झारखंड की सेहत पर भारी पड़ रहा स्वास्थ्य मंत्री का पीत पत्र टीम एबीएन, रांची। रिम्स के पूर्व निदेशक पद्मश्री डॉ कामेश्वर प्रसाद, मंत्री के पीत पत्र से परेशानी की बात कह चुके हैं। बीते दिनों रिम्स में मरीजों के भोजन की व्यवस्था संभाल रही कंपनी का टेंडर 8 जुलाई को समाप्त होने के बाद बिना टेंडर एक्सटेंशन देने के लिए भी मंत्री ने प्रबंधन को पीत पत्र लिखा था। स्वास्थ्य मंत्री के पीत पत्र की चर्चा पहले भी होती रही है। लेकिन ताजा मामला आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों के कैटैक्ट सर्जरी (मोतियाबिंद आॅपरेशन) में की जा रही धांधली से जुड़ा है। आयुष्मान योजना के तहत सूबे में बड़े पैमाने पर कैट्रैक्ट सर्जरी में धांधली का खुलासा हुआ है।धांधली रोकने के लिए 13 जून को झारखंड स्टेट आरोग्य सोसायटी (जसास) ने एक आदेश में मरीजों के हित में किसी भी डेकेयर प्रोसिजर के लिए 24 घंटे तक भर्ती करने, सर्जरी के बाद मरीजों का फॉलोअप करने एवं उपचार कराए गए मरीजों की रैंडम एग्जामिनेशन सदर अस्पताल के विशेषज्ञ से कराने के साथ ही निजी अस्पताल में कैट्रैक्ट सर्जरी के लिए किसी सरकारी अस्पताल से रेफर कराना अनिवार्य कर दिया गया था। इस आदेश के बाद निजी अस्पतालों में खलबली मच गयी। कुछ एनजीओ एवं संस्थानों ने तो इन प्रावधानों पर तो आपत्ति दर्ज की ही। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बीते 03 जुलाई को इस बाबत एक पीत पत्र जसास को जारी कर दिया। पीत पत्र का असर यह हुआ कि 24 जुलाई को जसास के द्वारा एक कमेटी गठित कर दूसरे दिन उन सभी प्रावधानों को हटाने की अनुशंसा कर दी गयी। कमेटी की रिपोर्ट पर 28 जुलाई को जसास ने नया आदेश जारी कर दिया। आदेश में 24 घंटे भर्ती के प्रावधान के साथ ही निजी अस्पतालों में सर्जरी के लिए किसी सरकारी अस्पताल द्वारा रेफर किए जाने के प्रावधान को जहां विलोपित कर दिया गया है। पुराने आदेश में स्पष्ट कहा गया था कि आंख के वैसे अस्पताल जो 3 वर्ष से क्लिनिकल स्टैबलिशमेंट एक्ट के तहत निबंधित हैं, उनको आयुष्मान के तहत सूचीबद्ध किया जाएगा।लेकिन नये आदेश में 3 वर्ष की अवधि हटा दी गयी। अपर कार्यकारी निदेशक द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश में कहा गया है कि संस्थानों की आपत्ति एवं मंत्री द्वारा 3 जुलाई को जारी पीत पत्र के बाद 24 जुलाई को खुद अपर कार्यकारी निदेशक की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय कमेटी गठित की गयी। कमेटी में अंधापन नियंत्रण के नोडर अफसर सह निदेशक प्रमुख, सिविल सर्जन, रांची एवं नेत्र विशेषज्ञ डॉ वत्सल लाल बतौर सदस्य शामिल थे। कड़ाई के प्रावधानों को हटाने की जल्दबाजी का अंदाजा इससे सहज ही लगाया जा सकता है कि जसास कार्यालय से 24 जुलाई को कमेटी गठन का आदेश जारी किया गया और 25 जुलाई को जसास कार्यालय में कमेटी का प्रतिवेदन भी समर्पित हो गया। बता दें कि आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पतालों को एक कैट्रेक्ट सर्जरी के लिए फेको विधि के लिए लगभग 7800 एवं एसआईसीएस पर लगभग 5400 रुपए मिलते हैं। विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर इसमें गड़बड़ी सामने आयी है।
