Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

झारखंड

View All
रांची में 19 को ह्यूमन राइट्स वर्कशॉप आयोजित करेगा हमर अधिकार मंच
Published / 2026-03-30 21:42:16
रांची में 19 को ह्यूमन राइट्स वर्कशॉप आयोजित करेगा हमर अधिकार मंच

रांची : हमर अधिकार मंच के पदाधिकारियों की बैठक संपन्न सिविल राइट्स की जागरूकता हर नागरिक को होनी ही चाहिए : दीपेश निराला 19 अप्रैल को मंच रांची में आयोजित करेगा ह्यूमन राइट्स वर्कशॉप टीम एबीएन, रांची। हमर अधिकार मंच के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक कचहरी चौक स्थित न्यू इंडिया होटल में अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में आहूत की गयी, जिसमें विभिन्न जिलों से आये पदाधिकारियों ने भाग लिया और इस बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार के साथ-साथ मंच के आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा तय की, जिसके तहत अगले महीने 19 अप्रैल, 2026 दिन रविवार को रांची प्रेस क्लब में ह्यूमन राइट्स वर्कशॉप का आयोजन किया जायेगा। जिसमें रिसोर्स पर्सन के रूप में मानव अधिकार विषय में प्रशिक्षित और इसके जानकार तथा जनहित के मुद्दों पर मानव अधिकार का केस लड़ने वाले दीपेश निराला झारखंड के विभिन्न जिलों से आए हुए प्रतिभागियों को मानव अधिकार कानून और खासकर मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम की जानकारी देंगे, ताकि नागरिक अपने सिविल राइट्स के प्रति जागरूक हो सकें, इस वर्कशॉप में भाग लेने के लिए अब तक झारखंड के विभिन्न जिलों से 49 प्रतिभागियों ने निबंधन करवा लिया है, शेष जानकारी 8002830808 नंबर पर संपर्क करके ली जा सकती है। बैठक में अध्यक्ष दीपेश निराला, रांची, उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी, रांची, प्रिय ब्रत प्रसाद, पलामू, राजकुमार, रांची, संतोष मृदुला, रांची, मीना कुमारी, रांची, प्रदीप राणा, लोहरदगा, महासचिव उमाशंकर सिंह, रांची, सचिव चंद्रदेव कुमार वर्णवाल @ चंदू, गिरिडीह, और सूर्य प्रकाश, धनबाद, संयुक्त सचिव मनीष बक्शी, रांची, दिलीप कुमार, रांची, आशीष जयसवाल, रांची, दीनबंधु कुमार, रांची, बीरेंद्र नगड़ूवार, रांची, जूही कुमारी चौधरी, रांची, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी, रांची और कार्यकारिणी सदस्य अखिल कुमार, गिरिडीह, रश्मि भेंगरा सरायकेला-खरसावां उपस्थित हुए।

निबंधन कार्य में पारदर्शिता व समयबद्धता सुनिश्चित करें : आयुक्त
Published / 2026-03-30 21:41:25
निबंधन कार्य में पारदर्शिता व समयबद्धता सुनिश्चित करें : आयुक्त

