टीम एबीएन, देवघर/ रांची। देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के नया कुशमाहा गांव की आठवीं कक्षा की छात्रा प्रियंका कुमारी की मौत के मामले में नामजद आरोपी को पुलिस द्वारा छोड़ने पर परिजनों व ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर शनिवार को देवघर-सुल्तानगंज मुख्य के दर्दमारा बॉर्डर पर टायर जलाकर घंटों सड़क जाम रखा। सड़क जाम कर परिजन आरोपी की गिरफ्तारी व उसके विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मृतका की मां सुमित्रा देवी सहित अन्य लोगों का कहना था कि पुलिस ने आरोपी गांव के सुखी ताती, सुधीर ताती व दुःखी ताती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर छोड़ दिया। ग्रामीण इतने आक्रोशित थे कि समझाने गयी पुलिस पदाधिकारी व पुलिस के जवानों के साथ उलझ गये।
जी-20 में आये प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए रांची एयरपोर्ट पर महिलाओं ने बनायी रंगोलीटीम एबीएन, रांची। रांची के सांसद संजय सेठ के आह्वान पर रांची में आयोजित जी-20 समीट को लेकर रांची के विभिन्न संगठनों से अपील की थी। सभी संगठन रांची को स्वच्छ-सुंदर करने में अपना योगदान दें। उसी के निमित हिनू महिला समिति और श्री डोरंडा महावीर मंडल के नेतृत्व में रांची एयरपोर्ट पर जी-20 भारत है तैयार, रांची है तैयार, हम भी हैं तैयार के निमित एयरपोर्ट के तीन स्थानों पर सुंदर रंगोली बनायी। सांसद श्री सेठ ने बताया कि रांची रेलवे स्टेशन, हटिया रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न जगहों पर आये अतिथियों के स्वागत में विभिन्न संगठन रंगोली बनायेंगे। साथ ही 1 मार्च को रांची के सभी चौक-चौराहों पर स्थापित प्रतिमा की साफ-सफाई करेंगे और शाम में दीप जलाकर दीप उत्सव मनायेंगे। सांसद ने रांची के सभी मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स और होटल मालिकों से अपने होटल में विद्युत सज्जा करने, होटल के आगे गमला लगाने एवं साफ सफाई रखने की अपील की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से सभी टेंपो चालक को ड्रेस कोड में रहने, कम से कम गाड़ी का हॉर्न का उपयोग करने या व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। श्री सेठ ने कहा कि यह भारत के लिए गौरव का क्षण है कि भारत जी-20 की अगुवाई कर रहा है। यह झारखंड और रांची के लिए भी गौरव का क्षण है कि रांची में जी-20 समीट हो रहा है। यह मौका देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी का धन्यवाद। सांसद ने कहा कि रांची में 20 देश के प्रतिनिधि आयेंगे। साथ ही दुनिया भर के प्रतिनिधि और मीडिया के लोग आ रहे हैं। रांची की छवि पूरे देश में अच्छी जाये। आये अतिथियों को लगे रांची एक सुंदर और स्वच्छ प्रदेश है। अच्छी छवि बनेगी, तो इनवेस्टर भी आयेंगे। उद्योग लगेंगे तो रांची का विकास होगा और रांची देश विदेश में अपनी पहचान बना पायेगी।
टीम एबीएन, रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उस बयान को गैरजिम्मेदाराना और अवैध संपत्ति को बढ़ावा देने वाला बताया, जिसमें उन्होंने लोगों को पैसे जमीन में गाड़ कर रखने की सलाह दी है। श्री प्रकाश ने कहा कि जिसके पास वैध कमाई होगी वह क्यों पैसे को जमीन में छुपाकर रखेगा? बैंकों में राशि सुरक्षित भी है और ब्याज भी कमाती है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने राज्य को भ्रष्टाचार की गर्त में धकेल दिया है। और जिस तरह से राज्य में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई हो रही उससे मुख्यमंत्री का भय और सच्चाई जुबान पर फिर आ गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान बैंकों का अपमान नही बल्कि राष्ट्र का अपमान है। करेंसी राष्ट्रीय संपत्ति है। उन्होंने कहा कि भारत में मोदी सरकार के आते