एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल कोयला तस्करी मामले में सीबीआई की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम ने आसनसोल स्थित ममता सरकार में कानून मंत्री मलय घटक के आवास पर छापा मारा है। इसके अलावा कोलकाता के चार ठिकानों पर भी सीबीआई के अधिकारी पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि सभी ठिकाने मलय घटक से जुड़े हुए हैं। सीबीआई की टीम का यहां तलाशी अभियान जारी है। इससे पहले ईडी की टीम ने दो सितंबर को मलय घटक को समन भेजा था। उन्होंने कोयला घोटाले के मामले में पूछताछ के लिए 14 सितंबर को तलब किया गया है। अभिषेक बनर्जी से भी हो चुकी है पूछताछ : इससे पहले इसी मामले में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से भी पूछताछ हो चुकी है। बीते दिनों ईडी की टीम ने अभिषेक बनर्जी से सात घंटे तक पूछताछ की थी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटा मोटर्स ने सोमवार को 28 और 19 टन श्रेणियों के तहत मध्यम एवं भारी वाणिज्यिक (एमऐंडएचसीवी) वाहन खंड में देश का पहला सीएनजी ट्रक पेश किया। टाटा मोटर्स समेत कई ट्रक निर्माता मौजूदा समय में छोटे एवं हल्के वाणिज्यिक वाहन सेगमेंटों में ही सीएनजी की पेशकश करते हैं। कंपनी ने विभिन्न तरह के इस्तेमाल के लिए उपयोगी इंटरमीडियरी ऐंड लाइट कमर्शियल व्हीकल (आईऐंडएलसीवी) सेगमेंट में भी सात ट्रक पेश किए हैं। टाटा मोटर्स के कार्यकारी निदेशक गिरीश वाघ ने कहा कि इस बीच, अपने शून्य उत्सर्जन लक्ष्य के तहत कंपनी अन्य वैकल्पिक ईंधन सॉल्युशनों को पेश करने की दिशा में भी काम कर रही है, जिनमें दीर्घावधि शुद्ध जीरो उत्सर्जन लक्ष्य पूरे करने के लिए तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) हाइड्रोजन, बायो-सीएनजी भी शामिल हैं। वाघ ने बताया, ‘हम विभिन्न दायरों के लिए लगातार टीसीओ (परिचालन की कुल लागत) विश्लेषण कर रहे हैं, चाहे यह 500 किलोमीटर, 1,000 किलोमीटर हो या 2,000 किलोमीटर। किसी खास इस्तेमाल के आधार पर, हमें एलएनजी और सीएनजी, दोनों के साथ तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि एलएनजी के लिए सीएनजी पावरट्रेन को आसानी से अपनाया जा सकेगा और टाटा मोटर्स इस पर पहले ही काम कर रही है। टाटा मोटर्स ने ऐसे समय में सीएनजी से चलने वाले एमऐंडएचसीवी ट्रक पेश किए हैं जब डीजल और सीएनजी के बीच कीमत अंतर अब घटकर 20 प्रतिशत रह गया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी अगवानी की। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मंगलवार को अपने चार दिनों के भारत दौरे की शुरुआत करते हुए कहा कि दोस्ती के जरिए हर समस्या का समाधान हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनका स्वागत किया, जहां तीनों सेनाओं की तरफ से उन्हें सलामी गारद दिया पेश किया गया। राष्ट्रपति भवन में हसीना ने पत्रकारों से कहा कि मोदी के साथ उनकी बातचीत अपने-अपने देशों में लोगों की स्थिति में सुधार, गरीबी उन्मूलन और आर्थिक विकास पर केंद्रित होगी। हसीना ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य अर्थव्यवस्था का विकास करना और अपने लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना है। दोस्ती के जरिए आप किसी भी समस्या का समाधान निकाल सकते हैं, इसलिए हम हमेशा ऐसा ही करते हैं। हसीना ने राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। हसीना सोमवार दोपहर दिल्ली पहुंचीं थी। वह मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। उनका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार शाम को हसीना से मुलाकात की थी। अडाणी समूह के प्रमुख गौतम अडाणी ने भी सोमवार शाम को बांग्लादेशी प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। हसीना ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में निजामुद्दीन औलिया दरगाह का भी दौरा किया था। बृहस्पतिवार को वह अजमेर शरीफ जाएंगी। बांग्लादेश अब दक्षिण एशिया में भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है। पिछले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार नौ अरब डॉलर से बढ़कर 18 अरब डॉलर हो गया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटा एंड संस के पूर्व चेयरमैन 54 वर्षीय साइरस मिस्त्री का अंतिम संस्कार आज मंगलवार सुबह वर्ली श्मशान घाट में होगा। रविवार को एक कार दुर्घटना में साइरस मिस्त्री की मौत हुई है। राजनेताओं से लेकर उद्योगपतियों तक को श्रद्धांजलि देने के साथ साइरस मिस्त्री की मौत ने हर तरफ से लोगों को झकझोर दिया। साइरस मिस्त्री के परिवार के अधिकांश सदस्य विदेश में रहते हैं और सोमवार रात तक मुंबई पहुंच हैं। 