Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
झारखंड : राज्यभर में अकीदत के साथ मनी बकरीद
Published / 2026-05-28 20:58:16
झारखंड : राज्यभर में अकीदत के साथ मनी बकरीद

झारखंड की राजधानी रांची समय पूरे राज्य में भाईचारे के साथ मनायी गयी बकरीदलोगों ने मस्जिदों-ईदगाहों में एक साथ पढ़ी नमाज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम टीम एबीएन, रांची। 28 मई झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य भर में गुरुवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का त्योहार भाईचारे के साथ मनायी गयी और मस्जिदों-ईदगाहों में एक साथ नमाज पढ़ी गयी। बकरीद के त्योहार को लेकर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किये गये थे। हर जगह जगह पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी थी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह देखा गया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे। इस खास मौके पर पूरे जिलों में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

हजारीबाग : सेप्टिक टैंक में छिपा रखी थी शराब
Published / 2026-05-28 18:11:46
हजारीबाग : सेप्टिक टैंक में छिपा रखी थी शराब

निकालने गयी महिला समेत तीन लोगों की मौत एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले में सेप्टिक टैंक में तीन लोगों की मौत की खबर सामने आयी है। बताया जा रहा है कि महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गयी। इसमें महिला उसके बेटे और एख रिश्तेदार की मौत हो गयी है। वहीं बताया जा रहा है कि सेप्टिक टैंक में अवैध शराब छिपा रखा था। जब शराब को निकालने की कोशिश के दौरान कथित तौर पर जहरीली गैस की वजह से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बीते मंगलवार की रात को हुई हजारीबाग के कटकमदाग थाना इलाके के कुद गांव में हुई। पुलिस ने अवैध शराब बरामद करने के लिए की छापेमारी पुलिस के मुताबिक मरने वाली महिला की पहचान चमेली देवी (50) के रूप में हुई है। वहीं चमेली देवी का बेटा रवि कुमार (25) और उनका रिश्तेदार मदन साओ (30) की भी इस घटना में मौत हो गयी है। वहीं इस बारे में सूचना मिलने पर पुलिस ने चमेली देवी के घर पर अवैध शराब बरामद करने के लिए छापा मारा। सेप्टिक टैंक में महुआ शराब कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज कुमार ने बताया, छापेमारी के बाद महिला सेप्टिक टैंक में छिपा कर रखी गयी शराब निकालने गयी थी लेकिन वह उसी में बेहोश हो गयी। इसके बाद अन्य दो लोग उसे बचाने के लिए टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बेहोश हो गये। श्री कुमार ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तीनों व्यक्तियों की मौत सेप्टिक टैंक से महुआ शराब निकालने की कोशिश के दौरान दम घुटने से हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों के शव मंगलवार रात करीब नौ बजे टैंक से बरामद कर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसबीएमसीएच) में पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

पेट्रोल पंप वाले बॉक्साइट ट्रकों के साथ नियम संगत काम करें
Published / 2026-05-28 18:04:24
पेट्रोल पंप वाले बॉक्साइट ट्रकों के साथ नियम संगत काम करें

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक आॅनर एसोसिएशन पिछले दिनों से देखा जा रहा है कि लोहरदगा के कुछ पेट्रोल पंप के मालिक मनमानी कर रहे हैं और कालाबाजारी को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ पंप छह चक्का बॉक्साइट ट्रकों को डीजल नहीं दे रहा है। कहा जा रहा है कि छह चक्का बॉक्साइड ट्रक को डीजल नहीं देंगे और जो हमें आठ दिन पहले एडवांस देगा उसको हम डीजल देंगे। कुछ पेट्रोल पंप के मालिक कहते हैं कि हम 1000 रुपये का डीजल देंगे। कोई कहता 2000 का ही डीजल देंगे, तो क्या 1000, 2000 का डीजल में ट्रक पहाड़ चले जायेंगे और आ भी जायेंगे। कहीं न कहीं कुछ बॉक्साइट माइंस मलिक जिनके पेट्रोल पंप स्वयं के है, वह अपने छह छक्का ट्रकों को डीजल दे रहे हैं और वही माइंस मलिक के द्वारा जब बड़े ट्रकों से लोहरदगा से बाहर बॉक्साइट भेजा जा रहा है। उनको भी तेल दिया जा रहा है, लेकिन छह छक्का ट्रकों को वह तेल नहीं देना चाह रहे हैं और इस तरह से यह जानबूझकर तेल की कमी दिखाकर कालाबाजारी करने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि नियम यह होना चाहिए कि अगर पेट्रोल पंप खुला है जो भी वहां डीजल या पेट्रोल लेने जा रहे हैं। वह टंकी में जितने का पेट्रोल डीजल मांगते हैं उनको टंकी में उतना तेल देना चाहिए। लेकिन यहां पेट्रोल पंप मालिक अपनी मनमानी कर रहे हैं। अगर पेट्रोल पंप मालिक छह चक्का ट्रकों को डीजल नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ लोहरदगा गुमला ट्रक आॅनर एसोसिएशन सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेगा।