रिकॉर्ड सुरक्षा, साफ-सफाई और आॅनलाइन व्यवस्था में बरतें तत्परता आयुक्त ने पलामू के जिला अवर निबंधन कार्यालय का किया निरीक्षण एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय आज पलामू के जिला अवर निबंधन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निबंधन कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्था का गहन जायजा लिया और लक्ष्य के अनुरूप निबंधन कार्य सुनिश्चित करने तथा संबंधित प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और गति लाकर आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।  आयुक्त ने निरीक्षण के क्रम में ऐसी जमीन जिस पर कानूनी रोक, सरकारी प्रतिबंध या मालिकाना हक को लेकर विवाद हो (लैंड रिस्ट्रिक्टेड डिटेल्स) की स्थिति की जानकारी ली। इसपर जिला अवर निबंधक ने अवगत कराया कि सभी संबंधित विवरण आॅनलाइन पोर्टल पर अपलोड किये जाते हैं तथा इसकी प्रतिलिपि संबंधित अंचल कार्यालयों को भी प्रेषित की जा चुकी है। आयुक्त ने इस व्यवस्था को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। आयुक्त ने कार्यालय में संधारित पंजी एवं अभिलेखों की जांच की। खासमहल लीज की दरों की भी जानकारी ली। साथ ही, निबंधन हेतु प्रस्तुत डीड का बारीकी से अवलोकन कर सही पाये जाने पर निर्धारित समयसीमा के भीतर निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन तथा पूर्व में निबंधित पट्टों एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने रिकॉर्ड के रखरखाव बेहतर तरीके से करने तथा किसी भी परिस्थिति में अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ नहीं होने देने का निर्देश दिया।  निरीक्षण के दौरान निबंधन कार्यालय के सामने साफ-सफाई की कमी को लेकर आयुक्त ने कहा कि यह कार्यालय आम जनता से सीधे जुड़ा हुआ है, इसलिए यहां स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। गंदगी के कारण न केवल कार्यालय की छवि खराब होती है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। आयुक्त विशेष रूप से निबंधन कार्य को लक्ष्य के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संचालित करने, निबंधन हेतू प्रतिबंधित भूमि को नियमित रूप से अद्यतन कर संबंधित कार्यालयों से समन्वय बनाये रखने, निबंधन हेतु प्रस्तुत दस्तावेजों का गहन परीक्षण कर ससमय निबंधन सुनिश्चित करने, सभी अभिलेखों एवं रिकॉर्ड का सुरक्षित, व्यवस्थित एवं डिजिटल संरक्षण करने, रिकॉर्ड के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं होने देने, कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।  आयुक्त ने जिला दस्तावेज नवीस संघ की मागों की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अवर निबंधक विकास सोरेन सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। 

पलामू : 1921 रुपये प्रति मानक बोरा केंदू पत्ती संग्रह का परामर्श
Published / 2026-03-30 21:40:22
पलामू : 1921 रुपये प्रति मानक बोरा केंदू पत्ती संग्रह का परामर्श

