Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

झारखंड

View All
शहीद सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी के घर तोलरा पहुंचे आयुक्त और आईजी‌
Published / 2023-08-18 17:57:59
शहीद सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी के घर तोलरा पहुंचे आयुक्त और आईजी‌

परिजनों को बंधाया ढांढसटीम एबीएन, पलामू। आयुक्त मनोज जायसवाल एवं पलामू जोन के आईजी राजकुमार लकड़ा ने नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए विश्रामपुर प्रखंड के तोलरा गांव निवासी पुलिस सब इंस्पेक्टर स्व अमित तिवारी के घर पहुंचकर, उनके पिता देवेन्द्र तिवारी, बाबा राजदेव तिवारी एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की और शहीद को नमन किया।परिवारजनों को सांत्वना देते हुए विपत्ति की इस घड़ी से उबरने एवं धैर्य से काम लेने के लिए ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सरकार शहीद के परिजनों के साथ है। परिवारजनों को सरकार की योजनाओं का लाभ देकर हर संभव मदद पहुंचाई जायेगी। उन्होंने शहीद के पत्नी एवं बच्चों के संबंध में भी जानकारी ली और उनके लिए सरकारी नौकरी हेतु पहल करने एवं प्रशासनिक प्रक्रिया में सहयोग का आश्वासन दिया। आयुक्त एवं आईजी‌ ने कहा कि इस तरह की घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है, इसकी जितनी भी निंदा की जाये कम है। शहीद के प्रति सरकार एवं प्रशासन ऋणी है। शहीद के परिवारजनों के लिए बेहतर से बेहतर कार्य होगा। आयुक्त ने शहीद के घर तक की सड़क की हालात को स्वत: संज्ञान में लिया और इसे दुरुस्त करने को लेकर ग्रासिम इंडस्ट्रीज के जीएम से दूरभाष पर बात की। उन्होंने सीएसआर के तहत तत्काल सड़क दुरूस्त करने की बातें कही। विदित हो कि पुलिस सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी चाईबासा में पदस्थापित रहकर 14 अगस्त की रात वहां नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हो गये। वे 2012 बैच के सब इंस्पेक्टर थे।

इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए कृष्णा बरहपुरिया चेयरमैन और सुरेंद्र प्रसाद वाइस चेयरमैन बने
Published / 2023-08-18 12:37:15
इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए कृष्णा बरहपुरिया चेयरमैन और सुरेंद्र प्रसाद वाइस चेयरमैन बने

