Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...

देश

View All
17 लीटर दूध देने वाली मस्तराम की गिर गाय को प्रथम पुरस्कार
Published / 2023-02-14 22:13:55
17 लीटर दूध देने वाली मस्तराम की गिर गाय को प्रथम पुरस्कार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना अंतर्गत जिले में भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों के लिए पुरस्कार योजना का क्रियान्वयन जिला स्तर पर 13 एवं 14 फरवरी को सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी प्रशिक्षण संस्थान फतेहपुर रोड शिवपुरी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी की अध्यक्षता में गठित समिति ने की गयी। योजना अंतर्गत प्रतियोगिता में विकासखंडों से भारतीय उन्नत नस्ल की गाय जिनका 6 लीटर से अधिक दुग्ध उत्पादन हो ऐसी दुधारू गायों को पुरस्कार योजना में शामिल किया गया है। विकासखंडों से प्राप्त 24 आवेदकों में से दुग्ध उत्पादन के आधार पर 10 गायों का वरियता सूची अनुसार चयन किया गया। 13 फरवरी की सुबह और शाम तथा 14 फरवरी को सुबह इस प्रकार कुल तीन समय के दुग्ध उत्पादन के आधार पर विकासखंड शिवपुरी के ग्राम बामौर निवासी मस्तराम रावत की गिर गाय (17.897 लीटर) को प्रथम स्थान एवं पुरस्कार स्वरूप 51 हजार की राशि दी गई।ग्राम बड़ागांव निवासी गोपाल सिंह गुर्जर की साहीवाल गाय (17.456 लीटर) को द्वितीय स्थान एवं 21 हजार रुपये की राशि तथा ग्राम जागती निवासी अशोक सिंह गुर्जर की साहीवाल गाय (16.197 लीटर) को तृतीय स्थान एवं पुरस्कार स्वरूप 11 हजार रुपये की राशि दी गयी। शेष सात प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदाय किये गये। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष राजू बाथम उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपसंचालक डॉ एमसी तमोरी ने सभी उपस्थित गणमान व्यक्तियों एवं पशुपालकों का आभार व्यक्त किया।

आज मनायी जायेगी पुलवामा हमले की चौथी बरसी
Published / 2023-02-14 08:33:00
आज मनायी जायेगी पुलवामा हमले की चौथी बरसी

आतंकी हमले में शहीद 40 जवानों को लेथपोरा में दी जायेगी श्रद्धांजलिएबीएन सेंट्रल डेस्क। पुलवामा जिले में हुए आत्मघाती हमले की मंगलवार को चौथी बरसी है। सीआरपीएफ के लेथपोरा कैंप में स्थित शहीद स्मारक पर 40 शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जायेगी। सीआरपीएफ जम्मू-कश्मीर के स्पेशल डीजी दलजीत सिंह चौधरी भी शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे।रक्तदान शिविर के साथ विशेष हथियारों की प्रदर्शनी लगायी जायेगी। चार साल पहले हुए इस आतंकी हमले की पहली बरसी पर शहादत देने वाले 40 सीआरपीएफ जवानों की याद में स्मारक स्थल का लेथपोरा में उद्घाटन किया गया था। स्मारक सीआरपीएफ की 185 बटालियन कैंप में स्थापित किया गया है, जहां जैश के आतंकी आदिल अहमद डार ने विस्फोटक से भरी कार को सुरक्षाबलों के काफिले से टकरा दिया था।स्मारक पर उन सभी 40 जवानों की तस्वीरों के साथ उनके नाम और सीआरपीएफ का ध्येय वाक्य सेवा और निष्ठा भी अंकित किया गया है।

