लोहरदगा गुमला ट्रक आॅनर एसोसिएशन ने धीरज प्रसाद साहू एवं जिले के उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। गुमला-लोहरदगा ट्रक आॅनर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल पिछले दिनों एसोसिएशन के संरक्षक सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, लोहरदगा के उपायुक्त, डीएमओ कार्यालय में डीएमओ की अनुपस्थिति में खान निरीक्षक से मिलकर सभी को ज्ञापन सौंपते हुए एसोसिएशन ने कहा है कि दुर्घटना किसी से भी हो सकती है। लेकिन लापरवाही बर्दाश्त नहीं है। साथ ही मांग की है कि लोहरदगा शहर मे बाईपास सड़क के निर्माण में तेजी लायी जाये क्योंकि एक ही सड़क होने से गाड़ियों का बहुत अधिक बोझ है, जिससे आये दिन दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। यह भी कहा गया कि लोहरदगा डीएमओ ने यह नियम लागू किया है कि पाखर से लोहरदगा के ट्रकों को आधा घंटा में खाली किया जाए एवं ऊपर पाट (नेतरहाट प्लेटो) से आनेवाले अमतीपानी, कुजाम, चिरोडीह आदि माइंसों के ट्रकों को चार घंटे में खाली किया जाये। खाली नहीं करने की स्थिति में ड्राइवर, मालिकों को जेल भेज दिया जा रहा है या मोटा फाइन लगा दिया जा रहा है। जिसको लेकर एसोसिएशन का कहना है कि पहाड़ से निकलने के बाद घाटी, बाजार, हॉट, धरना-प्रदर्शन, मेला, जतरा, धार्मिक त्योहार, नेतरहाट रूट होने के कारण वीआईपी आगमन पर नो एंट्री, साइकिल रेस, रोड जाम, नो एंट्री चालक का खाना, गाड़ी का खराब होने की स्थिति एवं रास्ते में दो फॉरेस्ट नाका में एंट्री करने में एक ट्रक को आधा से एक घंटा लगता है। ऐसी स्थिति में 4 घंटे में बहुत कम समय और इस कारण भी दुर्घटनाएं बढ़ रही है। नो एंट्री के वक्त भी एसोसिएशन ने अपील की है कि सेन्हा और शंख नदी दोनों तरफ नो एंट्री लगाने के बाद अगर एक तरफ से गाड़ियां छोड़ी जाती है, तब भी शहर जाम हो जाता है। इसलिए नो एंट्री लगे, लेकिन साथ-साथ प्रति घंटे 10-20 गाड़ी करके गाड़ियों को छोड़ दिया जाए ताकि एकाएक अव्यवस्था का माहौल न बने। एसोसिएशन ने यह भी कहा है कि कि हिंडालको कंपनी के बॉक्साइट ट्रक हेसल प्लांट में खाली करते हैं किंतु हेसल में जगह की कमी होने के कारण ट्रकों को सड़क पर तीन-तीन दिन तक ड्राइवर खलासी भूखे प्यासे खड़े रहते हैं और आम जनता, यात्री भी परेशान होते हैं। इस पर एसोसिएशन ने साफ कहा है कि इन्हीं परेशानियों को देखते हुए एसोसिएशन ने हेसल में खाली करने वाले सभी माइंसों के ट्रकों को बंद कर दिया है। साथ ही परिवहन ठप कर दिया है। हिंडालको पार्किंग की जगह दे, तभी हम लोग और सुचारु व्यवस्था मे ट्रक चलायेंगे। हिंडाल्को समझौते के मुताबिक ट्रिप भी नहीं दे रही है। अगर हिंडालको समुचित ट्रिप नहीं देती है तो हर्जाना (डिटेंशन चार्ज) दिया जाये। मांग में यह भी कहा गया कि शहर में छोटे-छोटे बच्चे स्कूटी एवं बाइक ट्रिपल राइट चला रहे हैं। इस पर भी रोक लगनी चाहिए क्योंकि इससे दुर्घटनाएं बढ़ रही है। एसोसिएशन ने उपायुक्त से यह भी मांग की है कि सड़क सुरक्षा समिति में एसोसिएशन के पदाधिकारियों को शामिल किया जाये ताकि प्रशासन और एसोसिएशन एक दूसरे को अपनी बातों से अवगत कराया सके।मांग पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर और तीनों जिलों लोहरदगा गुमला लातेहार में जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। कोई भी चालक अगर गलत स्थिति में पकड़ाता है तो उस पर कार्रवाई की जायेगी। यह भी मांग की गयी है कि 15 वर्षों से पुराने व्यावसायिक वाहनों को दक्षिण छोटानागपुर में रोड परमिट नहीं दिया जा रहा है और कोई कारण भी नहीं बताया जाता है। न कोई ऐसा नियम है कि इसको रोका जा सकता है, लेकिन परमिट नहीं होने के कारण काफी परेशानी हो रही है। इसलिए जिला प्रशासन से मांग की गयी है कि आप राज्य स्तर पर कह कर हम लोगों को परमिट दिलवाये। सभी मुद्दों पर उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि आप भी सहयोग करें। सुचारू एवं नियम संगत परिवहन हो, हम लोगों भी आप लोगों की जो भी समस्याएं हैं उसका समाधान करेंगे। दूसरी ओर धीरज प्रसाद साहू ने भी कहा कि परिवहन हो लेकिन सुरक्षित परिवहन हो, इसके लिए मैं जिला प्रशासन से ही बात करूंगा और उन्होंने हिंडाल्को के वरीय उपाध्यक्ष से बात की। कहा कि आप व्यवस्था को सुचारू रूप से बनायें ताकि आम जनता भी परेशान न हो और ट्रक मालिक भी परेशान न हो और व्यवसाय भी सुचारू रूप से चले। इन बैठकों में एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवलजीत सिंह, सचिव मुंद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष इम्तियाज उर्फ बबलू शामिल थे। एसडीओ द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा और परिवहन में आ रही परेशानियों को लेकर जो बैठक आयोजित की गयी थी, उस बैठक में भी एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल हुए एवं अपनी बातों से जिला प्रशासन को भी अवगत कराया गया है।