लघु वन उपज केन्दू पत्ती तोड़ने वाले मजदूर की सुविधा का रखें विशेष ख्याल : आयुक्त प्रमंडलीय आयुक्त सह केन्दूपत्ती सलाहकार समिति के अध्यक्ष कुमुद सहाय की अध्यक्षता में हुई बैठक एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त के कार्यालय वेश्म में वर्ष 2026 मौसम के लिए केंदूपत्ती के संग्रहण मूल्य प्रति मानक बोरा के निर्धारण हेतु राज्य सरकार को परामर्श देने को लेकर आज बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता  प्रमंडलीय आयुक्त-सह केन्दूपत्ती सलाहकार समिति की अध्यक्ष श्रीमती कुमुद सहाय ने की। केन्दूपत्ती सलाहकार समिति के इस बैठक में वर्ष 2026 में केंदू पत्ता के क्रय दर के निर्धारण को लेकर प्राथमिक संग्रहणकर्ताओं के साथ विचार- विमर्श हुआ। बैठक में बताया गया कि केन्दू पत्ता क्रय के लिए संग्रहण मूल्य का निर्धारण करने को लेकर सरकार को परामर्श देना है। बैठक की शुरुआत में आयुक्त ने समिति के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए वन विभाग के पदाधिकारी एवं केन्दू पत्ता संग्रहणकर्ता सदस्यों से उचित परामर्श देने की बात कही।  बैठक में बताया गया कि सरकार द्वारा वर्ष 2025 में केन्दू पत्ता के क्रय के लिए 1883 रुपये प्रति मानक बोरा संग्रहण मूल तय किया गया था। बैठक में समिति के सदस्यों ने विभिन्न दरों का प्रस्ताव दिया। विचार-विमर्श एवं मजदूर के हित का ख्याल रखते हुए केन्दू पत्ता क्रय के लिए 1921 रुपए प्रति मानक बोरा संग्रहण मूल्य के निर्धारण का परामर्श सरकार को देने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। इसमें सरकारी एवं रैयती भूमि पर उगने वाले केन्दू पत्ता शामिल हैं। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने लघु वन उपज केन्दू पत्ती तोड़ने वाले मजदूर की सुविधा का विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केन्दू पत्ती तोड़ने का कार्य गर्मी के दिनों में होगा, ऐसे में मजदूरों की सुविधा का ख्याल रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने केन्दू पत्ती के संग्रहण कार्य को बेहतर तरीके से निष्पादित करने का भी निर्देश दिया। इसके पूर्व लघु वन पदार्थ परियोजना अंचल, हजारीबाग के महाप्रबंधक एवं संयोजक- सह -सचिव डॉ. बी. बास्करन ने बैठक में विषय प्रवेश कराते हुए वर्ष 2025 में केन्दू पत्ती क्रय के लिए सरकार द्वारा निर्धारित दर से आयुक्त एवं सभी प्रतिनिधियों को अवगत कराया।  बैठक में इनकी रही उपस्थिति बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त सह केन्दू पत्ती सलाहकार समिति के अध्यक्ष कुमुद सहाय सहित आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, लघु वन पदार्थ परियोजना अंचल, हजारीबाग के महाप्रबंधक एवं संयोजक सह सचिव डॉ. बी. बास्करन, मेदिनीनगर के वन संरक्षक प्रवेश अग्रवाल, गढ़वा के केन्दूपत्ती व्यापारी के प्रतिनिधि (सदस्य) कृष्णा प्रसाद यादव, डाल्टनगंज के बीड़ी निमार्ताओं के प्रतिनिधि (सदस्य) बिनोद यादव,पलामू जिला के केन्दूपत्ती उगाने वाले अनुसूचित जनजाति के प्रतिनिधि (सदस्य) शंखनाथ उरांव, पलामू जिला के केन्दूपत्ती उगाने वाले अनुसूचित जाति के प्रतिनिधि (सदस्य) बालमुकुन्द पासवान, गढ़वा के केन्दूपत्ती उगाने वाले पिछड़े वर्ग के प्रतिनिधि (सदस्य) मुखू राम,  पलामू के केन्दूपत्ती उगाने वाले सामान्य जाति के प्रतिनिधि (सदस्य) इफतेखार अहमद खान, गढ़वा के केन्दूपत्ती से सबंध रखने वाले सामाजिक कार्यकर्ता / गैर सरकारी संगठन के प्रतिनिधि (सदस्य) ब्रज किशोर सिंह आदि उपस्थित रहे। 

