एबीएन सेंट्रल डेस्क। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने यहां अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर एक पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि का पता चलने के बाद शनिवार को कई राउंड गोलीबारी की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ड्रोन पाकिस्तान की ओर लौट गया, लेकिन यह सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है कि ड्रोन से कोई सामग्री तो नहीं गिराई गई। जम्मू फ्रंटियर बीएसएफ के उप महानिरीक्षक व जनसंपर्क अधिकारी एसपी संधू ने कहा, पाकिस्तान की ओर से एक ड्रोन को शाम 7.25 बजे अरनिया क्षेत्र में भारतीय क्षेत्र की ओर आते देखा गया। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के सतर्क जवानों ने ड्रोन के भारतीय सीमा में घुसने के तुरंत बाद उसे नष्ट करने के लिए करीब आठ राउंड गोलीबारी की, लेकिन वह वापस चला गया। संधू ने कहा कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और यह सुनिश्चित करने के लिए तलाशी अभियान जारी है कि ड्रोन से कोई सामग्री न गिराई गई हो। बीएसएफ ने सांबा जिले के चक फकीरा इलाके में एक भूमिगत सीमा पार सुरंग का पता लगाया था, जिसके तीन दिन बाद यह घटना हुई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार ईंधन की कीमतों में नियमित रूप से इजाफा करके देश की जनता का उत्पीड़न कर रही है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़त को लेकर ममता ने यह आरोप लगाया। ममता ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस (एलपीजी) और अन्य जरूरी चीजों के दाम बढ़ाकर महान भारतीय लूट (ग्रेट इंडियन लूट) कर रही है। ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, केंद्र सरकार को भारत के लोगों का उत्पीड़न तुरंत बंद करना चाहिए। ईंधन, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बार-बार वृद्धि करके भाजपा वास्तव में एक महान भारतीय लूट (ग्रेट इंडियन लूट) कर रही है। देश के लोगों को बेवकूफ बनाया जा रहा है। घरेलू रसोई गैस की कीमत में शनिवार को 50 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई, जो पिछले दो महीनों में की गई दूसरी वृद्धि है। इससे कोलकाता शहर में घरेलू रसोई गैस की कीमत बढ़कर 1,026 रुपये हो गई है। रसोई गैस सिलेंडर की कीमत स्थानीय करों के आधार पर अलग-अलग शहरों में अलग-अलग होती है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूपी के सोनभद्र जिले के रोबेर्त्स्ग में भीषण सड़क दुर्घटना हुआ, जहां कार और हाइवा की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने नजदीक के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र के सिंघीताली गांव के रहने वाले रंजन चौबे बुधवार की रात दिलीप चंद्रवंशी और राजू बैठा के साथ वाराणसी के लिए निकले। वाराणसी पहुंचने से पहले रोबेर्त्स्ग के आगे मधुपुर में उनकी कार की भीषण टक्कर सामने से आ रही हाइवा से हो गई। इसमें दिलीप चंद्रवंशी और राजू बैठा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, रंजन चौबे गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस घटनास्थल पहुंची। दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा इसके साथ ही दोनों परिवार को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों परिवार के सदस्य उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। स्पाइसजेट की मुंबई-दुर्गापुर उड़ान के दौरान सामने आई घटना को लेकर विमानन नियामक सख्त हो गया है। इस हादसे को एक आंख खोलने वाली घटना करार देते हुए डीजीसीए ने घोषणा की है कि अब विमानों की रात में जांच शुरू की जाएगी। जांच के दौरान अगर विमानों में कमी पाई गई तो वे उड़ान नहीं भर सकेंगे। स्पाइसजेट के 70 विमान जांचे गए : नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के डायरेक्टर जनरल अरुण कुमार ने स्पाइसजेट मामले को लेकर ये निरीक्षण कार्यक्रम शुरू करने का आदेश दिया है। डीजीसीए ने कहा है कि कमजोर या पुराने फ्लीट वाले भारतीय विमानों की अब देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर जांच की जाएगी। इन विमानों की फिटनेस चेक करने के साथ केबिन की जांच तब की जाएगी जब ये रात में हवाई अड्डों पर पार्क होंगे। यहां बता दें कि हादसे के बाद अब तक स्पाइसजेट के बेड़े में शामिल 70 विमानों की जांच की गई है। बड़े पैमाने पर चलेगा निरीक्षण कार्यक्रम : अरुण कुमार ने कहा कि हम इस निरीक्षण कार्यक्रम को बड़े पैमाने पर