560 जलाशय पूरी तरह अतिक्रमितटीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें दिन गुरुवार को जल संसाधन विभाग ने बताया कि 1.07 लाख जल स्त्रोत में से मानव निर्मित 13 हजार जलाशय इस्तेमाल के लायक नहीं हैं जबकि 560 जलाशय पूरी तरह अतिक्रमित हो चुके हैं। विधानसभा में विधायक प्रदीप यादव के उठाये सवाल पर जल संसाधन विभाग ने यह बात स्वीकार की है।विधायक ने पूछा कि इन जलाशयों के जीर्णोद्धार और अतिक्रमण मुक्त करे इसके लिए सरकार की क्या योजना है। इस पर विभाग की ओर से बताया गया कि जल संसाधन विभाग के वृहद और मध्यम सिंचाई योजना के तहत 56 जलाशय योजना चल रहे हैं, जो अतिक्रमण मुक्त और क्रियाशील हैं। लघु सिंचाई विभाग से संबंधित जल स्रोतों का जीर्णोद्धार चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है और आगे भी किया जायेगा।राज्यभर के ब्लॉक आफिस, रजिस्ट्री आफिस समेत कई विभागों में कई कर्मचारी पांच-छह सालों से एक ही जगह पर पदस्थापित हैं। विधायक बिरंची नारायण के पूछे सवाल पर राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने यह स्वीकार किया है। विधायक ने पूछा था कि जिला स्तर पर कर्मचारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग जिला स्थापना समिति की बैठक के निर्णय के आधार पर साल में दो बार करने का प्रावधान है, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इस पर विभाग ने बताया है कि जरूरत के मुताबिक कार्यहित में कर्मियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग जिला स्थापना स्थापना समिति की बैठक के निर्णय के मुताबिक होता है।
मरीजों को रांची में ही मिलेगी देश भर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की जानकारी किसी भी राज्य में मरीजों को वाहन, होटल की व्यवस्था, इलाज के दौरान करेंगे सहयोगटीम एबीएन, रांची। झारखंड के लोगों को बेहतर चिकित्सा सहायता और परामर्श उपलब्ध कराने के लिए रांची में इंडिया ट्रीटमेंट डॉटकॉम की शुरुआत की जा रही है। राज्य में चिकित्सा सहायता के क्षेत्र में यह अनूठी पहल है। रांची के लालपुर चौक स्थित कमल फार्मा में 5 अगस्त से शुरू होने वाले इंडिया ट्रीटमेंट डॉट कॉम सेंटर से यहां के मरीजों को बेहतर और किफायती इलाज कराने में सहायता मिलेगी। रांची सहित झारखंड के मरीजों को जानकारी के अभाव में दूसरे राज्यों में इलाज कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब इंडिया ट्रीटमेंट के सहयोग से उनकी मुश्किलें काफी आसान हो जायेगी। इसके लिए मरीजों एवं उनके परिजनों को दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। इस केंद्र की मदद से उनके समय व पैसों की बचेगी। इंडिया ट्रीटमेंट के फाउंडर सीईओ सुमित बैद ने बताया कि उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में 45 वर्षों तक काम किया। इसके बावजूद जब वे अपने परिजनों को दिखाने के लिए चेन्नई ले गये, तो उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तब उन्होंने सोचा कि जब उनको इतनी दिक्कतें हुई। तो आम मरीजों और विदेशों से आने वाले मरीजों को कितनी दिक्कतों का सामना करना पड़ता होगा। तब उन्होंने काफी रिसर्च किया और इंडिया ट्रीटमेंट डॉट कॉम का निर्माण किया। इस प्रक्रिया से मरीजों की मुश्किलें काफी आसान हो गयी है। अब उन्हें देश विदेशों में सही चिकित्सा परामर्श के कारण बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है। इससे उनके समय और पैसों की भी काफी बचत होती है। अभी तक हमारे केंद्र ने 5000 से भी अधिक मरीजों कोसुविधा मुहैया करायी है। राज्य के मरीजों और उनके परिजनों के परेशानियों को देखकर यह पहल रांची में शुरू की गयी है। इंडिया ट्रीटमेंट डॉट कॉम से जुड़े लोगों को मेरी शुभकामनाएं हैं। मेरी कामना है कि यह लोग अच्छी तरीका से काम कर झारखंड और रांची के मरीज और उनके परिजनों को सहयोग