उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को किया रवाना एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। बच्चों में पठन संस्कृति विकसित करने एवं नियमित रूप से पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झारखंड शिक्षा परियोजना, पलामू द्वारा रिडिंग कैंपेन। मेरे शब्द, मेरी कहानी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के चयनित विद्यालयों में बच्चों को रोचक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों से जोड़ने के साथ-साथ पढ़ने के प्रति जागरूक किया जायेगा। इसी क्रम में आज उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर मेरे शब्द, मेरी कहानी जागरूकता/ प्रचार रथ को रवाना किया। यह प्रचार रथ जिले के सदर मेदिनीनगर, पड़वा एवं चैनपुर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों तक पहुंचकर बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को पठन अभियान के प्रति जागरूक करेगा। अभियान के तहत बच्चों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रहकर कहानी, कविता एवं अन्य ज्ञानवर्धक पुस्तकों के नियमित पठन के लिए प्रेरित किया जायेगा। इसका उद्देश्य बच्चों में पढ़ने, समझने, अभिव्यक्ति करने तथा आत्मविश्वास बढ़ाने की आदत विकसित करना है। उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में पढ़ने की आदत की महत्वपूर्ण भूमिका है। नियमित पठन से बच्चों के ज्ञान का विस्तार होने के साथ उनकी भाषा, कल्पनाशक्ति, समझ एवं अभिव्यक्ति क्षमता भी बेहतर होती है। उन्होंने अभियान को विद्यालय स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा अधिक से अधिक बच्चों को इससे जोड़ने पर जोर दिया। प्रचार रथ के माध्यम से 07 सितंबर से 09 सितंबर 2026 तक सदर मेदिनीनगर, पड़वा एवं चैनपुर प्रखंड के निर्धारित विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा अभियान के व्यापक संचालन के तहत जिले में 15 अगस्त से 18 सितंबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। मौके पर सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता, जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, एडीपीओ अंबुजा पांडे, एपीओ मनोज मिश्रा, रूम टू रीड के अक्षय पांडे एवं अनुपम तिवारी सहित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उज्जैन में राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन व वार्षिक समारोह संपन्न एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। मध्यप्रदेश के महाकाल की नगरी उज्जैन में राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन एवं वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश भर से समाज के कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक एवं समाज के सैकड़ों प्रतिनिधि शामिल हुए। अधिवेशन के दौरान आपसी संवाद के माध्यम से पूरे देश में संगठन के विस्तार, सामाजिक एकजुटता और संगठन की मजबूती को लेकर गहन चिंतन-मंथन किया गया। इसी दौरान झारखंड के रामगढ़ जिला के फुलसराय निवासी नरेंद्र साहू उर्फ रवि साहू को झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय टीम का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सह तेली घानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साहू, उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया,मध्यप्रदेश के सिंगरौली विधायक रामनिवास साहू, पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव, बड़कागांव की पूर्व विधायक सह एआईसीसी की राष्ट्रीय सचिव सुश्री अंबा प्रसाद सहित कई विधायक एवं मेयर उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। तेली साहू महासंगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी गुप्ता और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निलेश ने रवि साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष का नियुक्ति पत्र सौंपा। जिम्मेदारी मिलने के पश्चात रवि साहू ने कहा कि आज इस भव्य कार्यक्रम में देश भर से आए समाज के अतिथियों ने मुझ पर विश्वास जताकर यह जिम्मेदारी सौंपी है, इसके लिए मैं सभी वरिष्ठजनों का आभार प्रकट करता हूं। आप सभी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसका मैं पूरी ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करूंगा। संगठन के प्रति समाज के लोगों को जागरूक कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को संगठन से जोड़ने, झारखंड के सभी जिलों में संगठन के विस्तार एवं मजबूती के लिए कार्य करूंगा और समाज के हर कार्य में तन-मन-धन से भाग लूंगा।
टीम एबीएन, रांची। आज दिगंबर जैन भवन, हरमू मे चल रहे पर्युषण पर्व के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर साधुमार्गी जैन संघ, रांची के तत्वावधान में आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से पधारीं उपासिका पुष्पा ओस्तवाल एवं ज्योति ओस्तवाल ने अपने प्रेरणादायी प्रवचन से उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को धर्म, आत्मचिंतन, संयम एवं आध्यात्मिक जीवन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पर्युषण पर्व आत्मावलोकन, क्षमा, तप, त्याग एवं आत्मशुद्धि का पर्व है,तथा पर्युषण पर्व के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प दिया। साथ ही बताया की आत्मा का परम लक्ष्य स्वभाव से विभाव की ओर लौटना, पहले भजन फिर भोजन। आत्मा का प्रबल शत्रु मोहनीय कर्म जिसे हम जीत गये तो आत्मा को जीत गये। आत्मा का भोजन धर्म, ध्यान, तप, त्याग है। एक धन को सबसे बड़ा मानना (बाप बड़ा न भैया सबसे बड़ा रुपया)। मनुष्य के पास धन