एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक आॅनर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल आज लोहरदगा हेसल साइडिंग पहुंचा। वहां पहुंच कर साइडिंग इंचार्ज प्रदीप सिंह जी से मुलाकात की एवं हेसल साईडिंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में यह पाया गया कि हेसल साइडिंग में जगह नहीं है और ट्रक अभी शुरू होने की कोई भी स्थिति नहीं दिखती है। इसलिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि कल एसोसिएशन के संरक्षक सह पूर्व राज्यसभा सांसद माननीय धीरज प्रसाद साहू जी से मुलाकात की जायेगी। उसके पश्चात कंपनी के साथ बैठक की जाएगी और हेसल में गाड़ी का परिचालन होने की स्थिति नहीं है। एसोसिएशन का मानना है कि कंपनी लोहरदगा साइडिंग में ट्रकों का परिचालन शुरू करें और हेसल में अभी परिचालन बंद रखे,माननीय संरक्षक और कंपनी से मिलने के बाद आगे की रणनीति तय करते हुए घोषणा की जायेगी। आज के इस दौरे में लोहरदगा गुमला ट्रक आॅनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष तारकेश्वर महतो, मोहम्मद गुड्डू, सहसचिव सुमित विश्वकर्मा, रहमत अंसारी, महताब आलम, मोहम्मद अमानुल्लाह, मोहम्मद इनामुल अंसारी, संजीव शर्मा, मीडिया प्रभारी तारीक खान, दीपू सिंह, बिट्टू विश्वकर्मा, रफीक अंसारी, विनय सिंह, अनिल उरांव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
रत्नेश कुमार ने पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद जिला अंतर्गत कतरास स्थित ईस्ट बसुरिया क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खुलेआम अवैध कोयला कारोबार संचालित किया जा रहा है जानकारी के अनुसार ईस्ट बसुरिया चेक पोस्ट के पीछे स्थित एक बड़े ग्राउंड के समीप, जो मुख्य सड़क से लगभग 500 गज की दूरी पर है, दिन-दहाड़े अवैध कोयले का कारोबार धड़ल्ले से चलाया जा रहा है। जिसको लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड डीजीपी को पत्र लिखकर चल रहे अवैध कोयला कारोबार रोक लगाने की मांग की। उन्होंने लिखा कि ईस्ट बसुरिया चेक पोस्ट के पीछे स्थित एक बड़े ग्राउंड के समीप बड़े-बड़े पर्दों से घेरकर अवैध कारोबार को चलाया जा रहा है।जिस ग्राउंड के आसपास यह अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, वहां प्रतिदिन सुबह और शाम बच्चे खेलकूद करने पहुंचते हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है तथा पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।वहीं धनबाद के ईमानदार एसएसपी द्वारा लगातार अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई एवं विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद ईस्ट बसुरिया क्षेत्र में खुलेआम अवैध कारोबार जारी रहना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर इन कोयला माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है, जो प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर बेखौफ होकर अवैध कारोबार चला रहे हैं। इस अवैध कारोबार से सरकार को राजस्व की भारी क्षति पहुंच रही है, वहीं प्रशासन की छवि भी धूमिल हो रही है। रत्नेश कुमार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि अवैध कोयला कारोबार पर रोक लग सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया गौरवान्वित एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड जिम्नास्टिक के खिलाड़ियों ने वर्ष 2026 में आयोजित एक्रोबैटिक रॉक एंड रोल नेशनल चैंपियनशिप एवं एशियन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे झारखंड में हर्ष एवं गर्व का वातावरण है। नेशनल चैंपियनशिप 2026 में झारखंड के खिलाड़ी विकाश कुमार गोप एवं कुमारी ऋष्टि राज ने एक्रोबैटिक रॉक एंड रोल कपल्स स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, तकनीक एवं प्रस्तुति का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इसी प्रतियोगिता में मोनिका धनवार एवं अलेक्जेंडर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं झारखंड गर्ल्स ग्रुप टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।