टीम एबीएन, रांची। संत इग्नासियुस लोयोला महोत्सव संत मरिया महागिरजाघर, रांची में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस समारोह में धार्मिक विधान के अनुष्ठान संपन्न कराये गये। यह त्योहार येसु समाज के संथापक संत इग्नासियुस लोयोला के आदर में प्रति वर्ष 31 जुलाई को मनाया जाता है।समारोह के प्रथम सत्र में संत जोन्स स्कूल के छात्राओं के प्रवेश नृत्य व फादर अशोक सांडिल एस जे, के प्राम्भिक उद्बोधन से शुरू हुआ। मिस्सा के मुख्य अनुष्ठाता रांची महाधर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष फेलिक्स टोप्पो थे, जिनका सहयोग सहायक धर्माध्यक्ष थियोडोर मस्करन्स, प्रोविंशियल फादर अजित खेस्स सहित अन्य पुरोहितों ने दिया। इस अवसर पर येसु संघ के पुरोहितगण, धर्मबन्धुगण, अन्य पुरोहितगण, धर्मबहनें, संस्था से जुड़े स्टाफ, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा अतिथिगण शामिल हुए। अपने प्रवचन संदेश में प्रोविंशियल फादर अजित खेस्स ने प्रभु की पुकार सुनकर प्रेरितिक कार्य के लिए विवेकपूर्ण निर्णय लेने का आह्वान विषय तथा संत इग्नासियुस लोयोला के जीवन, उनके द्वारा किये गये कार्य एवं आध्यात्मिकता पर प्रकाश डाला। संत इग्नासियुस के आह्वान, जाओ और संसार मे ज्योति जलाओ संदेश को बांटने अपने निकतम साथी संत फ्रांसिस जेवियर को भारत देश भेजा और उनके बहुत से अनुयायी अन्य देशों में इसे फैलाया। इस ज्योति को आगे बढ़ाने के लिए प्रभु की पुकार सुनना, निर्णय लेना, निर्देशित कार्य के लिए आगे बढ़ना जरूरी है। आज येसु संघ के सदस्य शिक्षा और विश्वास की ज्योति फैलाने में अहम योगदान दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा जिस तरह संत इग्नासियुस लोयोला ने सब कुछ में ईश्वर की उपस्थिति देखी, हमें भी देखने की जरुरत है। अपने हित नहीं बल्कि औरों का हित सोचना है। हमारा जीवन का केंद्रबिंदु नाम, शोहरत, दुनियाई चीज नहीं बल्कि येसु ख्रीस्त में केंद्रित होना चाहिए। आंतरिक परिवर्तन करें व समर्पित भाव से सेवा दें। हमें ईश्वर के समान सुदर और अच्छा बनना है। ईश्वर की बातों को सुनना, समझना तथा उसे आत्मसात करने की आवश्यकता है। ईश्वरीय प्रेम शांति, खुशी को औरों के साथ बांटना है। बाईबल से पाठ काथलिक सभा एवं महिलासंघ प्रितिनिधिओं ने पढ़ा तथा निवेदन प्रार्थना युवा संघ ने किया। धार्मिक गीतों का गायन फादर जस्टिन तिर्की की अगवाई में संस्था के गायक मंडली ने किया। समारोह के अंत में फादर अशोक सांडिल एस जे द्वारा लिखित सोल क्रेसेंडो नामक किताब तथा रांची जेसुइट ईयर बुक 2023 पत्रिका का विमोचन अतिथियों ने किया। मिस्सा के अंत में फादर रेमंड केरकेट्टा एस जे ने आभार प्रकट किया। इस अवसर पर संत अन्ना की पुत्री के धर्मसंघ की जेनेरल सिस्टर लिली ग्रेस टोपनो, मनरेसा के रेक्टर फादर अमृत लकड़ा, संत जेवियर कॉलेज के रेक्टर फादर अलेक्स एक्का, पल्ली पुरोहित फादर आनंद डेविड खलखो, संत अलबर्टस कॉलेज के रेक्टर फादर अजय कुमार खलखो भी उपस्थित हुए। येसु संघ का संक्षिप्त इतिहासफादर अजित खेस्स एस जे संस्था का इतिहास प्रस्तुत करते हुए कहा कि येसु संघ की स्थापना सन 1540 ई. में रोम देश में संत इग्नासियुस लोयोला द्वारा स्थापित किया गया। इनका मुख्यालय रोम में है। वर्तमान में यह संस्था सौ से अधिक देशों में कार्यरत है। इनकी सदस्य संख्या पंद्रह हजार से भी अधिक है। एशिया में 20 प्रोविंश और 2 रीजन है।