Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
विवादित टिप्पणी : तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा गिरफ्तार
Published / 2022-08-23 10:57:54
विवादित टिप्पणी : तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा गिरफ्तार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी करने का आरोप है। सोशल मीडिया पर उनके द्वारा की गई टिप्पणी के बाद हैदराबाद में देर रात कई जगह विरोध प्रदर्शन हुआ। इसके बाद टी राजा के खिलाफ पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया था। डीसीपी पी साई चैतन्य ने बताया, बड़ी संख्या में लोगों ने बीती रात साउथ जोन डीसीपी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया था। लोगों का कहना था कि भाजपा विधायक ने एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। इसके बाद उनके खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो को लेकर उन्होंने पैगंबर मोहम्मद को लेकर कथित तौर पर टिप्पणी की थी। उनका यह पोस्ट वायरल हो गया और देखते ही देखते देर रात में दबीरपुरा, भवानी नगर, मिचौक, रेनबाजार में लोग पुलिस स्टेशनों में पहुंच गए ओर प्रदर्शन करने लगे। यह पूरा विवाद छह मिनट तैंतीस सेकंड के वीडियो से जुड़ा है, जिसे भाजपा विधायक टी राजा ने खुद शूट करवाया था। इसमें उन्होंने विवादों में रहने वाले कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी को निशाना बनाते हुए टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा, एक कॉमेडियन है जो थर्ड क्लास कॉमेडी करता है और हिंदुओं, भाजपा के बड़े अधिकारियों को टारगेट करता है। भगवान रामचंद्र और सीता मैया के बारे में अपशब्द कहता है...। आरोप है कि इस वीडियो में उन्होंने अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं। बाद में वे वीडियो में कह रहे हैं, जो जिस भाषा में सुनेगा, उसे टी राजा सिंह उसी भाषा में जवाब देगा। मेरा ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था, लेकिन इसकी वजह है कि एक व्यक्ति ने मेरे राम और मेरी सीता माता के बारे में अपशब्द कहे और हमारे भगवानों पर कॉमेडी की। इसलिए आज मजबूरन मुझे भी ये कॉमेडी करनी पड़ रही है...विचार करें। गिरफ्तारी से पहले विधायक की सफाई : गिरफ्तारी से पहले भाजपा विधायक टी राजा ने अपने बयान पर सफाई भी दी है। उन्होंने कहा है कि हर एक्शन का रिएक्शन होता है। मेरे खिलाफ केस दर्ज क्यों किया गया। क्या हमारे राम, राम नहीं हैं। माता-सीता हमारी मां नहीं है। अगर है तो एकतरफा कार्रवाई क्यों? कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी को दी थी धमकी : इससे पहले टी राजा सिंह ने कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी को भी कथित तौर पर धमकी दी थी। उन्होंने उनके शो को भी रद्द करने की मांग की थी। शुक्रवार को जब टी राजा मुनव्वर फारूकी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे तो पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में ले लिया गया था।

मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी, 11 जिलों में स्कूल बंद
Published / 2022-08-23 03:37:25
मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी, 11 जिलों में स्कूल बंद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मानसून की बारिश ने कई राज्यों में तबाही मचा दी है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और बिहार में पिछले 48 घंटे से भारी बारिश हो रही है। राजस्थान में 200 और मध्य प्रदेश में करीब 60 छोटे-बड़े डैम ओवरफ्लो हो गये हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में गंगा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है और बिहार में ये खतरे के निशान के करीब है। हिमाचल प्रदेश में लैंड स्लाइड के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। इन सभी राज्यों में मंगलवार के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले 2 दिन बारिश से कोई राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भी कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज रतलाम, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ और अलीराजपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं बडवानी, खरगोन, खंडवा, देवास, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में नदियां, नाले और अन्य जल स्त्रोत उफान पर हैं और पानी छोड़ने के लिए कई बांधों के द्वार खोल दिये गये हैं। खासकर पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई सड़कों पर कम दृश्यता के कारण वाहनों की आवाजाही कम हो गई है। प्रदेश के कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की खबरें हैं। आईएमडी ने लोगों को मूसलाधार बारिश के बीच यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। वहीं सोमवार को भारी बारिश के चलते भोपाल, हरदा, सीहोर, रतलाम, उज्जैन और इंदौर समेत 11 जिलों में स्कूल बंद रहे। जबकि सीहोर में 24 अगस्त तक स्कूल बंद रहेंगे। राजस्थान के कोटा, झालावाड़ और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और बाद में बांधों से अत्यधिक पानी छोड़े जाने से बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। जिला प्रशासन ने कोटा, झालावाड़ और बूंदी में सरकारी और निजी स्कूलों में मंगलवार को अवकाश घोषित कर दिया है। इन जिलों में सोमवार को भी स्कूल बंद रहे। तीनों जिलों में कोटा सबसे ज्यादा प्रभावित है। कोटा के जिला कलेक्टर ओ पी बुनकर ने बताया कि लगभग 3500 लोगों को निचले इलाकों से सुरक्षित स्थानों और अस्थायी आश्रय स्थलों में स्थानांतरित कर दिया गया है क्योंकि निचले इलाकों में पानी में डूब गए हैं। उन्होंने बताया कि कोटा बैराज के 19 में से 14 गेट खोलकर अब तक करीब 3.83 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है। अधिकारियों ने कोटा बैराज से 5.75 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने की योजना बनाई है। कोटा और झालावाड़ के अलावा, बूंदी, बारां, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, दौसा और करौली के कई इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान में व्यापक बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं राजधानी जयपुर में भी कल शाम से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। 6 लोग अब भी लापता हैं जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने मंडी जिले में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और कहा कि राज्य सरकार मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये देगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को स्थिति से अवगत करा दिया गया है और नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय दल राज्य का दौरा करेगा। इस बीच तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने सीएम जयराम ठाकुर को पत्र लिखकर राज्य में भारी बारिश से जानमाल को हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। दलाई लामा ने पत्र में लिखा, मैं आपके प्रति और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। हिमाचल में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 23 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई है। लाहुल स्पीति को छोड़ बाकी सभी जिलों में आंधी चलने, बिजली गिरने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 और 25 को भी भारी वर्षा की आशंका है। 26 से मानसून कुछ कमजोर होगा। झारखंड में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया : शुक्रवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों और बांधों के उफान पर होने के चलते निचले इलाकों में बाढ़ के हालात बनने पर झारखंड के दक्षिणी हिस्से में रहने वाले करीब 2,500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि चांडिल और तेनुघाट जैसे बांधों से छोड़े गये पानी के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे खासतौर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर शहर समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोग प्रभावित हुए।

कश्मीर से कन्याकुमारी तक कांग्रेस करेगी "भारत जोड़ो यात्रा", आज लॉन्च होगा लोगो
Published / 2022-08-23 03:29:31
कश्मीर से कन्याकुमारी तक कांग्रेस करेगी "भारत जोड़ो यात्रा", आज लॉन्च होगा लोगो

एबीएन सेंट्रल डेस्क। महंगाई समेत कई मुद्दों पर इस वक्त कांग्रेस देश की केंद्र सरकार पर हमलावर है तो वहीं वो 7 सितबंर से देश में "भारत जोड़ो यात्रा" की शुरुआत करने जा रही है, जिसके लिए उसने सोमवार को राजधानी के पार्टी कार्यालय पर एक लंबी बैठक भी की है। आज पार्टी इस यात्रा का लोगो लॉन्च करने वाली है। पार्टी इस सिलसिले में दिन के 12 बजे एक प्रेस वार्ता भी करेगी, जिसमें पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। मालूम हो कि सोमवार को इस यात्रा को लेकर जो बैठक हुई थी उसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल थे। यह यात्रा कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक चलेगी, जिसकी शुरुआत कन्याकुमारी से होगी, यह पैदल यात्रा होगी जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा समाज सेवक भी शामिल हो सकते हैं। इस बारे में बात करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि इसी दिन 80 साल पहले महात्मा गांधी के नेतृत्व और प्रेरणा में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भारत छोड़ो आंदोलन शुरू किया था जिसने पांच साल बाद देश को आजादी दिलाई थी। पदयात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 3,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और लगभग 150 दिनों में पूरी होगी। यात्रा में राहुल गांधी समेत कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग भय, कट्टरता और पूर्वाग्रह की राजनीति, बढ़ती बेरोजगारी और बढ़ती असमानताओं की राजनीति का विकल्प चाहते हैं, वो लोग जरूर इस यात्रा में हिस्सा लें।