करने जा रहे हैं। हमारा विचार है कि पूरे बेड़े की जांच करना और जहां भी जरूरी हो निवारण करना है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय प्रत्येक विमान की अच्छी तरह से जांच करने के लिए अपनी टीमों को भेजेगा। यह टीम आम शिकायतों के आधार पर टूटे हुए हैंड रेस्ट, मील टेबल, खिड़की के शीशे और फटी हुई सीटों की जांच करेगी। वायुमंडलीय विक्षोभ में फंस गया था विमान : गौरतलब है कि एक मई रविवार को स्पाइसजेट के मुंबई-दुर्गापुर के बीच उड़ान भरने वाला विमान हवाईअड्डे पर लैंड करते समय गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ में फंस गया था। इसके चलते विमान में जोरदार झटका लगा और यात्रियों का सामान उनके ऊपर आ गिरा। इस घटना में तीन क्रू मेंबर समेत 17 यात्री घायल हो गए थे। इनमें से दो घायल यात्री फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्रांस दौरे से पहले यहां के बड़े डिफेंस नेवी समूह ने भारत को बड़ा झटका दिया है। दरअसल, नेवी समूह ने मंगलवार को घोषणा की है कि वो भारत के पी-75 प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन पाएगा। गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट के तहत भारतीय नौसेना के लिए छह पारंपरिक पनडुब्बियों का निर्माण किया जाना था। 43 हजार करोड़ का है प्रोजेक्ट : इस 43,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए पांच अंतरराष्ट्रीय समूहों में से फ्रांस का डिफेंस नेवी समूह भी एक है। इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने से इनकार करते हुए समूह ने कहा है कि वो रिक्वेस्ट फोर प्रपोजल यानी आरएफपी की शर्तें पूरी नहीं कर सकता है, जो कि एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन सिस्टम (एपीआई प्रणाली) से संबद्ध है और इसलिए वो इस परियोजना से पीछे हट रहा है। बता दें कि नेवी समूह की ओर से ये घोषणा ऐसे समय में की गई है जबकि अगले दिन बुधवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेरिस यात्रा पर पहुंचने वाले हैं। पीएम यहां फिर से चुने गए देश के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिलने वाले हैं। एआईपी प्रणाली को ऐसे समझें : गौरतलब है कि यह प्रोजेक्ट (P-75I) भारत में पनडुब्बियां बनाने की दूसरी सबसे बड़ी परियोजना है। वहीं एआईपी प्रणाली एक पारंपरिक पनडुब्बी को अधिक समय तक उच्च गति पर पानी में डूबे रहने की अनुमति देती है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल जून में, रक्षा मंत्रालय ने P-75I परियोजना को मंजूरी दी थी और बाद में दो शॉर्टलिस्ट की गई भारतीय कंपनियों, जिनमें निजी कंपनी लार्सन एंड टुब्रो और राज्य द्वारा संचालित मझगांव डॉक्स लिमिटेड को आरएफपी जारी किए गए थे। इन दो भारतीय कंपनियों को पांच शॉर्टलिस्ट की गई अंतरराष्ट्रीय समूहों में से एक के साथ गठजोड़ करना है। इन समूहों में थिसेनक्रुप मरीन सिस्टम्स (जर्मनी), नवांटिया (स्पेन) और नेवल ग्रुप (फ्रांस), देवू (दक्षिण कोरिया) और रोसोबोरोनएक्सपोर्ट (रूस) शामिल हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को यूक्रेन में तत्काल युद्ध विराम की अपील की और संकट के समाधान के लिए बातचीत एवं कूटनीति के रास्ते पर लौटने की जरूरत बताई। इस दौरान डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेट्टे फ्रेडेरिक्सेन ने उम्मीद जताई कि भारत युद्ध को समाप्त करने के लिए रूस पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करेगा। मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता के बाद यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने यूक्रेन के संकट पर चर्चा की और यूक्रेन में तत्काल युद्ध विराम की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा, हमने यूक्रेन में तत्काल युद्ध विराम करने और संकट के समाधान के लिए संवाद एवं कूटनीति के रास्ते पर लौटने की अपील की। फ्रेडेरिक्सेन ने उम्मीद जताई कि भारत रूस पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करेगा। उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से जंग समाप्त करने तथा लोगों की हत्याएं रोकने को कहा। उन्होंने कहा, मेरा संदेश बहुत साफ है कि पुतिन को यह जंग रोकनी होगी और लोगों की जान लेना बंद करना होगा। जाहिर तौर पर मुझे उम्मीद है कि भारत इस बातचीत में रूस पर भी दबाव बनाएगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। झारखंड में राजनीतिक कड़वाहट के बीच सीएम हेमंत सोरेन ने हैदराबाद से लोगों