सांसद सुखदेव भगत ने दिवंगत समाजसेवी अमरनाथ लकड़ा को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढाढ़स एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा के प्रख्यात समाजसेवी एवं आदिवासी भाषा-संस्कृति के संवाहक स्वर्गीय अमरनाथ लकड़ा के निधन पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन की सूचना मिलते ही लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत लूथरन कंपाउंड स्थित उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सांसद सुखदेव भगत ने स्वर्गीय अमरनाथ लकड़ा को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक समाजसेवी ही नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और अधिकारों के मजबूत प्रहरी थे। उन्होंने कहा कि लोहरदगा में विश्व आदिवासी दिवस मनाने की परंपरा की शुरुआत स्वर्गीय अमरनाथ लकड़ा, फादर नेम्हस और उनके संयुक्त प्रयासों से हुई थी, जो आज एक व्यापक सामाजिक और सांस्कृतिक आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लकड़ा ने अपने पूरे जीवनकाल में कासा संस्था के माध्यम से गरीबों, जरूरतमंदों और वंचित लोगों की सेवा को प्राथमिकता दी। समाज के कमजोर वर्गों को सहयोग पहुंचाने, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता फैलाने के साथ-साथ आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। सांसद ने कहा कि पेसा कानून और आदिवासी अधिकारों को गांव-गांव तक पहुंचाने में स्वर्गीय अमरनाथ लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे लगातार जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते रहे। सामाजिक सरोकारों से जुड़ी उनकी सक्रियता और सरल व्यक्तित्व हमेशा लोगों को प्रेरित करता रहेगा। श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने भी स्वर्गीय अमरनाथ लकड़ा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका निधन लोहरदगा के सामाजिक और सांस्कृतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।मौके पर सांसद के साथ आलोक साहू, शाहिद अहमद वेलू, कुणाल अभिषेक एवं सत्यजीत सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे और सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किये।
मजदूर अधिकारों की लड़ाई को नयी ताकत देगा महाधिवेशन : पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू लोहरदगा की धरती पर लाखों मजदूरों की एकता इतिहास रचेगी : अध्यक्ष निशीथ जायसवाल एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला के किस्को मध्य विद्यालय मैदान में आगामी 30 मई को छोटानागपुर बॉक्साइड एंड कोल वर्कर्स यूनियन का भव्य महाधिवेशन आयोजित किया जायेगा। इस विशाल आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में मजदूरों एवं यूनियन कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह का माहौल है। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार महाधिवेशन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों मजदूरों की भागीदारी होने की संभावना है, जिससे यह कार्यक्रम श्रमिक एकता का ऐतिहासिक उदाहरण बनेगा। महाधिवेशन का आयोजन यूनियन के पूर्व सांसद सह महासचिव धीरज प्रसाद साहू के नेतृत्व में किया जा रहा है। कार्यक्रम में बॉक्साइड एवं कोल क्षेत्रों से जुड़े मजदूरों की समस्याओं, रोजगार सुरक्षा, श्रमिक अधिकार, सामाजिक सुरक्षा एवं क्षेत्रीय विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जायेगी। इसके साथ ही मजदूर हितों को लेकर संगठन की आगामी रणनीति भी तय की जायेगी। पूर्व सांसद सह महासचिव धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मजदूरों की मेहनत से ही उद्योग और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए यूनियन हमेशा संघर्षरत रही है और आगे भी मजबूती के साथ लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि 30 मई का यह महाधिवेशन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मजदूरों की एकता, संघर्ष और स्वाभिमान का महापर्व होगा। उन्होंने सभी मजदूर भाइयों एवं युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। यूनियन के अध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने कहा कि किस्को की धरती पर होने वाला यह महाधिवेशन मजदूर आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि लाखों मजदूरों की उपस्थिति संगठन की मजबूती और एकता का प्रमाण होगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हक, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए यूनियन सदैव प्रतिबद्ध है तथा हर परिस्थिति में श्रमिकों की आवाज बनकर खड़ी रहेगी। महाधिवेशन को सफल बनाने हेतु आयोजन समिति व्यापक तैयारी कर रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा एवं स्वागत की विशेष तैयारी की जा रही है। यूनियन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मजदूरों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में महाधिवेशन को लेकर उत्साह, उमंग एवं जोश का माहौल बना हुआ है।