54 वर्षीय साइरस मिस्त्री के पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण पॉलीट्रोमा, महत्वपूर्ण अंगों पर गंभीर चोटें सामने आई हैं। साइरस मिस्त्री गुजरात के उदवाड़ा से तीन पारिवारिक मित्रों डेरियस और जहांगीर पंडोले और डेरियस की पत्नी अनाहिता पंडोले के साथ मुंबई लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, कार मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सूर्या नदी के चरोटी पुल पर एक डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में साइरस मिस्त्री के साथ मर्सिडीज की पिछली सीट पर बैठे 49 वर्षीय जहांगीर की भी मौत हो गई। जाने-माने स्त्री रोग विशेषज्ञ अनाहिता गाड़ी चला रही थीं, और उनके पति डेरियस उनके साथ वाली सीट पर आगे बैठे थे। दोनों का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि दुर्घटना के 10 मिनट के भीतर मदद पहुंच गई। जेजे अस्पताल प्रशासन ने सोमवार 2.27 बजे पोस्टमॉर्टम पूरा किया और रिपोर्ट कासा पुलिस स्टेशन, स्थानीय पुलिस स्टेशन को भेज दी है जहां दुर्घटना हुई थी। अस्पताल के एक सूत्र ने कहा, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि कार की रफ्तार तेज थी। साइरस मिस्त्री के पोस्टमॉर्टम में मौत की वजह पॉलीट्रोमा और शरीर के कई अंगो में चोट लगने को बताई जा रही है। पॉलीट्रोमा वह स्थिति होती है, जिसमें सिर के भीतर ही ऊतकों के भीतर थक्के वाले रक्त की एक ठोस सूजन हो जाती है, जिसके मेडिकल टर्म में इंट्राक्रैनील हेमेटोमा कहत हैं। ये मुख वक्ष या पेट की चोट के कारण भी हो सकता है।
टीम एबीएन, रांची। रांची के भाजपा सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान श्री सेठ की पत्नी नीता सेठ भी साथ थी। सांसद ने बताया कि उपराष्ट्रपति महोदय से उनकी शिष्टाचार और पारिवारिक मुलाकात थी। मुलाकात के क्रम में उपराष्ट्रपति ने रांची लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे झारखंड के विषय में चर्चा की। रांची लोकसभा क्षेत्र को अपना आशीर्वाद दिया है। सांसद श्री सेठ ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने पर श्री जगदीप धनखड़ का रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता की तरफ से अभिनंदन किया और उन्हें रांची आने का निमंत्रण भी दिया। उपराष्ट्रपति ने सांसद को बताया कि बहुत जल्द ही आएंगे और रांची के क्षेत्र के लोगों से मिलेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना द्विपक्षीय रिश्ते को मजबूती देने के मकसद से चार दिवसीय दौरे पर सोमवार को भारत पहुंच रही हैं। इस दौरान दोनों देशों का मुख्य फोकस संपर्क, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा के साथ ही कारोबार और निवेश के अवसरों पर रहेगा। हसीना अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात करेंगी। साथ ही वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर वार्ता करेंगी। दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच वार्ता के दौरान लंबित और नियमित द्विपक्षीय मुद्दों के अलावा दक्षिण एशिया में रक्षा सहयोग और स्थिरता के मुद्दे पर सबसे अधिक जोर रहेगा। सूत्रों का कहना है कि हसीना भारत से खाद्य आपूर्ति, नेपाल और भूटान माल भेजने की अनुमति की मांग कर सकती हैं। मेहमान पीएम के अजमेर की यात्रा पर जाने की संभावना है। वर्ष 2019 के बाद यह हसीना की पहली भारत यात्रा होगी। बांग्लादेश और भारत दोनों देशों के बीच संस्कृति, अर्थनीति, राजनीति इतिहास, भाषा और धर्म आदि में काफी समानताएं हैं। बांग्लादेश की आजादी में भारत की अहम भूमिका रही है, इस तथ्य के बावजूद दोनों देशों के रिश्ते बहुत करीबी या विवादमुक्त नहीं रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ढाका दौरे ने दोनों देशों के बीच संबंधों को धार दी। हाल के सालों में राजनयिक और आर्थिक क्षेत्र में दोनों देशों के बीच कई करार हुए हैं। पीएम मोदी और शेख हसीना के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत और बांग्लादेश ने रक्षा, सुरक्षा, पावर व ऊर्जा, संपर्क, वाणिज्य, सांस्कृतिक आदान प्रदान, विकास सहयोग कारोबार, भूमि व समुद्री सीमांकन समेत कई