एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की सलाना आम बैठक शुरू हो गई है। कंपनी की इस 45वीं एजीएम को रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे हैं। RIL के निवेशकों के साथ-साथ कॉरपोरेट जगत की भी नजरें रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम पर टिकी हुई हैं। रिलायंस एजीएम का समापन करते हुए कंपनी के मुखिया मुकेश अंबानी ने कहा है कि 2027 में अपने स्वर्णिम दशक के अंत तक कंपनी अपने मूल्य को दोगुना से अधिक करेगा। उसके बाद भी हमारी बढ़ोतरी तेजी से जारी रहेगी। हमारा नया ऊर्जा कारोबार भारत को हरित ऊर्जा का शुद्ध निर्यातक बनने में मदद करेगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि रिलायंस भारत को नई ऊर्जा निर्माण में विश्व में अग्रणी और चीन का एक विश्वसनीय विकल्प बनाना चाहता है: मुकेश अंबानी अंबानी ने पावर इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए नई गीगा फैक्ट्री की घोषणा की : एजीएम के दौरान मुकेश अंबानी ने कहा कि पिछले साल मैंने जामनगर में धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स की स्थापना की घोषणा की थी, ताकि चार गीगा फैक्ट्रियां स्थापित की जा सकें। आज, मैं पावर इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए हमारी नई गीगा फैक्ट्री की घोषणा करना चाहता हूं। हमने रिलायंस रिटेल के भौतिक स्टोर और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यूके, फ्रांस और इटली की सामूहिक आबादी के बराबर 200 मिलियन से अधिक पंजीकृत ग्राहकों की सेवा की: ईशा अंबानी
एशिया कप 2022 में भारत ने जीत के साथ आगाज किया है। टीम इंडिया ने हाईवोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से रौंद दिया है। इस जीत के साथ ही एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को 9वीं बार पटखनी दी है। साथ ही टूर्नामेंट में अपना बेहतर आगाज किया है। भारत की इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर टीम इंडिया को जीत की बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा है, टीम इंडिया ने एशिया कप 2022 में आज के मैच में शानदार ऑलराउंडर खेल का प्रदर्शन किया। टीम शानदार कौशल और धैर्य का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की है। भारत को जीत की बधाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर कहा है- Hurrah! हम जीत गये। टीम इंडिया को जीत की बधाई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए मेन इन ब्लू को बहुत बहुत बधाई...। जय हिंद...। भारत की जीत पर कई पूर्व क्रिकेटरों के भी रिएक्शन आने शुरू हो गए हैं। पूर्व भारतीय गेंदबाज इरफान पठान ने कहा है कि हार के बाद जो जीत आए उसका मजा ही दोगुना होता है। आपको बता दें कि इस मैच से पहले भारत और पाकिस्तान पिछले साल टी20 विश्व कप में आमने-सामने थे। उस मैच में पाकिस्तान ने भारत को हराकर सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 7,591 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,44,15,723 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 84,931 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 30 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,27,799 हो गई। इनके अलावा मौत के आंकड़ों का पुन: मिलान करते हुए केरल ने संक्रमण से जान गंवाने वालों की सूची में 15 और लोगों के नाम डाले। आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 84,931 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.19 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.62 प्रतिशत हो गई। दैनिक संक्रमण दर 4.58 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 2.69 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,38,02,993 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 211.91 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गये थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के तहत देशवासियों को संबोधित किया। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम का यह 92वां एपिसोड था। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर चलाये गये "हर घर तिरंगा" अभियान का जिक्र किया। पीएम ने इस दौरान कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर उनका कार्यालय भी तिरंगामय हो गया था। पीएम ने अपने संबोधन में कोरोना टीकाकरण अभियान, कुपोषण के खिलाफ लड़ाई और जल संरक्षण जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कुपोषण के खिलाफ जारी देश की लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि देश में कुपोषण के खिलाफ चलाए जा रहे विभिन्न अभियान सफल हो रहे हैं, मैं देशवासियों से यह अपील करना चाहता हूं कि आप सभी आने वाले पोषण माह में कुपोषण को दूर करने के लिए हो रहे प्रयासों का हिस्सा जरूर बनें। