मनोरोग के इलाज में ली जायेगी मदद टीम एबीएन, रांची। विश्व के कई देशों में मनोरोग के इलाज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद ली जा रही है। अपने देश में भी इसके जल्द शुरू होने की उम्मीद है। मनोरोग के इलाज में एआइ की मदद लेनेवाला केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआइपी) देश का पहला संस्थान बनने जा रहा है। संस्थान के परिसर में बुधवार को एआइ लैब और स्टीमुलेशन सेंटर का उद्घाटन होने जा रहा है। संस्थान के डॉक्टर करीब एक साल तक इस तकनीक का परीक्षण करेंगे। सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद मनोरोगियों के इलाज में इस तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया जा सकता है। विश्व में कई मन:चिकित्सा संस्थानों में मनोरोग के इलाज में एआइ की मदद ली जा रही है। इसमें चैट-जीपीटी का इस्तेमाल अधिक होता है। अर्जेंटीना विश्वविद्यालय के छात्रों में अवसाद व चिंता के लक्षणों की जांच के लिए एआइ आधारित चैटबॉट्स का इस्तेमाल और इसके प्रभाव की जांच की गयी। अध्ययन के परिणामों से पता चला कि चैटबॉट्स के उपयोग को पारंपरिक चिकित्सा के पूरक के रूप माना जा सकता है। हालांकि, प्रशिक्षित एआइ थेरेपिस्ट सहायक के साथ बातचीत में पता चला कि चैटजीपीटी सकारात्मक बातचीत करने, सक्रिय रूप से सुनने और स्पष्ट चिकित्सा सलाह देने में बहुत प्रभावी नहीं होगा। यह पाया गया कि चैटजीपीटी चिकित्सक के लिए बातचीत का सार निकालते समय महत्वपूर्ण विवरण में चूक कर सकता है। अध्ययन से यह भी पता चलता है कि एक ही रोगी से कई वातार्लापों के बाद नयी इनसाइट (अंतर्दृष्टि) खोजने के लिए चैटजीपीटी का उपयोग किया जा सकता है। ऐसे में यह चिकित्सकों के लिए एक मूल्यवान उपकरण बन सकता है।
पति पर गुस्सा थी पत्नी, लाठी से पीटकर ले ली जानएबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला। पति से हुए विवाद से नाराज पत्नी ने पति की जान ले ली। जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र के लापू बीरीटोली गांव की यह घटना है। महिला सस्ती उराईन ने सो रहे अपने पति बंदेश्वर उरांव को लाठी-डंडे से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी मिलने के बाद बिशनपुर पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लिया। वहीं आरोपी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।घटना के संबंध में बताया जाता है कि बंदेश्वर उरांव का अपनी पत्नी सस्ती उराइन के साथ अक्सर विवाद होते रहता था। दोनों के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। सोमवार देर रात पति-पत्नी के बीच में किसी बात को लेकर के विवाद हुआ। जिसके बाद सो रहे पति को पत्नी ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गयी।घटना के समय मृतक के दोनों बच्चे बगल वाले रूम में थे। बच्चों ने अपने पिता को मृत देख मामले की जानकारी अगल-बगल के ग्रामीणों को दी। जिसके बाद ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए। ग्रामीणो ने बिशनपुर थाना को हत्या की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।वहीं छानबीन करते हुए हत्या की आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर थाना ले आयी।बिशनपुर थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बीड़ी टोली गांव में आपसी विवाद में सो रहे पति बंदेश्वर उरांव की लाठी डंडे से पीटकर उसकी पत्नी सस्ती उराईन ने हत्या कर दी है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरोपी पत्नी को हिरासत में लिया।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में धूमधाम से कारगिल विजय दिवस मनाया गया। मौके पर अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यालय देश भक्ति के रंग में रंगा रहा। प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों ने स्वाधीनता के अमर सेनानियों तथा बहादुर सैनिकों की वेशभूषा धारण कर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लिया। कक्षा षष्ठ से अष्टम तक के विद्यार्थियों ने देश भक्ति नृत्य प्रतियोगिता में भाग लिया। कक्षा नवम से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लेते हुए भाषण कौशल का प्रदर्शन किया, जिसका विषय राष्ट्रीय एकता और अखंडता रखा गया था। सभी वर्ग में विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जायेगा। मौके पर राजनीति विज्ञान के अध्यापक कुमार कुशाग्र ने स्वरचित कविता का पाठ करके माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।