसाद ने कहा कि किसी भी भाषा के लिए लिखित रूप एक होना चाहिए, भले ही इसका बोली रूप भिन्न हो सकता है। इस अवसर पर नागपुरी भाषा के मानकीकरण हेतु कमेटी भी गठित की गई जिसके अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार श्री धनेंद्र प्रवाही का चुनाव किया गया तथा सदस्य संयोजक के रूप में डॉ शकुंतला मिश्र को चुना गया। इस कमेटी में 27 सदस्यों का चुनाव किया गया जिसमें विभिन्न क्षेत्र के लोगों को शामिल किया गया है। तय किया गया कि प्रत्येक महीने के तीसरे रविवार को बैठक की जाएगी तथा मानकीकरण के विषय में विचार विमर्श करने के साथ-साथ नागपुरी भाषा के विकास के लिए भी प्रयास किये जायेंगे। भाषा को यथेष्ट स्थान दिलाने के लिए भी आवश्यकता पड़ने पर मंत्री, विधायक तथा मुख्यमंत्री महोदय से भी संपर्क किया जाएगा और अपनी मांग रखी जायेगी। मौके पर लाल राजेंद्र सिंह, मनोहर मोहांती, हरिनंदन महली, रामदेव बड़ाईक, डॉ सुखदेव साहू, डॉ रामकुमार, युगेश महतो, योगेश प्रजापति, डॉ अंजूलता कुमारी, प्रमोद कुमार राय, आशा कुमारी, रविंद्र ओहदार, करमी मांझी, पप्पू कुमार महतो आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ शकुंतला मिश्र ने किया।
क्षमता विकास का चार दिवसीय प्रशिक्षण 3 जिलों का शुरूटीम एबीएन, झुमरी तिलैया। एकल अभियान का प्राथमिक शिक्षा क्षमता विकास वर्ग का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शिव शक्ति धाम नावाडीह डोमचांच में शुरू हुआ। जिसमें हजारीबाग, कोडरमा और चतरा जिले के 39 संच प्रमुख हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण वर्ग में प्रभाग 3 के अभियान प्रमुख पवन कुमार राय ने पंचमुखी शिक्षा पर कहा कि प्राथमिक शिक्षा के माध्यम से ही गांव में निरक्षरता को दूर करेंगे, आरोग्य शिक्षा के माध्यम से बीमारी मुक्त बनाएंगे। गांव के विकास में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए एकल अभियान लगा हुआ है। वहीं मुखिया ममता देवी ने कहा कि शिक्षा एक ऐसा माध्यम है जो मनुष्य के जीवन को सार्थक बनाता है। सावित्री फुले बाई शिक्षा देने के लिए निकलती थी तो उनके ऊपर इंट, कीचड़, गोबर फेंकते थे, इतने परिश्रम के बाद माता फूलों बाई के संघर्ष का परिणाम है कि आज की नारी शक्ति शिक्षा की ओर अग्रसर है। प्रशिक्षण को पंचायत समिति की सदस्य देवंती देवी, एकल अभियान के उत्तर झारखंड संभाग प्रमुख जीतलाल हसदा, संभाग प्राथमिक शिक्षा प्रमुख धनंजय दास, हजारीबाग अभियान प्रमुख रूद्रदेव पांडे, ग्राम स्वरोजगार योजना प्रमुख अरविंद कुमार, आरोग्य प्रशिक्षण संभाग प्रमुख नरेंद्र प्रसाद, भाग प्रशिक्षण प्रमुख प्रेम राम, ग्राम स्वरोजगार योजना प्रमुख भरत सिंह, भाग आरोग्य प्रशिक्षक रामनिवास पांडे, अंचल अभियान प्रमुख विनोद कुमार ने पंचमुखी शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा, आरोग्य योजना, ग्राम विकास योजना, ग्राम स्वरोजगार योजना, श्री हरि कथा संस्कार योजना के बारे में विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। मौके पर संच अध्यक्ष डोमचांच दिलीप मेहता, उपाध्यक्ष रामपुकार मेहता, संच युवा अध्यक्ष जगदीश भारती, उप मुखिया नावाडीह लक्ष्मण महतो उपस्थित थे।
राजधानी में आकाशीय बिजली का कहर, 11 मवेशियों की गयी जान, 6 से अधिक लोग घायलटीम एबीएन, रांची। लापुंग थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग जगहों पर हुई बारिश के साथ वज्रपात में 11 मवेशी की मौत हो गयी। जबकि आधे दर्जन से अधिक लोग इस हादसे में घायल हो गये हैं। पहली घटना दानेकेरा नदी टोली में जानवरों को चराने के दौरान की है। जहां बारिश के दौरान मवेशी पेड़ के नीचे थे। आकाशीय बिजली गिरने से इसकी चपेट में आकर 11 मवेशियों की मौत हो गयी।11 पशुओं की मौत में छह बकरी और पांच बैल शामिल है। इसमें गांव की प्रभा देवी की छह बकरी शामिल है। वहीं चारी देवी के तीन बैल इस हादसे का शिकार हो गये। इसके अलावा दो बैल फगन देवी के भी बिजली की चपेट में आ गये। इस घटना के बाद ग्रामीणों में शोक है। पशुओं की मौत से उन्हें बड़ी आर्थिक क्षति पहुंची है।हादसे के बाद कई लोगों की पीठ में काले निशान पड़ गये। वहीं ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर प्राकृतिक इलाज कराया, सभी की हालत खतरे से बाहर है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही जिप सदस्य हिंदीया टोप्पो ने गांव पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनका हाल जाना। जिप सदस्य ने ग्रामीणों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
