एबीएन सेंट्रल डेस्क। दस दिनों तक चलने वाले गणेश चतुर्थी उत्सव का शुक्रवार को समापन हो गया। कल ही मूर्तियों का विसर्जन भी किया गया। इस दौरान डूबने की कई घटनाएं सामने आई हैं। उत्तर प्रदेश और हरियाणा की अलग-अलग घटनाओं में गणेश विसर्जन के दौरान कल 15 लोगों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हरियाणा के महेंद्रगढ़ और सोनीपत जिलों में शुक्रवार शाम भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जित करने के दौरान छह लोगों की डूबने से मौत हो गई। महेंद्रगढ़ में चार युवक नहर में डूब गये जबकि दो सोनीपत में यमुना नदी में डूब गये। आपको बता दें कि महेंद्रगढ़ में करीब सात फुट की मूर्ति विसर्जन के लिए ले जा रही टोली जब नहर में पानी की धारा में बह गई तो नौ युवक बह गए। जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। इस घटना में चार की मौत हो गई, अन्य को बचा लिया गया। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गणेश विसर्जन के दौरान नौ लोगों के मौत की खबर सामने आ रही है। उन्नाव में तीन, संत कबीर नगर में चार, ललितपुर में दो युवकों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट कर कहा है कि महेंद्रगढ़ और सोनीपत जिलों में गणपति विसर्जन के दौरान डूबने से कई लोगों की असमय मौत की खबर दिल दहला देने वाली है। खट्टर ने कहा, हम सभी इस कठिन समय में मृतकों के परिवारों के साथ खड़े हैं। एनडीआरएफ की टीम ने कई लोगों को डूबने से बचाया है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्नाव की बात करें तो यहां दो बच्चों की डूबने से तुरंत मौत हो गई। तीसरे बच्चे को इलाज के दौरान अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बच्चे भगवान गणेश की मूर्तियों को गंगा नदी में विसर्जित करने गये थे। इस दौरान पांच बच्चे गंगा नदी में डूबने लगे। वे सभी अचानक गहरे पानी में चले गये थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चों का रेस्क्यू किया। हालांकि, तब तक दौ की मौत हो गई थी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र के केरल के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। वहीं ओडिशा, महाराष्ट्र और दक्षिण बंगाल में भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के नवीनतम मौसम बुलेटिन के अनुसार, अगले कुछ दिनों में ओडिशा और महाराष्ट्र सहित भारत के कई राज्यों में भारी वर्षा की भविष्यवाणी की गई है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान ओडिशा, महाराष्ट्र और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। इन राज्यों के कई जिलों के लिए आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किये हैं। 11 सितंबर से झारखंड-बिहार में भारी बारिश की संभावना : मौसम कार्यालय ने यह भी बताया कि चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण 11 सितंबर से झारखंड और बिहार में भी भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा के कोरापुट, कंधमाल, गजपति और गंजम जिलों समेत इसके कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,554 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामले बढ़कर 4,44,90,283 हो गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 48,850 रह गई है। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किये गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में महामारी से 18 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही कोविड से मरने वालों की संख्या 5,28,139 पर पहुंच गई है। उपचाराधीन मरीजों की संख्या, संक्रमण के कुल मामलों का 0.11 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड से पीड़ित होकर ठीक होने वालों की दर बढ़कर 98.70 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 786 की कमी आई है। दैनिक संक्रमण दर 1.47 प्रतिशत दर्ज की गई और साप्ताहिक दर 1.80 प्रतिशत रही। मंत्रालय ने कहा कि अब तक 4,39,13,294 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। महामारी से होने वाली मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक कोविड रोधी टीके की 214.77 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस के पांच लोकसभा सदस्यों ने पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर चिंता जताते हुए पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण (सीईए) के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री से आग्रह किया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के निर्वाचक मंडल (डेलीगेट) की सूची मतदान में हिस्सा लेने वालों और संभावित उम्मीदवारों को नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रदान की जाए। पार्टी सांसद शशि थरूर, मनीष तिवारी, कार्ति चिदंबरम, प्रद्युत बारदोलोई और अब्दुल खालिक ने मिस्त्री को पत्र लिखकर यह आग्रह किया है। यह पत्र कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से एक दिन पहले छह सितंबर को लिखा गया था। नमें से दो सांसदों, थरूर और तिवारी का संबंध कांग्रेस के "जी-23" समूह से है। इन सांसदों ने पहले यह सूची सार्वजनिक करने का आग्रह किया था, जिससे मिस्त्री ने साफ इनकार कर दिया था। अब इन सांसदों ने अपने पत्र में कहा है कि उनके कहने का यह मतलब कतई नहीं है कि पार्टी के किसी आंतरिक दस्तावेज को ऐसे ढंग से जारी किया जाए कि इसका किसी भी तरीके से दुरुपयोग हो। उन्होंने पत्र में कहा, हमारी राय है कि अध्यक्ष के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्वाचक मंडल की सूची मतदान में हिस्सा लेने वाले मतदाताओं और संभावित उम्मीदवारों को दिया जाए। पिछले महीने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने गत 28 अगस्त को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए निर्वाचन सूची तैयार किए जाने की प्रक्रिया के बारे