एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। कहा है कि भगवान बुद्ध के विचार सभी को रास्ता दिखाने के साथ-साथ मजबूती प्रदान करते रहेंगे।श्री मोदी ने ट्विटर पर कहा कि बुद्ध पूर्णिमा की बधाई। कामना करता हूं कि भगवान बुद्ध की शिक्षायें और विचार हम सभी को रास्ता दिखाने के साथ-साथ मजबूती प्रदान करते रहेंगे।
बंगाल के कई हिस्सों में आंधी तूफान के साथ बारिश का अलर्टएबीएन सेंट्रल डेस्क। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब की वजह से बना चक्रवात मोचा धीरे-धीरे मजबूत होता जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से गुरुवार सुबह जारी बयान में बताया गया है कि निम्न दाब के चक्रवात में तब्दील होने की संभावना प्रबल है। शनिवार को यह धीरे-धीरे समुद्र तटीय क्षेत्रों की ओर मजबूत ताकत से बढ़ने लगेगा।इसके प्रभाव से पहले से ही बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी कोलकाता में 2.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है जबकि उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में भी लगातार बारिश हुई है।मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह जारी अपने बयान में बताया है कि आज भी सारा दिन कोलकाता के साथ ही हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। इसलिए लोगों को बिना वजह घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। शनिवार से बारिश और बढ़ेगी। इधर, कोलकाता पुलिस समेत राज्य प्रशासन ने चक्रवात से निपटने की तैयारियां शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निदेर्शानुसार इन सभी क्षेत्रों में बारिश और आंधी तूफान से होने वाले नुकसान से बचाव की तैयारी की जा रही है। तटीय क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाने की भी तैयारियां शुरू की गयी हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी एनसीपी के संस्थापक शरद पवार ने कुछ दिनों पहले कहा था कि रोटी पलटने का वक्त आ गया है। तब उनके इस वाक्य को कई तरह से डिकोड किया गया था। किसी ने इसे एनसीपी में अजित पवार की बढ़ती महत्वाकांक्षाओं पर लगाम कसने का संकेत माना तो किसी ने भाजपा को सत्ता से विदा करने की तैयारी माना।राजनीति में रोटी पलटने का सही अर्थ क्या है, यह कोई समझ पाता, इससे पहले शरद पवार ने एक और धमाका कर दिया। मंगलवार को अपनी आत्मकथा के विमोचन के मौके पर भाषण देते हुए अचानक उन्होंने एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की बात कह दी। अमूमन राजनेता किसी बड़े पद से स्वेच्छा से हटने से पहले माहौल बनाते हैं।राजनीति से संन्यास, पार्टी में मतभेद, उम्र और स्वास्थ्यगत कारण आदि का हवाला देकर फिर तामझाम के साथ विदाई लेते हैं। लेकिन शरद पवार ने तो इस तरह अपने इस्तीफे का ऐलान किया, मानो कोई ये बता रहा हो कि अभी दोपहर है और इसके बाद शाम होगी। शरद पवार अच्छे से जानते हैं कि उनकी कही छोटी सी छोटी बात का भी राजनैतिक वजन होता है, फिर उन्होंने किस लिए इतने बड़े फैसले को इस तरह से व्यक्त किया, यह अब भी पहेली है। लेकिन उससे भी बड़ा सवाल ये है कि शरद पवार ने आखिर एनसीपी के अध्यक्ष पद को क्यों छोड़ा और ऐसे वक्त में यह फैसला क्यों लिया, जब महाराष्ट्र से लेकर राष्ट्र की राजनीति तक उथल-पुथल मची हुई है। अभी कुछ दिनों पहले शरद पवार ने दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर विपक्षी एकता की कोशिशों की नयी शुरूआत की थी। कांग्रेस और राहुल गांधी से शरद पवार कई बातों पर असहमत होने के बावजूद विपक्ष को एक साथ करने की कोशिशों में जुटे तो यह माना गया कि इस बार भाजपा की जड़ें हिलाने के लिए श्री पवार दृढ़प्रतिज्ञ हैं। लेकिन इस मुलाकात के चंद दिनों बाद कारोबारी गौतम अडानी से शरद पवार ने बंद कमरे में दो घंटे मुलाकात की। इस मुलाकात की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है और इसकी उम्मीद कम ही है कि कभी इस मुलाकात का कोई