एबीएन न्यूज नेटवर्क, साहिबगंज। जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 4 बच्चों की मौत हो गयी एक ही हालत गंभीर है। कहा जा रहा है कि अचानक बारिश आने के बाद बच्चे एक पेड़ के नीच खड़े हो गये थे। इसी दौरान बिजली गिरी, जिसमें चार बच्चों की मौत हो गयी। घटना राजमहल के राधानगर थाना इलाके में हुई है। रविवार को साहिबगंज में आसमान से बरसी आफत ने 4 बच्चों को मौत के आगोश में सुला दिया। बताया जा रहा है कि सनडे को स्कूल बंद रहने की वजह से आम के बगीचे में कई बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब होने लगा, तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। तेज हवा के कारण पेड़ के बच्चे आम चुनने लगे और बारिश से बचने के लिए पेड़ का ही सहारा लिया था। लेकिन अचानक तेज आवाज के साथ वज्रपात हुआ और ठनका उसी पेड़ पर गिरा, जिसके नीचे बच्चे आम चुनने के लिए खड़े थे। इस वज्रपात से चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि इस हादसे में एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गयी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने इस बात की पुष्टि की है कि आकाशीय बिजली गिरने से चार बच्चों की मौत हुई है जबकि एक की बच्ची की हालत गंभीर है। वज्रपात से मरने वाले बच्चों में 14 साल की आयशा खातून (पिता हुमायूं शेख), सात साल का नजरुल इस्लाम (पिता हुमायूं शेख), 6 साल का जाहिद आलम (पिता अशराफुल शेख) और दस साल का तौकीर आलम (पिता मेहबूब आलम) शामिल है। इसके अलावा गंभीर रूप से झुलसी बच्ची में छह साल की नास्नारा खातुन (पिता हुमायूं शेख) है। वज्रपात में एक साथ चार मौत से गांव में चीख-पुकार मच गयी। इस हादसे में मारे गये दो बच्चे एक ही परिवार के बताये जा रहे हैं और दो बच्चे पास के गांव के हैं। मौके पर पहुंचे परिजन ग्रामीणों की मदद से खटिया पर लादकर बच्चों को अस्पताल पहुंचा। लेकिन 4 बच्चों को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया और एक बच्ची की गंभीर हालत में इलाज किया जा रहा है। वहीं, पाकुड़ के हिरणपुर प्रखंड के वीरग्राम गांव में 13 वर्षीय राजेश हेम्ब्रम की मौत बिजली गिरने से हो गयी। स्थानीय लोगों के अनुसार वह बकरी चराने खेत गया था, इसी दौरान वह अकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और वहीं गिर गया। आसपास के लोगों ने राजेश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा, महेशपुर प्रखंड के सिरीशतल्ला गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 15 वर्षीय लालेश हांसदा की मौत हो गयी। जबकि दो अन्य लोग आंशिक रूप से झुलस गये। ग्रामीणों के मुताबिक लालेश के रिश्तेदार की मौत बीते रात्रि हुई थी और वह अपने परिजनों के साथ पाकुड़िया प्रखंज के ढोलकट्टा गांव से अंतिम संस्कार में भाग ने सिरीशतल्ला गांव आया था। इसी दौरान ठनका की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी।
