रिम्स निदेशक को जांच रिपोर्ट जमा करने के निर्देश टीम एबीएन, रांची। झारखंड के एक स्थानीय समाचार पत्र में प्रकाशित बिरहोर समुदाय के एक नवजात बच्चे की मौत की खबर पर राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने गंभीर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विभाग ने रिम्स के निदेशक को इस मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। इसके लिए कई प्रमुख बिंदु तय किये गये हैं : खबर का आधार 12 जून को एक स्थानीय अखबार में खबर छपी कि एक बिरहोर परिवार के नवजात की रिम्स में मौत हो गयी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि परिवार को उचित इलाज नहीं मिला और अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही दिखायी। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला ने पत्रांक 78/12 जून 2025 के तहत रिम्स प्रशासन को तत्काल जांच के आदेश दिये। आगे की कार्रवाई रिम्स को विस्तृत जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को सौंपनी होगी। विभाग का रूख स्वास्थ्य विभाग आदिवासी हितों के प्रति सदैव सजग रहा है। ऐसे समुदायों के साथ किसी भी प्रकार की उपेक्षा सरकार बर्दाश्त नहीं करती। क्यों महत्वपूर्ण है यह मामला? बिरहोर समुदाय PVTG (Particularly Vulnerable Tribal Group) में शामिल है, जिसे विशेष सुरक्षा की आवश्यकता होती है। RIMS राज्य का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहाँ से ऐसी शिकायतें चिंताजनक हैं।
विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को किया जा रहा जागरूक निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध पलामू में चल रहा जन जागरूकता कार्यक्रम एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू उपायुक्त समीरा एस ने पलामूवासियों से नशे की लत छोड़ने एवं मादक पदार्थों का उपयोग बंद करने की अपील की है। उन्होंने पलामू के सभी लोगों से आह्वान किया है कि किसी भी प्रकार के नशे की लत छोड़ें और जीवन से नाता जोड़ें। नशा नाश का कारण बनता है। इसलिए सभी को नशे की लत से सचेत रहने की जरूरत है। मादक पदार्थों का लत नहीं लगने दें। मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। स्वस्थ जीवन जीने के लिए मादक पदार्थों का सेवन नहीं करें। निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं, ताकि लोगों में जागरूकता आये। राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत पलामू जिले में भी जागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। पलामू उपायुक्त समीरा एस के निर्देश पर जिले के जिला मुख्यालय, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड मुख्यालय सहित पंचायत एवं गांवों में जागरूकता का कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से एलईडी वैन के माध्यम से लोगों को दृश्य एवं श्रव्य (फिल्म) दोनों माध्यमों से लोगों को मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने से संबंंधित जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा हाट-बाजारों के साथ-साथ गाव, पंचायतों के मुख्य स्थानों पर नुक्कड़-नाटक के माध्यम से सचित्र प्रदर्शन कर लोगों को मादक पदार्थों से होने वाले हानि के संबंंध में अवगत कराया जा रहा है, ताकि लोग मादक पदार्थों का सेवन नहीं करें। स्लोगन राईटिंग के माध्यम से मादक पदार्थों की रोकथाम का संदेश शिक्षा विभाग की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकालकर लोगों को नशे से मुक्ति का संदेश दिया। कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के बीच आयोजित स्लोगन राईंटिंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने नशे से दोस्ती, जीवन से मुक्ति, हम सबका यही है सपना, नशा मुक्त हो झारखंड/भारत अपना, नशा अभिशाप है... आदि विभिन्न स्लोगन राइईटिंग के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। इधर, समाज कल्याण विभाग के माध्यम से भी निषिद्ध मादक पदार्थों के विरूद्ध आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं को जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि अपने संबंंधित आंगनबाड़ी केन्द्रों के पोषक क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा जनजागरूकता के तहत विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन कर पलामू के लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