धनबाद : कतरास दुर्गा कॉलोनी में एक महीने से पानी सप्लाई बंद
Published / 2026-03-30 21:39:13
धनबाद : कतरास दुर्गा कॉलोनी में एक महीने से पानी सप्लाई बंद

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कतरास दुर्गा कॉलोनी में एक महीने से पानी सप्लाई बंद है जिसके कारण सैकड़ों क्वार्टर में रह रहे हजारों लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। लोगों को खाना बनाना, बर्तन, कपड़ा, नहाने ओर पानी पीने एवं अन्य कार्यों में बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है जिसको लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार एवं पेयजल मंत्री झारखंड सरकार, धनबाद डीसी को ट्वीट कर पानी की समस्या को समाधान करने की आग्रह किया है।

होमगार्ड विज्ञापन जल्द जारी हो : योगेश चन्द्र भारती
Published / 2026-03-30 21:38:43
होमगार्ड विज्ञापन जल्द जारी हो : योगेश चन्द्र भारती

रामगढ़ में होमगार्ड बहाली को लेकर छात्रों का प्रदर्शन 15 अप्रैल से पहले विज्ञापन जारी होने का आश्वासन एबीएन न्यूज नेटवक, रामगढ़। होमगार्ड बहाली को लेकर छात्रों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर देखने को मिला। छात्र नेता योगेश चंद्र भारती के नेतृत्व में सुभाष चौक से लेकर रामगढ़ डीसी कार्यालय तक छात्रों ने पैदल मार्च किया और अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा। इस दौरान जिला प्रशासन के साथ हुई वार्ता में छात्र नेता योगेश चंद्र भारती ने स्पष्ट रूप से कहा कि होमगार्ड बहाली प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी मांग की कि बहाली में गरीब और किसान परिवार के बेटों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें रोजगार का अवसर मिल सके। वार्ता के बाद प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि 15 अप्रैल से पहले होमगार्ड बहाली का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद छात्रों में कुछ हद तक संतोष देखा गया, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होती है, तो आंदोलन और तेज किया जायेगा। छात्रों ने कहा कि यह लड़ाई उनके भविष्य और अधिकार की है, और जब तक बहाली प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कार्यक्रम के मौके पर योगेश चंद्र भारती, मुकेश, गौतम, राजीव, भारती कुशवाहा, पनेश्वर के अलावा अन्य सेंकड़ों छात्रों का अहम योगदान रहा।