ही करोड़ों गरीबों ने बैंकों का दरवाजा देखा। जनधन खाता के माध्यम से मिनटों में गरीबों के खाते में वृद्धा, विधवा, अटल पेंशन, छात्रवृति, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास निर्माण की सहायता राशि, किसान सम्मान निधि के पैसे ट्रांसफर हो जाते हैं। इतना ही नहीं भारत तेजी से डिजिटल इंडिया बन रहा है। आज चाय, पान, ठेला खोमचा सभी जगह डिजिटल पेमेंट हो रहे। युवा शक्ति तो इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही। ऐसे में मुख्यमंत्री जैसे जिम्मेवार और संवैधानिक पद पर बैठकर ऐसा बयान देना जनता को विकास की मुख्यधारा से काटना और अनैतिक कार्यों केलिए प्रेरित करने जैसा है। श्री प्रकाश ने कहा कि अवैध कमाई को बैंक में जमा कराने का खामियाजा झामुमो के नेता भुगत चुके हैं। इसलिए राज्य में अवैध कमाई एवम भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली सरकार भ्रष्ट लोगों, बिचौलियों, दलालों को बैंक से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी को अपने गैर जिम्मेदाराना बयान केलिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।
टीम एबीएन, रांची। चावल दिवस पर शनिवार को कार्डधारियों को दो महीने का राशन दिया जायेगा। इसे लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने निर्देश जारी किए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सतर्कता समिति के सदस्यों की उपस्थिति में खाद्यान्न वितरण करने का आदेश दिया है। चावल दिवस पर जनवरी 23 और फरवरी 23 के आवंटित खाद्यान्न का वितरण अनिवार्य रूप से करने को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी अनुभाजन क्षेत्र, रांची और सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को पत्र लिखा है।जिला आपूर्ति पदाधिकारी अल्बर्ट बिलुंग ने 25 फरवरी को आयोजित किये जानेवाले चावल दिवस को व्यापक और प्रभावी रूप से मनाते हुए जनवरी 2023 और फरवरी 2023 का खाद्यान्न वितरण कार्य अनिवार्य रूप से करने का आदेश दिया है। जनवरी 23 के लिए आवंटित खाद्यान्न के विरुद्ध 83 प्रतिशत और फरवरी 23 के लिए आवंटित खाद्यान्न के विरुद्ध मात्र 20 प्रतिशत ही वितरण किया गया है। रांची जिला में जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को ससमय खाद्यान्न एवं अन्य सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने को लेकर चावल दिवस का आयोजन करने के लिए पूर्व में ही रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा दिशा निर्देश दिये गये थे। विभागीय निर्देश के अनुसार उपायुक्त द्वारा प्रत्येक महीने की 15, 16, 25 और 26वीं तारीख को चावल दिवस का आयोजन करने का निर्देश दिया गया है।
टीम एबीएन, चाईबासा/ रांची। जिले में गोईलकेरा थानाक्षेत्र के वनग्राम मेरालगढ़ा इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिलती है। सुरक्षा बलों ने चार देशी बम (आइइडी) बरामद कर उन्हें निष्क्रिय कर दिया। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी है। इसको लेकर झारखंड पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने चार बारूदी सुरंगों को समय रहते बरामद कर निष्क्रिय कर दिया जिससे एक बड़ी घटना टल गयी। उन्होंने बताया कि बारूदी सुरंगें सुरक्षा बलों को लक्ष्य कर लगायी गयी थीं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान लगातार जारी है जिससे घबरा कर नक्सली इस तरह की वारदात से सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की फिराक में हैं लेकिन सुरक्षा बल पूरी सावधानी से अपने अभियान को अंजाम दे रहे हैं। 17 फरवरी को नक्सलियों ने पश्चिम सिंहभूम जिले में जमकर उत्पात मचाया था। नक्सलियों ने इस दौरान एक पंचायत भवन को आईईडी ब्लास्ट कर उड़ा दिया था। इसके अलावा एक पुलिया भी आईईडी से ध्वस्त कर दी है। नक्सलियों ने पेड़ को काटकर बीच सड़क पर डालकर आवागमन बाधित कर दिया है। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक जंगल में सर्च अभियान चला रहे थे।