टीम एबीएन, रांची। नागपुरी भाषा परिषद् एवं रामलखन सिंह यादव कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में कॉलेज परिसर में नागपुरी भाषा के मानकीकरण को लेकर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भारतीय विधिक माप विज्ञान संस्थान के पूर्व निदेशक अवध मणि पाठक ने कहा कि नागपुरी भाषा का एक मानक रूप होना चाहिए। नागपुरी भाषा का भी लिखित रूप एक होनी चाहिए।नागपुरी सदान और आदिवासी समुदाय को जोड़ने का काम करती है। रांची विश्विद्यालय रांची के डी एस डब्लू डॉसुदेश कुमार साहू ने कहा कि अपनी मातृभाषा से प्रेम करना चाहिए। उन्होंने नागपुरी भाषा के मानकीकरण के लिए हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। राम लखन सिंह यादव कॉलेज के प्राचार्य डॉ जेपी सिंह ने कहा कि नागपुरी को मानक रूप देने के लिए भाषा की सरलता पर भी ध्यान देने की जरूरत है। वर्तनी सहज होनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि रांची विश्विद्यालय के वित्त पदाधिकारी डॉ कुमार एएन शाहदेव ने कहा कि आज का दिन नागपुरी भाषा के मानकीकरण के इतिहास में स्वर्ण दिन सिद्ध होगा। उन्होंने इस कार्यक्रम को नागपुरी भाषा के लिए अतुलनीय, अविस्मरणीय एवं अकल्पनीय बताया। डॉ शाहदेव ने कहा कि मांय माटी और मांय भाषा को कभी नहीं भूलना चाहिए। मानकीकरण के लिए इस तरह के प्रयास सराहनीय हैं। भाषा को बचाने के लिए त्यागी और तपस्वी बनना पड़ता है। पद्मश्री मधु मंसुरी हंसमुख ने कहा कि नागपुरी भाषा का मानकीकरण होना ही चाहिए। पद्मश्री मुकुंद नायक ने कहा कि पठन पाठन और लेखन कार्य के लिए नागपुरी का मानक रूप जरूरी है। नागपुरी भाषा परिषद् की महासचिव डॉ शकुंतला मिश्र ने कहा कि किसी भी भाषा का मानकीकरण एक लंबी प्रक्रिया है। अतः इसे एक कमेटी बनाकर निरंतर रूप से मानक रूप देने के लिए कार्य किये जायेंगे। नागपुरी साहित्यकार धनेंद्र प्रवाही ने कहा कि नागपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए मानक रूप देना होगा।नागपुरी मानकीकरण की आवश्यकता आज की मांग है।अनेक रूपों में एक रूप खोजने की जरूरत है। नागपुरी गायक क्षितीश कुमार राय ने कहा कि मानकीकरण के लिए अपना क्षेत्रीय मोह त्यागना होगा। इसके लिए समाज के अंतिम व्यक्ति को लेकर भी चलने की जरूरत है। रांची विश्विद्यालय रांची के नागपुरी विभागाध्यक्ष डॉ उमेशनंद तिवारी ने कहा कि नागपुरी मानकीकरण के लिए भाषा की मूल ध्वनि पर भी ध्यान देने की जरूरत है। सर्वमान्य नागपुरी को ही मानक रूप देने की भी आवश्यकता है। डॉ सविता केशरी ने कहा कि जान बूझ कर नागपुरी को बिगाड़ना उसकी सुंदरता को समाप्त करने जैसा है। शब्दों के प्रयोग पर अपने विवेक का इस्तेमाल करना चाहिए। जेएन कॉलेज धुर्वा के नागपुरी विभाग के अध्यक्ष डॉ हरीश चौरसिया ने कहा कि नागपुरी के कई रूप हैं लेकिन मानकीकरण के लिए किसी एक रूप को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र विशेष के कारण नागपुरी के कई रूप हो गये हैं लेकिन पठन-पाठन के लिए एकरूपता बनाने की जरूरत है। राम लखन सिंह यादव कॉलेज के नागपुरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ खालिक अहमद ने कहा की मानकीकरण के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। सेमिनार में नागपुरी रेडियो नाटक संग्रह सहनई पुस्तका का लोकार्पण किया गया। यह पुस्तक आकाशवाणी रांची में प्रसारित 10 नागपुरी रेडियो नाटकों का संग्रह है। 