Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
राजस्थान : 76 विधायकों के इस्तीफे के बाद इनपर होगी कार्रवाई
Published / 2022-09-26 09:52:50
राजस्थान : 76 विधायकों के इस्तीफे के बाद इनपर होगी कार्रवाई

एबीएन सेंट्रल डेस्क।।राजस्थान की राजनीति के लिए रविवार 25 सितंबर का दिन इतिहास में लिखा जा चुका है। ऐसा कभी नहीं हुआ कि किसी पार्टी के विधायकों ने मुख्यमंत्री के चेहरे पर आपत्ति दर्ज करते हुए इस्तीफे दे दिए हो। बहरहाल, सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की बात को विधायकों ने साफ तौर पर नकार दिया है। ऐसे में जैसे ही सचिन पायलट का नाम आया, विधायकों ने शांति धारीवाल के घर पर बैठक की और उसके बाद अपने इस्तीफे विधानसभा स्पीकर सीपी जोशी को सौंप दिये। बता दें, कुल 76 विधायकों ने अपने इस्तीफे स्पीकर सीपी जोशी को सौंप दिये हैं। विधायकों ने साफ कह दिया है कि यदि 2020 में सरकार गिराने का प्रयास करने वाले किसी भी नेता को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाने का प्रयास होगा तो उसे विधायक बर्दाश्त नहीं करेंगे। भले ही इसके लिए उनकी सदस्यता ही क्यों न जाये। राजस्थान में जिस तरह से कांग्रेस विधायकों ने बगावत की है, उसके बाद कांग्रेस आलाकमान भी नाराज हो गया है। यही कारण है कि कुछ विधायकों पर इसकी गाज भी गिर सकती है। कहा जा रहा है कि इस्तीफा देने के लिए अग्रिम पंक्ति में दिखाई देने वाले विधायकों पर आलाकमान कार्रवाई कर सकता है। ऐसे में आज का दिन काफी महत्वपूर्ण होने जा रहा है। विधायकों ने कांग्रेस आलाकमान के सामने यह साफ कह दिया है कि जब तक कांग्रेस का नया अध्यक्ष नहीं चुन लिया जाता है, तब तक वह कांग्रेस आलाकमान से कोई बातचीत नहीं करेंगे। ऐसे में रविवार को विधायक दल की बैठक नहीं हो पाई। पर्यवेक्षक मलिकार्जुन खड़गे और प्रभारी अजय माकन को बिना विधायकों के बैठक लिए ही वापस लौटना पड़ सकता है। अगर ऐसा हुआ तो फिर कुछ विधायकों पर कार्रवाई जरूर होगी।

90 साल के हुए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी बधाई
Published / 2022-09-26 08:16:06
90 साल के हुए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी बधाई

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को उनके 90वें जन्मदिन पर बधाई भेजी है और उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की बधाई। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना। राहुल गांधी ने दी बधाई : वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी डॉक्टर मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि भारत के बेहतरीन राजनेताओं में से एक, डॉ मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भारत के विकास में उनकी विनम्रता, समर्पण और योगदान में कुछ समानताएं हैं। वह मेरे लिए और करोड़ों अन्य भारतीयों के लिए एक प्रेरणा हैं। मैं उनके अच्छे के लिए प्रार्थना करता हूं। मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर,1932 हुआ था- सिंह का जन्म विभाजन से पहले 26 सितंबर, 1932 को पंजाब के गाह गांव में हुआ था। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय, कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड में अध्ययन किया। लगातार दो बार (2004-2014 तक) प्रधानमंत्री रहे डॉ सिंह आज 90 साल के हो गए हैं। वह एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्री हैं, जिन्हें 1990 के दशक में व्यापक सुधारों को शुरू करने का श्रेय दिया जाता है।

देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले 4,777 नये संक्रमित
Published / 2022-09-25 14:35:43
देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले 4,777 नये संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,777 नये मामले सामने आये। देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,45,68,114 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 43,994 रह गई है। उसने कहा कि पिछले 24 घंटे में महामारी से 23 और मरीजों की मौत से मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 5,28,510 पर पहुंच गई। रविवार सुबह आठ बजे अद्यतन किये गये आंकड़ों के मुताबिक, इन 23 मृतकों में वे 11 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। मंत्रालय ने कहा कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत हो गई है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से उबरने वाले लोगों की दर बढ़कर 98.72 प्रतिशत पर पहुंच गई है। मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 442 की कमी आई है।