प्राचार्य संजीत कुमार मिश्रा ने अपने संदेश में कहा कि हम सबके लिए देश सर्वोपरि है।असंख्य कुर्बानियों के बाद हमें आजादी मिली। उसकी हिफाजत करना हम सबका कर्तव्य है। आज़ादी मिलने के बाद भी देश पर विदेशी हमले होते रहे और हर बार हमारे वीर जवानों ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया। देश की एकता और अखंडता को बनाये रखा। 26 जुलाई 1999 को हमारे वीर जवानों ने कारगिल युद्ध में पाकिस्तान पर विजय हासिल की।कारगिल दिवस को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि हमारे देश के वीर सैनिक सीमा की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तैयार रहते हैं। हमारे मन में उनके लिए सम्मान की भावना होनी चाहिए। देश के सुरक्षित भविष्य के लिए वे हर दिन अपना वर्तमान दांव पर लगाते हैं। हम सबको उनसे प्रेरणा लेकर अपनी क्षमता के अनुसार देश की सेवा करनी चाहिए। सभा में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं। राष्ट्रगान के साथ सभा समाप्त हुई।
उपलब्धियों से भरा है सेक्रेड का इतिहास : संतोष यादवटीम एबीएन, कोडरमा। जिले के सेक्रेड हार्ट स्कूल में बुधवार को कैबिनेट मेंबर्स के लिए शपथ ग्रहण समारोह और फादर्स डे पर आयोजित सेल्फी प्रतियोगिता के विजेताओं के बीच पुरस्कार वितरण कार्यक्रम किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईएसआईसी ऑफिसर इंद्रजीत कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में सेक्रेड हार्ट स्कूल एसएमसी के अध्यक्ष एवं झुमरी तिलैया नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष संतोष कुमार यादव, एसएमसी सदस्य आरिफ अंसारी और फखरुद्दीन अली मौजूद थे। विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार ने बुके देकर इनका स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों के साथ विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार, उप निदेशक विनोद कुमार, एकेडमिक डायरेक्टर प्रमोद शर्मा, प्राचार्य नवीन कुमार और प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। स्वागत भाषण प्राचार्य नवीन कुमार ने दिया। उन्होंने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया तथा विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।इसके बाद कैबिनेट मेंबर्स में स्कूल हेड ब्वॉय, स्कूल हेड गर्ल, हाउस कैप्टन, हाउस वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन, कल्चरल प्रेसिडेंट, साइंस क्लब प्रेसिडेंट, आईटी क्लब प्रेसिडेंट, कम्युनिटी आउटरीच क्लब प्रेसिडेंट, परफॉर्मिंग आर्ट क्लब प्रेसिडेंट, स्कूल मैगजीन प्रेसिडेंट, ईसीओ क्लब प्रेसिडेंट और प्रीफेक्ट को शेशे पहनाकर उन्हें उनकी जिम्मेवारी सौंपी गयी। इसके बाद प्राचार्य नवीन कुमार ने सभी केबिनेट मेंबर्स को शपथ दिलायी। कैबिनेट के सभी सदस्यों ने अपने दायित्व को निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया। इसके बाद फादर्स डे पर आयोजित सेल्फी प्रतियोगिता के प्रथम 10 विजेताओं को पुरस्कार देकर उनका मनोबल बढ़ाया गया। इसमें प्रेरणा कुमारी, अदरिजा विश्वास, माहिरा आरिफ नूर, रणवीर सिंह, आराध्या जायसवाल, लक्ष्य, सृष्टि कुमारी, सिमरन कुमारी, माही रानी और पारुल गुप्ता के नाम शामिल हैं। सभी बच्चों को अभिभावकों के साथ पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम का संचालन भूमि राज, शैल्वी सिंह, आकांक्षा कुमारी, निशा राज और अदिति रानी ने संयुक्त रूप से किया। विशिष्ट अतिथि संतोष कुमार यादव ने विद्यालय की गतिविधियों को सराहा और कहा कि हर क्षेत्र में यहां के बच्चे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में अतिथि के रूप में शामिल होने पर मुझे गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय जिला का एकमात्र ऐसा विद्यालय है जहां के बच्चे विभिन्न प्रतिभाओं के धनी हैं। इस विद्यालय की उपलब्धियों से प्रभावित होकर मैंने भी अपने बच्चों का नामांकन इसी विद्यालय में कराया है। जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के प्रति अभिभावकों के विश्वास, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और बच्चों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों का चतुर्दिक विकास हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के बच्चे जिस किसी प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं, कभी खाली हाथ लौट कर नहीं आए हैं। मौके पर कुंतल जेठवा, प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर प्रवीण कुमार, आशुतोष गौतम, चंदन पांडेय, शालू अरोड़ा, निर्मल अरोड़ा, शशि राज समेत अन्य शिक्षक और अभिभावक मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 26/07/2023 को शाश्वत इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर्स एजुकेशन में एनएसएस के तत्वावधान में कारगिल शहीदों की याद में वृक्षारोपण किया गया। छात्र- छात्राओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि स्वरूप एक एक पौधा लगा कर उनको याद किया साथ ही देश के पर्यावरण को स्वच्छ, सुंदर और कल्याणकारी बनाने का संकल्प भी लिया। सभी छात्रों ने पौधा लगाते हुए यह नारा दिया कि वृक्ष ही जीवन है। इसलिए सभी देशवासियों को पौधा लगा कर देश को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। इस कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अफसर नागेन्द्र कुमार ने किया। साथ ही महाविद्यालय के प्रबंधक डाॅ आनंद जी, प्राचार्य डाॅ विनोद कुमार राय, शिक्षकों में डॉ रश्मिरती, डॉ विनीता कुमारी, ममता कुमारी, डॉ देशराज सिंह, रूपेश कुमार, अपर्णा कुमारी मिश्रा, सुरेश यादव साथ ही शिक्षणेत्तर कर्मीयों अमित रॉय, लक्ष्मण प्रसाद, चंदन कुमार आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। जिला के तोरपा थाना क्षेत्र के डांड टोली के पास मंगलवार देर शाम हाइवा और आॅटो की टक्कर में ऑटो ड्राइवर विपिन भेंगरा (45 वर्ष) सहित चार लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। मृतक बिपिन भेंगरा डोड़मा पुटकल टोली का रहने वाला था। वह बाजार में जूता-चप्पल बेचने का काम करता था। जानकारी के अनुसार, विपिन मंगलवार को आटो से तोरपा साप्ताहिक हाट आया हुआ था। वापस लौटने के क्रम में तीन अन्य लोग ऑटो पर सवार हो गये। लौटने के क्रम में डांडटोली के पास विपरीत दिशा से आ रहे हाइवा ने ऑटो को धक्का मार दिया। इससे मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गयी। जानकारी मिलते ही एसडीपीओ ओमप्रकाश तिवारी, पुलिस इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह, थाना प्रभारी मनीष कुमार, उपप्रमुख संतोष कर, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रुबेन तोपनो समेत अन्य वहां पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। बताया गया कि घटना में मृत विपिन अपने घर का इकलौता कमाऊ व्यक्ति था। उसके दो बेटा व एक बेटी है। घटना के बाद पत्नी सीआन भेंगरा तथा बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के सिंह मोड़ के पास बिजली विभाग द्वारा अंडरग्राउंड कैबलिंग करने के दौरान एलपीजी गैस का पाइप फट गया। पाइप के फटते ही गैस बाहर निकलने लगा। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। बताया गया कि अंडरग्राउंड कैबलिंग करने के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी दौरान गेल द्वारा बिछाये गये गैस पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गया। गैस निकलते ही अफरा-तफरी मचने और लोगों के गुस्से को देखते हुए मौके से जेसीबी ड्राइवर और ठेकेदार फरार हो गया। करीब 20 मिनट पर फटे गैस पाइप को दुरुस्त किया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
झारखंड : पलामू में बीएसाफ जवान ने महिला सहित 4 लोगों पर तलवार से किया हमला, पीडीएस डीलर की हुई मौतटीम एबीएन, पलामू। गुस्से में बीएसएफ जवान ने अपने गोतिया सह पीडीएस डीलर सत्यदेव तिवारी और उनकी पत्नी समेत चार लोगों पर तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में सत्यदेव गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, अन्य लोगों को भी चोटें आयी। इधर, इस हमले में पीडीएस डीलर सत्यदेव तिवारी की मौत हो गयी है।बताया गया कि जमीनी विवाद को लेकर पहले से गुस्से में रहे बीएसएफ जवान ने सत्यदेव तिवारी को तलवार से काट डालने की बात कह रहा था। लेकिन, किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। मंगलवार को फिर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। फिर, दोपहर बाद उर्मिल तलवार लिए सत्यदेव के घर में घुस कर उसपर कातिलाना हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जब उर्मिल सत्यदेव पर तलवार से हमला किया गया, तो उस समय घर में मौजूद दो महिला एवं एक अन्य ने बीच-बचाव की कोशिश की। इस दौरान गुस्से में उर्मिल ने इनलोगों पर भी तलवार से हमला कर दिया। तलवार के हमले से पीडीएस डीलर की पत्नी समेत तीन अन्य लोग भी घायल हो गये। सभी घायलों का इलाज एमएमसीएच में चल रहा है। तलवार से चार लोगों पर जानलेवा हमला करने के बाद भी उर्मिल तिवारी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वो सत्यदेव तिवारी के घर को आग के हवाले कर दिया। हालांकि, समय रहते ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। तलवारबाजी और आगजनी के घटना के बाद उर्मिला भाग कर अपने घर पहुंचा और खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल आरोपी बीएसएफ जवान उर्मिल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बीएसएफ जवान से पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपी बीएसएफ जवान की गिरफ्तारी की पुष्टि डीएसपी सुरजीत कुमार ने की है।
