भजन- जागरण में खूब झूमे श्रद्धालु एबीएन सोशल डेस्क। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में अनेक धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा संचालित अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा 253 वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा, श्री राधा रानी का अलौकिक एवं भव्य श्रृंगार, भजन जागरण तथा सामूहिक महाआरती का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ समाज सेवा के उद्देश्य से भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल के सौजन्य से एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में सद्गुरु कृपा अपना घर में रह रहे निराश्रितजनों, सेवादारों, मंदिर में पधारे श्रद्धालुओं ने लगभग 100 लोगों ने नेत्र जांच, ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, वजन, पल्स आक्सीजन जैसी आवश्यक स्वास्थ्य जांच करायी। शिविर में उपस्थित चिकित्सक डॉ० मिलन वर्मा एवं डॉ. नीरज कुमार ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिये। भजन जागरण में ट्रस्ट के प्रसिद्ध भजन गायक मनीष सोनी ने एक से बढ़कर एक मनमोहक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की मधुर प्रस्तुति पर भक्तगण झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया। पुजारी अरविंद पांडे ने अपराह्न 12 बजे पूरे विधि विधान अनुष्ठान के साथ पूजा अर्चना कर महाप्रसाद भोग लगाया। सामूहिक महाआरती के दौरान वातावरण भक्तिमय ऊर्जा से भर उठा। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि अन्नपूर्णा महाप्रसाद गुरुजी के शिष्यों के सौजन्य से संपन्न हुआ, जिसमें 2 हजार से अधिक भक्तों ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। महाप्रसाद में केसर युक्त जलेबी, पुलाव, सब्जी,इडली, सांभर, बड़ा एवं चिप्स का वितरण किया गया। पूरे दिन चले आयोजनों के दौरान लगभग 8 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, नंदकिशोर चौधरी, संजय सर्राफ, दीपेश निराला, विष्णु सोनी, मनीष सोनी,अनूप अग्रवाल, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा,मुकुंद मिश्रा, प्रेम शिला, शीलवंती, उमा, सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, रांची। अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में 15 फरवरी को श्री श्याम मंडल रांची के तत्वावधान में महाशिवरात्रि का भक्तिमय वातावरण में भव्य आयोजन किया गया। प्रात: से ही भक्तजनों का लंबी कतार में खड़े होकर शिवलिंक पे जलाभिषेक कर मनोवांछित फल की प्राप्ति के लिए आतुर थे। इस अवसर पर शंकर भगवान को दूध, शुद्ध जल, शहद, गन्ने के रस से अभिषेक कर शाम को उनका भव्य शृंगार किया गया। संध्या 8:30 बजे श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने गणेश वंदना के साथ भक्तिमय संकीर्तन प्रारंभ किया। शिव शंकर डमरू वाले को जोड़ो दोनों हाथ बोलो जय जय भोलेनाथ, हर स्वांस स्वांस जपलो हरि ॐ नम: शिवाय, इसमें मिठास जापलो हरि ॐ नम: शिवाय, निशदिन तेरे शिवलिंग का मैने शृंगार किया, हर शिव बम बम बोल के इनके चरणों से प्यार किया, भोले मेरी नैया को भव पार लगा देना, है आपके हाथों में मेरी बिगड़ी बना देना, हे शिव शम्भु करुणा सिन्धु जग के पालनहार दयालु वंदन बारम्बार इत्यादि भजनों की लय पर भक्तजन भोले बाबा को रिझा रहे थे। मौके पर भोले बाबा को विभिन्न प्रकार के फल एवं मिष्ठान्न का भोग अर्पित किया गया। रात्रि 11 बजे आरती व प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में चन्द्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, विवेक ढांढनीयां, प्रियांश पोद्दार, जितेश अग्रवाल, विकाश पाडिया, नितेश लखोटिया, राजेश सारस्वत, अमित जलान, अशोक धनुका का सहयोग रहा। उक्त जानकारी श्री श्याम मंडल श्री श्याम मंदिर, अग्रसेन पथ रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार (9835331112) ने दी।