ग्राम प्रधान ने हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया उद्घाटन टीम एबीएन, दुमका। दुमका में प्रसिद्ध राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव बीते शुक्रवार को परंपरागत वाद्य यंत्रों के गगनभेदी गूंज के बीच साथ शुरू हुआ। परंपरागत परिधान पहने हिजला गांव के ग्राम प्रधान सुनीराम हांसदा ने हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित समारोह में परम्परागत तरीके से फीता काट कर इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत उद्घाटन किया। मौके पर आदिवासी अंगवस्त्र पंची पहने दुमका के उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा, अनुमंडल पदाधिकारी महेश्वर महतो, जिला परिषद अध्यक्ष जोयस बेसरा, उपाध्यक्ष सुधीर मंडल के साथ जिले के सभी वरीय पदाधिकारी और काफी तादाद में दूरदराज क्षेत्रों में पहुंचे स्थानीय लोग भी शामिल हुए।उदघाटन समारोह में हिजला मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला समेत कई वरिष्ठ अतिथियों ने हिजला मेला के ऐतिहासिक महत्व और इस मेले का यहां के आम लोगों के उत्थान और जीवन में पड़ने वाले प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की। मौके पर स्थानीय विद्यालय की छात्र छात्राओं ने आकर्षक गीत नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस मेले में दर्शकों के मनोरंजन के लिए स्थानीय लोक नृत्य, गीत संगीत, खेलकूद का विशेष आयोजन किया गया है। विशेष कर कृषि और पशुपालन विभाग द्वारा लगाये गये प्रदर्शनी आकर्षक का मुख्य केंद्र रहा है।
बच्चों के पेंटिंग्स और पोस्टर ने लोगों का मन मोहाटीम एबीएन, कोडरमा। राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष पर सर सीवी रमन के रमन प्रभाव का सात दिनी स्मरण उत्सव मनाया जा रहा है। संस्थान के प्राचार्य राजेश कुमार के नेतृत्व में तीसरे दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ एसपी यादव के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक और उनके आविष्कारों का स्मरण पर पेंटिंग एवं पोस्टर प्रस्तुति कार्यक्रम किया गया। वही संस्थान के वैज्ञानिक स्मरण एवं उनके अन्वेषण कार्यक्रम के समन्वयक वरीय व्याख्याता संजय कुमार के द्वारा मंच का संचालन किया गया। संस्थान के व्याख्याता गौरव कुमार ने वैज्ञानिक सर राज रेड्डी के बारे में जानकारी दी। संस्थान के प्राचार्य राजेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं में अभिरुचि, जागरूकता एवं नवाचार को विकसित किया जा रहा है। पेंटिंग, पोस्टर प्रस्तुति वैज्ञानिक स्मरण आदि में कई संस्थानों ने भाग लिया। इसमें डीएवी पब्लिक स्कूल, मेरिडियन एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर, रामगोविंद पॉलिटेक्निक, आरआइटी अभियंत्रण महाविद्यालय के नाम हैं। आयोजन को सफल बनाने में वरीय व्याख्याता एसबी मिश्र, विक्रम माझी, संतोष कुमार, मनोज यादव, भूपेंद्र कुमार, मनोरंजन कुमार, अखिलेश कुमार, कुमार प्रिंस, रामानुज प्रसाद, हीरालाल कुम्हार, नीरज पांडेय, अनु कुमारी, आकृति राज का योगदान रहा।