दिल्ली में हर 15 इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 2024 तक होगा एक चार्जिंग केंद्र
Published / 2022-08-23 03:25:14
दिल्ली में हर 15 इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 2024 तक होगा एक चार्जिंग केंद्र

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली सरकार ने वर्ष 2024 तक प्रत्येक 15 इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए एक सार्वजनिक चार्जिंग केंद्र उपलब्ध कराने की कार्य योजना बनाई है। ईवी के लिए नयी नीति के दस्तावेजों के तहत सरकार का इस नीति के तहत बैटरी अदला-बदला सुविधा का संचालन करने वालों को प्रोत्साहन प्रदान करने का भी इरादा है। दिल्ली सरकार की इस नीति में बिजली वितरण कंपनियां भी शामिल है, जो ग्रिड पर ईवी चार्जिंग के प्रभाव का अध्ययन करेंगी। दिल्ली सरकार ने सोमवार को अपनी ईवी नीति के दो साल पूरे होने पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए "चार्जिंग कार्य योजना" जारी की। इसे पहली बार 2020 में पेश किया गया था। इस नीति का नाम 2022-25 के लिए चार्जिंग/ बैटरी अदला-बदली के बुनियादी ढांचे की कार्य योजना रखा गया है। नीति के तहत राज्य में बैटरी अदला-बदली की सुविधा प्रदान करने वाले संचालकों को प्रोत्साहन प्रदान किया जायेगा। योजना में कहा गया है कि यदि वाहन के साथ बैटरी नहीं बेची जाती है, तो बिजली संचालकों को खरीद प्रोत्साहन का 50 प्रतिशत तक यह सुनिश्चित करने के लिए दिया जायेगा कि अंतिम उपयोगकर्ता को बड़ी जमा राशि का भुगतान नहीं करना पड़े। दस्तावेज में कहा गया, वाहन विनिर्माताओं को अपने अदला-बदली मॉडल को अलग से पंजीकृत करने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। इसके अनुसार, बैटरियों की लागत आमतौर पर कुल ईवी लागत का 40 से 50 प्रतिशत होती है और यह ईवी उपयोगकर्ता को बैटरी खराब होने के जोखिम से भी बचाती है। इसलिए, समाधान के रूप में बैटरी की अदला-बदली भारत के ई-वाहन क्षेत्र को बढ़ावा देने में मदद कर सकती है। कार्य योजना में यह भी कहा गया है कि नीति आयोग द्वारा 20 अप्रैल, 2022 को प्रकाशित बैटरी अदला-बदला नीति के मसौदे और बाद के किसी भी संशोधन के साथ भविष्य के उपायों को भी ध्यान में रखा जायेगा। दस्तावेज में कहा गया है कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य 2024 तक प्रत्येक 15 ईवी के लिए एक सार्वजनिक चार्जिंग केंद्र प्रदान करना है। चार्जिंग केंद्र का यह जाल पूरे दिल्ली में फैलाया जायेगा और दिल्ली में कहीं से भी तीन किमी के भीतर एक चार्जिंग केंद्र उपलब्ध होगा।

दुर्गा पूजा : सीएम ममता ने शुरू की "मेगा तैयारी", किये कई ऐलान
Published / 2022-08-22 17:23:57
दुर्गा पूजा : सीएम ममता ने शुरू की "मेगा तैयारी", किये कई ऐलान