नहीं तो कौड़ी का, साधु के पास धन है, तो कौड़ी का। उपासिका बहनों ने अहिंसा, क्षमा, तप, त्याग और आत्मविजय के महत्व को समझाते हुए सभी को धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से अशोक सुराणा, छोटे लाल चोरारिया, अमरचंद बेगानी, मोहन लाल पींचा, ललित पींचा, राकेश बछावत, पायल कोठारी, मगन देवी पींचा, पुष्पा सुराणा, सरिता दसानी सहित अन्य समाजजन लगभग 100 से अधिक सदस्यों ने भाग लेकर धर्मलाभ लिया। पर्युषण पर्व के दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम 15 सितंबर 2026 तक निरंतर प्रतिदिन प्रात: 8:30 बजे से 9:30 बजे तक प्रवचन एवं दोपहर मे धर्म चर्चा आदि का आयोजन किया जायेगा। अध्यक्ष अशोक सुराणा ने समाज के सभी श्रावक-श्राविकाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रवचन एवं धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। उक्त जानकारी साधुमार्गी जैन संघ, रांची के सचिव उत्तम जैन ने दी।
दो साल तक लिव-इन रिलेशनशिप, अब शादी का दबाव बनाने पर 7 महीने की गर्भवती प्रेमिका की हत्या एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। जिले में सात महीने की गर्भवती महिला की एक व्यक्ति ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि महिला उस व्यक्ति के साथ रिश्ते में थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी सागर ओड़ेया (20) को गिरफ्तार किया है। यह मामला उस वक्त सामने आया जब रविवार को मुरहू थाना क्षेत्र के पंगुरा गांव के पास जंगल से सिनीता सारुकड (19) का शव मिला। महिला आर्की थाना क्षेत्र के बरुहातु गांव की रहने वाली थी। खुंटी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मंगल सिंह जामुदा ने बताया, पीड़िता सात महीने की गर्भवती थी। वह दो साल से अधिक समय से आरोपी के साथ रिश्ते में थी। चार सितंबर को सागर उसे जंगल ले गया और फिर धारदार हथियार (दौली) से उसका गला रेत दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल ली और जांच अधिकारियों को बताया कि महिला उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन वह उससे दूर होना चाहता था, क्योंकि वह दो महीने पहले आदिवासी धुकू रीति-रिवाज के तहत किसी अन्य महिला को घर लाया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। मुरहू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
लातेहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पांच मामलों का आरोपी टीएसपीसी उग्रवादी गिरफ्तार, देसी लोडेड बंदूक बरामद एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। पुलिस ने बरवाटोली, भगिया के पास से टीएसपीसी के सक्रिय उग्रवादी रोहन गंझू को देसी लोडेड बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को जेल भेज दिया। पकड़ा गया उग्रवादी बरवाटोली भगिया निवासी रोहन गंझू है, जिसके पिता का नाम करम गंझू है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड देसी बंदूक बरामद की है। बालूमाथ के पुलिस अनुमंडल अधिकारी उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी उग्रवादी के अपने घर बरवाटोली आ रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी करके रोहन गंझू को हथियार के साथ पकड़ लिया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास। शहर स्थित श्री श्री राणी सती दादी मंदिर में आयोजित चार दिवसीय धार्मिक समारोह के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। इस पावन अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह एवं भाजपा नेता शेखर सिंह शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दादी मां के जयकारों एवं भक्तिमय वातावरण से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्री श्री राणी सती दादी मां से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के सिजुआ मोड़ स्थित तीन पटिया टोला में मंगलवार सुबह अचानक हुए जोरदार भू-धंसान एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास (धनबाद)। जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के सिजुआ मोड़ स्थित तीन पटिया टोला में मंगलवार सुबह अचानक हुए जोरदार भू-धंसान से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। घटना में कई घरों के प्रभावित होने की सूचना है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भू-धंसान की चपेट में आने से गुड्डू भुइयां के करीब 10 वर्षीय पुत्र की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। धंसी हुई जमीन और मलबे को देखकर लोगों में भय और बढ़ गया। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिजली के तार और एक विशाल पीपल का पेड़ भी जमीन में काफी नीचे धंस गया है। घटनास्थल पर जमीन में जगह-जगह गहरी दरारें दिखाई दे रही हैं। ऐसे में आसपास रहने वाले परिवारों को जमीन के और धंसने का भय सता रहा है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में बीसीसीएल प्रबंधन, पुलिस, स्थानीय नेताओं और सीआईएसएफ-4 के प्रति आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जारी कथित अवैध कोयला खनन के कारण भू-धंसान का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा और उनके स्थायी पुनर्वास को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाये गये। आक्रोशित ग्रामीणों ने कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए तथा घटनास्थल की विशेषज्ञों की टीम से जांच करायी जाये। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने, प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है। फिलहाल, घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से भू-धंसान की घटना और बच्चे की मौत के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया। अवैध खनन के आरोपों और इस गंभीर घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों से जुड़े हर पहलू की पड़ताल की मांग कर रहे हैं।