टीम एबीएन, कोडरमा। कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन की एक बैठक झुमरीतिलैया स्थित छाबड़ा लॉज में  हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छावड़ा और संचालन सचिव दिनेश सिंह ने किया। बैठक में सत्र 2022-23 में हुए जिले की सारी क्रिकेट गतिविधियों के सफल संचालन पर खुशी व्यक्त की गयी। वहीं सत्र 2023-24 के लिए इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत सितंबर माह में करने की बात रखी गयी। सर्वसम्मति से स्कूल टूर्नामेंट के लिए चेयरमैन कृष्णा बरहपुरिया को बनाया गया, वहीं वाइस चेयरमैन सुरेंद्र प्रसाद बने। बैठक में यह तय हुआ कि स्कूल के टीमों की रजिस्ट्रेशन की तिथि 20 अगस्त से 31 अगस्त तक है। इस अवधि में स्कूल रजिस्ट्रेशन फॉर्म छाबड़ा लॉज से प्राप्त कर सकते हैं। सचिव दिनेश सिंह और नव चयनित टूर्नामेंट चेयरमैन कृष्णा बरहपुरिया ने कहा कि जिले में कोई भी संचालित टूर्नामेंट जेएससीए के नियम व शर्तों पर आधारित केडीसीए द्वारा दिये गये प्रारूप से ही किये जायेंगे। उन्होंने कहा की अंडर 14 के लिए जन्म तिथि 1 सितंबर 2009 या उसके बाद का जन्म होना चाहिए और अंडर 16 के लिए जन्मतिथि 1 सितंबर 2008 या उसके बाद का होना चाहिए। अध्यक्ष अमरजीत सिंह छावड़ा और कोषाध्यक्ष मनोज सहाय पिंकू ने कहा कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी स्कूल का रजिस्ट्रेशन स्वीकार नहीं किया जायेगा। रजिस्ट्रेशन के लिए फॉर्म के साथ खिलाड़ियों को डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट , माता-पिता का वोटर आईडी कार्ड और आधार कार्ड, खिलाड़ी का आधार कार्ड, 3 साल का मार्कशीट, स्कूल बोनाफाइड सर्टिफिकेट और दो पासपोर्ट साइज का फोटो देना आवश्यक है। इसके अलावा सचिव द्वारा दिए गए मेल पर हार्ड कॉपी में उपलब्ध कराए जाने वाले सारे सर्टिफिकेट का पीडीएफ बनाकर मेल करना होगा। मेल नहीं करने वाले खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाएगा। बैठक में चंदवारा स्थित पुलिस लाइन मैदान में चल रहे टर्फ विकेट के मरम्मत कार्य पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही कहा गया कि जेएससीए के पीच क्यूरेटर के निर्देशन में मरम्मती कार्य होना एक अच्छी बात है और उम्मीद है कि आने वाले टूर्नामेंट में यह विकेट से खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा। बैठक के अंत में जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष और बीसीसीआई के पूर्व सचिव रहे आईपीएस अधिकारी स्वर्गीय अमिताभ चौधरी के निधन के 1 वर्ष पूरे होने पर नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी। बैठक में अमरजीत सिंह छावड़ा, दिनेश सिंह, मनोज सहाय पिंकू, कृष्णा बरहपुरिया, अनिल सिंह, आलोक पांडे, सोनू खान, ओम प्रकाश, सुरेंद्र प्रसाद, कुंदन राणा, बसंत सिंह आदि शामिल थे।

पांच लोगों की मौत से दहल उठा सिल्ली
Published / 2023-08-17 23:16:55
पांच लोगों की मौत से दहल उठा सिल्ली

रांची में बड़ा हादसा, बैल को निकालने की कोशिश में कुएं की मिट्टी धंसी, 5 लोगों की मौत, दो को निकाला गया सुरक्षितएबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली/ रांची। राजधानी से करीब 70 किलोमीटर दूर सिल्ली में एक बड़ा हादसा हुआ है। मुरी ओपी क्षेत्र के पिस्का गांव में कुआं धंसने से सात लोग दब गये, जिसमें से पांच लोगों के मरने की खबर है। जानकारी के मुताबिक, कुएं में एक जानवर गिर गया था। उस जानवर को निकालने के लिए चार लोग कुआं में उतरे थे। अन्य चार लोग कुछ जुगाड़ लगा कर कुआं के ऊपर से जानवर को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान आसपास की मिट्टी अचानक धंस गयी, जिसमें सात लोग मिट्टी में दब गये। दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि पांच लोगों की मौत हो गयी। मौके पर पुलिस अधिकारी के साथ स्थानीय विधायक और आजसू प्रमुख सुदेश महतो भी पहुंच गये हैं।सिल्ली थाना प्रभारी आकाश दीप ने कहा कि सात लोग मिट्टी में दब गये थे। जिनमें से दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि पांच लोगों की मौत हो गयी है। फिलहाल, एक शव निकाल लिया गया है, बाकी शव निकालने का प्रयास किया जा रहा है। चूंकि सभी चालीस फीट नीचे मिट्टी में दबे हैं, इसलिए उन्हें निकालने में परेशानी हो रही है। कुआं को खोदकर शवों को निकालने के लिए मशीन मंगायी गयी है।इससे पहले रांची के सिटी एसपी शुंभाशु जैन ने बताया था कि घटना सिल्ली के पास मुरी में हुई है, सात से आठ लोगों के दबने की बात बतायी जा रही है। एनडीआरएफ की टीम को जानकारी दी गयी है। टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गयी है। वहीं सिल्ली विधानसभा क्षेत्र से आजसू विधायक सुदेश महतो ने फोन पर बताया कि घटना की जानकारी मिली है। वह घटनास्थल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह आज डुमरी में चुनावी सभा में थे। इसी बीच इस हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि कितना नुकसान हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव में एक बैल कुएं में गिर गया था। जिसे निकालने की प्रक्रिया चल रही थी। बैल को निकालने के लिए 4 लोग कुएं में उतरे और बाकी गांव के लोग कुएं के ऊपर से बैल को रस्सी से खींच रहे थे। तभी अचानक ही पूरे कुएं की मिट्टी धंस गयी। जो 4 लोग नीचे कुएं में उतरे हुए थे, उनके अलावा तीन अन्य लोग भी कुएं के अंदर मिट्टी में दब गये।

