सांसद ढुल्लू महतो की आय से अधिक संपत्ति एवं लंबित मामलों की उच्च स्तरीय जांच की मांग एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर सांसद ढुल्लू महतो से जुड़े कई गंभीर मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सांसद ढुल्लू महतो पर गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों के साथ अन्याय, जमीन कब्जाने तथा सांसद पद की आड़ में उन्होंने आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर बैठे हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। मैं आपसे इस पूरे मामले की सीबीआई अथवा किसी उच्च स्तरीय एजेंसी से जांच करायी जाने का निवेदन करता हूं, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। कुछ दिन पूर्व लोयाबाद के बांसजोड़ा क्षेत्र में गोलीकांड की घटना घटी थी, जिसमें समाजसेवी राम रहीम (राज कुमार महतो एवं असलम मंसूरी) का नाम बेवजह जोड़कर उनकी सामाजिक छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद का सोशल मीडिया में दिया गया बयान अत्यंत अपमानजनक एवं अशोभनीय है। एक जनप्रतिनिधि होने के बावजूद इस प्रकार की भाषा का प्रयोग समाज के लिए गलत संदेश देता है। राम रहीम के नाम से प्रसिद्ध उक्त समाजसेवी गरीबों के बीच सेवा कार्यों के लिए जाने जाते हैं तथा इस गोलीकांड से उनका दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। आरोप है कि आजसू पार्टी के नेत्री रजनी रवानी द्वारा बांसजोड़ा क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से बाहरी लोगों को बुलाकर इस घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें एक निर्दोष बुजुर्ग की जान चली गयी। इस पूरे मामले की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही सांसद के आवास के समीप चिटाही क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार एवं अवैध भट्ठों के संचालन की चर्चाएं लगातार सामने आ रही हैं। यदि ऐसा है तो उस पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है, इसकी भी जांच आवश्यक है। आखिर सांसद के घर के पास ही अवैध कोयला कारोबार चल रहा है लेकिन उसपर सांसद क्यों नहीं कुछ बोल रहे हैं और यह भी सार्वजनिक किया जाये कि उक्त अवैध कारोबार किन लोगों के संरक्षण में चल रहा है। अंत में रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार से अनुरोध करते हुए कहा है कि सांसद ढुल्लू महतो से जुड़े आय से अधिक संपत्ति, लंबित मामलों, अवैध कोयला कारोबार एवं बांसजोड़ा गोलीकांड सहित सभी गंभीर आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की कृपा करें, ताकि आम जनता का कानून एवं प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
सांसद सुखदेव भगत और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा दिल्ली में बैठक कर, कई एजेंडे पर की चर्चा एबीएन सेंट्रल डेस्क। लोकसभा की कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति की बैठक शुक्रवार को संसद भवन में संपन्न हुई। बैठक प्रारंभ होने से पूर्व लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत और आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने संसद परिसर में आपस में मुलाकात कर बैठक के एजेंडे और कोयलांचल की जमीनी समस्याओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। चर्चा के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने कहा, झारखंड के कोयला क्षेत्रों में दशकों से विस्थापित परिवार न्याय के लिए भटक रहे हैं। कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियों में न तो पुनर्वास पूरा हुआ है और न ही स्थानीय युवाओं को रोजगार में उचित हिस्सेदारी मिल रही है। समिति में हमने ये मुद्दे पूरी मजबूती से उठायेंगे। सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, बंगाल-झारखंड का पूरा कोयला बेल्ट एक जैसी तकलीफ झेल रहा है। सीएसआर का पैसा कहां खर्च हो रहा है, किसी को पता नहीं। स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं आज भी सपना हैं। स्थायी समिति की बैठक में सांसद सुखदेव भगत ने अवैध खनन रोकने, खनन क्षेत्रों में रेल-सड़क कनेक्टिविटी, स्टील प्लांट्स में स्थानीय भागीदारी बढ़ाने और पर्यावरण सुरक्षा उपायों सहित अनेक मुद्दों को रखेंगे। दोनों नेताओं ने कहा कि कोयलांचल के लोगों को उनका हक दिलाने के लिए संसद के हर सत्र में समन्वय के साथ आवाज उठायी जायेगी। बैठक में सांसद सुखदेव भगत ने उपरोक्त विषयों को तार्किक ढंग से रखा।
पूर्व मंत्री बोले- जल्द हो दोषियों की गिरफ्तारी टीम एबीएन, रांची। रांची के चान्हो (कदमटोली) घटना की जांच को लेकर भाजपा की ओर से गठित कमेटी ने अपनी जांच रिपोर्ट गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को सौंप दी है। प्रदेश अध्यक्ष की रिपोर्ट सौंपने के बाद कमेटी का नेतृत्व करने वाले प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे घटनाक्रम से मीडिया को भी रूबरू कराया। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि यह घटना 25 मई की है। आज घटना का चौथा दिन है। पुलिस प्रशासन साफ देख रही है कि पीड़ित परिवार के साथ किस प्रकार निर्ममता से मारपीट की गयी है। बावजूद अभी तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होना दुखद और निंदनीय है। प्रशासन टाल मटोल का रवैया अपना रहा है। प्रशासन मामले की लीपापोती में लगी हुई है। इससे साफ प्रतीत होता है कि सरकार के संरक्षण में सब कुछ किया जा रहा है। लेकिन भाजपा इसे अनदेखा नहीं कर सकती है। सरकार और प्रशासन दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करे। अगर वह ऐसा नहीं करती है तो भाजपा कानून के दायरे में रहकर आंदोलन करने को बाध्य होगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलायेगी। भाजपा, पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
