Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन

देश

View All
कोर्ट से मिली इजाजत, अब सिंगापुर जा सकेंगे लालू
Published / 2022-09-28 08:34:24
कोर्ट से मिली इजाजत, अब सिंगापुर जा सकेंगे लालू

एबीएन सेंट्रल डेस्क। आईआरसीटीसी घोटाला मामले में आरोपी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को इलाज कराने के लिए सिंगापुर जाने की इजाजत मिल गई है। दरअसल, लालू यादव ने कोर्ट में याचिका दायर कर इलाज कराने के लिए सिंगापुर जाने की इजाजत मांगी थी, जिस पर आज यानी बुधवार को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने सुनवाई की। कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव को 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक सिंगापुर जाने इजाजत दी है। दरअसल, राजद सुप्रीमो लालू यादव किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सिंगापुर जा रहे हैं। लालू परिवार ने डॉक्टरों से उनकी किडनी प्रत्यारोपण के लिए सलाह के बाद यह फैसला लिया है। दरअसल, लालू प्रसाद यादव कई बीमारियों से पीड़ित हैं। उनकी किडनी और फेफड़े में गंभीर संक्रमण हैं। साथ ही उन्हें मधुमेह और रक्तचाप भी है। उनकी दोनों किडनी 75 प्रतिशत से ज्यादा डैमेज हो चुकी है। दरअसल, बीते दिनों सीबीआई की विशेष अदालत ने लालू प्रसाद यादव को उनका पासपोर्ट लौटाने के आदेश दिये थे। लालू प्रसाद ने पासपोर्ट वापस करने का अनुरोध करते हुए 13 सितंबर को अदालत में अर्जी दाखिल की थी। लालू की अर्जी पर सुनवाई के दौरान उनके अधिवक्ता ने अदालत से कहा था कि सिंगापुर के चिकित्सक ने 24 सितंबर को लालू यादव को वहां जांच की तारीख दी है, लिहाजा उससे पहले उन्हें सिंगापुर पहुंचना होगा। अतः उन्होंने मांग की कि यथाशीघ्र लालू यादव का पासपोर्ट वापस किया जाये। साथ ही अधिवक्ता ने यह भी अनुरोध किया कि सिंगापुर जाने के दिन से कम से कम दो महीने तक के लिए पासपोर्ट जारी किया जाये। चारा घोटाला में दोषी करार दिये जाने के बाद लालू यादव का पासपोर्ट सीबीआई कोर्ट ने जमा करा लिया था। सीबीआई कोर्ट ने पासपोर्ट जमा कराने के साथ ही लालू यादव के देश से बाहर जाने पर रोक लगा दी थी। लालू यादव की ओर से पासपोर्ट की अवधि समाप्त होने का हवाला देते हुए नवीनीकरण के लिए पासपोर्ट रिलीज करने की मांग की गयी थी।