सन 1956 ई. में रांची एक अलग प्रोविंश बना। वर्तमान में इस प्रोविंश मे 390 सदस्य हैं जो झारखण्ड के अलावा देश के अन्य इलाके सहित अफ्रीका, कंबोडिया, रोम, स्पेन, गयाना, जापान आदि देशों में अपनी सेवा दे रहे हैं। रांची के डॉ कामिल बुल्के पथ में सदभावना, मनरेसा, एक्स ई एस एस, सेंट जेवियर कॉलेज, सेंट जोनस स्कूल तथा डोरंडा में सेंट जेवियर स्कूल, कांके क्षेत्र में पल्ली एवं तरणोदय, सपारोम में प्रभात तारा धुर्वा, किशोरनगर- नामकुम तथा बगाइचा में कार्यरत है।
टीम एबीएन, रांची। श्री श्याम मंडल मंगलवार (1 अगस्त से 7 अगस्त 2023 तक) से अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ करने जा रहा है। कल प्रात: 8:30 बजे से मंदिर के प्रथम तल्ले में गणपति, नवग्रह इत्यादि का पूजन आचार्य श्री श्याम भारद्वाज के नेतृत्व में होंगे। पूजन के पश्चात अपराह्न 3 बजे से लक्ष्मीनारायण मंदिर (सेवा सदन हॉस्पिटल के सामने) 51 कलश पूजन के साथ कलश यात्रा प्रारंभ होकर श्री श्याम मंदिर में विराजमान किया जायेगा। मुख्य कार्यक्रम अपराह्न 4 बजे से चिन्मय आश्रम के स्वामी श्री परिपूर्णानंद जी व्यास पीठ पर विराजमान होकर कथा करेंगे। प्रतिदिन कथा संध्या 4 बजे 7 बजे तक आयोजित है तथा कथा के समापन के पश्चात महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। श्री श्याम मंडल, रांची ने सभी धर्म प्रेमियों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पहुंच इस श्रावण मास में होने वाले श्रीशिव महापुराण की कथा का लाभ लें। उक्त जानकारी श्री श्याम मंडल श्री श्याम मंदिर, अग्रसेन पथ रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार (9835331112) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, कर्रा/लोधमा। (तपकारा) थाना क्षेत्र के लोहा जिमी गांव निवासी रोमिल गुड़िया पिता डोमेनिक गुड़िया शनिवार शाम सप्ताहिक हॉट से अपने घर जाने के क्रम में डेराग और लोहा जिमी गांव के बीच अचानक जंगली हाथी से मुठभेड़ हो गया।जिससे जंगली हाथी ने युवक को शोड़ से लपेट कर पटक दिया जिससे उसका दाहिना पैर टूट गया। ग्रामीणों के शोर मचाने से हाथी युवक को छोड़कर जंगल की तरफ चले गये, जिससे युवक बाल-बाल बच गया।
जंगल में छापेमारी के बाद मिली कामयाबीटीम एबीएन, गढ़वा। जिले में रविवार को पांच लाख का इनामी माओवादी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी प्रतिबंधित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से अलग हुए एक माओवादी समूह से जुड़ा हुआ है। रंका उप अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम ने रांची से लगभग 205 किलोमीटर दूर रमकंडा पुलिस थाने के सीमा अंतर्गत चेटे पाटसर जंगल में छापेमारी की। इस दौरान प्रतिबंधित संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद के नेता को पकड़ा गया। गैरकानूनी माओवादी संगठन के स्वघोषित सब-जोनल कमांडर मनोज परहिया पर पांच लाख रुपये का इनाम था।उन्होंने बताया कि जिले के गोरेया करम गांव का निवासी परहिया पहले प्रतिबंधित संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (टीएसपीसी) से भी जुड़ा था। उसे सुबह जंगल से गिरफ्तार किया गया।
