एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला अंतर्गत लोहरदगा प्रखंड के हेसल गांव के समीप हिंडालको कंपनी बॉक्साइट क्रसिंग का प्लांट लगाकर काम कर रही है। करोड़ों का बॉक्साइट लोहरदगा से दूसरे राज्यों में भेज दिया जा रहा है। व्यवस्था के नाम पर कई किलोमीटर तक सड़क जाम सड़क की बर्बादी और लोगों को परेशान कर रही है। विकास के नाम पर मोतियाबिंद का आॅपरेशन बीज वितरण आदि कर लोगों के आंखों में धूल झोंक रही है। हिंडालको कंपनी खुद से कभी सड़क नहीं बनाती है। हां पहाड़ी क्षेत्र से बॉक्साइट ले जाने के लिए मिट्टी-मोरम का सड़क बनाती है, लेकिन जो सड़क सरकार द्वारा लोगों की सुविधा के लिए बनायी है, उसे भी बर्बाद करने पर तुली हुई है। प्रदूषण रोकथाम के नाम पर सिर्फ एक टैंकर पानी सड़कों में तुरु-तुरु पटा दिया जाता है, जो 10 वाहन गुजरने के बाद ही सूख जाती है। जिन जनप्रतिनिधियों को जनता ने अपना बहुमूल्य मत देकर लोहरदगा के विकास एवं अपनी सुरक्षा के लिए जिताकर भेजी। आज वही जनप्रतिनिधि हिंडाल्को की बहती गंगा में डुबकी लगा रहे हैं। दलालों के भरोसे पूरे सिस्टम को हिंडालको चला रही है और अपना करोड़ों का वारे न्यारे कर रही है।
सांसद सुखदेव भगत की पहल रंग लायी मरीजों को बड़ी राहत, अब रक्त जांच प्रक्रिया होगी तेज और सुविधाजनक सांसद प्रतिनिधिमंडल ने सिविल सर्जन से की मुलाकात, अंतिम चरण में है मान्यता की प्रक्रिया एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत के सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आने वाला है। उनके प्रयास से लोहरदगा सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक सेंटर को शीघ्र ही सरकारी मान्यता मिलने की उम्मीद है। इस महत्वपूर्ण जनहितकारी विषय को सांसद ने न केवल विभागीय मंत्री के समक्ष उठाया था, बल्कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भी प्रमुखता से रखा था।इसी क्रम में सांसद के निर्देश पर उनके निजी सचिव आलोक कुमार साहू, जिला सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद चंगू, स्वास्थ्य सांसद प्रतिनिधि सोनू कुरैशी तथा कांग्रेस विचार मंच के पूर्व जिलाध्यक्ष राजू कुरैशी ने सदर अस्पताल पहुंचकर सिविल सर्जन से मुलाकात की और ब्लड सेंटर की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। सिविल सर्जन ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि ब्लड बैंक सेंटर की मान्यता से संबंधित अधिकांश कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सरकार से स्वीकृति मिलने की औपचारिकता अंतिम चरण में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही लोहरदगा ब्लड सेंटर को मान्यता प्राप्त हो जायेगी। गौरतलब है कि चाईबासा में कथित रूप से संक्रमित रक्त चढ़ाए जाने के मामले के बाद सरकार ने रक्त की एचआईवी जांच अनिवार्य कर दी थी। वर्तमान में यह सुविधा मुख्य रूप से रांची में उपलब्ध होने के कारण लोहरदगा समेत अन्य जिलों से रक्त के नमूने जांच के लिए रांची भेजे जाते हैं, जिससे रिपोर्ट आने में चार से पांच दिन तक का समय लग जाता है और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोहरदगा ब्लड सेंटर को मान्यता मिलने के बाद मरीजों का रक्त स्थानीय स्तर पर सुरक्षित रहेगा तथा केवल जांच हेतु सैंपल रांची भेजा जायेगा। रिपोर्ट एक दिन के भीतर उपलब्ध होने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में काफी सहूलियत होगी। सांसद सुखदेव भगत की इस पहल को जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे हजारों मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा नया इतिहास टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद झारखंड सेवा विभाग के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 कार्य दिवस पूरे करते हुए भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। उपलब्ध सार्वजनिक सूचनाओं के अनुसार उन्होंने स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के लगातार निर्वाचित कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। संजय सर्राफ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद वर्ष 2019 और 2024 के आम चुनावों में लगातार जनादेश प्राप्त कर उन्होंने तीसरी बार देश की बागडोर संभाली। इस प्रकार उनका यह कार्यकाल लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के निरंतर विश्वास और समर्थन का प्रतीक माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासनाध्यक्ष के रूप में प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन 24 वर्षों से अधिक का हो चुका है, जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री तथा भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी लंबी प्रशासनिक यात्रा शामिल है। इस दौरान उन्होंने सुशासन, आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल परिवर्तन, जनकल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत, वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने तथा सामाजिक-आर्थिक विकास के अनेक प्रयासों का नेतृत्व किया है। संजय सर्राफ के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता उनकी निरंतर सक्रियता, अनुशासन, निर्णय क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां और मील के पत्थर स्थापित किए हैं तथा आज भी पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्र सेवा में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की निरंतरता, जनविश्वास और सशक्त नेतृत्व का भी प्रतीक है। देश और विदेश के अनेक गणमान्य व्यक्तियों तथा विभिन्न संगठनों द्वारा भी इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं प्रेषित की जा रही हैं।संजय सर्राफ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास, समृद्धि और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
