एबीएन सेंट्रल डेस्क। केरल में वडक्कनचेरी के निकट मंगलम में गुरुवार तड़के एक पर्यटक बस और सरकारी केएसआरटीसी बस टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गये हैं। सूत्रों ने आज यहां बताया कि पलक्कड़ जिले के मंगलम में रात 1205 बजे कोट्टाराक्कारा से कोयंबटूर जा रही बस को एक पर्यटक बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बस दलदल में गिर गई। इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई और 40 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के समय बस में एर्नाकुलम में मार बेसिल के विद्यानिकेतन स्कूल के 42 छात्र और पांच शिक्षक सवार थे। सभी घायलों को पलक्कड़ जिला अस्पताल, त्रिशूर मेडिकल कॉलेज, अलाथुर तालुक अस्पताल और वडक्कनचेरी के एक निजी अस्पताल सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिसमें 10 की हालत गंभीर बताई गई है। अलाथुर और वडाकनचेरी से दमकल की टुकड़ियां मौके पर गई और बचाव अभियान चलाया गया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दुर्गा मां की मूर्ति के विसर्जन के दौरान बुधवार को मल नदी में बहाव अचानक तेज होने के कारण बहे आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य अब भी लापता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतकों में चार महिलाएं भी शामिल हैं। यह घटना बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे उस समय हुई, जब विसर्जन के लिए सैकड़ों लोग मल नदी के किनारे एकत्रित हुए थे। जलपाईगुड़ी जिला मजिस्ट्रेट मौमिता गोदारा ने बताया, नदी में पानी का बहाव अचानक तेज होने से लोग बह गए। अभी तक आठ शव बरामद किए गए हैं और 50 लोगों को बचाया गया है। उन्होंने बताया कि मामूली रूप से घायल 13 लोगों को एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोदारा ने कहा, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ,राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस और स्थानीय प्रशासन खोज एवं बचाव अभियान चलाया रहा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 2,468 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 4,46,01,934 हो गई वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 33,318 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 17 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,28,733 हो गई। इन 17 मामलों में वे नौ लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 33,318 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.07 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,280 मामलों की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.74 प्रतिशत हो गई है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 1.32 प्रतिशत के साथ ही साप्ताहिक संक्रमण दर भी 1.32 प्रतिशत है। देश में अब तक कुल 4,40,39,883 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तराखंड में अबतक करीब 58 पर्वतारोहियों का दल मंगलवार सुबह हिमस्खलन की चपेट में आ गया है। सूचना पर वायुसेना ने रेस्क्यू अभियान चलाकर 26 लोगों को बचा लिया जबकि चार लोगों के शव निकाले जा सके। वहीं अभी भी 28 प्रशिक्षु पर्वतारोही लापता है। एसडीआरएफ की डीआईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि दो मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। लापता लोगों में हिमाचल प्रदेश के एक लेफ्टिनेंट कर्नल भी शामिल हैं। अब बुधवार सुबह फिर से बचाव अभियान चलाया जायेगा। बता दें कि उत्तराखंड पुलिस ने बुधवार को उन 28 प्रशिक्षु पर्वतारोहियों की सूची जारी की जो राज्य के उत्तरकाशी जिले में द्रौपदी का डांडा-2 शिखर पर 17,000 फुट की ऊंचाई पर भीषण हिमस्खलन होने के बाद से लापता हैं। हिमस्खलन मंगलवार को उस समय हुआ जब उत्तरकाशी स्थित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के 34 प्रशिक्षु पर्वतारोहियों और सात प्रशिक्षकों का एक दल शिखर से वापस लौट रहा था। पुलिस की ओर से जारी सूची के अनुसार, ये प्रशिक्षु पश्चिम बंगाल, दिल्ली, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम, हरियाणा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के हैं। संस्थान के प्राचार्य कर्नल अमित बिष्ट के अनुसार मंगलवार को 10 शव देखे गए थे, जिनमें से चार को निकाल