एकमुश्त बिजली बिल जमा करने पर डीपीएस होगा माफ टीम एबीएन, लोहरदगा। किस्को प्रखंड के चरहु गांव में कल 27 अप्रैल को बिजली विभाग की ओर से बिजली बिल वसूली कैंप का आयोजन किया जायेगा। उक्त जानकारी बिजली विभाग के बिजली कर्मी हुसैन अंसारी ने देते हुए बताया कि चरहु में 27 को बिजली बिल जमा कैम्प का आयोजन कर बकाया बिजली बिल जमा लिया जायेगा। साथ ही चरहु में ही 28 अप्रैल को एक मुश्त बिजली बिल जमा योजना के तहत बिजली बिल जमा लिया जाएगा जिसमें उक्त योजना के तहत बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं का डीपीएस माफ किया जायेगा।
बारिश में वॉलीबॉल खेलना पड़ा महंगा टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में हुए बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात जरूर दिलायी है, लेकिन इस बारिश में हुए वज्रपात के कारण राजधानी रांची के इटकी प्रखंड अंतर्गत इटकी थाना के स्थानीय मैदान में विधानी गांव और पूरीयो गांव के बीच हो रहे वालीबॉल मैच के दैरान वालीबॉल खेल रहे 4 युवक व्रजपात की चपेट में आ गये। जिसमें दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। ठनका की चपेट में आकर मरने वाले युवकों की पहचान विधानी गांव के रहने वाले अनूप कुजुर (20) और सुशील मुंडा (19) के रूप में हुई है। वहीं दोनों घायल युवकों की पहचान दीवा उरांव और दुर्गा उरांव के रूप में की गयी है। आकाशीय बिजली गिरने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने दोनों मृतक युवक अनूप कुजूर और सुशील मुंडा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेजा है। वहीं वज्रपात में घायल दोनों युवकों का इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर के इकलौता बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम : स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक अनूप घर का इकलौता चिराग था, वह रांची के ही संत पॉल कॉलेज में इंटर में पढ़ाई कर रहा था। इकलौते 20 वर्षीय बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दूसरा मृतक सुशील मुंडा के संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि वह 11वीं कक्षा में पढ़ रहा था। दो-दो युवकों की वॉलीबॉल खेलने के दौरान व्रजपात की चपेट में आकर हुए मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया है। वज्रपात से 3 की मौत, आधा दर्जन घायल : वहीं एक और घटना राजधानी रांची से सटे सोनाहातु प्रखंड के तेतला गांव में हुई है। जहां वज्रपात की चपेट में आकर राजेंद्र महतो (55) की मौत हो गयी। जबकि वज्रपात की चपेट में आकर खेत में काम कर रहे रोमिला देवी, दुलारी देवी और प्रदीप महतो गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी घायलों को इलाज के लिए पुलिस प्रशासन के द्वारा रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया है। जबकि वज्रपात में मृत हुए 55 वर्षीय राजेंद्र महतो के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। एकाएक हुए बारिश के दौरान व्रजपात की चपेट में आकर राजधानी रांची में तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गये हैं। बता दें कि मौसम विभाग के तरफ से फोटो नहीं येलो अलर्ट जारी कर दिया गया था, किसानों को खतों में लगे ऊंचे पेड़ और तारवाले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी गयी।
टीम एबीएन, रांची। अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य होगा। 5.300 किमी सड़क का चौड़ीकरण 21 करोड़ 28 लाख की लागत से होगा। सड़क चौड़ीकरण का कार्य 7 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। इसको लेकर पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल रांची द्वारा टेंडर जारी किया गया है। टेंडर भरने की प्रक्रिया 3 मई से शुरू होगी। अंतिम तिथि 10 मई है। इसके बाद 11 मई को टेंडर खोला जायेगा। अरगोड़ा चौक से कई सड़कें है कनेक्ट अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण होने से जाम से मुक्ति मिलेगी। यह सड़क रिंग रोड और नेशनल हाईवे 23 को जोड़ती है। इसके अलावा अरगोड़ा चौक अशोकनगर, एचईसी और हरमू बायपास रोड़ को भी कनेक्ट करती है। इस सड़क पर दिनभर वाहनों की आवाजाही होती रहती है। लेकिन अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ जाने के लिए कई जगहों पर सड़क की चौड़ाई काफी कम है। जिसकी वजह से यहां हमेशा जाम लगा रहता है। सड़क चौड़ीकरण होने से राजधानी का ट्रैफिक लोड कम हो जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रभारी अविनाश पांडेय समेत पांच नेताओं को कर्नाटक चुनाव के लिए आब्जर्वर नियुक्त किया है। जिसमें पांडेय के अतिरिक्त झारखंड से डॉ अजय कुमार, डॉ ए चेला कुमार, मानिकम टैगोर, मोहन प्रकाश आदि शामिल हैं। अविनाश पांडेय को सेंट्रल कर्नाटक, डॉ ए चेला कुमार मैसूर रीजन, मानिकम टैगोर को मुंबई, कर्नाटक रीजन, डॉ अजय कुमार कॉस्टल कर्नाटक रीजन, मोहन प्रकाश को हैदराबाद कर्नाटक रीजन का जिम्मा दिया गया है।