35 वर्षों में 1083 से अधिक लोगों की आंखों में लौटी रोशनी टीम एबीएन, रांची। झारखंड में नेत्रदान और कॉर्निया प्रत्यारोपण के क्षेत्र में पिछले तीन दशकों से अधिक समय में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है। लगातार जागरूकता अभियानों, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और समाज की भागीदारी के चलते अब तक 1083 से अधिक कॉर्नियल अंधता से पीड़ित मरीजों को सफल प्रत्यारोपण के माध्यम से नयी दृष्टि मिल चुकी है। यह उपलब्धि राज्य में नेत्रदान के प्रति बढ़ती जागरूकता का महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है। जागरूकता से बदली लोगों की सोच करीब 35 वर्ष पहले नेत्रदान को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां और संकोच देखने को मिलते थे। धीरे-धीरे विभिन्न सामाजिक और चिकित्सा संगठनों ने जागरूकता अभियान चलाये, जिसके बाद लोगों में नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई। लगातार जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रमों का असर यह हुआ कि अधिक से अधिक लोग नेत्रदान के लिए आगे आने लगे। आई बैंक और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का मिला लाभ राज्य में आई बैंक की स्थापना और कॉर्निया प्रत्यारोपण से जुड़ी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकसित होने के बाद मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिलने लगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम और नयी तकनीकों की मदद से कॉर्निया प्रत्यारोपण सेवाओं का लगातार विस्तार हुआ, जिससे बड़ी संख्या में जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिला। महामारी के दौरान भी जारी रही सेवा कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में भी नेत्र प्रत्यारोपण से जुड़ी सेवाओं को पूरी तरह बंद नहीं किया गया। आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कई जरूरतमंद मरीजों का सफल कॉर्निया प्रत्यारोपण किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी सेवाओं का जारी रहना चिकित्सा व्यवस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जन-जागरूकता कार्यक्रमों से बढ़ी भागीदारी नेत्रदान के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए समय-समय पर जागरूकता रैली, रन, मैराथन, संगोष्ठी और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किये जाते रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि मृत्यु के बाद नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी ला सकता है। समाज की सहभागिता बनी सबसे बड़ी ताकत विशेषज्ञों का मानना है कि नेत्रदान अभियान की सफलता केवल चिकित्सा क्षेत्र की उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी भी अहम रही है। लोगों की बढ़ती जागरूकता और स्वैच्छिक नेत्रदान की भावना के कारण राज्य में कॉर्निया प्रत्यारोपण के मामलों में लगातार वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अधिक से अधिक लोग नेत्रदान का संकल्प लें, तो भविष्य में कॉर्नियल अंधता से पीड़ित कई और मरीजों की जिंदगी में रोशनी लौटायी जा सकती है।
बढ़ी सीट के अनुरूप राशि की मांग के लिए भारत सरकार को भेजा जायेगा प्रस्ताव टीम एबीएन, रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में यूजी, पीजी एवं सुपर स्पेशियलिटी की सीटों में बड़े पैमाने पर वृद्धि की जायेगी। बढ़े हुए छात्र-भार के अनुरूप आधारभूत संरचना विकसित करने हेतु अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, रिम्स के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. हिरेंद्र बिरूआ, मार्श एंड वोइस के परामर्शी तथा जेएसबीसीसीएल के अधिकारी उपस्थित थे। बता दें कि रिम्स में एमबीबीएस (यूजी) की सीटें 176 से बढ़ाकर 250, पीजी की सीटें 180 से बढ़ाकर 275 तथा सुपर स्पेशियलिटी की सीटें 11 से बढ़ाकर 100 किये जाने का प्रस्ताव एनएमसी को भेजा गया है। अत: आवश्यक है कि बढ़े हुए सीट के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जाये और वीजीएफ के तहत भारत सरकार से राशि प्राप्त किये जाने के प्रस्ताव तैयार किये जाने के प्रस्ताव की समीक्षा की गयी। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि सीटों में होनेवाली इस वृद्धि के अनुरूप रिम्स में भवन, हॉस्टल, विभागीय कक्ष, प्रयोगशालाएं, ओटी, उपकरण, फैकल्टी, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग एवं अन्य मानव संसाधन सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत आकलन किया गया। इसी आकलन के आधार पर भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा जायेगा, ताकि केंद्र सरकार की योजना के तहत प्रति अतिरिक्त सीट लगभग 1.5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त की जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रस्ताव भेजने से पहले रिम्स की वर्तमान उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की आवश्यकताओं का विस्तृत मूल्यांकन किया जाये, ताकि किसी भी आवश्यक संसाधन की कमी न रहे और भारत सरकार से अधिकतम स्वीकृति प्राप्त हो सके। पलामू एवं दुमका मेडिकल कॉलेजों में भी आगामी वर्षों में मेडिकल की सीट बढ़ेंगी। इस हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। दोनों मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के विस्तार एवं उन्नयन के लिए संबंधित उपायुक्तों द्वारा अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करा दी गयी है। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि दोनों मेडिकल कॉलेजों में भविष्य में पीजी पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की दिशा में कार्रवाई की जायेगी। अत: बढ़े हुए सीट के अनुसार इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने और वीजीएफ के तहत भारत सरकार से राशि प्राप्त करने हेतु प्रस्ताव तैयार किये जाने के प्रस्ताव की समीक्षा की गयी। दोनों संस्थानों की आधारभूत संरचना आदि का विस्तृत आकलन कर संशोधित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने का अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया। इसके बाद आवश्यक संशोधनों के साथ भारत सरकार को स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा जायेगा। उन्होंने जेएसबीसीसीएल को निर्देश दिया कि संशोधित डीपीआर एवं प्रस्ताव 15 दिनों के भीतर विभाग को उपलब्ध कराया जाये, ताकि इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर भारत सरकार को भेजा जा सके। इस दौरान अपर मुख्य सचिव ने रिम्स परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को निर्देश दिया कि पूरे परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाये तथा जहां भी सफाई की आवश्यकता हो, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। उन्होंने यह भी कहा कि परिसर के भीतर यदि कहीं अनावश्यक आंतरिक बाउंड्री या अन्य अवरोध बने हुए हैं, तो उन्हें हटाया जाये, ताकि पूरा रिम्स परिसर एकीकृत, व्यवस्थित और सुगम स्वरूप में विकसित हो सके।
देश को एक-दलीय व्यवस्था की ओर धकेला जा रहा: सुखदेव भगत एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में विपक्ष को व्यवस्थित तरीके से कमजोर करने और एक-दलीय व्यवस्था स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 10 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल के निर्वाचन आयोग से मिलने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से विपक्षी नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों के जरिए डराने, प्रताड़ित करने और राजनीतिक दबाव बनाने की संस्कृति विकसित हुई है। ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का उपयोग निष्पक्ष जांच के बजाय राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करती है और उसके बाद विपक्षी दलों के सांसदों एवं विधायकों को अपने पक्ष में लाकर जनादेश को कमजोर करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले अधिकांश नेता विचारधारा से नहीं, बल्कि दबाव, भय या तात्कालिक राजनीतिक लाभ के कारण दल बदलते हैं। सुखदेव भगत ने कहा कि पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और बिहार समेत कई राज्यों में विपक्षी दलों को तोड़ने की राजनीति साफ दिखाई दे रही है। यह लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि यही सिलसिला जारी रहा तो देश में स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रतिस्पर्धा और मजबूत विपक्ष की भूमिका कमजोर पड़ जाएगी। कांग्रेस सांसद ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने का नाम नहीं है, बल्कि स्वतंत्र संस्थाओं, निष्पक्ष चुनाव और मजबूत विपक्ष पर भी टिका होता है। यदि संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जायेगा और विपक्ष की आवाज दबायी जायेगी, तो यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है।
