Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
रांची : पेट्रोल-डीजल किल्लत से राजधानी के लोग बेहाल
Published / 2026-05-16 21:55:13
रांची : पेट्रोल-डीजल किल्लत से राजधानी के लोग बेहाल

कई पंप बंद, कई में सीमित मिल रहा तेल टीम एबीएन, रांची। पेट्रोल-डीजल के दामों में 3 रुपये की वृद्धि और किल्लत की खबरों के बीच राजधानी रांची में दूसरे दिन भी तेल को लेकर त्राहिमाम की स्थिति दिख रही है। लोग पेट्रोल-डीजल के लिए एक पेट्रोल पंप से दूसरे पेट्रोल पंप के चक्कर लगा रहे हैं। जिस पेट्रोल पंपों पर तेल मिल रहा है, वहां सुबह से ही वाहनों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। कुछ लोग तो गैलन और बोतल में भी पेट्रोल-डीजल स्टॉक कर रहे हैं।  एबीएन ने सुबह 7 बजे से 7:30 बजे तक शहर के 7 पेट्रोल पंपों का जायजा लिया। इस दौरान चार पेट्रोल पंप ड्राई होने के कारण बंद मिले। वहीं एक पेट्रोल पंप पर सिर्फ डीजल मिल रहा था, वहां पेट्रोल खत्म हो चुका था। हरमू रोड के दो पेट्रोल पंपों में से सिर्फ एक खुला है। हरमू नदी के नजदीक वाले पेट्रोल पंप में केवल डीजल मिल रहा है। ऐसे में जिन्हें पेट्रोल लेना है, वे बिना तेल लिए मायूस लौट रहे हैं। हालांकि पेट्रोल पंप में डीजल लेने वाले वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। वहीं शनि मंदिर के निकट स्थित पेट्रोल पंप बंद पड़ा था, वहां सैकड़ों की संख्या में लोग अपने वाहन लगाए सुबह 6 से ही खड़े थे। वहां के पेट्रोल पंप कर्मियों ने लोगों को करीब 2 घंटे के बाद पेट्रोल पंप खुलने का आश्वासन दिया था। दूसरी तरफ कांके रोड में मारुति शोरूम के बगल में स्थित पेट्रोल पंप पर भी दोपहिया और चार पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। कांके रोड के बजरंगबली मंदिर के निकट का पेट्रोल पंप बंद था। पेट्रोल पंप कर्मी 1 से 2 घंटे के बाद खुलने का आश्वासन दे रहे थे। जबकि करम टोली- जेल मोड रोड स्थित दोनों पेट्रोल पंप बंद मिले। इनमें से एक में पेट्रोल नहीं का पोस्टर लगा था। वहीं रिम्स के बगल में स्थित पेट्रोल पंप में भी वाहनों की लंबी कतार लगी हुईथी। दो पहिया वाहन चालकों ने बताया कि जिन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल मिल रहे हैं, वहां मात्र 200 रुपए का ही पेट्रोल दिया जा रहा है। जबकि कार चालकों ने बताया कि उन्हें अधिकतम 500 रुपए का ही पेट्रोल मिल पाया है।

पश्चिम सिंहभूम : बस को ओवरटेक करने में तीन ने गंवायी जान
Published / 2026-05-16 21:52:56
पश्चिम सिंहभूम : बस को ओवरटेक करने में तीन ने गंवायी जान

बस को ओवरटेक करना पड़ा भारी, बाइक सवार 3 युवकों की दर्दनाक मौत एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिम सिंहभूम। जिले में शुक्रवार शाम एक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित मोटरसाइकिल पर यात्रा कर रहे थे, तभी चक्रधरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चक्रधरपुर-सोनुआ सड़क पर एक निजी स्कूल के पास एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश करते समय मोटरसाइकिल चालक ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल तेज रफ्तार बस के नीचे आ गयी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।  अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को चक्रधरपुर स्थित उपमंडल अस्पताल ले गयी, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

रांची : रिम्स हॉस्टल में एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध मौत
Published / 2026-05-16 21:52:06
रांची : रिम्स हॉस्टल में एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध मौत