लोहरदगा में ऐतिहासिक होगा इंटक का महाअधिवेशन
Published / 2026-05-28 18:03:15
लोहरदगा में ऐतिहासिक होगा इंटक का महाअधिवेशन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक आॅनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरदरी, कुजाम, न्यू अमतीपानी (चिरोड़ीह) सहित अन्य बॉक्साइड माइंसों का दौरा किया, दौरे के क्रम में श्रमिकों, ट्रक चालकों, उपचालकों एवं ट्रक मालिकों, आम नागरिकों से मिलकर आगामी 30 मई को लोहरदगा के किस्को हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित छोटानागपुर वर्कर्स यूनियन के महामंत्री, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के द्वारा आयोजित इंटक के महाअधिवेशन के लिए निमंत्रण दिया गया।प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिग, पोस्टर, बैनर लगाये गये एवं सभी श्रमिकों से ट्रक चालकों, उपचालकों, ट्रक मालिकों से एवं आम नागरिकों से आग्रह किया गया कि इस ऐतिहासिक महाअधिवेशन में शामिल होकर  कार्यक्रम को सफल बनायें और एसोसिएशन ने यह भी कहा कि कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। आज के इस दौर में लोहरदगा-गुमला ट्रक आॅनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, सचिव मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष इम्तियाज उर्फ मो बबलू, तारकेश्वर महतो, जसवीर एक्का, मीडिया प्रभारी प्रदीप कुमार, राजेश शर्मा सहसचिव संजीव शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य अनिल उरांव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

लोहरदगा : जनसमस्या लेकर ग्रामीण पहुंचे सांसद आवास, मिला समाधान का भरोसा
Published / 2026-05-27 19:11:26
लोहरदगा : जनसमस्या लेकर ग्रामीण पहुंचे सांसद आवास, मिला समाधान का भरोसा

दर्जनों ग्रामीण जनसमस्याओं पर लेकर पहुंचे सांसद सुखदेव भगत आवास, सांसद ने दिया त्वरित समाधान का भरोसा एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोकसभा सांसद सुखदेव भगत  बुधवार को अपने लोहरदगा स्थित आवास पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों की सड़क, बिजली, पेयजल, चिकित्सा सहित अनेक  समस्याएं सुनीं। सांसद ने एक-एक कर सभी जनता से मुलाकात की और उनकी शिकायतों का निदान करने का प्रयास किया। करचा टोली के ग्रामीणों ने लोहरदगा रेलवे क्वार्टर के पीछे आम जनता को आने जाने के लिए रास्ता दिलाने, भंडरा, आकाशी, खारु माटू, गुड्डीबाघी के ग्रामीणों ने जले ट्रांसफार्मर को बदलने, मनहो -बाघा पथ में रास्ता नहीं होने के बावजूद पुल का निर्माण कराकर सरकारी राशि का दुरुपयोग करने सहित असाध्य रोग के कई मरीज सांसद से मिलकर उनका निदान करने की मांग की। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि गर्मी में पानी और बिजली जीवन की सबसे बड़ी जरूरत है। इस पर अधिकारियों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जले ट्रांसफार्मर बदलने एवं खराब चापाकल को शीघ्र मरम्मत करने का निर्देश दिया। जरूरत पड़ने पर सांसद निधि से जल मीनार भी लगवाये जायेंगे। रास्ता नहीं होने के बावजूद मनहो बाघा पथ में पुल का निर्माण करवाया गया, जिसका उपयोग नहीं हो रहा है। इसकी जांच करवा कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जायेगी। श्री भगत ने कहा कि अभी तक दर्जनों असाध्य रोग के मरीजों को प्रधानमंत्री राहत कोष से राशि दिलवायी गयी है। गरीबों का इलाज हो जाये इससे बड़ी मानव सेवा क्या हो सकती है? जनता की सेवा ही मेरा पहला धर्म सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ दिल्ली में संसद जाना नहीं, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों का दुख-दर्द बांटना है। चुनाव के समय ही नहीं, हर समय जनता के बीच रहकर लोगों की समस्याओं का निदान किया जायेगा।सांसद ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्या सुनना और समाधान करना मेरी पहली प्राथमिकता है। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को सांसद ने उनके समस्याओं का निदान प्राथमिकता के आधार पर करने का आश्वासन दिया।

