टीम एबीएन, रांची। राज्य कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 17 फरवरी 2026 को टेक्निकल बीड ओपनिंग की प्रक्रिया संपन्न हुई। बीड ओपनिंग कमेटी की बैठक झारखंड स्टेट आरोग्य समिति के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में अपर कार्य निदेशक सीमा सिंह, विभागीय उप सचिव सह आंतरिक वित्तीय सलाहकार ध्रुव प्रसाद, डीआईसी डॉ सिद्धार्थ सान्याल, महाप्रबंधक प्रवीण चंद्र मिश्रा, वरिष्ठ परामर्शी अंशु कुमार सिंह, वित्त प्रबंधक विवेक कुमार नायक और शिकायत निवारण प्रबंधक श्री कुणाल भारती उपस्थित थे। नई बीमा पॉलिसी जल्द से जल्द शुरू करने के लिए बीमा कंपनियों का चयन किया जाना है। नई व्यवस्था के तहत अस्पतालों को भुगतान सीजीएचएस दरों पर किया जायेगा, ताकि पारदर्शिता और मानकीकरण सुनिश्चित की जा सके। राष्ट्रीय स्तर के अस्पतालों में उपचार की सुविधा योजना के अंतर्गत देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में वास्तविक प्राप्त या सीजीएचएस दर के आधार पर इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी, जिनमें शामिल हैं: सीएमसी, वेल्लोर एआईजी, हैदराबाद टाटा ग्रुप के सभी अस्पताल आईएलबीएस, नई दिल्ली राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर, दिल्ली नारायणा इंस्टीट्यूट आॅफ कार्डियक साइंसेज, बेंगलुरु अपोलो हॉस्पिटल्स, चेन्नई मेदांता द मेडिसिटी, गुरुग्राम इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर, नई दिल्ली नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली शंकर नेत्रालय, चेन्नई और कोलकाता नारायणा हेल्थ, बेंगलुरु बीएम बिड़ला हार्ट रिसर्च सेंटर, कोलकाता 7 बीड प्राप्त, शंकाओं का समयबद्ध निस्तारण टेंडर प्रक्रिया में कुल 7 बीड प्राप्त हुए। इससे पहले आयोजित प्री-बीड बैठक में विभिन्न बीमा कंपनियों ने भाग लिया था जिसमें उन्होंने कुछ शंकाएं रखी थीं जिनका निस्तारण विभाग ने अतिशीघ्र कर दिया। स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की गई। 16 फरवरी 2026 को बीड जमा करने की अंतिम तिथि थी और 24 घंटे बाद इसकी ओपनिंग की गई। पूरी प्रक्रिया झारखंड टेंडर पोर्टल पर संचालित की गयी। प्रमुख बीमा कंपनियों की भागीदारी प्राप्त बीड में निम्नलिखित कंपनियां शामिल हैं: यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (सरकारी उपक्रम) आईसीआईसीआई लोंबार्ड टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी बजाज एलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड एचडीएफसी ईगो जनरल इंश्योरेंस कंपनी इंडसइंड जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड सरकारी एवं निजी दोनों क्षेत्रों की कंपनियों की भागीदारी से इस योजना में प्रतिस्पर्धा बढ़ी है, जिससे राज्य कर्मियों को बेहतर कवरेज और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है।
बजट सत्र को लेकर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने की उच्चस्तरीय बैठक, अधिकारियों को दिये ये निर्देश टीम एबीएन, रांची। बजट सत्र के दौरान सदन में आने वाले प्रश्नों को सही और ससमय जवाब देने का सख्त निर्देश स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने राज्य के आला अधिकारियों को दिये हैं। विधानसभा में मंगलवार को आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के सचिव मौजूद थे। संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर की मौजूदगी में हुई इस बैठक में स्पीकर ने सदन में ध्यानाकर्षण, प्रश्नकाल आदि में आनेवाले प्रश्नों का सही और ससमय जवाब सरकार की ओर से देने के निर्देश दिये। बैठक के बाद स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने मीडियाकर्मी से बात की। स्पीकर ने कहा कि अधिकारियों के द्वारा आश्वस्त किया गया है कि जो भी सामग्री की आवश्यकता बजट सत्र के दौरान होगी, उसे उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि ससमय प्रश्नों का जवाब आयेगा। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने इस सत्र को अहम बताते हुए कहा कि अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने में कार्यपालिका की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनसे अपेक्षा की गयी है कि सदन के अंदर जो भी प्रश्न आये, उसका ससमय जवाब मिले। साथ ही विभिन्न विषयों पर चर्चा की गयी है। जिससे 18 फरवरी से शुरू हो रहे झारखंड विधानसभा के बजट सत्र को सुचारु ढंग से संचालित किया जा सके। 17 दिनों के कार्यदिवस का होगा बजट सत्र झारखंड विधानसभा का बजट सत्र इस बार खास होने वाला है। इस बार के बजट सत्र में जहां विधानसभा पेपरलेस की दिशा में कदम बढ़ाता दिखेगा, वहीं सदन की कार्यवाही भी बदली बदली सी दिखेगी। 18 फरवरी से शुरू हो रहे इस बजट सत्र में कुल 17 कार्य दिवस होंगे। जिसकी शुरुआत 18 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से होगा। 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वाद विवाद के बाद 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश होगा। 20 फरवरी को आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट 20 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर और मतदान होगा। इसी दिन राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी लाये जाने की संभावना है। शनिवार और रविवार की वजह से 21 और 22 फरवरी को अवकाश रहेगा। वहीं 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के मतदान की वजह से सदन की कार्यवाही स्थगित होने की संभावना है। हालांकि अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार इस दिन अनुपूरक बजट पर वाद विवाद के बाद मतदान और पारण निर्धारित किया गया है। 