Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
स्वदेशी एंटी लम्पी वैक्सीन तैयार, 8 वर्षों में 44% बढ़ेगा दूध उत्पादन : नरेंद्र मोदी
Published / 2022-09-12 08:32:44
स्वदेशी एंटी लम्पी वैक्सीन तैयार, 8 वर्षों में 44% बढ़ेगा दूध उत्पादन : नरेंद्र मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वर्ल्ड डेयरी समिट में हिस्सा लेने ग्रेटर नोएडा पहुंचे। तकरीबन 48 साल के बाद भारत को इस समिट की मेजबानी करने का मौका मिला है। चार दिवसीय कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादन से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। देश-विदेश के 156 विशेषज्ञ इस सम्मलेन को संबोधित करेंगे। इससे किसानों को अत्याधुनिक जानकारी मिल सकेगी। समिट को प्रारंभ में पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने संबोधित किया। उनके उद्घाटन संबोधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समिट का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने इस मौके पर एक शॉर्ट फिल्म जारी की। उन्होंने वैश्विक मंच से बताया कि भारत ने लम्पी बीमारी से निपटने के लिए स्वदेशी एंटी लम्पी वैक्सीन तैयार कर ली है। साथ ही उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर इससे निपटने में जुटी हैं। आने वाले समय में टेस्टिंग बढ़ाई जायेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ल्ड डेयरी समिट को संबोधित करते हुए इस क्षेत्र में भारत के दबदबे का उल्लेख किया। इससे पहले पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने बताया कि 4 दिवसीय इस वैश्विक सम्मेलन में कुल 24 सेशन होंगे और जिन्हें 156 विशेषज्ञ संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने समिट के पहले दिन अपने संबोधन में बताया कि दुनिया भर में डेयरी सेक्टर 2 फीसद की रफ्तार से बढ़ रहा है, जबकि भारत में यह सेक्टर 6 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ रहा है। उन्होंने इस सेक्टर में महिलाओं की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डेयरी सेक्टर में काम करने वाले कुल वर्कफोर्स में 74 फीसद महिलाएं हैं। पीएम मोदी ने वर्ल्ट डेयरी समिट में पशु आधार योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पशुओं का डेटाबेस तैयार करने के लिए पशु आधार योजना चलाई जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि डेयरी सेक्टर का सामर्थ्य न सिर्फ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देता है, बल्कि ये दुनिया भर में करोड़ों लोगों की आजीविका का भी प्रमुख साधन है। विश्व के विकसित देशों से अलग भारत में डेयरी सेक्टर की असली ताकत छोटे किसान हैं।

"भारत जोड़ो" यात्रा : आज दूसरे दिन केरल में सड़क के दोनों ओर उमड़ी कांग्रेस समर्थकों की भीड़
Published / 2022-09-12 06:48:13
"भारत जोड़ो" यात्रा : आज दूसरे दिन केरल में सड़क के दोनों ओर उमड़ी कांग्रेस समर्थकों की भीड़

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केरल में कांग्रेस की "भारत जोड़ो" यात्रा का आज दूसरा दिन है। इस पद यात्रा में शामिल होने के लिए आज भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। पार्टी नेता राहुल गांधी ने सुबह वेल्लायानी जंक्शन से पदयात्रा शुरू की। लोग गांधी की अगुवाई में शुरू हुई इस यात्रा को देखने के लिए भी सड़क के दोनों ओर एकत्र हुए। बता दें कि इससे पहले रविवार को नेमोम में पहले दिन की यात्रा समाप्त होने पर गांधी ने कहा कि केरल सभी का सम्मान करता है और खुद को कभी विभाजित नहीं होने देता और न ही नफरत फैलने देता है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक प्रकार से इन्ही विचारों का विस्तार है। उन्होंने कहा कि एकजुट रहना तथा सौहार्द के साथ मिल कर काम करना केरल के लोगों के लिए स्वाभाविक और सामान्य बात है और उन्होंने देश को यह दिखाया है। 19 दिनों में 450 किमी की करेंगे यात्रा : जानकारी के मुताबिक, केरल में प्रवेश करने के बाद राहुल गांधी 19 दिनों की अवधि में 450 किमी की यात्रा करके मलप्पुरम के नीलांबुर तक जाएंगे। यह यात्रा 14 सितंबर को कोल्लम जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद 17 सितंबर को अलाप्पुझा पहुंचेगी और 21-22 सितंबर को एर्नाकुलम जिले से होते हुए 23 सितंबर को त्रिशूर पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा के अन्य पड़ाव होंगे। कन्याकुमारी से कश्मीर तक की इस यात्रा में कांग्रेस नेता 3570 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। पार्टी ने राहुल समेत 119 नेताओं को "भारत यात्री" नाम दिया है जो कन्याकुमारी से पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे। 19 सितंबर को प्रियंका गांधी के भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस ने महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर फिर निशाना साधा। पार्टी प्रवक्ता प्रो गौरव वल्लभ ने कहा कि रियल जीडीपी बढ़ नहीं रही और दूसरी जीडीपी यानी गैस-डीजल-पेट्रोल की कीमतें कम नहीं हो रही हैं। वल्लभ ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतें हमारे देश में निर्धारित होती हैं चुनावी तारीख से। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उनकी कीमतों से कोई फर्क नहीं पड़ता।