खुलासा होगा। शरद पवार हमेशा से उद्योगपतियों के मित्र राजनेता के तौर पर जाने जाते रहे हैं, ये और बात है कि अब मित्रता साबित करने की नयी मिसालें देश में आ गई हैं। गौतम अडानी के कारोबार पर हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर देश में कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने सवाल उठाए। राहुल गांधी ने संसद में प्रधानमंत्री और गौतम अडानी के संबंधों पर बयान दिया। संसद सत्र इस मामले की जेपीसी जांच की मांग पर बाधित होता रहा और तब शरद पवार ने विपक्ष की राय से अलग हटकर जेपीसी जांच के औचित्य पर सवाल उठाये थे। शरद पवार के इस रवैये से भी हैरानी हुई थी। हालांकि विपक्षी एकता में इससे कोई दरार नहीं पड़ेगी, यह दावा भी किया गया था। अब तक कोई औपचारिक मोर्चा भाजपा के खिलाफ गठित तो नहीं हुआ है, इसलिए दरार पड़ी या नहीं, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। लेकिन शरद पवार के इस्तीफे की घोषणा के बाद अब विपक्षी मोर्चा किस राह पर आगे बढ़ेगा, इस पर कयास शुरू हो गये हैं। शरद पवार ने अभी केवल एनसीपी के अध्यक्ष पद से इस्तीफे का ऐलान किया है, सक्रिय राजनीति से नहीं। यानी ये हो सकता है कि अब एनसीपी के दायित्वों से आगे बढ़कर वे राष्ट्रीय राजनीति में किंगमेकर की भूमिका निभाने की तैयारी में हों या फिर किंग बनने की अपनी पुरानी महत्वाकांक्षा को पूरा करने की योजना बनाएं। अगले साल ही आम चुनाव है और महाराष्ट्र में भी विधानसभा चुनाव होंगे। दोनों ही जगह महाअघाड़ी के घटक दलों यानी एनसीपी, शिवसेना उद्धव गुट और कांग्रेस को जीत की तैयारी रखनी होगी, अन्यथा अस्तित्व दांव पर लग जाएगा। क्योंकि अब देश का माहौल 2019 से काफी बदल गया है। शरद पवार ने इस बदलते समय की नब्ज को टटोल लिया है और शायद इसलिए इस्तीफे का ऐलान किया है। भाजपा ने शिवसेना की कमजोरी कड़ी तोड़कर महाराष्ट्र की सत्ता हथिया ली, और एनसीपी की कमजोर कड़ी यानी अजित पवार से बगावत करवाने में उसने 2019 में आंशिक सफलता हासिल कर ही ली थी। तब शरद पवार ने बड़ी सूझबूझ से न केवल इस बगावत को खत्म करवाया, बल्कि भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दिया था। लेकिन अब फिर से अजित पवार अलग राह पकड़ने के संकेत दे रहे थे। वे कोई ऐसा कदम उठाते, जिससे एनसीपी को नुकसान होता, उससे पहले ही शरद पवार ने इस्तीफे की बात छेड़ दी, जिससे माहौल ही पलट गया। उनके समर्थक भावुक होकर उनसे इस्तीफा वापस लेने का आग्रह करने लगे। अजित पवार के सामने शरद पवार ने बता दिया कि राज्य की राजनीति और पार्टी में उनका रसूख क्या है। बुधवार को एनसीपी की बैठक में शरद पवार ने अपने इस्तीफे पर कायम रहने की बात कही है, हालांकि एनसीपी नेता उनसे अब भी अपने फैसले को खारिज करने की अपील कर रहे हैं। लेकिन अब यह नजर आ रहा है कि शरद पवार पार्टी की कमान अपनी बेटी सुप्रिया सुले को सौंप सकते हैं ताकि वे दिल्ली की राजनीति पर फोकस कर सकें। अजित पवार अगर उनके फैसले को स्वीकार करेंगे तो पार्टी में एकता बनी रहेगी और अगर अलग होंगे, तो बागी होने का ठप्पा लग जाएगा और जनता अक्सर परिवार के खिलाफ जाने वाले नेताओं से बिदक जाती है। वैसे शरद पवार से पहले बाल ठाकरे ने इसी तरह शिवसेना की कमान अपने भतीजे राज ठाकरे को न सौंप कर बेटे उद्धव ठाकरे को सौंपी थी। मुलायम सिंह यादव ने भी भाई शिवपाल सिंह यादव की जगह बेटे अखिलेश यादव के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी तैयार की थी।भारतीय राजनीति में यह सब परिवारवाद के उदाहरण हैं, लेकिन उंगली उठाने की बारी आए तो सारी उंगलियां गांधी परिवार पर ही उठती हैं। कांग्रेस में तो चुनाव के जरिए अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि बाकी दलों में कब कौन अध्यक्ष बन जाये, पता नहीं चलता। फिर भी कांग्रेस के लोकतांत्रिक मिजाज पर सवाल उठाए जाते हैं। बहरहाल, शरद पवार के अपनी ही पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफे से एनसीपी महाराष्ट्र और देश की राजनीति पर क्या असर होगा, यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा। वैसे सुप्रिया सुले ने 15 दिन पहले दो राजनीतिक धमाकों की बता कही थी, एक दिल्ली और एक मुंबई में। मुंबई में तो धमाका हो गया अब क्या दिल्ली की बारी है