श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में धूमधाम से मनी पुरुषोत्तम मास की अश्विनी एकादशी
Published / 2026-05-27 19:09:24
श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में धूमधाम से मनी पुरुषोत्तम मास की अश्विनी एकादशी

पुरुषोत्तम मास की अश्विनी एकादशी पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में भक्ति का अनुपम संगम टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सान्निध्य में पुरुषोत्तम मास की पावन अश्विनी एकादशी श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विशेष अनुष्ठान पूजा से हुई। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई तथा भगवान को प्रसाद अर्पित किया। इस अवसर पर श्री राधा रानी का अलौकिक एवं आकर्षक श्रृंगार नए पोशाक एवं जड़ित आभूषणों से किया गया। मंदिर में सुसज्जित दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने श्रद्धा भाव से आराधना कर सुख- शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होकर भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान करते रहे। पुरुषोत्तम मास एवं एकादशी की महिमा का गुणगान करते हुए भक्तों ने आध्यात्मिक ऊर्जा एवं आत्मिक शांति का अनुभव किया। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा कीकार्यक्रम के माध्यम से सेवा, समर्पण एवं भारतीय सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने अश्विनी एकादशी एवं पुरुषोत्तम मास की महत्ता पर प्रकाश डाला।वक्ताओं ने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु को समर्पित अत्यंत पुण्यदायी मास माना जाता है तथा इस अवधि में किए गए जप, तप, दान एवं पूजा का विशेष फल प्राप्त होता है। अश्विनी एकादशी आत्मशुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक उन्नति का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। कार्यक्रम का समापन भक्तों के मंगलकामना एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना के साथ संपन्न हुआ। उक्त जानकारी प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

झारखंड : चिलचिलाती गर्मी से जल्द राहत की उम्मीद
Published / 2026-05-27 19:07:56
झारखंड : चिलचिलाती गर्मी से जल्द राहत की उम्मीद

जल्द ही गर्मी से मिलेगी राहत, कई जिलों में बारिश का अलर्ट टीम एबीएन, रांची। झारखंड में तेज गर्मी के बीच मौसम अब करवट लेने वाला है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि अगले 24 घंटों के बाद राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जतायी गयी है। राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक 16 मिमी वर्षा पाकुड़ के पकुरिया में दर्ज की गयी। वहीं आमरापाड़ा में 14.4 मिमी, महेशपुर में 8.6 मिमी, मेहगावां में 8.2 मिमी, बोआरीजोर में 6.4 मिमी और पत्थरगामा में 6.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी। दुमका राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।  राज्य के प्रमुख शहरों में रांची और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा। चाईबासा में 41 डिग्री, सरायकेला में 40.9 डिग्री, बोकारो थर्मल में 40.5 डिग्री और लोहरदगा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग ने 28 मई के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ वज्रपात की भी आशंका जतायी गयी है। 28 मई से 31 मई के बीच रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, देवघर, गिरिडीह और धनबाद समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रांची में अगले कुछ दिनों तक आंशिक बादल छाये रहने और मेघ गर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 मई को रांची का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जो 30 मई तक घटकर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