छत्तीसगढ़ : कोरबा जिले में बस- ट्रक की टक्कर में 7 की मौत, तीन गंभीर
Published / 2022-09-12 06:44:03
छत्तीसगढ़ : कोरबा जिले में बस- ट्रक की टक्कर में 7 की मौत, तीन गंभीर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बस के ट्रक से टकराने से एक भीषण हादसा हो गया जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। छत्तीसगढ़ के जिले कोरबा के एसपी संतोष सिंह ने बताया कि यहां के मडई घाट के पास एक बस के खड़े ट्रेलर वाहन से टकरा जाने से 7 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग घायल हुए हैं। कोरबा के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने कहा कि दुर्घटना बांगो थाना क्षेत्र के मडई घाट के पास सुबह करीब चार बजे हुई जब एक निजी ट्रैवल कंपनी की बस राज्य की राजधानी रायपुर से सरगुजा जिले की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक विपरीत दिशा से आ रही कार से बचने का प्रयास कर रहा था और इसी क्रम में वह एक खड़े ट्रक से जा टकराया। उन्होंने बताया कि बस के सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ज्ञानवापी केस : वाराणसी में धारा-144, पुलिस ने बढ़ायी गस्त
Published / 2022-09-11 16:55:19
ज्ञानवापी केस : वाराणसी में धारा-144, पुलिस ने बढ़ायी गस्त

एबीएन सेंट्रल डेस्क। वाराणसी के ज्ञानवापी-श्रृंगार गौरी मामले पर सोमवार यानी 12 सितंबर को फैसला आयेगा। मामले में जिला अदालत मुकदमे की पोषणीयता यानी कि मुकदमा चलने योग्य है या नहीं, इस पर फैसला सुनायेगी। वहीं कोर्ट के फैसले को देखते हुए जिला प्रशासन पहले ही अलर्ट मोड पर है। आज वाराणसी कमिश्नरेट की सुरक्षा को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई। बैठक के बाद कमिश्नर ए सतीश गणेश ने कहा कि जिला अदालत सोमवार को एक अहम मामले में फैसला सुना सकती है। इसको लेकर शहर भर में धारा 144 लागू कर दी गई है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात है। पेट्रोलिंग की जा रही है। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि कानून-व्यवस्था न बिगड़ने पाये। वहीं हिंदू पक्ष के अधिवक्ता सुभाष चतुर्वेदी ने कहा कि कल 7 रूल 11 पर फैसला आयेगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 2 महीने लगातार सुनवाई की गई। इस फैसले में ये तय होगा कि मुकदमा चलने योग्य है या नहीं। हमें विश्वास है कि हमारा दावा पोषणीय है। सारे साक्ष्य यही कह रहे हैं। मामले की कोर्ट में जब सुनवाई चल रही थी, तब तत्कालीन सिविल जज रवि कुमार दिवाकर ने सर्वे का आदेश जारी किया था, जिसके बाद ज्ञानवापी मस्जिद के परिसर का सर्वे किया गया था। इस सर्वे के बाद विवाद भी काफी खड़ा हुआ था। सर्वे के वीडियो भी सामने आये थे। मस्जिद के वजूखाने में शिवलिंग के होने का दावा किया गया, जिसको कोर्ट में मुस्लिम पक्ष ने फव्वारा बताया था।

