राज्यपाल ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवानाटीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज राज भवन के मुख्य द्वार पर रांची विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), नेहरू युवा केन्द्र (एनवाईकेएस) द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में सम्मिलित होकर हर घर तिरंगा अभियान की इस प्रभातफेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इसमें बड़ी संख्या में रांची विश्वविद्यालय, रांची, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), नेहरू युवा केन्द्र (एनवाईकेएस) के विद्यार्थियों ने भाग लिया। राज्यपाल ने कहा कि यह अभियान अत्यन्त महत्वपूर्ण है क्योंकि यह युवाओं के दिलों में देशभक्ति की भावना का और संचार करेगा जो हमारे देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने उक्त अवसर पर कहा कि यह हमारी एकता को प्रदर्शित करता है।राज्यपाल ने कहा, भारत एक है, भारत हमेशा एक रहेगा। यह नारा लोगों को और अधिक एकजुट करेगा। उन्होंने कहा कि हमारे देश से ही हमारी पहचान है। आज हमारा देश विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में झारखंड के जनजातीय समुदाय का योगदान अतुलनीय है।
टीम एबीएन, रांची। रांची से लापुंग की ओर से 60 किलोमीटर की दूरी पर गढ़ालोधमा और कुरकुरिया जंगलों में बसे दो गांव हैं। कई दशकों से, इन गांवों के आसपास के जंगल माओवादियों की उपस्थिति का केंद्र रहे हैं, लोग गरीब बने हुए हैं और क्षेत्र पिछड़ा हुआ है।दोनों गांवों में अक्सर जंगली जानवरों के हमले होते रहते हैं। इस साल 13 अगस्त को 6 लोगों पर जंगली भालू ने हमला किया था। हालांकि, कैथोलिक चर्च के फादर और सिस्टर वर्षों से इस क्षेत्र में प्रेम और समर्पण के साथ सेवा कर रहे हैं। इस स्वतंत्रता दिवस पर, आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो एसजे और बिशप थियोडोर मस्कारेन्हास एसएफएक्स ने पुरोहितों के साथ इन दोनों गांवों के दो स्कूलों का दौरा किया और उन्हें स्कूल बैग, पेंसिल, इरेजर, शार्पनर, रंगीन पेंसिल, पेंसिल बॉक्स और ज्योमेट्री बॉक्स से युक्त शैक्षणिक किट वितरित की। सेंट पॉल द एपोसल स्कूल, गढ़ालोधमा में 487 बच्चे और सेंट ल्यूक द इवेंजेलिस्ट स्कूल, कुरकुरिया में 382 बच्चों के बीच यह सामग्री वितरित किया। विशेष स्वतंत्रता दिवस की पूर्व दिन के समारोह में मांडर की विधायक सुश्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि थीं। छात्रों को अपने संदेश में उन्होंने उन्हें कड़ी मेहनत करने और जीवन में कुछ बनने के लिए प्रोत्साहित किया।उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हम अपनी सुदूर क्षेत्र में निवास करने के बावजूद जो चाहें बन सकते हैं, बशर्ते हमारे पास ऐसा करने की इच्छाशक्ति हो। आर्चबिशप फेलिक्स ने बच्चों को याद दिलाया कि उनमें क्षमता है और उन्हें आदर्श नागरिक बनने के लिए काम करना चाहिए। बिशप थियोडोर ने बच्चों को समझाया कि हम सभी भाई-बहन हैं और हमें कभी भी जाति, पंथ या धर्म के आधार पर खुद को विभाजित नहीं करना चाहिए।समारोह का समापन राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ। फादर आशित टोप्पो एवं फादर बिनय केरकेट्टा ने वितरण की व्यवस्था की। फादर आसीम मिंज, फादर सुशील बेक, फादर वाल्टर किस्पोट्टा के अलावा स्कूल के दो प्राचार्य फादर शिशिर सुरीन एवं फादर राजेंद्र खाखा सहित विद्यालय की सिस्टर्स एवं शिक्षकगण भी उपस्थित थे। भारत माता की जय के जोरदार उद्घोष के साथ समारोह का समापन हुआ।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) की वार्षिक आमसभा बैठक 27 अगस्त को होगी। इससे पहले 16 अगस्त को कमेटी आॅफ मैनेजमेंट की 7वीं बैठक 16 अगस्त को रांची स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होगी। मैनेजमेंट आफ कमेटी की बैठक के लिए जारी नोटिस में सचिव का हस्ताक्षर है। इसमें कई एजेंडों पर चर्चा की बात कही गयी है। इसमें मुख्य रूप से जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी की पुण्य तिथि पर जेएससीए स्टेडियम परिसर में उनकी प्रतिमा लगाये जाने के मामले पर पर रिव्यू किया जायेगा। साथ ही इसके खर्च पर कमेटी आफ मैनेजमेंट की मुहर लगेगी। उनकी प्रतिमा दिसंबर में लगायी जा सकती है। साथ ही 16 अगस्त की बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की वार्षिक रिपोर्ट को भी अंतिम रूप दिया जायेगा। 