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गा पूजा आयोजन समितियों को 60 हजार रुपये अनुदान देने की घोषणा की है। पहले राज्य सरकार 50 हजार रुपये देती थी। ममता बनर्जी ने सोमवार को इसकी अनुदान राशि बढ़ाने का ऐलान किया। पूजा समितियों द्वारा किए जाने वाले बिजली शुल्क पर रियायत को भी मौजूदा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। बंगाल की मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कोलकाता की दुर्गा पूजा को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल करने के लिए यूनेस्को को धन्यवाद देने के लिए एक सितंबर को कोलकाता में एक विशाल रैली का आयोजन किया जायेगा। कोलकाता की दुर्गा पूजा एशिया का पहला त्योहार है जिसे यूनेस्को से यह मान्यता मिली है। ममता बनर्जी ने यह भी घोषणा की कि वार्षिक शरदोत्सव के अवसर पर सभी राज्य सरकार के कार्यालय 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। ममता बनर्जी ने ये घोषणाएं आज कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में दुर्गा पूजा आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक के दौरान की। राज्य सरकार दुर्गा पूजा को एक अंतरराष्ट्रीय त्योहार के रूप में बढ़ावा देना चाहती है और ममता बनर्जी ने सभी पूजा आयोजकों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि विदेशी पर्यटकों को शहर की यात्रा के दौरान किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। ममता बनर्जी के अनुसार, मेगा रैली 1 सितंबर को दोपहर 2 बजे उत्तरी कोलकाता के जोरासांको ठाकुरबाड़ी (रवींद्रनाथ टैगोर की जन्मस्थली) से शुरू होगी और रानी रसमनी एवेन्यू से होते हुए मध्य कोलकाता में धर्मतला पहुंचेगी। मुख्यमंत्री ने सभी पूजा आयोजकों से मेगा जुलूस में भाग लेने का अनुरोध किया। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि कक्षा 11 और 12 के छात्रों को इसमें भाग लेने की अनुमति दी जाए। यह जुलूस करीब पांच किलोमीटर का होगा। ममता बनर्जी ने कहा कि यूनेस्को के प्रतिनिधि अतिथि के रूप में जुलूस में शामिल होंगे। उन्होंने आगे कहा कि इस बार की पूजा खास होने वाली है। हमें इस बार बहुत अच्छी योजना बनानी चाहिए। दुर्गा पूजा इस साल 30 सितंबर को शुरू हो रही है। बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्सव 1 सितंबर को मेगा जुलूस के साथ जल्दी शुरू होगा।

आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट का फिदायीन गिरफ्तार, सत्ताधारी बड़े नेता थे टारगेट पर
Published / 2022-08-22 14:11:26
आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट का फिदायीन गिरफ्तार, सत्ताधारी बड़े नेता थे टारगेट पर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस में आतंकी संगठन अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट का फिदायीन गिरफ्तार किया गया है। वह भारत में आत्मघाती हमले की साजिश रच रहा था। दरअसल आतंकी मध्य एशिया का रहने वाला था और उसे सुरक्षा एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। उसके बारे में बताया गया है कि उसने तुर्की में आतंकी हमले की ट्रेनिंग ली है। इस मामले पर रूस की फेडरेल सिक्योरिटी सर्विस ने बताया है कि हमलावर भारत में सत्ताधारी दल के एक बड़े नेता पर हमला करने की योजना बना रहा था। बयान में कहा गया है कि हिरासत में लिए गए आईएस नेताओं में से एक को तुर्की में आत्मघाती हमलावर के रूप में भर्ती किया था। इससे पहले पूर्व भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की इस्लामिक पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी से भड़के विवाद के बाद इस्लामिक स्टेट ने पूरे भारत में हमला करने की धमकी दी थी। भारतीय उपमहाद्वीप में सक्रिय इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत ने इसी मुद्दे पर 50 पन्नों का एक दस्तावेज भी जारी किया था। तब आईएसआईएस की अफगानिस्तान स्थित ब्रांच इस्लामिक स्टेट खोरासान प्रोवींस ने भारत और नूपुर शर्मा के बयान को ईशनिंदा से जोड़ते हुए एक 10 मिनट का वीडियो जारी किया था। तब आतंकी संगठन ने कहा था कि वह भारत में 20 दिन के भीतर दो हमले करेगा। वीडियो में कहा गया था कि तालिबान हिंदुओं को इस्लामिक स्टेट से नहीं बचा पाएगा, क्योंकि वो शिया मुसलमानों को बचाने में भी नाकाम रहा है। इससे अलावा ऐसी ही धमकी अल-कायदा की तरफ से भी मिली थी। तब उसने कहा था कि गुजरात, उत्तर प्रदेश, मुंबई और दिल्ली में पैगंबर मोहम्मद की गरिमा की लड़ाई के लिए आत्मघाती हमला करेगा। धमकियों पर गृह मंत्रालय ने कहा कि आईएस अपनी विचारधारा को प्रचारित करने के लिए विभिन्न इंटरनेट आधारित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहा है। इस संबंध में संबंधित एजेंसियों द्वारा साइबरस्पेस पर कड़ी नजर रखी जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। एफएसबी की बात करें तो यह रूस की प्रमुख सुरक्षा एजेंसी है और सोवियत संघ के ङॠइ की मुख्य उत्तराधिकारी एजेंसी है। इसकी प्राथमिक जिम्मेदारियां देश के भीतर हैं और इसमें काउंटर-इंटेलिजेंस, आंतरिक और सीमा सुरक्षा, आतंकवाद और निगरानी के साथ-साथ कुछ अन्य प्रकार के गंभीर अपराधों और संघीय कानून के उल्लंघन की जांच शामिल है। इसका मुख्यालय पूर्व केजीबी की मुख्य इमारत में मास्को के केंद्र लुब्यंका स्क्वायर में है। एफएसबी के निदेशक को रूस के राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त किया जाता है।

...आखिर आइसीयू में राजू श्रीवास्तव तक क्यों पहुंचा था अनजान शख्स, अब गार्ड तैनात
Published / 2022-08-22 07:04:01
...आखिर आइसीयू में राजू श्रीवास्तव तक क्यों पहुंचा था अनजान शख्स, अब गार्ड तैनात

एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली एम्स में भर्ती देश के मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के फैंस के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, पहले के मुताबिक अब राजू की तबीयत में सुधार है। उनके पूरे शरीर में मूवमेंट पहले से बेहतर है। मगर, अभी भी ब्रेन ठीक से रिस्पॉन्स नहीं कर पा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने ऑक्सीजन सप्लाई को 10% तक कम किया है। उनका ब्लड प्रेशर भी नॉर्मल बताया गया है। उन्हें लिक्विड डाइट में दूध और जूस नली के जरिए दिया जा रहा है। बता दें कि 10 अगस्त को राजू एक जिम में ट्रेडमिल पर एक्सरसाइज करते वक्त हार्ट अटैक से नीचे गिर गए थे और तब से वे दिल्ली AIIMS में एडमिट हैं। बीते बुधवार की रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सूत्रों के मुताबिक, AIIMS के सेकंड फ्लोर के ICU में राजू एडमिट हैं। करीब 3 दिन पहले एक हरकत भी हुई थी दरअसल, इस दौरान एक अनजान लड़का ICU के अंदर तक पहुंचकर राजू के साथ सेल्फी लेने लगा गया था जिसके बाद वहां मौजूद स्टाफ ने उसको रोका और उसकी जांच की। जिसके बाद परिजनोम की शिकायत के बाद ICU के बाहर गार्ड की तैनाती की गई। वहीं अब किसी को भी बिना अनुमति केराजू के ICU में एंट्री नहीं दी जा रही है। वहीं एक ओर जहां पूरा देश राजू की अच्छी सेहत के लिए दुआएं कर रहा है। वहीं इस बीच उनके दोस्त और कई राजनेताओं ने भी राजू की सेहत के बारे में हालचाल जाना। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने OSD दिनेश सहगल को दिल्ली भेजा था। उन्होंने मुख्यमंत्री को उनके स्वास्थ्य के बारे में पूरी जानकारी दी है। बता दें कि मुख्यमंत्री लगातार राजू की सेहत की मॉनिटरिंग करवा रहे हैं। तो वहीं कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी फोन कर राजू की सेहत का हाल जाना था।