टीम में शामिल खिलाड़ियों के नाम इस प्रकार हैं : चंदा कुमारी, कुमारी ऋष्टि राज, सपना कुमारी, दशमी कुमारी, करिश्मा कुमारी, मोनिका धनवार, लतिका चंद्रा नायक, मुस्कान गुप्ता, मुस्कान रजक, रिया कुमारी। इन सभी खिलाड़ियों का चयन एशियन चैंपियनशिप के लिए किया गया, जो झारखंड के लिए अत्यंत गौरव की बात है। दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में 11 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ी विकाश कुमार गोप एवं कुमारी ऋष्टि राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनका यह प्रदर्शन भारत एवं झारखंड के लिए गौरव का विषय है। इसके साथ ही, विकाश कुमार गोप एवं कुमारी ऋष्टि राज का चयन आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भी किया गया है। यह उपलब्धि झारखंड में एक्रोबैटिक रॉक एंड रोल खेल के निरंतर विकास एवं खिलाड़ियों की कठिन मेहनत का प्रमाण है। झारखंड के लिए यह अत्यंत गर्व एवं प्रेरणा का क्षण है कि पहली बार राज्य के खिलाड़ियों ने एक्रोबैटिक रॉक एंड रोल में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खिलाड़ियों की इस सफलता से आने वाली पीढ़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आरके आनंद, कार्यकारी अध्यक्ष शेखर बोस, महासचिव मधुकांत पाठक, शिवेन्द्र दूबे तथा झारखंड जिम्नास्टिक्स संघ के संरक्षक डॉ अजीत कुमार सिन्हा, अध्यक्ष रंजन कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष निशिकांत पाठक, महासचिव तुलिका श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष डॉ दीपक कुमार साहु,पुष्पा हेस्सा, जितेंद्र कुमार, हनी सिन्हा, सुहिरता रॉय, गोविंद झा, रविन्द्र कुमार, पारुल सिंह, दीप कुमारी मांझी एवं हेमा कुमारी ने टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों, कोच एवं प्रबंधन टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में व्यवसायिक प्रशिक्षकों का भारी बारिश में भींगते हुए अल्बर्ट एक्का चौक में किया शक्ति प्रदर्शन पुलिस प्रशासन से नोंक-झोक व्यावसायिक प्रशिक्षकों का 13 माह का बकाया मानदेय जल्द भुगतान हो : देवेन्द्र नाथ महतो मांगें पूरी होने तक विभिन्न स्वरूप में आंदोलन जारी रहेगा : देवेन्द्र नाथ महतो टीम एबीएन, रांची। झारखंड के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत व्यवसायिक प्रशिक्षक 13 माह से लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर रांची पहुंचा। जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में मोराबादी बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक शक्ति प्रदर्शन करते हुए पदयात्रा किया, शहीद चौक पहुंचते ही पुलिस प्रशासन पदयात्रा को रोक दिया और जिला स्कूल मैदान पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद सभी प्रदर्शनकारी प्रशिक्षक फिर से अल्बर्ट एक्का चौक के लिए निकल गये। तभी देवेन्द्र नाथ महतो और पुलिस प्रसाशन के बीच खूब बहस हुई, उसके पश्चात् माहौल गर्म हुआ भारी बारिश में भींगते हुए अल्बर्ट एक्का चौक में घंटों प्रदर्शन किया, जेईपीसी और हेमंत सरकार के विरोध में खूब नारेबाजी की गयी। मौके पर जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि पुलिस प्रशासन हमारा आंदोलन को कुचलना है लेकिन हमलोग कभी भी हक की लड़ाई में झुकना नहीं सीखा है तथा अन्याय के आगे रुकना नहीं सीखा है। साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों में कार्यरत व्यवसायिक प्रशिक्षक लगातार अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा दे रहे हैं। बावजूद इसके, पिछले 13 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं होना बेहद चिंताजनक है। इससे प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को इस मामले में तुरंत पहल करनी चाहिए। झारखंड राज्य वित्तपोषित व्यवसायिक प्रशिक्षक संघ के अध्यक्ष देव प्रकाश, उपाध्यक्ष प्राण सौरभ, सचिव मनोज कुमार महतो एवं कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने कहा कि कई बार विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। इसलिए