करते रहें। इंडिया ट्रीटमेंट डॉट कॉम के झारखंड के एसोसिएट पार्टनर बजरंग वर्मा और कमल नाथ महतो ने बताया कि हमारे सेंटर से मरीजों को बीमारी से संबंधित देश भर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की जानकारी दी जायेगी। उनसे इलाज कराने जाने पर देश के किसी भी राज्य में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन, ठहरने के लिए होटल व कमरें और इलाज कराने के दौरान सहयोग किया जायेगा। कहा जाय तो इंडिया ट्रीटमेंट डॉट कॉम मरीज और उनके परिजनों के लिए एक गाइड के रूप में कार्य करता है। उन्होंने बताया कि रांची के इस सेंटर में देश भर के प्रसिद्ध अस्पतालों के डॉक्टर अपनी सेवा देंगे। सितंबर महीने से कई प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉक्टर कमल फार्मा में रोजाना बैठेंगे। अब यहां के मरीजों को डॉक्टरों से दिखाने के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें यहां ही अच्छे डॉक्टरों की सुविधा के साथ बाहर जाने पर उचित परामर्श दिया जायेगा। यह जानकारी डायरेक्टर बजरंग वर्मा (8789739258) ने दी।
टीम एबीएन, रांची। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री एवं रांची की निवर्तमान महापौर डॉ आशा लकड़ा ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। आशा आदिवासी समाज और बाबूलाल मरांडी पर विधायक इरफान अंसारी द्वारा विधानसभा में दिये गये बयान पर गुरुवार को प्रेसवार्ता के माध्यम से प्रतिक्रिया दी।आशा लकड़ा ने कहा कि झारखंड आदिवासियों के त्याग और बलिदान का प्रतिफल है लेकिन जामताड़ा से कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी आदिवासियों के प्रति ओछी सोच रखते हैं। आदिवासी इतना तेज कैसे हो गये हैं हमको समझ नहीं आता। विधायक इरफान अंसारी के इस बयान से पूरा आदिवासी समाज मर्माहत है। कांग्रेस पार्टी के डीएनए में ही जनजातीय समाज के प्रति विरोध है। झारखंड में अब तक आदिवासी समाज से चार मुख्यमंत्री चुने गये।उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी आदिवासी हैं। लेकिन वे आदिवासी को बोका समझते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड का इतिहास गवाह है कि आदिवासियों ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर इस राज्य का नाम रोशन किया है। आदिवासी समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, चांद-भैरव, फूलो-झानो, सिदो-कान्हू, तिलका माझी जैसे महापुरुषों ने अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए। इरफान अंसारी पहले आदिवासियों के इतिहास को जानें। आदिवासी सरल, सहज व स्वाभिमानी हैं। कांग्रेस और जेएमएम न तो आदिवासियों के हितैषी थे और ना ही हो सकते हैं। ये आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल कर अपना हित साधते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता ने प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति को भी अपने असंसदीय टिप्पणी से अपमानित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड को आदिवासियों ने अपने खून-पसीने से सींचा है। मैं भी आदिवासी हूं और मुझे आदिवासी होने पर गर्व है। यहां की मिट्टी ही मेरी पहचान और वजूद है।मैं आदिवासी समाज से आह्वान करती हूं कि आदिवासियों को नीचा दिखाने वालों को जड़ समेत उखाड़ कर फेंके, ताकि भविष्य में हमें कोई नीचा दिखाने की कोशिश न करे।उन्होंने कहा कि विधायक इरफान अंसारी का यह बयान कि उन्हें हिंदू वोट नहीं देंगे, तब भी जीत जाएंगे। यह अहंकार नहीं तो और क्या है। विधायक इरफान अंसारी जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं या किसी वर्ग विशेष का। हिंदू किसे वोट देंगे और किसे नहीं, यह तो वक्त ही बतायेगा। कहीं ऐसा न हो कि जिस पर भरोसा कर रहे कहीं वही धोखा न दे दें।