टीम एबीएन, रांची। रामगढ़ जिला अंतर्गत डिमरा गोला निवासी धनेश्वर बेदिया के पुत्र अमित बेदिया की बीते रात्रि लगभग 12 बजे डेरा के बाहर गिरने से गंभीर रूप से घायल होने की दु:खद घटना घटी। आनन-फानन में उन्हें रिम्स, रांची ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता धनेश्वर बेदिया एवं भाई दीपक बेदिया ने जेएलकेएम के केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो से संपर्क कर न्याय एवं सहायता की मांग की। सूचना प्राप्त होते ही श्री महतो तत्काल रिम्स पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री महतो ने ठेकेदार एवं संबंधित पक्षों से लगातार वार्ता की। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने के लिए घंटों तक बहस और संघर्ष किया। उनके निरंतर प्रयास, दृढ़ हस्तक्षेप एवं जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप अंतत: ठेकेदार पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की मुआवजा नगद राशि देने के लिए सहमत हुआ, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इस अवसर पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने युवा पुत्र को खो देना अपूरणीय क्षति है। आर्थिक सहायता इस दु:ख की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन कठिन समय में परिवार को संबल प्रदान करने का कार्य अवश्य करेगी। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाना ही जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है।
टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के पद पर अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो तथा शिवपूजन पाठक की नियुक्ति के संबंध में राज्य सरकार द्वारा भेजे गये प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। विदित हो कि राज्यपाल ने उक्त नियुक्तियां कुछ शर्तों के साथ अनुमोदित की हैं।उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित की जाये, ताकि आयोग का कार्य सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया में यदि कोई प्रक्रियागत त्रुटि पायी जाती है अथवा इस संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन से संबंधित कोई प्रश्न उत्पन्न होता है, तो उसकी संपूर्ण जवाबदेही राज्य सरकार की होगी।
लोयाबाद वार्ड 08 की जनसमस्याओं को लेकर मेयर संजीव सिंह से मिले रत्नेश कुमार एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। लोयाबाद वार्ड संख्या 08 की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता रत्नेश कुमार ने धनबाद मेयर संजीव सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में जल निकासी, नाली निर्माण एवं स्ट्रीट लाइट की समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। रत्नेश कुमार ने मेयर को सौंपे गये पत्र में कहा कि लोयाबाद स्टेशन रोड स्थित नीमिया टांड़ क्षेत्र में नाली का अभाव होने के कारण बरसात के दिनों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाती है। इसके चलते वर्षा का पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। उन्होंने उक्त क्षेत्र में जल्द से जल्द नाली निर्माण कराने की मांग की। इसके अलावा लोयाबाद वार्ड 08 अंतर्गत लोयाबाद 8 नंबर क्षेत्र में भी जल निकासी की उचित व्यवस्था के लिए नाली निर्माण की आवश्यकता बतायी गयी। रत्नेश कुमार ने कहा कि नाली नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात के दौरान जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। वहीं लोयाबाद 9 नंबर 06 क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी मेयर के समक्ष उठाया गया। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलकर नयी स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग करते हुए कहा कि रात के समय अंधेरा रहने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी रहती हैं। मेयर संजीव सिंह ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा भी हुई।
बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर सांसद सुखदेव भगत ने किस्को में दी श्रद्धांजलि, कहा- धरती आबा के रास्ते पर चलकर ही आदिवासी समाज एवं क्षेत्र का होगा विकास एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि के अवसर पर लोहरदगा के लोकसभा सांसद सुखदेव भगत ने मंगलवार को किस्को प्रखंड चौक में स्थित बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। श्रद्धांजलि देने के बाद सांसद सुखदेव भगत ने अपने संबोधन में कहा, भगवान बिरसा मुंडा सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए हुए सबसे बड़े आंदोलन के प्रतीक हैं। अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान कर उन्होंने हमें सिखाया कि अपने हक के लिए लड़ना कैसे है। उन्होंने कहा आज भी हमारे समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की लड़ाई लड़नी पड़ रही है। बिरसा मुंडा का सपना तब पूरा होगा जब अंतिम गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचेगा। उनकी विचारधारा को युवाओं तक ले जाना हम सबकी जिम्मेदारी है। सांसद ने उपस्थित लोगों को बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने, नशा मुक्ति अपनाने और बच्चों को जरूर पढ़ाने का संकल्प दिलाया। सांसद किस्को प्रखंड मुख्यालय में भी भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किए। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी किस्को, नेसार अहमद, संदीप गुप्ता, साजिद अहमद चंगू, आलोक कुमार साहू, दयानंद उरांव, अंजू देवी, सुखमणि उरांव, खुदिया अंसारी, मोहम्मद जिलानी, शनिचरवा उरांव सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ ने कहा है कि भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, आदिवासी समाज के गौरव और जननायक भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि प्रत्येक वर्ष 9 जून को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनायी जाती है। वर्ष 1900 में इसी दिन मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका निधन तत्कालीन बिहार (वर्तमान झारखंड) के रांची कारागार में हुआ था। उनकी पुण्यतिथि केवल एक महान योद्धा को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय, स्वाभिमान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और राष्ट्रीय चेतना के उनके संदेश को स्मरण करने का भी दिन है।भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में एक साधारण आदिवासी परिवार में हुआ था। बचपन से ही वे तेजस्वी, साहसी और नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण थे। उस समय अंग्रेजी शासन और जमींदारी व्यवस्था के कारण आदिवासी समाज शोषण, अत्याचार और आर्थिक उत्पीड़न का सामना कर रहा था। बिरसा मुंडा ने इस अन्याय के विरुद्ध जनजागरण का अभियान चलाया और लोगों को अपने अधिकारों के लिए संगठित किया। उन्होंने आदिवासी समाज में फैली सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा, स्वच्छता और नैतिक जीवन को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को अपनी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इसी कारण आदिवासी समाज उन्हें श्रद्धापूर्वक धरती आबा अर्थात धरती का पिता कहकर संबोधित करता है। भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में वर्ष- 1899 में अंग्रेजों और शोषक जमींदारों के विरुद्ध प्रसिद्ध उलगुलान (महाविद्रोह) का सूत्रपात हुआ। इस आंदोलन का उद्देश्य आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर उनके पारंपरिक अधिकारों की रक्षा करना तथा विदेशी शासन से मुक्ति प्राप्त करना था। उनके संघर्ष ने अंग्रेजी शासन को झकझोर दिया और बाद में आदिवासी भूमि अधिकारों की सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण कानून बनाने की दिशा में प्रेरणा दी। उनकी पुण्यतिथि का मुख्य उद्देश्य नयी पीढ़ी को उनके साहस, त्याग, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक समरसता के आदर्शों से परिचित कराना है। यह दिवस हमें यह संदेश देता है कि समाज की एकता, अपने अधिकारों की रक्षा और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष से ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। आज भगवान बिरसा मुंडा भारतीय इतिहास के ऐसे अमर नायक हैं, जिनका जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और जनसेवा की अद्वितीय मिसाल है। उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके दिखाये मार्ग पर चलते हुए सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण और मानव कल्याण के मूल्यों को अपने जीवन में अपनायें।
डॉ. निवेदिता श्रीवास्तव गार्गी बनीं कार्यकारी अध्यक्ष, पूनम वर्मा अनूप सचिव टीम एबीएन, रांची। इलेक्ट्रॉनिक हिंदी साहित्य के क्षेत्र में अग्रणी और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था साहित्य संगम संस्थान की झारखंड प्रांतीय इकाई का विधिवत पुनर्गठन किया गया। प्रदेश में साहित्यिक गतिविधियों को नयी गति देने और जमीनी स्तर पर रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई ऊर्जावान कार्यकारिणी की घोषणा की गयी है। पुनर्गठित प्रदेश इकाई में प्रतिष्ठित वरिष्ठ साहित्यकार डॉ . निवेदिता श्रीवास्तव गार्गी को झारखंड इकाई का कार्यकारी अध्यक मनोनीत किया गया है। वहीं, अपनी सक्रियता और सांगठनिक कौशल के लिए जानी जाने वाली पूनम वर्मा अनूप को प्रदेश सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी है। सूचना तंत्र और जनसंपर्क को मजबूत करने हेतु ऋतुराज वर्षा को मीडिया प्रभारी के रूप में टीम में शामिल किया गया है। इसके साथ ही झारखंड इकाई के प्रबुद्ध साहित्यकार और मार्गदर्शक डा प्रशान्त करण को उनके व्यापक अनुभवों को देखते हुए केंद्रीय कार्यकारिणी में केंद्रीय संरक्षक के उच्च पद पर सुशोभित किया गया है। पड़ोसी राज्य बिहार की पटना जिला इकाई में भी संगठन विस्तार करते हुए विभा वर्मा वाची को पंच परमेश्वरी के गरिमामय पद पर मनोनीत किया गया है, जो प्रांतीय समन्वय में सहायक सिद्ध होंगी। संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवीर सिंह मंत्र ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान को इन प्रबुद्ध कलमकारों की निष्ठा, समर्पण और साहित्यिक सेवाओं पर पूर्ण विश्वास है। इस पुनर्गठन के बाद झारखंड में इलेक्ट्रॉनिक हिंदी साहित्य के प्रचार-प्रसार को एक ऐतिहासिक दिशा मिलेगी और राज्य के नवोदित रचनाकारों को एक सशक्त मंच प्राप्त होगा। इस पुनर्गठन और नयी घोषणाओं के बाद संपूर्ण देश के साहित्यिक गलियारों सहित साहित्य संगम संस्थान के पटल पर हर्ष का माहौल है। देश भर के प्रतिष्ठित कवियों, लेखकों और भाषाविदों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.