तमाड़ में महिला से लाखों की लूट मामले केब तीन आरोपी गिरफ्तार
Published / 2023-08-17 23:13:52
तमाड़ में महिला से लाखों की लूट मामले केब तीन आरोपी गिरफ्तार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, रांची। तमाड़ क्षेत्र के वारुकांडे से जिलिंगसेरेंग की ओर जाने वाली रास्ते में छह अपराधियों द्वारा एक महिला से लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने तीन अपराधी को गिरफ्तार किया है। अपराधियों ने चाकू के बल पर भारत फाइनेंस कंपनी, बुंडू में कार्यरत महिला से 2,23,756 रुपये के अलावा स्कूटी, मोबाइल फोन, टैब और चांदी का चेन लूट लिया था। इस मामले में एसएसपी, रांची के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू के नेतृत्व में गठित टीम ने इस घटना में शामिल तीन आरोपी करण कुमार यादव, शिव प्रसाद यादव और संतोष सिंह मुंडा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से देसी कट्टा, चार गोली, चाकू, मोबाइल समेत लूट के 20 हजार रुपये बरामद किया है।

गली मुहल्ले में व्यापक रूप से चलेगा नशामुक्त जागरूकता अभियान : मुजीब कुरैशी
Published / 2023-08-17 22:06:32
गली मुहल्ले में व्यापक रूप से चलेगा नशामुक्त जागरूकता अभियान : मुजीब कुरैशी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश जमीयतुल कुरैश की ओर से एक बार फिर नशा मुक्त अभियान को लेकर अभियान की शुरुआत की जा रही है। इसी के उपलक्ष्य में होटल केन मेन रोड रांची में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के अध्यक्षता झारखंड प्रदेश जमीयतुल कुरैश के अध्यक्ष मुजीब कुरैशी ने किया। मंच संचालन मीडिया प्रभारी गुलाम जावेद ने किया। वहीं मुख्य वक्ता लोअर बाजार थाना प्रभारी दयानंद, हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी विनय,  डेली मार्केट थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक, अंजुमन इस्लामिया रांची के अध्यक्ष हाजी मुख्तार, वार्ड 45 के निवर्तमान पार्षद पप्पू गद्दी, उपेंद्र रजक , डॉ अफताब जमील, समाजसेवी डॉक्टर असलम परवेज, प्रो रिजवान अंसारी, मो जावेद, शकील, कर भला तो हो भला के सज्जाद इदरीसी, महावीर  मंडल के पूर्व अध्यक्ष, राजीव रंजन मिश्रा, झामुमो नेता जितेंद्र गुप्ता, सीपीआई नेता अजय सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमशेर आलम, विनय दीपू सिन्हा, पत्रकार फिरोज जिलानी आदिल कुरैशी, मास्टर शाहिद, विजय शंकर नायक, हाजी इमरान अंसारी, मो खालिक नन्हू, उपेन्द्र रजक उपस्थित थे।  मौके पर हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी विनय ने कहा पुलिस के साथ-साथ समाज के लोगों का भी सहयोग नशा खुरानी को दूर करने में अति आवश्यक है। राजीव रंजन मिश्रा पूर्व अध्यक्ष महावीर मंडल रांची ने कहा नशा के कारण युवा पीढ़ी दिशाहीन होते जा रहे हैं जिस पर हम सब सामाजिक कार्यकर्ताओं का दायित्व बनता है कि जागरूकता फैलाया जाये।  