टीम एबीएन, रांची। पूर्व मंत्री और तीन बार विधायक रहे दुलाल भुइयां ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख नेता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में दुलाल भुइयां ने सदस्यता ली। मौके पर उनके पुत्र विप्लव भुइयां, दिलीप भुइयां तथा भुइयां समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष नुनूलाल भुइयां भी समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गये। जमशेदपुर महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव सिन्हा के अलावा रामगढ़ और हजारीबाग से भुइयां समाज के बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सोच समझ कर लिया फैसला : दुलाल भुइयां भाजपा में शामिल होने के बाद दुलाल भुइयां ने कहा, आज हम लोगों का भाजपा में शामिल होना भुइयां समाज ने सोच-समझकर ली गयी बैठक का फैसला है। नामकुम के अंबेडकर नगर में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों को देख यह कदम उठाया है। उन्होंने आगे कहा, इतनी बड़ी पार्टी में भुइयां समाज को सम्मान केवल भाजपा में ही मिल रहा है। मैं 1980 से लगातार भुइयां समाज को एकजुट रखा हूं। महाशिवरात्रि के कारण सीमित संख्या में हम आये हैं। दुलाल भुइयां ने आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास, विद्युतवरण महतो और सीपी सिंह से आशीर्वाद लेकर भाजपा में प्रवेश किया। उन्होंने शपथ ली कि अब भाजपा को छोड़कर कहीं नहीं जायेंगे। उन्होंने झामुमो पर तीखा हमला बोला और कहा, जब शिबू सोरेन जीवित थे, तब झामुमो संघर्ष की पार्टी थी, लेकिन आज यह हेमंत सोरेन की जेबी पार्टी बन गयी है। हम लोगों को प्रताड़ित किया गया। भाजपा छोड़कर कोई अन्य पार्टी भुइयां समाज को सम्मान नहीं दे सकती।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी झारखंड जोन बी और जे के शिक्षकों के लिए आज दो दिवसीय शिक्षक क्षमता संवर्धन कार्यशाला का समापन हो गया। डीएवी कपिलदेव, डीएवी गांधीनगर और डीएवी पुनदाग में आयोजित की गयी। इस कार्यशाला में अलग-अलग विषयों के प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को विषय के विविध पक्षों से अवगत कराया।यह कार्यशाला डीएवी सीएई के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। यह कार्यशाला 14 से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित की गयी, जिसमें प्री-प्राइमरी से लेकर सीनियर सेकेंडरी तक के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कल डीएवी कपिल देव में डीएवी सीएमसी के पदाधिकारी एमसी शर्मा और जोन बी के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एमके सिन्हा ने कार्यशाला का संयुक्त रूप में उद्घाटन किया था, जबकि डीएवी गांधीनगर में कार्यशाला का उद्घाटन प्राचार्य प्रदीप झा तथा डीएवी नीरजा सहाय की प्राचार्या किरण यादव ने किया था। वहीं डीएवी पुनदाग में उद्घाटन झारखंड जोन जे के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एसके मिश्रा, डीएवी टंडवा के प्राचार्य यूके राय तथा प्राचार्य डॉ तापस घोष ने संयुक्त रूप से किया था। मौके पर वक्ताओं ने प्रशिक्षण में सीखी गयी बातों को कक्षा तक पहुंचाने की बात कही थी। वक्ताओं ने प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों से सीबीएसई द्वारा हाल में लायी गयी नयी मूल्यांकन पद्धति शीघ्र सीखने की पर बल दिया था।
एबीएन ,देवघर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विवाह माता पार्वती के साथ पूरे विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा। मंदिर और शहर में इस खास मौके को लेकर भव्य तैयारी की गई है। देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं और पूरे परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष गूंज रहे हैं।पंचशूल पूजा के साथ शुरुआतबीते शनिवार को तांत्रिक और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचशूल की विशेष पूजा की गई। इसके बाद पंचशूल को संबंधित मंदिरों में स्थापित किया गया। रविवार तड़के ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर के पट सरकारी पूजा के लिए खोले गए। सुबह 3 बजे सरकारी पूजा संपन्न हुई और 4 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण शुरू कर दिया गया।तीन किलोमीटर लंबी कतारमहाशिवरात्रि को लेकर भक्तों का उत्साह चरम पर है। मंदिर परिसर के बाहर करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार बीएड कॉलेज, क्यू कॉम्प्लेक्स, नाथबाड़ी और रूटलाइन तक पहुंच गई। अनुमान है कि देर शाम तक दो से ढाई लाख श्रद्धालु जलार्पण करेंगे। महाशिवरात्रि पर यहां चतुष्प्रहर (चार पहर) की विशेष पूजा होगी। साथ ही पारंपरिक शिव बारात भी निकाली जाएगी। भीतरखंड से मशाल, ढोल-नगाड़े और वाद्ययंत्रों के साथ शिव बारात मुख्य निकास द्वार तक पहुंचेगी। इसके बाद भस्म, चंदन, बेलपत्र और पुष्पमालाओं से सजी आरती की जाएगी। परंपरा के अनुसार, सरदार पंडा और अन्य पुजारी ढोल-ढाक के साथ पूजन सामग्री लेकर निकास द्वार तक जाएंगे और वहां से गर्भगृह में प्रवेश कर पूजा संपन्न करेंगे। यह अनुष्ठान सुबह तक चलता रहेगा।