टीम एबीएन, रांची। स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी सहभागिता निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी, लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत के पिता स्वर्गीय गंधर्व भगत की 18वीं पुण्यतिथि पर 15 मई को सांसद के लोहरदगा आवास में है। 11 बजे श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है, जिसमें आप सभी सादर आमंत्रित हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक आॅनर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल रांची स्थित आवास में एसोसिएशन के संरक्षक सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से मिला। संरक्षक को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि हेसल साइडिंग बंद होने के कारण प्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष रूप से लगभग 40 से 50000 लोग प्रभावित हो रहे हैं और हजारों ट्रक पिछले कई दिनों से खड़े हैं।हेसल साइडिंग में बाक्साइड रखने की जगह नहीं है, क्योंकि वहां माल शिफ्टिंग का कार्य बंद है। संरक्षक से अपील की गयी है कि यथाशीघ्र कंपनी को कहकर ट्रकों का परिचालन शुरू कराने की कृपा करें और कंपनी के पास अगर जगह नहीं है तो लोहरदगा साइडिंग में ही कंपनी ट्रकों का बॉक्साइट अनलोडिंग शुरू करने की प्रक्रिया शुरू करें।इस पर संरक्षक ने कहा कि कंपनी और ग्रामीणों से मेरी वार्ता चल रही है। शीघ्र ही इसका समाधान हो जायेगा, पर आप लोग भी कंपनी और ग्रामीणों के साथ अपनी वार्ता को जारी रखें। शीघ्र ही आप सभी का ट्रकों का परिचालन शुरू हो जायेगा। आज के प्रतिनिधि मंडल में एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह सचिव मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, सहसचिव मोहम्मद रहमत अंसारी, मीडिया प्रभारी तारीख खान शामिल थे।
पीएम मोदी के आह्वान को हेमंत सरकार के मंत्री ने बताया राजनीतिक ढकोसला, कहा- चुनाव के दौरान छिपाये रखा मुद्दा टीम एबीएन, रांची। अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण वैश्विक ईंधन बाजार में आयी भारी अस्थिरता का असर अब भारत के छोटे राज्यों तक पहुंचने लगा है। झारखंड में पेट्रोल-डीजल की किल्लत दिखनी शुरू हो गयी है, जबकि कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गयी हैं। वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन बचत की अपील की है, जिसमें पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल, अनावश्यक यात्राओं से बचना और खपत कम करने जैसे सुझाव शामिल हैं। पीएम मोदी के आह्वान पर झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने राजनीतिक ढकोसला करार दिया। ईंधन की बचत करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद हॉर्मुज स्ट्रेट के प्रभावित होने से तेल की कीमतें बढ़ना तय था। चुनाव के दौरान यह मुद्दा छिपा रहा। उन्होंने केंद्र पर अग्रिम तैयारी न करने का आरोप लगाया, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि भारत एक मजबूत राष्ट्र है और इस झटके से भी उबर जायेगा। वर्तमान हालात से निपटने के लिए झारखंड सरकार तैयारी में जुट गयी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फिलहाल राज्य के बाहर हैं, इसलिए कोई बड़ा नीतिगत फैसला अभी नहीं लिया गया है। उम्मीद है कि सीएम के लौटते ही इस दिशा में दिशा-निर्देश जारी किये जायेंगे। इस बीच राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ईंधन बचत के लिए अपने कारकेड में सिर्फ चार गाड़ियां रखने की घोषणा की है। वहीं, संजय सेठ ने केवल एक गाड़ी रखने का फैसला लिया है। झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने प्रधानमंत्री के आह्वान का स्वागत किया है। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा ने राज्य सरकार से भी ईंधन बचत के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ईंधन आयात विदेशी मुद्रा (डॉलर) से होता है और वर्तमान स्थिति में देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर 60-70 हजार करोड़ रुपये का दबाव पड़ा है। उन्होंने अनुमान लगाया कि 30 प्रतिशत तक ईंधन खपत कम की जा सकती है। पूर्व चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने भी सभी नागरिकों और राज्य सरकार से पीएम के आह्वान पर अमल करने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में पेट्रोल-डीजल खपत कम करने, सोना न खरीदने, रासायनिक खाद का इस्तेमाल घटाने और स्कूलों में आॅनलाइन क्लासेस बढ़ाने की अपील की थी, जिसके बाद कई राज्यों में गाइडलाइंस जारी की जा चुकी हैं। झारखंड में भी जल्द ही ठोस कदम उठाए जाने की संभावना है।
