कुंभराज थाना क्षेत्र अंतर्गत 2 अलग-अलग हुईं चोरिया कमल सिंह लोधा की रिपोर्ट एबीएन न्यूज नेटवर्क, कुंभराज। इन दिनों कुंभराज थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। चोरों को पुलिस का कोई डर नहीं है। बीते दिनों दो अलग-अलग जगह चोरी की घटना की खबर है। मिली जानकारी अनुसार पहला मामला फरियादी रामस्वरूप पुत्र मांगीलाल लोधा उम्र 32 साल निवासी वार्ड क्र. 15 गीता नगर कालोनी कुंभराज ने पुलिस को बताया- मैं गीता नगर कालोनी कुंभराज में रहता हूं। दिनांक 08 मई को मैं तथा मेरी पत्नी बच्चे मेरी ससुराल जंगीवड राजगढ़ गया हुआ था। घर पर कोई नहीं था। आज सुबह करीब 6.30 बजे मेरे भाई दुलीचंद ने मुझे मोबाईल पर बताया कि तुम्हारे घर का ताला टूटा पड़ा है। मैं करीब 10 बजे घर आया और देखा तो मेरे दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में जिस पेटी में जैवर रखे थे उस पेटी के कब्जे निकाल कर उसमें रखे चांदी के 02 कमरपेटा, चांदी के 01 जोड़ी पायजेब, सोने का 01 मंगलसूत्र, सोने के कान की बाली 01 जोड़ी, तीन चांदी के चूड़ा, एक चांदी की चेन, पुरानी इस्तेमाली एवं नगदी 50000 रुपये नहीं मिले। जिन्हें कोई अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़ कर चोरी कर ले गया है। वहीं दूसरा मामला फरियादी शुभम पुत्र विजय सिंह मीना उम्र 24 साल निवासी रेल्वे स्टेशन रोड़ ऊपरी ने पुलिस को बताया रात करीब 1 बजे मैं तथा मेरी माता जी तथा बहनें घर में सो गये थे करीब 2.30 बजे मुझे घर के गेट बजने की आबाज सुनाई दी। तो मैने उठकर लाईट जलाई तो घर से एक व्यक्ति भागता दिखा। फिर मैं ऊपर छत पर चढ़कर गया और देखा कि घर के बाहर एक व्यक्ति और खड़ा था, जो मुझे देखकर भाग गया। फिर नीचे घर में आया और देखा मेरे पूजा वाले कमरे में रखे बक्से को तोड़कर उसमें से एक मंगलसूत्र सोने का, कानों के झुमके एक जोड़ी तथा एक अंगूठी सोने की, चांदी की तीन जोड़ी पायल पुरानी ईस्तेमाली कीमती करीब 50-60 हजार रुपये तथा नगदी 5 हजार रुपये नहीं मिले। जिन्हें कोई अज्ञात चोर रात्रि में घर की छत पर से चडकर चोरी कर ले गया है अब देखना होगा कुंभराज पुलिस इन चोरों को पकड़ने में कब तक कामयाबी हासिल करती है।
तैयार हो जायेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे, जुड़ेंगे 2 बड़े शहर सूरत-चेन्नई एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 1270 किलोमीटर हैएबीएन सेंट्रल डेस्क। देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे दिल्ली से मुंबई के बीच बनाया जा रहा है। यह बात तो सभी जानते हैं, लेकिन क्या आपको पता है देश का दूसरा सबसे लंबा एक्सप्रेसवे कौन-सा है और किन शहरों के बीच बन रहा है। सूरत-चेन्नई एक्सप्रेसवे देश का दूसरा सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है, जिसकी कुल लंबाई 1,271 किलोमीटर है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 1,350 किलोमीटर के आसपास है। यह एक्सप्रेसवे चेन्नई को सूरत से जोड़ेगा और वेस्टर्न घाट के रास्ते लोग इस सफर को तय करेंगे। नया एक्सप्रेसवे 2 साल में पूरा हो जाएगा और इससे दोनों शहरों के बीच ट्रैवल टाइम भी घटकर आधा रह जायेगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी आफ इंडिया इस एक्सप्रेसवे को विकसित कर रहा है। इस पर अधिकतम स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटे रखी गयी है। एक्सप्रेसवे के निर्माण पर करीब 50 हजार करोड़ रुपये की लागत का अनुमान है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से करीब 50 हजार गाड़ियों का ट्रैफिक सड़क पर कम हो जायेगा। फिलहाल इसे 4 लेन का बनाया जा रहा है, जो भविष्य में बढ़ाकर 6 और फिर 8 लेन किया जा सकेगा। सफर में कितना समय लगेगा चेन्नई और सूरत के बीच एक्सप्रेसवे तैयार होने के बाद दोनों शहरों की मौजूदा दूरी 1,600 किलोमीटर से घटकर 1,270 किलोमीटर रह जायेगी। अभी जहां इस दूरी को तय करने में 35 घंटे तक का सफर लग जाता है, वहीं नए एक्सप्रेसवे से सफर का समय आधा घटकर सिर्फ 18 घंटे रह जायेगा। यह सड़क 6 बड़े राज्यों से