टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में कोरोना विस्फोट हुआ है। पूर्वी सिंहभूम में 76 नये मरीज मिले हैं। राज्य में कोरोना के 366 एक्टिव केस है। 44 मरीज स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में 115 कोरोना के नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में रांची में नौ, बोकारो, गोड्डा में दो और सरायकेला में दो, देवघर में छह, लातेहार में छह, धनबाद में पांच, पूर्वी सिंहभूम में 76, गढ़वा में एक, गिरिडीह में तीन और हजारीबाग में तीन मरीज मिले हैं। हालांकि 13 जिले में कोरोना का एक भी मरीज नहीं मिला है।
पूर्वी सिंहभूम में कोरोना धमाका! एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बाद टेस्टिंग बढ़ा दी गयी है। पोटका विधानसभा क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 395 छात्राओं की कोरोना टेस्टिंग में 10 छात्राएं कोरोना संक्रमित पायी गयी हैं। इससे हड़कंप मच गयी। फिलहाल, सभी छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ सीट और बीडीओ निखिल कश्यप ने अलग कमरे में क्वारेंटाइन कर दिया है। सभी के बीच दवा की किट बांटी गयी है और सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है। डॉ सीट ने कहा कि छात्राओं को पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध करा कर विद्यालय में ही आइसोलेट किया गया है। उनकी आगे भी जांच की जायेगी। जिले में कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। अन्य जिले के मुकाबले पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना संक्रमण के ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। घाटशिला अनुमंडल के चाकुलिया कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय में कोरोना विस्फोट के बाद संक्रमित छात्रों की संख्या 69 हो गयी है। वहीं इतनी भारी संख्या में कोरोना संक्रमित मिलने के कारण जिले के सिविल सर्जन डॉ जुझार मांझी ने जिले के सभी आवासीय विद्यालय में कोरोना जांच करने का आदेश दिया है।
पुत्र के साथ दंपती ने ईंट से वार कर ली जान एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। शराब के नशे में धुत्त एक बुजुर्ग गांव की ही एक अधेड़ महिला संग छेड़खानी करने लगा। महिला ने शोर मचाया तो उसके पति व दो पुत्र पहुंचे और चारों ने मिलकर बुजुर्ग की हत्या कर दी। हत्या ईंट से कूच-कूच कर की गयी। हत्या के बाद शव को मंदिर के समीप फेंक दिया गया। घटना के 48 घंटे के अंदर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया। महिला, उसके पति व एक पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि एक अन्य आरोपी पुत्र फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतक की घड़ी, एक पैर का चप्पल और घटना में प्रयुक्त ईंट को बरामद कर लिया है। यह पूरा मामला जमुआ थाना क्षेत्र से जुड़ा है। इस मामले की जानकारी डीएसपी मुख्यालय संजय राणा ने प्रेस वार्ता में दी। बताया कि 22 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे जमुआ थाना इलाके के करमाटांड़ निवासी बासुदेव यादव उर्फ बासुदेव महतो का शव गांव के ही बजरंगबली मंदिर के पीछे मिला था। इस मामले के मृतक के पुत्र नकुल यादव के आवेदन पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी।
17 सिटी बस चालकों ने ठेकेदार के खिलाफ किया प्रदर्शन टीम एबीएन, रांची। राजधानी में रांची नगर निगम के द्वारा चलाई जा रही बसों को लेकर आये दिन विवाद देखने को मिलता है। अक्सर चालकों से शिकायतें सुनने को मिलती हैं, तो कभी ठेकेदारों से। लेकिन इस बार ठेकेदार और चालक आमने-सामने आ गये हैं। जिस वजह से राजधानी रांची में चलने वाली 17 सिटी बस के चालक ने काम बंद कर दिया है। इसी के मद्देनजर राजधानी में चल रही सिटी बसों के सभी चालकों ने अल्बर्ट चौक स्थित यूनियन कार्यालय में ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने चालकों को परेशान करने का आरोप भी ठेकेदार पर लगाया। विरोध प्रदर्शन कर रहे सिटी बस के चालक सुरेंद्र दीक्षित ने बताया कि पिछले 12 वर्षों से वह निगम में चालक के रूप में काम कर रहे हैं, लेकिन अभी तक निगम की तरफ से उन्हें कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। इसके अलावा निगम की तरफ से जो रूट निर्धारित की गयी थी, उस रूट को कैंसिल कर ठेकेदारों ने अपने निजी फायदे को देखते हुए नया रूट बनाने का काम किया है, जिस वजह से चालकों को काफी परेशानी हो रही है। प्रदर्शन कर रहे चालकों ने कहा कि जितनी भी सिटी बसें चल रही हैं, वह