मैंने चार दशक में सबसे बड़ा बदलाव भारत-अमेरिका संबंधों में देखा : जयशंकर
Published / 2022-09-28 06:02:02
मैंने चार दशक में सबसे बड़ा बदलाव भारत-अमेरिका संबंधों में देखा : जयशंकर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत-अमेरिका संबंधों को पिछले कुछ दशकों में आकार देने में अहम भूमिका निभाने वाले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को कहा कि वह इस द्विपक्षीय संबंध को लेकर बहुत आश्वस्त हैं। जयशंकर ने अमेरिका के विदेश मंत्री एंथनी ब्लिंकन के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में दोनों देशों के संबंधों के संदर्भ में किए गए एक सवाल के जवाब में कहा कि मैं संबंधों को लेकर बहुत आश्वस्त हूं। उन्होंने कहा कि एक राजदूत के तौर पर अपने चार दशक के कार्यकाल में मैंने सबसे बड़ा बदलाव भारत-अमेरिका संबंधों में देखा है। जयशंकर ने कहा कि आपका सवाल है कि मैं संबंधों को भविष्य में कहां देखता हूं... सच कहूं तो मैं आज अमेरिका को भारत जैसे देशों के साथ काफी सक्रिय रूप से काम करता देख रहा हूं, जो वास्तव में पारंपरिक गठबंधनों से परे सोच रहा है, जो संभावित या वास्तविक भागीदारों के साथ-साथ सामान्य आधार खोजने में बहुत प्रभावी रहा है। उन्होंने कहा कि इसका एक बेहतरीन उदाहरण क्वाड (चतुर्भुज सुरक्षा संवाद) है, जिसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जापान और भारत शामिल है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि करीब दो दशक पहले (15 साल पहले) हमने क्वाड का गठन करने की कोशिश की थी। तब यह मुमकिन नहीं हो पाया था, लेकिन अब यह काफी अच्छे से काम कर रहा है और पिछले दो साल में इसने काफी प्रगति की है। जयशंकर ने कहा कि उनका मानना है कि आज अमेरिका के साथ संबंध न केवल अधिक अवसर मुहैया कराते हैं बल्कि यह अपने आप में काफी महत्वपूर्ण हैं। इस समय भारत और उन्हें लगता है अमेरिका भी साथ काम करने से होने वाले लाभों को हासिल करना चाहेगा, चाहे वह अर्थव्यवस्था हो, चाहे वह तकनीकी क्षेत्र हो, चाहे सुरक्षा...। वहीं, ब्लिंकन ने कहा कि दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के रूप में अमेरिका और भारत के पास इस सदी के भविष्य को आकार देने के लिए किसी भी अन्य देशों की तुलना में अधिक क्षमता व अवसर हैं।

देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले मात्र 3615 नये संक्रमित
Published / 2022-09-28 05:35:03
देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले मात्र 3615 नये संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में कोरोना मामलों में गिरावट जारी है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 3,615 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 4,972 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रलाय ने बताया, अब देश में कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा घटकर 40,979 पहुंच गया है। वहीं दैनिक संक्रमण दर 1.12 प्रतिशत दर्ज की गई है।

आज से होगी आरबीआई की बैठक, महंगाई फिर बड़ा मुद्दा
Published / 2022-09-28 04:30:20
आज से होगी आरबीआई की बैठक, महंगाई फिर बड़ा मुद्दा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश-दुनिया में बढ़ती महंगाई और महामारी के बाद उबरती अर्थव्यवस्था को गति देने पर मंथन करने के लिए आज बुधवार से तीन दिन तक रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) बैठक चलेगी। गवर्नर शक्तिकांत दास की अगुवाई में छह सदस्यीय इस बैठक के नतीजे 30 सितंबर को आयेंगे। दरअसल, महंगाई अभी भारत ही नहीं अमेरिका-यूरोप सहित पूरी दुनिया के लिए सबसे बड़ा मुद्दा बन गई है और रिजर्व बैंक की इस बैठक में भी सभी फैसले इसी के इर्द-गिर्द लिए जा सकते हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो अगस्त में खुदरा महंगाई दर 7 फीसदी पहुंच गई थी, जबकि सितंबर में इसके और ऊपर जाने का अनुमान है। ऐसे में ज्यादातर एक्सपर्ट ब्याज दरों में फिर बढ़ोतरी का अनुमान लगा रहे हैं। आरबीआई ने मई में 0.40 फीसदी, जून में 0.50 फीसदी और अगस्त में 0.50 फीसदी रेपो रेट बढ़ाया था। आपको पता होगा कि रिजर्व बैंक पिछली तीन बैठकों में लगातार रेपो रेट में वृद्धि कर चुका है, जबकि आज से शुरू हुई चौथी बैठक में भी ब्याज दरें बढ़ाने की पूरी गुंजाइश दिख रही है। मई से अब तक रेपो रेट में 1.40 फीसदी की वृद्धि की जा चुकी और प्रभावी ब्याज दर 5.40 फीसदी पहुंच गई है। चूंकि, महंगाई लगातार आठ महीने से रिजर्व बैंक के तय दायरे (2 से 6 फीसदी) से बाहर है, लिहाजा इस बार भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी होने का पूरा चांस है। जैसा कि अनुमान है अगर रिजर्व बैंक रेपो रेट में एक बार फिर 50 आधार अंक की वृद्धि करता है तो प्रभावी ब्याज दर 5.90 फीसदी पहुंच जाएगी, जो तीन साल में सबसे ज्यादा होगी। हालांकि, रेपो रेट बढ़ाने का सीधा असर कर्ज की बढ़ती मांग और विकास दर पर भी होगा। ऐसे में रिजर्व बैंक इस पर फैसला लेने से पहले सभी पहलुओं पर मंथन करेगा। विश्व बैंक, आईएमएफ सहित तमाम रेटिंग एजेंसियों ने भारत के विकास दर अनुमान में कटौती कर दी है। रिजर्व बैंक नहीं चाहेगा कि उसके किसी फैसले का असर तेजी से सुधार की ओर बढ़ती अर्थव्यवस्था पर दिखे।