कमरे में इस हालत में मिला शव, परिसर में मचा हड़कंप टीम एबीएन, रांची। रांची स्थित रिम्स के हॉस्टल में एमबीबीएस के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है। घटना के बाद संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया।  कमरे में फंदे से लटका मिला शव पुलिस सूत्रों ने बताया कि अक्षित कुजूर रिम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल नंबर-8 के एचआईजी ब्लॉक में रहता था। शनिवार सुबह साथी छात्रों ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद छात्रों ने तत्काल कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। साथी छात्रों ने गंभीर हालत में अक्षित को तुरंत रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद रिम्स प्रबंधन, छात्रावास व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि अक्षित एक मेधावी छात्र था। ऐसे में उसके इस कदम से साथी छात्र, डॉक्टर और संस्थान के लोग स्तब्ध हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

चलंत प्याऊ और वाटर कूलर से लोगों को राहत दे रहा मारवाड़ी युवा मंच
Published / 2026-05-16 21:51:26
चलंत प्याऊ और वाटर कूलर से लोगों को राहत दे रहा मारवाड़ी युवा मंच

मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा एक माह से चलंत प्याऊ एवं वाटर कूलर सेवा से लोगों को राहत टीम एबीएन, रांची। भीषण गर्मी को देखते हुए मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा पिछले एक माह से शहरवासियों की सेवा हेतु चलंत प्याऊ अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इस सेवा के अंतर्गत ई-रिक्शा के माध्यम से रांची शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों को नींबू पानी, शरबत, सत्तू एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में मंच द्वारा पूरे रांची शहर में कुल 5 चलंत प्याऊ संचालित किये जा रहे हैं, जिससे प्रतिदिन हजारों राहगीरों, मजदूरों एवं आम नागरिकों को राहत मिल रही है। इसके अतिरिक्त मंच द्वारा शहर में दो स्थायी वाटर कूलर फ्रीजर भी स्थापित किये गये हैं। पहला वाटर कूलर फ्रीजर मारवाड़ी ब्राह्मण सभा परिसर स्थित श्री सालासर हनुमान मंदिर में लगाया गया है, जबकि दूसरा कांके रोड स्थित दुर्गा मंदिर में स्थापित किया गया है। इन दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। मंच द्वारा बहुत जल्द शहर के अन्य विभिन्न क्षेत्रों में भी अतिरिक्त वाटर कूलर फ्रीजर लगाने की योजना बनायी गयी है। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष श्री विकास अग्रवाल ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना मानव सेवा का सबसे बड़ा कार्य है।मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा सदैव सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। हमारा प्रयास है कि शहर के अधिक से अधिक क्षेत्रों तक यह सेवा पहुंचे ताकि किसी भी व्यक्ति को गर्मी में पानी के लिए परेशान न होना पड़े। शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि चलंत प्याऊ अभियान को शहरवासियों का भरपूर सहयोग एवं सराहना मिल रही है। मंच के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास से यह सेवा निरंतर सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। आने वाले दिनों में और अधिक स्थानों पर वाटर कूलर फ्रीजर एवं पेयजल सेवा उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा ने सभी नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक जल संरक्षण करें एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता हेतु आगे आयें। इस कार्यक्रम के संयोजक योगेश्वर अग्रवाल, संकेत सरावगी एवं गौतम अग्रवाल थे। उपरोक्त जानकारी मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने दी।

ईस्ट बसुरिया में कोयला माफिया का हौसला बुलंद, खुलेआम चल रहा अवैध कोयला कारोबार
Published / 2026-05-16 21:45:37
ईस्ट बसुरिया में कोयला माफिया का हौसला बुलंद, खुलेआम चल रहा अवैध कोयला कारोबार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के ईस्ट बसुरिया क्षेत्र में इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार फल-फूल रहा है। आरोप है कि प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर ईस्ट बसुरिया चेक पोस्ट के पीछे स्थित ग्राउंड के बगल में पहले हरे पर्दे से घेराबंदी कर अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा था लेकिन अब ये चर्चा है कि हरे पर्दे के बाहर में शादी के पर्दों से घेराबंदी कर अवैध कोयले का कारोबार संचालित किया जा रहा है।दिनदहाड़े कोयले की अवैध तस्करी की जा रही है कि ग्राउंड के बगल में इस तरह से पर्दों से ढंका गया है ताकि बाहर से किसी को यह अंदाजा न हो सके कि अंदर अवैध कारोबार चल रहा है। लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने से कोयला माफियाओं का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। अवैध कोयला कारोबार के कारण धनबाद एसएसपी एवं स्थानीय थाना प्रभारी की छवि भी धूमिल हो रही है। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से अविलंब जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अवैध तस्करी को बढ़ावा मिलता रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके।