सुकमा : एक लाख का इनामी जनमिलिशिया कमांडर सहित दो नक्सली सहयोगी विस्फोटक के साथ गिरफ्तार
Published / 2023-02-13 22:55:13
सुकमा : एक लाख का इनामी जनमिलिशिया कमांडर सहित दो नक्सली सहयोगी विस्फोटक के साथ गिरफ्तार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोन्टा क्षेत्र के तोण्डामरका इलाके से एक लाख के इनामी जनमिलिशिया कमाण्डर सहित 02 नक्सली सहयोगी विस्फोटक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किये गये हैं। इनामी नक्सली विगत सात वर्षो से नक्सल संगठन में रहा था, इनामी नक्सली जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत कई घटनाओं शामिल रहा है।रविवार को नवीन कैम्प तोण्डामरका से डीआरजी कोन्टा, डीआरजी ग्रेहाउण्स, एसटीएफ मिनपा, 131 वाहिनी सीआरपीएफ, 206 वाहिनी कोबरा की संयुक्त पार्टी गुण्डराज टेकरी व आसपास जंगल की ओर एरिया डोमिनेशन के लिए रवाना हुए थे। अभियान के दौरान गुण्डराज टेकरी के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिये जो पुलिस पार्टी को अपनी ओर आते हुए देख कर भागने की कोशिश कर रहे थे। जिन्हें पुलिस पार्टी द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। सुरक्षा बलों द्वारा पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मड़कम कोसा, पिता मड़कम हिड़मा, पोलमपल्ली जनमिलिशिया कमाण्डर, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम डब्बाकोन्टा थाना चिंतागुफा तथा मड़कम देवा, निवासी थाना दोरनापाल और माड़वी जोगा निवासी थाना एरार्बोर क्षेत्र जिला सुकमा का निवासी होना तथा प्रतिबंधित नक्सली संगठन में कार्य करना बताया। मड़कम कोसा पर शासन की तरफ से एक लाख का इनाम घोषित है।सभी नक्सली आरोपित थाना चिंतागुफा क्षेत्र के अंतर्गत 14 मार्च 2022 को रसावांग नाला के पास करीगुण्डम रोड में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से आईईडी लगाने की घटना में शामिल थे। घटना पर थाना चिंतागुफा में प्रकरण दर्ज है।पकड़े गये आरोपितों की निशानदेही पर सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से छुपाकर रखे विस्फोटक सामग्री, कोर्डेक्स वायर 8-10 मीटर, तीन जिलेटिन रॉड, आठ इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, नक्सली काली वर्दी व अन्य सामग्री बरामद किया गया। तीनों आरोपितों को उक्त प्रकरण में रविवार को चिंतागुफा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक यादव ने गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।

असम में महसूस किये गये भूकंप के तेज झटके
Published / 2023-02-12 20:54:53
असम में महसूस किये गये भूकंप के तेज झटके

तुर्की के बाद अब भारत में गहराया संकट!एबीएन सेंट्रल डेस्क। असम के कुछ हिस्सों में रविवार को चार तीव्रता का भूकंप का झटका महसूस किया गया। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी। बुलेटिन के मुताबिक, तत्काल भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। राष्ट्रीय भूकंप केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का झटका शाम चार बजकर 18 मिनट पर महसूस किया गया और इसका केंद्र नगांव जिले में ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी तट पर था।भूकंप का केंद्र सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में था। रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र गुवाहाटी से 160 किलोमीटर दूर मध्य असम में होजई के पास था। पश्चिमी कार्बी आंगलॉन्ग, कार्बी आंगलॉन्ग, गोलाघाट और मोरी गांव जिले के लोगों ने भी भूकंप का झटका महसूस किया। इसके अलावा ब्रह्मपुत्र नदी के उत्तरी किनारे पर स्थित सोनितपुर में बसे लोगों को भी झटका महसूस हुआ। पूर्वोत्तर के सभी राज्य उच्च भूकंप संभावित क्षेत्रों में आते हैं और इलाके में नियमित तौर पर भूकंप के झटके महसूस किये जाते हैं।

हमारा देश विकास की पटरी पर सरपट चल रहा है : नरेंद्र मोदी
Published / 2023-02-12 17:06:39
हमारा देश विकास की पटरी पर सरपट चल रहा है : नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती पर किया संबोधितएबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत पूरे स्वाभिमान के साथ अपनी विरासत पर गर्व रहा है और इस बात पर जोर दे रहा है कि वह आधुनिकता लाने के साथ ही अपनी परंपराओं को मजबूत करेगा। मोदी ने यह भी कहा कि देश की नीतियों और प्रयासों में कोई भेदभाव नहीं है और इसका उद्देश्य गरीबों, पिछड़ों तथा वंचितों की प्राथमिकता के साथ सेवा करना है। मोदी ने समाज सुधारक एवं आर्य समाज के संस्थापक दयानंद सरस्वती के 200वें जयंती समारोह का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।प्रधानमंत्री ने जयंती समारोह के लोगो का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि भारत पर्यावरण के क्षेत्र में दुनिया को रास्ता दिखा रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह गर्व की बात है कि भारत इस साल जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। मोदी ने कहा कि देश आज पूरे स्वाभिमान के साथ अपनी विरासत पर गर्व कर रहा है। देश पूरे आत्मविश्वास के साथ कह रहा है कि हम आधुनिकता लाते हुए अपनी परंपराओं को मजबूत करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश विरासत और विकास   की पटरी पर चल रहा है। मोदी ने कहा कि जब वह कर्तव्य पथ   पर चलने की बात करते हैं तो कुछ लोग कहते हैं कि वह कर्तव्य की बात करते हैं, लेकिन अधिकार की नहीं। उन्होंने कहा कि अगर 21वीं सदी में मेरे साथ ऐसा है तो सोचिए कि 150 साल पहले समाज को रास्ता दिखाने में स्वामी दयानंद को किस तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा होगा। मोदी ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती द्वारा दिखाया गया मार्ग करोड़ों लोगों में आशा जगाता है। मोदी ने इस मौके को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह मानवता के भविष्य के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती भारत की महिलाओं के सशक्तीकरण की आवाज बने और उन्होंने सामाजिक भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ एक मजबूत अभियान चलाया। मोदी ने कहा कि आज देश की बेटियां सियाचिन में तैनात होने से लेकर राफेल लड़ाकू विमान उड़ाने तक प्रमुख भूमिकाएं निभा रही हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि 1824 में जन्मे महर्षि दयानंद सरस्वती ने अपने समय की सामाजिक असमानताओं से निपटने के लिए आर्य समाज की स्थापना की थी। इसने कहा कि आर्य समाज ने सामाजिक सुधारों और शिक्षा पर जोर देकर देश की सांस्कृतिक एवं सामाजिक जागृति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।बयान में कहा गया कि सरकार समाज सुधारकों और महत्वपूर्ण हस्तियों, विशेष रूप से उन लोगों को सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिनके योगदान को अभी तक अखिल भारतीय स्तर पर उपयुक्त श्रेय नहीं दिया गया है। इसमें कहा गया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने से लेकर श्री अरबिंदो की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने तक प्रधानमंत्री मोदी इस तरह की पहल का नेतृत्व आगे बढ़कर कर रहे हैं।