2023-24 सत्र के लिए न्यायमूर्ति वीके बिष्ट को जेएससीए काओंबुडस्मैन और एथिक्स अफसर नियुक्त किया जायेगा। कमेटी आफ मैनेजमेंट की बैठक में उनके मनोनयन को मंजूरी दी जायेगी। न्यायमूर्ति वीके बिष्ट उत्तराखंड के मूल निवासी है। उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड न्यायालय में न्यायमूर्ति के रूप में अपना योगदान दिया है।
10 अक्टूबर को होगा समापनटीम एबीएन, रांची। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में रविवार को अहम बैठक का आयोजन हुआ, जहां प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में 17 अगस्त से शुरू होने वाली संकल्प यात्रा को लेकर चर्चा हुई। वहीं, बैठक के बाद झारखंड बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें बीजेपी प्रदेश महामंत्री और मुख्यालय प्रभारी प्रदीप वर्मा ने बाबूलाल मरांडी के संकल्प यात्रा से जुड़ी जानकारी साझा की।बीजेपी प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा कि झारखंड में जब से जेएमएम और कांग्रेस की सरकार बनी है तब से लगातार अपराधिक घटनाओं के साथ लूट के नये-नये कीर्तिमान बन रहे हैं। आपराधिक घटनाओं का औसत राज्य में सर्वोच्च है। बीजेपी के कार्यकर्ता लगातार संघर्ष करते रहे हैं। राज्य की जनता उद्वेलित है। युवा परेशान है। राज्य की जनता को इस पीड़ा से निकालने के लिए बाबूलाल मरांडी 17 अगस्त से संकल्प यात्रा पर निकल रहे हैं। सिदो कान्हो की जन्म स्थली से ये यात्रा शुरू होगी और 10 अक्टूबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में बड़ी सभा के जरिए यात्रा का समापन होगा। भाजपा की संकल्प यात्रा17 अगस्त से बीजेपी निकालेगी संकल्प यात्राकुल 7 चरणों में संकल्प यात्रा पूरी की जायेगीयात्रा बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में होगीसभी 81 विधानसभा में जनसभा आयोजित होगी10 अक्टूबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में खत्म होगी यात्रा
सांसदों, मंत्री और डीआरएम ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए किया रवाना जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रस्तावित रांची- वाराणसी वंदे भारत ट्रेन शीघ्र लोहरदगा होकर चलेगी डीआरएम ने कहा कि क्षेत्र के जिलों के अलावा ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लोगों को भी मिलेगा लाभ राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव का स्वागत के लिए लोग बैंड बाजा और ढोल नगाड़े के साथ स्टेशन पहुंचे थे सांसद सुदर्शन भगत धीरज प्रसाद साहू समीर उरांव और मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव कार्यक्रम में हुए शामिल रांची रेल मंडल के नए डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा ने अतिथियों का किया स्वागत टीम एबीएन, लोहरदगा। लोहरदगा के 112 सालों के रेलवे इतिहास में 13 अगस्त का दिन ऐतिहासिक और खुशियों से भरा रहा। यह यादगार पल भारत के आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष 2023 में रांची- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के लोहरदगा में ठहराव से जिलावासियों के अलावा आसपास के राज्यों और जिलों के लोगों के लिए सौगात साबित हुआ। लोहरदगा रेलवे स्टेशन में रांची से चलकर रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस शाम 6:10 बजे जैसे ही हार्न बजाकर पहुंची, तो हजारों की भीड़ ने राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव का लोगों ने बैंडबाजे, ढोल- नगाड़े और तिरंगे के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारों से किया। लोहरदगा स्टेशन से पूर्व केंद्रीय मंत्री सह- लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत, राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, रास सांसद समीर उरांव, पूर्व केंद्रीय मंत्री-सह- राज्य के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना किया। इस विशेष मौके पर रेलवे के रांची नये डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा, एडीआरएम मनीष कुमार, सीनियर डीसीएम थांगा बालन, सीनियर डीईएन प्रियम शंकर, आरपीएफ के डीसीई पवन कुमार, डीसीएम देबराज बनर्जी डीसीएम- सह- सीपीआरओ निशांत कुमार आदि रांची रेल मंडल के अधिकारी सेमत बड़ी संख्या में लोहरदगा के प्रबुद्धजन मौजूद थे। इसके पूर्व लोहरदगा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोस सांसद-सह- पूर्व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने कहा कि लोहरदगा और झारखंड के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। आजादी के अमृत महोत्सव पर केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय ने जनजातीय क्षेत्र लोहरदगा में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव को बड़ी सौगात के रूप में दिया है। सभी जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयास से यह सफलता मिली है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में रांची- वाराणसी वंदे भारत, रांची- मुंबई एलटीई एक्सप्रेस, रांची- जयपुर, रांची- अजमेर शरीफ, रांची- लखनऊ समेत कई स्थानों की ट्रेन लोहरदगा (ठहराव के साथ) होकर चलेगी। राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने इस मौके पर कहा की लोहरदगा से जुड़े केंद्र में हम तीन जनप्रतिनिधि हैं। शीघ्र ही दिल्ली में सभी मिलकर रेल मंत्री और अन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। लोहरदगा में अधिक से अधिक ट्रेनों का परिचालन और ठहराव हो इसकी मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि नेरोगेज के समय से ही लोहरदगा में ट्रेन सुविधाओं को लेकर चरणबद्ध आंदोलन होता रहा है। परिणाम स्वरूप आज यहां के जनप्रतिनिधियों ने मिलकर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव को सुनिश्चित किया है। इसके लिए हम सभी को बधाई देते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग किया कि रेलवे को लोहरदगा से कोरबा तक गुमला होते हुए रेल लाइन बिछाने का काम करना चाहिए। सांसद समीर उरांव ने कहा कि इस क्षेत्र की जनता के आशाओं- आकांक्षाओं के अनुरूप भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुक्ष्मता के साथ इस क्षेत्र का अध्ययन किया। फिर ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दी। हम रेल मंत्रालय, प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति आभार जताते हैं। उन्होंने कहा कि आम जनों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को रेलवे द्वारा लगातार बढ़ाने का काम किया जा है। लोहरदगा में आने वाले दिनों में कई ट्रेनें चलेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह-झारखंड सरकार के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर राव ने इस मौके पर लोहरदगा के रेल इतिहास के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि आंदोलन से ट्रेन की सुविधा मिली है। हम सभी मिलकर इस क्षेत्र को रेलवे कनेक्टिविटी के दृष्टिकोण से बेहतर बनाने का काम करेंगे। रांची के नये डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि एसई रेलवे के लोहरदगा स्टेशन में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से न केवल लोहरदगा बल्कि लातेहार, रांची जिले के बेड़ो और चान्हो,गुमला, सिमडेगा, नेतरहाट, महुआडांड़ आदि इलाकों के अलावा छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। रविवार लोहरदगा से पहली बार राजधानी एक्सप्रेस में सवार होकर 50 से अधिक मुसाफिर दिल्ली के लिए रवाना हुए। इनमें