रांची में सिरम टोली फ्लाईओवर को लेकर सरना समिति के द्वारा जगह जगह आगजनी की गयीटीम एबीएन, रांची। सिरम टोली फ्लाईओवर को लेकर सरना समिति द्वारा बुलाए गए रांची बंद के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में आगजनी और जाम की स्थिति बनी हुई है। सरना समिति के समर्थकों ने कई स्थानों पर टायर जलाकर सड़कों को अवरुद्ध कर दिया है, जिसमें लोवाडीह क्षेत्र भी शामिल है। मौके पर मौजूद पुलिस बल यातायात को सुचारू करने में जुटी हुई है।बंद को देखते हुए पुलिस न केवल सतर्कता बरत रही है, बल्कि बंद समर्थकों को सख्त चेतावनी भी दी गई है कि अगर किसी ने गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम दिया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।जहां-जहां बंद समर्थक पहुंच रहे हैं, उनकी वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है।रांची बंद को देखते हुए सबसे ज्यादा सुरक्षा व्यवस्था सिरम टोली फ्लाईओवर के पास लगाई गई है। सिरम टोली के पास वज्र वाहन के साथ-साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद / रांची। बाघमारा अनुमंडल के तेतूलमारी थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईएसएफ के जवानों ने खास सिजुआ छापेमारी कर 22 टन अवैध कोयला जब्त की है!इस छापेमारी के बाद अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। सीआईएसएफ ने बस्ती में चल रहे अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने की बात कही और अवैध कोयला कारोबारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है।यह कार्रवाई पुलिस और सीआईएसएफ के संयुक्त प्रयास से की गई है, जिससे स्थानीय प्रशासन ने अवैध कोयला कारोबार पर नकेल कसने की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया है। क्षेत्र के लोगों ने इस कदम की सराहना की और उम्मीद जताई कि आगे भी ऐसे कदम उठाए जाएंगे ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
टीम एबीएन, रांची। सिविल कोर्ट रांची की अदालत ने आचार संहिता उल्लंघन से जुड़े सात साल पुराने मामले में आरोपी आजसू सुप्रीमो सह पूर्व मंत्री सुदेश महतो को पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है। एमपी/एलएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश सार्थक शर्मा की अदालत ने मामले में सुदेश महतो को बरी किया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता भरत चंद्र महतो ने बताया कि मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से पांच गवाहों को प्रस्तुत किया गया था। लेकिन घटना को साबित नहीं किया जा सका। जिसका लाभ उन्हें मिला। यह मामला बिना सबूत के आधार पर दर्ज किया गया था।मामले को लेकर 7 मई 2018 को कोतवाली थाने में सुदेश महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। सिल्ली उपचुनाव में नामांकन-पत्र दाखिल करने में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप था।7 मई 2018 को सुदेश आजसू पार्टी के उम्मीदवार के रूप में सिल्ली उपचुनाव में नामांकन-पत्र दाखिल करने रांची समाहरणालय पहुंचे थे। वे पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय के बाहर पहुंचे थे। जबकि, आदर्श आचार संहिता के तहत ड्रॉप गेट तक ही वे और उनके 5 व्यक्तियों को प्रवेश करने की अनुमति थी।
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का चंपाई सोरेन पर बड़ा बयान टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा में बजट सत्र जारी है। तमाम मुद्दों को लेकर पक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इसी बीच झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने पूर्व सीएम चंपाई सोरेन का नाम लेते हुए भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल आदिवासी नेताओं के साथ सही व्यवहार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के संदर्भ में कहा कि भाजपा उनके साथ ठीक नहीं कर रही। किसी राज्य का राज्यपाल ही बना दिया जाता : रामदास सोरेन रामदास सोरेन ने कहा, हम यही सुझाव देना चाहेंगे कि जिस सोच के साथ आप भाजपा में शामिल हुए थे, वह यही थी कि आपको मुख्यमंत्री बनाया जायेगा। लेकिन, हालात वैसे नहीं रहे, तो भी उन्हें किसी राज्य का राज्यपाल तो बना ही सकते थे। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि भाजपा आदिवासियों के साथ कैसा व्यवहार करती है। सारे आदिवासी नेता को केकड़ा बना दिया है : रामदास सोरेन उन्होंने आगे कहा कि भाजपा में जितने भी आदिवासी नेता हैं, सबको केकड़ा बना के रख दिया गया है। चंपई दादा को मुख्यमंत्री बनाने और उनके बेटे को मंत्री बनाने की बात हुई थी, लेकिन अब उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है। पत्रकारों ने जब सवाल किया कि क्या चंपाई सोरेन के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के दरवाजे खुले हैं, तो शिक्षा मंत्री ने कहा, झामुमो के दरवाजे हमेशा खुले हैं। पार्टी निर्णय लेती है कि किसे आना है और किसे नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि जेएमएम ने चंपाई सोरेन को जितना सम्मान दिया, उतना किसी और को नहीं मिला। उन्होंने मामूली कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री तक का सफर तय किया, लेकिन अब वे कई आरोप लगाकर बीजेपी में चले गए हैं, और वहां भी उन्हें उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। रामदास सोरेन के इस बयान से झारखंड की राजनीति में हलचल मच गयी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी और चंपाई सोरेन इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर को बेहतर इलाज के लिए शुक्रवार को विशेष विमान से नयी दिल्ली ले जाया गया। इससे पहले रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। बुधवार की रात वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तबीयत अचानक खराब हो गयी थी। खांसी की शिकायत के बाद उन्हें आॅर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। इसके बाद उन्हें नयी दिल्ली ले जाया गया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का स्वास्थ्य पिछले कुछ दिनों से खराब था। उन्हें खांसी की शिकायत थी। बुधवार की रात सांस लेने में उन्हें काफी तकलीफ होने लगी। खांसी की समस्या काफी बढ़ जाने के बाद मंत्री राधाकृष्ण किशोर को रांची के आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।
सीएम हेमंत सोरेन यूनिसेफ के कार्यक्रम में बोले टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जीवनशैली में बदलाव, रहन-सहन, खान-पान, पर्यावरण और जेनेटिक कारणों से आज डायबिटीज, कैंसर, हृदय रोग और अस्थमा जैसी कई गैर संचारी बीमारियां (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) लोगों को तेजी से अपनी गिरफ्त में लेती जा रही हैं। हर घर में कमोबेश ऐसी बीमारियां देखने को मिल रही हैं। हम सभी अपने स्वास्थ्य को लेकर सतर्क नहीं हुए तो ऐसी बीमारियां हमारी जिंदगी के लिए खतरा बन सकती हैं। वे आज झारखंड विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में यूनिसेफ की ओर से आयोजित राउंड टेबल आॅन प्रीवेंटिंग चाइल्डहुड नॉन कम्युनिकेबल डिसीज थ्रू हेल्दी डाइट्स पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिंदगी के लिए खतरनाक बनती जा रही कैंसर और हृदय रोग जैसी गैर संचारी बीमारियों से बचने के लिए अपनी जीवन शैली में बदलाव लाने के साथ खान-पान में हेल्दी डायट्स के इस्तेमाल एवं ज्यादा से ज्यादा शारीरिक गतिविधियों (फिजिकल एक्टिविटीज) पर फोकस करने की जरूरत है। लापरवाही बरतते हैं तो आगे चलकर ऐसी बीमारियों के इलाज में काफी खर्च करना पड़ सकता है, वहीं पूर्ण स्वस्थ होने की गारंटी भी नहीं दी जा सकती है। बेहतर इलाज की व्यवस्था करने पर जोर-हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज तरह-तरह की बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। ये बीमारियां कैसे और किन लोगों को अपनी चपेट ले रही हैं, इसकी पूरी जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए राज्य स्तर पर हेल्थ रिपोर्ट कार्ड बनाने पर विशेष जोर है, ताकि बीमारी का प्रॉपर ट्रीटमेंट संभव हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए हमारी सरकार लगातार कार्य कर रही है, ताकि लोगों को होने वाली बीमारी की पहचान के साथ उसके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नयी-नयी बीमारियां तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही हैं। इसके पीछे कहीं ना कहीं सबसे बड़ी वजह हमारा खान-पान है। आज ज्यादा से ज्यादा जंक फूडस का इस्तेमाल बच्चों को बीमार बना रहा है और आगे चलकर उन्हें कई गंभीर बीमारियां भी हो रही हैं। हमें अपने को स्वस्थ रखना है, तो अपने खान-पान में लोकल इंडिजिनस फूड्स ( मिलेट्स) लेना होगा। बच्चों को जंक फूड्स की बजाय हेल्दी डाइट्स दें। अपने फूड हैबिट्स में बदलाव लाना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले गरीब ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में यूनिसेफ जैसी संस्थाओं की अहम भागीदारी रही है। कई रोगों के उन्मूलन की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं। मौके पर मंत्री योगेंद्र महतो, मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई और विधायकगण, यूनिसेफ की डॉ कनीनिका मित्रा, आस्था अलंग समेत अन्य मौजूद थे।