सर्वजन पेंशन योजना से मिला जीने का सहाराप्रत्येक माह की पांच तारीख तक लाभुक के अकाउंट में क्रेडिट होती है सम्मान राशिटीम एबीएन, मेदिनीनगर/ रांची। सरकार की सर्वजन पेंशन योजना से लोगों को बड़ा सहारा मिला है। विगत वर्ष में लक्ष्य आधारित योजनाओं के कारण अनेक योग्य लाभुक पेंशन योजनाओं से आच्छादित नहीं हो पाते थे, इसे ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से सर्वजन पेंशन योजना की शुरुआत की गयी। इस योजना में लक्ष्य की बाध्यता को समाप्त किया गया एवं अनिवार्य शर्तों को भी आसान बनाया गया। आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में इसका सुखद लाभ देखने को मिला। पलामू प्रमंडल में हजारों आवेदन स्वीकृत किये गये एवं योग्य लाभुकों को पेंशन योजना का लाभ दिया गया।सर्वजन पेंशन योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना को नवंबर 2021 से पूरे राज्य में लागू की गयी है। इसके प्रभावी होने से राज्य के लाखों योग्य नागरिकों को जीने का सहारा मिला है। वहीं पलामू प्रमंडल में 2 लाख 32 हजार से अधिक योग्य नागरिकों को इस योजना का लाभ मिल रहा है।सर्वजन पेंशन योजना के तहत मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना से एक ओर जहां वृद्धजनों को बुढ़ापे में सहारा मिला है, तो दूसरी ओर स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना दिव्यांग भाई-बहनों की आर्थिक मजबूती प्रदान की है। इस योजना की राशि से दिव्यांगजन पढ़ाई के लिए कॉपी-किताब की खरीदारी से लेकर अन्य आवश्यक कार्य करने में सक्षम हो पा रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना से महिलाओं को सम्मान मिला है। साथ ही एचआइवी/एड्स व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना से एचआइवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति को सर्वजन पेंशन योजना का लाभ उनकी गोपनीयता को बरकरार रखते हुए ससम्मान देने का कार्य हो रहा है। योग्य लाभुकों को शत-प्रतिशत इस योजना से किया जा रहा आच्छादित : प्रमंडल क्षेत्र के स्थानीय प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी योग्य लाभुक सर्वजन पेंशन योजना के लाभ से वंचित न रहने पाये। इसके लिए स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा वृहद प्रचार-प्रसार एवं समय-समय पर पेंशन शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है। लोगों को जागरूक करने से लेकर शिविर लगाकर सभी छूटे हुए योग्य व्यक्तियों को सर्वजन पेंशन योजना से अच्छादित करने के लिए स्थानीय प्रशासन की पूरी टीम तत्परता के साथ जुटी है, ताकि सभी योग्य लाभुकों को इस योजना का लाभ दिया जा सके। सर्वजन पेंशन योजना से गरीब एवं बेसहारा लोगों को सम्मानजनक सहायता मिल रही है, जिससे उनका उत्थान संभव हो पाया है। पलामू जिले में 1 लाख 40 हजार से अधिक को मिल रहा सम्मान राशि : सर्वजन पेंशन योजना के तहत पलामू जिले में 1,40,416 लाभुकों को सम्मान राशि का भुगतान किया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,13,733 लाभुक, स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के तहत 12,115 लाभुक, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के तहत 14,213 लाभुक एवं एचआइवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के तहत 355 लाभार्थी शामिल हैं। योजना के प्रभावी होने से गढ़वा में 36,733 को मिला लाभ : सर्वजन पेंशन योजना के प्रभावी होने के पश्चात गढ़वा जिले में 36,733 लाभुकों को इस योजना से आच्छादित किया गया है। मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना की आंकड़ों को समाहित करते हुए देखें, तो वर्तमान में राज्य पेंशन योजना अंतर्गत लाभुकों की संख्या 86,663 है। उल्लेखनीय है कि पिछले तीन वर्ष में गढ़वा जिले में 53,985 राष्ट्रीय व राज्यस्तरीय पेंशन योजना से जोड़े गये हैं। इसमें से 36,733 लाभुक सर्वजन पेंशन योजना प्रभावी होने के बाद पेंशन योजना से आच्छादित किये गये हैं। इसमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत एक वर्ष में लाभुकों की संख्या में 28,807 की वृद्धि हुई है। वहीं मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना में 4,049, स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना में 2,279 एवं एचआइवी/एड्स