अरगोड़ा में रेलवे ट्रैक से मिले शव की हुई पहचान टीम एबीएन, रांची। अरगोड़ा में रेलवे ट्रैक से मिले युवक युवती के शव की पहचान हो गयी है। मृतकों में लोहरदगा के नवाटोली निवासी सुरेश महली और उसकी पत्नी ज्योति कुमारी शामिल है। दोनों मजदूरी करके घर चलाते थे। गुरुवार को मृतकों के परिजन अरगोड़ा थाना पहुंचकर शव की पहचान की। गरीबी के कारण उसकी पत्नी भी मजदूरी करती थी। संभावना जतायी जा रही है कि दोनों ने आत्म हत्या की है।
रांची : स्कूल में 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास, मामला दर्ज टीम एबीएन, रांची। जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक पांच वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ है। बच्ची के साथ उसके निजी स्कूल में ही दुष्कर्म की कोशिश की गई है। बच्ची के परिजनों ने अनगढ़ा थाना में पॉस्को एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराया है।परिजनों ने शिकायत में कहा है कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान है। परिजनों ने यह भी बताया है कि स्कूल में क्लास चलने के दौरान विद्यालय के ही किसी कर्मचारी ने इस गिरी हुई हरकत को अंजाम दिया है। पुलिस जांच में जुटी एफआईआर दर्ज कराने के बाद बच्ची का मेडिकल टेस्ट कराया गया है, जिसमें डॉक्टरों द्वारा यह पुष्टि की गई है कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान देखे गये हैं। सीडब्लूसी की तरफ से बच्ची को कानूनी रूप से मदद देने के लिए एक लीगल सपोर्ट भी मुहैया करा दिया गया है। फिलहाल बच्ची को परिजन के पास रखा गया है और पूरे मामले पर पुलिस को कार्रवाई करने का दिशा निर्देश भी दिया गया है।
झारखंड एटीएस की टीम ने की कार्रवाई टीम एबीएन, रांची। झारखंड एटीएस की टीम ने अमन सिंह गिरोह के शूटर और हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सूटर का नाम नितेश कुमार सिंह उर्फ बुचन सिंह है। वहीं हथियार सप्लायर का नाम लालू पांडे उर्फ प्रभाकर पांडे है। प्रभाकर पांडे नक्सली संगठन और अपराधी गिरोहों के लोगों को हथियार व गोली सप्लाई करता था। वहीं शूटर नितेश कुमार सिंह के ऊपर धनबाद के कतरास थाना में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान एटीएस की टीम को इन दोनों ने कई अहम जानकारियां दी हैं जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चंद्रयान-3 के उपकरण बनाने वाला एचइसी आर्थिक तंगी में टीम एबीएन, रांची। कॉमर्शियल कोर्ट द्वारा एचईसी (हेवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन) के सीएमडी व तीन प्लांट्स के जीएम के आफिस सील करने के आदेश के बाद की स्थिति से एचईसी ने केंद्र सरकार को अवगत कराया है। साथ ही एचईसी को आर्थिक मदद देने का आग्रह किया है। इसके लिए भारी उद्योग मंत्रालय को पत्र लिखा गया है। कहा गया है कि केंद्र से आर्थिक मदद नहीं मिली, तो एचइसी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। विभिन्न कंपनियों की एचइसी पर देनदारी पत्र में एचइसी की देनदारियों समेत विभिन्न कंपनियों के बकाये के बारे में बताया गया है। कुछ कंपनियों ने बकाया व विलंब से कार्यादेशों की आपूर्ति पर विलंब शुल्क मांगने के बारे में बताया है। कुछ कंपनियों की ओर से एचइसी को मिले नोटिस की भी जानकारी दी है। केंद्र से तत्काल आर्थिक मदद देने का आग्रह करते हुए प्रबंधन ने कहा है कि यदि बकाया का भुगतान नहीं हुआ तो एचइसी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मैटेरियल लेकर ढाई करोड़ का भुगतान नहीं किया बता दें कि मंगलवार को कॉमर्शियल कोर्ट के आदेश के बाद एक दंडाधिकारी पुलिस बल के साथ सीएमडी और एचएमटीपी के महाप्रबंधक का कार्यालय सील करने गए थे। एचईसी ने 2012-13 में राउरकेला की कंपनी पायोनियर इंडस्ट्रीज से रॉ-मैटेरियल लिया था, लेकिन सप्लायर कंपनी को 2।50 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया। इसके एवज में कोर्ट ने सीएमडी कार्यालय सील करके कार्यालय के सामान को जब्त करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने सीएमडी कार्यालय के साथ तीनों प्लांट एचएमबीपी, एफएफपी और एचएमटीपी के जीएम आॅफिस को भी सील कर सामान जब्त करने का आदेश दिया है।