भंडरा : सब्बल से मारकर मां-पत्नी की हत्या
Published / 2026-05-16 21:44:49
भंडरा : सब्बल से मारकर मां-पत्नी की हत्या

भंडरा में दिल दहलाने वाली वारदात: युवक ने सब्बल से पीटकर की मां और पत्नी की हत्या एबीएन न्यूज नेटवर्क, भंडरा। भंडरा थाना क्षेत्र के धनामुंजी जामुनटोली में शनिवार शाम करीब 5 बजे एक युवक ने घरेलू विवाद में अपनी वृद्ध मां और पत्नी की सब्बल से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। सनकी मडवा उरांव में घरेलू विवाद में अपनी वृद्ध मां 80 वर्षीय रूपी उरांव और पत्नि 32 वर्षीय सुमरी उरांव की निर्मम हत्या कर दी। सुमरी के दो छोटे बच्चे हैं जो घटना के वक्त घर पर नहीं थे। बेटी ट्यूशन पढ़ने गयी थी। परिजनों के अनुसार, शनिवार को घर के सभी सदस्य आम बागान में आम तोड़ने गये थे। शाम करीब 5 बजे जब आरोपी मड़वा उरांव घर लौटा तो किसी बात को लेकर उसका अपनी मां और पत्नी से विवाद हो गया। गुस्से में उसने घर में रखे सब्बल से दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी मड़वा उरांव का पिछले एक साल से कांके स्थित रिनपास में मानसिक रोग का इलाज चल रहा है। वह अक्सर गुस्से में रहता था। घटना से एक सप्ताह पहले ही उसके भतीजे एतवा उरांव की भी मौत हो गयी थी, जिसके बाद से वह और ज्यादा परेशान रहने लगा था। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति मड़वा उरांव को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और मानसिक अस्वस्थता हत्या की वजह लग रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। गांव में पसरा मातम एक साथ दो महिलाओं की हत्या से धनामुंजी गांव में मातम पसरा है। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। ग्रामीण स्तब्ध हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गोड्डा : बच्ची की गला घोंटकर हत्या मामले में दो गिरफ्तार
Published / 2026-05-15 23:04:29
गोड्डा : बच्ची की गला घोंटकर हत्या मामले में दो गिरफ्तार

झारखंड : गोड्डा में तीन साल की बच्ची का गला घोंटकर हत्या, 2 लोग गिरफ्तारएबीएन न्यूज नेटवर्क, गोड्डा। जिले में तीन साल की बच्ची का गला घोंटकर कथित तौर पर हत्या करने और उसके शव को कुएं में फेंकने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात को मुफस्सिल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मकुडी गांव में हुई।ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने रात में कुएं के पास प्रेम मुर्मू (50) नाम के एक व्यक्ति को देखा और कुछ गड़बड़ होने का संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी। मुफस्सिल पुलिस थाना प्रभारी अधिकारी आनंद शाह ने बताया, बच्ची का शव कुछ ही देर बाद कुएं से बरामद कर लिया गया और मुर्मू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान, मुर्मू ने पुलिस को बताया कि उसने और उसके दोस्त जारमेन सोरेन (30) ने बच्ची की हत्या की थी।साहा ने बताया कि बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, घटना के समय आरोपी नशे में थे। उन्होंने अभी तक हत्या का मकसद नहीं बताया है। इससे यह संदेह पैदा हो गया है कि लड़की के साथ बलात्कार हुआ होगा। पुलिस ने बताया कि थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जमशेदपुर में भव्य पत्रकार एवं नागरिक सम्मान समारोह आयोजित
Published / 2026-05-15 22:58:35
जमशेदपुर में भव्य पत्रकार एवं नागरिक सम्मान समारोह आयोजित