होकर गुजरेगी जिसमें गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु शामिल हैं। इन राज्यों के कई शहरों को इस सड़क से फायदा मिलेगा। तिरुपति, कडप्पा, कुरनूल, कलबुर्गी, सोलापुर, अहमदनगर और नासिक को इसका फायदा मिलेगा। कब तक होगा शुरू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतमाला परियोजना के तहत चेन्नई-सूरत मोटरवे परियोजना का उद्घाटन अक्टूबर 2021 में किया था। इसे पूरा करने की डेडलाइन दिसंबर, 2025 रखी गयी है। इसके तैयार होने से दक्षिण भारत को पश्चिम भारत से सीधे तौर पर जोड़ा जा सकेगा। गुजरात का सूरत शहर कपड़ों का सबसे बड़ा बाजार है, जबकि चेन्नई आईटी सहित अन्य इंडस्ट्री के ग्रोथ के जाना जाता है। नए एक्सप्रेसवे से दोनों शहरों के बीच कारोबार तो बढ़ेगा ही, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भी विकसित होगा। इतना ही नहीं इस एक्सप्रेसवे के दोनों किनारों पर रियल एस्टेट का भी डेवलपमेंट होगा। क्या फायदे होंगे चेन्नई-सूरत एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच सफर का समय तो कम होगा ही उत्तर भारत का दक्षिण से सीधा कनेक्शन भी हो जायेगा। इससे दो बड़े बिजनेस कॉरिडोर का डेवलपमेंट होगा और दोनों शहरों के बीच सामान व सेवाओं का निर्यात भी बढ़ेगा। इससे वेस्टर्न घाट की तरफ टूरिस्ट को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, सेंट्रल महाराष्ट्र, कर्नाटक के पश्चिमी भाग की तरफ भी टूरिज्म को विकसित किया जा सकेगा। इंडस्ट्रियल डेवलपेंट होने के बाद नौकरियां भी पैदा होंगी।
नामांकन से पहले भावुक हुए पीएम मोदी- मेरी मां के निधन के बाद गंगा ही मेरी मां... एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मां गंगा ने उन्हें अपनाया था और काशी के लोगों के प्यार और स्नेह ने उन्हें बनारसियन बना दिया था। वाराणसी से तीसरी बार नामांकन दाखिल करने से पहले इंडिया टुडे के साथ एक विशेष साक्षात्कार में, पीएम मोदी काशी के साथ अपने बंधन को याद करते हुए भावुक हो गये। पीएम मोदी ने कहा कि मां गंगा ने मुझे बुलाया है। मैं हर काम भगवान की पूजा समझकर करता हूं... लोगों का प्यार देखकर मुझे लगता है कि मेरी जिम्मेदारियां हर दिन बढ़ती जा रही हैं। काशी में नामांकन से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, मेरी मां के निधन के बाद गंगा ही मेरी मां है। मां गंगा ने मुझे गोद लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन भरने से पहले यहां गंगा नदी के किनारे दशाश्वमेध घाट पर पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा घाट पर आरती भी की। मोदी के नामांकन दाखिल करने जाते समय उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अनेक पार्टी नेता मौजूद रह सकते हैं।राजग में भाजपा के सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान, अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर भी इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ रह सकते हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों- नीतीश कुमार (बिहार), पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड), मोहन यादव (मध्य प्रदेश), विष्णु देव साय (छत्तीसगढ़), एकनाथ शिंदे (महाराष्ट्र), भजन लाल शर्मा (राजस्थान), हिमंत विश्व शर्मा (असम), नायब सिंह सैनी (हरियाणा), प्रमोद सावंत (गोवा), प्रेम सिंह तमांग (सिक्किम) और माणिक साहा (त्रिपुरा) के भी प्रधानमंत्री के नामांकन में शामिल होने की संभावना है। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद प्रधानमंत्री रुद्राक्ष कन्वेन्शन सेंटर में भाजपा कार्यकतार्ओं के साथ बैठक करेंगे। इससे पहले मोदी ने सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि विधान से दर्शन पूजन किया। वह शाम को करीब छह किलोमीटर का रोड शो पूरा करने के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। वाराणसी में लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के तहत एक जून को मतदान होगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार यानी 14 मई को वाराणसी में अपना नामांकन भरेंगे। पीएम मोदी के नामांकन के लिए भाजपा ने चार प्रस्तावकों के नाम तय किए हैं। गृह मंत्री अमित शाह प्रस्तावकों के नाम पर मुहर लगा दी है। पीएम मोदी के नामांकन में प्रस्तावक के रूप में सबसे पहला नाम गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ का है। जिन्होंने अयोध्या के राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त निकाला था। वह राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य पुजारी भी थे। पीएम मोदी के नामांकन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित बीजेपी के कई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन के लिए भाजपा ने 26 नाम तय किये थे। इन सभी नामों को प्रधानमंत्री मोदी के पास भेजा गया था। शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह ने महमूरगंज स्थित तुलसी उद्यान स्थित मोदी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय में बैठक की। इस दौरान गृह मंत्री ने प्रस्तावित नामों पर पार्टी की कोर कमेटी से विस्तार से चर्चा की। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी के नामांकन में प्रस्तावक के रूप में दूसरा नाम माझी समाज से तो एक पद्म अलंकृत विभूति को भी शामिल किया गया है। इसमें पद्मश्री डॉ राजेश्वर आचार्य का नाम भी शामिल होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा प्रस्तावकों में एक महिला भी होंगी। इसलिए पद्मश्री डॉ सोमा घोष का नाम भी इस सूची में माना जा रहा है। इनके अलावापूर्व कुलपति और पद्मश्री डा। सरोज चूड़ामणि गोपाल का नाम भी इस सूची में प्रमुखता से बताया जा रहा है।
कमल लोधा की रिपोर्ट एबीएन न्यूज नेटवर्क, कुंभराज। इन दिनो कुंभराज नगर में पानी की किल्लत चल रही है इसके चलते वार्डवासीयो को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले कुम्भराज में दो दिन में नल आते थे और अब गर्मी के दिनों में कुम्भराज के कई वार्डों में 4 से 6 दिनो में पानी की सप्लाई की जा रही है। जिससे नगर के रहवासी पानी के लिए परेशान हो रहे है वार्ड 8 के रहवासियों ने बताया है 5 दिन हो चुके हैं पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं पीने के लिए पानी नहीं है न ही नगर परिषद द्वारा पानी के टैंकरो की व्यवस्था की जा रही है। पहले 2 दिन में नल आ जाते थे अब 5 दिन हो गए लेकीन पानी की सप्लाई आज तक नहीं की गयी। यही चाहते हैं जल्द-जल्द से पानी की समस्या को दूर किया जाए। इस संबंध वार्ड 8 पार्षद बंटी भील ने बताया कि 20 मिनट में नल आ जायेंगे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुना (कमल लोधा)। जिले के मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने थाना अंतर्गत विगत दिवस घर में घुसकर 15 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म एवं उसका अपहरण करने के मामले में सक्रियता पूर्वक कार्यवाही करते हुए प्रकरण के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि 04 मई को 15 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी ने जिले के मधुसूदनगढ़ थाने पर रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि 03 मई को उसके माता-पिता मजदूरी करने दूसरे गांव चले गये थे। घर पर वह और उसके छोटे भाई-बहन ही थे। रात्रि करीब 02 बजे उसके घर में मधुसूदनगढ़ का राहुल सिलावट घुस आया और उसके भाई को जान से मारने की धमकी देकर राहुल ने उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया। इसके बाद राहुल उसे खींचकर घर के बाहर ले गया और एक सुनसान गली में सुबह तक बिठाकर रखा एवं यह सब बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।जब उसने अपनी ओर से किसी को भी कुछ नहीं बताना बोला गया तब जाकर राहुल ने उसे अपने घर वापस जाने दिया। जिसकी रिपोर्ट पर से आरोपी राहुल सिलावट के विरूद्ध मधुसूदनगढ़ थाने में अप.क्र. 94/24 धारा 450, 376, 363, 366ए, 342, 506 भादवि एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही कर आरोपी राहुल पुत्र गोपाल सिलावट उम्र 19 साल निवासी मधुसूदनगढ़ जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं जिसे आज माननीय न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।
