एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत अगले 10 साल में दुनिया का छठा सबसे बड़ा बीमा बाजार बन जाएगा। एक रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस वृद्धि को नियामकीय पहल और तेज आर्थिक वृद्धि से समर्थन मिलेगा। स्विट्जरलैंड स्थित प्रमुख पुनबीर्मा कंपनी स्विस रे ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि भारत में कुल बीमा प्रीमियम अगले दशक में मौजूदा मूल्य पर स्थानीय मुद्रा में औसतन 14 प्रतिशत सालाना की दर से बढ़ेगा। 2032 तक कुल प्रीमियम मात्रा के मामले में भारत छठा सबसे बड़ा बीमा बाजार बन जायेगा। 2021 में यह 10वें स्थान पर था। रिपोर्ट में भारतीय जीवन बीमा उद्योग के संबंध में कहा गया है कि यह इस साल 6.6 प्रतिशत (वास्तविक रूप में) की असाधारण दर से बढ़ेगा और 2023 में 7.1 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ेगा। इसमें कहा गया है कि अनुमानित वृद्धि दर को ध्यान में रखते हुए भारत में जीवन बीमा प्रीमियम 2022 में पहली बार 100 अरब डॉलर को पार करने के लिए तैयार है। रिपोर्ट में साधारण बीमा बाजार के संबंध में कहा गया है कि यह वर्ष 2020 में मामूली गिरावट के बाद 2021 में 5.8 प्रतिशत की वृद्धि पर लौट आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल ऊंची मुद्रास्फीति की वजह से वृद्धि थोड़ी सुस्त पड़कर 4.5 प्रतिशत रह जाएगी। हालांकि, इस क्षेत्र के 2023 और 2032 के बीच आठ प्रतिशत की सालाना की दर से बढ़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था मुद्रास्फीति की वजह से मंदी के कगार पर है। स्विस रे को उम्मीद है कि इस साल भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। गुजरात में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि कुछ लोग कार से अंबाजी की ओर जा रहे थे। इस दौरान हुए एक्सीडेंट में 6 लोगों की कुचलने से मौत हो गयी, जबकि 7 लोग घायल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी जख्मी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य : हाल ही में गुजरात के कच्छ जिले में एक कार के खड़े ट्रक से टकराने पर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गये थे। दुर्घटना जिले के नखतराना कस्बे के पास करीब 12 बजे हुई थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि कार में सवार लोग नखतराना से मांडवी की ओर जा रहे थे, तभी दावड़ा गांव के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि कार सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकराने के बाद उसके अंदर घुस गई। दुर्घटना में कार में सवार कुल छह लोगों में चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो साल की बच्ची और परिवार का एक अन्य सदस्य घायल हो गया। अधिकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान कस्तूरबेन गोस्वामी (53), संगीताबेन गोस्वामी (25), परेश गोस्वामी (50) और मानभर (3) के रूप में हुई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में तिलमिलाहट मची है और श्री आजाद से मिलने वाले नेताओं को शक की निगाह से देखा जा रहा है और अंदरखाने उनके खिलाफ कार्रवाई की बात की जा रही है। कांग्रेस के भीतर इस बात को लेकर ताजा चर्चा शुरू हो गई है कि बुधवार को पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने श्री आजाद से यहां उनके आवास पर मुलाकात क्यों की। श्री आजाद से मिलने वाले कांग्रेस नेताओं में पृथ्वी राज चह्वाण, आनंद शर्मा तथा भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे बड़े नेता शामिल थे। ऐसे नेताओं की शिकायत कांग्रेस आलाकमान से की गई है और कुछ लोग उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटा समूह ने साइरस मिस्त्री जैसे विवाद से बचने के लिए एक अहम बदलाव किया है। मंगलवार को टाटा ग्रुप की एजीएम बैठक में आर्टिकल आॅफ एसोसिएशन समेत कुछ नए संशोधनों को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के बाद अब टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन के पद अलग हो गए हैं। यानी अब कोई एक व्यक्ति टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स का चेयरमैन नहीं बन सकता है। बता दें कि टाटा संस के सबसे बड़े माइनोरिटी स्टेकहोल्डर्स एसपी ग्रुप ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। जानकारी के मुताबिक साइरस मिस्त्री के एसपी ग्रुप की टाटा संस में 18.4 फीसदी हिस्सेदारी है। साल 2013 से ही टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन अलग-अलग व्यक्ति हैं। बता दें कि रतन टाटा इन दोनों को संभालने वाले आखिरी शख्स थे। लेकिन अब नियमों में बदलाव के चलते इसे कानूनी रूप दे दिया गया है। बता दें कि टाटा संस के चेयरमैन पद और डाइरेक्टर्स के पदों के लिए सुझाव देने को लेकर एक सेलेक्शन कमेटी बनाई जाएगी। अब ऐसे चुने जायेंगे टाटा के चेयरमैन : नए बदलाव के आने से अब सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन का चयन सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट के द्वारा किया जाएगा। ये ट्रस्ट जिनका नाम तय करेंगे, उन्हीं में से चयन किया जायेगा। कमेटी के लिए दोनों ही ट्रस्ट तीन-तीन लोगों को नॉमिनेट करेंगे। वहीं दूसरी ओर टाटा संस का बोर्ड एक व्यक्ति को नॉमिनेट करेगा। साथ ही इसमें एक इंडिपेंडेट डायरेक्टर भी होगा। मीटिंग में यह प्रस्ताव भी पारित किया गया कि सर दोराबजी ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट का चेयमैन टाटा संस का चेयरमैन नहीं बन सकता है। साथ ही टाटा संस के चेयरमैन की नियुक्ति के लिए सभी डायरेक्टर्स की मंजूरी जरूर होनी चाहिए।
एबीएन बिजनेस डेस्क। देश की अर्थव्यवस्था में चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 13.5 प्रतिशत की दर से वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) से बुधवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। इससे पिछले वित्त वर्ष (2021-22) की अप्रैल-जून तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 20.1 प्रतिशत रही थी। इस साल जनवरी से मार्च के बीच देश का आर्थिक विकास दर 4.1 फीसदी रहा था। वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का ग्रोथ रेट 4.8 फीसदी रहा है जबकि 2021-22 की पहली तिमाही में 49 फीसदी रहा था । कृषि क्षेत्र का विकास दर 2.2 फीसदी रहा है जबकि 2021-22 की पहली तिमाही में 4.5 फीसदी रहा था। कंस्ट्रक्शन सेक्टर का ग्रोथ रेट 16.8 फीसदी रहा है जबकि 2021-22 की पहली तिमाही में 71.3 फीसदी रहा था। इसी तरह ट्रेड, होटल, ट्रांसपोर्ट, कम्युनिकेशन और ब्रॉडकास्टिंग से जड़ी सेवाओं का ग्रोथ रेट 25.7 फीसदी रहा है जो 2021-22 की पहली तिमाही में 34.3 फीसदी रहा था। फाइनेंशियल, रियल एस्टेट और प्रोफेशनल सर्विसेज का ग्रोथ रेट 9.2 फीसदी रहा है जो बीते वर्ष की पहली तिमाही में 2.3 फीसदी रहा था। कई विश्लेषकों ने तुलनात्मक आधार को देखते हुए देश की आर्थिक वृद्धि दर दहाई अंक में रहने का अनुमान जताया था। रेटिंग एजेंसी इक्रा ने जीडीपी वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 13 प्रतिशत जबकि भारतीय स्टेट बैंक की एक रिपोर्ट में इसके 15.7 प्रतिशत रहने की संभावना जतायी गयी थी। भारतीय रिजर्व बैंक ने इस महीने मौद्रिक नीति समीक्षा में 2022-23 की पहली तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर करीब 16.2 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। गणेश चतुर्थी के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के घर गणेश उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने वहां भगवान गणेश की आरती की। वहीं पीएम ने इस खास मौके पर पीएम ने एक संस्कृत श्लोक के जरिये बधाई दी। बुधवार को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास का दौरा किया और गणेश चतुर्थी के अवसर पर आरती की। पीएम ने इससे पहले गणेश चतुर्थी पर देशवासियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए संस्कृत में एक श्लोक साझा किया और ट्विटर पर लिखा, गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं...। भगवान श्री गणेश की कृपा हम पर हमेशा बनी रहे। गणेश चतुर्थी के दिन से दस दिवसीय गणेश उत्सव शुरू होता है और अनंत चतुर्दशी पर समाप्त होता है। ज्ञान और सौभाग्य के देवता भगवान गणेश के भक्त भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष के दौरान उनका जन्म मनाते हैं। इस खास मौके पर लोग अपने घरों में भगवान गणेश की मूर्तियों को लाते हैं, उपवास करते हैं, मुंह में पानी लाने वाले व्यंजन तैयार करते हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर आज केरल पहुंचेंगे। कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड (केएमआरएल) ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल आने के बाद गुरुवार (एक सितंबर) को कोच्चि मेट्रो के दूसरे चरण की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही, वे कोच्चि मेट्रो के पहले चरण का शुभारंभ भी करेंगे, जो एसएन जंक्शन से वडक्केकोट्टा तक बनाया गया है। पीएम मोदी एक और दो सितंबर को कोच्चि में कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड में पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत के जलावतरण के लिए कर्नाटक और केरल का दौरा करेंगे और मंगलुरू में लगभग 3,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की उपस्थिति में कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) व्यापार मेला और प्रदर्शनी केंद्र में समारोह आयोजित किया जायेगा। समारोह में महापौर एम अनिल कुमार, सांसद हिबी ईडन, एंटनी राजू (परिवहन मंत्री), पी राजीव (उद्योग, कानून और कॉयर मंत्री) अपनी सम्मानित उपस्थिति दर्ज करायेंगे। शाम 7 बजे शुरू हो जायेगा राजस्व संचालन : कोच्चि मेट्रो रेल का प्रस्तावित फेज 2 प्रोजेक्ट कॉरिडोर जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से इन्फोपार्क, कक्कनड तक है, इस रेल खंड की लंबाई 11.2 किलोमीटर होगी, जिसमें 11 मेट्रो स्टेशन होंगे। फेज 1 एक्सटेंशन कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड द्वारा सीधे शुरू किए गए कार्य का पहला खंड है। इसके उद्घाटन के बाद कोच्चि मेट्रो 24 स्टेशनों के साथ कम से कम 27 किमी की दूरी तय करेगी। पीएम मोदी के कोच्चि के लोगों को स्टेशन समर्पित करने के तुरंत बाद, दोनों स्टेशनों का राजस्व संचालन शाम सात बजे शुरू होगा। बता दें कि मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण के बाद पेट्टा-एसएन जंक्शन खंड के राजस्व संचालन को मंजूरी दी थी। 4.3 लाख वर्ग फुट में बना वडक्केकोट्टा स्टेशन : वडक्केकोट्टा, एसएन जंक्शन और पनमकुट्टी पुल का काम 16 अक्तूबर, 2019 को शुरू किया गया था और यह कोविड महामारी के दौरान भी जारी रहा। वडक्केकोट्टा 4.3 लाख वर्ग फुट के क्षेत्र के साथ मेट्रो स्टेशनों में सबसे बड़ा है। अन्य मेट्रो स्टेशनों के विपरीत, यहां नई सुविधाओं से लैस अंदर और बाहर दोनों तरफ बड़े व्यावसायिक स्थान बनाए गए हैं। वडक्केकोट्टा स्टेशन स्वतंत्रता संग्राम में केरल की भूमिका को अपने विषय के रूप में दर्शाता है जबकि एसएन जंक्शन आयुर्वेद और इसके आधुनिक दृष्टिकोण को दर्शाता है। एसएन जंक्शन और वडक्केकोट्टा स्टेशनों के राजस्व संचालन के लिए खुलने पर केएमआरएल प्रति दिन औसतन एक लाख यात्रियों के यात्रा करने की उम्मीद कर रहा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सोनिया गांधी की मां पाओला माइनो का निधन हो गया है। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया, सोनिया गांधी की मां पाओला माइनो का शनिवार 27 अगस्त 2022 को इटली स्थित उनके घर पर निधन हो गया। अंतिम संस्कार कल हुआ। सोनिया गांधी मेडिकल चेकअप के लिए इस समय विदेश में हैं। उनके साथ उनके पुत्र राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी भी गए हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। नौकरानी पर अत्याचार करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सीमा पात्रा को आदिवासी घरेलू सहायिका सुनीता (29) को प्रताड़ित करने के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है वहीं गिरफ्तारी के बाद तिलमिलाई सीमा पात्रा ने खुद को बेकसूर बताते हुए इसे राजनीति से प्रेरित आरोप बताया है। दरअसल, गिरफ्तारी के बाद आरोपी सीमा पात्रा ने कहा कि ये झूठे और राजनीति से प्रेरित आरोप हैं। मुझे फंसाया गया है। अपनी घरेलू सहायिका को प्रताड़ित करने के आरोप में निलंबित भाजपा नेता और पूर्व-IAS अधिकारी की पत्नी सीमा पात्रा को आज गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस बीच पीड़िता नौकरानी सुनीता ने कहा कि जब काम में कोई गलती हो जाती थी तब वो मुझे मारती थी। मैं यहां 2019 से रह रही हूं। इससे पहले दिल्ली में रहती थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.