112 पेज की इस पुस्तक का प्रकाशन झारखंड झरोखा ने किया है। इस पुस्तक का संकलन एवं संपादन डॉ शकुंतला मिश्र का है। पुस्तक की कीमत 200 रुपये है। कार्यक्रम का संचालन डॉ शकुंतला मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन डॉ राम कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत आरएलएसवाई के छात्र छात्राओं के स्वागत गीत से हुई। मौके पर डॉ बुटन महली, डॉ कोरनेलियुस मिंज, डॉ रामजय नाइक, डॉ अशोक बड़ाईक, डॉ अंजू कुमारी, डॉ अंजू लता, इंद्रजीत राम, युगेश महतो, विकास सिन्हा, संतोष भगत, करमी मांझी, रेखा कुमारी, सरोज कुमारी, डॉ अहिल्या कुमारी, सुषमा मिंज, रामदेव बड़ाईक, मनीष कुमार पाण्डेय, नवीन नगेसिया, सोनू सपरवार, पप्पू कुमार महतो, पूजा, फागुनी बेरिया आदि मौजूद थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। जिले के मसानजोड़ थाना क्षेत्र के दुमका-सिउड़ी मुख्य पथ पर मूड़जोड़ फतेहपुर स्कूल के समीप टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार किसान को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक पश्चिम बंगाल की पर्यटक बस (डब्ल्यूबी 29-सी 3048) ने साइकिल सवार किसान को पीछे से रौंद दिया। मृतक किसान थाना क्षेत्र के मूड़जोड़ा हाटपाड़ा निवासी बगन किस्कू (47) है। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर अवस्था में उसे लेकर सीएचसी, रानेश्वर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया है और बस को जब्त कर थाने ले आयी है। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर। शहर स्थित गांधी उद्यान में शनिवार की देर शाम को प्रथम महापौर अरुणा शंकर का आभार कार्यक्रम आयोजित किया। सांसद बीडी राम ने कहा कि महापौर, उप महापौर और सभी पार्षदों ने कम समय में शहर को सुसज्जित एवं सुव्यवस्थित कर इतिहास रच दिया। आरक्षी अधीक्षक चंदन सिन्हा ने महापौर अरुणा शंकर के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। नगर आयुक्त रवि आनंद ने महापौर और सभी पार्षदों की प्रशंसा करते हुए का यह जोशीली टीम है। आगे भी इनके द्वारा बनायी गयी योजना पर काम होगा। कांग्रेस अध्यक्ष बिट्टू पाठक ने गांधी उद्यान एवं महापौर अरुणा शंकर को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार हर शहर को सजाने-संवारने में बिना किसी भेदभाव के निगम की मदद करती रही है। अंत में महापौर सभी का आभार व्यक्त करते हुए पांच वर्षों तक सकारात्मक सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पद पर रहूं ना रहूं लेकिन निगम का विकास रुकने नहीं दूंगी। कई योजनाओं की शुरुआत एक माह के अंदर हो जायेगी। सभी योजनाओं की स्वीकृति सरकार से ले ली गयी है। फंड भी उपलब्ध करा लिया गया है। मात्र नगर विकास के एनओसी बाकी है, जो दो-तीन दिनों में मिल सकती। कार्यक्रम का संचालन विजय ओझा ने किया।
बापू वाटिका मोरहाबादी से निकला सामाजिक न्याय मार्च टीम एबीएन, रांची। आजसू पार्टी ने रविवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हरमू मैदान तक न्याय मार्च निकाला। मार्च कचहरी चौक, रातू रोड होते हुए हरमू मैदान पहुंचा। लगभग छह किलोमीटर के इस मार्च की अगुवाई सुदेश महतो ने की। मार्च में वोट हमारा-राज तुम्हारा और धोखेबाज हुकूमत की हर दीवार हिलाने निकले हैं, जैसे नारे खूब लगे। मार्च को संबोधित करते हुए आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री का पद लर्निंग स्कूल नहीं हो सकता। जनभावना के अनुरूप नीतियां बनाने और फैसले लेने के लिए सरकार बनती है। आधे-अधूरे प्रयोग के लिए भी सरकार कतई नहीं बनती। इनमें कोई नेतृत्व क्षमता और विजन नहीं था और सत्ता मिली। नतीजा हुआ कि 40 महीने में राज्य को सामाजिक और राजनीतिक तौर पर बड़ी क्षति