एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में बीते 24 घंटे में रविवार को कोरोना वायरस के 2,797 नए मरीज सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 के नए मरीजों की संख्या बढ़कर 4,46,09,257 हो गई है, जबकि पिछले 122 दिनों बाद सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 30 हजार से नीचे पहुंच गई है। मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना की वजह से 24 लोगों की मौत हुई है। जिनमें अकेले केरल में ही 12 लोगों की जान गई है। अभी तक देश में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 5,28,778 पहुंच गई है। मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय मामलों में कुल संक्रमण का 0.08 प्रतिशत शामिल है, जबकि देश में कोविड-19 से ठीक हुए मरीजों की दर बढ़कर 98.75 प्रतिशत हो गई है। वहीं, 24 घंटे की अवधि में सक्रिय कोविड-19 केसलोएड में 1,111 मामलों की गिरावट दर्ज की गई है। मंत्रालय के अनुसार, दैनिक सकारात्मकता दर 1.05 प्रतिशत दर्ज की गई थी। मंत्रालय ने कहा कि साप्ताहिक सकारात्मकता दर 1.30 प्रतिशत दर्ज की गई। इसमें कहा गया है कि बीमारी से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 4,40,51,228 हो गई, जबकि मामले की मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई। भारत में 29,251 सक्रिय कोविड -19 मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय वायुसेना की 90वीं वर्षगांठ के अवसर पर चंडीगढ़ स्थित वायुसेना स्टेशन में शनिवार सुबह औपचारिक परेड का आयोजन किया गया। वायुसेना प्रमुख एअर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने परेड का निरीक्षण किया, जिसके बाद एक मार्च-पास्ट किया गया। कार्यक्रम में चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने भारतीय वायुसेना में अधिकारियों के लिए एक हथियार प्रणाली शाखा की स्थापना को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद वायुसेना में पहली बार एक नयी अभियानगत शाखा बनाई जा रही है। एअर चीफ मार्शल ने दावा किया कि इस शाखा के बनने से सरकार को उड़ान प्रशिक्षण के खर्च में कटौती कर 3,400 करोड़ रुपये से अधिक की बचत करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में पश्चिमी वायु कमान के एअर-ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एअर मार्शल श्रीकुमार प्रभाकरन सहित कई अन्य वरिष्ठ वायुसेना अधिकारी मौजूद थे। वायुसेना प्रमुख जब आयोजन स्थल पर पहुंचे तो विंग कमांडर विशाल जैन के नेतृत्व में तीन एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टरों ने फ्लाई-पास्ट करते हुए भारतीय ध्वज प्रदर्शित किया। सुखना झील परिसर में वायुसेना दिवस के फ्लाई-पास्ट में लगभग 80 सैन्य विमान और हेलीकॉप्टर हिस्सा लेंगे। यह पहली बार है, जब भारतीय वायुसेना दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) के बाहर अपनी वार्षिक वायुसेना दिवस परेड और फ्लाई-पास्ट का आयोजन कर रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुखना लेक में होने वाले फ्लाई-पास्ट में शामिल होंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में शनिवार को उत्तर प्रदेश के खुर्जा रेलवे स्टेशन के नजदीक अचानक एक ट्रैक्शन मोटर में आयी खराबी के कारण यात्रियों को करीब छह घंटे इंतजार के बाद दूसरी गाड़ी से गंतव्य भेजा गया। जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 22436 वंदे भारत एक्सप्रेस करीब पौने 7 बजे खुर्जा के कुछ पहले गाड़ी के एक कोच की ट्रेक्शन मोटर में आई खराबी के कारण खड़ी हो गई। जांच पड़ताल के बाद पता चला कि ट्रेक्शन मोटर में खराबी के कारण ट्रेन को आगे ले जाना संभव नहीं है। खुर्जा स्टेशन पर करीब 1 घंटे से अधिक समय तक गाड़ी खड़ी रहने से यात्रियों ने ट्विटर पर रेल मंत्रालय, रेल मंत्री, उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक समेत तमाम अफसरों को वंदे भारत एक्सप्रेस के बीच रास्ते में खड़े होने की समस्या से अवगत कराना शुरू किया। इसके बाद रेलवे बोर्ड सक्रिय हुआ और बाद में नयी दिल्ली स्टेशन से शताब्दी एक्सप्रेस का एक रैक भेजा गया जिसमें वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों को बिठा कर करीब एक बजे वाराणसी के लिए रवाना किया गया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिमी अफ्रीकी में स्थित गांबिया देश में कफ सीरप पीने से बच्चों की मौत का कारण सिरप में डायथाइलीन ग्लाइकॉल की अधिक मात्रा पाया जाना सामने आया है। यह डायथाइलीन ग्लाइकॉल उधमपुर जिले की रामनगर तहसील में भी 