Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
सिडनी से दिल्ली जा रहे विमान की कोलकाता में क्यों हुई इमरजेंसी लैंडिंग...
Published / 2022-08-25 08:16:56
सिडनी से दिल्ली जा रहे विमान की कोलकाता में क्यों हुई इमरजेंसी लैंडिंग...

एबीएन सेंटल डेस्क। सिडनी से दिल्ली जा रहे एक विमान में सवार 50 वर्षीय एक यात्री ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की, जिसके बाद विमान को यहां आपात स्थिति में उतार लिया गया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होने से पहले विमान शाम 4 बजकर 50 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 50 मिनट तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खड़ा रहा। विमान में 159 यात्री सवार थे। अधिकारियों ने कहा कि यात्री को कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

देश में कोरोना : 24 घंटे में मिले 10 हज़ार से ज्यादा नये संक्रमित
Published / 2022-08-25 08:13:18
देश में कोरोना : 24 घंटे में मिले 10 हज़ार से ज्यादा नये संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 10,725 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,43,78,920 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 94,047 रह गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 36 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,27,488 हो गई। इन 36 मामलों में वे पांच लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन: मिलान करते हुए केरल ने संक्रमण से जान गंवाने वालों की सूची में डाले हैं। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 94,047 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.21 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,395 मामलों की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.60 प्रतिशत हो गई। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।

कर्नाटक : तुमकुरु में लॉरी और क्रूजर दुर्घटना में नौ की मौत
Published / 2022-08-25 03:37:46
कर्नाटक : तुमकुरु में लॉरी और क्रूजर दुर्घटना में नौ की मौत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कर्नाटक के तुमकुरु जिले के शिरा तालुकु में बलेनहल्ली गेट के पास आज देर रात एक लॉरी और क्रूजर के बीच भीषण सड़क दुर्घटना हो गयी। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई और 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों में चार की हालत गंभीर है और उन्हें तुमकुर जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक रायचूर जिले के बताए जा रहे हैं। पता चला है कि क्रूजर में 20 लोग सवार थे। एक लॉरी और एक क्रूजर की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ। कालेम्बेला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