धनबाद बस स्टैंड के पास कचरा चुनने वाले का शव मिला, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। गुरुवार सुबह धनबाद बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत धनबाद थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कचरा चुनकर शराब पीता था मृतक स्थानीय शंभू सिंह ने मीडिया को बताया कि मृतक पिछले कई दिनों से बस स्टैंड के आसपास कचरा चुनने का काम करता था। कचरा बेचकर जो पैसे मिलते, उससे अक्सर शराब पीता था। शौच के लिए गये तो देखा शव शंभू सिंह ने कहा- गुरुवार सुबह जब मैं शौच के लिए गया तो एक व्यक्ति को जमीन पर पड़ा देखा। पास जाकर पहचाना तो वही था जो लंबे समय से यहां कचरा चुनता था। पुलिस कर रही जांच फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा। शराब के नशे में गिरने से मौत हुई या कोई और वजह है, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। बस स्टैंड के पास लाश मिलना अब आम बात हो गयी है। कचरा चुनने वाला था, शराब पीता था, इसलिए उसकी जान की कीमत नहीं? धनबाद स्टेशन रोड से लेकर बस स्टैंड तक लावारिस लाशें मिलती रहती हैं। प्रशासन सोया है। नगर निगम को रैन बसेरा नहीं दिखता? ये भी इसी शहर का था। नशा मुक्ति केंद्र किस काम के? गरीब मर रहा है और सिस्टम मूकदर्शक बना है। पोस्टमार्टम होगा, कागज बनेगा, फाइल बंद। पर सवाल वही रहेगा- अगली लाश कब और कहां मिलेगी?
टीम एबीएन, रांची। रांची महानगर की प्राचीनतम धार्मिक संस्था श्री श्याम मंडल की कार्यकारणी बैठक अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर के सभागार में संपन्न हुई। सर्वप्रथम मंडल के अध्यक्ष श्री चन्द्र प्रकाश बागला ने आये हुए सभी सदस्यों का स्वागत कर कहा कि श्री श्याम प्रभु की असीम कृपा से श्री श्याम मण्डल धर्म प्रचार व नर-नारायण सेवा को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की आकांक्षा है। आज के इस बैठक में सत्र 2026-2028 नये सत्र के लिए कार्यकारणी सदस्यों का चयन कर निर्वाचित घोषित किया। नये सत्र के लिए अध्यक्ष चंद्र प्रकाश बागला, उपाध्यक्ष मनोज सिंघानिया, मंत्री धीरज बंका, उपमंत्री जितेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राजेश सारस्वत, प्रचार मंत्री नितेश लाखोटिया, पूजा जागरण मंत्री विवेक ढांढनीया, श्रृंगार मंत्री मनोज ढनढनिया, अंकेक्ष ज्योति पोद्दार, मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार निर्वाचित हुए। साथ ही कार्यकारणी सदस्यों में ज्ञान प्रकाश बागला, प्रमोद बगरडीया, अजय शंकर साबू, नितेश केजरीवाल, अशोक धानुका, अमित जालान निर्वाचित हुए। इसके साथ ही स्थायी आमंत्रित सदस्य में प्रमोद सारस्वत (लल्लू), अरुण धानुका, गौरव परसरामपुरिया, विकास पाडिया, अभिषेक डालमिया एवं प्रदीप अग्रवाल। अंत में मंडल के उपाध्यक्ष मनोज सिंघानिया ने ध्यानवाद ज्ञापन देकर सभा की समाप्ति की गयी। उक्त जानकारी श्री श्याम मंडल श्री श्याम मंदिर, अग्रसेन पथ रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार (9835331112) ने दी।
निखिल सर्राफ "मोनू" बने मारवाड़ी युवा मंच लोहरदगा शाखा के अध्यक्षएबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। मारवाड़ी युवा मंच अपनी जनसेवा और सहयोग को लेकर लगातार काम करती रही है। मंच के नए अध्यक्ष के रूप में सर्व सम्मति से निखिल सर्राफ को चयनित किया गया। निवर्तमान प्रांतीय संयोजक एवं पूर्व अध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंच संविधान के अनुसार प्रत्येक वर्ष चुनाव करा कर नया अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है। इस बार सर्वसम्मति से निखिल सर्राफ को निर्विरोध अध्यक्ष मनोनित किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष अभिषेक पोद्दार का कार्यकाल समाप्त हो गया, अभिषेक पोद्दार के कार्यकाल में निखिल सर्राफ शाखा कोषाध्यक्ष के रूप में मंच को अपना भरपूर सहयोग दिया था। नव नियुक्त अध्यक्ष के नेतृत्व में जल्दी ही एक बैठक बुला कर संगठन विस्तार कर जनसेवा के कार्यक्रमों को गति देने का काम किया जाएगा।अध्यक्ष नियुक्त होने पर मंच के जय प्रकाश शर्मा, अभिषेक पोद्दार, अनुराग पोद्दार, चंदन राजगढ़िया, निशांत सर्राफ, आशीष पोद्दार, शैलेश पोद्दार, शुभम शर्मा, रितेश चौधरी, मयंक मोदी, मनीष राजगढ़िया, अपूर्व पोद्दार, कन्हैया राजगढ़िया, अभिषेक बंका, यश मित्तल, रूपेश चौधरी, गोकुल मित्तल,विक्रांत सर्राफ, आशीष अग्रवाल, विकास सर्राफ, सूरज शर्मा, हर्ष बंका, अतुल सर्राफ सहित अन्य सभी सदस्यों ने अपनी शुभकामनाएं और बधाई दी है।