आकाशीय बिजली बनी अकाल : वज्रपात की चपेट में आया घर के बाहर खड़ा युवकटीम एबीएन, धनबाद। जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक वज्रपात की चपेट में आ गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।मामला जिले के वार्ड नंबर 23 रघुवर नगर का है। जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय चंदन कुमार बीते शनिवार देर रात बिजली कड़कने की आवाज सुनकर घर से बाहर आया था। इस दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गया। आनन-फानन में युवक को एनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि मृतक चंदन कुमार की पत्नी ने 15 दिन पहले ही बेटी को जन्म दिया है। चंदन कुमार के 2 बेटे भी हैं। घर में खुशी का माहौल था। वहीं, परिवार में अब मातम का माहौल छा गया है।
सावन की चौथी सोमवारी पर उमड़े भक्तटीम एबीएन, देवघर। सावन की चौथी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आ रहा है। देवघर बाबा धाम में भक्तों की अपार भीड़ उमड़ पड़ी है। कांवरिया अरघा सिस्टम से जलार्पण कर रहे हैं। उनकी सुरक्षा में प्रशासन मुस्तैद नजर आ रहा है।सुबह 4 बजे मंदिर का कपाट खुलने के साथ ही भक्त बोल बम के नारा लगाते हुए मंदिर में प्रवेश कर गये। वहीं बाबा भोलेनाथ पर जलार्पण के लिए मंदिर प्रांगण से काफी दूर-दूर तक कांवरिया लंबी कतार में नजर आये। सोमवारी को लेकर उपायुक्त ने संपूर्ण मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।इससे पहले रविवार देर रात को यहां की सुरक्षा व सुविधा को लेकर देवघर डीसी विशाल सागर ने संपूर्ण मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने परित्राण कैम्प्स, दुम्मा बॉर्डर, कांवरिया पथ, कोठिया टेंट सिटी, बाघमारा आईएसबीटी का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर किये गये विभिन्न व्यवस्थाओं की वस्तुस्थिति से अवगत हुए। साथ ही उपायुक्त ने परित्राण कैंपस में सुरक्षा की दृष्टिकोण से बेरिकेड करने के अलावा कैंपस में शौचालय, पेयजल की व्यवस्था को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इसके अलावे उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के आवासन हेतु कोठिया में बनाये गये दोनों टेंट सिटी का निरीक्षण कर विशेष साफ-सफाई के साथ हवादार बनाने और एग्जॉस्ट फैन लगाने का निर्देश दिया। साथ ही बिजली सुरक्षा को लेकर संबंधित कार्यपालक अभियंता को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिये। उपयुक्त ने टेंट सिटी में अग्निशमन यंत्र के उपयोग को लेकर डेडिकेटेड टीम को प्रशिक्षण देकर सभी टेंट सिटी में प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के क्रम में डीसी ने विधि व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिये। साथ ही दुम्मा बॉर्डर से पैदल चलकर कांवरिया पथ में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी को मेला के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के साथ सेवा भाव से 24 घंटे एक्टिव रहने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त विशाल सागर ने कालीबाड़ी, नंदन पहाड़ मोड़, कुमोदिनी घोष रोड, बरमसिया से सरकार भवन से बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, जलसार मोड़, हदहदिया पल, परमेश्वर दयाल रोड में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर किये गये विभिन्न इंतजामों की जायजा लिया।