आतंकवाद को जड़ से मिटाने को प्रतिबद्ध है भारत : अमित शाह
Published / 2023-02-11 12:12:04
आतंकवाद को जड़ से मिटाने को प्रतिबद्ध है भारत : अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री ने किया आईपीएस प्रोबेशनर्स अधिकारियों की पासिंग आउट परेड को संबोधितएबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत ने सात दशक तक आंतरिक सुरक्षा क्षेत्र में कई तरह की चुनौतियों का सामना किया है। इस दौरान करीब 36 हजार पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं। भारत आतंकवाद को नेस्तनाबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमने आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर काम किया है। उन्होंने यह बात आज यहां सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) परिवीक्षाधीन (प्रोबेशनर्स) अधिकारियों के 74 आरआर बैच की दीक्षांत (पासिंग आउट) परेड में शामिल होने के बाद कही। गृहमंत्री शाह ने अपने संबोधन में प्रोबेशनर्स अधिकारियों से कहा आजादी के बाद अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना के समय देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार पटेल ने कहा था कि देश को एक संघीय संविधान के तहत अक्षुण्य बनाये रखने की ज़िम्मेदारी अखिल भारतीय सेवाओं की है। इस वाक्य को आप सब अपने जीवन का गुरु वाक्य बनायें।अमित शाह ने कहा कि आतंकी फंडिंग पर केंद्र सरकार ने कठोर कार्रवाई की है। वामपंथी उग्रवाद पर सरकार ने काबू पा लिया है। पीएफआई पर प्रतिबंध लगाकर ऐसे संगठनों को कड़ा संदेश दिया गया है।

...आप ये मत भूलिये कि आपके प्रदेश की जनसंख्या 25 करोड़ है : मोदी
Published / 2023-02-10 18:19:34
...आप ये मत भूलिये कि आपके प्रदेश की जनसंख्या 25 करोड़ है : मोदी