24 फरवरी को होंगे बजट पेश 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इससे पहले प्रश्नकाल की कार्यवाही होगी। 25 फरवरी को बजट पर सामान्य वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर होगा। 26 फरवरी को भी आय व्यय के अनुदान मांगों पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर होगा। 27 फरवरी को अनुदान मांगों पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर होगा। इसके बाद 28 फरवरी से 8 मार्च तक होली का अवकाश रहेगा। फिर 9 मार्च से 13 मार्च तक प्रश्नकाल के बाद बजट के अनुदान मांगों पर वाद विवाद के बाद सरकार का उत्तर और मतदान होगा।
शौच के लिए घर से निकला था युवक, सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव; इलाके में फैली दहशत टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बबलू गंजू के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ पुंदाग इलाके में किराये के मकान में रहता था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बबलू गंजू देर रात शौच के लिए घर से बाहर निकला था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान बबलू गंजू के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुंदाग थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों ने थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज करायी है। परिजनों के अनुसार, बबलू गंजू रात में घर से बाहर निकला था, लेकिन उसके साथ क्या हुआ यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, यह हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण है, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया है। मामले में मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की गयी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमाटर्म रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पायेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
अफवाह ने ली जान! बच्चा चोर समझकर भीड़ ने शख्स को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान तोड़ा दमएबीएन न्यूज नेटवर्क, चतरा। जिले में बच्चा चुराने के संदेह में 45 वर्षीय जिस व्यक्ति को बुरी तरह पीटा गया था उसकी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात पिपरवार थाना क्षेत्र में हुई, जहां बच्चा चोरी की अफवाह की वजह से बवाल हो गया। चिरैयाटांड़ और किचटो गांवों के कुछ निवासियों ने व्यक्ति की बच्चा चुराने के संदेह में शख्स की बेरहमी से पिटाई कर दी। मृतक की पहचान रामगढ़ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बरवाटोली निवासी रामबली राजवार के रूप में हुई है। पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया, घायल व्यक्ति की सोमवार को रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह भीड़ द्वारा पीट-पीट कर जान लेने (मॉब लिंचिंग) का स्पष्ट मामला है। पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक रविवार रात उस इलाके में गया था, जिसके बाद कुछ लोगों के समूह ने उसे बच्चा चोर समझकर पीट दिया। सूचना मिलते ही पिपरवार थाने की टीम मौके पर पहुंची और उसे बचाकर बछरा क्षेत्रीय अस्पताल ले गई। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
टीम एबीएन, रांची। रांची, काके रिसॉर्ट, रांची (झारखंड) में जन कल्याण आवाम वन विकास संस्थान द्वारा आयोजित एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में लगभग 500 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही। जिसमें देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर राज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर पुलवामा हमले में शहीद गुमला (झारखंड) के वीर सपूत विजय स्वरन के परिवारजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिन्हें संस्था द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त झारखंड के विभिन्न जिलों से आये लगभग 15 अन्य शहीद परिवारों को भी सम्मान देकर उनके त्याग एवं बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गयी। इस कार्यक्रम में सेना, अर्धसैनिक बल, न्यायपालिका, प्रशासन, शिक्षा, मीडिया एवं सामाजिक क्षेत्र से कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशेष रूप से ब्रिगेडियर राजकुमार सिंह (एनसीसी) के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने कार्यक्रम की व्यवस्था एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। संस्था की ओर से ब्रिगेडियर राजकुमार सिंह एवं एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहीदों के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाना। उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना है। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के माध्यम से संस्था के सचिव विशाल कुमार ने सभी अतिथियों, शहीद परिवारों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सरायकेला-खरसावां। जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी पर बने पुल से एक दर्दनाक घटना सामने आयी है। यहां सोमवार को पुल से एक स्कूटी सवार युवक ने नदी में छलांग लगा दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गयी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी। गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान तमोलिया निवासी वरुण के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मतक काले रंग की स्कूटी से पुल पर पहुंचा था। उसने पुल पर स्कूटी खड़ी की और अचानक स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गयी और देखते ही देखते राहगीरों की भारी भीड़ जुट गयी। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गयी। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही पुलिस इस मामले में कुछ बता पायेगी।