वरिष्ठ समाजसेवी विनय सिन्हा दीपू ने कहा विभिन्न क्षेत्र में सेल्फ हेल्प ग्रुप की तरह एक नशामुक्ति के लिए भी ग्रुप का निर्माण किया जाये और समाज के सभी लोगों को सम्मिलित कर व्यापक रूप से जागरूकता अभियान चलाया जाये। डॉ असलम परवेज ने कहा आज मुझे महसूस हो रहा है कि अब नशा मुक्त रांची हो जायेगा। सभा में सभी लोगों ने एक साथ हाथ उठा कर बोला कि मुजीब कुरैशी के नेतृत्व में नशामुक्त जागरूकता अभियान संभव है, पूरा समाज आपके साथ है। मौके पर चीक पंचायत से अकबर कुरैशी, मंसूर कुरैशी, रहमतुल्लाह अंसारी, फिरोज रिजवी मुन्ना, इंतेखाब अंसारी, नजबउल्ल खान, मनोरंजन टूटू, हसीब खान, साजिद खान इम्तियाज, बारीक कुरैशी, बबलू कुरैशी, छोटू मुनाज, शम्स कमर लड्डन, डब्लू, रोबीन दस, आवेश कुरैशी मुन्ना, हाजी मिन्हाज, मो मकसूद बब्लू, राजू कुरैशी, गुड्डू कुरैशी, बुतरु कुरैशी, शम्साद खान, रुस्तम, रईस कुरैशी, जावेद कुरैशी, वसीम कुरैशी, जमीयतुल कुरैश पंचायत कांटाटोली के अध्यक्ष गुलाम गौस पप्पू कुरैशी, महासचिव परवेज कुरैशी सहित रांची शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के सैकड़ों लोग उपस्थित हुए और नशा मुक्त अभियान व्यापक रूप से चलाने में सहयोग देने की बात कही और कहा कि किस तरह से आगे कार्यक्रम की जाएगी, इस पर भी चर्चा की गयी। धन्यवाद ज्ञापन फारुख राईन ने किया। उक्त जानकारी झारखंड प्रदेश जमीयतुल कुरैश के प्रदेश मीडिया प्रभारी गुलाम जावेद ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

स्मार्ट सिटी में बन रहा है शानदार साइकिल ट्रैक
Published / 2023-08-17 22:04:54
स्मार्ट सिटी में बन रहा है शानदार साइकिल ट्रैक

ट्रैक देखने के लिए लग रही है लोगों की भीड़ एबीएन के लिए अजय सानी की विशेष रिपोर्ट टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची का स्मार्ट सिटी अब निर्माण की अंतिम प्रकिया में है। सड़कों के निर्माण का काम पूरी तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में स्मार्ट सिटी को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से बनाया जा रहा साइकिल ट्रैक चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक ओर, रांची में सड़कों का भारी अभाव है और फुटपाथ की सुविधा नहीं है। तो वहीं दूसरी ओर स्मार्ट सिटी में देश का सबसे सुंदर साइकिल ट्रैक का निर्माण कार्य आरंभ हो गया है। यह साइकिल ट्रैक सेक्टर-3 गोलचक्कर से सेक्टर-2 तक बनाया जा रहा है। यह साइकिल ट्रैक इतना सुंदर है कि अभी से रांची शहर के लोग उसे देखने आ रहे हैं। झारखंड में रांची अकेला शहर है जहां स्मार्ट सिटी का निर्माण हो रहा है। इसके लिए एचईसी का एक बड़ा क्षेत्र अधिग्रहित किया गया है। इस सिटी का उद्देश्य शहर के हिस्से में वर्ल्ड क्लास सिटी का निर्माण कर लोगों को एक बेहतर शहर का एहसास कराना है। आने वाले दिनों में किसी भी शहर में पर्यावरण और विशेषकर वायु प्रदूषण एक बड़ी समस्या होगी। इस कारण स्मार्ट शहर में साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट अफसर का मानना है कि आने वाले एक वर्ष में निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। तब इस साइकिल ट्रैक का मजा आम आदमी ले सकेंगे। रिंग रोड और धुर्वा डैम से सटे इस स्मार्ट सिटी में आकर्षक साइकिल ट्रैक निश्चित तौर रांची शहरवासियों के लिए एक आकर्षण पैदा कर रहा है जो इसका मजा उठाने के लिए बेताब हैं।