सभी पुरानी हो गई हैं लेकिन उसके बावजूद भी ठेकेदार बिना किसी मेंटेनेंस के बसों को लंबी रूट में चलवा रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, चालकों की परेशानी को देखते हुए वामदल के नेताओं ने भी प्रदर्शन कर रहे चालकों को समर्थन दिया है। वाम दल के नेता अजय कुमार सिंह ने बताया कि जिस तरह से निगम के द्वारा गरीब चालकों का शोषण किया जा रहा है वह गलत है। अगर जल्द से जल्द सभी चालकों की मांग पर निगम के अधिकारी उचित निर्णय नहीं लेते हैं, तो आने वाले समय में निगम के सिटी बस चालकों के लिए सड़क से लेकर सदन तक विरोध प्रदर्शन करने का काम किया जायेगा। वहीं, बस चालकों के अचानक हड़ताल पर जाने की वजह से शहर में आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कर्रा। लोधमा पाईक टोली में मंगलवार को झूलन कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय मंडा पूजा संपन्न हो गया। झूलन के दौरान मंडा खूंटा से भक्तों ने फूलों की वर्षा की और उसे ग्रहण करने के लिए लोगों में उत्साह दिखा। इससे पहले सोमवार रात 40 शिव भक्तों ने आग के अंगारों पर चलकर शिव जी की पूजा अर्चना की और प्रसाद ग्रहण कर वृत तोड़ा।
टीम एबीएन, गिरिडीह। स्थानीय प्रशासन की सतर्कता से सोमवार को दो नाबालिग सगी बहनें परिणय सूत्र में बंधने से बच गयीं। माता-पिता ने गलती स्वीकार बच्चियों को पढ़ाने का वादा किया है। 12 और 14 साल की यह दोनों बहने धनवार थाना क्षेत्र के भलुटांड पंचायत की हैं। इनके माता-पिता करीब हैं। इनकी शादी सरिया के एक गांव में तय हुई थी। सोमवार शाम बारात आनी थी। इसकी सूचना मिलते ही धनवार बीडीओ रामगोपाल पांडेय पुलिस और अपने कर्मियों के साथ बच्चियों के घर पहुंचे और समझाया। माता-पिता ने गलती मानते हुए शादी रद्द कर प्रशासन को बांड भरकर दिया। इस मौके पर बीपीओ मनोज कुमार, पंचायत सचिव जयनारायण रंजन, रोजगार सेवक रामचंद्र पासवान आदि मौजूद रहे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 63 नए मरीज मिले हैं। इस अवधि में 62 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में 295 एक्टिव केस हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रांची में 15, बोकारो में दो, गोड्डा में दो, पलामू में दो धनबाद में चार, लातेहार में चार, लोहरदगा में चार, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में 13, गिरिडीह में एक, गुमला में एक, खूंटी में एक, हजारीबाग में पांच और पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में पांच मरीज मिले हैं। राज्य में सबसे अधिक एक्टिव केस 66 राजधानी रांची में हैं।
टीम एबीएन, रामगढ़। रामगढ़ जिले की चुटूपालू घाटी में आज (मंगलवार) सुबह बस हादसे में रांची में पदस्थ एक पुलिसकर्मी समेत तीन लोगों की जान चली गयी। हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल भेजा गया है। यह बस बख्तियारपुर (बिहार) से रांची जा रही थी। रामगढ़ थाना प्रभारी रोहित कुमार ने इसकी पुष्टि की है। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि यह हादसा एक अनियंत्रित ट्रेलर की वजह से हुआ। ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया। वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरे लेन में पहुंचकर बस से टकरा गया। इस टक्कर के बाद दोनों वाहन घाटी में पलट कर खाई में गिर गये। उन्होंने बताया कि घायलों में कई की हालत गंभीर है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के बाद रांची-रामगढ़ लेन पर कई घंटे तक यातायात बाधित रहा।
टीम एबीएन, रांची। रांची सिविल कोर्ट के अधिवक्ता एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को काला बिल्ला लगाकर न्यायिक कार्य कर रहे हैं। रांची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय विद्रोही ने बताया कि रांची सिविल कोर्ट के सभी वकील काला बिल्ला लगाकर न्यायिक कार्य में शामिल हुए हैं। इस आंदोलन में सभी वकीलों का पुरजोर समर्थन मिला है। हम सरकार, बार काउंसिल ऑफ झारखंड और बार काउंसिल ऑफ इंडिया को यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि अधिवक्ताओं के हितों के लिए काम करने वाली सभी संस्थाओं को एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट के लिए एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। इस दौरान सभी अधिवक्ताओं को एसोसिएशन की ओर से काला बिल्ला भी लगाया जा रहा था। इससे पूर्व काला बिल्ला लगाकर कार्य करने का निर्णय रांची जिला बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.