यूपी के ग्लोबल समिट में प्रधानमंत्री ने निवेशकों को किया संबोधित एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की आज से शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस समिट की शुरुआत की है। इस मौके पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर यूपी में काफी मजबूत हुआ है। बिजली से लेकर कनेक्टिविटी तक हर क्षेत्र में सुधार आया है। बहुत जल्द यूपी देश के उस एकलौते राज्य के तौर पर जाना जायेगा, जहां पर पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ यूपी में सरकारी सोच ईज आफ डूइंग बिजनेस के लिए बदली है। भारत अगर आज दुनिया के लिए ब्राइट पोर्ट है तो यूपी भारत के ग्रोथ को ड्राइव करने वाला अहम नेतृत्व दे रहा है। निवेशकों से पीएम ने कहा कि मत भूलिए आप जिस प्रदेश में आप बैठे हैं उसकी आबादी करीब 25 करोड़ है, जो कि कई देशों की तुलना में अधिक है। आज भारत में सोशल, फिजिकल और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो काम हुआ है, उसका बड़ा लाभ यूपी को भी मिला है, इस कारण आज यहां समाज बहुत कनेक्टेड और इन्क्लुजिव हो गया है। इस वर्ष के बजट में 35 हजार करोड़ रुपये सिर्फ एनर्जी ट्रांसमिशन के लिए रखा है, यह दिखाता है कि हमारा इरादा क्या है। मिशन ग्रीन हाइड्रोजन हमारे इसी इरादे को बुलंद करता है। इस बजट में इससे जुड़ा पूरा इकोसिस्टम बेहतर करने के लिए कदम उठाये गये हैं। मुझे खुशी है कि नई वैल्यू और सप्लाई चेन विकसित करने के लिए यूपी नया चैंपियन बनकर उभर रहा है। परंपरा और आधुनिकता से जुड़े उद्योगों का, एमएसएमई का एक बहुत ही सशक्त नेटवर्क यूपी में आज वाइब्रेंट है। भदोही की कालीन और बनारस का सिल्क है। यही वजह है कि यूपी भारत का टेक्सटाइल हब है। भारत में 60 फीसदी से ज्यादा मोबाइल का उत्पादन होता है। सबसे ज्यादा मोबाइल कंपोनेंट यूपी में बनता है। डिफेंस कोरिडोर भी यूपी में बन रहा है। आज मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट की मांग लगातार बढ़ रही है। भारतीय सेना को भी हम अधिक से अधिक मेड इन इंडिया डिफेंस सिस्टम देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस महान काम का नेतृत्व इसी लखनऊ के कर्मवीर राजनाथ सिंह जी संभाल रहे हैं। साथियों यूपी में तो डेरी, फिशरीज और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में बहुत संभावना है। फल और सब्जियों को लेकर यूपी में बहुत विविधता है, यह ऐसा सेक्टर है जहां अभी भी प्राइवेट सेक्टर की हिस्सेदारी बहुत सीमित है। फूड प्रोसेसिंग के लिए हम पीएलआई स्कीम लेकर आए हैं, इसका लाभ आपको उठाना चाहिए। सरकार का यह प्रयास है कि इनपुट से लकर पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट तक एक आधुनिक व्यवस्था किसानों के लिए बने। छोटे निवेशक एग्री इंफ्रा फंड का इस्तेमाल कर सकते हैं।

अडाणी मामले में कांग्रेस ने उठाई कार्रवाई की मांग
Published / 2023-02-07 12:07:06
अडाणी मामले में कांग्रेस ने उठाई कार्रवाई की मांग

एसबीआई और एलआईसी के ऑफिस के सामने जोरदार प्रदर्शनएबीएन सेंट्रल डेस्क। अडाणी समूह पर हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट में लगाये गये आरोपों की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस समर्थकों ने झारखंड के सभी 24 जिलों में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किया।प्रांतीय राजधानी रांची में कांग्रेस समर्थकों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कुचरी इलाके में स्थित एसबीआई की शाखा और हिनू में स्थित एलआईसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। झारखंड की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि सरकार ने एलआईसी और एसबीआई के पास मौजूद जनता के धन को अडाणी समूह में निवेश करने की अनुमति दी। इसमें आम जनता को भारी नुकसान होगा।उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करे। सरकार को इस मामले में सीबीआई और ईडी का उचित उपयोग करना चाहिए। राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि उद्योगपति गौतम अडानी के मामले में कांग्रेस दोहरा रवैया अपना रही है और संसद में चर्चा करने के बजाय सदन को बाधित कर रही है। मोदी ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अडानी समूह पर अनर्गल आरोप लगाते रहे, जबकि कांग्रेस शासित राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अडानी से सौर ऊर्जा क्षेत्र में 65000 करोड़ का निवेश कराने के लिए इसी अडानी समूह को कौड़ियों के भाव जमीन देने की घोषणा करते हैं।

कर्नाटक : फूड प्वाइजनिंग के शिकार 137 विद्यार्थी अस्पताल में भर्ती
Published / 2023-02-07 12:02:35
कर्नाटक : फूड प्वाइजनिंग के शिकार 137 विद्यार्थी अस्पताल में भर्ती

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कर्नाटक के मंगलुरु में एक निजी हॉस्टल में रह रहे नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के 137 छात्र कथित रूप से रात में फूड प्वाइजनिंग के सेवन के कारण बीमार पड़ गये। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नगर पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने कहा कि छात्रों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि छात्रों ने पेट में दर्द, उलटी और दस्त की शिकायत की थी और उन्हें सोमवार रात को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। भोजन विषाक्तता के लिए दूषित जल को कारण बताया जा रहा है। कुछ छात्रों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।  मंगलुरु पुलिस कमिश्नर ने कहा  कि हमें पता चला कि सुबह तड़के 2 बजे करीब 137 छात्रों में पेट दर्द, लूज मोशन, उल्टी की शिकायत की और इसके बाद उन्हें सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद सभी छात्रों को कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.