लिया गया है। अंधेरे और खराब मौसम के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा था जो बुधवार को फिर शुरू किया जायेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दशहरे पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने चीन, जनसंख्या नीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, मातृशक्ति समेत कई मुद्दों पर बात की। उन्होंने इस दौरान देश में रोजगार को लेकर भी अपने विचार रखे हैं। मोहन भागवत ने कहा है कि अगर सभी लोग सरकारी नौकरी के पीछे भागेंगे तो कैसे होगा। उन्होंने लोगों से आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया है। उन्होंने इसके अलावा कहा कि शक्ति शांति का आधार है। देश की अर्थव्यवस्था बेहतर हो रही है। उन्होंने यह भी कहा है कि चीन बूढ़ा हो रहा है। 1. संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि नौकरी के पीछे सब भागेंगे तो कहां से होगा। सरकारी हो और घर के करीब हो तो और अच्छा है। सबको नौकरी कहां से मिलेगी? बिजनेस की ओर जाना पड़ेगा। सरकार स्टार्ट अप को बढ़ावा दे रही है। समाज को इस दिशा में ध्यान रखना है। उन्होंने कहा कि समाज को नौकरी खासकर, सरकारी नौकरी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका ये आशय कतई नहीं है कि सरकार नौकरी में कटौती करे बल्कि नौकरी को लेकर सरकारों पर नजर रखनी चाहिए। 2. डॉ भागवत ने बिजनेस पैदा करने और आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया। उन्होंने जोर दिया कि स्किल डेवलपमेंट और स्टार्ट अप जैसे कार्यक्रमों का समाज लाभ उठाये। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि सबको नौकरी कहां से मिलेगी? किसी भी समाज में सरकारी और प्राइवेट मिलाकर अधिक से अधिक 10, 20 या 30 फीसदी ही नौकरी होती है। सरकार स्टार्ट अप को बढ़ावा दे रही है। समाज को इस दिशा में ध्यान रखना है। समाज को बिजनेस की ओर देखना होगा। 3. संघ प्रमुख मोहन भागवत ने राजस्थान के उदयपुर में हुई हत्या की वारदात पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों उदयपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई थी। इससे पूरा समाज हैरान रह गया था। अधिकांश लोग दुखी और गुस्सा थे. ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, यह सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद मुस्लिम समाज से भी कुछ लोगों ने नाराजगी व्यक्त की थी। यह विरोध अपवाद बनकर न रहे बल्कि अधिकांश मुस्लिम समाज का यह स्वभाव बनना चाहिए। हिंदू समाज का एक बड़ा वर्ग ऐसी घटना घटने पर हिंदू पर आरोप लगे तो भी मुखरता से विरोध प्रगट करता है। 4. मोहन भागवत ने कहा कि हमारा पड़ोसी चीन बूढ़ा हो रहा है। वो जल्दी बूढ़ा हो जायेगा। सिंगल चाइल्ड पॉलिसी की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हो रही है। वो अब दो बच्चों पर आ गए हैं, लेकिन स्थिति सुधर नहीं रही है। 50 साल आगे की सोचकर जनसंख्या नीति बनानी चाहिए। जनसंख्या बहुत कम हो गई तो समाज और भाषा ही लुप्त हो जाती है। जनसंख्या असंतुलन का परिणाम भी हमने भुगता है। 50 साल पहले हमने भुगता। लेकिन लालचपूर्ण और जबरन धर्म परिवर्तन करना ठीक नहीं है। 5. देश के विकास के लिए सनातन और नये बदलाव जरूरी हैं। सनातन और नये बदलाव साथ चलते हैं। सनातन हमें भटकाव से रोकता है। भटकाव से आपस में दूरियां बढ़ती हैं, जो सब काम मातृशक्ति कर सकती है, वो सभी काम पुरुष नहीं कर सकते हैं। महिलाओं की यह शक्ति है और इसलिए उनका सशक्तिकरण करना और उनको काम करने की स्वतंत्रता देना और कार्यों में बराबरी की सहभागिता देना अहम है। 6. संघ प्रमुख मोहन भागवत ने दशहरा रैली के दौरान कहा कि हमें कोशिश करनी चाहिए कि हमारे मित्रों में सभी जातियों और आर्थिक समूहों के लोग हों, ताकि समाज में और समानता लाई जा सके। जनसंख्या नीति व्यापक सोच-विचार के बाद तैयार की जाए और यह सभी पर समान रूप से लागू हो। जनसंख्या को संसाधन की जरूरी होती है। अगर यह बिना संसाधन के आगे बढ़ती है तो यह बोझ बन जाती है। धर्म आधारित जनसंख्या के असंतुलन का मामला नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। जनसंख्या में असंतुलन भौगोलिक सीमा में बदलाव होता है। 