टीम एबीएन, रांची। आज निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने हेतु जागरूकता कार्यक्रम सह प्रशिक्षण का समापन सिविल सर्जन कार्यालय सभागार रांची में हुआ। इसके साथ ही आज से 26 जून 2025 तक जिला के शहरी क्षेत्र एवं सभी प्रखंड में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा। इस जागरूकता अभियान के तहत सभी प्रखंड के विभिन्न टोला मोहल्ला एवं चौक चौराहा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभाव एवं इसका सेवन नहीं करने हेतु जागरूक किया जायेगा। वहीं इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त ट्रेनर पंचायत ब्लॉक स्तर पर बैठक कर लोगों को नशा का सेवन नहीं करने को लेकर जागरूक करेगा। साथ ही समुदाय के लोगों को नशे के खतरों और नशा मुक्ति अभियान के बारे में जानकारी दी जा रही है। नशा से ग्रसित लोगों को नशा छोड़ने के लेकर प्रेरित किया जायेगा। स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर युवाओं को नशे के खतरों से अवगत कराया जा रहा है ताकि वे इसकी चपेट में नहीं आ सके। साथी रांची जिला में कई इस गतिविधि जैसे पोस्टर, बैनर, पंपलेट के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थान में नशा करने वाले लोगों को दंडित किया जायेगा। साथ ही उन पर जुर्माना भी लगाया जायेगा। कार्यक्रम के समापन पर डीआरसीएचओ डॉ असीम मांझी ने बताया कि नशा एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन हमारे मस्तिष्क के काम करने के तरीके को बहुत प्रभावित करता है। यह हमारी मानसिक क्षमता और मनोदशा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है जिसका सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है। हम आज नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक जुट होकर संकल्प लेते हैं कि न केवल समुदाय, परिवार, मित्र, बल्कि स्वयं को भी नशामुक्त रखेंगे क्योंकि बदलाव की शुरूआत खुद से होती है। आंकड़ों से पता चलता है कि देश में तकरीबन दस करोड़ लोग नशे की गिरफ्त में हैं, जिनमें अधिकतर युवा हैं।यह बहुत ही चिंतनीय है। नशे से बचने के लिए युवाओं को सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना होगा। कार्यक्रम का समापन करते हुए जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने सभी लोगों को प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु धन्यवाद दिया। साथ ही लोगों से अपील की है कि वह प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर जाकर लोगों को नशा नहीं करने हेतु एवं इसके होने वाले दुष्परिणामों को लेकर जागरूक करें। साथ ही जो लोग नशे के लत में संलिप्त है उसे नशा छोड़ने को लेकर प्रेरित करें। हमारे राज्य के साथ-साथ देश की उन्नति में नशा क लत एक बहुत बड़ा बाधक है। सुशांत कुमार जिला परामर्शी टोबैको कंट्रोल सेल ने बताया कि नशा या मादक पदार्थ का सेवन करने से लोगों में नशे की लत जल्दी से विकसित हो जाती है और एक बार नशे की आदत लगने के बाद इसे रोकना मुश्किल हो जाता है। इसीलिए सभी लोगों खासकर युवा वर्ग से अपील है कि वह किसी भी परिस्थिति में इसका सेवन न करें।
टीम एबीएन, रांची। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिवस के अवसर पर धुर्वा सी टी ओ रोड़ स्थित थेथर टोली में केक काटा गया, बच्चों को नाश्ता एवं पढ़ाई सामग्री वितरित की गयी। रांची में एक सादगीपूर्ण एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन रांची जिला राजद अध्यक्ष धर्मेन्द्र महतो ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन देना था।श्री महतो ने कहा कि राजद परिवार हमेशा समाज के वंचित वर्गों के साथ खड़ा है। हमारे नेता लालू जी ने जो मार्ग दिखाया है, हम उसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं – जहां समाज के हर वर्ग को बराबरी का हक और सम्मान मिले।कार्यक्रम में शैलेन्द्र शर्मा, राजेश रोशन, भास्कर वर्मा, कमलेश यादव, सलील अंसारी सहित कई अन्य समाजसेवियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन बच्चों की शुभकामनाओं एवं जयकारों के साथ संपन्न हुआ। उक्त जानकारी राजद के रांची जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र महतो ने दी।