महिलाओं की संख्या भी उल्लेखनीय थी। उनके चेहरे पर खुशी और उमंग था। यात्रियों शंकर लाल अग्रवाल, शारो देवी, मनोज कुमार, प्रेम अग्रवाल, सुंदर देवी, अलीशा गर्ग, रीना खलखो, हिमांशु भगत, शैलेश उरांव आदि ने कहा कि निश्चित रूप से यह ट्रेन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। चेंबर आफ कॉमर्स के रितेश कुमार, राजेश महतो की अगुवाई में अधिकारियों ने राजधानी एक्सप्रेस के ड्राइवरों, टीटीई, सुरक्षाकर्मी और अन्य स्टाफ का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव के ऐतिहासिक पल को देखने के लिए पहुंचे थे। ट्रेन के पहुंचते ही सेल्फी लेने वालों की भीड़ लग गयी। इसी साल जुलाई महीने में फुट ओवर ब्रिज और नये प्लेटफार्म का शुभारंभ जन प्रतिनिधियों ने किया था। राजधानी एक्सप्रेस के लोहरदगा होकर चलने से दिल्ली का सफर महज 16 घंटे में तय करना संभव हो जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मॉल आॅफ रांची समेत पीजेपी सिनेमा का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एक छत के नीचे कई सुविधाएं राजधानी वासियों को मिलेगी। इस दौरान सीएम अपनी पत्नी संग गदर-टू फिल्म पीजेपी सिनेमाघर में देखी। इस मौके पर सीएम ने कहा कि उन्हें भी फिल्म देखने का शौक है, पर समय अभाव के कारण फिल्म नहीं देख पाते हैं। वहीं, कहा कि पति-पत्नी के साथ कब फिल्म देखें हैं याद नहीं है। राजधानी रांची के रातू स्थित आकाशवाणी के सामने नवनिर्मित इस मॉल में बड़े ब्रांड के अलावा मॉर्डन गेम जोन, फूड जोन, सिनेमा स्क्रीन्स, लाइफस्टाइल, फैशन शॉप समेत अन्य सुविधाएं मौजूद हैं। इस मौके पर प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक प्रकाश झा भी मौजूद थे।
नहाने के दौरान हुआ हादसाटीम एबीएन, दुमका। रविवार को जिले में चार बच्चों की मौत से इलाके में मातम है। सुबह तालाब में स्नान करने के क्रम में चार बच्चों की मौत हो गयी। इसको लेकर परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गयी है। जिले के सरैयाहाट प्रखंड के पथरिया गांव के तालाब में स्नान करने के क्रम में चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। इनमें तीन लड़की और एक लड़का है और सभी की उम्र लगभग 10 वर्ष के बीच की है। इधर, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों के शव को पानी से बाहर निकाल लिया गया है।कैसे हुई घटनाजानकारी के अनुसार सरैयाहाट प्रखंड के पथरिया गांव में रविवार होने की वजह से बच्चे तालाब में स्नान करने चले गये। बच्चे तालाब की गहराई को समझ नहीं सके और नहाने के क्रम में पानी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गयी। बता दें कि दुमका में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है इस वजह से तालाब में काफी पानी भरा हुआ था और बच्चे पानी की गहरायी नहीं समझ सके। मृतकों में तीन लड़की और एक लड़का शामिल है। सभी की उम्र 10 वर्ष के आसपास की है और सभी अलग अलग परिवार के हैं। इस हादसे के शिकार बच्चों में कुंदन कुमार, रेखा कुमारी, ज्ञान गंगा कुमारी और नंदनी कुमारी शामिल है।
मोदी बर्णवाल महिला समिति ने मनाया सावन महोत्सव, जमकर झूमे उपस्थित लोगटीम एबीएन, कोडरमा। मोदी बर्णवाल महिला समिति झुमरी तिलैया ने राजगढ़िया रोड स्थित मोदी धर्मशाला में सावन मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अहिवरन जी व स्व. विश्वनाथ मोदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए तथा द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया ।कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला अध्यक्ष सुषमा सुमन ने किया वहीं मंच संचालन अपने जादुई अंदाज में फुल कुमारी व दीपा देवी ने संयुक्त रूप से किया।