Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

झारखंड

View All
रांची : मेगा ट्रेड फेयर में उमड़ रहे लोग, जमकर हो रही खरीदारी
Published / 2023-04-30 20:46:22
रांची : मेगा ट्रेड फेयर में उमड़ रहे लोग, जमकर हो रही खरीदारी

टीम एबीएन रांची। मोरहाबादी मैदान में इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर के तीसरे दिन रविवार को लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। रांचीवासी छुट्टी का लाभ उठाते हुए परिवार के साथ मेला घूमने पहुंचे। सभी स्टॉलों में लोगों की भीड़ रही। लोग अपनी जरूरत की चीजें खरीदते दिखे। झारखंड चैंबर और जीएस मार्केटिंग एसोसिएट्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ट्रेड फेयर में पूर्णरूपेण वातानुकूलित कुल नौ हैंगर में होम एंड डेकोर, रियल इस्टेट, फर्नीचर, इलेक्ट्रिकल्स एण्ड इलेक्ट्रॉनिक, ऑटोमोबाइल, फर्नीचर, उद्योग सहित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाये गये हैं। ट्रेड फेयर में लोगों को कई उत्पादों पर छूट दी जा रही है। फर्नीचर इंटीरियर में लगे जयपुर वर्ल्ड के स्टॉल में ऑफर के तहत दो बेडशीट एक हजार रुपये में दिये जा रहे हैं। जबकि दुबई परफ्यूम के स्टॉल में विभिन्न प्रकार के परफ्यूम पर 60 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। यहां परफ्यूम की शुरुआती कीमत 200 रुपये से हो रही है। तरह-तरह के फ्लेवर में यह परफ्यूम लोगों को पसंद भी आ रहा है। इंटरनेशनल हॉल नंबर दो में पांच हजार रुपये के लाइट की खरीदारी पर सुनिश्चित उपहार मिल रहा है। झारखंड चैंबर के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि रविवार को ट्रेड फेयर में दोपहर दो बजे के बाद से लोगों का आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चला। लोग जरूरत के अनुसार खरीदारी करते दिखे। पूर्णरूपेण वातानुकूलित स्टॉल में लोगों ने जमकर खरीदारी की। साथ ही लोगों ने परिवार के साथ फूड कोर्ट में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का लुत्फ उठाया।

गोइलकेरा में नक्सली कैंप ध्वस्त
Published / 2023-04-30 20:41:54
गोइलकेरा में नक्सली कैंप ध्वस्त

सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस जवानों को मिली सफलता टीम एबीएन, चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस जवानों को सफलता भी मिल रही है। इसी क्रम में पुलिस जवानों ने गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिया गांव के समीप नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त किया है। दरअसल जिला पुलिस को प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील होने की आसूचना मिली थी है। इस आसूचना के सत्यापन करने के लिए 11 जनवरी से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सर्च ऑपरेशन में चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, 203 बटालियन, 205 बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ 60, 197, 157, 174, 193, 07 एवं सीआरपीएफ 26 बटालियन की टीम शामिल है। इन जवानों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गोइलकेरा थाना क्षेत्र के अंबिया गांव के समीप जंगल में नक्सलियों का कैंप मिला, जिसे पुलिस जवानों ने ध्वस्त कर दिया है। हालांकि इस कैंप से कोई सामग्री मिलने की सूचना अब तक नहीं मिली है। फिलहाल नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी है। पिछले दिनों गोलइलकेरा थाना क्षेत्र स्थित जंगल में ही नक्सलियों के लगाये गये आईईडी में ब्लास्ट होने से एक महिला की मौत हो गयी थी। वो महिला जंगल में लकड़ी चुनने गयी थी। बता दें कि नक्सलियों ने खुद को पुलिस से बचने और पुलिस जवानों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से चाईबासा के जंगलों में आईईडी लगा रखे हैं।

जमशेदपुर : जिंदा मरीज मृत घोषित, मरनेवाल भी डिस्चार्ज
Published / 2023-04-30 13:36:49
जमशेदपुर : जिंदा मरीज मृत घोषित, मरनेवाल भी डिस्चार्ज