महाशिवरात्रि महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू बतौर मुख्य अतिथि हुए शामिल एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला/ लोहरदगा। गुमला के आदर भंडार टोली स्थित महाशिवरात्रि पूजा समिति द्वारा आयोजित भव्य महाशिवरात्रि पूजा महोत्सव में इस वर्ष आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर क्षेत्र के पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। महोत्सव के दौरान सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। स्थानीय लोगों में उनके आगमन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में भक्ति जागरण का विशेष आयोजन किया गया था, जिसका उद्घाटन पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया और उनके योगदान को स्मरण किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव त्याग, तपस्या और करुणा के प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें सत्य, संयम और सेवा का संदेश देती है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं और नयी पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। मैं पूजा समिति को इस सफल आयोजन के लिए हृदय से बधाई देता हूं। उन्होंने आगे कहा कि गुमला की धरती सदैव सामाजिक सद्भाव और एकता के लिए जानी जाती रही है। इस प्रकार के आयोजन लोगों के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और समाज को संगठित रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी। महोत्सव के दौरान रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना, भजन संध्या और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर जलाभिषेक किया और भगवान शिव से अपने परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी व्यापक तैयारियां की गयी थीं। कार्यक्रम के अंत में पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। मौके पर लोहरदगा विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, डी आई जी सीआरपीएफ रविंद्र भगत, युवा नेता निश्चय वर्मा, प्रेम कुमार दत्ता, अमित कुमार साहू, अमित वर्मा, छेदू साहू आदि लोग उपस्थित थे।
रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री, झारखण्ड सरकार का कल होगा लोहरदगा आगमन युवा सम्मेलन के साथ साथ नगर क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों से करेंगे सीधा संवाद एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। भाजपा समर्थित नगर अध्यक्ष प्रत्याशी अनिल उरांव का चुनाव सह संयोजक सह सीधी संवाद कार्यक्रम संयोजक रितेश कुमार ने बताया कि भाजपा समर्थित नगर अध्यक्ष प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन प्राप्त करने हेतु लोहरदगा नगर क्षेत्र में निवास करने वाले सभी वर्ग के प्रबुद्धजनों से 17 फरवरी सुबह 10.30 बजे दिन मंगलवार को गुदरी बाजार स्थित खेमराज स्मृति भवन में सीधी बातचीत करेंगे। वहीं 11.30 पूर्वाह्न को मुद्रिका भवन में आयोजित युवा समेलन में युवाओं से रूबरू होंगे। इस दौरान नगर क्षेत्र का विकास नगर परिषद के माध्यम से कैसे किया जा सकता है इस विषय पर खुलकर राय मशवरा करेंगे। ताकि भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी होता है तो भाजपा के नीति निर्धारण अनुसार विकास कार्यों को गति दे सके तथा नगर परिषद में हो रहे गड़बड़ियों का नियंत्रण सुनिश्चित हो सके। भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष बाल्मीकि कुमार ने आहूत युवा सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को शामिल होने की अपील की। जबकि प्रबुद्धजनों के साथ सीधी संवाद में नगर के सभी वर्ग से प्रबुद्धजन ज्यादा से ज्यादा संख्या में समय पर उपस्थित होकर अपनी बातों को राज्य के विकास पुरूष के रूप में ख्यातिप्राप्त रघुवर दास के सामने रखने का यह अवसर का पूरा फायदा उठायें। यह अपील कार्यक्रम के संयुक्त संयोजक संजय बर्म्मन तथा रितेश कुमार ने किया।
राधेश्याम पोद्दार के निधन पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने किया शोक व्यक्तटीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार के पिता समाजसेवी सह व्यवसायी राधेश्याम पोद्दार के आकस्मिक निधन पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन एवं संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने गहरा शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राधेश्याम पोद्दार सरल, मिलनसार, मृदुभाषी, धार्मिक विचारधारा व्यक्तित्व वाले व्यक्ति थे। उनका निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।उनकी शालीनता, स्पष्टवादिता, सरलता और समाज के प्रति समर्पण पूरा समाज हमेशा याद रखेगा उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि राधेश्याम पोद्दार की अंतिम यात्रा 17 फरवरी दिन मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे शीतल अपार्टमेंट सेवा सदन पथ से मुक्तिधाम के लिए प्रस्थान करेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.