18 माह की मासूम अदिति पांडे मामले में परिजनों से मिले विधायक जयराम महतो एवं जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो दो दिनों में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दो दिनों के अंदर कारवाई नहीं तो रांची होगा बंद : देवेन्द्र नाथ महतो टीम एबीएन, रांची। कोकर निवासी 18 माह की मासूम अदिति पांडे मामले को लेकर आज डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो एवं झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने अदिति पांडे के परिजनों से उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की तथा परिवार का दु:ख साझा किया। इस दौरान विधायक टाइगर जयराम महतो ने अदिति की माता अंजनी पांडे, पिता मनीष पांडे एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। परिजनों से मिलकर वे भावुक हुए और घटना को अत्यंत दु:खद एवं चिंताजनक बताया। मौके पर ही विधायक जयराम महतो ने रांची वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन से टेलीफोनिक वार्ता कर अदिति पांडे कांड की अद्यतन जानकारी प्राप्त की तथा मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस दौरान रांची वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा दो दिनों के भीतर मामले के खुलासे का आश्वासन दिया गया। विधायक टाइगर जयराम महतो ने स्पष्ट कहा कि यदि दो दिनों के भीतर पुलिस द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की राँची टीम सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी। वहीं केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि मासूम अदिति को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी। यदि दो दिनों के भीतर अदिति कांड का खुलासा नहीं होता है, तो जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए राँची बंद का आह्वान भी किया जा सकता है। जेएलकेएम ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।
हम आदिवासी हैं, वनवासी नहीं के नारों से गूंजा बिरसा चौक एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। साकची स्थित बिरसा चौक पर गुरुवार को समस्त आदिवासी समाज की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व सीएम चंपाई सोरेन और बाबूलाल मरांडी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। बताया गया कि 24 मई 2026 को दिल्ली में आयोजित जनजाति संस्कृति समागम कार्यक्रम में आदिवासियों को हिंदू और वनवासी कहकर संबोधित किया गया था। इसी बयान के विरोध में झारखंड समेत देशभर के विभिन्न आदिवासी संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आदिवासियों की अपनी अलग पहचान, संस्कृति, परंपरा और धर्म है, जिसे समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान हम आदिवासी हैं, वनवासी नहीं और सरना धर्म व आदिवासी संस्कृति का सम्मान करो जैसे नारे लगाये गये। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस आदिवासी समाज की सरना धर्म कोड की मांग के खिलाफ हैं और उनकी मूल पहचान मिटाने की साजिश कर रहे हैं। कार्यक्रम में मांझी परगना महाल के दुर्गा चरण मुर्मू, दिनकर कच्छप, उपेंद्र बानरा, सन्नी समाद, बाबू कुजूर, दुर्गी समाद, हिताई सुंडी, करन उग्र सुंडी, कृष्णा सोरेन, महावीर कर्मकार, अजय सिंह जमुदा, कुंदन बानरा, अखिल कच्छप, सुनील मुर्मू और रुकमानी टुडु समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे।
आॅपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त छापेमारी, ढाई लाख रुपये आंकी गई बरामद गांजा की कीमत एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे आॅपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को करीब 5 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बतायी जा रही है। घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ पोस्ट टाटा और सीआईबी की टीम ने प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार और यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी शुरू की। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध परिस्थिति में घूमते दिखाई दिये। जवानों ने जब दोनों को रोककर पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद टीम ने दोनों युवकों के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो गांजा बरामद किया गया। गांजा बरामद होते ही दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार आॅपरेशन नारकोस चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्टेशन और ट्रेनों में नियमित जांच अभियान चलाया जाता है। गिरफ्तार आरोपियों और जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटा को सौंप दिया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि गांजा ओडिशा से लाकर झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जादूगोड़ा। जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के कुलड़ीहा पंचायत के कालापत्थर गांव से तीन बच्चों की मां राजवती भक्त अपने कथित प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना 21 मई की बतायी जा रही है। मामले को लेकर पति रतन भक्त ने जादूगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कर पत्नी को वापस लाने की गुहार लगायी है। रतन भक्त ने बताया कि वह काम के सिलसिले में पश्चिम बंगाल गया हुआ था। घर लौटने पर पता चला कि उसकी पत्नी अपनी छह वर्षीय बेटी स्वीटी को लेकर घर से चली गयी है। पति ने आरोप लगाया कि पत्नी घर से करीब 20 हजार रुपये के सोने के गहने और पांच हजार रुपये नकद भी साथ ले गयी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक मामले का खुलासा कर पाती है।