हुई। ओबीसी, एसटी और एससी खूब छले गये। श्री महतो ने हरमू मैदान में सरकार की नाकामियों, दोषपूर्ण नीतियों और लूट-खसोट के रवैये पर तथ्यपूर्ण और सिलसिलेवार हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीयत नेक हो तो नीतियां सही बनती हैं लेकिन राज्य सरकार की नीयत में शुरू से खोट है। मुख्यमंत्री और उनके मंत्री सदन में कुछ बोलते हैं बाहर कुछ जबकि कैबिनेट में फैसले कुछ और लिये जाते हैं। साथ ही कहा कि स्थानीय नीति, नियोजन नीति, ओबीसी आरक्षण, ट्रिपल टेस्ट विस्थापन नीति, आंदोलनकारियों के मान-सम्मान सहित तमाम अहम विषयों की सरकार ने अनदेखी की। जातीय जनगणना सामाजिक न्याय का आधार है लेकिन इसके प्रति सरकार की कोई दिलचस्पी नहीं है। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस और अन्य नेताओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। मौके पर कई नेता और लोग मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। राज्य के मनरेगा कर्मी एक मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर सोमवार को अपनी लंबित मांगों के लिए पदयात्रा करेंगे। झारखंड मनरेगा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जॉन पीटर बागे ने कहा कि मजदूर दिवस के दिन से यह पदयात्रा बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलीहातू अड़की से राजभवन तक होगी। तीन मई को राजभवन के समक्ष मनरेगाकर्मी धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि संघ ने पदयात्रा की रूपरेखा तैयार कर लिया गया है। रोड मैप और रात्रि विश्राम के जगह को चिह्नित किया गया। उलीहातू से पदयात्रा प्रारंभ होगा। दोपहर में अड़की प्रखंड में विश्राम के बाद तमाड़ तक पदयात्रा होगी। रात्रि विश्राम तमाड़ में होगा। दूसरे दिन दो मई को पदयात्रा बुंडू प्रखंड होते हुए रामपुर पंचायत तक चलेगी। रात्रि विश्राम रामपुर पंचायत में होगा। तीसरे दिन दुर्गा सोरेन चौक होते हुए राजभवन तक पदयात्रा जाएगी और धरना प्रदर्शन होगा।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के विद्यार्थियों एवं शिक्षक, शिक्षिकाओं ने आर्य समाज मंदिर में आयोजित साप्ताहिक महाहवन एवं सत्संग कार्यक्रम में भाग लिया। उक्त हवन आर्य समाज मंदिर के यज्ञ पुरोहित श्रीमान् शास्त्री जी ने संपन्न करवाया। हवन के उपरांत सत्संग में महर्षि दयानंद कृत सत्यार्थ प्रकाश पर चर्चा की गयी। संगीत शिक्षक ध्रुपद गायन में प्रवीण पंडित शैलेंद्र कुमार पाठक तथा विद्यालय की संगीत मंडली ने भजन प्रस्तुत करके सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। कविता पाठ के माध्यम से महर्षि दयानंद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गयी। विद्यार्थी महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों से अवगत करवाये गये। विद्यालय के प्राचार्य संजीत कुमार मिश्रा ने अपने संदेश में शिक्षकों से विद्याथियों में ज्ञान के साथ वैदिक मूल्यों के संवर्धन एवं चरित्र निर्माण पर जोर देने का आह्वान किया। विद्यार्थियों में आर्य मूल्यों का संवर्धन उन्हें देश की सेवा हेतु उद्यत करता है। अत: इस प्रकार के आयोजनों में भाग लेना विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिएअत्यंत लाभप्रद है। उन्होंने अपने संदेश में आर्य समाज रांची प्रकोष्ठ के सभी आर्य श्रेष्ठजनों, आर्य समाज के प्रधान