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि जिस तरह स्वच्छता और टीकाकरण अभियान के दौरान देश की सामूहिक शक देखने को मिली थी ठीक उसी प्रकार आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चलाये गये तिरंगा अभियान में देशभक्ति का जज्बा हर देशवासी में देखने को मिला था। पीएम ने इस दौरान अपने संबोधन में जल संरक्षण का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज अमृत सरोवर सहित जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे विभिन्न प्रयास सराहनीय हैं। आज यह अभियान एक आंदोलन के रूप में देखे जा रहे हैं। मेरा आप सभी से और खासकर युवा साथियों से आग्रह है कि आप अमृत सरोवर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जल संचय व संरक्षण के इन प्रयासों को पूरी की पूरी ताकत दें। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि पिछले दिनों सूचना प्रसारण मंत्रालय के एक प्रोग्राम स्वराज में जाने का मौका मुझे मिला। इस प्रोग्राम में आजादी में भाग लेने वाले अनसुने नायक-नायिकाओं की गाथा के बारे में बताया गया है। मैं आप सबसे अपील करता हूं कि इस प्रोग्राम को जरूर देखें।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। नोएडा स्थित सुपरटेक के ट्विन टावर को रविवार को गिरा दिया गया। विस्फोट के बाद महज नौ सेकेंड में विशाल इमारत ताश के पत्तों की तरह भरभरा कर गिर गई। अवैध रूप से निर्मित इन ट्विन टावर को धराशायी करने के उच्चतम न्यायालय के आदेश के एक साल बाद यह कार्रवाई की गई है। लगभग 100 मीटर ऊंचे टावर को चंद सेकेंड में ध्वस्त कर दिया गया। दिल्ली की प्रतिष्ठित कुतुब मीनार (73 मीटर) से ऊंचे इन टावर को "वाटरफॉल इम्प्लोजन" तकनीक की मदद से गिराया गया। ट्विन टावर भारत में अब तक ध्वस्त की गई सबसे ऊंची संरचनाएं रहीं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 93ए में सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट हाउसिंग सोसाइटी के भीतर 2009 से "एपेक्स" (32 मंजिल) और "सियान" (29 मंजिल) टावर निर्माणाधीन थे। इमारत गिराने के लिए 3,700 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। गगनचुंबी इमारतों को बनाने में करीब आठ सौ करोड़ रुपये की लागत आई थी और अब इसको गिराने में भी लगभग 17.55 करोड़ रुपये तक का खर्चा आया जिसका खर्चा सुरपटेक को ही उठाना पड़ेगा। सुपरटेक इमारत की ऊंचाई ऐतिहासिक इमारत कुतुब मीनार से भी अधिक है। इसको बनाने में कई साल लग गये और अब गिराने में पल भर का ही वक्त लगा। अभियंताओं की मदद कर रहे ब्रिटिश अभियंताओं ने बताया है कि जब इमारत को गिराया जायेगा, तब उससे निकलने वाली धूल का गुबार करीब 300 मीटर तक फैल जायेगा। इसी दौरान आसपास के इलाकों में इमारत के ध्वस्त होने से उत्पन्न कंपन को महसूस किया जा सकेगा। कुतुब मीनार से भी ऊंचे दोनों टावर महज 9 से 12 सेकेंड में जमींदोज हो गये। इतनी बड़ी इमारत को गिराये जाने का यह पहला मामला है। इसे बारूद से गिराने के लिए दोनों टावर में करीब 9640 छेद किये गये थे। इन सुराखों में 3700 किग्रा विस्फोटक भरा गया है। इसमें ठीक ढाई बजे रिमोट के जरिये विस्फोट करके दोनों टावर को गिरा दिया गया। इसके लिए जेपी फ्लाईओवर पर "इंसिडेंट कमांड सेंटर" बनाया गया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्य समिति की रविवार दोपहर को बैठक होगी, इसमें पार्टी अध्यक्ष के चुनाव से जुड़े कार्यक्रम को मंजूरी दी जायेगी। इस बैठक से पहले शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर राहुल गांधी को यह जिम्मेदारी संभालने की बात की है। उन्होंने इस दौरान यह भी कहा है कि वह कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद की कमान संभालने के लिए राहुल गांधी पर एक बार फिर दबाव बनाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर लंबे समय से कयास लगाए जा रहे हैं कि आखिर किस नेता को यह जिम्मेदारी दी जायेगी। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी में से कोई एक कांग्रेस की कमान संभाले। सोनिया गांधी अभी पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष हैं, लेकिन वह फिर से इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए तैयार नहीं हैं। वह अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दे रही हैं। वहीं राहुल गांधी चाहते हैं कि किसी गैर गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाए। इसके अलावा कांग्रेस नेता विकल्प के तौर पर प्रियंका गांधी को भी देख रहे हैं। लेकिन उनके नाम पर भी राहुल गांधी आपत्ति जता रहे हैं। हम राहुल गांधी के साथ खड़े हैं : खड़गे- इस बीच यह भी चर्चा चल रही थी कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जा सकता है। लेकिन गहलोत ने इससे साफ इनकार कर दिया है। ऐसे में अब ये सवाल फिर से हावी हो गया है कि आखिर कौन कांग्रेस का अध्यक्ष बनेगा। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कांग्रेस में कोई भी ऐसा नेता नहीं है जो अध्यक्ष पद के लिए सर्वमान्य हो। हम राहुल गांधी के साथ खड़े हैं। ऐसे में हम उनसे पूछेंगे, हम उनसे आग्रह करेंगे और हम उन पर दबाव बनाएंगे। उन्होंने कहा कि ठीक इसी तरह ही 1996 में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी से ऐसा ही आग्रह किया था। रविवार को दोपहर साढ़े तीन बजे होने वाली इस ऑनलाइन बैठक में अध्यक्ष के चुनाव के विस्तृत कार्यक्रम को स्वीकृति देने के साथ ही सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व पर विश्वास जताया जा सकता है। यह गुलाम नबी आजाद के पार्टी से इस्तीफे के संदर्भ में महत्वपूर्ण होगा। आजाद ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेतृत्व आंतरिक चुनाव के नाम पर धोखा दे रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर अपरिपक्व और बचकाने व्यवहार का आरोप भी लगाया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम अपनी मां हीराबेन मोदी से मुलाकात की। साबरमती नदी पर अटल पुल के उद्धाटन और खादी उत्सव कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पीएम मोदी गांधीनगर के रायसन इलाके में स्थित अपनी मां के आवास पर पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी ने बताया कि देर शाम वह मां से मिले और उनके साथ आधा घंटा बिताया। खबरों के मुताबिक, मां हीराबेन से मुलाकात करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी राजभवन के लिए रवाना हो गए। यहीं उन्होंने रात्रि विश्राम किया। बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। आज पीएम कच्छ व गांधीनगर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भारत में खादी का रिकॉर्ड उत्पादन और बिक्री हो रही : प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत के टॉप फैशन ब्रांड खादी से जुड़ने के लिए खुद सामने आ रहे हैं। आज भारत में खादी का रिकॉर्ड उत्पादन और रिकॉर्ड बिक्री हो रही है। पिछले 8 वर्षों में खादी की बिक्री में 4 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। भारत के खादी उद्योग की बढ़ती ताकत के पीछे भी महिला शक्ति का बहुत बड़ा योगदान है। उद्यमिता की भावना हमारी बहनों-बेटियों में कूट-कूट कर भरी है। इसका प्रमाण गुजरात में सखी मंडलों का विस्तार भी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एक बार फिर से अपने बयानों के कारण चर्चा में हैं। नागपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने वहां मौजूद उद्यमियों को कई सीख दी। गडकरी ने अपने संबोधन में रिचर्ड निक्सन का हवाला देते हुए कहा कि एक व्यक्ति का अंत तब नहीं होता जब वह हार जाता है, लेकिन जब वह छोड़ देता है तो वह समाप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि जो कोई भी व्यवसाय, सामाजिक कार्य या राजनीति में है, उसके लिए मानवीय संबंध सबसे बड़ी ताकत है। किसी का इस्तेमाल कर फेंकना नहीं चाहिए : नितिन गडकरी- हाल ही में खबरों में रहे भाजपा नेता ने कहा कि किसी को कभी भी इस्तेमाल कर फेंकना नहीं चाहिए। अच्छे दिन हों या बुरे दिन, एक बार किसी का हाथ थाम लें तो उसे नहीं छोड़ें। सिर्फ उगते सूरज की पूजा न करें डूबते सूरज की भी पूजा होनी चाहिए। जब उन्हें उनकी पार्टी के संसदीय बोर्ड से हटा दिया गया था। मैं कुएं में कूदकर मर जाऊंगा, लेकिन कांग्रेस में शामिल नहीं होऊंगा : गडकरी ने याद करते हुए बताया कि जब वह एक छात्र नेता थे, तब कांग्रेस नेता श्रीकांत जिचकर ने उन्हें बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस में शामिल होने के लिए कहा था। तब मैंने श्रीकांत से कहा कि मैं कुएं में कूदकर मर जाऊंगा, लेकिन कांग्रेस में शामिल नहीं होऊंगा, क्योंकि मुझे कांग्रेस पार्टी की विचारधारा पसंद नहीं है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना के मामले तेजी से कम हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रविवार (28 अगस्त) के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 9,436 नए मामले सामने आए हैं और 41 लोगों की मौत हो गई। वहीं देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 86,591 हो गई है। महामारी की शुरुआत से अब तक 4,37,93,787 लोग स्वस्थ हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार सक्रिय मामले कुल संक्रमण का 0.22 फीसदी है, जबकि रिकवरी दर 98.59 फीसदी है। जबकि दैनिक संक्रमण दर 4.15 फीसदी और साप्ताहिक संक्रमण दर 3.59 फीसदी दर्ज की गई।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.