धोबनी गांव में नवजात बच्ची मिलने से सनसनी, चाइल्ड हेल्प लाइन को सौंपा गया एबीएन न्यूज नेटवर्क, जादूगोड़ा (जमशेदपुर)। पोटका प्रखंड के डोमजूडी पंचायत अंतर्गत धोबनी गांव में गुरुवार सुबह मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आयी। गांव में खुले आसमान के नीचे लावारिस हालत में एक नवजात बच्ची मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। हालांकि ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस-प्रशासन की पहल से बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया। बाद में उसे एमजीएम अस्पताल के चाइल्ड हेल्प लाइन को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के धोबनी गांव में सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव की 14 वर्षीय युवती दुला हांसदा घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान उसे बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में जाने पर उसने देखा कि एक नवजात बच्ची अकेली पड़ी हुई है। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और तुरंत गांववालों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में खबर पूरे गांव में फैल गयी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। सूचना मिलने पर जादूगोड़ा पुलिस, डोमजूडी पंचायत की मुखिया अनीता मुर्मू, जिला परिषद सदस्य हिरण्यमय दास, स्वास्थ्य सहिया लक्ष्मी सोरेन, वार्ड सदस्य राहुल सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।बच्ची की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के बाद उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में जनप्रतिनिधियों के आग्रह पर बच्ची को चाइल्ड हेल्प लाइन, जमशेदपुर को सौंप दिया गया। फिलहाल बच्ची पूरी तरह सुरक्षित बताई जा रही है। वार्ड सदस्य राहुल सोरेन ने बच्ची को गोद लेने की इच्छा जतायी।डोमजूडी पंचायत की मुखिया अनीता मुर्मू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बरामद बच्ची को गांव के वार्ड सदस्य राहुल सोरेन की पत्नी माधो सोरेन को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सौंपा जाये। माधो सोरेन ने बच्ची को गोद लेने की इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि उनके घर में बेटी नहीं है और वह इस बच्ची का पालन-पोषण कर उसका भविष्य संवारना चाहती हैं। मुखिया अनीता मुर्मू ने कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल चाइल्ड हेल्प लाइन, जमशेदपुर जाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगा, ताकि बच्ची का पालन-पोषण गांव में ही हो सके।
यादगार होगा 30 मई का महाधिवेशन : प्रदीप बालमुचू एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा में आगामी 30 मई को आयोजित होने वाला इंटक का महाधिवेशन ऐतिहासिक और यादगार बनने जा रहा है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं इंटक के राष्ट्रीय महासचिव धीरज प्रसाद साहू की अगुवाई में आयोजित इस महाधिवेशन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकों और तैयारियों का दौर जारी है। महाधिवेशन की तैयारियों का जायजा लेने पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू एवं इंटक अध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। आयोजकों ने बताया कि यह महाधिवेशन श्रमिक हितों, संगठन की मजबूती और देशभर के मजदूर नेताओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विभिन्न राज्यों से आए इंटक के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी, विधायक तथा श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि शामिल होंगे। महाधिवेशन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, लोहरदगा विधायक रामेश्वर उरांव, पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू, इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री एनजी अरुण, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रप्पली विजय लक्ष्मी, आरएन चौबे, इंटक डेलीगेट एमपी राजेश सिन्हा एवं महाराष्ट्र इंटक के पुरुषोत्तम शर्मा शामिल होंगे। इसके अलावा मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी तथा अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महाधिवेशन को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम स्थल को सजाने, अतिथियों के स्वागत, आवास एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। विभिन्न जिलों एवं राज्यों से बड़ी संख्या में श्रमिक नेता और कार्यकर्ता लोहरदगा पहुंचेंगे। इंटक नेताओं ने कहा कि यह महाधिवेशन श्रमिक एकता और संगठन की मजबूती का संदेश देगा। साथ ही मजदूरों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की जायेगी। आयोजन को लेकर जिले में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गयी हैं तथा कार्यकतार्ओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मौके पर सत्यनारायण सिंह, विशाल डुंगडुंग, निश्चय वर्मा, अमित वर्मा, असलम अंसारी आदि लोग मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.