कतरास बाजार में पुलिस का गहन वाहन चेकिंग अभियान, नाबालिग चालकों की बाइक जब्त एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास। मंगलवार को कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कतरास बाजार क्षेत्र में गहन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विशेष रूप से टोटो चालकों, स्कूल वाहनों एवं मालवाहक वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गयी। वहीं, वाहन चेकिंग के दौरान नाबालिगों द्वारा चलायी जा रही मोटरसाइकिलों को जब्त कर कतरास थाना लाया गया है। संबंधित मामलों में पुलिस द्वारा विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा थाना चौक से बस अड्डा होते हुए गुहीबांध तक सड़क के दोनों किनारों पर दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं को सड़क से हटकर दुकान लगाने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। पुलिस के इस अभियान से वाहन चालकों और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप देखा गया।
बाघमारा में सनसनीखेज वारदात नारायणपुर में खूनी खेल: ड्यूटी से लौट रहे पंचायत समिति सदस्य के पति की गर्दन पर टांगी से वारमौत से जंग लड़ रहे सुरेश मरांडी, गांव में दहशत एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा (धनबाद)। बाघमारा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में सोमवार देर शाम हुई एक खूनी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। ड्यूटी से घर लौट रहे एक सीधे-सादे ठेका मजदूर पर गांव के ही एक व्यक्ति ने टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में मजदूर की गर्दन बुरी तरह कट गयी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज धनबाद के एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। घायल कौन है घायल की पहचान सुरेश मरांडी, पिता- स्व लखीराम मरांडी, निवासी नारायणपुर के रूप में हुई है। सुरेश मधुबन कोल वाशरी में ठेका कर्मी के तौर पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी खानुडीह पंचायत की निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य हैं, इसलिए यह परिवार क्षेत्र में जाना-पहचाना है। पूरा घटनाक्रम : कैसे दिया गया वारदात को अंजाम प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच की है। सुरेश मरांडी अपनी नाइट शिफ्ट / डे शिफ्ट खत्म कर मधुबन वाशरी से अपनी बाइक (नंबर - जांच जारी) से अपने घर नारायणपुर लौट रहे थे। वह अभी गांव के बाहरी छोर पर पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाये बैठे आरोपी छोटेलाल मांझी ने उन्हें रोक लिया। बताया जाता है कि दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश / कहासुनी चल रही थी। इसी रंजिश के कारण छोटेलाल ने अचानक अपने हाथ में रखी धारदार टांगी से सुरेश पर हमला कर दिया। टांगी का वार सीधे गर्दन के पीछे लगा। वार इतना गहरा और जोरदार था कि सुरेश की गर्दन से खून का फव्वारा फूट पड़ा और वह बाइक समेत वहीं सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। सुरेश को लहूलुहान देखकर आरोपी छोटेलाल टांगी लहराते हुए मौके से जंगल की ओर फरार हो गया। परिजनों में मचा कोहराम, बाघमारा सीएचसी से धनबाद रेफर सड़क पर पड़े सुरेश को देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया। शोर सुनकर परिजन दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे। सुरेश खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़ा था। परिजन उसे तुरंत उठाकर बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने देखा कि घाव बहुत गहरा है और नस कटने के कारण बहुत ज्यादा खून बह चुका है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर खून रोकने की कोशिश की और तुरंत बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, धनबाद में डॉक्टरों ने बताया कि गर्दन के पीछे 6 से 7 इंच का गहरा घाव है और सुरेश की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। उसे कउव में रखा गया है। भाई विनोद मरांडी ने दर्ज करायी प्राथमिकी, पुलिस की छापेमारी जारी इस घटना के बाद घायल के छोटे भाई विनोद मरांडी ने बाघमारा थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है। विनोद ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से कहा है कि उसके भाई पर छोटेलाल मांझी ने जान से मारने की नीयत से टांगी से हमला किया है। शिकायत मिलते ही बाघमारा थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम गठित की और आरोपी के घर नारायणपुर में देर रात दबिश दी। लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर पहले ही फरार हो चुका था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके सभी संभावित ठिकानों-रिश्तेदारों के घर और जंगल में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पुरानी रंजिश या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस हालांकि प्रथमदृष्टया यह मामला पुरानी आपसी रंजिश का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। क्या यह सिर्फ आपसी विवाद था या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह है? पुलिस इसका भी पता लगा रही है। फिलहाल नारायणपुर गांव में दहशत का माहौल है। एक जनप्रतिनिधि के पति पर इस तरह दिन-दहाड़े हमला होने से ग्रामीणों में पुलिस गश्ती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.