राहुल बतायें- देश की एकता को किसने नुकसान पहुंचाया, आखिर "भारत को जोड़ने की जरूरत" क्यों पड़ रही है : स्मृति ईरानी
Published / 2022-09-11 06:32:13
राहुल बतायें- देश की एकता को किसने नुकसान पहुंचाया, आखिर "भारत को जोड़ने की जरूरत" क्यों पड़ रही है : स्मृति ईरानी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पार्टी के नेता राहुल गांधी से शनिवार को सवाल किया कि भारत की एकता को किसने नुकसान पहुंचाया कि विपक्षी दल को इस तरह का अभियान शुरू करना पड़ा। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का परोक्ष रूप से संदर्भ देते हुए ईरानी ने कथित तौर पर भारत विरोधी नारेबाजी करने वाले लोगों को अपने साथ जोड़ने को लेकर भी राहुल की आलोचना की। ईरानी ने बेंगलुरु के डोड्डाबल्लापुरा में कहा, राहुल गांधी भारत को एकजुट करने की यात्रा पर हैं, लेकिन उन्हें पहले जवाब देना चाहिए कि भारत को तोड़ने का दुस्साहस किसने किया। भाजपा ने सरकारी संस्थानों को अपने नियंत्रण में ले लिया- राहुल गांधी : आप एक ऐसे व्यक्ति को अपनी पार्टी का सदस्य बनाते हैं, जिसने भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशा अल्लाह... का नारा लगाया था। उन्होंने कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित जन स्पंदन कार्यक्रम में यह कहा। ईरानी ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी में राहुल द्वारा की गई उस टिप्पणी पर हैरानगी जताई, जिसमें कांग्रेस नेता ने कहा था कि लड़ाई अब पूरी राज्य व्यवस्था के खिलाफ है। कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को आरोप लगाया था, भाजपा ने सरकारी संस्थानों को अपने नियंत्रण में ले लिया है। सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) और ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में आ गई है। मैं राहुल गांधी के इस बयान से हैरान : आज हालात यह है कि हम सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी के खिलाफ नहीं लड़ रहे, बल्कि पूरी राज्य व्यवस्था से लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के अमेठी से लोकसभा सदस्य ईरानी ने कहा, पूरी गंभीरता के साथ मैं यह राजद्रोह का आरोप लगा रही हूं। मैं राहुल गांधी के इस बयान से हैरान हूं कि वह पूरी राज्य व्यवस्था के खिलाफ लड़ रहे हैं। आपने भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है। मैं आपकी सत्ता की भूख से हैरान हूं। केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के शासन के दौरान मुंबई में एक आतंकवादी की कब्र का संगमरमर से सौंदर्यीकरण किया गया, जबकि वह हमलावर करीब 250 लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार था। कोविड वैक्सीन पर कांग्रेस ने फैलाया झूठ : ईरानी ने आरोप लगाया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र कोविड-19 महामारी का मुकाबला कर रहा था और स्वदेशी टीका विकसित किया गया, उस वक्त कांग्रेस ने लोगों से ये टीके नहीं लगवाने की सलाह देते हुए झूठ फैलाया। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रा सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का नयी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर अनावरण किया जाना कांग्रेस को पसंद नहीं आया, क्योंकि पार्टी ने इस कदम का समर्थन करते हुए कोई बयान नहीं जारी किया।

