Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
धनबाद : असर्फी हॉस्पिटल को ब्लैकलिस्ट करने की मांग
Published / 2026-06-12 21:01:29
धनबाद : असर्फी हॉस्पिटल को ब्लैकलिस्ट करने की मांग

मौत के बाद परिजनों से अतिरिक्त वसूली का आरोप एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर धनबाद स्थित असर्फी हॉस्पिटल के विरुद्ध उच्चस्तरीय जांच कराने तथा अस्पताल को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे गये पत्र में रत्नेश कुमार ने आरोप लगाया है कि असर्फी हॉस्पिटल में मरीज की मृत्यु के बाद परिजनों से अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है और भुगतान नहीं होने पर मृतक का शव सौंपने में बाधा उत्पन्न की जाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं और हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भी इसी तरह के आरोप लगाये गये हैं। पत्र में उल्लेख किया गया है कि अस्पताल में निर्धारित बिल का भुगतान किये जाने के बावजूद मृतक के परिजनों को शव देने में देरी की गयी तथा अतिरिक्त राशि जमा करने का दबाव बनाया गया। किसी गरीब वर्ग के लोग बेहतर इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल में अपना इलाज करवाते हैं, लेकिन इलाज के दौरान मृत्यु हो जाने के बाद अस्पताल अपनी मनमानी करती है और जबरन शव को रोककर रखती है।पर जब तक पैसे का भुगतान नहीं होता, तब तक शव को परिजनों को नहीं सौंपा जाता है। इससे पूर्व भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक मामले में धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने हस्तक्षेप कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के बाद मृतक के परिजनों को शव सौंपा था। रत्नेश कुमार ने कहा कि झारखंड सरकार और स्वास्थ्य विभाग के स्पष्ट निर्देश है कि किसी मरीज की मृत्यु होने पर अस्पताल बकाया राशि के कारण शव को नहीं रोक सकता तथा परिजनों को सम्मानपूर्वक शव सौंपना अनिवार्य है। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन पर सरकारी नियमों की अवहेलना कर रही है ओर मनमानी ढंग से अस्पताल चला रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करायी जाये तथा अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट किया जाये। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गयी है।

जमशेदपुर की बच्ची बंगाल से बरामद
Published / 2026-06-12 20:57:32
जमशेदपुर की बच्ची बंगाल से बरामद

3 साल की बच्ची का अपहरण, 300 किमी दूर बंगाल से ऐसे मिली जिंदगी की डोर एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। झारखंड पुलिस ने जमशेदपुर के भीड़भाड़ वाले साकची बाजार से अगवा की गयी तीन साल की एक बच्ची को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से सकुशल बरामद कर लिया और एक नि:संतान दंपति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीणा ने बताया कि आरोपियों की पहचान झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली निवासी अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42) और अफसाना बेगम (30) के रूप में हुई है।  भीड़ में गुम हुई थी बच्ची  उन्होंने बताया कि दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तीन साल की अफरीन 26 मई को अपने माता-पिता के साथ साकची बाजार में खरीदारी करने गयी थी, तभी वह भीड़ में गुम हो गयी। ओलीडीह थाना क्षेत्र के दिमना बस्ती के हयात नगर निवासी बच्ची के पिता मोहम्मद इम्तियाज ने उसी दिन साकची थाने में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले  मीणा ने बताया कि एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर बच्ची की तलाश और मामले की जांच के लिए एक पुलिस उपाधीक्षक की अगुवाई में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान एसआईटी ने बाजार क्षेत्र के आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी जुटायी गयी और कई संदिग्धों से पूछताछ की गयी। नि:संतान दंपति गिरफ्तार  एकत्र किये गये साक्ष्यों के आधार पर टीम ने पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुस्ती गांव में छापा मारा और मंगलवार को बच्ची को बरामद कर दंपति को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा, पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पिछले दस साल से उनकी कोई संतान नहीं है और उन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर बच्ची को बाजार से अगवा किया था।

अग्रवाल सभा चुनाव : नामांकन वापसी के बाद 31 उम्मीदवार मैदान में
Published / 2026-06-12 20:52:36
अग्रवाल सभा चुनाव : नामांकन वापसी के बाद 31 उम्मीदवार मैदान में

उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी टीम एबीएन, रांची। अग्रवाल सभा रांची के सत्र 2026-28 की कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर चुनावी प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार नारसरिया ने बताया कि निर्धारित तिथि तक कुल 36 नामांकन-पत्र प्राप्त हुए थे। सभी नामांकन-पत्रों की विधिवत जांच की गयी, जिसमें सभी नामांकन वैध पाये गये। उन्होंने बताया कि नामांकन-पत्र वापसी के अंतिम दिन पांच उम्मीदवारों ने स्वेच्छा से अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद चुनाव मैदान में कुल 31 उम्मीदवार शेष रह गये हैं। निर्वाचन समिति द्वारा इन सभी प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गयी है। जारी सूची के अनुसार चुनाव मैदान में शामिल उम्मीदवारों के नाम इस प्रकार हैं : अजय कुमार खेतान, अजय कुमार डिडवानिया, अनिल अग्रवाल, अमर अग्रवाल, अरुण भरतिया, अशोक कुमार लाठ, किशन कुमार पोद्दार, कौशल कुमार राजगढ़िया, जितेश अग्रवाल, नरेश कुमार बंका, निकुंज पोद्दार, निर्मल कुमार बुधिया, विजय कुमार खोवाल, विनोद कुमार टिबड़ेवाल, मनोज कुमार चौधरी, मनोज कुमार ढाढनिया, मुकेश जाजोदिया, राजकुमार मित्तल, रामाशंकर बगड़िया, रौनक झुनझुनवाला, विकास अग्रवाल, शारदा ड्रोलिया, सज्जन कुमार पाड़िया, संजय बजाज, संजय सर्राफ, सुनील कुमार केडिया, सुनील कुमार पोद्दार, सुभाष चंद्र पटवारी, सुरेश कुमार चौधरी, सुरेश कुमार पोद्दार एवं सौरभ बजाज। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री नारसरिया ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है। नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अब आगे की तैयारियां होगी। महाराजा अग्रसेन भवन में अंतिम सूची जारी किये जाने के अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार नारसरिया के साथ निर्वाचन पदाधिकारी राजेंद्र केडिया एवं नंदकिशोर पाटोदिया भी उपस्थित थे। तीनों पदाधिकारियों ने निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित चुनाव कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी। उक्त जानकारी चुनाव के निर्वाचन पदाधिकारी राजेंद्र केडिया (9431701059) ने दी।

सिमडेगा सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों से मिले सांसद सुखदेव भगत, बंधाया ढाढ़स
Published / 2026-06-12 20:51:22
सिमडेगा सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों से मिले सांसद सुखदेव भगत, बंधाया ढाढ़स

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। सिमडेगा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोहरदगा के राहत नगर निवासी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत शुक्रवार को मृतकों के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार राहत नगर निवासी गुलाम मुस्तफा अपनी पुत्री एवं नातियों को उनके ससुराल सिमडेगा जिले के लसिया गांव छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान अधरमा के समीप चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे में गुलाम मुस्तफा, उनकी पत्नी समेत पांच लोगों की मौत हो गयी थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गये थे। दिल्ली से लौटने के तुरंत बाद सांसद सुखदेव भगत मृतक गुलाम मुस्तफा के आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में वे पूरी तरह शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि घायलों के समुचित इलाज तथा सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जाने वाली सहायता राशि दिलाने में हरसंभव प्रयास करेंगे। इसके बाद सांसद सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने ओयना के समीप हुए एक अन्य सड़क हादसे में मृत कुरैशी मोहल्ला निवासी वासूक कुरैशी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति नहीं होने की शिकायत सांसद के समक्ष रखी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने अस्पताल उपाधीक्षक (डीएस) को बुलाकर चिकित्सकों की नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सांसद ने लोहरदगा ब्लॉक के पीछे रहने वाले कमल सिंह थापा के निधन पर भी उनके आवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की बात कही। बताया गया कि कमल सिंह थापा पिछले कुछ वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे। इस अवसर पर रऊफ अंसारी, शाहिद अहमद बेलू, आलोक कुमार साहू, साजिद अहमद चंगू, अनिल कुमार, नेसार अहमद, सोनू कुरैशी, राजू कुरैशी, मोहम्मद जिलानी, मनोज सोन तिर्की, गुलाम मुतुर्जा, मोइन अंसारी, सफीजुल अंसारी, मुमताज अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