रेलवे की कहानी : 12 नौकरी के बदले 1 लाख वर्गफुट जमीन! जानें क्या है लैंड फॉर जॉब घोटाला...
Published / 2022-08-24 15:48:32
रेलवे की कहानी : 12 नौकरी के बदले 1 लाख वर्गफुट जमीन! जानें क्या है लैंड फॉर जॉब घोटाला...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए नौकरी के बदले जमीन घोटाला हुआ था। करीब 14 साल पुराने इस जमीन घोटाले में पटना से गुरुग्राम तक सीबीआई रेड हुई। कुल मिलाकर 25 जगहों पर छापे पड़े। आरजेडी ने इसे बदले की कार्रवाई बताया है। बिहार में 14 साल पुराना भ्रष्टाचार का मामला उजागर होने के बाद सियासी दंगल मचा हुआ है। लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए नौकरी के बदले जमीन घोटाला हुआ था, सीबीआई ने उसकी जांच तेज कर दी है। आज बुधवार को बिहार, दिल्ली और हरियाणा में कुल 25 ठिकानों पर सीबीआई ने छापेमारी की। आरोप है कि रेल मंत्री रहते हुए लालू यादव ने पटना के 12 लोगों को ग्रुप डी में चुपके से नौकरी दी और उनसे अपने परिवार के लोगों के नाम पटना में जमीनें लिखवा लीं। सीबीआई का दावा है कि लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती और हेमा यादव के नाम प्लॉट्स की रजिस्ट्री कराई गई और जमीन की मामूली कीमत नकद में चुकाई गई। उधर, रेलवे में जिन पदों पर भर्ती हुई, उसका न तो विज्ञापन निकाला गया और न ही सेंट्रल रेलवे को सूचना दी गई। आवेदन देने के 3 दिन के अंदर नौकरी दे दी गई। इसी मामले में सीबीआई ने अब जांच तेज कर दी है। लेकिन आरजेडी का कहना है कि जिस दिन विधानसभा में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की नई सरकार का शक्ति परीक्षण होना था, उसी दिन सीबीआई ने ये छापेमारी की है लिहाजा ये बदले की कार्रवाई है। दोनों पक्षों के आरोपों और दावों के बीच कई बड़े सवाल भी हैं कि आखिर रेलवे में ग्रुप डी के पदों पर भर्ती में घोटाला हुआ या नहीं, क्या लालू यादव के परिवार के लोगों को औने-पौने दाम पर जमीनें दी गईं। क्या घोटाले की रकम का इस्तेमाल गुरुग्राम की कंपनियों में भी हुआ या फिर केंद्रीय जांच एजेंसियां सिर्फ राजनीतिक कारणों से लालू यादव परिवार के खिलाफ जांच कर रही है। सीबीआई ने आज पटना से लेकर मधुबनी, कटिहार तक और दिल्ली से लेकर गुरुग्राम तक छापेमारी की। इसमें कुल 25 ठिकाने शामिल थे। पटना में आरजेडी के विधान परिषद सदस्य और बिस्कोमान पटना के चेयरमैन सुनील सिंह, आरजेडी के पूर्व एमएलसी सुबोध राय, आरजेडी के राज्यसभा सांसद अशफाक करीम और फैयाज अहमद के ठिकानों पर छापे पड़े। गुरुग्राम में तेजस्वी यादव के करीबी के ठिकानों पर छापे पड़े। गुरुग्राम में अर्बन क्यूब्स 71 नाम के मॉल में भी छापेमारी हुई। यह कंपनी जिसका दफ्तर गुरुग्राम के सेक्टर 65 में है और दूसरी कंपनी जिसका दफ्तर गुरुग्राम के सेक्टर 42 में है। ये दोनों कंपनियां तेजस्वी यादव के करीबी की बताई गई। इसपर सफाई देते हुए तेजस्वी यादव ने आज कहा कि मॉल से उनका कोई लेना-देना नहीं है और उसका उद्घाटन बीजेपी सांसद ने किया था। वह बोले कि उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश हो रही है। वहीं आरजेडी नेता सुनील सिंह ने सीबीआई की कार्रवाई को बदले की कार्रवाई करार दिया। सीबीआई की जांच में अबतक क्या सामने आया : बिहार से लेकर दिल्ली और हरियाणा तक सीबीआई की ये छापेमारी लालू यादव के जमाने में हुए कथित भ्रष्टाचार के आरोप में की जा रही है। सीबीआई ने 23 सितंबर 2021 को शुरू की गई अपनी प्राथमिक जांच में पाया कि लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए रेलवे में जिन लोगों को अवैध रूप से चतुर्थ श्रेणी की नौकरियां दी, उसके बदले उनसे औने-पौने दाम पर जमीनें ले ली गईं। इस मामले में सीबीआई ने 18 मई 2022 को भ्रष्टाचार निरोधक कानून और आईपीसी की धारा 120बी के तहत एफआईआर दर्ज की थी। जिसमें लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटियां मीसा भारती और हेमा यादव समेत उन 12 लोगों को भी आरोपी बनाया है जिसने लालू परिवार को जमीन देकर नौकरी ली। इससे पहले दिल्ली, पटना और गुरुग्राम में छापे भी मारे थे। इसी दौरान सीबीआई ने लालू यादव के करीबी भोला यादव को गिरफ्तार भी किया था। आगे की पड़ताल में पता चला कि लालू यादव की पत्नी और बेटियों के नाम पटना में कुल 1 लाख वर्गफीट से ज्यादा की जमीन ली गई थी। सीबीआई के पास इसके सबूत भी मौजूद हैं। नौकरी के बदले जमीन कांड क्या : पटना में तीन सेल डीड राबड़ी देवी के नाम है। दो डीड फरवरी 2008 की है, जिसमें 3375-3375 वर्ग फीट के 2 प्लॉट हैं। तीसरी सेल डीड 2015 की है जिसमें 1360 वर्ग फीट का एक प्लॉट है। इसके अलावा पटना में ही 2007 की एक सेल डीड लालू की बेटी मीसा भारती के नाम है जिसमें उन्हें 80,905 वर्गफीट का प्लॉट दिया गया। पटना में ही दो गिफ्ट डीड लालू की बेटी हेमा यादव के नाम है। जिसमें हेमा यादव को 3375 वर्गफीट का प्लॉट दिया गया। दूसरा 3375 वर्ग फीट का प्लॉट 2014 में हेमा यादव को गिफ्ट किया गया। एक डीड एके इन्फोसिस्टम्स नाम की कंपनी के नाम किया गया जिसमें 9527 वर्ग फीट का प्लाट दिया गया। बाद में इस कंपनी की डायरेक्टर राबड़ी देवी बन गईं। गौर करने की बात ये है कि जिन लोगों ने या जिनके परिवार वालों ने लालू के परिवार वालों को ये जमीनें दीं, उन सबको लालू यादव के मंत्री रहते हुए रेलवे में नौकरी दी गई। कैसे हुआ भ्रष्टाचार : सीबीआई की अब तक की तफ्तीश में पता चला है कि लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए। पटना के रहने वाले 12 लोगों को रेलवे के 6 अलग अलग जोन में ग्रुप डी के अंदर पहले बतौर सब्स्टिट्यूट नौकरी दी गई। फिर उन्हें रेग्युलर कर दिया गया। आरोपियों को 2008-09 के बीच मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर, हाजीपुर में नौकरी दी गई। जबकि रेलवे ने कोई विज्ञापन तक नहीं निकाला। आवेदन देने के 3 दिन के अंदर भर्ती हो गई। सेंट्रल रेलवे को खबर तक नहीं दी गई। कुल ऐसे सात मामले थे जिसमें नौकरी के बदले जमीन ली गई और ज्यादातर मामलों में जमीन खरीदने में नकद भुगतान किया गया। सीबीआई का आरोप है कि नौकरी के बदले जमीन के घोटाले में कुल 1 लाख 5,292 वर्ग फीट जमीन लालू यादव परिवार को मिली। सर्किल रेट के हिसाब से जमीन की कीमत कम से कम 4 करोड़ 39 लाख 80 हजार 650 रुपये है। जिसे उस वक्त सर्किल रेट से भी कम में नकद पैसे देकर खरीदा गया था।