600 साल पुरानी परंपरामान्यता है कि लगभग 600 वर्षों से बाबा बैद्यनाथ रोहिणी में बने मोउर मुकुट और पारंपरिक वेशभूषा में विवाह पूजन करते हैं। देवघर के रोहिणी क्षेत्र के घाटवाल और मालाकार परिवार पीढ़ियों से विवाह के लिए मुकुट और अन्य सामग्री तैयार करते आ रहे हैं। आज भी उनके वंशज इस परंपरा को निभा रहे हैं।कड़ी सुरक्षा व्यवस्थामहाशिवरात्रि को देखते हुए मंदिर और पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी रात से ही तैनात हैं। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रद्धालुओं को कम से कम इंतजार करना पड़े, इसके लिए कतार को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे मंदिर परिसर को करीब पांच लाख गेंदा फूलों से सजाया गया है। 22 मंदिरों में विशेष सजावट की गई है। रात में विवाहोत्सव और सिंदूरदान की रस्म निभाई जाएगी। विशेष पूजा के बाद सोमवार सुबह 8:10 बजे मंदिर के पट फिर से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
वन विभाग की सारी कोशिशें बेकार; कटघरे में हेमंत सरकार टीम एबीएन, रांची। झारखंड में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांवों और कस्बों में लगातार हो रहे हमलों से लोग डरे और गुस्से में हैं। इस साल की शुरुआत से अब तक राज्य में हाथियों के हमलों में 35 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। डेढ़ महीने में 35 से ज्यादा मौतें साल 2026 के पहले डेढ़ महीने में ही झारखंड के अलग-अलग जिलों से हाथियों के हमलों की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आयी हैं। अकेले पश्चिमी सिंहभूम में एक हाथी ने 22 लोगों की जान ले ली। इसके अलावा राज्य के विभिन्न इलाकों में लगभग हर चार-पांच दिन पर किसी न किसी की मौत हाथी के हमले में हो रही है। पिछले पांच वर्षों में झारखंड में हाथियों के हमलों में 1400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, रामगढ़, पलामू और चतरा जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ग्रामीण इलाकों में लोग शाम ढलते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं। हेमंत सोरेन सरकार पर उठ रहे सवाल लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि वन विभाग के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। अभी भी हाथियों को भगाने के लिए लाठी-डंडे, मशाल और पटाखों का सहारा लिया जा रहा है। वन विभाग के पास ट्रैंक्यूलाइजर गन और जरूरी उपकरणों की कमी है। प्रशिक्षित विशेषज्ञ भी पर्याप्त संख्या में नहीं हैं। अगर किसी हाथी को बेहोश भी कर दिया जाये, तो उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए बड़े वाहन तक उपलब्ध नहीं हैं। हजारीबाग के गोंदवार गांव में हाल ही में हाथियों ने 7 लोगों को कुचल दिया।
अब आश्रम में निराश्रितों की संख्या 45 हुई एबीएन सोशल डेस्क। परमहंस डॉ संत शिरोमणी स्वामी सदानंद जी महाराज के द्वारा संचालित एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट रांची के अंतर्गत काम कर रही सामाजिक संस्था श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम पुंदाग में चल रहे मंदबुद्धि, दिव्यांग, निराश्रितों लोगों की नि:शुल्क सेवा संस्था जनवरी 2024 से लगातार कर रही है। सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि शनिवार को दो मंदबुद्धि असहाय व्यक्ति को आश्रम में लाया गया। जो मानसिक रोगी है आश्रम की टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति शालीमार बाजार धुर्वा में तथा दूसरा व्यक्ति हिनू चौक में लावारिस अवस्था में मंदबुद्धि व्यक्ति घूम रहा है। जो की बहुत ही फटेहाल अस्वच्छ अवस्था में था, आश्रम की टीम ने एक व्यक्ति को धुर्वा से तथा दूसरे व्यक्ति को हिनू चौक से रेस्क्यू करके आश्रम लाया। टीम में आश्रम के सेवा साथी परमेश्वर साहू, सूरज कुमार और सत्यम कुमार शामिल थे। उसके बाद अस्पताल में उसकी मेडिकल जांच करायी गयी। बाद में सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य प्रेम सभागार) मे लाया गया। उन दोनों व्यक्तियों का नाम और पते की कोई जानकारी नहीं मिली है। याददाश्त भी खो चुके थे, आश्रम कमेटी ने एक व्यक्ति का नाम मुरली तथा दूसरे व्यक्ति का नाम गिरधारी प्रभु रखा है। आश्रम की टीम को सूचना मिलने पर समय-समय पर जरूरतमंदों को रेस्क्यू किया जाता है आश्रम में रह रहे इन सभी निराश्रितो को गुरुजी सदानंद जी महाराज के सहयोग से घर जैसा माहौल देने की कोशिश की जाती है। प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि तीन दिन पूर्व भी दो निराश्रितो को आश्रम लाया गया था। अब निराश्रितों की संख्या 45 हो गया है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है। उक्त जानकारी सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