रिलायंस रिटेल का वन स्टॉप फैशन स्टोर रिलायंस सेंट्रो, शॉपिंग को मिलेंगे 300 से अधिक ब्रांड्स
Published / 2022-09-27 17:38:47
रिलायंस रिटेल का वन स्टॉप फैशन स्टोर रिलायंस सेंट्रो, शॉपिंग को मिलेंगे 300 से अधिक ब्रांड्स

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत की सबसे बड़ी रिटेल चेन रिलायंस रिटेल ने फैशन एंड लाइफस्टाइल डिपार्टमेंटल स्टोर रिलायंस सेंट्रो लॉन्च किया है। पहला रिलायंस सेंट्रो स्टोर दिल्ली के वसंत कुंज में खुला है। रिलायंस सेंट्रो का उद्देश्य भारत में ग्राहकों के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत करते हुए देश में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक फैशन को पहुंचाना है। रिलायंस सेंट्रो स्टोर में कंज्यूमर कपड़े, फुटवियर, कॉस्मेटिक, लॉन्जरे, स्पोर्ट्सवियर से लेकर लगेज तक खरीद सकेंगे। इसके अलावा ग्राहकों को देश-विदेश के 300 से अधिक ब्रांड्स में से चुनने का विकल्प मिलेगा। रिलायंस सेंट्रो में देश के मिड और प्रीमियम सेंगमेंट कस्टमर्स की फैशन जरूरतों का ध्यान रखा गया है। रिलायंस सेंट्रो दिल्ली के फैशन के दीवानों की पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सदाबहार हाई क्वालिटी फैशन ऑफर करेगा। यहां हर उम्र के लोगों की फैशन संबंधी जरूरतें पूरी होंगी। रिलायंस सेंट्रो में आप हर त्योहार, शादी-विवाह या अन्य किसी भी समारोह के लिए शॉपिंग कर सकेंगे। यहां आपकी पहुंच आज की फैशन जरूरतों के अनुसार मॉर्डन व अच्छी क्वालिटी के फैशन तक होगी। आप अलग-अलग ब्रांड्स और स्टाइल में से अपनी पसंद के मुताहिक शॉपिंग कर सकेंगे। यहां बच्चे, महिलाएं व पुरुष उत्पादों की बड़ी श्रृंखला के साथ शॉपिंग का आनंद ले सकेंगे। इस क्षेत्र में यह अपनी तरह का पहला स्टोर है जो 75,000 वर्ग फुट में फैला है। ओपनिंग के मौके पर इस स्टोर पर खरीदारों को कई ऑफर भी मिल रहे हैं। स्टोर उद्घाटन के मौके पर 3999 रुपये की शॉपिंग पर 1500 रुपये और 4999 रुपये या उससे अधिक खरीदारी पर 2000 रुपये की छूट ऑफर कर रहा है।

देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले 4,000 से भी कम नये संक्रमित
Published / 2022-09-27 05:16:33
देश में कोरोना : 24 घण्टे में मिले 4,000 से भी कम नये संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,230 नये मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 4,45,75,473 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 42,358 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 32 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,28,562 पर पहुंच गई है। इन 32 मामलों में वे 22 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 42,358 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,057 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.72 प्रतिशत हो गई है। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गये थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गये थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गये थे।

"डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी" होगा गुलाम नबी की पार्टी का नाम
Published / 2022-09-26 10:24:31
"डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी" होगा गुलाम नबी की पार्टी का नाम

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस से दशकों पुराना रिश्ता तोड़कर पार्टी से अलग होने वाले दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद ने अपनी नई पार्टी के नाम की घोषणा कर दी है। 26 अगस्त को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के एक महीने बाद यानी 26 सितंबर अपने राजनीतिक दल का ऐलान किया है। गुलाम नबी आजाद की नई पार्टी का नाम डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी होगा। जम्मू में मीडिया से बात करते हुए गुलाम नबी आजाद ने बताया कि मेरी नई पार्टी के लिए लगभग 1500 नाम हमें उर्दू, संस्कृत में भेजे गए थे। हिन्दी और उर्दू का मिश्रण हिन्दुस्तानी है। हम चाहते हैं कि नाम लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और स्वतंत्र हो। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी का नाम डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी है। डेमोक्रेसी डेमोक्रेटिक के लिए है कि पूरी स्वतंत्र होगी। जिसका मैंने उल्लेख किया कि अपनी सोच होगी। किसी भी पार्टी या नेता से प्रभावित नहीं होगी और आजाद रहेगी। इसी के साथ उन्होंने अपनी नई पार्टी लोकतांत्रिक आजाद पार्टी के झंडे का भी अनावरण किया। अपने पार्टी के झंडे के बारे में बताते हुए आजाद ने कहा कि सरसों का रंग रचनात्मकता और विविधता में एकता को इंगित करता है, सफेद शांति को इंगित करता है और नीला स्वतंत्रता, खुली जगह, कल्पना और समुद्र की गहराई से आकाश की ऊंचाइयों तक की सीमाओं को इंगित करता है।

यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
Published / 2022-09-26 10:09:56
यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। रविवार को राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया था। अधिकारियों की मानें तो आज यानी 26 सितंबर को यमुना नदी का जलस्तर 204.5 मीटर से ऊपर जा सकता है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ जैसी हालात पैदा हो गए है। हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज से बड़ी मात्रा में पानी छोड़ने और बारिश की वजह से यमुना का जलस्तर में तेजी से इजाफा हुआ है। तो वहीं, दिल्ली बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने अधिकारियों की मानें तो यमुना नदी का जलस्तर रात नौ बजे तक 204.4 मीटर तक पहुंच चुका था। वहीं, सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच इसके बढ़कर 204.7 मीटर हो जाने की संभावना है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने कहा कि दिल्ली में बाढ़ की चेतावनी उस समय दी जाती है, जब हरियाणा के यमुना नगर में हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ने की दर एक लाख क्यूसेक के निशान को पार कर जाती है। तब यमुना नदी के तट के पास निचले इलाकों और अन्य बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खाली कराया जाता है। दिल्ली बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने रात आठ बजे करीब 45,352 क्यूसेक पानी छोड़ने की सूचना दी। आमतौर पर हथिनीकुंड बैराज में प्रवाह दर 352 क्यूसेक होती है, लेकिन जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद पानी का बहाव बढ़ जाता है। बैराज से छोड़े गये पानी को राष्ट्रीय राजधानी तक पहुंचने में आमतौर पर दो से तीन दिन लगते हैं।

देश में कोरोना : 24 घंटे में मिले 5,000 से भी कम नये संक्रमित
Published / 2022-09-26 10:06:41
देश में कोरोना : 24 घंटे में मिले 5,000 से भी कम नये संक्रमित

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,129 नये मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 4,45,72,243 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 43,415 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 20 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,28,530 पर पहुंच गई है। इन 20 मामलों में वे 13 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन: मिलान करते हुए केरल ने महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 43,415 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 579 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.72 प्रतिशत हो गई है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 2.51 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.61 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,39,06,972 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 217.686 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गये थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गये थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गये थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.