नगड़ी के जमीन कारोबारी ने करायी माकपा नेता की हत्या, चार गिरफ्तारटीम एबीएन, रांची। पुलिस ने माकपा नेता सह जमीन कारोबारी सुभाष मुंडा हत्याकांड की गुत्थी को सुलझा लिया है। हत्या की साजिश रचने और अंजाम देने वाले कुल 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। माकपा नेता सुभाष मुंडा की हत्या जमीन विवाद में की गयी है। नगड़ी इलाके के ही रहने वाले एक जमीन कारोबारी ने साजिश रच कर किराये के हत्यारों से सुभाष मुंडा की हत्या करवा दी। करोड़ों रुपये की जमीन की डील को लेकर जमीन कारोबारी का माकपा नेता से विवाद था। इसी वजह से सुभाष की हत्या की गयी। रांची पुलिस ने नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली चौक के पास सात दिन पहले माकपा नेता सुभाष मुंडा की हुई हत्या के मामले की गुत्थी सुलझा ली है। इस वारदात को अपराधियों ने दो करोड़ के बेशकीमती जमीन के विवाद में ही अंजाम दिया है। इसकी पूरी प्लानिंग नगड़ी के ही एक जमीन कारोबारी ने की थी। रांची पुलिस की टीम की जांच में इसका खुलासा हुआ है। पुलिस की टीम ने शूटर समेत चार को गिरफ्तार कर लिया है, इसमें से तीन अपराधियों को पुलिस ने इटकी से पकड़ा है, जबकि एक को रांची के बाहर से दबोचा है। अपराधियों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किये गये हथियार और बाइक भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है। साथ ही अपराधियों ने पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी भी दी है। इधर, इस घटना में साजिशकर्ता के अलावा अन्य लोगों की भी संलिप्तता सामने आयी है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बढ़ते गौ हत्या व गौ मांस के व्यापार पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने हेमंत सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि प्रदेश में गोकशी और गोमांस के अवैध व्यापार के साथ-साथ अवैध व्यापार करने वालों का भी मनोबल बढ़ गया है।श्री सिन्हा ने कहा कि हेमंत सरकार की तुष्टिकरण की नीति के कारण अवैध व्यापार करने वाले कानून अपने हाथ में लेकर कार्य कर रहे हैं। यहां तक कि पुलिसिया तंत्र को भी ठेंगा दिखलाते हुए अवैध रूप से व्यापार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताजा मामला जामताड़ा को ही देख लिया जाये तो स्पष्ट है कि गोकशी का विरोध करने पर युवक को ही उल्टे पीट दिया गया। हेमंत सरकार में इसी तरह से प्रदेश के जिलों में घटनाएं घट रही है। गो हत्या व गोमांस का अवैध व्यापार करने वालों का विरोध करने पर वे हमला बोल रहे हैं।इन मामलों में सीधे हेमंत सरकार की नीति दिखायी देती है। सरकार और उनके विधायक बहुसंख्यक समाज के आस्था से खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विधायक इरफान अंसारी ने जिस प्रकार से माथे पर लगे तिलक को हटाया वह उसी का प्रतीक है।श्री सिन्हा ने कहा कि आदिवासी सरकार का दंभ भरने वाली हेमंत सरकार तुपुदाना ओपी प्रभारी एसआई संध्या तोपनो की हत्या के आरोपियों को सजा नहीं दिला पायी है। आदिवासी संध्या तोपनो को अवैध गो मांस की व्यापार करने वालों द्वारा गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गयी थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध व्यापार करने वालों को खुली छूट मिली है। थानों में एंट्री देकर अवैध गोकशी के लिए ले जाने वाली गाड़ियों को पास कराया जाता है। उन्होंने कहा हेमंत सरकार गो मांस का अवैध व्यापार और गो हत्या पर अविलंब रोक लगाये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.