रवीन्द्र बाबू पर पुस्तक प्रकाशित होगी : डॉ राजाराम महतो टीम एबीएन, रांची। पूर्व पंचायत सेवक, समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रवीन्द्र नाथ महतो की प्रथम पुण्य तिथि आज सोनाहातु प्रखंड के बांकू गांव में मनायी गयी। इस अवसर पर आयोजित स्व रवीन्द्र नाथ महतो के चित्र पर माल्यार्पण किया गया एवं वृक्षारोपण किया गया। इसके साथ ही दो मिनट का मौन रखकर स्व रवीन्द्र नाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कुरमाली भाषा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ राजाराम महतो ने कहा कि रवीन्द्र नाथ महतो सरकारी नौकरी में रहते पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में लगे रहे। इसके साथ ही उनकी मृदु भाषी स्वभाव और समाज सेवा में बढ़ चढ़ भाग लेना हमेशा लोगों को याद रहेगा। श्री महतो ने कहा कि स्व महतो को प्रकृति प्रेमी और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए भी याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रवीन्द्र नाथ महतो ने करीब करीब 500 पौधे लगाए जो अभी पेड़ बन गए हैं। वे बालिका शिक्षा के प्रबल समर्थक थे उनकी इच्छा थी कि बांकू गांव में एक बालिका उच्च विद्यालय बने। डॉ राजाराम महतो ने कहा कि उनके अधूरे सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर कुरमाली भाषा परिषद की ओर से एक पुस्तक प्रकाशित किया जाएगा जिससे आने वाली पीढ़ी उससे प्रेरणा ले सकें।इस अवसर पर भवेश्वरी देवी,अधिवक्ता विजय कुमार, ब्रजेंद्र नाथ महतो, मृत्युंजय प्रसाद, प्रदीप कुमार महतो, ओंकार महतो, राजकुमार सिंह निराला, नवल किशोर सिंह निराला, सुभद्रा, आरती, पुष्पा, गीता, आदित्य, श्रेया, दिव्या, भोला महली, ललित कुमार, पदमलोचन महतो, रामेश्वर महतो, रोहित कुमार, ललित कुमार महतो, कार्तिक महतो, रमेश कुमार महतो, सुधीर सिंह मुंडा, विक्की समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
राहे में सरकारी महाविद्यालय निर्माण अतिशीघ्र किया जाये : देवेंद्रनाथ महतो राज्यपाल संतोष गंगवार ने राहे में अतिशीघ्र कॉलेज निर्माण कार्य प्रारंभ करने का दिया आश्वासन टीम एबीएन, सिल्ली/ रांची। सिल्ली विधानसभा की मूलभूत आवश्यकता पूरा करने में जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो निरंतर सक्रियता निभा रहे हैं। सिल्ली विधानसभा क्षेत्र में सरकारी महाविद्यालय की कमी दूर करने हेतु झारखंड राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर राहे में अतिशीघ्र सरकारी महाविद्यालय निर्माण कार्य अतिशीघ्र शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आजादी के 78 वर्ष और झारखंड गठन हुए 25 साल बाद भी 21वीं सदी वैज्ञानिक युग में सिल्ली विधानसभा क्षेत्र में एक भी सरकारी डिग्री कॉलेज नहीं है। जिससे सिल्ली विधान सभा क्षेत्र से लाखों छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। विधान सभा चुनाव से पूर्व सरकारी डिग्री कॉलेज बनने का सरकार द्वारा स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। सिल्ली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड/ अंचल राहे, मौजा - खटंगा में कुल 5 एकड़ जमीन डिग्री कॉलेज की स्थापना हेतु नि:शुल्क भूमि हस्तांतरित भी की जा चुकी है लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं की गयी है। जिससे क्षेत्र के छात्रों का उच्च शिक्षा प्राप्त करने में बहुत परेशानी हो रही है। मौके पर उन्होंने कहा कि अतिशीघ्र सरकारी डिग्री कॉलेज निर्माण कार्य शुरू किया जाय ताकि एक दो वर्ष बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हो सके। मौके पर मामला को गंभीरता से हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने तत्काल अतिशीघ्र कार्य प्रारंभ करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग में श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम श्री राधा कृष्ण मंदिर मे संत शिरोमणि कबीर दास जयंती मनाया गया। इस पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का अनुपम संगम देखने को मिला। श्री राधा कृष्ण जी का भव्य अलौकिक श्रृंगार, विशेष पूजा अर्चना, प्रसाद भोग, भजन- कीर्तन एवं सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। श्री राज श्याम जी को फल, मेवा, चूरमा, पंचामृत, पेड़ा का विधिवत भोग पुजारी अरविंद पांडे द्वारा लगाया गया। तथा पूरे विधि विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना एवं महाआरती की गयी। तत्पश्चात ट्रस्ट के भजन गायको ने भजन-कीर्तन के कार्यक्रम में संत कबीर के दोहों पर आधारित भजनों को गाकर पूरा वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिर में उपस्थित सैकड़ों भक्तों ने सामूहिक महाआरती में भाग लिया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा यह आयोजन न केवल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक रहा बल्कि संत कबीर के अमूल्य शिक्षाओं को जनमानस तक पहुंचाने का एक प्रेरणादायी माध्यम भी बना, हम सभी संत कबीर की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का संकल्प ले और समाज में एकता, सच्चा धर्म प्रेम, करुणा और भाईचारे की भावनाओं को बढ़ावा दें। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, संजय सर्राफ,पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, विशाल जालान, विष्णु सोनी, सुनील पोद्दार, सुरेश अग्रवाल, मनीष सोनी, पवन पोद्दार, नंदकिशोर चौधरी, सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा में कल सिख पंथ के छठे गुरु श्री हरगोबिंद साहिब जी का प्रकाश पर्व मनाया जायेगा, सुबह आठ बजे सजेगा विशेष दीवान टीम एबीएन, रांची। गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा कृष्णा नगर कॉलोनी में कल 12 जून, गुरुवार को सिख पंथ के छठे नानक श्री हरगोबिंद साहिब जी का पावन प्रकाश पर्व मनाया जायेगा। इस उपलक्ष्य में गुरुनानक सत्संग सभा सुबह 8:00 बजे से विशेष दीवान सजायेगा। दीवान की शुरुआत भाई महिपाल सिंह जी द्वारा आसा दी वार के कीर्तन से होगी। सुबह 8:45 बजे से 9:15 बजे तक गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेन्द्र सिंह द्वारा कथा वाचन होगा। तदुपरांत हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी शबद गायन कर साथ संगत को निहाल करेंगे। सुबह 10:00 बजे श्री अनंद साहिब जी का पाठ होगा एवं अरदास एवं हुक्मनामा के साथ दीवान की समाप्ति सुबह 10:30 बजे होगी। दीवान समाप्ति के पश्चात मिस्सी प्रस्सादे (मिस्सी रोटी)का गुरु का अटूट लंगर चलाया जायेगा। गुरु नानक सत्संग सभा के सचिव अर्जुन देव मिढ़ा ने समूह साध संगत से प्रकाश पर्व में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील की है। सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा (8709349310) ने बताया कि तीन जून को गुरुनानक सत्संग सभा से श्री हेमकुंड साहिब जी की यात्रा में गये श्रद्धालुओं का जत्था कल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गरीब रथ द्वारा रवाना होकर परसों 13 जून को सुबह 11.30 बजे रांची वापस पहुंचेगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद डीसी को पत्र लिखकर कहा है कि कतरास क्षेत्र में हो रहे नाली निर्माण कार्य में ठेकेदार भारी घोटाला कर रहा है। नाली निर्माण कार्य में घटिया क्वॉलिटी का सीमेंट, बालू, और कम एमएम के छड़ का उपयोग कर रहा है। ठेकेदार स्थानीय लोगों को गुमराह कर रहा है, जिससे सरकार को भी भारी चूना लगाया जा रहा है। अगर नाली निर्माण कार्य की सामग्री की गुणवत्ता की जांच करायी जाये, तो सारी सच्चाई सामने आ जायेगी। पुराने नली को तोड़ कर नये सिरे से पुनर्निर्माण करने का आदेश है। लेकिन ठेकेदार नये नाली पुराने नाली के बगल में बना है, जो पुराने नाली के ऊपर अवैध रूप से बनायी गयी है। ठेकेदार घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे नाली की आयु बहुत कम होगी। कुछ ही महीने में यह टूट-फूट सकती है। ऐसे ठेकेदार पर अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए और ठेकेदार का लाइसेंस भी रद करना चाहिए। उन्होंने उपायुक्त से अपने स्तर से जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.