कुपवाड़ा : सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को किया ढेर, AK-47 समेत गोला बारूद बरामद
Published / 2022-09-25 14:14:51
कुपवाड़ा : सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को किया ढेर, AK-47 समेत गोला बारूद बरामद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा के माछिल इलाके में सुरक्षाबलों की आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सेना के जवानों ने दो आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया है। मारे इन आतंकियों से भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया गया है। एनकाउंटर में मारे गए दहशतगर्दों की शिनाख्त की जा रही है। जम्मू और कश्मीर पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि कुपवाड़ा के माछिल इलाके में एलओसी टेकरी नार के पास सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गये आतंकियों की शिनाख्त की जा रही है। इन आतंकियो के पास से 2 एके 47 राइफल, 2 पिस्टल और 4 हथगोले बरामद सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद किये गये हैं। बता दें कि, इससे पहले दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में शनिवार शाम अज्ञात आतंकवादियों ने दो गैर- स्थानीय मजदूरों को गोली मार दी जिससे वे घायल हो गये थे। जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बतायी गयी है। घायलों की पहचान बिहार निवासी शमशाद और फैजान कासरी के रूप में की गयी थी। पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों को पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया था।

2024 का चुनाव जीतने का भाजपा के पास कोई मौका नहीं : नीतीश कुमार
Published / 2022-09-25 13:45:31
2024 का चुनाव जीतने का भाजपा के पास कोई मौका नहीं : नीतीश कुमार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव रविवार को हरियाणा के फतेहाबाद में आयोजित चौधरी देवीलाल की जयंती पर इनेलो की रैली में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला की मौजदूगी में दोनों नेताओं ने रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष को एकता बनाने पर जोर दिया। दरअसल, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, जदयू नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, शिअद के नेता सुखबिर सिंह बादल और माकपा के सीताराम येचुरी इनेलो नेता ओपी चौटाला के निमंत्रण पर फतेहाबाद में पूर्व उप प्रधानमंत्री देवी लाल की 109 वीं जयंती समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले चुनावों के दौरान वे (भाजपा) हमारे उम्मीदवारों को हराने की कोशिश कर रहे थे। केंद्र ने पिछड़े राज्य के लिए जो वादा किया था, वह नहीं हुआ। बिहार में आज 7 पार्टियां एक साथ काम कर रही हैं। उनके पास 2024 का चुनाव जीतने का कोई मौका नहीं है। चौधरी देवी लाल के 109वें जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि आज देश की जो स्थिति बनी हुई है वो किसी से छुपी नहीं है। वो (भाजपा) लोग चाहते हैं कि इस देश का सब कुछ समाप्त हो जाए, केवल भाजपा, संघ और उनके कुछ साथी रह जाये। तेजस्वी ने आगे कहा कि आज हम उन किसानों को धन्यवाद देते हैं जिनके बेटे जवान (फौजी) हैं क्योंकि जवानों ने देश को बचाने का काम किया है। मैं आप लोगों का धन्यवाद करने आया हूं कि किसानों ने किसान आंदोलन कर संघियों को अच्छे से सबक सिखाने का काम किया।

दिल्ली जा रहे लालू एयरपोर्ट पर बोले- देश से होगा भाजपा का सफाया
Published / 2022-09-24 10:45:00
दिल्ली जा रहे लालू एयरपोर्ट पर बोले- देश से होगा भाजपा का सफाया