लोहरदगा कैरो प्रखंड के दो पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का पुल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी : सूरज अग्रवाल
Published / 2026-06-12 14:03:20
लोहरदगा कैरो प्रखंड के दो पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का पुल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी : सूरज अग्रवाल

लोहरदगा कैरो प्रखंड के दो पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का पुल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी : सूरज अग्रवालएबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कैरो प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सढ़ाबे पंचायत के खरता और हनहट पंचायत को जोड़ने वाली दक्षिणी कोयल नदी का पुल जो नवंबर 2025 से ही टूट चुका है, जिसके बाद हजारों ग्रामीण लोहरदगा डीसी कार्यालय पहुंचकर अपना दुखड़ा बताया कि जब तक यह पुल नहीं बनता तब तक खरता से मेलानी होकर जो सड़क जीर्णशीर्ण हालात में है उसको सुधारा जाए।मगर अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। जिसके कारण दर्जनों बच्चों का स्कूल तक बंद हो गया स्कूल वाहन का आना जाना बंद हो गया। इसके बावजूद इसी टूटी पुल से ही ग्रामीण लाचार होकर गुजरने को मजबूर है। आम जनता ही नहीं अब तो प्रशासनिक लोग भी गुजरने लगे हैं जो की बड़ी दुर्घटना को आमंत्रित कर रही है। बात समझ नहीं आती कि तरह तरह की बाते किया जाता है, लेकिन आम जनता से जुड़ी गंभीर से गंभीर विषय पर सबकी आंख बंद क्यों रहती है। जहां जरूरत है वहां योजना नहीं और जहां जरूरत नहीं है। वहां योजना पर योजना झारखंड सरकार एवं जिला प्रशासन ग्रामीणो की सुविधा को दरकिनार करते हुए सिर्फ अपने लाभ के लिए कार्य कर रही है और खनिज संपदाओं से भरा हुआ झारखंड को बर्बाद करने में तुली हुई है। जनता पस्त अधिकारी और जनप्रतिनिधि मस्त यही झारखंड का कानून व्यवस्था है इन सारी बिंदुओं पर झारखंड सरकार गंभीरता पूर्वक कार्रवाई नहीं करती है तो बहुत ही जल्द सभी मुद्दों को लेकर लोहरदगा में आजसू पार्टी आंदोलन की शुरुआत करेगी। उक्त जानकारी आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सूरज अग्रवाल ने दी।

पाकुड़ : बारातियों से भरी बस पलटी, तीन की मौत, 20 से ज्यादा घायल
Published / 2026-06-11 18:25:41
पाकुड़ : बारातियों से भरी बस पलटी, तीन की मौत, 20 से ज्यादा घायल

बारातियों से भरी बस पेड़ से टकराकर पलटी, 3 की मौत, 20 से अधिक लोग घायल एबीएन न्यूज नेटवर्क, पाकुड़। जिले में बारातियों से भरी एक बस मोड़ पर संतुलन खो बैठी और पेड़ से टकराकर पलट गयी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गयी एवं 20 से अधिक लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि बस वायुसेना-सिनागरसाई रोड पर मोड़ लेते समय चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह (बस) एक पेड़ से टकराकर पलट गयी। उन्होंने कहा, ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। हम तुरंत मौके पर पहुंचे और 20 से अधिक घायलों को अमड़ापाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए पड़ोसी जिले दुमका के सदर अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में पंजीकृत यह बस पाकुड़ जिले के परियारदाहा गांव से बारातियों को लेकर पड़ोसी जिले गोड्डा के कदमपहाड़पुर गांव जा रही थी।वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि परियारदाहा गांव के ओलेन मुर्मू (64) और राजेश टुड्डू (16) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि लिट्टीपाड़ा के हेमलाल हेम्ब्रोम (26) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