एमजीएम हॉस्पिटल के कारनामे से दो दिन तक भटकते रहे परिजन टीम एबीएन, जमशेदपुर। यह है एमजीएम अस्पताल, जहां जिंदा व्यक्ति को मृत घोषित कर उसके नाम पर मरे हुए का शव शीतगृह में रखवा दिया जाता है। वहीं, परिवार उसकी तलाश में दो दिन तक इधर-उधर भटकते रहा। एमजीएम अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला।जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने आदित्यपुर थाने में शिकायत की। थक-हार कर परिवार वालों ने अस्पताल के शीतगृह में उसे तलाशा। तब पता चला कि उसकी मृत्यु हो चुकी है और शव किसी दूसरे के नाम पर अस्पताल प्रबंधन ने शीतगृह में रखवा दिया है। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। गुरुवार (27 अप्रैल) को एमजीएम अस्पताल में आदित्यपुर से रोड एक्सीडेंट का दो मामला आया था। ललित दत्ता नामक मरीज को गंभीर चोट आयी थी। उसकी मौत हो गयी, लेकिन दूसरे मरीज धनंजय को एमजीएम से डिस्चार्ज कर दिया गया। उसके परिजन उसे लेकर घर चले गये। दूसरी ओर, ललित दत्ता के परिजन अस्पताल में उसकी खोजबीन कर रहे थे। ललित के नहीं मिलने पर परिजनों ने आदित्यपुर थाने में शिकायत की। अस्पताल अधीक्षक रवींद्र कुमार से मिल सीसीटीवी फुटेज दो घंटे देखा, लेकिन मरीज का कोई पता नहीं चला। बाद में, धनंजय को भर्ती कराने वाले व्यक्ति के नंबर पर फोन किया गया, तो पता चला कि जिस मरीज के नाम पर शव को रखा गया है। वह परिजन के साथ घर पर है। इसके बाद परिजनों ने मोर्चरी में जाकर शव को देखा। तब पता चला कि ललित दत्ता का शव रखा हुआ है, लेकिन रजिस्टर में नाम धनंजय अंकित है। आदित्यपुर निवासी ललित दत्ता आदित्यपुर की एक कंपनी में बॉडी गैरेज में काम करता था। अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया था। अधीक्षक रवींद्र कुमार ने कहा कि एक्सीडेंट केस आया था। पेपर बनाने के दौरान नाम में गड़बड़ी होने से ऐसा हुआ प्रतीत हो रहा है। मामले को देखा जा रहा है।

डांस डे पर स्टेप ऑन फिटनेस एंड डांस स्टूडियो ने करायी नृत्य प्रतियोगिता
Published / 2023-04-30 11:40:39
डांस डे पर स्टेप ऑन फिटनेस एंड डांस स्टूडियो ने करायी नृत्य प्रतियोगिता

टीम एबीएन, रांची। स्टेप ऑन फिटनेस एंड डांस स्टूडियो में 29 अप्रैल को विश्व अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस के रूप में नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन की गयी, जिसके मुख्य अतिथि गांधी नगर क्लब के कमेटी मेंबर रमेश सर एंड गीता मैम उपस्थित थे। स्टेप ऑन अकादमी के डायरेक्टर मिसेस स्नेहा मोदी एंड हमारे शिक्षक अजय सर एवं हमारे जज ऋषभ सर एवं राजू सर उपस्थित थे। जिसमें कि इस प्रतियोगिता के तहत बच्चों को अपना हुनर दिखाने का मौका मिला। साथ ही साथ बच्चों ने एक से एक धमाकेदार परफॉर्मेंस भी किये, जिनमें सभी बच्चों को मेडल और सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया। जिसमें प्रथम स्थान पर आरोही शिल्पी और सेकंड स्थान पर ओम श्रेया और थर्ड स्थान पर, आरव और खुशी रहे यह प्रतियोगिता गांधीनगर रीक्रिएशन क्लब में हुआ।

राजधानी में अवैध खनन : जिला प्रशासन की कार्रवाई में 15 गिरफ्तार, कई वाहन जब्त
Published / 2023-04-30 11:33:39
राजधानी में अवैध खनन : जिला प्रशासन की कार्रवाई में 15 गिरफ्तार, कई वाहन जब्त