टीम एबीएन, धनबाद। बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के आवासीय कार्यालय चिटाही पहुंचकर झारखण्ड अंगीभूत महाविद्यालय इंटरमीडिएट अनुबंध शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा।विधायक जी को एक ज्ञापन सौंप झारखण्ड राज्य के डिग्री कॉलेजों के इंटर प्रभागों में कार्यरत शिक्षक कर्मचारियों के सेवा नियमितीकरण एवं वैकल्पिक व्यवस्था होने तक इंटर कॉलेजों में नामांकन, अध्यापन एवं शिक्षक कर्मचारियों की सेवा विस्तार जारी रखने की मांग से अवगत कराया। साथ ही दो दिनों पूर्व विधायक ने शिक्षा सचिव से कतरास कॉलेज में बीएड एवं वोकेशनल कोर्स की पढ़ाई एवं इंटरमीडिएट की पढाई जारी रखने की बात को लेकर आभार जताया। इस ज्ञापन को माननीय विधायक जी ने विधानसभा में उठाने की बात कही।
टीम एबीएन, जामताड़ा। पुलिस ने शनिवार को सियाटांड़ और बरमुंडी में छापेमारी कर कुख्यात प्रदुम मंडल और भीम मंडल समेत 11 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रदुम और भीम के घर देख दंग रह गयी। प्रदुम के घर के गेट पर सेंसर लगा है। यही नहीं घर के अन्य सामान भी अत्याधुनिक हैं। प्रदुम ने साइबर अपराध से 10 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह जानकारी देते हुए जामताड़ा एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि प्रदुम मंडल और भीम मंडल पहले भी जेल जा चुके हैं। प्रदुम पानी की तरह पैसा बहाने का शौकीन है। हाल ही में उसने अपनी शादी की रिसेप्शन पार्टी में लाखों रुपए सिर्फ खर्च किये थे। छापेमारी के दौरान प्रदुम की एक कार भी जब्त की गई है। प्रदुम और भीम मंडल के घर को देखकर पुलिस हैरान रह गयी। घर की साज-सज्जा पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। दोनों के घर में कीमती मार्बल, ब्रांडेड फर्नीचर, कई एसी, महंगे पलंग और दीवान, वजन के अनुसार स्वत आकार बदल लेने वाले सोफा जैसी कई की आत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।एसपी ने बताया ये लोगों को तत्काल बिजली बिल नहीं जमा करने पर कनेक्शन काटने का मैसेज भेजते थे। इसके बाद क्विक सपोर्ट, एनीडेस्क एप डाउलोड करवाकर खाते से रुपये उड़ा लेते थे। इसके अलावा कई तरह के लिंक भेजकर भी पैसे निकालते थे।
टीम एबीएन, दुमका। जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र स्थित पातसारा गांव में भीषण हादसा हो गया। शनिवार (15 जुलाई) की देर रात अचानक अगरबत्ती फैक्ट्री में आग लग गयी। आग की लपटें इतनी तेज थी कि गोदाम सहित घर जलकर राख हो गया। इससे फैक्ट्री मालिक को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा। आनन-फानन में लोगों ने दमकल गाड़ी को सूचित किया। जब तक दमकल गाड़ी आयी तब तक काफी देर हो चुकी थी। इसके पहले लोगों ने खुद से भी आग बुझाने की नाकाम कोशिश की। आग किस वजह से लगी है, इसका पता नहीं लगाया जा सका है। लोगों के अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की संभावना है। आग जरमुंडी थाना क्षेत्र बासुकीनाथ हरिपुर मुख्य मार्ग पातसारा गांव के मुरलीधर मंडल के घर लगी। अचानक हुए इस घटना में थोड़े देर के लिए ही सही लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल हो गया था। अगर दमकल की टीम आग पर काबू नहीं पाती तो लपटे आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में ले लेती।
टीम एबीएन, गढ़वा। जिला के कांडी-थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारिया गांव में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गयी और एक गंभीर रूप से घायल है। हादसे में मरने वालों में 25-25 वर्षीय दो युवक शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में मानदेव रजवार के लगभग 25 वर्षीय पुत्र चंदन रजवार और शंभू राजभर के 25 वर्षीय पुत्र अंकेश रजवार की मौत हो गयी है। वहीं दुखन रजवार के पुत्र उपेंद्र राजवार उर्फ फेंकू गंभीर रूप से घायल है। पहले घायल अंकेश और उपेंद्र को निजी वाहन से मझिआंव रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां पर मौजूद डॉक्टर रजनीश कुमार सिंह ने अंकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल उपेंद्र रजवार को प्राथमिक उपचार करते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं निजी वाहन से ही चंदन रजवार को मझिआंव रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जबकि डॉक्टर ने बताया कि चंदन की मौत पहले ही हो चुकी है। जानकारी के अनुसार तीनों, उपेंद्र, अंकेश और चंदन एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। मझिआंव-सुंडीपुर मुख्य सड़क पर ग्राम भंडरिया में बजरंगबली मंदिर के सामने अज्ञात ट्रैक्टर मोटरसाइकिल को धक्का मारते हुए फरार हो गया। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि 108 एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण घायल अंकेश को ले जाने में काफी देरी हुई, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी है। वहीं घटना के बाद, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.