में जानना चाहा था। हालांकि, बाद में पार्टी ने कहा था कि इस बैठक में किसी नेता ने कोई सवाल खड़ा नहीं किया। निर्वाचक मंडल की सूची सार्वजनिक किए जाने की मांग को खारिज करते हुए मिस्त्री ने कहा था कि पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव से जुड़ी पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और कांग्रेस के संविधान के मुताबिक है तथा निर्वाचक मंडल (डेलीगेट) की सूची को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, लेकिन उम्मीदवारों को यह उपलब्ध करा दी जायेगी। कांग्रेस की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 22 सितंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी, 24 सितंबर से नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं और यदि एक से अधिक उम्मीदवार हुए तो 17 अक्टूबर को मतदान होगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भाजपा ने विभिन्न राज्यों के प्रभारियों और सह प्रभारियों की जिम्मेदारी में बड़ा बदलाव किया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विनोद तावड़े को बिहार का नया प्रभारी बनाया है, जबकि सह प्रभारी की जिम्मेदारी पहले की तरह हरीश द्विवेदी ही संभालते रहेंगे। छत्तीसगढ़ का प्रभारी ओम माथुर और सह प्रभारी नितिनि नबीन को बनाया गया है। बिप्लब कुमार देब को हरियाणा, लक्ष्मीकांत वाजपेयी को झारखंड और विनोद सोनकर को दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव का प्रभारी बनाया गया है। केरल का प्रभारी प्रकाश जावेड़कर को बनाया गया है। राधामोहन अग्रवाल को लक्षद्वीप के प्रभारी के साथ-साथ केरल के सह प्रभारी की जिम्मेदारी भी दी गई है। पी मुरलीधर राव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है और उनके साथ राज्य में दो नेताओं पंकजा मुंडे और रमाशंकर कठेरिया को सह प्रभारी बना कर लगाया गया है। विजय भाई रुपाणी को पंजाब और चंडीगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। नरिंदर सिंह रैना को पंजाब का सह प्रभारी बनाया गया है। तेलंगाना का प्रभार तरूण चुग संभालेंगे और उनके साथ अरविंद मेनन को राज्य का सह प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान के प्रभारी की जिम्मेदारी पहले की तरह ही अरुण सिंह संभालते रहेंगे और उनके साथ सह प्रभारी के तौर पर विजया राहटकर को लगाया गया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 6,093 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,44,84,729 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 49,636 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 31 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,28,121 पर पहुंच गई है। इन 31 मामलों में वे 13 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 49,636 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.11 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 706 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.70 प्रतिशत हो गई है। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गये थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गये थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन से न सिर्फ ब्रिटेन में शोक की लहर है बल्कि दुनियाभर में उनके निधन की खबर से मायूसी छा गई है। कई देशों के पीएम और राष्ट्रपति महारानी के निधन पर शोक जता रहे हैं। इस बीच पीएम मोदी ने भी क्वीन एलिजाबेथ के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि मैं उनके निधन से काफी आहत महसूस कर रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महारानी के निधन पर कहा है कि महारानी को हमारे समय की एक दिग्गज शासक के रूप में याद किया जायेगा। उन्होंने अपने राष्ट्र और लोगों को प्रेरणा देने का काम किया है। साथ ही सार्वजनिक जीवन में उनकी गरिमा और शालीनता से लोगों को सीखना चाहिए। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और ब्रिटेन के लोगों के साथ हैं। पीएम मोदी ने इस दौरान बताया कि जब वो साल 2015 और 2018 में ब्रिटेन गए थे तो महारानी से हुई उनकी मुलाकात यादगार थी। उन्होंने जिस गर्मजोशी और दयालुता से मेरा स्वागत किया था, उसे मैं कभी नहीं भूलूंगा। एक बैठक के दौरान उन्होंने मुझे वह रूमाल दिखाया था जो उन्होंने महात्मा गांधी ने शादी के गिफ्ट के तौर पर दिया था। मैं उन पलों को कभी नहीं भूल पाऊंगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में बृहस्पतिवार को 3.5 तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि कटरा में सुबह सात बजकर करीब 52 मिनट पर भूकंप आया। इसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई पर था। जम्मू क्षेत्र के डोडा, रियासी, किश्तवाड़ और उधमपुर जिलों में पिछले महीने कम तीव्रता के 13 भूकंप आये थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और यह कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। मोदी ने गुजरात में सूरत के ओलपाड इलाके में आयोजित एक चिकित्सा शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, हमें इस उत्साह को बनाए रखने की जरूरत है। इस मौके पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने कहा, हाल ही में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इस उपलब्धि ने हमें वर्तमान अमृत काल में और अधिक मेहनत करने तथा बड़े लक्ष्यों को हासिल करने का भरोसा दिया है। यह उपलब्धि सामान्य नहीं है। हर भारतीय इस पर गर्व महसूस कर रहा है। हमें इस उत्साह को बनाए रखने की जरूरत है। मोदी ने केंद्र की प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा, पिछले आठ वर्षों के दौरान सरकार द्वारा गरीबों के लिए तीन करोड़ घर बनाए गए हैं। इनमें से लगभग 10 लाख घर गुजरात में बनाए गए हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.