समाजसेवी राय साहब बलदेव साहू की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनायी गयी, धीरज प्रसाद साहू ने किया हवन-पूजन व माल्यार्पण एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा स्थित साहू भवन में प्रख्यात समाजसेवी एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहे राय साहब बलदेव साहू की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनायी गयी। मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन में भाग लिया तथा राय साहब बलदेव साहू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुआ। उपस्थित लोगों ने राय साहब बलदेव साहू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि राय साहब बलदेव साहू ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, शिक्षा, जनकल्याण और सामाजिक समरसता को समर्पित किया। उनके द्वारा किये गये कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राय साहब बलदेव साहू के आदर्श, सेवा भाव और समाज के प्रति समर्पण की भावना सदैव लोगों का मार्गदर्शन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज को उनके बताए मार्ग पर चलकर आपसी भाईचारा, सहयोग और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों की पुण्यतिथि केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं होती, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेने का भी दिन होता है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राय साहब बलदेव साहू के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को साझा किया और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने तथा समाज हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा का वातावरण पूरी तरह श्रद्धा, सम्मान और आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। मौके पर विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, आलोक राय, कैलाश केशरी, हिमांशु केशरी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राय साहब बलदेव साहू को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस की प्रदेश स्तरीय बैठक बुधवार को रांची स्थित अंजुमन प्लाजा में प्रदेश अध्यक्ष आबिद अली की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अल्पसंख्यकों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा, राजनीतिक भागीदारी एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से 11 सूत्रीय प्रस्ताव पारित किये गये। बैठक में महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. अब्दुल कयूम अंसारी को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने, झारखंड में मदरसा बोर्ड का शीघ्र गठन करने तथा झारखंड विधानसभा से पारित मॉब लिंचिंग विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की गयी। साथ ही अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के लिए संविधान के अनुच्छेद 30 के अनुरूप शासी निकाय संबंधी स्पष्ट नियमावली बनाने की भी मांग उठायी गयी। इसके अतिरिक्त अल्पसंख्यकों को आबादी के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास, सरकारी रिक्त पदों पर शीघ्र बहाली, प्रधानमंत्री के 15 सूत्री कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा एसआईआर एवं आगामी जनगणना को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक का संचालन प्रदेश महासचिव मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी ने किया। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव सगीर अंसारी, अब्दुल्लाह अंसारी, नसीम अंसारी, प्रो. जावेद अंसारी, अब्दुल जब्बार अंसारी, शमीम अख्तर आजाद, जहांगीर अंसारी, रेशमा खातून, हाजी सिकंदर अंसारी, शहबाज अहमद, आशिक अंसारी, मोहम्मद फारूक, सयूम अंसारी, अब्दुल सलाम, मोहम्मद गुलरेज, शेरावत हुसैन सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया तथा सभी प्रस्तावों का सर्वसम्मति से समर्थन किया। बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि पारित सभी 11 प्रस्तावों का मांग-पत्र राज्य एवं केंद्र सरकार को भेजा जायेगा तथा उनके समर्थन में पूरे झारखंड में व्यापक जन-जागरण अभियान चलाया जायेगा। उक्त जानकारी झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस के आबिद अली (70047 85095) ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.