एबीएन सेंट्रल डेस्क। नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट (इंडिया) का मानना है कि भारत में प्रेस की स्वतंत्रता अन्य देशों की तुलना में काफी अच्छी है। इसके बावजूद कुछ विदेशी संस्थाएं भारत को बदनाम करने की मंशा से ऐसी रिपोर्ट तैयार कर रही हैं जो न केवल झूठी है अपितु पूर्वाग्रही भी हैं। रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स की रिपोर्ट भी कमोबेश ऐसी ही है। इस रिपोर्ट में भारत को 181 देशों में 161 वे स्थान पर बताकर भारत को नीचा दिखाने का प्रयास किया गया है। यह ऐसी पहली रिपोर्ट नहीं है जिसमें यह विदेशी संस्थाएं ऐसे प्रयास करती दिखती हों। इससे पहले भी कई रिपोर्ट्स में पूर्वाग्रही मानसिकता से भारत को कमजोर दिखाने का प्रयास हुआ है। नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट (इंडिया) के अध्यक्ष अशोक मलिक और महासचिव सुरेश शर्मा ने यहां जारी एक बयान में कहा है कि रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स की रिपोर्ट पूर्वाग्रही और भारत के विरुद्ध षड्यंत्र है। इसलिए हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। यदि भारतीय पत्रकारिता की वस्तुस्थिति का सही आकलन किया जाता तो रिपोर्ट जारी करने वाली संस्था को स्थितियां कुछ अलग ही नजर आतीं। भारत में पत्रकारों की एक ऐसी फौज है जो देश की मौजूदा सरकार की तीखी आलोचना करती है। वे लोग सोशल मीडिया पर भी लगातार सरकार की आलोचना करते रहे हैं। कई समाचार चैनल, समाचार पत्र और वेबसाइट ऐसे हैं जो हर छोटे बड़े मुद्दे पर केंद्र की आलोचनाओं से भरे पड़े रहते हैं। इन आलोचनाओं में कोई ठोस बुनियादी आधार भी नजर नहीं आता। केंद्र की सरकार की ओर से इस प्रकार के संस्थान, जो सरकार विरोधी गतिविधियों में संलग्न हैं कभी किसी भी प्रकार की प्रत्यक्ष कार्यवाही नहीं की गई है। ऐसे में रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स की यह रिपोर्ट भारत के संदर्भ में आधारहीन, बेबुनियाद, तथ्यों से परे और पूर्वाग्रही नजर आती है। नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट (इंडिया) इस रिपोर्ट की भर्त्सना करते हुए भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय से मांग करती है कि वह इस रिपोर्ट का संज्ञान ले और इसके प्रति अपना कड़ा विरोध दर्ज कराएं। उक्त जानकारी एनयूजे (आई) के महासचिव सुरेश शर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
योगी ने गोरखपुर में किया मतदानएबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर नगर निगम के चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया।श्री योगी आज सुबह वार्ड नम्बर 78 पुराना गोरखपुर स्थित इंग्लिश मीडियम गोरखनाथ कन्या प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 797 पहुंचे और पहले मतदान फिर जलपान... के मंत्र को आत्मसात करते हुए अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य का निर्वहन किया।मतदान के बाद मतदान श्री योगी ने पत्रकारों से बातचीत में मतदाताओं से मतदान की अपील करते हुये कहा कि मतदान हमारे महान संविधान के निर्माताओं द्वारा दिया गया लोकतांत्रिक अधिकार ही नहीं बल्कि कर्तव्य भी है। नगर निकाय के चुनाव में इस अधिकार का बेहतर उपयोग करते हुए हम नगरीय व्यवस्था को सुदृढ़ करनेए स्मार्ट व सेफ सिटी बनाने की दिशा में योगदान दे सकते हैं।श्री योगी ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में सुव्यवस्थित विकास को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारने के लिए मतदान के अधिकार को कर्तव्य मानकर इसका बेहतर उपयोग करें।