पलामू : विधायक ने किया अपने मद की राशि से तीन गांवों में चौपाल का शिलान्यास
Published / 2026-03-30 21:37:52
पलामू : विधायक ने किया अपने मद की राशि से तीन गांवों में चौपाल का शिलान्यास

गांव में चौपाल हमारी पुरानी विरासत है : विधायक एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद/ पलामू। प्रखंड के तीन गांवों में जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्रामवासियों के चौपाल भवन का शिलान्यास किया गया। रविवार को विधायक संजय कुमार सिंह यादव एवं प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी ने संयुक्त रूप से ग्राम पंचायत उर्दवार मंजुरहा एवं उर्दवार गांव तथा झरगाड़ा पंचायत के बघमनवा में विधायक निधि की राशि से चौपाल भवन का शिलान्यास किया।विधायक ने कहा कि गांवों में चौपाल हमारी पुरानी विरासत हैं जहां पर ग्रामीण बैठक कर सार्वजनिक निर्णय लेते हैं एवं अन्य आवश्यक कार्यो को करते हैं लेकिन आज हमारी पुरानी संस्कृति विरासत मिटती जा रही हैं जिसे ध्यान में रखते हुए ग्रामवासियों के मांग पर इन योजनाओं की निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की जा रही हैं जो गांव के लोगो के लिए बहुत ही आवश्यक हैं।इससे ग्रामवासियों को लाभ मिलेगा। प्रखंड प्रमुख राजकुमारी ने कही की हमलोग गांव का विकास करेंगे तभी शशक्त भारत का निर्माण होगा। हमलोग काम फोकस करते है गांव के जनता की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह निर्माण कराया जा रहा हैं इसके लिए मैं विधायक को धन्यवाद देती हूं। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष सुदेश्वर राम, जाकिर अली उर्फ राज अली, कामाख्या नारायण सिंह, क्लामुदिन खान समेत कई कार्यकर्ता गण मौजूद थे।

पलामू : हुसैनाबाद पुलिस ने हिन्दू मुस्लिम एकता को मजबूत करने के लिए किया अनूठा पहल
Published / 2026-03-30 21:37:09
पलामू : हुसैनाबाद पुलिस ने हिन्दू मुस्लिम एकता को मजबूत करने के लिए किया अनूठा पहल

रामनवमी महासमिति और मुस्लिम समुदाय से दोनों प्रबुद्ध व्यक्तियों को किया सम्मानित एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद/ पलामू। बीते दिनों रामजन्म उत्सव सह रामनवमी महा त्यौहार को जहां एक तरफ जिला प्रशासन व पलामू पुलिस ने जिले में विधि व्यवस्था को लेकर लगातार अचूक सुरक्षा व्यवस्था की वहीं हुसैनाबाद पुलिस ने एक अनूठा पहल कर समाज मे एक बेहतर शंदेश देने की काम किया। बता दें कि रामनवमी जुलूस को पूरा शहर में बेहतर प्रदर्शन किया गया शहर में विभिन्न अखाड़ा समितियों के द्बारा एक से बढ़कर एक कला व भगवान श्री राम माता सीता व नवदेवी दुर्गे, नरसिम्हा औतार व भक्त प्रह्लाद की नाटक मंचन किया वहीं दुर्गा वाहिनी के बहनों ने तलवारबाजी,लाठी,व सेल्फ डिफेंस के प्रति अपनी कला का प्रदर्शन किया एवं समिति के लोगो ने प्रशासन के साथ अनुसाशन बनाते हुए पूरा शहर एक शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में जुलूस एवं पूजा को सफल बनाया इससे प्रशासन ने सराहना किया। रविवार को  अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी एस मोहम्मद याकूब के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चन्दन कुमार ने थाना कार्यालय में महासमिति एवं मुस्लिम समुदाय में मुहर्रम कमिटी के प्रबुद्ध गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि समाज के प्रबुद्ध लोगों की जबाबदेही के कारण ही हमलोग बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था देते है। हमे यहां की रामनवमी पूजा व भव्य जुलूस बहुत ही बेहतर लगा और बीते सप्ताह में ईद भी था दोनो समुदाय के प्रबुद्ध व्यक्तियों ने प्रशासन को सहयोग कर हमें और मजबूत बनाया है और यह हिन्दू मुस्लिम एकता को मजबूत किया हैं आप सब बधाई के पात्र हैं। मौके पर रामनवमी महासमिति के संरक्षक दिनेश प्रसाद कश्यप, संयोजक आलोक नाथ केशरी व मुस्लिम समाज से एजाज खान उर्फ छेदी खान,तक्की हुसैन रिजवी के अलावा महासमिति के मुख्य पदाधिकारी में राकेश कुमार तिवारी, संतोष कश्यप, डिक्कू कश्यप, पंकज गुप्ता, राहुल केशरी गौतम कांस्यकार, शम्भु प्रसाद,पत्रकार गौतम पटेल को शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया। मौके पर पुअनि मुकेश कुमार, केके पाण्डे, श्रीनिवास शर्मा, अजय बैठा, अजित सिंह धर्मेंद्र सिंह कालिका पासवान समेत कई पुलिस कर्मी मौजूद थे।