गढ़वा : स्नान करने गयी दो बच्चियां तालाब में डूबीं, मौत
Published / 2026-05-27 19:06:30
गढ़वा : स्नान करने गयी दो बच्चियां तालाब में डूबीं, मौत

तालाब में नहाने गयी दो बच्चियों की डूबकर दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंबा गांव में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।  रातभर आसपास के इलाकों बच्चियों को तलाश रहे थे परिजन  पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की बेटी प्रियांशु कुमारी (8) और परमेश्वर राम की बेटी रेशमा कुमारी (10) मंगलवार सुबह करीब नौ बजे घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने निकली थीं। शाम तक दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गयी। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने रातभर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। तालाब में मिले दोनों बच्चियों के शवबुधवार सुबह करीब छह बजे गांव के कुछ बच्चों की नजर तालाब में दोनों बच्चियों पर पड़ी। बच्चों ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गये। घटना की सूचना मिलते ही नगर उंटारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जानिये घटना पर क्या बोली पुलिस  स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने के लिए गयी थीं। भीषण गर्मी के कारण वे तालाब में नहाने उतर गयीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गयी। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी इस तालाब में डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर घेराबंदी कराने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और चेतावनी बोडर् लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं एसडीपीओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हुई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

यह जीवन संवर रहा है, कुछ-कुछ बदल रहा है : डॉ मोनिका
Published / 2026-05-27 19:05:04
यह जीवन संवर रहा है, कुछ-कुछ बदल रहा है : डॉ मोनिका