तत्पश्चात सभी महिलाओं ने एक दूसरे को सावन माह की बधाई दी। कार्यक्रम में बर्णवाल महिला समुह ने एकल नृत्य व ग्रुप नृत्य के अलावा सावन के अवसर पर गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मनमुग्ध कर दिया। वहीं लक्ष्मी देवी ने पुरुष के भेष में हम काले हैं तो क्या हुआ दिलवाले हैं --- गाने पर नृत्य प्रस्तुत करते हुए उपस्थित सभी महिलाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। महोत्सव में विभिन्न प्रकार के प्रतियोगिता आयोजित कर कार्यक्रम को मनोरंजक बनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छोटी छोटी बच्चियों ने सुंदर सुसज्जित झुले का आनन्द लिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाएं श्रावणी झुला महोत्सव के शुभ अवसर पर पुरे शृंगार के साथ हरे रंग की साड़ियां, हरे कलर की चूड़ियां एवं अन्य पहनावे के साथ शामिल हुई। ज्ञात हो कि समाज की महिलाओं का एक साथ एकत्रित होने का उद्देश्य मोदी बर्णवाल संगठन को मजबूत करना भी है, ताकि समाज का सर्वांगीण विकास किया जा सके। समारोह में कार्यक्रम के दौरान सभी महिलाओं के चेहरों पर काफी खुशियां झलक रही थी। कार्यक्रम में कंचन लता देवी, ममता, संगीता, सावित्री, पुष्पा देवी, आशा देवी, पुनम मोदी, सरिता देवी,मधु कुमारी, राखी देवी, रिंकी, सुमन वर्णवाल, रश्मि बर्णवाल, मनीषा मोदी, कंचन बाला, प्रियंका बर्णवाल, अनुराधा, रितु, अदिति, प्रेरणा, सीमा बर्णवाल, प्रीति बर्णवाल, ज्योति, काजल देवी, मुनि देवी, कविता, मुन्नी देवी के अलावा सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया और कार्यक्रम के साथ साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरीटीम एबीएन, दुमका/ रांची। झारखंड की उपराजधानी दुमका में स्वतंत्रता दिवस इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा और राज्यपाल 15 अगस्त को पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। दुमका के उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने समाहरणालय सभागार में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में बताया कि जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा।उपराजधानी दुमका में राज्यपाल द्वारा मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन मैदान में प्रात: 9:05 बजे झंडोत्तोलन किया जायेगा। सभी तैयारियां ससमय पूरी कर ली गई हैं। 13 अगस्त को प्रात: 8.30 बजे फाइनल रिहर्सल किया जायेगा। दोड्डे बताया कि मुख्य अतिथि का वाहन शहीद स्मारक स्थल के बायीं तरफ एवं अति विशिष्ट और विशिष्ट अतिथियों के वाहन दायीं तरफ पार्किंग की व्यवस्था की गयी है। पत्रकारों एवं अन्य अतिथियों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था गेट नं- 4 के पास खाली स्थान को चिह्नित कर किया जायेगा। इस समारोह के मद्देनजर उक्त तिथि को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक मुख्य समारोह पथ दुमका रामपुरहाट मार्ग पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। वहीं उपायुक्त ने सभी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि से मुख्य कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रगान के दौरान किसी प्रकार की आवाजाही नहीं करने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुल 15 प्लाटून भाग लेंगे। राष्ट्रगान के लिए विद्यालयों का चयन कर लिया गया है। नव पदस्थापित उपायुक्त दोड्डे ने जिला प्रशासन की प्राथमिकता पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि वाहनों पर ओवर लोडिंग तथा वाहनों के परिचालन की गति पर नियंत्रण करने के साथ आम लोगों की समस्याओं को दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोग अपनी समस्या को लेकर जिले तक नहीं पहुंच पाते हैं। जिला प्रशासन उनके लिए एक टोल फ्री नंबर जारी करेगा, जिस पर 24 घंटे संपर्क कर आम लोग जिला प्रशासन को अपनी समस्याओं से अवगत करवा सकेंगे। शिक्षा एवं स्वास्थ्य में आपेक्षिक सुधार के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। स्कूलों में पोशाक स्वयं सहायता समूह के जरिए पहुंचाया जायेगा तथा अवैध माइनिंग के उत्खनन एवं परिचालन पर रोक लगायी जायेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.