राजेंद्र कुमार आर्य, मंत्री अजय आर्य, संरक्षक एसएल गुप्ता, सुशीला गुप्ता जी, पीपी आर्य जी के प्रति आभार व्यक्त किया कि विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ संस्कारों की वृद्धि करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। संगठन सूत्र तथा आर्य समाज के नियमों का पाठ किया गया। वैदिक जयघोष के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कुडू। थाना क्षेत्र में घरों में अकेली रहने वाली महिलाए सावधान रहे। क्योंकि अब रात की बात तो दूर दिनदहाड़े समान और गहने को लूटने के लिए महिला चोर सक्रिय हो गयी है। ताजा मामला रविवार 30 अप्रैल का है। कुडू के अहद कालोनी बंगला मोहल्ला के एक घर मे घुसकर दो महिलाओं द्वारा चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। मुहल्ला निवासी साजिद अंसारी के घर रविवार की सुबह दो महिलाएं घुस गयी। पहले तो घर मे रखे दो मोबाइल फोन पर हाथ साफ किया। लेकिन जैसे ही घर में मौजूद साजिद की मां की नजर इन पर पड़ी दोनों वहां से भाग खड़ी हुई। पीछा कर पकड़ने पर उल्टा दोनो लुटेरी महिलाएं साजिद की मां को ही पटककर उसका गले से चैन खींचने लगीं। बचाव के लिए शोर मचाने पर आसपड़ोस के लोग वहां पहुंचे और दोनों को पकड़कर चोरी हुए मोबाइल लेने के बाद इसकी सूचना कुडू पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को थाना लाया। पूछताछ में दोनों महिलाएं गुलगुलिया निकली। किसी के लिखित आवेदन व केश नही करने के बाद पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया है। इधर, कुडू में महिलाओं द्वारा और दिनदहाड़े इस तरह की घटना से लोग हलकान हैं। खासकर वैसे परिवार जिनके घरों पर सिर्फ महिलाएं रह रही हैं।
टीम एबीएन, लोहरदगा। कुडू थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते गुरुवार की रात एक 13 वर्षीय नाबालिग आदिवासी बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना में शामिल दुष्कर्मियों को फांसी की सजा की मांग को लेकर रविवार को राजी पड़हा प्रार्थना सभा, कुडू के नेतृत्व में विभिन्न आदिवासी संगठनों ने कुडू में आक्रोश रैली निकाली। पड़हा भवन कुडू से सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष हाथों में बैनर व नारे लिखे तख्तियां के साथ निकलकर नीचे स्टैंड, इंदिरा गांधी चौक, मस्जिद मोड़, बस स्टैंड आदि चौराहों से गुजरते हुए कुडू थाना पहुंचे। जुलूस में चल रहे लोग आदिवासियों का शोषण और दुष्कर्म बंद करो, दुष्कर्मी नशीम खान और मकसूद पवरिया को फांसी दो आदि नारे लगाते चल रहे थे। पड़हा के बेंजामिन लकड़ा, सुखदेव उरांव, मंगरा उरांव, वसंत उरांव, गोरेंद्र उरांव, एतवा उरांव, गोवर्धन उरांव, राजू उरांव, सोमा उरांव, बबलू उरांव, दसरथ उरांव, आछांस के अवधेश उरांव, जतरु उरांव, ठूपा उरांव, संजय भगत, बिहारी उरांव, शंकर उरांव, नारायण उरांव, प्रदीप भगत, दिनेश उरांव, दुबराज उरांव, संगीता, सावित्री, सुनीता, बसंती, सुको, कलावती, नेहा, जयंती उरांव आदि शामिल थे। ज्ञात हो कि शादी समारोह के एक घर से 14 वर्षीय नाबालिग स्कूली छात्रा का अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस घटना से पीड़ित बालिका की हालत काफी गंभीर हो गया था। जिसका इलाज रिम्स रांची में चल रहा है। इस मामले में दो आरोपियों को जेल भेजा गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.