को स्वीट संदेश दिया है। मां रूपी सोरेन के इलाज के लिए बीते दिनों हैदराबाद आए मुख्यमंत्री ने सोमवार को यहां एक अस्पताल में इलाजरत मुख्य विपक्षी दल भाजपा के नेता और रांची सांसद संजय सेठ से भी मुलाकात की। सीएम हेमंत सोरेन ने रांची सांसद को गले लगाया और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए शुभकामना दी। उन्हें प्रोत्साहित भी किया। बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को हैदराबाद में Asian Institute Of Gastroenterology (AIG) में इलाजरत रांची के सांसद संजय सेठ से मुलाकात की और मुख्यमंत्री ने सांसद संजय सेठ के स्वास्थ्य की जानकारी ली और कुशल क्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन का भी इलाज इन दिनों हैदराबाद के इसी अस्पताल में चल रहा है। उन्हें यहां के एआईजी (एशियन इंस्टिट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरालॉजी) अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है। इससे पहले उन्हें 20 अप्रैल रांची के हिल व्यू अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए यहां लाया गया था। जहां प्रख्यात डॉक्टर नागेश्वर रेड्डी उनका इलाज कर रहे हैं। इधर झारखंड में राजनीतिक हलचल तेज है। झारखंड में मुख्य विपक्षी दल भाजपा खनन पट्टा आवंटन मामले को लेकर सीएम हेमंत सोरेन पर हमलावर है। पार्टी इस मामले में सीएम पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की शिकायत के बाद निर्वाचन आयोग ने इस मामले में रिपोर्ट मांगा है। वहीं जेएमएम भी भाजपा नेताओं पर पलटवार कर रही है। जेएमएम पत्थर खदान लीज मामले में किसी गड़बड़ी से इंकार कर रही है। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास पर उल्टे भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है। दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर निजी हमलों से भी बाज नहीं आ रहे हैं। इस बीच विपक्षी दल भाजपा के नेता से हैदराबाद के अस्पताल में सीएम की मुलाकात को राजनीतिक गलियारे में अच्छा संदेश माना जा रहा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में गहराए बिजली संकट को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने अपने आवास पर एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में कोयला मंत्री, उर्जा मत्री और रेल मंत्री भी मौजूद हैं। ये बैठक गृहमंत्री के घर पर हो रही है। बता दें कि इससे पहले अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री के बयान आए थे कि उनके राज्यों को कोयला नहीं मिल पा रहा है जिसकी वजह से बिजली संकट खड़ा हो रहा है, जिसे देखते हुए गृहमंत्री ने ये आपात बैठक बुलाई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। विमानन नियामक डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) ने सोमवार को कहा कि उसने मुंबई-दुर्गापुर उड़ान मामले की जांच के लिए एक बहुआयामी टीम गठित की है। दरअसल, स्पाइसजेट की मुंबई-दुर्गापुर उड़ान को हवाईअड्डे पर उतरते समय रविवार को गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा, जिस दौरान उसमें सवार 15 लोग घायल हो गए। स्पाइसजेट ने सोमवार को कहा कि मुंबई-दुर्गापुर उड़ान में रविवार को हादसे के समय सीट बेल्ट साइन चालू था और चालक दल के सदस्यों की ओर से यात्रियों को बैठने के लिए कई घोषणाएं की गईं थीं। डीजीसीए के अधिकारियों ने कहा कि इस उड़ान में 12 यात्री और चालक दल के तीन सदस्यों समेत कुल 15 लोग घायल हो गए थे। डीजीसीए प्रमुख अरुण कुमार ने कहा कि हमने इस घटना की नियामकीय जांच करने के लिए एक बहुआयामी टीम गठित की है। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि एक मई को मुंबई से दुर्गापुर जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान एसजी-945 पर यात्रा करने वाले 11 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिन्हें उतरने के दौरान गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा, जिसके परिणामस्वरूप कुछ यात्रियों को चोटें आईं। स्पाइसजेट प्रवक्ता के मुताबिक अस्पताल में भर्ती आठ लोगों को छुट्टी दे दी गयी है। कंपनी घायल लोगों की हर संभव मदद कर रही है। प्रवक्ता ने बताया कि विमान के दुर्गापुर में उतरने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करायी गयी। उन्होंने कहा कि स्पाइसजेट इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर खेद व्यक्त करता है और वह घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.