टीम एबीएन, रांची। चुनाव आयोग ने कहा कि झारखंड में 20-6-2026 से रकफ शुरू होगा। चुनाव आयोग ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। आयोग ने तीसरे चरण में देश के 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर करने से संबंधित कार्यक्रम की घोषणा की है। इसके तहत झारखंड में 20-6-206 से रकफ का काम शुरू होगा। 20-6-2026 से 29-6-2026 तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। 30-6-2026 से 29-7-2026 तक बीएलओ आवास पर जाकर सत्यापन किया जायेंगे। इसी अवधि में मतदाताओं के अनुपात में बूथों का निर्धारण किया जायेगा। 5-8-2026 को वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट पब्लिकेशन होगा। 5-8-2026 से दावा प्रस्तुत किया जायेगा। 5-8-2026 से 3-10-2026 तक की अवधि में दावों का निपटारा किया जायेगा। 1-10-2026 तक मतदाताओं के नाम दर्ज किये जायेंगे। 7-10-2026 को वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन होगा।
टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद झारखंड सेवा विभाग एवं श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम ट्रस्ट के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने तमिलनाडु के पूर्व मंत्री एवं डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म पर दिए गए विवादित बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म जो लोगों को विभाजित करता है, उसे समाप्त कर देना चाहिए जैसी टिप्पणी करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एवं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। संजय सर्राफ ने कहा कि सनातन धर्म विश्व का सबसे प्राचीन एवं सहिष्णु धर्म है, जो मानवता, प्रेम, करुणा, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म अथवा आस्था के विरुद्ध इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य करती है। उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि इससे पूर्व भी उदयनिधि स्टालिन सनातन धर्म की तुलना डेंगू एवं मलेरिया जैसी बीमारियों से कर चुके हैं, जिसकी देशभर में व्यापक आलोचना हुई थी। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से ऐसे बयानों पर गंभीरता से संज्ञान लेने की मांग करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं का सम्मान बनाये रखना प्रत्येक नागरिक एवं जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है।
रत्नेश कुमार के पहल पर लोयाबाद 9 नंबर बीजीएस हाई स्कूल के पीछे सड़क निर्माण कार्य शुरू, लोगों में खुशी की लहर एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। 7 मई को अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद महापौर संजीव सिंह से मुलाकात कर लोयाबाद क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा था। इस मांग पत्र में सबसे प्रमुख मांग लोयाबाद 9 नंबर बीजीएस हाई स्कूल के पीछे सड़क निर्माण कार्य कराने की थी। महापौर संजीव सिंह ने रत्नेश कुमार द्वारा उठायी गयी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। इसी क्रम में लोयाबाद वार्ड संख्या 08 स्थित बीजीएस हाई स्कूल के पीछे सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब सड़क बनने से लोगों को राहत मिलेगी। इसके अलावा रत्नेश कुमार ने वार्ड 08 में खराब पड़े स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं नयी स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की थी। महापौर ने इस दिशा में भी जल्द कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही लोयाबाद क्षेत्र में एक नये सामुदायिक विवाह भवन निर्माण को लेकर भी पत्र सौंपा गया था, जिस पर भी शीघ्र पहल करने की बात कही गयी है। लोयाबाद वासियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर धनबाद महापौर संजीव सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखंड में कोयला एवं अन्य खनिजों की ढुलाई में लगे हाइवा ट्रकों के कारण लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। जिले में आये दिन हाईवा ट्रकों की चपेट में आने से गंभीर हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई मासूमों की जान जा चुकी है। तेज रफ्तार, लापरवाही एवं नियमों की अनदेखी के कारण आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। इसी गंभीर मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद उपायुक्त को पत्र लिखकर जिले में चल रहे सभी हाइवा एवं भारी वाहनों की सघन जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिले में जितने भी हाईवा और ट्रक सड़कों पर चल रहे हैं, उनकी जांच की जानी चाहिए कि वाहन का रजिस्ट्रेशन वैध है या नहीं, वाहन का पीयूसी (प्रदूषण प्रमाण पत्र) अपडेट है या नहीं तथा कमर्शियल और भारी वाहनों के लिए आवश्यक परमिट मौजूद है या नहीं। इसके साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की जानी चाहिए। रत्नेश कुमार ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगायी जा सके और लोगों की जान बचायी जा सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.