28 को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में तय होगी पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की तारीख
Published / 2022-08-24 12:41:45
28 को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में तय होगी पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की तारीख

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस की उहउ की मीटिंग 28 अगस्त को होगी। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया है कि 28 अगस्त को दोपहर 3:30 बजे कांग्रेस वर्किंग कमेटी की वर्चुअल बैठक होगी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव के कार्यक्रम को मंजूरी दी जायेगी। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी इस बैठक की अध्यक्षता करेंगी। राहुल गांधी ने एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष बनने से इनकार कर दिया है। वो चाहते हैं कि कोई गैर गांधी पार्टी की कमान संभाले। सोनिया गांधी अपने स्वास्थ्य के चलते इस पद पर नहीं बना रहना चाहती हैं। वहीं पार्टी के नेता चाहते हैं कि राहुल ही कमान संभालें। पार्टी के नेता इस पर भी काम कर रहे हैं कि अगर राहुल तैयार नहीं होते हैं तो प्रियंका गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाया जाए। खबर है कि राहुल इसके लिए भी तैयार नहीं है। उनका कहना है कि हमारे नेतृत्व में पार्टी 2 लोकसभा चुनाव हारी है। इस बीच खबर ये भी है कि सोनिया गांधी ने अशोक गहलोत को पार्टी अध्यक्ष बनने के लिए कहा है। इस पर जब गहलोत से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मैं मीडिया से ये सबकुछ सुन रहा हूं। मुझे इस बारे में पता नहीं है। मैं उस काम को पूरा कर रहा हूं, जो मुझे दिया गया है। इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि अगर राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष का पद स्वीकार नहीं करते हैं तो देशभर के कांग्रेसियों के लिए ये निराशा होगी। उन्हें कांग्रेस कार्यकतार्ओं की भावनाओं को समझना चाहिए और इस पद को ग्रहण करना चाहिए।

आधुनिकता-आध्यात्मिकता का संगम है अमृत काल में अमृता अस्पताल : नरेंद्र मोदी
Published / 2022-08-24 12:41:11
आधुनिकता-आध्यात्मिकता का संगम है अमृत काल में अमृता अस्पताल : नरेंद्र मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के फरीदाबाद में अमृता अस्पताल का उद्घाटन किया है। मौके पर उनके साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला रहे। इस अस्पताल के उद्घाटन के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा अवसंरचना उपलब्ध हो गई है। इस अस्पताल का प्रबंधन माता अमृतानन्दमयी मठ द्वारा किया जाएगा। यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल 2600 बिस्तरों का है। अस्पताल की निर्माण लागत लगभग 6000 करोड़ रुपए है और यहां फरीदाबाद तथा पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लोगों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह 133 एकड़ क्षेत्र में बना है। उद्घाटन समारोह में हरियाणा के राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, केंद्रीय मंत्री व फरीदाबाद के सांसद कृष्ण पाल गुर्जर, अम्मा के नाम से प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों को बड़ी सौगात मिली है। देश ने एक नई ऊर्जा के साथ आजादी के अमृत काल में प्रवेश किया है। हमारे इस अमृत काल में देश के सामूहिक प्रयास प्रतिष्ठित हो रहे हैं। देश के सामूहिक विचार जाग्रत हो रहे हैं। मुझे खुशी है कि अमृत काल की इस बेला मंग मां अमृतानंदमयी के आशीर्वाद का अमृत भी देश को मिल रहा है। भारत एक ऐसा राष्ट्र है, जहां, इलाज एक सेवा है, आरोग्य एक दान है। जहां आरोग्य आध्यात्म, दोनों एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। हमारे यहां आयुर्विज्ञान एक वेद है। हमने हमारी मेडिकल साइंस को भी आयुर्वेद का नाम दिया है।

कल भाभा कैंसर हॉस्पिटल और रिसर्च सेंटर की सौगात देंगे पीएम
Published / 2022-08-23 17:32:23
कल भाभा कैंसर हॉस्पिटल और रिसर्च सेंटर की सौगात देंगे पीएम