पीएम मोदी ने किया सन्त विनोबा भावे को नमन, स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण को भी किया याद
Published / 2022-09-11 06:28:07
पीएम मोदी ने किया सन्त विनोबा भावे को नमन, स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण को भी किया याद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूदान आंदोलन के प्ररेणा विनोबा भावे की जयंती पर उन्हें रविवार को श्रद्धांजलि दी। मोदी ने ट्वीट किया कि भावे का जीवन गांधीवादी सिद्धांतों की अभिव्यक्ति है। प्रधानमंत्री ने 11 सितंबर का स्वामी विवेकानंद से खास संबंध होने का भी जिक्र करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने 1893 में इसी दिन शिकागो में ऐतिहासिक भाषण दिया था। मोदी ने ट्विटर पर वह भाषण साझा करते हुए कहा, 1893 में आज ही के दिन उन्होंने शिकागो में सबसे उत्कृष्ट भाषणों में से एक भाषण दिया था। उनके भाषण ने दुनिया को भारत की संस्कृति और मूल्यों की झलक दिखायी थी। प्रधानमंत्री ने 1895 में जन्मे भावे को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, उनका जीवन गांधीवादी सिद्धांतों की अभिव्यक्ति है। वह सामाजिक सशक्तीकरण को लेकर जुनूनी थे और उन्होंने जय जगत का नारा दिया था। हम उनके आदर्शों से प्रेरित हैं और हमारे देश के लिए उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले 5,076 नये संक्रमित, एक्टिव केस 47,945
Published / 2022-09-11 05:54:11
देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले 5,076 नये संक्रमित, एक्टिव केस 47,945

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 5,076 नए मामले सामने आए हैं। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 47,945 पहुंच चुकी है। यह कुल संक्रमितों की 0.11 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 528150 है, जो कुल मामलों की 1.19 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अब तक देश में 43919264 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं कोरोना का टीका लगवाने वालों की संख्या 2149536744 है। बीते 24 घंटे में 17,81,723 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।

पीएम के जन्मदिन पर खास तोहफे की आस... गोड्डा से रांची, पटना और कोलकाता के लिए चलेगी ट्रेन
Published / 2022-09-10 16:48:45
पीएम के जन्मदिन पर खास तोहफे की आस... गोड्डा से रांची, पटना और कोलकाता के लिए चलेगी ट्रेन

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के गोड्डा से राजधानी रांची, पटना और कोलकाता के लिए अब ट्रेन का सफर आसान होने वाला है। गोड्डा से 8:45 सुबह में ट्रेन खुलेगी और करीब 10 घण्टे का सफर तय कर 6:45 शाम में सियालदा पहुंचेगी। ये ट्रेन पोड़ैयाहाट, हंसडीहा और दुमका के रास्ते सियालदा जायेगी। उधर से ये ट्रेन 12:05 दोपहर में सियालदा से खुलेगी और रात 10:30 बजे गोड्डा पहुंचेगी। गोड्डा से टाटा के लिए भी साप्ताहिक ट्रेन चलेगी। यह ट्रेन सोमवार को जमशेदपुर से 1:40 दोपहर में खुलकर मंगलवार सुबह 7:20 बजे गोड्डा पहुंचेगी। वहीं गोड्डा से 12:40 बजे हर मंगलवार को ये गाड़ी खुलेगी और दूसरे दिन सुबह 6:45 बजे जमशेदपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन गोड्डा से भागलपुर, झाझा, जसीडीह के रास्ते जमशेदपुर पहुंचेगी। तीसरी ट्रेन गोड्डा से रांची के लिए इंटरसिटी चलने वाली है। इसकी शुरुआत 12 तारीख से होने वाली है। इस गाड़ी का इंतजार गोड्डा के लोगों को काफी दिनों से था। यह ट्रेन गोड्डा से दुमका होते हुए रांची जायेगी। 12 घण्टे में गोड्डा से रांची का सफर तय करेगी। गोड्डा में इस ट्रेन का समय 4:30 बजे निर्धारित की गई है, जो 3:55 बजे रांची पहुंचेगी। गोड्डा से बिहार की राजधानी पटना के लिए भी साप्ताहिक ट्रेन शुरू होने वाली है। यह ट्रेन हर शनिवार को गोड्डा से चलेगी। गोड्डा में सुबह 7:35 पर खुलेगी और शाम 4:10 बजे पटना के राजेन्द्र नगर पहुंचेगी। ये ट्रेन पोड़ैयाहाट, हसडीहा, भागलपुर के रास्ते पटना जायेगी। पटना से हर शुक्रवार रात 10:05 बजे खुलकर शनिवार सुबह 7 बजे गोड्डा पहुंचेगी।