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राजद सुप्रीमो लालू यादव आज पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो गये। जहां कल यानी रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। इस मीटिंग में सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। वहीं, पटना एयरपोर्ट पर जब पत्रकारों ने लालू यादव से अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया पूछा तो उन्होंने कहा कि अमित शाह अब रिटायर हो चुके हैं और अब पूरे देश से भाजपा वालों का सफाया होगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष एकजुट होगा और अगली बार भाजपा सत्ता में नहीं आयेगी। सूत्रों से मिल रही खबर के अनुसार लालू को इलाज के लिए सिंगापुर जाना है और जल्द ही वो इलाज के लिए दिल्ली से ही सिंगापुर जायेंगे। लालू की मुलाकात कल सोनिया गांधी से होनी है। कल ही नीतीश और तेजस्वी हरियाणा जायेंगे और वहां से फिर दिल्ली आयेंगे। उसके बाद कल शाम लालू, नीतीश और तेजस्वी सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार दिल्ली भी गए थे। 4 दिनों के प्रवास में राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी। उस समय सोनिया गांधी देश से बाहर थीं इसलिए मुलाकात नहीं हो सकी थी, लेकिन अब सोनिया गांधी दिल्ली लौट आईं हैं। इसलिए माना जा रहा कि रविवार को हरियाणा से लौटते समय नीतीश कुमार दिल्ली में लालू यादव के साथ सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। इससे पहले वो दिल्ली प्रवास के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और एनसीपी प्रमुख शरद पवार से भी मुलाकात की थी।

ईडी का खुलासा : पटना में पीएम पर हमले की कोशिश में था पीएफआई
Published / 2022-09-24 08:35:30
ईडी का खुलासा : पटना में पीएम पर हमले की कोशिश में था पीएफआई

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रवर्तन निदेशालय ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) पर एक सनसनीखेज खुलासा किया। ईडी ने दावा किया है कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) ने पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को टारगेट करने की योजना बनाई थी। इसके लिए पीएम मोदी के पटना दौरे पर हमला करने के लिए ट्रैनिंग कैंप भी लगाया गया था। जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को पटना में रैली में विस्फोट की तैयारी की थी। इसके लिए पीएफआई का टेरर मॉड्यूल खतरनाक हथियारों और विस्फोटकों जुटाने में लगा हुआ था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईडी ने गुरुवार को केरल से गिरफ्तार पीएफआई सदस्य शफीक पायेथ के खिलाफ अपने रिमांड नोट में सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि इस साल 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पटना यात्रा के दौरान, संगठन ने उन पर हमला करने के लिए साजिश रची थी और इसके लिए एक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया था। गौरतलब है कि अक्टूबर 2013 में पटना के गांधी मैदान में पीएम मोदी की रैली में सिलसिलेवार बम विस्फोट हुए थे। वहीं, ईडी और एनआईए ने एक साथ कई राज्यों में पॉपुलर फ्रंट ऑॅफ इंडिया पीएफआई के देशभर के विभिन्न ठिकानों पर छापे मारे जिसमें 100 से भी अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पीएफआई ने पिछले कुछ सालों में 120 करोड़ रुपये सिर्फ इसलिए जुटाए हैं कि वह दंगों और देशभर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे सके। इस फंड में ज्यादातर हिस्सा कैश में है।

कुड़मी आंदोलन : अब तक 400 ट्रेनें रद्द, एक लाख से ज्यादा यात्री परेशान
Published / 2022-09-23 17:41:01
कुड़मी आंदोलन : अब तक 400 ट्रेनें रद्द, एक लाख से ज्यादा यात्री परेशान

एबीएन सेंट्रल डेस्क। झारखंड, बंगाल और ओडिशा के कुड़मी आंदोलन के कारण लगातार चौथे दिन शुक्रवार को भी इन तीनों राज्यों में ट्रेन सेवाएं बुरी तरह अस्त-व्यस्त हैं। 60 से ज्यादा ट्रेनें कैंसल कर दी गयी हैं जबकि तकरीबन तीन दर्जन अन्य ट्रेनों का नियमित परिचालन भी प्रभावित हुआ है। कुड़मी जाति को आदिवासी का दर्जा देने की मांग को लेकर बीते 20 सितंबर से हजारों आंदोलनकारियों ने पश्चिम बंगाल के आद्रा डिवीजन के कुस्तौर और खड़गपुर डिवीजन के खेमाशुली में रेलवे ट्रैक जाम कर रखा है। इस आंदोलन की वजह से पिछले चार दिनों में छह रेल डिविजनों- हावड़ा, आद्रा, खड़गपुर, धनबाद, रांची और चक्रधरपुर के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरनेवाली तकरीबन 400 ट्रेनें रद्द हुई हैं और इस वजह से लगभग एक लाख यात्रियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा है। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्टेशनों तक जानेवाली 100 से भी ज्यादा ट्रेनें 2 से लेकर 20 घंटे तक लेट चल रही हैं। रेलवे सहित कई तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले हजारों परीक्षार्थी गंतव्य नहीं पहुंच पाये। टाटा-हावड़ा और हावड़ा -मुंबई रेल लाइन सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। रेलवे ट्रैक पर जमे आंदोलनकारियों के आगे रेल और सामान्य प्रशासन ने भी लगभग घुटने टेक दिये हैं। झारखंड के टाटानगर रेलवे स्टेशन से किसी भी मेल, एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेन को आगे बढ़ने नहीं दिया जा रहा है। टाटानगर से एक भी ट्रेन हावड़ा की ओर नहीं भेजी जा रही है। वहीं, मुंबई की ओर भी जाने वाली ट्रेनें भी रद्द होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है, जो ट्रेन आ रही हैं वे भी दो से 19 घंटे विलंब से चल रही है।