कमल सिंहएबीएन न्यूज नेटवर्क, चाचौड़ा। शुक्रवार को चाचौड़ा तहसील के ग्राम पिपलिया, कुशालपुरा, दमदमपुरा, कुलम्बैह, बड़ी मांगरोल, छोटी मांगरोल, महेशपुर, मुहासा, नेपुरा आदि ग्रामों में संत रामपाल जी महाराज के भक्तों ने ज्ञान गंगा पुस्तक का प्रचार-प्रसार किया। बता दें संत रामपाल जी महाराज के अनुयायी ज्ञान गंगा पुस्तक के माध्यम से संत रामपाल जी महाराज द्वारा सुलझाये गये प्रश्नों को समाज के सामने रखते हैं। जैसे- हमें जन्म देने व मारने में किस प्रभु का स्वार्थ है? सभी कहते हैं कि सबका मालिक एक है। लेकिन आज तक क्यों उसका नाम नहीं बता पाया? पूर्ण परमात्मा कौन है? उसका नाम क्या है? उसकी पूजा की विधि क्या है? मोक्ष प्राप्ति के वास्तविक मंत्र कौन से हैं? तत्वदर्शी संत की पहचान क्या है? सृष्टि की रचना कैसे हुई? ऐसे अनेक अनसुलझे सवालों के शास्त्रों से प्रमाणित उत्तर लिखे हुए हैं। पुस्तक सेवा में उपस्थित अनुयायियों ने बताया है ज्ञान गंगा पुस्तक का प्रचार-प्रसार गुना जिले में ही नहीं, बल्कि पूरे देश- विदेश में किया जा रहा है। पुस्तक सेवा करने का उद्देश्य है समाज में फैल रही कुरीतियां दहेज प्रथा, नशा, रिश्वतखोरी, मिलावट खोरी, जैसी तमाम कुरीतियों को दूर किया जा सके।
एबीएन गुना प्रतिनिधि (कमल लोधा)। जेल में बंद कैदियों को भी अब बेहतर उपचार की व्यवस्था की गयी है। उनके लिए टेली मेडिसिन सुविधा की शुरुआत की गयी है। मिली जानकारी अनुसार जेल में ही कैदियों को बेहतर उपचार मिलेगा। जिला जेल गुना और चांचौड़ा में कार्यक्रम आयोजित कर इसकी शुरुआत की गयी। जिला जेल में इस मौके पर जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रविंद्र प्रताप चुंडावत, विभूति तिवारी जिला विधिक सहायता अधिकारी, जेल अधीक्षक अतुल सिन्हा, स्वास्थ्य विभाग के सत्येंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार जेल में बंद कैदियों के बेहतर स्वास्थ्य और अच्छी स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त हों इसके लिए टेली मेडिसीन सुविधा शुरू की गयी है।
कमल सिंह लोधा एबीएन सेंट्रल डेस्क (बीना)। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रमोद तिवारी ने गाड़ियों में यात्रियों के लिए वेंडरों द्वारा उपलब्ध करवायी गयी खान-पान सामग्री तथा बीना स्टेशन पहुंचकर प्लेटफार्म पर स्टालों द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की गयी। साथ ही कैटरिंग स्टॉल के निरीक्षण के दौरान स्टॉल पर जनता खाना के बॉक्स पर एक्सपायरी तिथि की उपलब्धता, गैर अनुमोदित पीएडी आइटम की बिक्री एवं खुले में खाद्य सामग्री बेचने जैसी अनियमितता संबंधी जांच की गयी। निरीक्षण के दौरान बीना स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 4 पर संचालित खानपान स्टॉल पर उपलब्ध गैर-अनुमोदित खाद्य सामग्री जब्त की गयी। साथ ही पेटीज की गुणवत्ता जांच हेतु सैंपलिंग कराकर जांच हेतु भेजा गया। इसी प्रकार प्लेटफार्म क्रम संख्या 4 के अन्य स्टॉल के बाहर अनाधिकृत रूप से रखे हुए फ्रिज को भी जब्त कर लिया गया है। स्टेशन परिसर से अनधिकृत रूप से रखी गयी गैर-अनुमोदित पानी बॉटल की 55 पेटी भी जब्त की गयी। स्टेशन परिसर में वेंडर द्वारा बेचे जा रहे समोसे की भी जांच की गयी एवं निर्धारित मानकों के अनुसार न पाये जाने पर समोसों को नष्ट कराया गया। साथ ही संबंधित लाइसेंसी के प्रतिनिधि को आवश्यक सुधार कर गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध करने हेतु निर्देश दिये गये। कार्यवाही के दौरान मुख्य खानपान निरीक्षक मोहित यादव, वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह, मंडल वाणिज्य निरीक्षक/ बीना आशीष अवस्थी एवं अन्य पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। रेल प्रशासन यात्रियों को उच्च गुणवत्ता के साथ बेहतर खानपान सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.