खूंटी : पथ निर्माण विभाग की टीम ने किया कर्रा रोड का निरीक्षण
Published / 2023-08-17 21:43:35
खूंटी : पथ निर्माण विभाग की टीम ने किया कर्रा रोड का निरीक्षण

एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। शहर के प्रमुख कर्रा रोड की जर्जर अवस्था को जल्द ही सुधार कर इसे सुगम आवागमन के लायक बनाया जायेगा। ये बातें पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक कुमार भगत ने कही। उन्होंने बताया कि सड़क की अस्थायी रूप से मरम्मत का काम संभवत: शुक्रवार से शुरू कर दिया जायेगा। इस दौरान सड़क में जहां-तहां बन आए गड्ढों को सीमेंट के मसाला से भरा जायेगा और मिट्टी की सफाई कर सड़क को फिलहाल सुगम आवागमन के लायक बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि वैसे इस सड़क के कालीकरण का काम बारिश के बाद शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए विभागीय प्रक्रिया अंतिम चरण में हैप् लेकिन फिलहाल बुरी तरह जर्जर हो चुकी सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। कार्यपालक अभियंता गुरुवार को सांसद प्रतिनिधि की पहल पर टीम और सांसद प्रतिनिधि के साथ कर्रा रोड की जर्जर स्थिति का पैदल निरीक्षण कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि शहरी जलापूर्ति योजना के तहत कुछ माह पूर्व पाइप बिछाने के नाम पर कर्रा रोड सहित शहर के लगभग सभी गली-मुहल्लों की पक्की सड़कों को खोदकर अस्त व्यस्त कर दिया गया है। इस स्थिति में बारिश के दिनों में इन सड़कों में लोगों को पैदल चलना भी दुभर हो गया है। मौके पर सांसद के विभागीय प्रतिनिधि ज्योतिष भगत, पूर्व पार्षद अनूप साहू, भाजपा नेता जयप्रकाश भाला, संजीव चौरसिया आदि उपस्थित थे।

रांची : डी ए वी गांधीनगर में हुई साहित्यिक सभा
Published / 2023-08-17 21:40:18
रांची : डी ए वी गांधीनगर में हुई साहित्यिक सभा