पंजाब यूनिवर्सिटी ने 60 पार वाले प्रोफेसरों को किया रिलीव
Published / 2022-09-23 17:20:40
पंजाब यूनिवर्सिटी ने 60 पार वाले प्रोफेसरों को किया रिलीव

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बाद पंजाब विश्वविद्यालय के 58 से ज्यादा ऐसे टीचर्स को आज शाम को पीयू प्रशासन ने रिलीव कर दिया जिन्होंने 60 साल की आयु पार कर ली और नियमानुसार रिटायर हो गये थे। हाईकोर्ट में प्रो अमरीक सिंह आहलूवालिया केस में दाखिल एलपीए 1505 के आधार पर ही राहत मांगने गये प्रो केशव मल्होत्रा, प्रो अश्विनी कौल, प्रो प्रीति महाजन और प्रो मनिंदर कौर को स्टे देने से मना करते हुए पहले अन्य प्रोफेसरों को दिये गये स्टे को भी वेकेट कर दिया था। इन सभी रिलीव होने वाले टीचर्स को अब छह माह के भीतर कैंपस के मकान भी खाली करने होंगे। पीयू के रजिस्ट्रार प्रो वाईपी वर्मा की ओर से आज सायं इस संबंध में आदेश जारी कर दिये गये और सभी ऐसे प्रोफेसरों को रिलीव कर दिया गया जिन्होंने 60 साल की आयु पार कर ली थी। रजिस्ट्रार की ओर से कोर्ट में हलफनामा दिया गया था कि प्रो जेके शर्मा ने तय समय से ज्यादा आफिशियल एकोमोडेशन (कैंपस मकान) जारी रखी जिसे 5 अगस्त को खाली किया। उन्होंने 19 मई को ओवर स्टे के बदले एक लाख का चेक जमा करा दिया है हालांकि कुछ देय अभी भी शेष है। हालांकि कोर्ट में संगीता भल्ला के पीयू को सेंट्रल दर्जे वाले मामले में अगली सुनवाई 20 अक्तूबर को होगी। पिछले छह साल से कोर्ट में केस चल रहा है जिनमें से 61 टीचर तो अपनी 65 साल की आयु भी पार कर चुके हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने स्टे वेकेट करने का आदेश दिया और साफ किया कि केस के दौरान की कोई भी रिकवरी याचिकाकतार्ओं से न की जाये। कैंपस में कोर्ट के इस आदेश के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। खटाई में पड़ सकता है नैक टीम का दौरा : पीयू में नैक (राष्ट्रीय प्रत्यायन एवं मूल्यांकन परिषद) टीम का दौरा खटाई में पड़ सकता है। हालांकि इसके लिये पीयू की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर रिक्वेस्ट जानी है। लेकिन एक साथ इतने सारे टीचर रिटायर हो जाने से शिक्षक-शिष्य अनुपात में मिलने वाला स्कोर अवश्य प्रभावित हो सकता है। सूत्रों का तो ये भी दावा है कि हो सकता है नैक टीम फिलहाल दौरा ही न करे क्योंकि एक तय संख्या में रेगुलर टीचर्स का होना आवश्यक है, जो पीयू में अभी नहीं है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.