टीम एबीएन, रांची। राजधानी में हो रहे अवैध तरीके से खनन को लेकर प्रशासन ने छापेमारी करते हुए इसमें शामिल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। अवैध तरीके से खनन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बरती है। इसी के मद्देनजर रांची के अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला खनन पदाधिकारी, ओरमांझी के अंचलाधिकारी, माइंस इंस्पेक्टर और ओरमांझी थाना की पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया। सदर एसडीओ के नेतृत्व में की गयी छापेमारी के दौरान अवैध खनन और भंडारण मामले में शामिल 15 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। छापेमारी के दौरान पाया गया कि कारोबारियों पत्थरों से स्टोन चिप निकालकर अवैध तरीके से बाजार में बेच रहे हैं। प्रशासन की अनुमति से ज्यादा खनन किया जा रहा है, तो वहीं नदियों से बालू को भी अवैध तरीके से निकाला जा रहा है। राजधानी के बुंडू इलाके स्थित सोनहातू थाना क्षेत्र के वनडीह में भी अवैध तरीके से ट्रैक्टर और हाईवा के माध्यम से बालू निकाला जा रहा था। प्रशासन के लोगों को देखते ही काम कर रहे मजदूर और वाहनों के ड्राइवर फरार हो गये, लेकिन अवैध खनन में गलत तरीके से उपयोग किए जा रहे सामानों को पुलिस ने जब्त कर लिया। अवैध खनन को रोकने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की गयी है। गौरतलब है कि राजधानी रांची में बालू और गिट्टी के अवैध खनन की भनक जिला प्रशासन को मिली थी। जिसके तुरंत बाद अवैध खनन को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने टीम बनाकर छापेमारी की।

लातेहार में अवैध खनन : एकसाथ 45 स्थानों पर हुई छापेमारी
Published / 2023-04-30 11:29:02
लातेहार में अवैध खनन : एकसाथ 45 स्थानों पर हुई छापेमारी

टीम एबीएन, लातेहार। अवैध खनन के खिलाफ शनिवार की रात बड़ी कार्रवाई की गयी। डीएमओ, डीटीओ, एसडीएम, डीएसपी तथा पुलिस के अधिकारियों की अलग-अलग टीम ने एक साथ 45 चिह्नित स्थानों पर छापामारी की। इस दौरान 25 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि 4 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी। दरअसल लातेहार जिले में इन दिनों अवैध खनन के मामले प्रकाश में आ रहे थे। इस सूचना के बाद जिला टास्क फोर्स की टीम सक्रिय हुई और अवैध खनन के कार्य में सक्रिय लोगों के खिलाफ कार्रवाई की योजना बनी। शनिवार की रात टास्क फोर्स की टीम ने एक साथ अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध खनन के कार्य में लिप्त पाये गये 25 वाहनों को जब्त किया गया। इसके अलावा भारी मात्रा में अवैध बालू और कोयला भी बरामद किया गया है। मामले में 4 लोगों के खिलाफ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्राथमिकी भी दर्ज की गयी। जिले के सभी प्रखंडों में हुई छापामारी : शनिवार की रात जिले के सभी प्रखंडों में एकसाथ छापेमारी की गयी। छापेमारी का नेतृत्व डीएमओ आनंद कुमार, डीटीओ संतोष कुमार सिंह, एसडीएम शेखर कुमार, एसडीपीओ संतोष कुमार मिश्र, बालूमाथ एसडीपीओ अजीत कुमार, महुआडांड़ एसडीएम नीत निखिल सुरीन, एसडीपीओ राजेश कुजूर समेत अन्य अधिकारी कर रहे थे। छापामारी के दौरान अवैध रूप से बालू खनन कार्य कर रहे ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। वहीं अवैध बालू घाटों के रास्ते को ट्रेंच खोदकर बंद किया गया। वहीं बालूमाथ थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल से अवैध कोयला की ढुलाई कर रहे लोगों पर भी कार्रवाई की गयी। इसके अलावा अवैध कोयला की ढुलाई कर रहे पांच वाहनों को जब्त किया गया। चंदवा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कोयला की तस्करी कर रहे एक ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिल को पकड़ा गया। इसके अलावा लगभग सभी प्रखंडों में अवैध बालू का खनन कर ढुलाई करने वाले तस्करों पर कार्रवाई हुई। तस्करों में हड़कंप : टास्क फोर्स की टीम के द्वारा एक साथ अवैध खनन के खिलाफ की गई इतनी बड़ी कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। इधर अधिकारियों का कहना है कि अब इस प्रकार की कार्रवाई लगातार की जायेगी। जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि अवैध खनन करने वालों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जायेगा। इधर रविवार की सुबह भी प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा विभिन्न स्थानों पर अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी की गयी है।

झारखंड करेगा राष्ट्रीय रैंकिंग चैंपियनशिप रोड स्पीड स्केटिंग की मेजबानी
Published / 2023-04-30 11:17:50
झारखंड करेगा राष्ट्रीय रैंकिंग चैंपियनशिप रोड स्पीड स्केटिंग की मेजबानी