7. संघ प्रमुख ने हिंदू-मुस्लिम भाईचारे पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ बाहरी ताकतें हमारे समाज में जहर फैलाकर हमें कमजोर करना चाहती हैं, वो ताकतें भारत के प्रगति के विरोधी हैं और समाज में विष पैदा करना चाहते हैं। संघ को लेकर समाज में भ्रांति पैदा किये जाने का विरोध किया और कहा कि उनको लेकर दूसरे धर्मावलंबी के मन में डर पैदा किया जाता है, जो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि ये ठीक है की संघ हिंदूवादी संस्कृति का पक्षधर है लेकिन वो दूसरे धर्म के लोगों की पूजा पद्धति और रीति रिवाज का विरोधी नहीं है बल्कि सर्व समाज संभाव की बात करता है। साथ ही डॉक्टर भागवत ने फोर्सफुल कनवर्जन यानी दबाव डालकर धर्म परिवर्तन का विरोध भी किया। 8. मोहन भागवत ने महिलाओं को सामाजिक रूप से बराबरी का दर्जा देने की वकालत की। उन्होंने कहा की विदेशी आक्रांताओं की वजह से हमारे समाज ने मातृ शक्ति को घर या पूजा घर तक सीमित कर दिया गया, जो बाद में रवायत बन गई उसको ठीक करना है। 9. पूरे विश्व में भारत की धमक बढ़ रही है। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार की तारीफ की। श्रीलंका संकट और यूक्रेन युद्ध में भारत की भूमिका की प्रशंसा की। डॉ भागवत ने खेल की दुनिया में भारत के प्रदर्शन को सराहा और कहा की अंतरराष्ट्रीय जगत के खेल प्रतिस्पर्धाओं में हाल में भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया। पैरालंपिक खेलों में गोल्ड और अन्य पदक प्राप्ति की तारीफ की। 10. संघ प्रमुख ने सामाजिक बराबरी की पैरोकारी की और देश में सभी जातियों, मतों और पंथों को मंदिरों, घाटों, श्मशनों में समान व्यवहार के अवसर की पैरोकारी की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि संघ के कार्यक्रमों में बौद्धिक और कुशल महिला मेहमानों का स्वागत करने की एक पुरानी परंपरा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और राष्ट्र सेविका समिति द्वारा व्यक्तित्व निर्माण की शाखा पद्धति अलग-अलग संचालित की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर के विकास की प्रक्रिया में बाधाओं पर काबू पाने की जरूरत है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,968 नये मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,45,99,466 हो गई। पिछले 133 दिन में सामने आए ये सबसे कम दैनिक मामले हैं। इससे पहले 23 मई को 24 घंटे में 1,675 नये मामले सामने आए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 15 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,28,716 हो गई। इन 15 मामलों में वे आठ लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 34,598 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.08 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,528 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.74 प्रतिशत हो गई है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 0.94 प्रतिशत जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.29 प्रतिशत है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रेल से यात्रा के दौरान जो लोग ट्रेन की लेटलतीफी से परेशान हैं उन्हें भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रेल मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि नये टाइम टेबल में करीब 500 मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की स्पीड को बढ़ा दिया गया है और अब ये ट्रेनें 10 से 70 मिनट पहले अपने गंतव्य पर पहुंचेंगी। इसके अलावा 130 ट्रेनों (65 जोड़े) को सुपरफास्ट कैटेगरी में परिवर्तित करके गति दी गई है। अब सभी ट्रेनों की औसत गति में लगभग 5% की वृद्धि हुई है जिससे अधिक ट्रेनों के संचालन के लिए लगभग 5% अतिरिक्त पथ उपलब्ध हो गए हैं। वर्ष 2022-23 के दौरान मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए भारतीय रेलवे का समय पालन लगभग 84% है जो 2019-20 के दौरान 75% समय पालन से लगभग 9% अधिक है। भारतीय रेलवे लगभग 3,240 मेल/ एक्सप्रेस ट्रेनें चलाता है जिसमें वंदे भारत एक्सप्रेस, गतिमान एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस, अंत्योदय एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, युवा एक्सप्रेस, उदय एक्सप्रेस शामिल हैं, साथ ही जनशताब्दी एक्सप्रेस और अन्य प्रकार की ट्रेनें भी हैं। इसके अलावा लगभग 3,000 यात्री ट्रेनें और 5,660 उपनगरीय ट्रेनें भी भारतीय रेलवे नेटवर्क पर संचालित होती