मतदान को लोकतंत्र का उत्सव बताते हुए तथा इस उत्सव में सबका अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरे नगर निकाय चुनाव में प्रदेश में चार करोड़ 32 लाख से अधिक मतदाता दो चरणों में भाग लेकर नगरीय व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अच्छी व्यवस्था की है। साथ ही ईश्वर की विशेष कृपा है कि मौसम इतना सुहावना हो गया है। चार मई को प्रायः इतना सुहावना मौसम नहीं देखा जाता रहा है।नगर निगम चुनाव में अपने बूथ के पहले मतदाता बनने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव 2019 और विधानसभा चुनाव 2022 में भी मतदान करने वाले पहले वोटर बने थे। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान को लेकर वह न केवल सतत लोगों को जागरूक करते हैं बल्कि स्वयं भी इसके लिए प्रतिबद्ध रहते हैं। लगातार तीन चुनाव में बूथ का वोटर नम्बर वन बनना इसका प्रमाण है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित 3,962 नये मरीज सामने आये हैं, जबकि इस अवधि में कोरोना वायरस से संक्रमित 15 मरीजों की मौत हो गयी। वहीं 7,873 मरीज स्वस्थ हुए हैं। आंकड़ों के अनुसार अबतक 4,43,92,828 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और रिकवरी दर 98.73 प्रतिशत है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 36,244 हो गयी है, जबकि दैनिक संक्रमण दर 2.17 प्रतिशत है।टीकाकरण की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 2,363 खुराक दी गयी है। वहीं, देश में अबतक कोरोना से बचाव के टीके की 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में कुल 1,82,294 लोगों की जांच की गयी। वहीं अबतक कुल 92.72 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। छ्त्तीसगढ़ के बालोद इलाकों से दिल दहलाने की खबर सामने आई है। यहां बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक परिवार के 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी है। मृतक परिवार बोलेरो गाड़ी में सवार होकर शादी में शामिल होने जा रहा था। इस दौरान बोलेरो और ट्रक की भीषण भिड़ंत हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये। मरने वालों में एक डेढ़ साल की बच्ची भी शामिल बताई जा रही है। हादसे की खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार यह हादसा कांकेर नेशनल हाइने पर जगतारा नामक जगह के पास हुआ। धमतरी गांव निवासी यह परिवार बोलेरो कार में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने मरकाटोला जा रहा था, लेकिन कार्यक्रम में पहुंचने से पहले ही गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना पर दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा कि अभी अभी सूचना मिली है कि बालोद के पुरूर और चारमा के बीच बालोदगहन के पास शादी कार्यक्रम में जा रही बोलेरो और ट्रक के बीच भिड़ंत में 10 लोगों की मृत्यु हो गयी है एवं एक बच्ची की स्थिति गंभीर है।ईश्वर दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं को शांति एवं उनके परिवारजनों को हिम्मत दे। घायल बच्ची के स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। हादसे में जिन लोगों की जान गयी है, उनकी पहचान केशव साहू (34), डोमेश ध्रुव (19), टोमिन साहू (33), संध्या साहू (24), रमा साहू (20), शैलेंद्र साहू (22), लक्ष्मी साहू (45), धरमराज साहू (55), उषा साहू (52), योग्यांश साहू (3), ईशान साहू डेढ़ साल के रूप में की गयी है।