टीम एबीएन, रांची। दिनांक 17 अगस्त को डी ए वी पब्लिक स्कूल गांधीनगर में साहित्यिक क्लब के बच्चों ने साहित्य की विविध विधाओं कविता, कहानी, पुस्तक समीक्षा, पत्र लेखन, डायरी लेखन, समाचार लेखन, ललित निबंध आदि विषयों पर अपनी साहित्यिक प्रतिभा की शानदार प्रस्तुति दी गई । इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत अधिकारी एवं प्रसिद्ध साहित्यकार प्रशांत करण उपस्थित थे। उन्होंने अपने वक्तव्य में साहित्यिक प्रतिभा के  निखार के कारणों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केवल लिखने मात्र से लेखन की प्रतिभा नहीं निखरती अपितु एक लेखक को दूसरे की रचनाओं को निरंतर अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शब्द साहित्य के शरीर होते हैं। शब्दों के उचित प्रयोग से साहित्य का शृंगार होता है और भावों की संप्रेषणीयता मार्मिक हो जाती है। शब्द दारिर्द्य से किसी भी  लेखक के भाव निखर नहीं पाते। एक लेखक को नित्य नए शब्दों का प्रयोग करना चाहिए और विदेशी भाषा के प्रयोग से बचना भी चाहिए। उन्होंने बच्चों की विभिन्न प्रस्तुतियों पर अपनी समीक्षाएं देकर उनका उत्साह बढ़ाया और त्रुटियों पर ध्यान दिलाकर उससे भविष्य में बचाने की सलाह दी। इसके पूर्व प्राचार्य श्री एस के सिन्हा ने अपने स्वागत भाषण के दौरान बच्चों को भारतीय संस्कृति और उसके समृद्ध साहित्य को पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्राचीन और नवीन शिक्षा पद्धति की तुलना करते हुए प्राचीन शिक्षा प्रणाली की विशेषताओं से छात्रों को परिचित कराया। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे हैरी पॉटर जैसी किताबों को न पढ़कर भारत के प्राचीन कवियों को भी समय निकालकर पढ़ें। इससे उन्हें भारत की विशाल एवं समृद्ध साहित्य पर गर्व की अनुभूति होगी।  इस अवसर पर विद्यालय के वरीय प्राध्यापक वैद्यनाथ मिश्र ने शब्द की त्रिविध शक्तियों अभिधा, लक्षणा और व्यंजना को सोदाहरण परिभाषित कर उनके प्रयोग की बारीकियों से छात्रों को परिचित कराया। तीन घंटों तक चले इस कार्यक्रम का संचालन श्रीमती के नलिनी और श्रीमती सोमा घटक ने किया। इसके पूर्व दीप प्रज्ज्वलन, मंगलाचरण और स्वागत गीत  से कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कविता मुखर्जी, लक्ष्मी कुमारी, ब्रजेशजी सिन्हा आदि की सराहनीय भूमिका रही। धन्यवाद ज्ञापन सुश्री सौम्य श्री ने किया।

कोडरमा : कुष्ठ और फाइलेरिया मरीजों की हुई जांच
Published / 2023-08-17 21:39:10
कोडरमा : कुष्ठ और फाइलेरिया मरीजों की हुई जांच

टीम एबीएन, कोडरमा। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो में राज्य कुष्ठ सीबीआर समन्वयक काशीनाथ चक्रवर्ती, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ प्रदीप बैठा  एवं फिजियोथेरेपिस्ट राजीव रंजन ने लगभग 15 कुष्ठ मरीज एवं 2 फाइलेरिया मरीज की जांच की।साथ  ही कुष्ठ से विकलांग हुए व्यक्तियों के लिए सेल्फ केयर असेसमेंट कैंप का आयोजन हुआ, जिसमें श्री चक्रवर्ती ने सभी मरीजों को विकलांगता से बचने का अभ्यास कराया। जिसमें कुष्ठ से हुए पैर या हाथ में घाव या विकलांगता से बचने के लिए सभी मरीजों को आधा घंटा पैर या हाथ को पानी में डुबाकर रखना है। फिर रगड़ के घाव या मोटी चमड़ी को रगड़ के साफ करना है। फिर भींगे हुए पैर में सरसों तेल लगा कर रखना है ताकि त्वचा में नमी बनी रहे। फिजियोथेरेपिस्ट राजीव रंजन ने सभी ग्रेड 2 के मरीजों को फिजियोथेरेपी कराया एवं घर में करने के लिए कसरत का अभ्यास कराया। विदित हो कि जून 2023 में चले कुष्ठ जांच अभियान एलसीडीसी सर्वे में कुल 20 कुष्ठ के मरीज मिले थे जिसके कारण राज्य  से इसकी जांच के लिए राज्य स्तरीय टीम का भ्रमण हो रहा है। उन्होंने कुष्ठ प्रभारी एमपीडब्ल्यू जावेद अंसारी के कार्यों की बहुत सराहना की। मौके पर कुष्ठ प्रभारी एमपीडब्ल्यू जावेद अंसारी, लिपिक जय प्रकाश सिंह, सहिया साजदा खातून, लीलावती देवी एवं विभिन्न ग्रामों से आए हुए कुष्ठ के संदेहास्पद मरीज मौजूद थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.