जनसुनवाई और संगठनात्मक मजबूती का केंद्र बनेगा नया कार्यालय : देवेंद्र नाथ महतो एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली। झारखंड की उभरती राजनीतिक पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने संगठन विस्तार एवं जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को सिंहपुर चौक में प्रखंड स्तरीय कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत बंता मोड़ से भव्य बाइक रैली के साथ हुई। कार्यकर्ताओं ने पूरे क्षेत्र में उत्साह और जोश का माहौल बनाया। इसके उपरांत पुलवामा हमला में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जयघोष किया गया। तत्पश्चात फीता काटकर नए कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। उद्घाटन के मौके पर संगठन की केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र की जनता के लिए जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित समाधान तथा संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य आम लोगों की आवाज को सशक्त बनाना, स्थानीय मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करना तथा सामाजिक न्याय और जनहित के प्रश्नों को प्राथमिकता देना है। साथ ही उन्होंने संगठन के मार्गदर्शक टाइगर जयराम महतो की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता भी दोहरायी। मौके पर पार्वती कुमारी, कृष्णा महतो, महावीर साहू, जाकिर खान, नरेश महतो, प्रकाश महतो, गदाधर महतो, रेखा कुमारी, खुदिराम महतो, गुहीराम स्वांसी, सरस्वती देवी, संजीव महतो, निवारन महतो, राज किशोर महतो, कार्तिक महतो सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 14 फरवरी को रांची जीपीओ में गिरिजा नंद शर्मा की अध्यक्षता में आॅल इंडिया पोस्टल /आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन, रांची की बैठक संपन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि रांची से 10 प्रतिनिधि गुवाहाटी में 28 से 29 मार्च तक होने वाले चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेंगे। प्रतिनिधिमंडल में एम जेड खान के अलावा गिरिजा नंद शर्मा, जयनारायण प्रसाद, मो शमीम अख्तर, त्रिलोकी नाथ साहू, देवचरण साहू, नूर मोहम्मद, बचनू साहू, सैयद अख्तर शाह और धनेश्वर गोस्वामी शामिल होंगे। राज्य सचिव ने सदस्यों को अवगत कराते हुए कहा कि झारखंड से कुल 36 डेलीगेट एवं विजीटर्स राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिसमें जमशेदपुर से 13, धनबाद से 3, पलामू से 4, हजारीबाग से 6 प्रतिनिधि होंगे। बैठक में वैलिडेशन संशोधन को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि जब तक केंद्र सरकार पेंशन अधिनियम में किये गये ड्राकनियन अधिनियम को वापस नहीं ले लेती है। 31 दिसंबर 2025 तक सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग के लाभ सेवंचित कर दिया जायेगा। फोरम आफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में देशभर में इसके खिलाफ संघर्ष अनवरत जारी है तथा सुप्रीम कोर्ट में इसके खिलाफ रीट याचिका भी दाखिल की गयी है क्योंकि ये संशोधन संविधान के आर्टिकल 14 का उल्लंघन है। आज की बैठक में झारखंड के समस्त पेंशनर्स से एकजुट होकर संघर्ष का आह्वान किया गया। बैठक में एस पी मंडल, त्रिलोकी नाथ साहू, देवचरण साहू, एम एन सिंह, मो शमीम अख्तर, जनार्दन प्रसाद, धनेश्वर गोस्वामी, हसीना ग्रेस तिग्गा, नूर मोहम्मद, बचनू साहू, सुखदेव राम, राजेंद्र महतो, जयराम प्रसाद, रफी अहमद, शेख शमीम अंसारी, ब्रह्मदेव मिश्रा, दीपक कुमार वर्मा, मनरखन महतो, राम लखन सिंह, अवधेश पाठक, आर बी बैठा, इसहॉक मिंज, बलदेव साहू आदि उपस्थित थे। सभा का संचालन एम जेड खान ने किया और हसीना तिग्गा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त जानकारी आॅल इंडिया पोस्टल/आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड के राज्य सचिव एम जेड खान ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.