व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना में 120 संख्या की वृद्धि हुई है। लातेहार जिले में 13,536 लाभाथिर्यों को मिल रहा लाभ : लातेहार जिले में 13,536 लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। इसमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 60 से अधिक आयुवर्ग के 10,868 आवेदन स्वीकृत कर, उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। वहीं स्वामी विवेकानन्द नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के तहत दिव्यांगजनों के 960, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के तहत 1950 एवं एचआइवी/एड्स व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के तहत 28 आवेदन स्वीकृत किये गये हैं और सर्वजन पेंशन योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। लाभुक-1 : पंडवा प्रखंड के बटसारा निवासी 78 वर्षीय फागु राम मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभुक हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें एवं उनकी पत्नी को इस योजना का लाभ मिलता है। पेंशन की राशि दोनों के बुढ़ापे में जीने का बड़ा सहारा है। इसके लिए उन्होंने सरकार एवं स्थानीय प्रशासन को धन्यवाद किया है। लाभुक-2 : पाटन प्रखंड के नावाजयपुर निवासी मुकेश कुमार स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना से अच्छादित हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना से उन्हें एक हजार रुपए प्रतिमाह मिलता है। इस राशि से उन्हें पढ़ाई करने में सहयोग होता है। लाभुक-3 : चैनपुर के चांदो ग्राम निवासी रामपुकार सिंह ने बताया कि वे शिक्षक नियुक्ति की तैयारी करते हैं। उन्हें सरकार की स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना का लाभ मिलता है। इस आर्थिक सहयोग की राशि का इस्तेमाल वे तैयारी के लिए करते हैं। लाभुक-4 : पलामू जिले के सदर प्रखंड के सुआ ग्राम निवासी रामजीत सिंह स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना से अच्छादित हैं। योजना की एक हजार राशि उनके खाते में प्रत्येक माह मिलता है। यह राशि उनके जीविकोपार्जन में सहयोग करता है।
टीम एबीएन, गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र गेनरो पंचायत से फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। बासी मछली खाने के बाद यहां दो सख्श समेत दर्जन भर बच्चों की तबीयत बिगड़ गयी है। जिसके बाद सभी को इलाज के लिए गिरीडीह के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि बीमार होने वाले बच्चे एक छठियारी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पार्टी के बाद उन्होंने दूसरे दिन सुबह बासी मछली खाया था, जिसके बाद सभी की तबीयत बिगड़ गयी।जानकारी के अनुसार गेनरो गांव में गुरुवार की रात लक्ष्मण साव के घर में छठियारी कार्यक्रम आयोजित था। गांव के लोग उस कार्यक्रम में गये थे। वहीं लोगों ने मछली खाया और घर वापस लौट गये। बीमार हुए बच्चों के परिजनों ने बताया कि पार्टी के बाद कुछ बचे हुए मछली को गृह स्वामी ने शुक्रवार की सुबह कुछ बच्चों समेत अन्य लोगों को खिलाया। सुबह मछली खाने के बाद अचानक एक के बाद एक सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।आनन फानन में जनप्रतिनिधियों ने एम्बुलेंस के माध्यम से सभी बीमार लोगों को अस्पताल भेजा गया। एम्बुलेंस सभी बीमार लोगों को लेकर बेंगाबाद सामुदायिक अस्पताल पहुंचा। यहां मौके पर चिकित्सक नहीं रहने के कारण परिजनों ने अस्पताल में हंगामा भी किया। जिसके बाद सभी को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉ महेश गुप्ता ने कहा कि बच्चों को फूड प्वॉइजनिंग हो गया है। इलाज के लिए यहां सुविधा उपलब्ध नहीं है। बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.