प्रकाश सिंह बादल के निधन पर सीएम हेमंत ने जताया दुख टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा कि शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक आदरणीय सरदार प्रकाश सिंह बादल जी का निधन अत्यंत दु:खद है। देश और पंजाब ने अपना एक संघर्षशील नेता खो दिया। वहीं हेमंत सोरेन ने कहा कि परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल सुखबीर सिंह बादल जी और उनके परिवारजनों को दु:ख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
राज्य के 20 जिले कोरोना की चपेट में, पूर्वी सिंहभूम में एक्टिव केस सबसे ज्यादा 129 टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना फिर पांव पसार रहा है। हर दिन संक्रमितों की संख्या में बढ़ रही है। राज्य के 20 जिले कोरोना की चपेट में है। बीते 24 घंटे में झारखंड में 115 नये मरीज मिले हैं। पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 76 संक्रमित मरीज पाये गये हैं। यहां एक्टिव केस का आंकड़ा बढ़कर 129 पर पहुंच गया है। जबकि रांची में 09 संक्रमित मरीज मिले हैं। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 66 हो गयी है। वहीं राज्य भर में एक्टिव केस बढ़कर 366 पर पहुंच गया है। हालांकि राहत भरी खबर यह भी है कि एक दिन में 44 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इन जिले में हैं इतने सक्रिय मरीज बोकारो में 9, चतरा में 1, देवघर में 32, धनबाद में 13, पूर्वी सिंहभूम में 129, गढ़वा में 2, गिरिडीह में 8, गोड्डा में 7, गुमला में 6, हजारीबाग में 10, खूंटी में 3, कोडरमा में 1, लातेहार में 18, लोहरदगा में 33, पाकुड़ में 2, पलामू में 8, रामगढ़ में 5, रांची में 66, सरायकेला में 2 और पश्चिमी सिंहभूम में 11 सक्रिय मरीज हैं।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम बदलाव का क्रम अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को रांची समेत राज्य के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार राज्य के दक्षिणी हिस्से से लेकर संताल परगना के मध्यवर्ती भाग के आसपास के हिस्सों में ओले गिर सकते हैं। 30-40 किमी की तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बारिश भी होने का पूर्वानुमान जताया गया है। किस शहर में कितना रहा अधिकतम तापमान : राजधानी रांची की बात की जाये तो यहां पिछले 24 घंटों के दौरान कांके में 12.2 डिग्री बारिश दर्ज की गयी। वहीं, रांची का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा। बारिश के कारण बोकारो का न्यूनतम तापमान सबसे कम 19.5 डिग्री और अधिकतम 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डालटनगंज में 36.4 डिग्री सर्वाधिक तापमान रहा। यह सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के मौसम में बदलाव जारी रहने का पूर्वानुमान : मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत राज्य में मौसम में बदलाव अभी जारी रहेगा। 26 और 27 अप्रैल को भी राज्य में बादल छाये रहेंगे। इस दौरान तेज हवा के साथ हल्की बारिश होगी। 27 अप्रैल को कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
टीम एबीएन, रांची। रिम्स रांची में तृतीय श्रेणी के पदों पर नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2022 के तहत 29 अप्रैल को होनेवाली परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गयी है। अब यह परीक्षा रांची के विभिन्न केंद्रों पर 12 मई को होगी। इस संबंध में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से सूचना जारी की गयी है। कहा गया है कि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए अलग से लिंक वेबसाइट पर जारी किया जायेगा। विशेष जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित सूचना देखी जा सकती है।
टीम एबीएन, रांची। रांची विवि सिंडिकेट की बैठक 28 अप्रैल को दिन के साढ़े 11 बजे से विवि मुख्यालय में होगी। कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से दो मई 2023 को होनेवाले दीक्षांत समारोह की स्वीकृति, 80 गोल्ड मेडल सहित उक्त सत्र के विद्यार्थियों की डिग्री प्रमाण पत्र की स्वीकृति प्रदान की जायेगी। इसके अलावा एकेडमिक काउंसिल, वित्त समिति, संबद्धता समिति की बैठक में लिये गये निर्णयों सहित पिछली सिंडिकेट की बैठक में लिये गये निर्णयों को संपुष्ट किया जायेगा। बैठक में लगभग 30 हजार विद्यार्थियों की डिग्री पर मुहर लगेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.