हमारी संस्कृति विज्ञान से भरी है चिंता चिता के समान है टीम एबीएन, रांची। गुरु मां के आगमन के साथ पूरे सभागार में लोगों ने खड़े होकर अभिनंदन किया एवं तालियों से स्वागत किया। आपका सभी का शुकराना, रांची में आज स्वर्णभूमि हॉल का वातावरण केवल एक सभागार नहीं रहा, बल्कि एक जीवंत अनुभव बन गया जहां शब्दों से अधिक मौन बोला और विचारों से अधिक भीतर की अनुभूति जागी। आधुनिक जीवन की तेज रफ्तार, निरंतर प्रतिस्पर्धा और उपलब्धियों की दौड़ के बीच आयोजित यह आध्यात्मिक कार्यक्रम रूबरू लोगों के लिए स्वयं से मिलने की एक गहरी और शांत यात्रा सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का आयोजन हरि ओम स्माइल्स की संस्थापिका डॉ. मोनिका सिंघल (जिन्हें प्यार से सभी गुरु मां कहते हैं) के सान्निध्य में हुआ। इस कार्यक्रम में रांची, मारवाड़ी युवा मंच का भी भरपूर सहयोग बना रहा। गुरु मां ने सहज, सरल और अत्यंत हृदयस्पर्शी शैली में यह संदेश दिया कि जीवन की वास्तविक शांति किसी बाहरी उपलब्धि, भूमिका या पहचान में नहीं, बल्कि भीतर की सजगता, स्वीकार और मौन में निहित है। तीन घंटे से अधिक चले इस आत्मिक संवाद में रूबरू केवल एक कार्यक्रम नहीं रहा बल्कि एक ऐसा स्थान बन गया, जहां लोग अपने भीतर उतरते चले गये, जहां भय धीरे-धीरे समझ में बदला, तनाव हल्केपन में बदला और अकेलापन अपनी ही उपस्थिति में विलीन होने लगा। इस संवाद में जीवन की मानसिक उलझनों को विज्ञान और आध्यात्मिकता के संतुलित दृष्टिकोण से समझने का प्रयास किया गया, जिससे उपस्थित जनमानस को एक नया आंतरिक दृष्टिकोण प्राप्त हुआ। गुरु मां ने कहा कि आज का मनुष्य बाहर सब कुछ पाने के बाद भी भीतर खाली महसूस करता है, क्योंकि उसने स्वयं को सुनना और समझना धीरे-धीरे छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी लगातार प्रदर्शन, तुलना और भविष्य की अनिश्चितता के दबाव में जी रही है, वहीं कॉपोर्रेट जीवन में व्यक्ति लक्ष्य और समय की दौड़ में स्वयं से दूर होता जा रहा है। गृहिणियां भी निरंतर जिम्मेदारियों के बीच अपनी आंतरिक शांति को पीछे छोड़ देती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तनाव कोई बाहरी घटना नहीं, बल्कि भीतर के असंतुलन की अभिव्यक्ति है और इसका समाधान भी भीतर ही है। उन्होंने सभागार में हवन भी किया एवम हवन से लाभ की उपलब्धि भी बतायी। बच्चों से शांति पाठ रोज कराना चाहिए। हाथों से ताली बजाने से शरीर को निरोग बनाया जा सकता है घरों से लेकर सभी कार्यक्रमों में तालियां अवश्य बजायें। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि आधुनिक विज्ञान भी अब इस तथ्य को स्वीकार कर रहा है कि मन की अवस्था शरीर, तंत्रिका तंत्र और हार्मोनल संतुलन को सीधे प्रभावित करती है। ध्यान, श्वास जागरूकता, मौन और सजगता जैसी सरल साधनाएं मस्तिष्क की तरंगों को शांत कर व्यक्ति को पुन: अपने केंद्र से जोड़ सकती हैं। इसी को आध्यात्मिक दृष्टि से आत्म जागरण कहा गया, एक ऐसा लौटना जहां व्यक्ति बाहर से भीतर की ओर यात्रा करता है।इस अवसर पर गुरु मां ने जीवन परिवर्तन के लिए कुछ अत्यंत सरल किंतु गहन प्रभावशाली साधनाएं साझा कीं, सब्र, स्क्रिप्ट (अपने विचारों और जीवन दृष्टि को सचेत रूप से दिशा देना), शुक्राना, माफी मांगना और माफ करना। उन्होंने कहा कि ये साधारण दिखने वाली प्रक्रियाएं वास्तव में भीतर जमी हुई भावनात्मक गांठों को खोलने और मन को हल्का करने की अद्भुत क्षमता रखती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब मनुष्य जीवन को बदलने की दौड़ से हटकर स्वयं को देखने लगता है, तब परिवर्तन स्वाभाविक रूप से घटित होने लगता है। जागरूकता ही वह स्थान है जहां संघर्ष समाप्त होता है और शांति आरंभ होती है। कार्यक्रम के अंत में वातावरण अत्यंत शांत, हल्का और भावनात्मक रूप से गहरा हो गया। उपस्थित लोगों ने गहन शांति, भावनात्मक हल्केपन, आंतरिक स्पष्टता और एक प्रकार की सूक्ष्म आंतरिक हीलिंग का अनुभव साझा किया। कई प्रतिभागियों ने अपने व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए, जिनमें उन्होंने बताया कि कैसे इस संवाद ने उनके भीतर लंबे समय से चले आ रहे तनाव, उलझन और मानसिक बोझ को धीरे-धीरे हल्का कर दिया तथा जीवन को देखने का एक नया, अधिक शांत और स्वीकारपूर्ण दृष्टिकोण प्रदान किया। अनेक लोगों ने इसे सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मिक पुनर्जन्म और भीतर से जागने जैसा अनुभव बताया। बाहर की दुनिया बदलने से पहले भीतर की दृष्टि बदलना आवश्यक है, क्योंकि वही वास्तविक परिवर्तन का आरंभ है। कार्यक्रम का समापन इस सार्वभौमिक मंगल भावना के साथ हुआ, सर्वे भवन्तु सुखिन:, सर्वे सन्तु निरामया:, जहां सभी के सुख, स्वास्थ्य और आंतरिक शांति की मंगलकामना के साथ एक सामूहिक सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण निर्मित हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ मोनिका सिंघल की उपस्तिथी में दीप प्रज्वलित किया। मारवाड़ी युवा मंच, रांची के अध्यक्ष विकास अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने गो माता का स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया। गुरु मां कल रांची से मानसरोबर की यात्रा पर निकल रही हैं। आयोजन में मारवाड़ी युवा मंच, रांची के सदस्यों का भरपूर सहयोग रहा। समाज की विभिन्न संस्थाओं सहित कई गणमान्य प्रबुद्ध लोगों की उपस्तिथी आयोजन में रही। सफल आयोजन के लिए हरि ओम स्माइल्स के सदस्यों ने सभी लोगो का आभार व्यक्त किया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 82,061