हैं। इन ट्रेनों के जरिए रोजाना लगभग 2.23 करोड़ यात्री सफर करते हैं। अतिरिक्त भीड़ को कम करने और यात्रियों की मांग को पूरा करने के लिए 2021-22 के दौरान 65,000 से अधिक विशेष ट्रेन यात्राएं संचालित की गईं। वहन क्षमता बढ़ाने के लिए लगभग 566 कोचों को स्थायी रूप से संवर्धित किया गया था। सफर के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सुविधा के लिए आईसीएफ डिजाइन रेक के साथ चलने वाली मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का रूपांतरण किया जा रहा है। भारतीय रेलवे ने 2021-2022 की अवधि के लिए आईसीएफ के 187 रेक को एलएचबी में परिवर्तित किया है। ट्रेनों के समय पर पहुंचने और रवाना होने के लिए इनकी समय पाबंदी में सुधार के लिए टाइम टेबल में जरूरी परिवर्तन किये गये हैं। कोविड महामारी के दौरान ठोस प्रयासों के कारण मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालन में लगभग 9% का सुधार हुआ।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को दुर्गा महानवमी के शुभ अवसर पर जम्मू के कटरा शहर में माता श्री वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे। शाह के साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा तथा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे। अमित शाह ने वैष्णो देवी के भवन पर पवित्र गुफा पर पूजा-अर्चना की और मां की आरती उतारी। बता दें कि शाह जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंचे। गृह मंत्री का अपनी यात्रा के दौरान गुर्जर, बकरवाल और पहाड़ी समुदायों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मिलने की योजना है। शाह का दो रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। वह जम्मू के राजौरी जिले में एक रैली को मंगलवार को और उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में आयोजित अन्य रैली को बुधवार को संबोधित करेंगे। जपा ने इन दोनों इलाकों में रहने वाले पहाड़ी समुदाय की लंबे समय से लंबित मांग के तहत उन्हें अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का वादा किया है। पहाड़ियों को अनुसूचित जनजाति श्रेणी में शामिल करने के प्रस्ताव पर गुर्जरों और बकरवालों ने नाराजगी जतायी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की दिग्गज ऑनलाइन पेमेंट्स और फाइनेंशियल कंपनी फोनपे ने सिंगापुर से पूरी तरह अपना सारा कामकाज भारत में शिफ्ट कर लिया है। ऐसा माना जा रहा है कि अगले साल तक कंपनी अपना आईपीओ ला सकती है। फ्लिपकार्ट ग्रुप की कंपनी पिछले एक साल से अपना कारोबार सिंगापुर से भारत शिफ्ट करने में जुटी थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। सिंगापुर से भारत डोमेसाइल शिफ्ट करने के काम तीन फेस में किया गया है। फस्ट फेस में पिछले साल फोनपे ने फोनपे सिंगापुर के पूरे कारोबार और सब्सिडियरीज को सीधे फोनपे प्राइवेट लिमिटेड (इंडिया) को दे दिया गया था। इसमें इंश्योरेंस ब्रोकिंग और वेल्थ ब्रोकिंग सर्विसेज भी शामिल हैं। सैकेंड फेस में फोनपे के बोर्ड ने हाल ही में नया ईएसओपी (एंप्लॉयी स्टॉक ओनरशिप प्लान) तैयार करने और तीन हजार से अधिक फोनपे के ग्रुप एंप्लॉयीज के मौजूदा ईएसओपी के नए पर शिफ्ट करने को मंजूरी दी थी। थर्ड और आखिरी फेस में ओवरसीज डायरेक्ट इंवेस्टमेंट रूल्स के तहत फोनपे ने हाल ही में खरीदी गई इंडसओएस ऐपस्टोर को भी सिंगापुर से भारत शिफ्ट कर दिया है। इसके साथ ही फोनपे ग्रुप की कंपनियों और कारोबार से जुड़े सभी अधिकार फोनपे प्राइवेट लिमिटेड (इंडिया) में निहित हो जाएंगे। यूपीआई सेक्टर की दिग्गज कंपनी जल्द ही अपने आईपीओ को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। ऐसा माना जा रहा है कि 2023 तक कंपनी प्रेफिट कमाने लगेगी और तभी आईपीओ को लॉन्च किया जायेगा। फोनपे यूपीआई सेक्टर की बड़ी कंपनी है। मासिक ऑनलाइन पेमेंट्स के हिसाब से देखे तो फोनपे की हिस्सेदारी करीब 47 फीसदी की है। फोनपे ने स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कंपनी अपने फाइनैंशियल सर्विसेज पोर्टफोलियो और यूपीआई बेडस्ड पेमेंट ऑपरेशन के विस्तार के लिए आईपीओ लाना चाहती है। कंपनी द्वारा अपने कोर बिजनेस के मुनाफे में आने के बाद आईपीओ को लॉन्च करेगी। फ़ोनपे 8 से 10 बिलियन डॉलर वैल्यूएशन का लक्ष्य लेकर चल रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.