टिकरी बार्डर : दिल्ली पुलिस और किसान में फिर भिड़ंत
Published / 2022-08-21 17:43:17
टिकरी बार्डर : दिल्ली पुलिस और किसान में फिर भिड़ंत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। टिकरी बार्डर पर एक बार फिर किसान व दिल्ली पुलिस आमने-सामने हो गए हैं। दिल्ली पुलिस के किसानों को टिकरी बार्डर पर रोक लेने के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। बता दें कि किसान जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली जा रहे थे, जिन्होंने आज रात को बंगला साहिब व रकाब साहिब में ठहरना था, लेकिन दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें टिकरी बार्डर पर ही रोक लिया गया है। बता दें कि कल जंतर-मंतर पर किसानों का धरना देने का प्रोग्राम था, लेकिन पुलिस ने उन्हें टिकरी बार्डर पर रोक दिया गया है। पुलिस और किसानों के बीच आपसी टकराव के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। अब बड़ी संख्या में किसान बार्डर पर इकट्ठे हो चुके हैं और जाम की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने किसी भी किसान को दिल्ली में एंट्री करने की इजाजत नहीं दी है। जिक्रयोग्य है कि यह वही टिकरी बार्डर है, जहां पर पिछले साल भी किसानों का धरना चलता रहा है, जिसमें हजारों किसानों द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला गया था और कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर लंबे समय तक धरना लगाया गया था।

कांग्रेस को एक और झटका : आनंद शर्मा का इस्तीफा, बस प्रचार करेंगे
Published / 2022-08-21 15:45:06
कांग्रेस को एक और झटका : आनंद शर्मा का इस्तीफा, बस प्रचार करेंगे

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे चिट्ठी में हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए संचालन समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, शर्मा ने आश्वासन दिया है कि वो कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार में हिस्सा लेंगे। आनंद शर्मा का इस्तीफा पार्टी की भीतरी कलह को एक बार फिर उजागर किया है। शर्मा उस G23 ग्रुप के ही सदस्य हैं जिसके एक अन्य सदस्य ग़ुलाम नबी आज़ाद ने भी जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष पद से नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए इस्तीफा दे दिया था। 69 वर्षीय शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे एक चिट्ठी में उन उदाहरणों का हवाला दिया, जहां उन्हें हिमाचल प्रदेश में महत्वपूर्ण चुनावी रणनीति की बैठकों के बारे में सूचित भी नहीं किया गया था और कहा, मेरा स्वाभिमान नॉन-निगोशिएबल है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में कांग्रेस के पूर्व उपनेता अपने समर्थकों को जुटाने के लिए मंगलवार से हिमाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 26 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, सीएलपी नेता और कैंपेन कमिटी के चेयरमैन समेत आठ अन्य कमिटियों का ऐलान किया था जिसमें एक संचालन समिति भी थी और आनंद शर्मा को इसका अध्यक्ष बनाया गया था, आशा कुमारी को संयोजक के पद पर नियुक्त किया गया था। कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे चिट्ठी में उन्होंने कहा कि कमिटी में बहुलता और कामों के ओवरलैपिंग को कार्यात्मक उद्देश्यों के लिए स्पष्टता की ज़रूरत है। आनंद शर्मा ने लिखा, मैंने महासचिव संगठन और एआईसीसी प्रभारी से संचालन समिति के जनादेश और भूमिका को स्पष्ट करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि हिमाचल कांग्रेस के कोर ग्रुप और चुनाव रणनीति और तैयारियों पर वरिष्ठ नेताओं की बैठकें दिल्ली और शिमला दोनों जगहों पर हुई हैं, लेकिन उन्हें इसके बारे में नहीं बताया गया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.