2019-20 में कहर बरपा चुका है। उस समय कोल्ड बेस्ट पीसी सीरप पीने से 12 शिशुओं की मौत हो गई थी, जबकि छह बच्चे दिव्यांग हो गये। अनाधिकारिक तौर पर इस घटना में 14 बच्चों की मौत हुई थी, जिसमें एक बिश्नाह का शिशु भी शामिल था और एक अन्य मामले में अभी विवाद है। बाद में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सिफारिश पर प्रदेश सरकार ने जान गंवाने वाले 12 शिशुओं के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये की मुआवजा राशि दी। लेकिन केंद्र शासित प्रशासन ने दोबारा से मामला सर्वोच्च न्यायालय में उठाया और वहां यह याचिका लंबित है। किसी दवा में डायथाइलीन ग्लाइकॉल की अधिक मात्रा पेट दर्द, उल्टी, दस्त से लेकर गंभीर मामलों में किडनी फेल होने तक का कारण बन सकती है, जिससे मौत का खतरा अधिक होता है। रामनगर में हुई घटना के अनुसार दिसंबर 2019 से जनवरी 2020 की अवधि में अचानक 12 शिशुओं की मौत हो गयी। जांच में पाया गया कि सभी बच्चों ने एक स्थानीय दवा विक्रेता से सामान्य खांसी-जुकाम के लिए कोल्ड बेस्ट पीसी कफ सीरप ली थी। इसका उत्पादन एमएस डिजिटल विजिन, कालाअंब (हिमाचल प्रदेश) ने किया था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में कोरोना वायरस का खतरा टलता दिख रहा है, क्योंकि अब नये केस में कमी देखने को मिल रही है। देश में डेली मिलने वाले कोरोना वायरस के नये मामलों की संख्या अब न केवल दो हजार के नीचे आ गई है, बल्कि एक्टिव मरीज भी 30 हजार हो गये हैं। देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के महज 1997 नये केस आये हैं, जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 30,362 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को अपडेट किये गये आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना के मामलों की कुल संख्या 4,46,06,460 हो गई है, जबकि सक्रिय मामले घटकर 30,362 हो गये हैं। इस दौरान नौ लोगों की मौत हुई है, जिससे मरने वालों की संख्या 5,28,754 हो गई, जिसमें केरल की तीन मौतें शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय मामलों में कुल संक्रमणों का 0.07 प्रतिशत शामिल है, जबकि राष्ट्रीय कोविड रिकवरी दर बढ़कर 98.75 प्रतिशत हो गयी है। बीते 24 घंटे की अवधि में कोरोना के सक्रिय मामलों में कम से कम 500 की कमी आयी है। बता दें कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गये थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गये थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गये थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 120 करोड़ आंकी गई है। एनसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ड्रग्स को कहां ले जाया जाना था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मुंबई के एक गोदाम से 50 किलो मेफेड्रोन ड्रग्स जब्त की है। इस संबंध में एयर इंडिया के एक पूर्व पायलट समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी मुंबई के रहने वाले हैं। ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 120 करोड़ आंकी गई है। एनसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ड्रग्स को कहां ले जाया जाना था। हाल के महीनों में मुंबई में अलग-अलग जगहों से भारी मात्रा में पुलिस की टीम ने ड्रग्स की बरामदगी की है। कल यानि गुरुवार को राजस्व खुफिया निदेशालय ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 16 किलो हेरोइन को जब्त किया था। वहीं, एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया था। हेरोइन की कीमत करीब 80 करोड़ रुपये आंकी गई थी। डीआरआई अधिकारी के अनुसार, हेरोइन को एक ट्रॉली बैग के अंदर छुपाया गया था। अगस्त महीने में मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने एक बड़े ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया था। नालासोपारा में एक दवा निर्माण इकाई पर छापेमारी के बाद 1400 करोड़ रुपये कीमत का 700 किलोग्राम से ज्यादा मेफेड्रोन ड्रग्स जब्त की गयी थी। इस दौरान पांच लोग गिरफ्तार किये गये थे। इस ड्रग को एक कंटेनर में रखा गया था और इसे दिल्ली ले जाया जा रहा था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में एक बार फिर से कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा जारी गुरुवार ( 6 अक्तूबर) के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 2,529 नए मामले सामने आये हैं जो कि कल की तुलना में 61 अधिक हैं। इस दौरान 12 लोगों की मौत भी हुई है। इससे पहले बुधवार के आंकड़ों में 2,468 मरीज आये थे और मंगलवार की तुलना में 500 अधिक थे। लगातार दो दिनों से कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी ने लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। इसके अलावा देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 32,282 हो गई है जो कि कल की तुलना में 1,036 कम है। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 5,28,745 लोगों की मौत हुई है और 4,40,43,436 लोग स्वस्थ हुए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना के 96 नए मामले सामने आये हैं। जबकि संक्रमण दर 1.42 फीसदी है। हालांकि, इस दौरान एक भी मौत नहीं हुई। दिल्ली में महामारी की शुरुआत से अब तक कुल 20,03,746 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि मृतकों की संख्या 26,503 है। वहीं पिछले दिन 6,773 नमूनों का परीक्षण किया गया था। बता दें कि दिल्ली में पिछले दिनों कोरोना के 74 मामले सामने आये थे और संक्रमण दर 1.07 फीसदी थी। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में कोरोना के 416 नये मामले सामने आये हैं। इस दौरान कोई मौत नहीं हुई। महाराष्ट्र में महामारी की शुरुआत से अब तक कुल 81,23,255 लोग संक्रमित हुए हैं। नये मामलों में से सबसे अधिक 209 मुंबई प्रशासनिक सर्कल में दर्ज किये गये, इसके बाद पुणे (110), नागपुर (36), अकोला (17), नासिक (13), कोल्हापुर (12), लातूर (10) और औरंगाबाद में (9) हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के कई राज्यों में दशहरे पर कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इस कारण दुर्गा पूजा विसर्जन और रावण दहन कार्यक्रमों में खलल पड़ा। दरअसल चीन सागर में नोरु तूफान की वजह से बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र और चक्रवाती हवाएं चल रही हैं, इस कारण नमी मिलने से बारिश हो रही है। यह सिलसिला मध्य अक्तूबर तक जारी रहने का अनुमान है। नोरु तूफान की वजह से ही देश के कुछ राज्यों में मानसून अब भी ठिठका हुआ है और उसकी वापसी में विलंब हो रहा है। स्कायमेट के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र व चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा आंध्र प्रदेश के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र से जुड़े अन्य चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से पूरे उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक फैली हुई है। ताजा बारिश से रबी की जल्दी बोआई करने वाले राज्यों के किसानों को राहत मिलेगी, वहीं, सब्जियों व फूलों की खेती पर इसका विपरीत असर पड़ सकता है। 20 राज्यों के लिए येलो अलर्ट : मौसम विभाग ने देश के 20 राज्यों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। यानी यहां गरज चमक व तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ये राज्य हैं- यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पुड्डुचेरी, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, केरल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय रेलवे ने नया टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसके तहत करीब 500 मेल एक्सप्रेस रेलगाड़ियों की रफ्तार को तेज कर दिया गया है। इसके अलावा 65 जोड़ी ट्रेनों को सुपरफास्ट में बदल दिया गया है। रेल मंत्रालय के मुताबिक सभी ट्रेनों की औसत गति में करीब पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ऐसा करने से अतिरिक्त ट्रेनों को चलाने के लिए करीब 5 प्रतिशत अतिरिक्त मार्ग मिले हैं। रेलवे के इस नये टाइम टेबल को अपनी वेबसाइट पर जारी किया है। ये टाइमटेबल एक अक्टूबर से प्रभावी हो गया है। रेलवे ने बयान में बताया कि नये टाइम टेबल में नई दिल्ली-वाराणसी और नई दिल्ली-कटरा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी कई प्रीमियम ट्रेन शुरू की गई हैं। गांधीनगर और मुंबई के बीच एक अन्य वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी चलाया गया है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, नये टाइम टेबल में करीब 500 मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की स्पीड में बढ़ोतरी की गई है और ट्रेनों की स्पीड 10 मिनट से 70 मिनट तक बढ़ी है। मीडिया रिपोर्ट्स का कहना है कि करीब 3,000 पैसेंजर ट्रेनें और 5,660 उपनगरीय ट्रेनें भारतीय रेलवे नेटवर्क पर चलती हैं। हर दिन करीब 2.23 करोड़ यात्री रेल सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले नये टाइमटेबल को ध्यान से देख लें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.