झारखंड : एनसीसी बटालियन ने जेवियर्स कॉलेज में किया 10 दिवसीय प्रशिक्षण
Published / 2026-06-11 18:21:31
झारखंड : एनसीसी बटालियन ने जेवियर्स कॉलेज में किया 10 दिवसीय प्रशिक्षण

झारखंड एनसीसी बटालियन ने सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में 10 दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन टीम एबीएन, रांची। झारखंड एनसीसी बटालियन ने 09 जून से 18 जून 2026 तक संत जेवियर्स कॉलेज रांची परिसर में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर रहा है। यह शिविर बटालियन के कमांडिंग आॅफिसर कोलोनेल संतोष कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य एनसीसी कैडेटों को व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना है। शिविर के दौरान कैडेटों को एनसीसी से संबंधित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जायेगा, जिसमें विशेष रूप से पैदल ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण एवं फायरिंग, मानचित्र पठन तथा बाधा दौड़ पर जोर दिया जायेगा। ये गतिविधियां कैडेटों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, टीम भावना तथा सैन्य जागरूकता को सुदृढ़ करेंगी।

लोहरदगा : स्कॉर्पियो दुर्घटना में मुस्तफा की मौत
Published / 2026-06-11 18:20:38
लोहरदगा : स्कॉर्पियो दुर्घटना में मुस्तफा की मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। मोहम्मद मुस्तफा पुराना पता मथुरादास लेन, वर्तमान पता राहत नगर लोहरदगा का सिमडेगा जिला में स्कॉर्पियो से दुर्घटना होने की सूचना प्राप्त हो रही है। जिसमें मोहम्मद मुस्तफा उसकी पत्नी समेत 3 बच्चों की मौत हो गयी है। यह घटना काफी दुखदायी एवं मर्माहत करने वाली है।लोहरदगा सांसद के निजी सचिव आलोक कुमार साहू ने सिमडेगा उपायुक्त से वार्ता कर इन सबों को आज ही पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किये। उपायुक्त ने श्री साहू को बताया कि सिमडेगा सिविल सर्जन को इसका आदेश दे दिया गया है। क्योंकि शाम 5 के बाद पोस्टमार्टम नहीं होता है। 

राज्यसभा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सांसद सुखदेव भगत ने उठाये गंभीर सवाल
Published / 2026-06-11 18:18:14
राज्यसभा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सांसद सुखदेव भगत ने उठाये गंभीर सवाल

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होना लोकतंत्र की निर्मम हत्या : सुखदेव भगत एबीएन न्यूज नेटवर्क, नयी दिल्ली/ लोहरदगा। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन पत्र को खारिज किये जाने के मामले ने राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है। कांग्रेस नेताओं ने इस निर्णय को लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला बताते हुए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाये हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मीनाक्षी नटराजन के साथ जो हुआ है, वह केवल लोकतंत्र का गला घोंटना नहीं, बल्कि उसकी निर्मम हत्या है। सुखदेव भगत ने कहा कि झारखंड में राज्यसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशियों को आपत्तियों और त्रुटियों पर स्पष्टीकरण देने का पूरा अवसर दिया गया था, लेकिन मीनाक्षी नटराजन के मामले में ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी प्राथमिकी (एफआईआर) अथवा आपराधिक मामले के बावजूद उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि चुनावी प्रक्रिया में समान मानदंड लागू नहीं किये जायेंगे, तो लोकतंत्र की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होंगे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह फैसला राजनीतिक दबाव और पक्षपातपूर्ण रवैये का परिणाम है। पार्टी ने चुनाव आयोग से हस्तक्षेप कर निर्णय की समीक्षा करने की मांग की है तथा न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की भी बात कही है। सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठायेगी और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता तथा चुनावी अधिकारों की रक्षा के लिए हर संवैधानिक और कानूनी विकल्प का उपयोग करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता, समान अवसर और न्याय सर्वोपरि हैं तथा किसी भी राजनीतिक दल या नेता के साथ भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस प्रकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में व्यापक आक्रोश है तथा विभिन्न स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन भी किये जा रहे हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 81,141