भुगतान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद कार्यालय घेराव उग्र प्रदर्शन में देवेन्द्र नाथ महतो का मिला समर्थन अधिकार मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा कल शक्ति प्रदर्शन देवेन्द्र नाथ महतो सैकड़ों प्रदर्शनकारियों के साथ जेईपीसी कार्यालय अंदर घुस गये हुआ बवाल टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत व्यवसायिक प्रशिक्षक 13 महीने से बकाया मानदेय की मांग को लेकर रांची पहुंचकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद कार्यालय घेराव किया। प्रदर्शनकारियों को जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो का समर्थन मिला। मौके पर जेईपीसी निदेशक शशि रंजन को मांग पत्र सौंपते हुए मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया। मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड के विभिन्न जिूलों में कार्यरत सभी व्यवसायिक प्रशिक्षक झारखंड राज्य वित्तपोषित हैं, सभी प्रशिक्षक निरंतर अपने तयित्वों का निर्वहन करते हुए गरीब वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं किंतु लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण प्रशिक्षकों एवं उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर झारखंड राज्य वित्तपोषित व्यवसायिक प्रशिक्षक संघ के अध्यक्ष देव प्रकाश, उपाध्यक्ष प्राण सौरभ, सचिव मनोज कुमार महतो, कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने जानकारी दिया कि कई बार विभाग को अवगत कराने के बावजूद उदासीन रवैया अपनाया हुआ है इसलिए इस बार वेतन भुगतान जब तक नहीं होगा आंदोलन जारी रहेगा, कल रांची में शक्ति प्रदर्शन किया जायेगा।
जमशेदपुर में खूनी खेल जमशेदपुर दहला, आरोपी बोला -हम इन सबको मार दिए हैं हत्या कर घर के कमरे में बैठा था आरोपी रवींद्र प्रसाद सिंह घर से कुल्हाड़ी और हथौड़ा बरामद एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जमशेदपुर के एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या एल-3/13 में सोमवार सुबह हुए दिल दहला देने वाले तिहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी रवींद्र प्रसाद सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी सरिता प्रसाद सिंह, गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह और बेटे आइटी प्रोफेशनल बेटे रविकेश सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल एक कुल्हाड़ी नुमा हथियार और हथौड़ा बरामद किया गया है। जमशेदपुर के एएसपी ऋषभ द्विवेद्वी ने घटना स्थल का मुआयना करने के पश्चात बताया कि शुरूआती जांच में पता चला है कि घटना के वक्त पत्नी रसोई में थी, जबकि बेटी और बेटा सो रहे थे। पुलिस जब मौके पर पहुंची तब घर में गैस चूल्हा चालू था, जिसे बाद में बंद कराया गया।एएसपी ने बताया कि मृतका सुप्रिया सिंह की शादी करीब छह माह पूर्व हुई थी और वह गर्भवती थीं। इसकी पुष्टि उनके पति ने भी की है। वहीं बेटा रविकेश सिंह टीसीएस में कार्यरत था। आरोपी रवींद्र प्रसाद सिंह एक माह पूर्व ही टाटा स्टील से रिटायर हुए थे। एएसपी ऋषभ द्विवेद्वी के मुताबिक आरोपी खुद को मानसिक रोगी बता रहा है और फिलहाल किसी सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा है। घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह परिवार के फोन नहीं उठाने पर रिश्तेदारों और पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने पीछे की दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया तो अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गए। तीनों के शव खून से लथपथ पड़े थे, जबकि आरोपी घर के अंदर मौजूद था। पुलिस ने घर से सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, लेकिन सभी मोबाइल लॉक हैं। आरोपी पासवर्ड बताने से इनकार कर रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल डेटा से हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सकती है। तुमलोग जाओ, हम इन सबको मार दिये हैं... पड़ोसी गंगाधर पांडेय ने बताया कि सुबह आरोपी की बेटी का फोन आया था कि घर में कोई फोन नहीं उठा रहा है। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई बाहर नहीं निकला तो वे लोग पीछे की दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। अंदर जाते ही रवींद्र सिंह ने कहा — तुमलोग जाओ, हम इन सबको मार दिये हैं, अंदर मत आओ। यह सुनकर सभी के होश उड़ गये। ऐसे व्यक्ति को नरक में भी जगह नहीं मिलेगी : पूर्णिमा साहू, विधायक घटनास्थल पर पहुंची जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी गर्भवती बेटी तक की हत्या कर दे, उसके लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोपी को फांसी जैसी कठोर सजा देने की मांग की।
18 महीने की बच्ची के गायब होने से इलाके में हड़कंप, सुराग देने वाले को 50 हजार का इनाम देगी पुलिस टीम एबीएन, रांची। रांची पुलिस ने दो दिन पहले खोड़ा कॉलोनी स्थित अपने घर से लापता हुई 18 महीने की बच्ची के बारे में जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। बच्ची शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे अपने घर के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गयी थी। सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अभी तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि पुलिस को बच्ची के उसके घर के पास से बहने वाले किसी नाले में गिर जाने की आशंका है। पुलिस बच्ची का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की भी बारीकी से जांच कर रही है। रांची शहर के पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया, बच्ची अपने घर से लापता हुई है और अब तक उसका पता नहीं चल पाया है। हमने उसकी जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। कई थानों को अलर्ट पर रखा गया है और बच्ची की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
कलमकारों और कलाकारों ने मातृशक्ति का किया गुणगान टीम एबीएन, रांची। संस्कार भारती रांची महानगर द्वारा आयोजित साधारण सभा का आयोजन सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 2:30 बजे मुख्य अतिथि विजय भूषण द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आगंतुक सदस्यों का स्वागत मंगल तिलक एवं अंगवस्त्र से किया गया। कार्यक्रम का स्वागत अभिभाषण रांची महानगर के उपाध्यक्ष आशुतोष प्रसाद ने दी। सभा में सुश्री सुजाता मजूमदार एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत ध्येय गीत ने वातावरण को सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया। वहीं सरस्वती वंदना की मधुर प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। इसके पश्चात मुख्य अतिथि विजय भूषण को अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। महामंत्री शशिकला पौराणिक ने संगठन का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की गतिविधियों, उपलब्धियों की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष अनूप कुमार मजूमदार ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि विजय भूषण ने अपने संबोधन में भारतीय कला, साहित्य और संस्कारों के संरक्षण में संस्कार भारती की भूमिका की सराहना करते हुए इसे समाज की सांस्कृतिक चेतना का सशक्त मंच बताया। अध्यक्षीय उद्बोधन में रांची महानगर अध्यक्ष रामानुज पाठक ने संगठन की रचनात्मक सक्रियता को और व्यापक बनाने का आह्वान किया। सभा का प्रमुख आकर्षण मां दिवस की संवेदनशील थीम पर आधारित काव्य गोष्ठी रही। जिसमें कवियों और कवयित्रियों ने मातृत्व, नारी अस्मिता और पारिवारिक संवेदनाओं को प्रभावपूर्ण अभिव्यक्ति दी। डॉ. सुरिंदर कौर नीलम ने अपनी मार्मिक पंक्तियों सूरज से भी पहले उठकर, धूप की सांकल खोले मां, रिश्ते तो अब सौदेबाजी, ममता कभी न तोले मां से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। अरुणाभूषण ने मां तेरे सपने सच हो जाये की कामना व्यक्त की, जबकि ऋतुराज वर्षा ने सासु मां की पीड़ा और ममता को संवेदनशील शब्दों में उकेरा। रेनू बाला धार ने नारी आरक्षण के प्रश्न पर तीखा स्वर देते हुए कहा- नारी के आरक्षण पर जाने क्यों खलबली हुई, आज भी हर हाल में नारी ही छली गयी। ग्रामीण