किसानों से अनाज खरीद पर एकमुश्त भुगतान करने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा: डॉ इरफान अंसारी टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार किसानों से धान की खरीद में तेजी लाने और उनकी उपज का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए राज्य में चावल मिलों की संख्या बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री विधानसभा में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के विधायक जयराम महतो द्वारा धान खरीद के लिए किसानों को भुगतान में देरी के संबंध में विधानसभा में पूछे गये सवाल का जवाब दे रहे थे। जयराम महतो ने सदन में यह भी पूछा कि क्या सरकार धान खरीद के लिए एकमुश्त भुगतान प्रणाली लागू कर सकती है? इस पर खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्री इरफान अंसारी ने अपने जवाब में कहा कि सरकार जब धान खरीदती है तो पचास प्रतिशत भुगतान किसानों को जारी कर दिया जाता है और शेष राशि सत्यापन के बाद दी जाती है। मंत्री ने कहा कि किसानों से अनाज खरीद पर एकमुश्त भुगतान करने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। मामले में हस्तक्षेप करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से धान खरीदने से लेकर उसे चावल मिलों तक पहुंचाने तक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किसानों को भुगतान किया जाता है। मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि कभी-कभी भंडारण के लिए जगह के अभाव और चावल मिलों की कमी के कारण खरीद और भुगतान में देरी होती है। इस समस्या से निपटने के लिए हम राज्य भर में चावल मिलों की संख्या बढ़ा रहे हैं, जिससे खरीद और भुगतान दोनों में तेजी लाने में मदद मिलेगी। झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने पूर्वी सिंहभूम के पांच प्रखंड बहरागोड़ा, धालभूमगढ़, गुड़ाबांधा, पोटका, डुमरिया में तैयार एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय भवन में पढ़ाई की शुरूआत नहीं होने पर सवाल खड़ा किया। कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने कहा, जल्द ही स्कूल में पठन पाठन होगा। बच्चों का चयन प्रक्रिया अधीन है। आरजेडी के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने ध्यानाकर्षण के जरिए कहा कि विश्रामपुर सहित पूरे गढ़वा एवं पलामू जिले में नीलगाय के द्वारा फसल बर्बाद किये जाने से किसान काफी परेशान है। किसानों द्वारा कर्ज लेकर बड़े पैमाने पर खेती की जाती है, जिसे नीलगाय द्वारा बर्बाद किये जाने से समय पर किसान कर्ज नहीं चुका पाने की स्थिति में खेती छोड़ रोजगार के लिए पलायन करने पर मजबूर हैं। कुछ किसान कर्ज नहीं चुका पाने के चलते आत्महत्या तक कर ले रहे हैं। किसानों के द्वारा मुआवजा के लिए विभाग में आवेदन देने के बावजूद सही तरीके से जांच नहीं होने की स्थिति में उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिल पाता है। इस पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि नीलगाय स्वतंत्र जंगली जानवर है। फसल की क्षतिपूर्ति की जायेगी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कर्रा। लोधमा में शुक्रवार सुबह अचानक तेज हवा और गर्जन के साथ-साथ ओले के भी बारिश हुए तथा पेड़ की डालियां टूट कर रोड में बिखर गयीं। कुछ समय के लिए जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया। तेज हवा के कारण लोधमा चौक का सोलर लाइट टूट कर वहीं लटक गया। इस ओला वृष्टि से किसान को भारी नुकसान का अनुमान है।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में श्री राधा- कृष्ण मंदिर मे रविवार 23 मार्च को अपराह्न- 12 बजे से संजीवनी सखी ग्रुप की 100 से भी अधिक महिला सदस्यों के द्वारा भव्य भजन- कीर्तन एवं सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। अपराह्न 1 बजे से श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में 199 वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। उन्होंने धर्म प्रेमियों से अनुरोध किया है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में मंदिर में होने वाले भजन- कीर्तन सत्संग कार्यक्रम मे भाग ले, तथा अन्नपूर्णा महाप्रसाद ग्रहण करें। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.