टीम एबीएन, रांची। रांची के खेलगांव मेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहली बार झारखंड की मेजबानी में एक जून से पांंच जून तक चौथा नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप रोड स्पीड स्केटिंग का आयोजन होगा। रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि नेशनल स्तर के आयोजन में लगभग 1200 खिलाड़ियों की भागीदारी की संभावना है। इनमें 50 खिलाड़ी झारखंड के भी होंगे। अभी इस खेल में झारखंड के 450 रजिटर्ड खिलाड़ी है। इनका प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के इस आयोजन में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के 30 से अधिक रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे। प्रस्तावित खेलों में क्वाड एवं इन लाइन की प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के बालक एवं बालिका (5-7 ,7-9, 9-11, 11-14, 14-17 एवं 17 आयु वर्ग) भाग लेंगे। साथ ही 35 आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला मास्टर्स भी भाग लेंगे। खिलाड़ियों को रहने, खाने और आने- जाने की व्यवस्था अपने स्तर पर करना होगा। हालांकि फेडरेशन खेलगांव के 3 किलोमीटर के इर्द-गिर्द रहने- खाने की व्यवस्था की कोशिश कर रहा है। झारखंड रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि रांची के खेलगांव मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में एशिया का पहला स्केटिंग स्टेडियम बन रहा है, जहां स्केटिंग के सारे इवेंट एक ही परिसर में आयोजित होंगे। बेंड ट्रैक, स्केटिंग रिंक, रोलर एंड इन लाइन हॉकी, रिंक एवं स्केट बोर्ड स्टेडियम राज्य सरकार के द्वारा करोड़ों की लागत से तैयार किया जा रहा है। इसमें रोलर स्केटिंग, स्केट बोर्ड, स्पीड स्केटिंग, रोलर हॉकी जैसे खेल एक ही परिसर में हो सकेंगे। इस स्टेडियम के निर्माण की लागत लगभग 7 से 8 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। इसका झारखंड सरकार से अप्रूवल भी हो चुका है, पहले फेज का काम 4.3 करोड रुपये की लागत से शुरु हो चुका है। 2024 के जून महीने तक इस स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

झारखंड : एक मई से समर स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी
Published / 2023-04-30 11:11:09
झारखंड : एक मई से समर स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में एक मई से समर स्पेशल ट्रेन चलेगी। रेलवे ने गर्मियों के मौसम में यात्रियों को राहत देने के लिए कई स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां होने वाली हैं। इसी गर्मी की छुट्टी में शादी-ब्याह का सीजन भी शुरू है। ऐसे में अपने-अपने गांव-घर से दूर रहने वाले छात्र भी अपने परिजनों के पास वापस लौटेंगे या फिर अपने दोस्तों-परिजनों के साथ कहीं घूमने का प्लान भी बना रहे हैं। ऐसी स्थिति में ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए रेलवे ने झारखंड- बिहार और यूपी समेत कई रूटों पर समर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है, जिससे ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। गर्मी छुट्टी को देखते हुए मालदा डिविजन की ओर से समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा हुई है, जो एक मई से छह जोड़ी ट्रेनें चलेंगी। इसके तहत छत्रपति शिवाजी टर्मिनस-मालदा टाउन स्पेशल ट्रेन के अलावा उधना जंक्शन-मालदा टाउन, गुवाहाटी-रांची, हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी और सियालदह-न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल ट्रेन चलेगी। समर स्पेशल ट्रेनों की सूची : -ट्रेन संख्या (01031) छत्रपति शिवाजी टर्मिनस-मालदा टाउन स्पेशल एक मई से 29 मई तक हर बुधवार को 00.25 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। -ट्रेन संख्या (01032) मालदा टाउन-छत्रपति शिवाजी टर्मिनस प्रत्येक बुधवार को तीन मई से 31 मई के बीच मालदा टाउन से 12.45 बजे प्रस्थान करेगी। -ट्रेन संख्या (09011) उधना जंक्शन-मालदा टाउन स्पेशल प्रत्येक शनिवार को चार मई से 24 जून के बीच 9.30 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। -ट्रेन संख्या (09012) मालदा टाउन-उधना जंक्शन स्पेशल मालदा टाउन से प्रत्येक रविवार को सात मई से 25 जून, 2023 के बीच 09.05 बजे प्रस्थान करेगी। -ट्रेन संख्या (05671) गुवाहाटी-रांची हर रविवार को दोपहर दो बजे मालदा टाउन पहुंचेगी और 2.10 बजे रवाना होगी। इसे 30 सितंबर, 2023 तक बढ़ायी गयी है। - ट्रेन संख्या (05672) रांची-गुवाहाटी प्रत्येक सोमवार को 08.25 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी और 08.35 बजे रवाना होगी। इसे भी 30 सितंबर, 2023 तक बढ़ायी गयी है।