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दोपहर सवा दो बजे पर पंजाब के मोहाली के न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल और रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करेंगे। 300 बेड की क्षमता वाला ये अस्पताल तमाम आधुनिक सुविधाओं के साथ बनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मोहाली के मुल्लांपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन करेंगे। यह अस्पताल भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के तहत एक सहायता प्राप्त संस्थान टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा 660 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। इस कैंसर अस्पताल में 300 बिस्तरों की क्षमता है। यह अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं जैसे एमआरआई, सीटी, मैमोग्राफी, डिजिटल रेडियोग्राफी और ब्रैकीथेरेपी से युक्त है। केंद्र में हर प्रकार के कैंसर के उपचार के लिए सभी उपचार विधियां उपलब्ध होंगी, जिसमें कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण शामिल है।

टिकटॉक स्टार सह भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट के निधन पर शोक
Published / 2022-08-23 13:52:12
टिकटॉक स्टार सह भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट के निधन पर शोक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। हरियाणा से बड़े दुख की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेत्री, बिग बॉस फेम एवं टिकटोक स्टार सोनाली फौगाट अब इस दुनिया में नहीं रही। सोनाली फोगाट शूटिंग के लिए गोवा गई थी। वहीं उनका निधन हार्ट अटैक से हो गया। गोवा ने डीजीपी ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। उनकी उम्र 42 साल थी। सोनाली ने 2019 में विधानसभा चुनाव लड़ा था। यह बिग बॉस में भी नजर आई थीं। वहीं करोड़ों फैन में शोक की लहर दौड़ गई है। यह पुष्टि सोनाली के अकांउटेंट शिवम शर्मा ने की है। वहीं कुलदीप बिश्नोई ने भी कुछ दिन पहले सोनाली फोगाट से मुलाकात की थी। बता दें कि सोनाली फोगाट किसान आंदोलन के दौरान अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में रही थीं। उन्होंने किसान आंदोलन पर कहा कि कृषि कानून किसानों के फायदे के लिए हैं। किसानों को बरगलाया गया है। केंद्र सरकार को चाहिए कि खुले दिल से इन पर चर्चा करे ताकि किसान इन कानूनों का महत्व समझ सकें। पिछले साल एक अधिकारी को चप्पल मारते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ था, जिससे वह चर्चा में आईं। वहीं एक गांव में संबोधन के दौरान भी विवादित टिप्पणी के कारण वह चर्चा में रही थीं। कई टीवी धारावाहिकों में काम कर चुकीं सोनाली फोगाट को भाजपा ने हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि चुनाव में उन्हें कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई के सामने हार का सामना करना पड़ा था। रियलिटी शो बिग बॉस के 14वें संस्करण में हिस्सा ले चुकीं सोनाली फोगाट ने सोमवार रात ही इंस्टाग्राम और फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था। सोनाली फोगाट की अचानक हुई मौत से उनके प्रशंसक स्तब्ध हैं। 42 वर्षीय सोनाली फोगाट कुछ दिन पहले ही अपने स्टॉफ के साथ गोवा गई थीं। सोनाली को प्रसिद्धि सोशल मीडिया के जरिए ही मिली थी। 2019 में हरियाणा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें अरना प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा था। भाजपा की हरियाणा इकाई ने उन्हें महिला मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष भी नियुक्त किया था। सोनाली के पति संजय फोगाट की मृत्यु पहले ही साल 2016 में हो चुकी है। 21 सितंबर 1979 को हरियाणा के फतेहाबाद में जन्मीं सोनाली फोगाट ने 2006 में हिसार के दूरदर्शन में एंकरिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी। उनकी एक बेटी भी है।

जम्मू कश्मीर : 3.9 तीव्रता के भूकंप के झटके से हिली धरती, कटरा के पास था केंद्र
Published / 2022-08-23 13:51:24
जम्मू कश्मीर : 3.9 तीव्रता के भूकंप के झटके से हिली धरती, कटरा के पास था केंद्र

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू क्षेत्र में सोमवार देर रात को 3.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप देर रात 2 बजकर 20 मिनट पर आया, जिसका केंद्र कटरा इलाके से 61 किलोमीटर पूर्व में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। कटरा में त्रिकुट पर्वत पर माता वैष्णो देवी का मंदिर स्थित है। वहीं भूकंप के झटके महसूस होने पर लोग डरकर अपने घरों से बाहर आ गए। बता दें कि 24 घंटे में देश में दूसरी बार भूकंप के झटकों से धरती हिली है। जम्मू-कश्मीर से पहले सोमवार तड़के करीब 2 बजे राजस्थान के बीकानेर में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.1 मैग्नीट्यूड दर्ज गई थी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.