सीटू और किसान सभा द्वारा प्रतिवाद मार्च निकाल मणिपुर सरकार को बर्खास्त करने की मांग टीम एबीएन, झुमरीतिलैया। मणिपुर में पिछले तीन माह से जारी हिंसा और दो आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने व उनके साथ दरिंदगी, बर्बरता और घिनौनी हरकत करने के खिलाफ देशव्यापी विरोध दिवस के तहत सीटू और किसान सभा के संयुक्त बैनर तले पूर्णिमा टॉकिज परिसर से झंडा चौक तक प्रतिवाद मार्च निकाला गया। जुलूस में मोदी सरकार मुर्दाबाद, मणिपुर की भाजपा सरकार शर्म करो, मणिपुर सरकार को बर्खास्त करो, मुख्यमंत्री एन बिरेन्द्र सिहं इस्तीफा दो, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा जुमला है, केन्द्र सरकार शर्म करो आदि सरकार विरोधी आक्रोशपूर्ण नारे लगाये जा रहे थे। झंडा चौक पर किसान सभा के संयुक्त सचिव परमेश्वर यादव की अध्यक्षता में नुक्कड़ सभा किया गया। जिसे सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान, झारखंड राज्य किसान सभा के संयुक्त सचिव असीम सरकार, सीटू के जिला संयोजक रमेश प्रजापति, आंगनबाड़ी यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष मीरा देवी, जिला सचिव वर्षा रानी, निर्माण कामगार यूनियन के सचिव प्रेम प्रकाश, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला मंत्री शशि कुमार पांडेय, डीएसएमएम के जिलाध्यक्ष दिनेश रविदास ने मुख्य रूप से सम्बोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि मणिपुर में जिस तरह से आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र करके उन्हें पूरे समाज में घुमाया जा रहा है, उनकी बेइज्जती की जा रही है, इस घटना ने देश और दुनिया को शमिंर्दा किया है। भाजपा सरकार का पिछले तीन महीनो से चुप्पी साधे रहना और मणिपुर को जलने देना उनकी नाकामयाबी को दिखाती है। उनके चाल और चरित्र को दशार्ता है। आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र कर भयानक अत्याचार, सामुहिक बलात्कार की घटना ने भाजपा का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा भी जुमला साबित हुआ है। बीजेपी की मणिपुर सरकार सीधे तौर पर अपराधियों को खुली छूट दे रखी है। तीन माह से मणिपुर जल रहा है, फिर भी बीजेपी के मंत्री राज्य सरकार को बचाने में लगी हुई है। महीनों की गहमागहमी और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद प्रधानमंत्री का बयान आना, उनकी चुप्पी ने मणिपुर में हिंसा की भयावहता को और बढ़ावा दिया। मुख्यमंत्री की पक्षपातपूर्ण भूमिका को डबल इंजन की भाजपा सरकार ने दबा दिया। आदिवासियों के शरीर पर पेशाब करना, महिलाओं को नंगा घुमाना, बलात्कारियों को माला पहनाना और अल्पसंख्यकों को उन्मादी भीड़ के जरिए सरेआम पीट पीट कर मार देना। यही भाजपा का असली चेहरा है। केन्द्र सरकार मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेंद्र सिंह की सरकार को अभी के अभी बर्खास्त करे और वहां शांति व्यवस्था कायम करे। आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। विरोध कार्यक्रम में किसान सभा के ग्यासुद्दीन अंसारी, भूना भूइयां, कारू भूइयां, डीएसएमएम के शम्भु पासवान, संजय दास, अशोक रजक, चेतलाल दास, निर्माण यूनियन के नागेश्वर दास, बसंती देवी, रविन्द्र भारती, सहदेव दास, आंगनबाड़ी यूनियन की संध्या वर्णवाल, कांति देवी, रामदुलारी, किरण, पिंकी कुमारी, संध्या, पुनम, सुनीता, आशा, मंजू, गीता, सहिया संघ की रानी देवी, शैबुन निशा, मधुबाला, कुसुम, शीला, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के भुनेश्वर दास , जितेंद्र सिन्हा, अनमोल, दीपक कुजूर, अर्जुन राय, बिनोद कुमार, गणेश, मंटू कुमार कांत, राजू राम, रामदेव हांसदा, अनिल कुमार, चंदन कुमार, सुनील कुमार रजक, डीवाईएफआई के वासुदेव साव, विजय सिंह सहित दर्जनों की संख्या में मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.