जंतर-मंतर पर पुलिस से झड़प के बाद विनेश फोगाट ने दी चेतावनीएबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के साथ बुधवार (3 मई) देर रात पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। वहीं, अब जंतर मंतर पर धरना दे रहीं ओलंपिक चैंपियन विनेश फोगाट ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हम सभी मेडल वापस करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहलवानों ने बारिश की वजह से बेड मंगवाये थे। जिसे पुलिस ने धरना स्थल पर पहुंचने से पहले ही रोक दिया। इसी दौरान पुलिस और पहलवानों के बीच धक्कामुक्की हुई। बबीता फोगाट के भाई दुष्यंत फोगाट समेत दो पहलवानों को चोट लगी है। वहीं, देर रात मीडिया से बात करते हुए पहलवान विनेश फोगाट और साक्षी मलिक रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि वे देश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी हैं, लेकिन उनके साथ अपराधियों की तरह बर्ताव किया जा रहा है। विनेश फोगाट ने कहा कि अगर हमें मारना चाहते हैं तो मार दो। उन्होंने कहा, क्या हमने यह दिन देखने के लिए देश के लिए पदक जीते? हमने अपना खाना भी नहीं खाया है। क्या पुरुषों को महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का अधिकार है? ये पुलिस वाले बंदूकें पकड़े हुए हैं, वे हमें मार सकते हैं।विनेश ने कहा, कहां हैं महिला पुलिस अधिकारी? पुरुष अधिकारी हमें ऐसे कैसे धकेल सकते हैं। हम अपराधी नहीं हैं। नशे में धुत पुलिस अधिकारी ने मेरे भाई को मारा। वहीं, पहलवान बजरंग पुनिया का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारी महिला पहलवानों को गालियां दीं और उनके साथ मारपीट की गयी। उन्होंने कहा, हमें पूरे देश के समर्थन की जरूरत है, सभी को दिल्ली आना चाहिए। पुलिस हमारे खिलाफ बल प्रयोग कर रही है। महिलाओं को गाली दे रही है और बृजभूषण के खिलाफ कुछ नहीं कर रही है। इसके अलावा पहलवानों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ बाहरी लोगों ने शराब पीकर हंगामा किया और बदसलूकी भी की है।
मीडिया संगठनों ने चिंता जतायीएबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के मीडिया संगठनों ने बुधवार को प्रकाशित विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक, 2023 में भारत के 11 पायदान गिरकर 161वें स्थान पर पहुंचने को लेकर चिंता व्यक्त की है। वैश्विक मीडिया निगरानी संस्था रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (आरएसएफ) दुनिया भर के देशों में प्रेस की स्वतंत्रता पर वार्षिक रिपोर्ट प्रकाशित करती है। आरएसएफ ने पिछले साल 180 देशों के एक सर्वेक्षण में भारत को 150वां स्थान दिया था।आरएसएफ की रिपोर्ट में कहा गया है, तीन देशों-ताजिकिस्तान (एक स्थान गिरकर 153वें स्थान पर), भारत (11 स्थान गिरकर 161वें स्थान पर) और तुर्किये (16 स्थान गिरकर 165वें स्थान पर) में स्थिति समस्याग्रस्त से बहुत खराब हो गई है। विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है, अन्य स्थिति जो सूचना के मुक्त प्रवाह को खतरनाक रूप से प्रतिबंधित करती है, वह नेताओं के साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखने वाले कुलीन वर्गों द्वारा मीडिया संस्थानों का अधिग्रहण है।इंडियन वुमन्स प्रेस कोर, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया और प्रेस एसोसिएशन ने सूचकांक में देश के स्थान में गिरावट पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए एक संयुक्त बयान जारी किया। संयुक्त बयान में कहा गया है, आरएसएफ की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, भारत सहित कई देशों में प्रेस स्वतंत्रता के सूचकांक खराब हुए हैं। बयान में कहा गया, ग्लोबल साउथ में विकासशील लोकतंत्रों के लिए जहां असमानता की गहरी खाई मौजूद है, मीडिया की भूमिका को कम करके नहीं आंका जा सकता है।इसी तरह अनुबंध पर बहाली जैसी अस्थिर कामकाजी परिस्थितियां भी प्रेस की स्वतंत्रता के समक्ष चुनौतियां हैं। असुरक्षित कामकाजी परिस्थितियां कभी भी स्वतंत्र प्रेस में योगदान नहीं दे सकतीं। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत के स्थान में गिरावट को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने ट्वीट किया, हम सभी के लिए शर्म से सिर झुकने समय : विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत 180 देशों में 161वें स्थान पर पहुंचा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.