भगवान राम सनातन समाज के अतुलनीय आदर्श, जबकि रामभक्त हनुमान भक्ति और शक्ति का प्रतीक : मनोज दास
Published / 2026-03-30 21:36:11
भगवान राम सनातन समाज के अतुलनीय आदर्श, जबकि रामभक्त हनुमान भक्ति और शक्ति का प्रतीक : मनोज दास

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। रामनवमी त्यौहार के शुभ अवसर पर केंद्रीय महावीर मंडल, लोहरदगा के तत्वावधान में स्थानीय गुदरी बाजार अवस्थित शोक विनाशक संकट मोचन हनुमान मन्दिर के सामने अस्त्र शस्त्र परिचालन एवं बाजा प्रतियोगिता का आयोजन सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में कुल 27 अखाड़ा शामिल हुए। पूरा कार्यक्रम रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक अनावरत चला। कार्यक्रम के दौरान अखाडों द्वारा एक से एक अस्त्र शस्त्र परिचालन एवं करतबों की प्रस्तुति दी गयी। प्रतियोगिता तीन वर्गों में बांटा गया था, महिला वर्ग, पुरुष जूनियर वर्ग एवं पुरुष सीनियर वर्ग। कार्यक्रम का आरम्भ अतिथियों द्वारा श्रीराम जी एवं हनुमान जी के आरती के साथ साथ द्वीप प्रज्वलन कर किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गुमला विभाग प्रमुख मनोज दास ने कहा कि भगवान श्रीराम सनातन समाज के अतुलनीय आदर्श हैं, जिन्होंने अपने माता पिता के वचन को पूरा करने के लिये वनवास स्वीकार किया, जबकि धर्म और धरती का रक्षा के लिए आसुरी शक्तियों का नाश भी किया, वहीं भेद भाव से दूर सबरी के जूठे बैर भी खायें तो दूसरी ओर माता सीता को पत्नी की दर्जा देते हुए अश्वमेध यज्ञ के अनुष्ठान में उनकी अनुपस्थिति में मूर्ति के साथ बैठकर यज्ञ सम्पन्न किया। एक आदर्श भाई की मिशाल कायम करते हुए राजगद्दी का त्याग कर दिये। वहीं रामभक्त हनुमान जी संकट मोचक के रूप में हमारे धर्म मे पहचाने जाते हैं, जो बलशाली तो थे ही साथ ही साथ श्रीराम सेना के संकट मोचक भी थे, जिन्होंने सात समुन्दर पार कर माता सीता को श्रीराम का संदेश पहुंचाया तो दूसरी ओर लंका दहन कर रावण का घमंड तोड़ने का मिशाल स्थापित किये साथ ही साथ अनेको आसुरी शक्तियों का संहार भी किया। अत: आयोजन में शामिल सभी प्रतिभागियों को रामनवमी रामोत्सव के रूप में मनाना तो चाहिये ही साथ ही इस त्यौहार के मुख्य उद्देश्य को समझने एवं धर्म समाज की रक्षा हेतु प्रेरणा लेने के साथ सदैव धर्म हित मे ततपर रहने की जरूरत है। पूरा आयोजन केंद्रीय महावीर मंडल अध्यक्ष विपुल तामेड़ा, महासचिव पवन प्रजापति, विश्व हिंदू परिषद अध्यक्ष रितेश कुमार के साथ साथ सूरज साहू, अनुभव कुमार, शुभम, प्रमोद प्रजापति इत्यादि का सराहनीय भूमिका रही। जबकि कार्यक्रम को देखने हेतु सैकड़ो महिलाएं, पुरुष भाई बन्धु के साथ साथ संरक्षक श्री दिवाकर पाठक, देवेन्द्र मंडल, सरोज प्रजापति, लाल ओंकार नाथ साहदेव, कुमार अभिषेक, संदीप गुप्ता, अशोक कांस्यकर, आनन्द पांडेय, अभय महतो, प्रवीण ठाकुर उपस्थित रहे। पूरी प्रतियोगिता में चार सदस्यीय निर्णायक मंडली श्री लक्ष्मण प्रसाद सोनी, अशोक रजक, नागेंद्र प्रजापति एवं सोमनाथ दत्ता की टीम थी। प्रतियोगिता का परिणाम निम्न प्रकार रहा: अनुशासन : खेल में रघुनंदन लेन शोभा यात्रा : सुनहला संघ बरवा टोली अखाड़ा सज्जा : देवी मंदिर पोवरगंज, बाबा मठ मंगला जुलूस : ढोंढा टोली, महादेव टोली झांकी : प्रथम बावली बगीचा, द्वितीय बीरभद्र चौक, थाना टोली, तृतीय नवारीपडा खेल  महिला वर्ग : प्रथम- दुर्गा वाहिनी रघुनन्दन लेन, द्वितीय- दुर्गा वाहिनी हटिया गार्डन, तृतीय- आदि शक्ति मोटिया संघ पुरुष जूनियर : प्रथम- रघुनंदन लेन, द्वितीय- हटिया गार्डन, तृतीय- मोटिया संघ बरवा टोली पुरुष सीनियर : प्रथम- मोटिया संघ बरवा टोली, द्वितीय- हटिया गार्डन, तृतीय- सुनहला संघ तेतरतर बाजा : प्रथम- बजरंग दलअमला टोली, द्वितीय- शास्त्री चौक, तृतीय- थाना टोली

हजारीबाग : रामनवमी शोभायात्रा में दो लोगों की हत्या
Published / 2026-03-30 21:29:18
हजारीबाग : रामनवमी शोभायात्रा में दो लोगों की हत्या

धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले में राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान दो लोगों की कथित तौर पर हत्या कर दी गयी। अज्ञात आरोपियों ने दोनों को धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया है। रविवार (29 मार्च) को घटना की सूचना मिली। यह दोनों घटनाएं टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के झंडा चौक में आधी रात के आसपास अलग-अलग शोभायात्राओं के दौरान हुईं। इस हंगामे में सौ से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को इलाज के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों की चाकू लगने से हत्या हुई है। शोभायात्रा के दौरान हथियार प्रदर्शन और आपसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले पर क्या कहा पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान सिलवार गांव के निवासी प्रिंस कुमार (21) और बड़ा बाजार ग्वालटोली के निवासी अभिषेक कुमार (21) के रूप में हुई है। सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अमित आनंद ने बताया, ह्यह्यशनिवार को राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने अभिषेक कुमार की धारदार हथियार से हत्या कर दी।  इलाज के दौरान युवक की मौत हमले के बाद अभिषेक को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसबीएमसीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।  पुलिस ने शुरू की मामले की जांच एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रिंस कुमार पर भी इसी तरह हमला किया गया और उन्हें भी एसबीएमसीएच ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। वहीं फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए उचित प्रयास किये जा रहे हैं। दो हत्याओं से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों समेत स्थानीय लोगों में घटना पर जमकर आक्रोश देखने को मिल रहा है। आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 131,143