जमशेदपुर में भव्य पत्रकार एवं नागरिक सम्मान समारोह आयोजितविश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर ZEE भारत NEWS एवं हमर अधिकार मंच की पहल पर पत्रकार सुरक्षा कानून की उठी मांगहमर अधिकार मंच द्वारा आयोजित किया गया मानवाधिकार कार्यशालाएबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जिले में विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस, 2026 के अवसर पर ZEE भारत NEWS एवं हमर अधिकार मंच के संयुक्त तत्वावधान में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह एवं नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मानव अधिकार कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारों की सुरक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एवं मानव अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।कार्यक्रम का आयोजन ZEE भारत NEWS के राष्ट्रीय मुख्य सलाहकार अरुणाभा कर के नेतृत्व में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हमर अधिकार मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में उमाशंकर सिंह एवं डॉ. सबा सिद्दीकी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।इस अवसर पर ZEE भारत NEWS के सम्मानित पत्रकारों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी। कार्यक्रम में विशेष रूप से अनुप श्रीवास्तव, कोल्हान प्रमंडल मंडल ब्यूरो हेड बृजराज सिंह, राजेश गुप्ता, प्रदीप मिश्रा, राकेश सिंह, सोमनाथ तिवारी, आशिफ हुसैन तथा ZEE भारत NEWS के जमशेदपुर कार्यालय प्रबंधक आफरीन अजिम, हमर अधिकार मंच के उपाध्यक्ष संतोष मृदुला और मीना कुमारी, संयुक्त सचिव दिलीप कुमार, कार्यकारिणी सदस्य सुजीत कुमार पांडेय, सूरज कुमार सिन्हा, रीना श्रीवास्तव, चंदन प्रसाद, गोविन्द पाठक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।समारोह में जमशेदपुर के वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता संजय सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, पत्रकारों एवं समाजसेवियों को अंग वस्त्र, मोमेंटो, पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। हमर अधिकार मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला ने भी अरुणाभा कर को मंच का मोमेंटो देकर सम्मानित किया। साथ ही दीपेश निराला ने अरुणाभा कर और डॉ. सबा सिद्दीकी को अपने द्वारा लिखित पुस्तक भेंट की।सम्मान प्राप्त करने के बाद हमर अधिकार मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला ने अपने संबोधन में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज एवं सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने मानव अधिकार, सामाजिक न्याय एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान और सामाजिक जागरूकता से ओत-प्रोत रहा तथा उपस्थित लोगों ने इसे पत्रकारिता और मानव अधिकारों के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर सेमंडल ब्यूरो हेड बृजराज सिंह की रिपोर्टZEE भारत NEWS

ईंधन संकट और महंगाई से राहत के लिए सार्वजनिक परिवहन एवं वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को प्राथमिकता दे सरकार : रामाधार पाठक
Published / 2026-05-15 21:41:19
ईंधन संकट और महंगाई से राहत के लिए सार्वजनिक परिवहन एवं वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को प्राथमिकता दे सरकार : रामाधार पाठक

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता युवा  समाजसेवी रामाधार पाठक ने बढ़ती ईंधन कीमतों और संभावित आपूर्ति संकट को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि यदि पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, तो सरकार को केवल बचत की अपील करने के बजाय व्यवहारिक और जनहितकारी विकल्प भी उपलब्ध कराने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में कुछ समय के लिए सरकारी बसों का किराया न्यूनतम अथवा निशुल्क किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। इससे ईंधन की खपत में कमी आएगी, ट्रैफिक दबाव घटेगा तथा आम नागरिकों को महंगाई से राहत मिलेगी। श्री पाठक ने सुझाव दिया कि बड़े शहरों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष बस सेवाएं चलायी जायें जाएं तथा कार्यालय समय में अतिरिक्त सरकारी बसों की व्यवस्था की जाये, जिससे सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या कम हो सके। उन्होंने कहा कि मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था न केवल ईंधन बचत में सहायक होगी, बल्कि प्रदूषण और यातायात अव्यवस्था को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन विभागों, निजी संस्थानों एवं कंपनियों में कार्य की प्रकृति संभव हो, वहां वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे प्रतिदिन लाखों वाहनों की आवाजाही कम होगी, ईंधन की बचत होगी तथा कर्मचारियों का समय और खर्च दोनों कम होंगे। आईटी, बैंकिंग, निजी कार्यालयों और आॅनलाइन सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों में यह व्यवस्था विशेष रूप से प्रभावी साबित हो सकती है। श्री पाठक ने कहा कि सरकार को ई-बसों, साझा परिवहन व्यवस्था और कार पूलिंग जैसी योजनाओं को भी प्रोत्साहित करना चाहिए। विद्यालयों, कार्यालयों और संस्थानों में सामूहिक परिवहन नीति लागू कर ईंधन संरक्षण के बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता केवल प्रतिबंध लगाने की नहीं, बल्कि ऐसी दूरदर्शी व्यवस्था विकसित करने की है जिससे आम नागरिकों को सुविधा भी मिले और राष्ट्रीय संसाधनों की बचत भी सुनिश्चित हो।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 82,622