जीवन की स्मृतियों को स्वर देते हुए रेणु झा रेणुका ने भोजपुरी संवेदना से परिपूर्ण पंक्तियां प्रस्तुत कीं। बाबा दहलीजे, कदम की गाछ, ताहि तरे अम्मा बिछावें नित खाट। जवाहरलाल ने मां को रिश्तों की संपूर्णता बताते हुए कहा- मां मन के संदूक में आकांक्षाओं की तह भर देती है, मां अकेली ही हर रिश्ते की जगह भर देती है। अमरेश कुमार ने भावुक स्वर में कहा- मां बिना अधूरा जीवन है, इतना ही मैं कहता उनसे, मां है तो जीवन है। राकेश रमन की पंक्तियां अब आज जब मां नहीं है, मेरे मुंह से जब-तब निकलता है- अइया गे मइया ने श्रोताओं की आंखें नम कर दीं। उपाध्यक्ष आशुतोष प्रसाद ने मां की महिमा का वर्णन करते हुए कहा- मां केवल एक शब्द नहीं, जीवन का सम्मान है, धरती पर ईश्वर का सबसे सुंदर रूप मां है। संगीत प्रस्तुति में डॉ. सुजाता मजूमदार ने मां के विविध रूपों पर आधारित मधुर गीत प्रस्तुत किया। अवनींद्र सिंह द्वारा कविवर निराला की प्रसिद्ध रचना वीणा वादिनी वर दे की भावपूर्ण प्रस्तुति हुई। जेपी सिंह ने भी अपने गीतों से वातावरण को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में महामंत्री शशिकला पौराणिक ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर गुर कमल सिंह जगदेव, अमरेश कुमार, जयप्रकाश सिंह, राकेश रमन, जेपी श्रीवास्तव, लल्लन राय, ऋतुराज वर्षा, रेनू झा रेणुका, रेनू बाला धार, कुमकुम गौड़, रीना सहाय, विजय खोवाला, अंजलि जैन, दीपमाला, डॉ सुरिंदर कौर नीलम, जवाहरलाल, अवनींद्र सिंह, शिवपूजन पाठक, सुजाता मजूमदार, अनूप कुमार सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे। अंत में सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
लातेहार में स्कूली बच्चों को ले जा रही गाड़ी पलटी, कई बच्चे घायल, 2 की हालत गंभीर एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रही सवारी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। इस घटना में आठ से अधिक बच्चे घायल हो गए इनमें दो बच्चों को गंभीर चोट आयी है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद रेफर किया गया है घटना की जानकारी मिलने के बाद अंचल अधिकारी लवकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय होकर राहत कार्य में जुट गयी हैं। दरअसल, बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित सैंट क्लारेट स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे छुट्टी के बाद सवारी गाड़ी पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि वाहन चालक के द्वारा एक दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट कर खेत में जा गिरी। घायल बच्चों में दो की हालत गंभीर इधर, दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल सक्रिय हो गये और गाड़ी में सवार सभी बच्चों को तत्काल दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को भी दी। सूचना मिलने के बाद अंचल अधिकारी लवकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल हुए।सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं कुछ घायल बच्चों को अभिभावकों द्वारा प्राइवेट अस्पताल में भी ले जाया गया। घायल बच्चों में दो बच्चों को गंभीर चोट आयी है। इन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। स्कूल प्रबंधन को दिया जायेगा नोटिस इधर, इस संबंध में अंचल अधिकारी लवकेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी जैसे ही उन्हें मिली, वह तथा अन्य प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। सभी घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि घायल सभी बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है। कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में संचालित सभी स्कूल प्रबंधकों को नोटिस देकर बैठक की जायेगी और उन्हें निर्देश दिया जायेगा कि स्कूली बच्चों को ले जाने वाली गाड़ियों के चालक एक्सपर्ट हों। इसके अलावा गाड़ी की फिटनेस भी दुरुस्त हो यदि किसी स्कूल में पुरानी गाड़ी चलाई जा रही है तो उसे तत्काल हटाना होगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.