केंद्र-राज्य विज्ञान सम्मेलन में बोले पीएम मोदी- रिसर्च और इनोवेशन का ग्लोबल सेंटर बनेगा भारत
Published / 2022-09-10 12:25:41
केंद्र-राज्य विज्ञान सम्मेलन में बोले पीएम मोदी- रिसर्च और इनोवेशन का ग्लोबल सेंटर बनेगा भारत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अहमदाबाद में साइंस सिटी में आयोजित दो दिवसीय केंद्र-राज्य विज्ञान सम्मेलन का उद्घाटन किया और कहा कि आज का नया भारत, जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान के साथ ही जय अनुसंधान का आह्वान करते हुए आगे बढ़ रहा है। मोदी ने इस अवसर पर सभा को भी संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी के भारत के विकास में विज्ञान उस ऊर्जा की तरह है जिसमें हर क्षेत्र के विकास को हर राज्य के विकास को गति देने का सामर्थ्य है। आज जब भारत चौथी औद्योगिक क्रांति का नेतृत्व करने की तरफ बढ़ रहा है तो उसमें भारत की साइंस और इस क्षेत्र से जुड़े लोगों की भूमिका बहुत अहम है। समाधान का, सॉल्यूशन का, इवोलूशन का और इनोवेशन का आधार विज्ञान ही है। इसी प्रेरणा से आज का नया भारत, जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान के साथ ही जय अनुसंधान का आह्वान करते हुए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर हम पिछली शताब्दी के शुरुआती दशकों को याद करें तो पाते हैं कि दुनिया में किस तरह तबाही और त्रासदी का दौर चल रहा था। लेकिन उस दौर में भी बात चाहे ईस्ट की हो या वेस्ट की हर जगह के साइंटिस्ट अपनी महान खोज में लगे हुए थे। पश्चिम में आइन्स्टाइन, फर्मी, मैक्स प्लांक, नील्स बोर, टेस्ला जैसे साइंटिस्ट अपने प्रयोगों से दुनिया को चौंका रहे थे। उसी दौर में सीवी रमन, जगदीश चंद्र बोस, सत्येंद्रनाथ बोस, मेघनाद साहा, एस चंद्रशेखर समेत कई वैज्ञानिक अपनी नई-नई खोज सामने ला रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब हम अपने वैज्ञानिकों की उपलब्धियों को सेलिब्रेट करते हैं तो साइंस हमारे समाज का हिस्सा बन जाती है वो पाटर् ऑफ कल्चर बन जाती है। इसलिए आज सबसे पहला आग्रह मेरा यही है कि हम अपने देश के वैज्ञानिकों की उपलब्धियों को जमकर सेलिब्रेट करें। भारत रिसर्च और इनोवेशन का ग्लोबल सेंटरबनेगा। हमारी सरकार साइंस बेस्ड डेवलपमेंट की सोच के साथ काम कर रही है। 2014 के बाद से साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में इन्वेस्टमेंट में काफी वृद्धि की गई है। सरकार के प्रयासों से आज भारत ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में 46वें स्थान पर है जबकि 2015 में भारत 81 नंबर पर था। उन्होंने कहा कि इस अमृतकाल में भारत को रिसर्च और इनोवेशन का ग्लोबल सेंटर बनाने के लिए हमें एक साथ अनेक मोर्चों पर काम करना है। अपनी साइंस और टेक्नॉलॉजी से जुड़ी रिसर्च को हमें लोकल स्तर पर लेकर जाना है। इनोवेशन को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकारों को ज्यादा से ज्यादा वैज्ञानिक संस्थानों के निर्माण पर और प्रक्रियाओं को सरल करने पर बल देना चाहिए। राज्यों में जो उच्च शिक्षा के संस्थान हैं उनमें इनोवेशन लैब्स की संख्या भी बढ़ाई जानी चाहिए। राज्यों में राष्ट्रीय स्तर के अनेक वैज्ञानिक संस्थान होते हैं, नेशनल लेबोरेटरीज भी होती हैं। इनके सामर्थ्य का लाभ, इनकी एक्सपटरइज का पूरा लाभ भी राज्यों को उठाना चाहिए। हमें अपने साइंस से जुड़े संस्थानों को सिलोस की स्थिति से भी बाहर निकालना होगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.