क्षेत्रों में ठोस परिणाम हासिल किए हैं। रिपोर्टों के अनुसार, बांग्लादेश ने हाल में विकास के मामले में लंबी छलांग लगाई है। हसीना का यह दौरा दक्षिण एशिया क्षेत्र में राजनीतिक और आर्थिक संकट, आतंकवाद और सैन्य तख्तापलट की पृष्ठभूमि में हो रहा है। साथ ही कोरोना महामारी के बाद अर्थव्यवस्था को पटरी में लाने की कोशिशों के बीच उनकी यह यात्रा काफी मायने रखती है। भारत और बांग्लादेश के द्विपक्षीय संबंध समय के साथ विकसित हुए है। इसमें आने वाली समस्याओं का सौहार्दपूर्ण समाधान बातचीत और रचनात्मक संवाद के जरिये निकालने का प्रबंध है। हालांकि दोनों देशों के बीच कुछ विवाद भी हैं। बांग्लादेश ने अपने विदेशी मुद्रा भंडार को स्थिर करने के लिए कर्ज के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) का दरवाजा खटखटाया है। बांग्लादेश चाहता है कि भारत-बांग्लादेश व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) के लिए बातचीत की पहल शुरू हो। भारत और बांग्लादेश 54 नदियों को साझा करते हैं। इन नदियों में गंगा, तीस्ता, मनु, मुहुरी, खोवई, गोमती, धारला, दुधकुमार और कुशियारा प्रमुख हैं। दोनों देशों के बीच जल प्रबंधन और जल संसाधनों को साझा करने को लेकर पिछले 35 सालों विवाद बना हुआ है। कई द्विपक्षीय समझौतों और कई दौर की वार्ता के बाद भी ठोस नतीजा नहीं निकल सका है। दोनों देशों ने सात नदियों की पहचान जल साझा करने के लिए है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देशभर में कोरोना के नए मामलों में भारी गिरावट दर्ज की गई। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 5,910 नए मामले सामने आने से देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,44,62,445 हुई, जबकि मृतक संख्या 5,28,007 हुई। वहीं देश में कोरोना वायरस संक्रमण के एक्टिव केस मौजूदा समय में 53,974 हो गए हैंसाथ ही इसी अवधि में देश में 7034 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटा सन्स के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री की रविवार को मुंबई के पास एक सड़क हादसे में हुई मृत्यु हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब मिस्त्री की कार एक डिवाइडर से टकरा गई। उस समय मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे। वहीं, मामले में अब पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है। जांच में पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि साइरस मिस्त्री और उनके एक सह-यात्री ने सीट बेल्ट नहीं बांधी हुई थी इतना ही नहीं वाहन बहुत तेज गति में भी था। पुलिस के मुताबिक लग्जरी कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि केवल 9 मिनट में 20 किमी की दूरी तय की। इस दौरान मिस्त्री और उनके एक सह-यात्री ने भी सीट बेल्ट नहीं बांधी हुई थी। जांच में पता चला है कि ड्राइवर के निर्णय की त्रुटि के कारण दुर्घटना हुई। पालघर के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल के अनुसार, कार में 4 लोग सवार थे, जिनमें से एक महिला थी और कार महिला ही चला रही थी। फिलहाल, वह घायल है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं, साइरस मिस्त्री का पोस्टमार्टम रात को पूरा कर लिया गया है। अफसरों और डॉक्टरों का कहना है कि जब उनका परिवार आकर दावा पेश करेगा तो उन्हें उनका शव सौंप दिश जाएगा। ऐसे में माना जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार आज ही किया जायेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है। बकौल पीएम, वह एक उत्तम बिजनेस लीडर थे जिन्हें भारत के आर्थिक कौशल पर भरोसा था। उनका चले जाना वाणिज्य एवं उद्योग जगत के लिए बड़ी हानि है। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं...। प्रधानमंत्री के अलावा कई बड़ी हस्तियों ने साइरस मिस्त्री के देहांत पर शोक प्रकट किया है। एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि वह बहुत तेज और प्रभावशाली उद्यमी थे। पवार ने उन्हें उद्योग जगत के सबसे चमकीले सितारों में से एक बताते हुए कहा कि उनके जाने से भारतीय उद्योग को अपूरणीय क्षति हुई है। एनसीपी नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने ट्वीट किया कि उन्हें इस खबर पर विश्वास नहीं हो रहा है। सुले ने लिखा, बेहद निराशाजनक खबर, मेरे भाई सारइस मिस्त्री का निधन हो गया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.