दीये की तरह हर घर को प्रकाशित करता है मन की बात कार्यक्रम : दीपक प्रकाश
Published / 2023-04-29 23:48:25
दीये की तरह हर घर को प्रकाशित करता है मन की बात कार्यक्रम : दीपक प्रकाश

100वें संस्करण की पूर्व संध्या पर प्रदेश भाजपा ने मनाया दीपोत्सव कार्यकर्ताओं ने जलाये हजारों दीये, 100वें संस्करण का पूर्व संध्या पर किया स्वागत प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल 30 अप्रैल को 11बजे झारखंड में 9000 स्थानों पर 10 लाख लोग सुनेंगे मन की बात कार्यक्रम टीम एबीएन, रांची। प्रदेश भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम के 100वें संस्करण के पूर्व आज राज्य के सभी जिलों में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया। सभी जिलों में हजारों कार्यकर्ता एवम क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए और दीप जलाकर कार्यक्रम का स्वागत किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, विधायक नवीन जायसवाल, सांसद संजय सेठ, महानगर जिला के अध्यक्ष केके गुप्ता, सूरज चौरसिया, शिवपूजन पाठक, अमित सिंह, राहुल अवस्थी, सीमा शर्मा, कमाल खान, गुरविंदर सेठी, रमेश सिंह, सीताराम रवि, वरुण साहू, बलराम सिंह, नीरज सिंह, जितेंद्र पटेल, जितेंद्र वर्मा, सीमा सिंह, लक्ष्मी कुमारी, बबिता वर्मा, सुबेश पांडे, विकास रवि, उमेश यादव, सुजीत शर्मा, पप्पू वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम विश्व स्तर पर संवाद का सबसे बड़ा कार्यक्रम है। जो भारत जैसे लोकतांत्रिक देश के जन जन को अपने प्रधानमंत्री से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि यह अनूठा और ऐतिहासिक कार्यक्रम एक दीए की तरह भारत के हर घर को प्रकाशित करता है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के इस गैर राजनीतिक संवाद कार्यक्रम में भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की गौरव गाथा के साथ 21वीं सदी में विश्व मंच पर भारत के प्रगति की बात, दुनिया को भारत के योगदान की चर्चा रहती है। उन्होंने कहा कि 99 संस्करणों के माध्यम से प्रधानमंत्री जी ने देश के कई अज्ञात प्रतिभाओं, अनछुए पहलुओं, वीर गाथाओं, देश के सामान्य नागरिक के द्वारा राष्ट्र के विकास में किए गए अदभुत प्रयासों को उजागर किया है। राज्य के 81विधानसभा में होंगे 8100 स्थानों पर कार्यक्रम के साथ 900स्थानों पर होंगे विशेष कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने बताया कि पार्टी के द्वारा राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों में प्रति विधानसभा क्षेत्र 100 स्थान के हिसाब से 8100 कार्यक्रम साथ ही 900 स्थानों पर पंचायत से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों के द्वारा विशेष कार्यक्रम भी आयोजित है जिसमे 10लाख लोग प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित होकर प्रधानमंत्री जी को सुनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के दिल में झारखंड बसता है। इसलिए मन की बात कार्यक्रम में कई बार प्रधानमंत्री जी ने झारखंड की मिट्टी से जुड़े बातों की चर्चा की है। उन्होंने कहा कि कल के 100वें संस्करण में भी झारखंड की चर्चा अवश्य होगी। प्रदेश के नेतागण कल कार्यक्रम में होंगे शामिल प्रधानमंत्री जी के मन की बात कार्यक्रम में कल 30 अप्रैल को 11बजे प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश जी महिलौंग के बूथ संख्या 194 पर शामिल होंगे। जबकि नेता विधायक दल एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी गिरिडीह के धनवार में, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास जी बर्मा माइंस, जमशेदपुर में, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी हिनू रांची में, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह जी धनबाद में, केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी बरकट्ठा के बूथ संख्या 24 पर कार्यक्रम में शामिल होंगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.