आठ जिलों के डीएसओ और 4 जिले के एडीएसओ बदले टीम एबीएन, रांची। खाद्य आपूर्ति विभाग ने 8 जिलों के जिला आपूर्ति पदाधिकारी और 4 जिलों के सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी को बदल दिया है। विभाग के अवर सचिव संजय कुमार ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नव पदस्थापित स्थान पर योगदान देने को कहा है। जारी अधिसूचना के अनुसार जिन जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को बदला गया है उनमें गौतम कुमार भगत को कोडरमा का जिला आपूर्ति पदाधिकारी बनाया गया है। इसी तरह सुदर्शन मुर्मू को गोड्डा, वासुदेव प्रसाद को लातेहार, प्रमोद राम को खूंटी, गुलाम समदानी को गिरिडीह, रंजीता टोप्पो को रामगढ़, राजीव रंजन को गढ़वा और पूनम कच्छप को गुमला का जिला आपूर्ति पदाधिकारी बनाया गया है।इनके अलावा 4 सहायक आपूर्ति पदाधिकारियों में श्याम नाथ पाठक को बुंडू में पदस्थापित करते हुए मुख्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया है। इनके अलावा भीम उरांव को खूंटी। फिलिक्स आनंद कुमार एकका को नगर उंटारी, गढवा और राजशेखर को मधुपुर, देवघर का सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी बनाया गया है।
जांच के लिए कब्र से निकाली गयी बच्ची की लाशएबीएन न्यूज नेटवर्क, पाकुड़। जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया है जब स्कूल के छात्रावास में रहने वाली 3 बच्चियों को जहरीले सांप ने डंस लिया, जिसमें 1 बच्ची की मौत हो गयी। वहीं, बच्ची को बिना पोस्टमार्टम के ही कब्र में दफना दिया गया था। मौत पर लगातार उठ रहे सवालों के बाद बच्ची के शव को कब्र से निकाला गया है।दरअसल, सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर इस मामले पर सवाल खड़ा किया था। उन्होंने ट्वीट किया बिना पोस्टमार्टम के कैसे अनुमान लगाया जा सकता है की बच्चियों को बलात्कार, फूड प्वाइजनिंग या सर्पदंश या अन्य वजह से ये दिक्कत हुई? ये लापरवाही का नतीजा है और बच्चियों के परिवार का अनादर। वहीं, अब मौत के कारणों को लेकर मामला गहराने के बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बता दें कि 22 जुलाई को जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित ईसीआई मिशन में सभी छात्राएं छात्रावास में सो रही थीं। जानकारी के मुताबिक पहले 10 वर्षीय मनीषा पहाड़िन के पेट में दर्द शुरू हुआ। 10 वर्षीय रोबिका पहाड़िन व 14 वर्षीय सबीना पहाड़िन के भी पेट में दर्द शुरू हो गया है। आनन-फानन में स्कूल प्रबंधन ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया जहां मनीषा की मौत हो गई जबकि बाकी 2 बच्चियां खतरे से बाहर बतायी जा रही हैं। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने बीमारी का कारण सर्पदंश बताया था।बताया जा रहा है कि ईसीआई स्कूल में नामांकित 228 विद्यार्थियों में से 125 के लिए बेड की व्यवस्था नहीं है, जिस कारण यहां अभी भी कई छात्र-छात्राएं जमीन पर सोने को मजबूर हैं। वहीं, फिलहाल 2 बच्चियों का इलाज अभी अस्पताल में जारी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.